शब्द चित्र
करुवा-चौथ
- तेजपाल सिंह‘तेज’
(हमलावर मौका देखकर फिर आ धमकते हैं। चारों तरफ फिर हाहाकार मच जाता है। पुरुष अपने-अपने घरों की ओर दौड़ने लगते हैं। पर हैरत कि औरतें उन्हें घर के अन्दर नहीं घुसने देतीं। कुछ कहती सुनी गईं कि क्या तेरे अकेले के लिए अपने बेटे-बेटियों को मरवा दूं...चल बाहर। कुछ ने अपने-अपने मर्दों को छुपाने का असफल प्रयास भी किया।)
आज करवा चौथ है। हल्की-सी बारिश के बाद छुटपुट बादल अभी भी आकाश में घिरे हैं। हवा में कुछ ठंडक है। महिलाएं बादलों को देखकर कुछ व्याकुल-सी नजर आ रही हैं। बार-बार छत पर आ-जा रही हैं। शायद सोच रही हैं कि यदि बादल न छटे तो चांद को जल कैसे चढ़ाएंगी। कहीं चांद के दर्शन के बिना पति की लम्बी उम्र और सेहत की उनकी दुआ-अर्चना अधूरी न रह जाए। हवा में अचानक तेजी आ गई और रफ्ता-रफ्ता सारे बादल छंट गए। अब चंद्रमा निकल आया है। सो महिलाएं अपना व्रत खोलने में जुट गई हैं। सजी-धजी औरतें बेशक आदर्श पत्नी का सच्चा रूप लग रही हैं। चंद्रमा की रोशनी भी धरती पर फैल गई है। हवा से ठंडक और बढ़ गई है। वैसे भी अक्तूबर का महीना है। रात तो अमूमन ठंडी हो ही जाती है। ठंड में चाय का असर भी ठंडा-सा पड़ने लगता है। फिर भी मैं रसोई में जाकर चाय बनाकर पी लेता हूं। घर में अकेला जो हूं। नींद का अभी अता-पता नहीं है। अब क्या करता? सिगरेट सुलगाकर टेलिविज़न देखने लगता हूं। आधा गाना ही देख-सुन पाया था कि चेनल बदल देता हूं। 'आज तक' चेनल पर समाचार आ रहे होते हैं। समाचार भी पूरे नहीं देख पाया कि नींद आने लगी। टेलिविज़न बंद किया और सो गया।
अब मैं सो रहा हूं। न अपनी ख़बर, न किसी और की। पता नहीं, नींद में कब मेरा दिमाग स्वप्नलोक में पहुंच गया। चारों तरफ चहल-पहल है। बच्चे उछलने-कूदने में लगे हैं। शायद कहीं कोई उत्सव है। गाना-बजाना हो रहा है। अचानक भंयकर सन्नाटा छा जाता है। लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है। सब अपने-अपने घरों में घुस जाते हैं। मैं छत पर घूम रहा हूँ। देखता हूं कि कुछ लोग सिर पर काली पट्टियां बांधे, अजीबो-गरीब में बस्ती में आ घुसते हैं। उनमें कुछ बच्चे-बच्चियां भी शामिल हैं वे बस्ती वालों पर अचानक हमला बोल देते हैं। चार-चार,
पांच-पांच लोगों की टोली घर-घर जाती और घर के मुखिय को बुलाती। उनके कपड़े उतारती। बेरहमी से उसके सीने पर क्रॉस जैसी कोई आकृति बनाती और हत्या कर देती। सन्नाटे को दंगाइयों की आवाज़ बराबर चीर रही थी। यह देख मैं इतना घबरा गया कि कुछ भी कहना-करना दूर की बात हो गई।
अब सूरज डूब चुका है। अंधेरा धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। लोग इतने डरे-सहमें हैं कि कुछ करना तो दूर, घर से बाहर आने का साहस भी पाते हैं। चांद निकल आता है। धरती पर चांदनी उतर आती है। हत्यारे अब किसी दानव की परछाईं-सी दिखने लगते हैं। लोग रात होने का लाभ उठाना चाहते हैं। भाग जाना या घर में छुपने का यत्न करना चाहते हैं। पर चांद की स्वच्छ चांदनी ऐसा कुछ भी नहीं करने देती। यदि कोई घर से बाहर निकलता भी, तो हमलावर उसे घेर लेते। कहते-ना-सुनते। बस! चाकू-छुरी चलती और काम खत्म। हमलावर खुलकर हिंसा पर उतारू हैं। नेता-अभिनेता सब नदारद। किसी को भी जनता की चिंता नहीं। चौकीदार गायब। पुलिस थानों, चौकियों में टेलिफोन की घंटियां तो बजतीं, पर उठाता कोई नहीं।
मौका पाकर, मैं घर से निकल पड़ता हूं। कहीं छुपने का प्रयास करता हूं। पर सफल नहीं हो पाता। एक खण्डर में घुसा भी। पर अंदर अकेली महिला पाकर मैं तुरंत ही बाहर आ जाता हूं। हड़बड़ाहट में फिर अपने घर की ओर भागना चाहता हूं। किंतु भाग नहीं पाता.... टांगों को जैसे लकवा मार गया हो। बोलना चाहता हूं तो बोल नहीं पाता। अब गली में आ जाता हूं। हमलावर कुछ देर को कहीं छुप जाते हैं। सहसा एकदम एक शोर होता है। गलियां सूनी देख, बस्ती वाले घरों से बाहर निकल आते हैं। एक रिक्शे वाले को पकड़ लेते हैं। घेरकर मार डालते हैं। रिक्शे को तोड़ डालते हैं। पर ये क्या? रिक्शा की बॉडी एकदम पोली है। उसमें तरह-तरह के अनेक आधुनिक थियार भरे पड़े हैं। रिक्शे वाला शायद हमलावरों का ही आदमी होगा। शायद किसी दूसरी बस्ती में आतंक फैलाने के मकसद से ले जा रहा होगा वहहथियारों को।
हमलावर मौका देखकर फिर आ धमकते हैं। चारों तरफ फिर हाहाकार मच जाता है। पुरुष अपने-अपने घरों की ओर दौड़ने लगते हैं। पर हैरत कि औरतें उन्हें घर के अन्दर नहीं घुसने देतीं। कुछ कहती सुनी गईं कि क्या तेरे अकेले के लिए अपने बेटे-बेटियों को मरवा दूं...चल बाहर। कुछ ने अपने-अपने मर्दों को छुपाने का असफल प्रयास भी किया। किन्तु एकदम हताश और निसहाय लोग, एक खाली पड़े मकान में घुस जाते हैं। मैं भी उनमें शामिल हो जाता हूं। कमरे में एक दीवान और कुछ टूटी-फूटी कुर्सियां पड़ी होती हैं। प्रायः लोग अपनी आंख बंदकर दीवान व कुर्सियों पर बैठकर दरवाजा बंद कर लेते हैं। कुछ खड़े भी होते हैं और एक दूसरे का मुंह ताक रहे होते हैं। सबके चेहरे पर मौत का खौफ स्पष्ट झलक रहा था। कुछेक क्षण ही गुजरे होंगे कि हमलावर दरवाजा तोड़कर कमरे में घुस आते हैं। उनके हाथों में धारदार खंजर लगे हैं। उनमें से एक चीखकर हमें हाथ ऊपर करने को कहता है। अन्य हमलावर हमारी जेबों की तलाशी लेने लगते हैं। जिसकी जेब में जो मिलता, उसको देखते और एक कोने में फेंक देते। पैसे तक नहीं लिए उन्होंने। मेरी और मेरे एक अन्य मित्र की जेब में पाए ‘प्रेस' द्वारा जारी पहचान पत्रों को वे अपने मुखिया को दिखाते हैं। मुखिया हमारी ओर खारिश भरी नजरों से देखता है और आंख तरेड़ कर हम दोनों को उंगली का इशारा कर कमरे से बाहर चले जाने को कहता है। हम दोनों अपने-अपने घर की ओर बढ़ते हैं। घबराहट में हम अपना घर नहीं ढूढ़ पाते हैं। मुड़कर देखा तो मेरा दूसरा साथी गायब होता है। मैं अपने को अकेला पा और घबरा जाता हूं। मुड़कर उस कमरे की ओर देखा तो अन्य लोगों को एक-एक कर बाहर निकालते और काम तमाम कर देते। मैं डरकर दौड़ना चाहता हूं। पर सब बेकार...मैं दौड़ ही नहीं पाता। लगा, कोई मुझे पीछे की ओर खींच रहा है। आकाश में सहसा बादल उमड़ आते हैं और हल्के से बरस पड़ते हैं। पानी की छुअन से लाशों से सहसा सडांध आने लगती है। हमलावर उनपर से ऐसे गुजरते हैं जैसे कुछ हुआ ही नहीं। जैसे ही बारिश बंद होती है। हमलावर अपना काम कर लापता हो जाते हैं। अब लोग-लुगाई-बच्चे घरों से बाहर आ जाते हैं। औरतें अपने-अपने मर्दों की लाश तलाशने लगती हैं। सब-की-सब रो-पीट रहीं हैं। कुछ ने अपने हाथों की चूड़ियां भी तोड़ डाली हैं। वे रोते-रोते चीखने-चिल्लाने लगती हैं कि अब वे किसके सहारे जिएंगी। कैसे पलेंगे अब उनके बाल-बच्चे।
रोना-पीटना चलता ही होता है कि देखते ही देखते पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाती हुई बस्ती में आ जाती हैं। बस्ती मिनटों में ही छावनी बन जाती है। पुलिस जनता से पूछताछ करती है। पर जनता मौन प्रायः पुलिस की ओर देखती रहती है। उनकी आंखों में पुलिस के खिलाफ भी रोष भरा होता है। थोड़ी देर में पुलिस के बड़े अफसर भी आ जाते हैं। पुलिस के जवान उनको सलाम मारने में जुट जाते हैं। पुलिस लाशों को अपनी गाड़ियों में लादकर अपने साथ ले जाती है।... न जाने कहाँ ।
पुलिस की गाड़ियों के सायरनों की कर्कश और तेज आवाज़ से सहसा मेरा सपना टूट जाता है। घबराहट से उबर आने को मैं किसी को जगाने का प्रयास करता हूं। मेरी सांसे उखड़ रही होती हैं। मैं इतना भी भूल जाता हूं कि घर पर मैं अकेला ही हूं। रात के करीब तीन बज चुके होते हैं। मैं बिस्तर छोड़कर छत पर जाकर घूमने-फिरने लगता हूं। डर और चिंता अभी भी मुझे घेरे होती है। सच्चाई क्या है, क्या नहीं, आज भी ये प्रबल सवाल मुझे घेरे हुए है। 0000
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रहऔर अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
