नववर्ष 2025 के शुभागमन पर तेजपाल सिंह’तेज’ की पाँच ग़जलें
-एक-
हरिक वर्ष कुछ ऐसे आए, साथ-साथ सब कदम उठें,
मानव-मानव को पहचाने, प्रेम के प्याले छलक उठें।
हवा मुकम्मिल दुनिया की, गर बदले तो यूँ बदले,
बस्ती बस्ती खुशहाली हो, बाग-बगीचे महक उठें।
सूरज यूँ धरती पर उतरे, आँगन-आँगन धूप खिले,
सुबह सवेरे बैठ मुँडेरी, चीं-चीं चिड़िया चहक उठें।
हरिया को रोटी मिल जाए और धनिया को पैंजनिया,
छालों भरे हाथ को चूड़ी, घायल पायल छनक उठें।
हिंदू हो या मुस्लिम कोई, कोई इसाई, सिख या बौद्ध,
आपस में यूँ 'तेज' मिलें सब, सबके चेहरे चमक उठें।
***
-2-
आगाज है नए वर्ष का पैगाम लिख भेजो,
पाती कोई हम गमज़दों के नाम लिख भेजो।
मुद्दत हुई है रश्क से सिज़दा किए हुए,
तकदीर में मेरी भी कोई रात लिख भेजो।
जमाने से जब उठ ही गया अमनो-सुकून,
कुछ तो होगा आदमी का दाम लिख भेजो।
याँ रास्ता-दर-रास्ता मंजिल परस्त है,
मंजिल का मेरे आज तुम अंजाम लिख भेजो।
जब से गए हैं ‘तेज’ वो तबियत नहीं खिली,
कि तुम ही उसके नाम से सलाम लिख भेजो।
****
-3-
हर पल नया सवाल हुआ है,
इतना फकत कमाल हुआ है।
नए दौर की चकाचौंध में,
जीना बहुत मुहाल हुआ है।
लोकतंत्र की छाती पर चढ़,
हरसू खूब धमाल हुआ है।
इंसा के हाथों से बेशक,
इंसा आज हलाल हुआ है।
प्रशासन अब राजनीति का,
सबसे बड़ा दलाल हुआ है।
****
-4-
कंगला माला-माल बरस,
शांति-दूत महाकाल बरस।
आता-जाता है सालाना,
मानवता को साल बरस।
राजनीति के गलिहारों में,
करता खूब धमाल बरस।
जीने दे ना मरने दे है,
करता अजब कमाल बरस।
उत्तर की परवाह किए बिन,
गढ़ता नए सवाल बरस
अपनी कथनी-करनी पर,
करता नहीं मलाल बरस।
'तेज' मानवीय संबंधों का,
करता नहीं ख़याल बरस।
***
-5-
गर आंखों के आंसू शबनम बन जाएं,
जख्म दिए जो गए साल ने भर जाएं।
नए साल की बेला तभी सार्थक हैं,
जो राजनीति के काले रंग बदल जाएं।
राजनीति सच सदाचरण को लील गई,
बेहतर है गर अब भी मूल्य बदल जाएं।
कल धर्म और सत्ता ने नंगा नाच किया,
अच्छा हो जो इनके दाग बदल जाएं।
जो दिल में दर्द उठा तो शब्द उभर आए,
उम्मीद कहाँ पर कुछ हालात बदल जाएं।
****
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग तीन दर्जन किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा केउपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। 0000
