नाम बदलने से ही देश बदल जाएगा तो चलो देश का ही नाम बदल दें

( व्यंग्य लेख)



प्रस्तावना: नाम बदलने का युग

           कभी किसी ने कहा था — “नाम में क्या रखा है।” लेकिन आज के भारत में यही सवाल देश की सबसे बड़ी राजनीतिक परियोजना बन गया है। यह वह दौर है, जब आदमी की पहचान नहीं, बल्कि नाम की दिशा और ध्वनि तय करती है कि वह राष्ट्रभक्त है या राष्ट्रविरोधी। कभी किसी शहर का नाम, कभी किसी सड़क का, कभी किसी स्टेशन का — बस नाम बदल दो, और मान लो कि इतिहास खुद बखुद साफ़-सुथरा हो जाएगा। गंदगी नहीं मिटती, पर नाम के आगे “राज” जोड़ देने से लगता है जैसे अब सब कुछ पवित्र हो गया। मेरा तो सुझाव है — अगर नाम ही सब कुछ बदल सकता है, तो आइए, इस खेल को पूरी ईमानदारी से खेलें। आख़िर अधूरे काम से भला कैसा राष्ट्रवाद? तो चलिए, शुरू करते हैं — नाम बदलने का महायज्ञ!


कूड़ा घर बनाम स्विट्ज़रलैंड:

           सबसे पहले बात करते हैं हमारे आस-पास के कूड़ा घरों की। हर गली, हर मोहल्ले में एक ऐसा कूड़ा घर है, जहाँ से दुर्गंध इस कदर उठती है कि वह लोकतंत्र के किसी भी बहस को मात दे सकती है। तो क्यों न हम उसका नाम बदल दें? कूड़ा घर को आज से “स्विट्ज़रलैंड” कहा जाए। सोचिए, सुबह-सुबह कोई आपसे कहे — “भाईसाहब, ज़रा स्विट्ज़रलैंड तक घूम कर आता हूँ, कचरा फेंकना है।” क्या बात है! अंतरराष्ट्रीय सैर जैसा आनंद आएगा। सरकार चाहें तो वहां टिकट लगा दे — “स्विट्ज़रलैंड दर्शन मात्र ₹50।” लोग वहाँ जाकर कचरे के साथ सेल्फ़ी लेंगे, इंस्टाग्राम पर लिखेंगे — #Fragrance Of Switzerland। और जब दुर्गंध उठेगी, तो लोग कहेंगे — “अरे! यह तो विदेशी खुशबू है!” इससे सरकार को सफाई पर खर्च भी नहीं करना पड़ेगा। बल्कि आमदनी शुरू हो जाएगी। सिर्फ नाम बदलने से अर्थव्यवस्था सुधर जाएगी, GDP छलांग लगा देगी, और स्वच्छता अभियान को भी विश्राम मिल जाएगा।


नाम बदलो, भावना बदलो:

           आप सोच रहे होंगे — यह मज़ाक है। लेकिन अगर यह मज़ाक है, तो जो लोग रोज़ शहरों के नाम बदलने की घोषणा करते हैं, वे क्या कर रहे हैं? कभी कोई कहता है — दिल्ली अब इंद्रप्रस्थ होनी चाहिए। कहते हैं, “दिल्ली में गौरव नहीं है, उसे पांडवों की राजधानी का सम्मान दो।” तो कभी कोई कहता है — अली नगर का नाम सीता नगर कर दो। क्योंकि शायद नाम बदलने से वहां की सीवर लाइनें भी धार्मिक हो जाएंगी। उत्तर प्रदेश ने तो नाम बदलने की क्रांति ही कर दी। इलाहाबाद अब प्रयागराज है, मुगल सराय अब पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर है, उस्मानाबाद अब धाराशिव है, अहमदनगर अब अहिल्या नगर है, गुड़गांव अब गुरुग्राम है।

इतनी “सुधार” के बाद अब बस यही बाकी है कि गाज़ियाबाद को “गगनग्राम” और बुलंदशहर को “शौर्यपुरम्” कह दिया जाए। सरकारें बदलती हैं, लेकिन नाम बदलने का उत्साह नहीं।

शहरों की सड़कें टूटी रहें, अस्पतालों में डॉक्टर न हों, स्कूलों में शिक्षक गायब हों —पर नाम बदलकर “राज”, “धाम”, “पुरम्” लगा देने से सब कुछ ठीक लगता है।


नाम बदलने की अंतिम सीमा:

           अब जबकि नाम बदलने से ही सब समस्याओं का समाधान संभव है, तो क्यों न हम अंतिम कदम उठा लें? देश का नाम ही बदल देते हैं। “भारत” की जगह “अमेरिका” रख दीजिए।

अब जब कोई विदेशी पूछे — “Where are you from?” तो गर्व से कहेंगे — “I am from America.” कोई फर्क नहीं पड़ेगा कि हम अब भी गरीबी सूचकांक में 105वें स्थान पर हैं, बस नाम सुनते ही आत्मगौरव की लहर दौड़ जाएगी। टीवी चैनलों को आदेश दे दीजिए — “आज से डोनाल्ड ट्रंप का नाम नरेंद्र मोदी रखा जाएगा।” और मोदी जी को अब से “महात्मा गांधी” कहा जाएगा। गोडसे को “संत तात्या टोपे” कह दें, तो इतिहास भी झट से मुस्कुराने लगेगा। अमित शाह को “अलेक्ज़ेंडर द ग्रेट” घोषित कर दें —वे तो वैसे भी चुनावी मैदान में सेनानायक की तरह उतरते हैं।

           कपिल मिश्रा को “कमाल अतातुर्क” बना दें, अगर डर लग जाए तो “किपलिंग” कहिए —थोड़ा साहित्यिक भी लगेंगे।विवेक अग्निहोत्री को “वैन गॉग” बना दें —क्योंकि अब पेंटिंग भी प्रोपेगेंडा से बनती है। जगत प्रकाश नड्डा को “सैमुअल जॉनसन” कहें —ताकि वे हर अधूरी बात को “डिक्शनरी ऑफ़ नेशनलिज़्म” में दर्ज कर सकें। बिहार का नाम “ब्रिटेन” रख दीजिए, और उसके मुख्यमंत्री को “किंग चार्ल्स IV” बुलाइए। सड़कों में गड्ढे रहेंगे, पर नाम सुनते ही लगेगा —

“ब्रिटेन में विकास हो रहा है।”



यमुना बने यांग्त्ज़े:

           और जब सब कुछ बदल ही रहा है, तो यमुना का नाम भी बदल दीजिए —“यांग्त्ज़े”(चीन की एक नदी का नाम) या “यूकॉन”(यूकॉन नदी कनाडा और अमेरिका — दोनों देशों की नदी है) रख दीजिए।

गंदगी की दुर्गंध भी विदेशी लगेगी। जो झाग उठता है, उसे “प्राकृतिक हिम धारा” घोषित कर दीजिए। “स्वच्छ भारत” के बजाए “सुगंधित भारत” लिख दीजिए। नाम बदलते ही रिपोर्ट कार्ड चमक उठेगा, और विश्व बैंक की रैंकिंग में हम सीधा टॉप 10 में पहुँच जाएंगे।


भूख बने खुशी, गरीबी बने समृद्धि:

           अब कुछ शब्द बदलने बाकी हैं। “भूख” — यह बहुत नकारात्मक शब्द है। इसे बदलकर “खुशी” रख दीजिए। अब कोई कहे — “मैं भूखा हूँ” की जगह कहे — “मैं खुश हूँ।” सरकार कह सकेगी — “देश के 40 करोड़ लोग आज खुश हैं।”

“अन्याय” का नाम “न्याय”,

“गरीब” का नाम “अदाणी”,

“बेरोज़गार” का नाम “अंबानी”,

“अत्याचार” का नाम “उत्सव”,

“पिछड़ापन” का नाम “विकास” —

और बस, सारा देश विकासशील से विकसित बन जाएगा। “झुग्गी” का नाम “व्हाइट हाउस” रख दीजिए। वहाँ रहने वाले खुद को राष्ट्रपति महसूस करेंगे। “पैसेंजर ट्रेन” का नाम “बुलेट ट्रेन” रख दीजिए। ट्रेन देर से चले, पर नाम तेज़ है —जनता खुश!


जब मौतों से फर्क नहीं पड़ता:

           अब अगर आपको यह सब हास्यास्पद लग रहा है, तो सोचिए —यह देश वही है जहाँ

कुंभ मेले में लाखों लोग भगदड़ में कुचल जाते हैं, सरकार कहती है — “इलाहाबाद का नाम प्रयागराज कर दिया, ताली बजाइए।” दिल्ली में एक ही साल में 1457 लोग सड़क हादसों में मर जाते हैं, पर संसद में चर्चा होती है — “दिल्ली को इंद्रप्रस्थ कहा जाए।” रेल दुर्घटनाओं में सैकड़ों लोग मर जाते हैं, भूस्खलन में गांव मिट जाते हैं, बसों में लोग जल जाते हैं, मंदिरों की भगदड़ों में सैकड़ों जानें चली जाती हैं —लेकिन फर्क किसी को नहीं पड़ता। क्योंकि जब नाम बदलने से शर्म आती है, तो मौत से अब क्या शर्म? एक बच्चा स्कूल में पानी पीते-पीते मर गया,

माँ ने न्याय माँगा — उसे कहा गया, “राष्ट्रविरोधी मत बनो।” किसान आत्महत्या करता है,

कहा जाता है — “वो तो विरोधी दल का एजेंट था।” महिलाएँ सुरक्षा माँगती हैं, तो कहा जाता है — “पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव है।” बस नाम बदल दो — मुद्दे अपने आप बदल जाते हैं।


इस देश की सरकार जनता को बेवकूफ बनाने की फैक्ट्री बन चुकी है:

·तो अब “उल्लू”  का नाम भी बदलना पड़ेगा —अब उसे “विद्वान” कहना होगा।

आप फिर हँस रहे हैं — लेकिन यह हँसी की बात नहीं है।

·कुंभ मेले में लाखों लोग कुचले गए, सरकार कहती है — इलाहाबाद को प्रयागराज बना दिया, ताली बजाइए!

·दिल्ली में 2023 में सड़क हादसों में 1457 लोग मारे गए, तो  संसद कहती है — दिल्ली का नाम बदल दो, इंद्रप्रस्थ कर दो।

  1. शर्म आनी चाहिए — यह वही देश है जहाँ—

·रेल दुर्घटना में 300 लोग मर जाते हैं, फर्क नहीं पड़ता।

·भूस्खलन में 500 लोग दफन हो जाते हैं, फर्क नहीं पड़ता।

·बस में आग से 60 लोग जल जाते हैं, फर्क नहीं पड़ता।

·उत्तर प्रदेश में एक बाबा के कार्यक्रम में 122 लोग कुचले जाते हैं, फर्क नहीं पड़ता।

·सातारा के मंदिर में 350 लोग भगदड़ में मारे जाते हैं, दर्द नहीं होता।

·उदयपुर के चामुंडा मंदिर में 250, बिलासपुर के नैना देवी मंदिर में 162,

कोई फर्क नहीं पड़ता —


  1. नाम बदलने से “शर्म” आ जाती है--

·एक बच्चा पानी पीते-पीते मर गया,लोग न्याय माँग रहे हैं।

·महिलाएँ मरीं, लोग सुरक्षा माँग रहे हैं।

·युवा मरे, रोजगार माँग रहे हैं।

·किसान मरे, अपने अधिकार माँग रहे हैं।

·मुस्लिम मरे, इंसाफ माँग रहे हैं।

पर क्या किसी को कोई फर्क पड़ता है?


रैंकिंग का राग:

·गरीबी सूचकांक में हम 105वें स्थान पर हैं —कोई बात नहीं, इलाहाबाद को प्रयागराज कर दो।

·विकास सूचकांक में 130वाँ स्थान —कोई बात नहीं, फ़ैज़ाबाद को अयोध्या कर दो।

·प्रेस की स्वतंत्रता में 169वाँ स्थान —कोई बात नहीं, अलीनगर को सीता नगर कर दो।

·विश्व शांति सूचकांक में 116वाँ स्थान —कोई बात नहीं, अहमदनगर को अहिल्या नगर कर दो।

नाम बदलो, आंकड़े खुद झुक जाएंगे।


तानाशाही का भ्रम:

·हर तानाशाह सोचता है कि वह इतिहास को मिटा देगा।

·वह अपने सामर्थ्य से इतिहास को नया आकार देने की कोशिश करता है।

·वह मान लेता है कि नाम बदलकर वह अतीत को दफ़ना देगा।

·लेकिन इतिहास बहुत क्रूर होता है।वह सब याद रखता है —किसने झूठ बेचा, किसने सच दबाया, किसने जनता के सिर पर चढ़कर “विकास” का नारा लगाया।

·नाम बदलने से इतिहास नहीं बदलता, सिर्फ स्मृतियाँ भ्रमित हो जाती हैं। एक दिन यही भ्रम टूटता है, और फिर जनता को एहसास होता है — कि उसने अपने समय की मूर्खता को ही महिमा समझ लिया था।


अंतिम प्रस्ताव: नाम बदलो क्रांति का महामंत्र:

           अब जब नाम बदलने की नीति देश की आत्मा बन चुकी है, तो मैं सरकार को कुछ और सुझाव देना चाहता हूँ —

·राशन कार्ड का नाम “गोल्ड कार्ड” रख दीजिए।

इससे भूख का एहसास नहीं, सम्पन्नता का भ्रम होगा।

·पाँच किलो अनाज योजना को “गोल्ड स्कीम” कहिए,

गरीबी का स्वाद अब सोने जैसा लगेगा।

·सरकारी अस्पताल को “वेलनेस स्पा” कहिए,

मरीज़ों को लगेगा कि इलाज नहीं, आराम मिल रहा है।

·पुलिस थाने को “जनसेवा केंद्र” कहिए,

ताकि शिकायत दर्ज कराने वाला भी मुस्कुरा सके।

·लोकसभा को “राष्ट्र मंदिर” और राज्यसभा को “धर्मसभा” कह दीजिए —बहसें अपने आप खत्म हो जाएँगी, क्योंकि मंदिरों में सवाल नहीं, केवल मंत्रोच्चार होते हैं।


निष्कर्ष: नाम नहीं, काम बदलो :

·व्यंग्य का उद्देश्य हँसाना नहीं, जगाना होता है। और आज जब पूरा देश नाम बदलने की उन्मादी प्रतिस्पर्धा में फँसा है, तो ज़रूरत है कि कोई यह कहे —नाम नहीं, काम बदलो!

·अगर नाम बदलने से भूख मिटती, तो हर झोपड़ी “स्विट्ज़रलैंड” बन चुकी होती।

·अगर नाम बदलने से विकास होता, तो हर कूड़ा घर “क्लीन सिटी” कहलाता।

·अगर नाम बदलने से न्याय मिलता, तो हर अदालत “सत्यलोक” होती।

·लेकिन ऐसा नहीं है।इतिहास की स्याही में झूठ को भिगोकर नया पन्ना नहीं लिखा जा सकता। नाम चाहे इंद्रप्रस्थ रख लो या दिल्ली —जब तक जनता के पेट खाली हैं, शहर का गौरव नहीं लौटेगा।

·नाम बदलना आसान है, पर हकीकत बदलने की हिम्मत किसी में नहीं।

·इसलिए अगर सच में देश बदलना है, तो 

·कूड़े घर का नाम नहीं, कूड़े की सोच बदलनी होगी।

·सड़क का नाम नहीं, शासन की नीयत बदलनी होगी। और सबसे बढ़कर, जनता का मौन बदलना होगा।


समापन: इतिहास के माथे पर लिखा सच:

           हर युग में सत्ताधारी सोचते हैं कि वे इतिहास लिख रहे हैं। लेकिन

·असल में इतिहास वही लिखता है जो सत्ता की चुप्पी को तोड़ता है।

·नाम बदलने वाले नेता आएंगे और चले जाएंगे, पर जनता याद रखेगी — कौन उसके दर्द को नामों की चादर से ढँकने की कोशिश करता रहा। और जब यह दौर खत्म होगा, तो इतिहास के माथे पर यह लिखा होगा — “एक ऐसा समय था, जब भूख को खुशी कहा गया, गरीबी को गर्व कहा गया, और मूर्खता को राष्ट्रवाद।”


           प्रस्तुत लेख यूट्यूब ‘चैनल लोक हित’ के नवीन कुमार के एक वीडियो पर आधारित है। जिसमें परोसी गई पाठ्य सामग्री को थोड़ा विस्तार देते हुए इस प्रकार से प्रस्तुत किया गया है, ताकि पाठकों को विषय-वस्तु को समझने में कुछ न कुछ आसानी हो। ((https://youtu.be/XmEa7VlkVF0?si=Z8Fiwz43l8BFMKtv