तूफां की ज़द में
(ग़ज़लें)
तेजपाल सिंह ‘तेज’
तूफां की ज़द में
(ग़ज़लें)
तेजपाल सिंह ‘तेज’
उनको ....
हाल परमुझको मिरे जो छोड़ते तक भी नहीं,
औ’ बोझ मेरी उम्र का हैं झेलते तक भी नहीं।
‘तेज’ की.........
मुस्कराहटदर्द से भरी है
या मुस्कराहट दर्द को छिपाने का
प्रयासकर रही है?
बात के पीछे व्यंग्य है
या व्यंग्य की ही बात है?
सूई को हाथ में अपना तन बेधने के लिए
पकड़ रखा है या
उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए?
इन सवालों का जवाब तो ’तेज ’ को
देख, सुन या पढ़कर दे पाना मुश्किल है,
मगर उसे देख, सुन या पढ़कर
ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे जरूर।
- ए. पी. एन. पंकज
(वरिष्ठ कवि एवं गीतकार)
पूर्व महाप्रबन्धक
भारतीय स्टेट बैंक्
मेरा मानना है कि
कोई भी रचनाकार समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के परे होकर कोई रचना नहीं कर सकता। यह संभव ही नहीं लगता, क्योंकि वह जैसा देखता, भोगता है, उसके भीतर और बाहर के घात-प्रतिघात और उनसे उबरने के लिए संघर्ष आदि की छाया रचनाकार के मन-मस्तिष्क पर सदैव छाई रहती है। कहना न होगा कि किसी भी रचनाकार को संघर्षशीलता, जुझारुपन, संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों के प्रति चेतना और दिशाबोध समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के भीतर-बाहर के घात-प्रतिघातों से ही मिलते हैं।
यह भी कि कविता, कविता की शर्तों पर नहीं, अपितु जीवन की शर्तों पर ही रची जाती है। ठीक यही तर्क ग़ज़ल पर भी लागू होता है। अब ग़ज़ल भी शब्दों और परंपरागत शर्तों की दासी नहीं रह गई है। यह भी नए-नए रूप बदलने लगी है। आम-आदमी के इतनी करीब आ गई है कि जिन्दगी और मौत का अंतर भी अब इसे समझ में आने लगा है। यदि ये कहूँ कि शायरी भी बड़ी अजीब चीज है, तो शायद अतिश्योक्ति नहीं होगी क्योंकि शायरी में कभी-कभी जिन्दगी और मौत, या यूँ कहें कि शब्द और खामोशी एक दूसरे में ऐसे उलझकर रह जाते हैं कि लगने लगता है कि कभी शब्दों को खामोशी तो कभी खामोशी को शब्द मिल जाते हैं। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। मैं जुलाई 2012 में इतना बीमार हुआ कि मुझे पता ही नहीं चला कि मैं तीन अगस्त दो हजार बारह (03.08.2012) को मौत को चकमा देकर अस्पताल से घर आ गया या फिर मौत ही मुझे कुछ और आजमाने के लिए जिन्दगी के हवाले करके वापिस चली गई।
प्रस्तुत ग़ज़ल-संग्रह में संकलित अधिकांश ग़ज़लें अगस्त 2012 के बाद में बनी सोच और शेष जीवन और मौत के संबंधों की गहराई की एक बानगी भर हैं। सच तो ये है कि इस दौर में मेरे अकेलेपन की केवल ग़ज़ल ही साक्षी रही है। इस बीच मैंने कितने कड़वे, तीखे या फिर मीठे घूँट पिए हैं, कितने आँसू, कितनी मुस्कराहटें मेरी आँखों में, मेरे अधरों पर, उठी बैठी हैं, आई गई हैं, एक ग़ज़ल ही है जिसने हर पल कभी लय बनकर, कभी स्वर बनकर तो कभी केवल शब्द बनकर मेरी हर पीड़ा को प्राणवान किया है। इतना ही नहीं, मैं इस बीच भौतिक जीवन और यदा-कदा आध्यात्मिक अनुभव, सबमें गुजरता रहा और पीड़ा के सुख, सुख की पीड़ा का अनुभव करता रहा। ऐसे भी बहुत से रंग रहे, जिनके दर्शन तक भी नहीं हुए। किंतु मैं उसे भी अपनी भाव-प्रवणता अथवा कल्पना के जरिए अपनी अभिव्यक्ति में उतारता रहा। कभी कहकर, कभी गुनगुनाकर, या फिर बोलकर, कभी छन्द में, कभी बिना छन्द के। मैंने जाना कि जब तक सृष्टि है, तब तक अनुभूति है और जब तक अनुभूति है, तब तक अभिव्यक्ति है। लगा कि पीड़ा की अभिव्यक्ति में भी सुख है. मन की बात खोलने से पीड़ा आँसू बनकर बह जाती है, कम हो जाती है। सुख की अभिव्यक्ति में तो सुख है ही – इसे दोहराने से सुख फैलता है, सुख का कद और बड़ा होता जाता है।
हाँ! एक बात और कि मैंने ग़ज़ल की रचना में कुछ नए प्रयोग यथा ग़ज़ल में शायद नई शाब्दिक बुनावट का प्रयोग भी किया है। लय को शब्दों से और शब्दों को लय से जोड़ने के इस प्रयोग से उपजी ये रचनाए मुझे जितनी सरल दिखती हैं, शायद उतनी हैं नहीं। कभी शब्द मेरी पकड़ में नहीं आया तो कभी अर्थ। एक ही शब्द को घुमा-फिराकर कविता में ढालने से भी भावप्रवण रचना जन्म ले सकती है और फिर ग़ज़ल में तो कोई न कोई ऐसा तत्व होता है जो प्रयुक्त शब्दों के शब्दार्थ से परे उनके भावार्थ में होता है। ऐसा करने के बाद मुझे बड़ा ही सहज और मुक्त-बोध का एहसास हुआ। यद्यपि मेरे कुछ साहित्यिक साथियों ने इस प्रकार के प्रयोग से जन्मी ग़ज़लों को इस पुस्तक में न देने का सुझाव दिया था, तथापि मैंने ऐसी कुछेक ग़ज़लों को पाठकों के अवलोकनार्थ यहाँ प्रस्तुत किया है।
मेरे इस संघर्ष में माननीय के. एल. बालू , ईश कुमार गंगानिया और शीलबोधि सदैव भागीदार बने रहे, इस हेतु मैं उनका आभार-भर व्यक्त करके मुक्त नहीं होना चाहता, बल्कि मैं उनकी इस उदारता की निरंतरता का अभिलाषी बना रहना चाहता हूँ। इसी क्रम में, पाठको से मेरी अपेक्षा है कि वे शब्दों और उनके प्रस्तुतिकरण के उलटफेर में न पड़कर मेरे मनोभावों और उनकी जीवंतता की गहराईयों में उतरने का प्रयास करेंगे ताकि वो मेरे करीब, और करीब आ पाएं। साधुवाद।
-तेजपाल सिंह ‘तेज’
फिक्र के मारे फिक्र छुपाने लगते हैं,
बेफिक्री की दवा बताने लगते हैं।
घुटमन चलने पर तो नन्हें-मुन्ने भी,
दादी-माँ से हाथ छुड़ाने लगते हैं।
मिलती नहीं तवज्जो जिनको अपनों से,
वो गैरों से हाथ मिलाने लगते हैं।
बात बिगड़ने पर अपने भी अपनों को,
जब चाहें तब आँख दिखाने लगते हैं।
‘तेज’ करूं क्या गिनती बाकी साँसो की,
बीते दिन भी अब अफसाने लगते हैं।
<><><>
आज नहीं तो कल, मैं चश्मेतर में रहूँगा,
न सोचिए कि मैं सदा बिस्तर में रहूँगा।
अंधेरे आए तो लेकिन, छूकर गुजर गए,
अब हरनफस मैं धूप के दफ्तर में रहूँगा।
एकला चलने की कसक खूब है लेकिन,
है मन मिरा कि अबकी मैं लश्कर में रहूँगा।
जीस्त ने, न मौत ने अपना किया मुझे,
अब कौन जाने मैं भला किस घर में रहूँगा।
मैं कि बिखर जाउंगा, इतना भी नहीं टूटा,
छोड़कर धरती मैं अब अम्बर में रहूँगा।
<><><>
मन की बात कहे सो कविता,
बे-अन्दाज बहे सो कविता।
रोते—रोते भी मुस्काए,
ग़म बेतोल सहे सो कविता।
दुनिया का दुख-सुख पहचाने,
हर-श्रृंगार गहे सो कविता।
पीकर जहर कुलाँचें मारे,
तरकश तीर गहे सो कविता।
‘तेज’ ग़ज़ल दोहा चौपाई,
गीत अगीत कहे सो कविता
<><><>
फक्कड़पन तो अपना मीत पुराना है,
मयखाना तो रोज का आना-जाना है।
जलते-जलते राख हुआ मेरा तन-मन,
अब दुनिया में क्या खोना क्या पाना है।
आँख से आँख मिलाने में कतराता है,
लगता है कोई अपना यार पुराना है।
वो समझें न समझें कोई बात नहीं,
हमको तो पर अपना फर्ज निभाना है।
‘तेज’ मुझे क्या लेना-देना दरपन से,
चेहरा बदले गुजरा एक ज़माना है।
<><><>
अभी तो कुछ और तमाशे होंगे,
बस्ती-बस्ती में धमाके होंगे।
कहां सोचा था ये, कि उनके,
इतने नापाक इरादे होंगे।
सच को धरती पे लाने के लिए,
ज़ाया कुछ और जमाने होंगे।
अपनी आँखों से पुराने चश्में,
हमको हर-हाल हटाने होंगे।
जिनके सीने में आग बसती है,
हाँ! वोही लोग सयाने होंगे।
<><><>
बात दिल की कही नहीं जाती,
गोया फुरक़त सही नहीं जाती।
उनको बिछड़े हुए यूँ गुजरे बरसों,
याद उनकी मगर नहीं जाती।
वादा करते हैं मुकर जाते हैं,
शर्म उनकों मगर नहीं आती।
जीने मरने के सवालात न कर,
ज़िन्दगी यूँ ही गुजर नहीं जाती।
ऐसी उलफ़त का ‘तेज’ क्या होना,
कि जिसमें हरकत नजर नहीं आती।
<><><>
तीर है कमान है,
थका-थका बयान है।
हौंसलों के नाम पर,
नजर-नजर थकान है।
कातिलों की बाकसम,
सादगी कमाल है।
रोटियों के वास्ते,
होता नित धमाल है।
भूख के सवाल पर,
झुक गया जहान है।
<><><>
बिन्दी, टिकुली, सेहरा देख,
सिर पर आँचल फहरा देख।
होठों होठों पर है लेकिन,
खामोशी का पहरा देख।
कभी आइने में तू भी तो,
अपना उजड़ा चेहरा देख।
सहरा-सहरा घनी आँधियाँ,
आँगन-आँगन सहरा देख।
‘तेज’ तू पर अपनी आँखों में,
तल्ख समंदर ठहरा देख।
<><><>
ग़म मिरे बेशक किसी से कम नहीं हैं,
हाँ! मगर आँखे मिरी पुरनम नहीं हैं।
लोकशाही का किया सत्ता ने सर कलम,
पर कहीं भी शहर में मातम नहीं है।
महफिल में अपनी आज तू खुद सरनिगूं है,
है शुक्र कि महफिल में तेरी हम नहीं हैं।
कि दीपक जलाकर आँधियों को सौंप दें,
नाअक्ल इतने सिरफिरे भी हम नहीं हैं।
छोड़ भी दे ‘तेज’ तू नाहक दिलों से खेलना,
कि खेलने को यां खिलौने कम नहीं हैं।
<><><>
सूरज-सूरज आग तो है,
बाकी अभी रिवाज तो है।
भूखी नंगी आबादी के,
हाथों आज किताब तो है।
उम्मीदों की तंग गली में,
मंहका कोई गुलाब तो है।
सत्ता के कलुषित चेहरे से,
उट्ठा तनिक नकाब तो है।
घनी आँधियों के आँगन में,
रखता कोई चिराग तो है।
<><><>
धरती-धरती अम्बर देख,
पलकों बीच समंदर देख।
तू भी कभी गली से उनकी,
एक-दो बार गुजरकर देख।
कब तक बिखर-बिखर गुजरेगा,
थोड़ा-बहुत सिमटकर देख।
चाँद से बातें करनी हैं तो,
तू भी कभी संवरकर देख।
हर लम्हा न बना दूरियाँ,
खुद से जरा लिपटकर देख।
तेरे पीछे भीकोई है,
पीछे जरा पलटकर देख।
<><><>
लाखों दीप जलाए लेकिन दिल का मंदिर कब निखरा,
बाहर-बाहर घना उजाला, भीतर-भीतर तम पसरा।
धरती-धरती अम्बर-अम्बर धुआँ-धुआँ बस धुआँ-धुआँ,
गली-गली में धूम-धड़ाका, जगह-जगह बिखरा कचरा।
आँखों-आँखों नफरत तारी, होठों पर मुस्कान धरी,
अंतर-अंतर ज्वाला धधकी, माथे-माथे तिलक धरा।
दिल के दीप जलें ग़र यारा, प्रेम का दरिया बह निकले,
आँगन-आँगन महक उठे, हो रात चांदनी दिन उजरा।
मानवता के पदचिन्हों पर कुछ दूरी तो चलकर देख,
निजता की खातिर तू बन्दे मानवता से मत टकरा।
<><><>
ये ज़िन्दगी, सवाब है, क्या है,
मोहब्बत है, रुआब है, क्या है।
मैं खुद ही को पढ़ता रहता हूँ,
मेरे भीतर किताब है, क्या है।
भंवरे उससे ही मुख़ातिब क्यूँ हैं,
उसका चेहरा गुलाब है, क्या है।
वो क्यूं, आँखों में नहीं उतरे है,
रुखपे उसके, नकाब है, क्या है।
मैं सोकर भी क्यूं सो नहीं पाता,
मेरी आँखों में ख्वाब है, क्या है।
<><><>
इक सफर सा ज़हन में पलता रहा,
मैं नींद में भी बारहा चलता रहा।
देखकर नये दौर की फितनागरी,
हर-नफ़स इक वहम सा पलता रहा।
न धुआँ उठा, न आग ही दहकी मगर,
दिल मिरा यूँ हर-नज़र जलता रहा।
मेघों ने की यूं पेटभर मस्ती बहुत,
पर धूप में आँगन मिरा जलता रहा।
‘तेज’ गो घर का रहा न घाट का,
उसका हर लहजा मगर जिन्दा रहा।
<><><>
शहर-शहर, बस्ती-बस्ती, हर चौरस्ते पर भूख खड़ी है,
दुल्हनिया सी सही-धजी है हरसू सबसे आँख लड़ी है।
बात-बात पर नभ से बोझिल आग के गोले उगल रही है,
वर्षों से भूखी हो जैसे, मानवता पर टूट पड़ी है।
माथे पर बेम्याद लकीरें, आँखें हैं कि तल्ख समंदर,
प्रलयंकारी कृत्य घिनौने, करके सीना तान खड़ी है।
कूकेगी अब क्या कोयलिया, कूकेगा अब कहां पपीहा,
जंगल-जंगल आग लगी है, मृत्यु तंबू तान खड़ी है।
जला आसमां दरकी धरती, जीवन रूठा सांसे टूटीं,
अब क्या महकेगी पुरवैया, बगिया-बगिया त्रस्त पड़ी है।
<><><>
मौत की जाने न क्यूँ नीयत बदल गई,
वो आई भी लेकिन आकर पलट गई।
ज़िन्दगी पहले भी कुछ कम न थी,
ज़ख्मों का ज़खीरा थी, मरहम न थी।
म्ररने की हसरत में, मैं जिया ना मरा.
मैं वो दरख़्त हूँ कि जो सूखा ना हरा।
मेरी आँखों में कभी सवेरा ना हुआ,
चाँद का, सूरज का बसेरा ना हुआ।
अब जिन्दगी न मौत का खटका बाक़ी,
अब रहा न इश्क से न बैर से रिश्ता बाक़ी।
<><><>
मौत तो कुछ जानी-पहचानी लगती है,
कि आए-दिन की रामकहानी लगती है।
लगी पूछने आते-जाते हाल मिरा,
बिटिया अब हो गई सयानी लगती है।
अबका पतझर मधुरितु सा लहराएगा,
मौसम की ये गलगबयानी लगती है।
जीवन की कोई एक कहानी थोड़ी है,
सबकी अपनी अलग कहानी लगती है।
खून-खराबा, चोरी-जारी ‘तेज’ हुई,
मौन हमारी अब रजधानी लगती है।
<><><>
कि मौत हकीकत है, इसमें शुबा कुछ भी नहीं,
जिन्दगी का पुरअसर है मर्तबा कुछ भी नहीं।
ताउम्र मैं चलता रहा, खटता रहा, लेकिन,
तल्ख ख्वाबों के सिवा मुझको मिला कुछ भी नहीं।
रोका किया मैं उम्रभर, सांस जीने के लिए,
सांसे तो जिन्दा हैं मगर, मैं जिया कुछ भी नहीं।
करके कोई अहसान कुछ, गरजता तो ठीक था,
हरसू अबस चर्चा हुआ, पर किया कुछ भी नहीं।
लो करने लगे अपने ही अब बेआबरू ए! तेज,
उम्र के इस मोड़ पर शिकवा-गिला कुछ भी नहीं।
<><><>
शुबा = शुबाह = शक
वो आया भी पर आँख मिलाकर बच निकला,
जिसका अंदेशा था मुझको, सच निकला।
वक्त ने करवट ली तो रिश्ते दरक गए,
कि मेरे हक़ में झूठा हर इक मत निकला।
लिखते-लिखते सहर रात के अधरों पर,
बरस उठीं आँखें कि मन का डर निकला।
कि प्यास बुझाने की खातिर दोपहरी में,
मैं रेत के दरिया से जैसे तपकर निकला।
चलते-चलते ‘तेज’ वो जाने किधर गया,
कि रहबर की सूरत में जो रहजन निकला।
<><><>
परिवर्तन की आड़ में जैसेघोड़ी चढ़ी शराब,
नई संभ्यता के आँगन में जमकर उड़ी शराब।
पैसे वालो से है इसका रिश्ता बहुत पुराना,
थाम कटोरा निर्धनता के दर पर खड़ी शराब।
क्या पूरब क्या पश्चिम, उत्तर-दक्खिन क्या,
चहूदिशा में पायल बाँधे बनठन खड़ी शराब।
लेकर खाली प्याला-प्याली थोड़ा सा नमकीन,
बचपन को बोतल में भरकर औंधी पड़ी शराब।
आँख बांधकर संसद सोई जनता भई अधीर,
‘तेज’ हिमालय सी छाती पर तनकर खड़ी शराब।
<><><>
मज़हबी टेहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,
देखते रहिए कि रंग बदलेंगे अभी और।
भँवरों की मानो बारहा नीयत बदल गई,
इज्जत गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और।
इस कदर अब आँधियाँ उभरी हैं फलक पर,
कि घौंसले अरमान के टूटेंगे अभी और।
कब तलक चिल्लाएगा चीखेगा आदमी,
कि इंसानियत के हौसले टूटेंगे अभी और
रुख हवा का देखकर लगता है 'तेज' कि
सपने अमन के और भी टूटेंगे अभी और।
<><><>
लगता है कि वो, कहीं अम्बर में रहता है,
वो जुगनू है कि सबकी नज़र में रहता है।
मंजिल की सू है आज भी उसकी नज़र,
इसी वजह से वो हरदम सफर में रहता है।
जहाँ इंसानियत ढूँढा करे है घर अपना,
वो है कि वो एक उजड़े शहर में रहता है।
मैं जिन्दा तो हूँ पर मुर्दों से कम नहीं,
सो मेरा वजूद, फिर-फिर खबर में रहता है।
इश्क की राह में तिश्नगी भी कम नहीं,
इसलिए ही इश्क के अश्कों में असर रहता है।
<><><>
उजड़ा चेहरा देख रहा हूँ,
कि उल्टा शीशा देख रहा हूँ।
आने वाले कल के कल का,
कच्चा चिट्ठा देख रहा हूँ।
अपने ही जैसा बेटा है,
जानो सपना देख रहा हूँ।
धुंधलाई आँखों पर यारा,
अन्धा चश्मा देख रहा हूँ।
मौत के आँगन में जीवन का,
बुझता चूल्हा देख रहा हूँ।
<><><>
कभी जुगनू कभी आफ़ताब माँगे है,
कैसा बालक है, माहताब माँगे है।
मैंने क्या किया, क्या न किया जीवन में,
मुझसे वो हरेक हिसाब माँगे है।
वो मुझसे मेरी हक़परस्ती का,
अबकी ब्यौरा तमाम मांगे है।
नींद बाकी न रात बाकी है,
फिर भी फिर-फिर वो ख़्वाब माँगे है।
अपने आँचल में सजा कर सूरज,
नादां है कि आफ़ताब माँगे है।
उसने जिसनेकभी खत भेजाही नहीं,
खत का अपने वो फिर-फिर जवाबमाँगे है।
<><><>
दुनिया की हर बिसात पर जो निगाह रखता है।
मेरे दिमाग में भी इक ऐसा सिपाह रहता है,
न दुख में दुखी होता कभी और न सुख में सुखी,
बड़ा अजीब शख्स है आँखों में ख्वाब रखता है।
गो दोस्ती उसकी है नदियों से बहुत, फिर भी,
वो आँखों में जलन, होठों पे प्यास रखता है।
न जाने उसकी आँख में कितने समंदर हैं निहां,
कि शांत परबत की तरह अपना मिजाज रखता है।
उसका सफ़र में भी कोई रहबर नहीं होता,
‘तेज’ दुनिया में वो कुछ ऐसा मुकाम रखता है।
<><><>
सबके दिल में बसा हुआ हूँ,
न जाने कब ख़ुदा हुआ हूँ।
बीता कल कुछ ऐसे गुजरा,
आज मैं पूरा झुका हुआ हूँ।
वक्त के पैरोकार हुए वो,
मैं गए वक्त सा थका हुआ हूँ।
उम्र ने कुछ इस कदर उकेरा,
मैं खानों में बंटा हुआ हूँ।
सब कुछ लिखा नहीं जा सकता,
जो कुछ भी हूँ, कहा हुआ हूँ।
<><><>
आवारा हूं, दीवाना हूँ, नाकारा हूँ सच में मैं,
क़ैद ख़यालों की डोली में भटक रहा हूँ नभ में मैं।
आँखों में कोई सपना औ’ होठों पर है प्यास कहां,
लिखते-लिखते सो जाता हूँ तन्हाई के नग्में मैं।
ग़ैरों की तो बात अलग है, अपने भी हैं अपने कब,
करने को हासिल अपनापन कितनी खाऊँ कसमें मैं।
मेरे अंदर मेरा अपना कुछ भी है अब शेष नहीं ,
भीतर-भीतर इतना टूटा निभा-निभाकर रश्में मैं।
साँसों से उपवन खुशबू का, आँखों से छिटका सागर,
आलम-आलम वीराना है, न इसमें न उसमें मैं।
कब सोचा था खो जाऊँगा झुरमुट में तन्हाई के,
‘तेज’ बताऊँ अब किसको क्या, न बाहर न घर में मैं।
<><><>
बचपन से पाई छुट्टी तो चढ़ी उमर ने लूटा मैं,
बाहर-बाहर साबित हूँ पर भीतर-भीतर टूटा मैं।
साँसों में जिनकी हर सूरत साजिश आती-जाती है,
मारके टंगड़ी आगे निकले बीच सफर में छूटा मैं।
गंध पले फूलों में कैसे? नजर बागबां की बदली,
चेहरों की अदला-बदली में खुद से पीछे छूटा मैं।
सूरज करने लगा जुगाली, धूप ने छोड़ा पैनापन,
चांद ने पहना काला चश्मा, तारों जैसा टूटा मैं।
जो भी चाहा किया हवा ने ‘तेज’ न रोके रुकी हवा,
मेघों को ले गई उड़ाकर, रहा देखता तूफां मैं।
<><><>
आंखों-आखों जलन बहुत है,
पाँवों-पाँवों चुभन बहुत है।
धुआँ-धुआँ है सारा आलम,
साँसों-साँसों घुटन बहुत है।
धरती-धरती धूप घनी है,
अंबर-अंबर पवन बहुत है।
बस्ती-बस्ती धूल उड़ी है,
सहरा-सहरा तपन बहुत है।
कथनी – करनी में अंतर है,
नारों में यूँ कसक बहुत है।
<><><>
आज फिर आँख से निकला पानी,
बाद बरसों के है पिघला पानी।
कैसे लिक्खूँ मैं प्यार के नगमें,
मुट्ठी से मिरी रेत-सा फिसला पानी
हँसने-रोने का हुनर तक भूला,
भला किस सोच में उलझा पानी।
न हवा चली, न बिजली तड़की,
जाने किस तौर है बरसा पानी।
न तो रोता, न कभी हँसता है,
यूँ वक्त की मार से बदला पानी।
इस कदर हैं ‘तेज’ हवाएं निकलीं,
छोड़कर अपनी जमीं उछ्ला पानी।
<><><>
वक्त से होकर ख़फा खुद को अनामकरलूँ क्या,
उनके कहने भर से ही खुद को तमाम करलूँ क्या।
कब तक बचूँगा मौत से, एक दिन जाना ही है,
डरके अपनी जान को उजड़ी दुकान करलूँ क्या।
पाँवों में गो थकान है, होठों पे तिश्नगी,
ताज़गी सोचों की मैं यूँ ही तमाम करलूँ क्या।
क्या किया, क्या न किया, ये बीते कल की बात है,
कल के किए पर आज को बेज़ा निसार करदूँ क्या।
न आग का, न ‘तेज’ अब सूरज का खौफ़ है,
दुश्मन को अपने इसलिए अपना ईमान करलूँ क्या ।
<><><>
होना भी अब क्या होना है,
जीना भी अब क्या जीना है।
जख़्म हुए नासूर जो उनको,
सीना भी अब क्या सीना है।
झीने आँचल की छाया में,
पीना भी अब क्या पीना है।
आज न पूछो उम्र ने मुझसे,
छीना भी तो क्या छीना है।
‘तेज’ करें क्या जब अपने ही,
सपनों का जख्मी सीना है।
<><><>
साहिबो-रहबर नए—नए,
हैं सारे मंजर नए—नए।
उम्र ढली तो देखे मैंने,
घर के तेवर नए—नए।
मौत मिरी चौखट से लौटी,
पहन के जेवर नए—नए।
सुबह पुरानी रात पुरानी,
लेकिन बिस्तर नए—नए।
अपनों के भी हाथ लगे हैं,
अबकी खंजर नए—नए।
शीशे का घर वही पुराना,
लेकिन पत्थर नए—नए।
‘तेज’ करे अब कहां बंदगी,
हैं मंदिर-मस्जिद नए—नए।
<><><>
मैं सफ़र से ऐसे गुजर गया,
ज्यूँ दरिया कोई उतर गया।
मिलने वाला मिल नहीं पाया,
मैं इधर गया वो उधर गया।
दर्पण देखा तो आँखों में,
रुख अपना ही उभर गया।
बासी फूल की पत्ती हूँ मैं,
ठसक लगी कि बिखर गया।
रात की खामोशी में तनहा,
न जाने कब संवर गया।
कल तक ‘तेज’ साथ था मेरे,
आज न जाने किधर गया।
<><><>
बाकी कोई आस नहीं अब,
खुद की कोई तलाश नहीं अब।
गुजरे कल की बात क्या करना,
उसमें है कुछ खास नहीं अब।
खुशबूदार हवा का मौसम,
आता मुझको रास नहीं अब।
रिश्तों में वो पहले जैसी,
जानो तो कोई बात नहीं अब।
आज पड़ा यूँ कल पर भारी,
कि कल का कुछ अहसास नहीं अब।
<><><>
सोचा हुआ अगर हो जाता,
सारा आलम घर हो जाता।
खुल जातीं मंजिल की राहें,
आसां बहुत सफ़र हो जाता।
अश्क तिरी आँखों से गिरते,
दामन मेरातर हो जाता।
हँसने पर तारे खिल उठते,
रोना बड़ी खबर हो जाता।
हरसू जो बरसातें होतीं,
हरा-भरा बंजर हो जाता।
चलते-चलते मैं भी ‘तेज’
धरती से अम्बर हो जाता।
<><><>
पाँवों में जो धमाल था,
वो हुस्न था कि जलाल था।
मुझको ख़याल था उसका,
इसका ही बस मलाल था।
उसकी अना के सामने,
जीना मगर मुहाल था।
दिया था जो उसने मुझे,
वो मेरा ही तो रुमाल था।
मुर्दा हुआ गो ‘तेज’ पर,
चेहरे पे क्या जमाल था।
<><><>
खुद अपने से हार गया मैं,
हर लमहा लाचार गया मैं।
लेकर खाली जेब न जाने,
क्या करने बाजार गया मैं।
खुद ही मैंने बाजी हारी,
वो समझे कि हार गया मैं।
आँख झुकाकर क्या बैठा कि,
वो समझे कि मान गया मैं।
‘तेज’मैकदे की ज़द से उठ,
कब कैसे किस हाल गया मैं ।
<><><>
जीवन से अब डरता कब हूँ,
मरने से अब डरता कब हूँ।
आँखों में अब ख्वाब कहाँ हैं,
नीदों में अब जगता कब हूँ।
शेष कहाँ सांसों में खुशबू,
अब उनको मैं जँचता कब हूँ।
खुद को ही पढ़ता रहता हूँ,
अब मैं उनको पढ़ता कब हूँ।
सरदी-गरमी में पानी पर,
चलने से अब डरता कब हूँ।
<><><>
कौन कब मेरा जवाल समझेगा,
साहिबे-ज़र का कमाल समझेगा।
कौन हूँ, क्या हूँ, ख़याल हूँ किसका,
कब वो मिरा, ये सवाल समझेगा।
गमगीन चेहरा देखकर मेरा कोई,
मुझको ही मेरी मिसाल समझेगा।
कोई देखकर रुख पे मिरे शाइस्तगी,
मिरी बेचारगी को ही जमाल समझेगा।
जमाने को समझना आसां तो नहीं ‘तेज’,
वक्त के कमाल को केवल कमाल समझेगा।
<><><>
जवाल = पतन
शाइस्तगी = सादगी , शिष्टता
जमाल = शोभा, आभा
परियों का फन जाने अब,
जुल्फों के ख़म जाने अब।
सारी उम्र निभाए रिश्ते,
रिश्तों का सच जाने अब।
साँसे करने लगीं जुगाली,
उम्र का करतब जाने अब।
अपनों का अपनापन जाने,
गैरों का रुख जाने अब
उम्र ढली तो ‘तेज’ मुकम्मिल,
जीवन का सच जाने अब।
<><><>
परबत जैसे नहीं बड़े हम,
लेकिन सीना तान खड़े हम।
जीने के लालच में मानो,
मौत से हर इक साँस लड़े हम।
सावन के मेघों के जैसे,
रफ्ता-रफ्ता रोज झड़े हम।
रोज का मिलना भी क्या मिलना,
तन्हा बिस्तर बीच पड़े हम।
चलते-चलते जीवन सिमटा,
मंजिल से पर दूर खड़े हम।
‘तेज’ धूप में पलकें झुलसीं,
साँसें उखड़ीं मौन पड़े हम।
<><><>
अब मुझे घर से कि हवालात से डर लगता है,
हरनफस सिरफिरे सवालात से डर लगता है।
सच तो ये है कि अब मैं ही सज़दा नहीं करता,
ये भी सच है कि अब इनायात से डर लगता है।
ज़िन्दगी ने इस कदर लूटा ज़माने का सुकून,
अबकि जीने के ख़यालात से डर लगता है।
मैं अपनी कम-नसीबी का चर्चा करूँ किससे,
अब यूं भी तो, बयानात से डर लगता है।
इक वो हैं कि हरिक बात को बातों में उड़ा देते हैं,
‘तेज’ को हर बात से, हालात से, डर लगता है।
<><><>
पल-पल यूंही संवारा जीवन,
कदम-कदम पर हारा जीवन।
उनका मीठा-मीठा लेकिन,
अपना खारा-खारा जीवन।
हमने जाना एक चुनौती,
उनने जाना नारा जीवन।
मौत को आना है आएगी,
फिर-फिर लाख पुकारा जीवन।
बोल न पाया रहा सुबकता,
हमने लाख दुलारा जीवन।
मौत की चिट्ठी हाथ लिए है,
मानो है हलकारा जीवन।
<><><>
देखकर भी वो आंखें तरेर लेता है,
देखना उसका भी है यूँ देखना कैसा।
मनाता हूँ तो वो मान भी जाता है,
रूठना उसका भी है यूँ रूठना कैसा।
होश में रहता है वो पीकर भी बाअसर.
बहकना उसका भी है यूँ बहकना कैसा।
वो समन्दर कि सहरा में डूब जाता है,
डूबना उसका भी है यूँ डूबना कैसा।
बोलता भी है तो वो रुक-रुकके बोलताहै,
बोलना उसका भी है यूँ बोलना कैसा।
<><><>
नाहीं खुदा ना बंदा मैं,
केवल एक परिंदा मैं।
सबकी आँखों में चुभता हूँ,
जैसे गोरख-धंधा मैं।
कुछ भी नहीं सूझता मुझको,
आँखों वाला अंधा मैं।
राजनीति के गलिहारों में,
वोट के जैसा चंदा मैं।
जाने कब सीधा हो पाऊँ,
बोझ लदा एक कंधा मैं।
<><><>
जब जब उसने अपने नैन चुराए होंगे.
जाने कैसे उसने फिर ये चित्र बनाए होंगे।
उसकी भीगी आँखों में कहीं झाँक न लूं मैं,
मेरे चित्र से हटकर उसने अश्क गिराए होंगे।
रातों को जगना-इठलाना, सहर हुए सो जाना,
जाने उसने कैसे-कैसे ख्वाब सजाए होंगे।
<><><>
दुनिया से जो जुड़ा-जुड़ा है,
खुद से पर वो जुदा-जुदा है।
कल तक दुनिया पर हावी था,
आज वो खुद से डरा-डरा है।
खुलकर हँसने वाले का भी,
गला आजकल भरा-भरा है।
जीने की आपा-धापी में,
खुद ही यम का रूप धरा है।
‘तेज’ लूटने वाला भी तो,
खुद ही जैसे लुटा-लुटा है।
<><><>
उनके चेहरे पे उदासी क्यूँ है,
उम्र उनसे यूँ ख़फा-सी क्यूँ है।
वो जो कातिल है मिरी हस्ती का,
उसकी चौतरफ़ा हवा-सी क्यूँ है।
वो जो चाहे हैं गुज़रना आखिर,
मौत उससे यूँ ख़फा-सी क्यूँ है।
बात मेरी जो अर्श हो निकली,
उसकी नज़रों में ज़रा-सी क्यूँ है।
माना कि वो हसीन है, ज़हीन भी,
उम्र पर अपनी वो छुपाती क्यूँ है।
मेरी दुनिया का सहारा लेकर,
जुर्म अपना वो छुपाती क्यूँ है।
जिसका कहना था कि बेवफा हूँ मैं,
उसकी आँखों में वफा-सी क्यूँ है।
<><><>
आँखों आँखों आस तो है,
कुछ-कुछ थका रिवाज तो है।
भूखी नंगी आबादी के,
हाथों आज किताब तो है।
उम्मीदों की तंग गली में,
मँहका कोई गुलाब तो है।
सत्ता के कलुषित चेहरे से,
उट्ठा तनिक नकाब तो है।
घनी आँधियों के आँगन में,
जगमग कोई चिराग तो है।
<><><>
दिल से दिल की जो राह कर बैठे,
खुद ही खुद कोतबाह कर बैठे।
उनकेआने की बात जो उट्ठी,
हम दिन ही को रात कर बैठे ।
न बिल्लीरोई, न तारा टूटा,
फिर क्यूँचेहरा उदास कर बैठे।
एक मक्खी भी तो मारे न मरी,
यूँ हीखुद को सिपाह कर बैठे।
ये भी सच है कि ‘तेज’ से मिलकर,
प्रीत का हमभी गुनाह कर बैठे।
<><><>
बस्ती-बस्ती जंगल-जंगल गूँजी फिर आवाज यहाँ,
शायद बीते कल की बातें उठ्ठेंगी फिर आज यहाँ।
कुछ स्वाँगी हैं, कुछ कर्मी है, कुछ ढोंगी हैं कुछ धर्मी,
अपने-अपने स्वर हैं सबके अपने –अपने साज यहाँ।
ये इसका है, ये उसका है, ये तेरा है, ये मेरा,
टुकड़े-टुकड़े प्रीत हुई कि टुकड़े-टुकड़े लाज यहाँ।
खून पसीना अपना लेकिन फसल पराई जाने क्यूँ?
लगता है निज देश के नेता हो गए मुखबिर आज यहाँ।
मुँह की साँकल खोले भी तो खोलें कोई किस तरियां,
अंग्रेजी ताले लटके हैं सबके मुँह पर आज यहाँ।
<><><>
काश! कि मेरा अपना ऐसा घर होता,
छत होती, आँगन होता, सहचर होता।
क्यारी होती, कुछ गुल होते, खुशबू होती,
चूल्हा होता, चक्की होती, बिस्तर होता।
बादल होते, पुरवा चलती, बरखा होती,
कोयल गाती, मोर नाचता घर- घर होता।
साँझ-सवेरे, बैठ मुंडेरे चिड़ियाँ गातीं,
ऊँट भी होता, बकरी होती, बन्दर होता।
मन-आँगन में गुरुद्वारों सी रंगत होती,
मस्जिद होती, चर्च भी होता, मंदिर होता।
<><><>
खुद खुद में उलझा बैठा हूँ,
हारे-मन तनहा बैठा हूँ।
मन करता है आग लगा दूँ,
मैं हर हाल भरा बैठा हूँ।
दो चुटकी सूरज की खातिर,
घर में आग लगा बैठा हूँ।
गर्म हवाओं से बचकर मैं,
तूफां की ज़द में बैठा हूँ।
शायद ‘तेज’ बचाने आये,
झूठी आस लगा बैठा हूँ।
<><><>
घर के आगे मस्जिद मेरे, घर के पीछे मंदिर है,
लेकिन मेरे घर की छत से गायब आज कबूतर है।
मानवता के दाम गिरे, है मज़हब का बाजार गर्म,
इक पाले में अल्लाह-ताला, इक पाले में ईश्वर है।
अब कैसे उम्मीद करें, भवसागर से तिर जाएंगे,
छोटी-छोटी नदियों में यहाँ डूबा आज समंदर है।
आने-जाने वाले मेरे घर की ईंटें गिनते हैं,
सियासत के खूनी पंजों ने लिक्खा मिरा मुकद्दर है।
‘तेज’ हवाएं चली आज फिर, छप्पर कौन संभालेगा,
मेरा घर यूँ धूप-छाँव का जाना-माना दफ़्तर है।
<><><>
नए दौर में अधिकारों की सेज सजी,
रफ़्ता-रफ़्ता प्रशासन पर जंग लगी।
नैतिकता और मानवता के सीने पर,
विध्वंसों ने पाली-पोसी एक सदी।
सहरा–सहरा तल्ख समंदर का दर्शन,
है मनाँगन में भूखी-प्यासी एक नदी।
लँगड़े-लूले थके विचारों से ना टूट,
बेशक इनकी सिंहासन पर नज़र लगी।
रक्षक और भक्षक के जैसे भेद मिटे,
घर की चौखट पर धनिया की लाज लुटी।
<><><>
ग़ज़ल में कुछ-कुछ नए शाब्दिक प्रयोग
मैं भी शातिर, तू भी शातिर,
ये सारी दुनिया भी शातिर।
कैसे हो फिर मेल-मिलापा,
मैं भी शातिर, तू भी शातिर।
सब अपनी खातिर जीते हैं,
ना तेरी, ना मेरी खातिर।
सब कुछ आखिर है यां आखिर,
मैं भी आखिर, तू भी आखिर।
नादिरशाही खत्म हो कैसे,
मैं भी नादिर, तू भी नादिर।
<><><>
बेसुध-बेसुध, बेसुध-बेसुध,
कौन नहींयहाँ बेसुध-बेसुध।
हमने दुनिया को देखा है,
खाते- पीते , बेसुध-बेसुध।
मानो मत मानो पर सच है,
सब के सब हैं बेसुध-बेसुध।
छोटा मुंह और बात बड़ी है,
हम भी बेसुध तुम भी बेसुध।
‘तेज’ जमाना कब सँभलेगा,
सदा रहत है बेसुध-बेसुध।
<><><>
ढोली ढोली ढोली,
उमर भौत है ढोली।
चोली चोली चोली,
दूध-मुँहे ने खोली।
पोली पोली पोली,
साँच की धरती पोली।
सोली सोली सोली,
जगते जगते सोली।
खेली खेली खेली,
आँख मिचौनी खेली।
<><><>
झेली झेली झेली,
थकी जवानी झेली।
चेली चेली चेली,
कौन है किसकी चेली
तेली तेली तेली,
सागर-सागर तेली।
पेली पेली पेली,
कांच की सरसों पेली।
खेलीखेली खेली,
आँखमिचौनी खेली।
<><><>
टूटी टूटी टूटी,
नींद अधर में टूटी।
कूटी कूटी कूटी,
मां ने खिचड़ी कूटी
लूटी लूटी लूटी,
भूख की अस्मत लूटी।
छूटी छूटी छूटी,
कैद से धनिया छूटी।
फूटी फूटी फूटी,
दही की मटकी फूटी।
झूठी झूठी झूठी,
सारी दुनिया झूठी।
टूंटी टूंटी टूंटी,
सूखी नल की टूंटी।
<><><>
ना धेला ना पैसा हूँ,
मैं भी तेरे जैसा हूँ।
न ठहरा न बहता हूँ
वैसे चलता रहता हूँ।
इसके उसके मैं सबके,
निशदिन ताने सहता हूँ।
वो बात बनाते रहते हैं,
मैं खाक उड़ाता रहता हूँ।
उनको रस्ता देकरमैं,
खुद पीछे रह जाता हूँ।
<><><>
फैली फैली फैली,
छाया दुख की फैली।
मैली मैली मैली,
मन की चादर मैली।
मैली मैली मैली,
मन की चादर मैली।
भूली भूली भूली,
दुनिया खुद को भूली।
गूंगी गूंगी गूंगी,
सारे दुनिया गूंगी।
सूली सूली सूली,
‘तेज’ चढ़ाया सूली।
<><><>
गूंजी गूंजी गूंजी,
चीख गगन में गूंजी।
खूनी खूनी खूनी,
आँखें नम हैं खूनी।
लौटी लौटी लौटी,
आंख में निंदिया लौटी।
रूठी रूठी रूठी,
माँ की ममता रूठी।
मूंजी मूंजी मूंजी,
सारी दुनिया मूंजी।
<><><>
मूंजी = कंजूस
खोली खोली खोली,
किसने सांकल खोली।
खोली खोली खोली,
कहां मिलेगी खोली।
रोली रोली रोली,
ममता माँ की रोली।
भोली भोली भोली,
भूख बहुत है भोली।
पोली पोली पोली,
सच की धरती पोली।
सोली सोली सोली,
जगते जगते सोली।
<><><>
आड़ी तिरछी खड़ीं लकीर,
कुछ औंधे मुंह पड़ीं लकीर।
जैसी भी हैं रहने भी दो,
दिलों में खींचो मती लकीर।
सूई धागा मांग रहा है,
भूखा नंगा एक फकीर।
लाल चुनरिया लाल लकीर,
फिर क्यूँ गौरी भई अधीर।
भाल-भाल पर ‘तेज’ खिंची हैं,
गूंगी-बहरी थकी लकीर।
<><><>
कुछ दोहा ग़ज़लें
हृदय-हृदय आस है, आँखन-आँखन नेह,
हौले-हौले पड़ रहा, भीतर-भीतर मेह|
धरती और आकाश ने आखिर तोड़ा मौन,
कब तक झेले ताप को, कंचन-कंचन देह
गुलदानों में हैं सजे, कागद-फूल निगंध,
बस्ती-बस्ती आग है, जंगल-जंगल रेह।
दानवता ने पौंछ दी, मानवता की मांग,
अंडा-अंडा बाँझ है, जब मर्जी तब सेह।
मन-मंदिर को छोड़कर, गया कबूतर दूर,
‘तेज’ टिका है आजकल, अनुबन्धों पर नेह।
<><><>
लील गई चढ़ती नदी, पका - पकाया धान,
भूख-प्यास की मार से टेढ़ा भया किसान।
धनिया को नहीं भात है अब पीपल की छाँव,
पाँवों मेंपाजेब है, सिर पर तीर कमान।
धीरे-धीरे बिकगया, घर का सारा माल,
होरी खाक उड़ातहै, खाली भई दुकान।
चोरों कीपंचायत है, गीदड़ है सरपंच,
थाम हाथ उल्टी कलम लिखते चोर विधान।
‘तेज’ उजाला थक गया, सूरज गया विदेश,
चन्दा हरपल कर रहा, तारों का अपमान।
<><><>
गली-गली नेताधने, गली-गली हड़ताल,
संसद जैसे बन गई, तुगलक की घुड़साल।
नेता हीडाकू यहाँ, हैं नेता ही सरपंच,
प्रभु की करनी की कहो, कौन करे पड़ताल।
कौले-कौले बाजहैं, आँगन-आँगन काग,
कोयलिया ओझल हुई, बिगड़ गया सुरताल।
आँखन-आँखन भूख है, हाथन-हाथन खाज,
सत्ता केहाथों हुई कैद मगर टकसाल।
राजा बहराहो गया, जनता हो गई मौन,
’तेज’ निरर्थक भीड़ में बजा रहा खड़ताल।
<><><>
घर की कुन्दी खोलकर सो गए लम्बी तान,
गाली देकर चोर को शेखी रहे बखान.
जीवन एक पहेली है इतना लीजे जान,
इतना भी कुछ कम नहीं बनी रहे पहचान.
धीरे-धीरे बिक गया घर का सब सामान,
रोटी-पानी के लिए गिरवी धरा मकान।
बीवी भुट्टे भूनती नित संसद के द्वार.
जाना था जिनको यार तिरंगा तान,
<><><>
जनता बौनी हो गई नेता हुए खजूर,
भूखे पेटों चाकरी कब तक करें मजूर.
सरसों फूली खेत में घर में चूल्हा रोय,
संसद हुई बिचोलिया किसना है मजबूर.
नेता जज और बानिया करत यहाँ अब सैर,
चल धनिया कहीं भाग चल इस बस्ती से दूर्,
लोकतंत्र की आजकल बदल गई तस्वीर,
नेता चतुर सुजान हैं जनता है मजबूर।
सुन जनता की अनकही दिल है डावाँडोल,
होना था सो हो गया अब का बाँटे बूर।
<><><>
जाने तो हैं हाल मिरा वो,
करते बहुत सवाल मगर,
अंधियारों से बाबस्ता हैं,
रखते नहीं चिराग मगर ।
शब्दों के कुछ व्यापारी
याँ बेच रहे हैं खुशहाली,
छोटे और बड़े का कुछ भी
करते नहीं लिहाज मगर।
00000
