सुप्रीम कोर्ट में उछ्ला जूता : लोकतंत्र के ताबूत में आखरी कील ?

तेजपाल सिंह 'तेज

         बजरिए आर्टीकल 19 के नवीन कुमार, क्या देश के पहले दलित-बौद्ध मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) की हत्या हो सकती है? और क्या ये काम कर सकते हैं सनातन के झंडाबरदार? दलित मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई को देखते ही उनका खून खौलने लगता है। हिम्मत नहीं हुई और मौका नहीं मिला — वरना Chief Justice की भी मोब लिंचिग (mob lynching ) हो सकती थी। उनकी तरफ जूता ऊँचा ले जाने की घटना ने दिखा दिया है कि इस देश में मोदी, योगी, शाह, भागवत — सनातन की जो व्यवस्था बनाना चाहते हैं, उसमें दलितों के लिए कितनी नफ़रत भरी है।

         सच यह है कि सनातन का जो नारा बुलंद किया जा रहा है, उसमें दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों की जगह अगड़ों — और ख़ासकर ब्राह्मणवादियों के जूते के तले के नीचे है। चाहे वह दलित हरिओम जैसा मज़दूर हो या फिर बी. आर. गवई जैसा सी जे आई सनातन की नज़र में दोनों की जगह एक बराबर है। आपको याद होगा, कुछ दिन पहले मथुरा के छठी फेल तथाकथित बाबा अनिरुद्ध राम तिवारी उर्फ़ अनिरुद्धाचार्य ने खुली धमकी देते हुए कहा था कि ऐसे पापी की छाती फाड़वा देते हैं — Chief Justice के बारे में। आप लोगों ने भले इसे गंभीरता से न लिया हो, लेकिन उस दिन भी वह सीधे-सीधे Chief Justice of India बी. आर. गवई का काम तमाम करवा देने की धमकी दे रहा था। तब भी किसी ने नहीं सोचा होगा कि देश के Chief Justice के Chamber में घुसकर कोई उन पर हमला कर सकता है। तो आखिरकार, सनातन की “विकास यात्रा” में वो दिन भी आ ही गया, जब देश की सबसे ऊँची अदालत में,

सबसे ऊँचे जज के चैंबर (Chamber)  में उनकी तरफ जूता उछाला गया। यह दिखाता है कि जब एक दलित न्याय की सबसे ऊँची कुर्सी पर बैठता है, तो “सनातन” के नाम पर ब्राह्मणवाद के आतंकी किस क़दर नफ़रत से भर उठते हैं।

         मोदी–योगी–शाह–भागवत ने इस देश में जो नफ़रत का ज़हर बोया है, वह एक दिन इस देश को अजगर की तरह निगल जाएगा — और इस अजगर का मुँह हर रोज़ और चौड़ा होता चला जा रहा है। न्याय की सबसे ऊँची कुर्सी पर बैठे दलित Chief Justice of India को यह ज़हरीला सनातन, खुलेआम अपने जूते के नीचे समझने का ऐलान कर चुका है। भारतीय लोकतंत्र और न्यायिक व्यवस्था के इतिहास में 6 अक्टूबर का दिन काले अक्षरों में दर्ज किया जा चुका है — जब स्वतंत्र न्याय के सर्वोच्च संस्थान के सर्वोच्च न्यायमूर्ति की साख पर सनातन का काला टीका मलने की कोशिश की गई। सुप्रीम कोर्ट के सी जे आई गवई पर हमले की कोशिश की गई। क्या कोई इस बात की कल्पना भी कर सकता है?

         यह हमला उस समय हुआ जब कोर्ट नंबर 1 में सीजेआई की अध्यक्षता वाली बेंच एक मामले की सुनवाई कर रही थी। बहुत सारे वकील मौजूद थे। राकेश किशोर नाम का एक वकील, Chief Justice की कुर्सी के बिल्कुल सामने पहुँच जाता है और जूता निकालकर अपने हाथ में ले लेता है। वह Chief Justice पर जूता उछालने की कोशिश कर ही रहा होता है कि कोर्ट में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया।

जब सुरक्षाकर्मी वकील राकेश किशोर को पकड़कर ले जा रहे थे, तो वह नाथूराम गोडसे की तरह नारा लगा रहा था — “सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान!” लेकिन जैसे गांधी ने ज़िंदगी भर आए ख़तरों को नज़रअंदाज़ करके लोकतंत्र के पक्ष में अपनी मौत चुनी, उसी तरह Chief Justice of India बी. आर. गवई ने भी कहा — “मैं इसकी परवाह नहीं करता।” इतनी बड़ी घटना के बाद भी उन्होंने एक मिनट के लिए कार्यवाही नहीं रोकी। जिस मामले की सुनवाई कर रहे थे, उस पर रत्ती भर भी असर नहीं पड़ने दिया। घटना के बाद सीजेआई ने कहा — “इससे आप लोग परेशान न हों, मैं भी परेशान नहीं, इन चीज़ों से मुझे फ़र्क नहीं पड़ता।” इसके साथ ही उन्होंने दोनों पक्षों के वकीलों से कहा कि अपनी-अपनी दलीलें जारी रखें।

         जिस वकील ने Chief Justice की तरफ जूता उछालने की कोशिश की, वह कोई नया या अनाड़ी वकील नहीं था। उसे बखूबी पता था कि इसका अंजाम क्या होगा। सुप्रीम कोर्ट बार (Supreme Court Bar) में उसका रजिस्ट्रेशन 2011 का है —मतलब वह पिछले 15 सालों से Supreme Court में प्रैक्टिस कर रहा है। इससे पहले कुछ साल निचली अदालतों में भी किया। कहा जा रहा है कि हमलावर वकील, Chief Justice Gavai की उस टिप्पणी से नाराज़ था, जो उन्होंने मध्य प्रदेश के खजुराहो में भगवान विष्णु की सात फ़ुट ऊँची सिर-कटी मूर्ति की पुनःस्थापना पर दिए गए आदेश के दौरान की थी।

         Chief Justice ने 16 सितंबर को खंडित मूर्ति की बहाली की याचिका ख़ारिज करते हुए कहा था — कि आपका ये मसला पुरातत्व विभाग के अंदर आता है। जब याचिका कर्ता आगे बेजा दलील करने लगा कि वह भगवान का सच्चा भगत है तो सी जे आई याचिका कर्ता से यकायक कह उडे तो “जाओ और भगवान से खुद ये करने को कहो।तुम कहते हो भगवान विष्णु के कट्टर भक्त हो, तो जाओ, उनसे प्रार्थना करो।” इसी टिप्पणी पर मथुरा वाले तथाकथित बाबा अनिरुद्ध तिवारी उर्फ़ अनिरुद्धाचार्य ने खुलेआम धमकी दी थी और संविधान बचाओ का नारा लगाते हुए घृणा फैलाने की कोशिश की थी।

           पुनश्च: 6 अक्तूबर 2025 को देश की सर्वोच्च अदालत में जो हुआ, वह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं था — वह भारतीय लोकतंत्र के आत्मसम्मान पर प्रहार था। Chief Justice of India बी. आर. गवई, जो देश के पहले दलित–बौद्ध मुख्य न्यायाधीश हैं, उन पर एक वकील ने Supreme Court के भीतर जूता उछालने की कोशिश की। यह घटना बताती है कि भारत में जातीय ऊँच-नीच की दीवारें अब भी न्याय की दीवारों से ऊँची हैं।

         यह वही देश है जहाँ संविधान ने समानता का वचन दिया था, परंतु हर साल हज़ारों दलितों पर अत्याचार दर्ज होते हैं। 2023 की NCRB रिपोर्ट के अनुसार, अनुसूचित जातियों के विरुद्ध अपराधों में उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश शीर्ष पर हैं। दलितों को मंदिर में प्रवेश, ऊँची कुर्सी पर बैठने, या सवर्ण बस्ती से बारात निकालने के लिए अब भी मारा जाता है। ऐसा लगता है जैसे सदियों पुराना “धर्म” अब भी कानून और न्याय से अधिक शक्तिशाली है।

         मुख्य न्यायाधीश गवई पर यह हमला केवल व्यक्तिगत नफ़रत का परिणाम नहीं था; यह उस व्यवस्था की झलक थी जो दलितों को बराबरी की कुर्सी पर बैठा देख ही नहीं सकती। जब उन्होंने मध्य प्रदेश में भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति के पुनर्स्थापन पर कहा था — “अगर भगवान सर्वशक्तिमान हैं, तो उन्हें खुद खड़ा होने दो” — तो यह तर्क धर्म के अहंकार को चुनौती बन गया। यही वह क्षण था जब तथाकथित ‘सनातन रक्षक’ दलित न्यायाधीश के विरुद्ध उग्र हो उठे।

         दरअसल “सनातन” शब्द, जो कभी करुणा और समरसता का प्रतीक था, अब राजनीतिक नारे में बदल चुका है। आधुनिक हिंदुत्व ने इसे ब्राह्मणवादी सामाजिक ढाँचे की पुनर्स्थापना का औज़ार बना दिया है। जहाँ दलित, पिछड़े और आदिवासी केवल “सेवक” के रूप में स्वीकार्य हैं, निर्णायक या नेतृत्वकारी भूमिका में नहीं। राजनीति और धर्म का यह गठजोड़ नफ़रत को वैधानिक रूप दे रहा है — जहाँ हिंसा “संस्कृति की रक्षा” कहलाती है और असहमति “अपमान” बन जाती है।

         दलित Chief Justice पर हुआ यह हमला भारतीय न्यायपालिका में सामाजिक प्रतिनिधित्व के प्रश्न को फिर से उजागर करता है। आज भी उच्च न्यायपालिका में 85 प्रतिशत से अधिक न्यायाधीश उच्च जातियों से आते हैं। गवई का वहाँ पहुँचना इसलिए प्रतीकात्मक था — क्योंकि यह न्यायालय की उस सीढ़ी पर दलित चेतना का पहला स्पष्ट निशान था। जूते का उठना उस प्रतीक के विरुद्ध था, जिसने सदियों से आरक्षित “ऊँचाई” को छूने की हिम्मत की थी।

         दलितों पर अत्याचार केवल गाँवों की ही कहानी नहीं। शहरों में भी उन्हें ‘योग्यता’ के नाम पर हाशिए पर रखा जाता है। सामाजिक मीडिया पर दलित नेताओं और बुद्धिस्ट कार्यकर्ताओं के खिलाफ़ संगठित ट्रोलिंग अभियान चलते हैं। मीडिया, जो खुद को लोकतंत्र का प्रहरी कहता है,

इन घटनाओं पर लगभग मौन रहता है। सवर्णों की भावनाएँ “राष्ट्रीय मुद्दा” बनती हैं, पर दलितों की हत्या या अपमान “स्थानीय अपराध” कहकर भुला दिए जाते हैं।

         यह मौन ही असली सहमति है। जब समाज अन्याय पर चुप रहता है, तो अन्याय ही व्यवस्था बन जाता है। आज वही हो रहा है — धर्म और राजनीति का गठजोड़ दलित अस्मिता को फिर से जूते के नीचे दबाने में जुटा है। बी. आर. गवई पर हुआ हमला संविधान पर विश्वास रखने वालों के लिए चेतावनी है। डॉ. आंबेडकर ने कहा था-- “अगर मैं किसी चीज़ की पूजा करता हूँ, तो वह है तर्क की।” लेकिन आज तर्क को अपराध बना दिया गया है। जो सवाल पूछता है, वह या तो “देशद्रोही” कहलाता है या “सनातन विरोधी।” भारत को अब यह तय करना होगा कि वह किस दिशा में जाना चाहता है — आस्था के नाम पर असमानता की उस स्थिर दुनिया में जहाँ ऊँच-नीच नियति मानी जाती है, या संविधान की उस तर्कशील दुनिया में जहाँ हर नागरिक बराबर है।

         दलित Chief Justice पर उछला जूता सिर्फ़ एक व्यक्ति नहीं, पूरे लोकतंत्र पर लगा धब्बा है। परंतु यह भी सत्य है कि हर अपमान के बाद दलित चेतना और मज़बूत होकर उठी है। आंबेडकर की दी हुई लौ अभी बुझी नहीं —वह हर अदालत, हर गाँव और हर मन में यह कह रही है-- “न्याय, केवल कानून से नहीं, समानता से जिएगा।” निष्कर्षत: शायद ये कहना अतिशयोक्ति न होगा – कहीं “सुप्रीम कोर्ट में उछ्ला जूता:लोकतंत्र के ताबूत में आखरी कील?” सिंद्ध न हो जाए। यह जरूरी है कि देश में लोकतंत्र यानी संविधान और न्याय के भविष्य पर चिंतन किया जाए।

0000