शब्द चित्र

कहाँ गई वो दिल्ली वाली

तेजपाल सिंह ‘तेज’

    दस अक्तूबर 2004 की रात थी। मैं सकुशल ऑफीस से घर आ पहुंचा था। सब कुछ सामान्य था। बच्चों से कुछ बातचीत हुई। पत्नी ने खाना लगा दिया। मैंने खाना खाया  और चुपचाप सो गया। इसलिए भी कि यह घटना मेरे लिए बड़ी अजीब थी। इससे पूर्व कभी भी ऐसा नहीं हुआ था कि घर आते ही खाना मिल जाए।

      खाना क्या खाया कि कब नींद आई, कुछ पता नहीं। हां! नींद आते ही अजीबों-गरीब सपने ने मुझे घेर लिया। सपना कुछ इस प्रकार था। मैं नौकरी-पेशा हूं, सो दिल्ली में रहता हूं। पत्नी मेरे पैत्रिक-स्थान यानी कि गांव में रहती है। आज छुट्टी का दिन है। मैं पत्नी व बच्चों से मिलने गांव जा पहुंचा। छोटा-सा गांव है मेरा। सब एक परिवार की तरह मिल-जुलकर रहते हैं। न्यू पाश्चात्य संस्कृति के चलते आज सब कुछ बदल गया है। मुझे देखते ही मेरी पत्नी ने मुझ पर एक के बाद एक अनेक प्रश्नों की वर्षा कर दी। पानी तक की भी नहीं पूछी उसने । चिल्लाकर बोली, “क्या करने आए हो यहां? दिल्ली में ही रहना था ना! यहां क्या है तुम्हारा? यही है ना कि शरीर यहां खींच लाया है।" मैं मूक दर्शक बना उसकी बातें सुनता रहा। दरअसल, उसकी बातों में एक हकीकत थी। मुझे उसके दर्द का अहसास हुआ । सोचा, मैं शहर में, ये गांव में क्यूं? मैंने झेंपकर घर में प्रवेश किया। घर में घुसते ही लगा कि वो मेरा पुश्तैनी घर नहीं है। एक बाड़ा है। बाड़े में एक झौंपड़ी है। एक छोटा-सा आंगन है। छोटे से आंगन को पत्नी ने ऐसा सजा-संवार रखा है कि देखते ही बनता है। घर में पानी का साधन तक न होते हुए भी, उसे नाली के गंदे पानी से नाना प्रकार के फूलदार पौधों को सींच-सींचकर आंगन को क्यारी के बीचों-बीच गुलाब के फूल की डालियां लगा रखी हैं। सब डालियों  को हरा-भरा बना रखा है उसने । क्यारी की डौलियों पर मूली-सलजम  पर हरे-लाल पत्ते साफ़ नज़र आ रहे थे। पर फूल नहीं थे। इस बीच मैंने अपनी पत्नी से पानी की मांग की। वह गुस्से में तो थी ही। बोली, "क्या दिल्ली में पानी नहीं मिलता?” मैं चुप होकर रह गया। उसने पुनः प्रहार किया, "कहां गई वो दिल्ली वाली ?  साथ ले आते उसे। कम से कम पानी तो पिला ही देती। अब मेरे हाथ के पानी से प्यास थोड़े ही मिटने वाली है।" मैंने देखा कि वह इतना कह बिल्कुल सहज एवं शांत हो गई। बोली, “अच्छा छोड़ो इधर-उधर की बातें। एक ध्यान रखना कि चौपाल के पास वाले कुंए पर बिल्कुल मत जाना। वहां हरे रंग की एक कुतिया रहती है। गांव वालों को खूब पहचानती है। उनके संग-साथ हंसती-खेलती है। तुम अजनबी हो। यदि तुम उसकी आंखों चढ़ गए तो तुम्हें बकसने वाली नहीं। जब भी उसकी आंखों चढ़ जाओगे, फाड़ खाएगी। और हां ! उसका काटा हुआ कोई भी कभी जिन्दा नहीं रहा।” इतना कह वो भीतर चली गई। पानी का गिलास लाई। मुझे थमा दिया। मैं एक ही सांस में पानी गटक गया। खाली गिलास पत्नी को थमा, मैं हरे रंग की कुतिया के बारे में सोचने लगा। अभी तक तो मैंने काली, भूरी और चितकबरी कुतिया के बारे में ही सुना था। देखा भी था। पर ये हरे रंग की कुतिया हमारे उजाड़ गांव में कहां से और कैसे आ गई। एक बार सोचा कि पत्नी मजाक कर रही होगी। शायद इसलिए कि मैं कम से कम आज तो घर से बाहर न जाऊं।

     पत्नी अंदर गई कि मैं उल्टे पांव, हाथ में बांस का एक डंडा लेकर उस कुंए की ओर चल पड़ा जहां हरे रंग की कुतिया अजनबी लोगों पर हमला करती है। वहां पहुंचकर, मैं हवा में लठिया घुमाता रहा, पर हरे रंग की कोई कुतिया वहां नज़र नहीं आई। हां! एक अन्य व्यक्ति भी मेरी ही तर्ज पर हवा में लठिया घुमा रहा था। साथ ही साथ अपनी बयान-बाजी में मुझे शामिल करने में पीछे नहीं था। वह कह रहा था, 'साली! आज आ। आज देखूंगा तेरा हरा रंग। आज मैं एकला नहीं हूं। ...दो हैं। तेरी तो ऐसी की तैसी। पर कोई भी, किसी भी रंग का कुत्ता या कुतिया कुएं पर नज़र नहीं आई। मैं जोश में हवा में लठिया हुआ अपने घर की ओर लौट पड़ा। पर घर का लौटना मुझे भारी पड़ा। पगला-सा गया । सपने में दो सौ मील की दूरी चन्द सांसों में तय कर मैं वापिस दिल्ली पहुंच गया। अब गांव में न मेरा घर था, न पत्नी। सब कुछ गायब था।

     अब मैं दिल्ली में था। अपने पुराने जनता फ्लैट में। मैंने इसे वर्षों पूर्व बेच दिया था। मैं नहीं समझ पाया कि यहां कैसे और क्यू आया। पर, मेरी पत्नी और बच्चे मुझसे पहले ही यहां उपस्थित थे। जिसको मकान बेचा था, उसका कहीं अता-पता नहीं था। मुझे पीछे-पीछे आया पाकर, पत्नी मुझ पर हंस पड़ी। उस पर मुझे ऐसा लगा कि पीछे के सारे गिले-शिक्वे जैसे दूर हो गए हैं। सचमुच था भी ऐसा ही। पूछ बैठी, “इतनी देर कैसे हो गई आने में?" इतना कह उसके होठों पर हंसी का ज्वार आ गया। यह देख मैं डर-सा गया। वो इसलिए कि वो इससे पहले कभी भी इतना नहीं हंसी थी। गांव में अकेली जो रहती थी। फिर किससे कैसी मसखरी? मैं सहम-सा गया। मैं चाहकर भी उससे क्षमा नहीं मांग पाया। बस! मूकदर्शक बना अपने आप पर तरस खाकर रह गया। मैंने दबे पांव घर में प्रवेश किया तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। कुछ भी तो करीने से नहीं लगा था। बच्चे खेलने में मस्त थे। मिट्टी में सने थे। पत्नी घर को कुछ-कुछ संवारने में लगी थी। किन्तु नाकायाब। इसी बीच कुछ ऐसा हो निकला कि कुछ जाने-पहचाने चेहरों ने दरवाज़े पर दस्तक दी। मैंने सहज भाव से दरवाज़ा खोल दिया। सजे-संवरे कुछ सभ्य लोग सीधे घर के अन्दर आ गए। इधर-उधर की कुछ छोटी-मोटी बातें हुईं। वो घर में शांति से बैठ गए। मैं अपने वस्त्र बदलने में लग गया। वस्त्र बदलने पर देखा कि अब मेरे घर में एक भी सभ्य व्यक्ति नहीं था। घर में घुसे सारे के सारे सभ्य लोग, असभ्य लग रहे थे। ना बात करने का ढंग, ना बात करने का सलीका और ना ही सभ्य लोगों की वेष-भूषा। फिर भी मैंने उनसे कुछ देर बातचीत की। किन्तु बातचीत कैसी, वो तो पूरे के पूरे गुण्डे लग रहे थे। मेरे घर में ही बीवी-बच्चों के सामने उन्होंने पेप्सी जैसी एक बड़ी बोतल से कुछ पेय-जल गिलास में डालकर इस-दूसरे को थमा दिया। मैं एक कोने में खड़ा यह सब देखता तो रहा किन्तु मैं मन ही मन अशांत था। यानी, बेबस था। मैं अकेला वो छह-सात। उनकी करामात ही देखता रहा। इस बीच उन्होंने मुझे भी एक गिलास थमा दिया। संयोगवंश मैंने भी उसका स्वाद चखा किन्तु मुझे लगा कि बोतल में बन्द कोई शोफ्ट ड्रिंक नहीं, कुछ और ही था।

     इसी बीच मेरे आफिस का चपरासी आ गया। बड़े दंभ में बोला, "बॉस! आप तो हम पर ही डाँट पिलाते रहते हैं, शराब मत पियो, जल्दी मर जाओंगे। आप भी तो कभी-कभार चढ़ा लेते हैं। लो! न साहब एक घूंट, आज तो आप भी ले लो। आप अपने पैसे से तो कभी पीते नहीं हैं। आपको तो बस! पैसा कमाना आता है। खर्च करना नहीं, कोई मुफ़्त में ठर्रा भी पिला दे तो भला ।" वह नशे में जाने क्या बकता चला जा रहा था। यह सुन मैं मन ही मन जल-भुन रहा था ।

     माना कि मैं भी पी लेता हूं किन्तु इतना सुन आगंतुकों पर बुरी तरह बिफर गया। गिलास भी मेरे हाथ में था। पर क्या जिंदगी को गिलास-भर में बेच देता। नहीं! मैंने ऐसा नहीं किया। मैंने क्रौध में उन्हें घर की छत पर जाने को कह दिया। इक बार तो वो मुझे घूरते रहे किन्तु बिना समय खराब किए, वे छत की ओर बढ़ गए। मैं अपनी पत्नी से आगंतुकों के व्यवहार के लिए क्षमा मांग ही रहा था कि देखा छत पर गए आगंतुक गुण्डे व बच्चे छत पर जाने से पूर्व ही सीढ़ियों से नीचे उतरने की होड़ में लगे थे। कई तो घायल भी हो गए। मैं दरवाज़े पर खड़ा यह सब देख तो रहा था किन्तु घटना पर यकीन नहीं हो पा रहा था। दरअसल जहरीले ततैये टिड्डी-दल के रूप में ज़मीन पर उतर आए थे किन्तु वो किसी को डंक नहीं मार रहे थे, अपितु सबकी देह पर जौंक के जैसे चिपक रहे थे। छुटाने पर भी नहीं छुट पा रहे थे । ज़मीन पर ऐसे फैल गए कि ज़मीन का रंग ही पीला दिखने लगा। मेरे नंगे शरीर पर चुपके ततैयों को छुटाते-छुटाते मेरी नींद भंग हो गई।…कुछ घबराया। इधर-उधर देखा कि सब कुछ सामान्य था। मैं भी ठीक-ठाक था। पत्नी व बच्चे भी अपने-अपने बिस्तर पर शांतिपूर्वक सो रहे थे। कुछ भी तो सपने जैसा नहीं था। किंतु घबराहट के चलते मुझे कतई  विश्वास नहीं हो रहा था कि सब कुछ सामान्य है। मैं बिस्तर से उठा पत्नी को जगाया। स्वप्न का सारा किस्सा बताया। सुनकर वह मुझ पर झल्ला उठी। बोली, "मैं आए रोज तुम्हारी ऐसी-वैसी बातें सुनकर तंग आ गई हूं। तुम्हारा शराब छोड़ना मुझे भारी पड़ने लगा है। कम-अज़-कम शराब पीकर सो तो जाते थे। शराब क्या छोड़ी कि अब न खुद सोते और न मुझे सोने देते।” उसका इस तरह खींजना नितान्त स्वभाविक था। फिर भी वह रसोई में गई। चाय बनायी और चाय का प्याला मुझे थमाकर, माथा पकड़कर बैठ गई।0000

 तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रहऔर अन्य।

 तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन केप्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000