संस्मरण



Ø और ये ले साईकिल की चाबी


श्री रामभज जी के साथ  दिल्ली आने के तुरंत बाद ओनिल्को कैमिस्ट के यहाँ काम करने के लिए मुझे एक साईकिल की जरूरत थी। मेरे पास न तो साईकिल थी और न ही साईकिल खरीदने के लिए पैसे। संयोगवश थोड़ी देर बाद ही रामभज जी के एक मित्र – हकीकत राय आ गए। बतादूं कि रामभज जी इरविन अस्पताल, आज के जय प्रकाश नरायण अस्पताल में मेडीकल स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत थे। रिश्ते में मेरे दूर के बहनोई लगते थे। हकीकत जी की साथ चाय पानी हुई...फिर रामभज जी और हकीकत राय जी अपनी बातों में लग गए। मैं बैठा-बैठा उनकी बातें सुनता रहा। अचानक हकीकत राय रामभज जी से मेरे बारे में जानकारी लेने लगे। जब सारी जानकारी हकीकत राय जी को दे दी गई तो रामभज जी के मुंह से अचानक निकल पड़ा कि अब इसे एक साईकिल की जरूरत है। हकीकत राय जी बिना किसी सोच-विचार के बोले, ‘ये भी कोई बड़ी बात है। मैं आज साईकिल पर ही आया हूँ... कल ही खरीदी है। अब इसकी हो गई।‘  हकीकत राय जी फिर मुझसे बोले, ‘ले तेरी साईकिल की जरूरत तो पूरी हो गई...और बता।‘ मैं साईकिल की कीमत पूछने लगा। तो हकीकत राय जी ने पैसे न लेने की बात आगे करदी। किंतु मैंने कहा कि सर मुफ्त में तो मैं साईकिल नहीं लूंगा...कीमत बतादें ... मैं दस रुपये महीने की किस्तों में अदा कर दूंगा।... हकीकत जी और रामभज जी एक दूसरे की ओर देखने लगे। आँखों-आँखों में ही कुछ बात हुई और हकीकत राय जी बोले...ठीक है पैसे देने ही हैं तो एक हजार रुपये 10 रुपये महीने की किस्तों में देते रहना। इतना सुनकर मैं सकते में आ गया कि नई रोबिन हुड साईकिल कीमत केवल 1000/- रुपये.. हकीकत राय जी बोल उठे मैं समझ रहा हूँ कि अब तू क्या सोच रहा है। अब कुछ भी सोचना बंद कर और ये ले साईकिल की चाबी।0000

.


Ø मैंने तेरे से थोड़े ही कहा था कि....


1969 के बात है, बारहवीं कक्षा पास करने के बाद मैं उस समय नौकरी की तलाश में था। अत: अपने जिला बुलंदशहर के रोजगार कार्यालय में नाम दर्ज करवा दिया था। रोजगार के लिए पंजीकरण कराने के कुछेक दिन बाद ही मुझे बुलन्दशहर रोजगार कार्यालय के माध्यम से सरस्वती कॉटन मिल, अबोहर में बंडल चैकर की नौकरी के लिए अबोहर भेजा गया। मेरे साथ एक लड़का और था। हम दोनों दिल्ली से साथ-साथ अबोहर गए थे। कंपनी की तरफ से हमें वहां रहने के लिए अलग-अलग कमरे दिए गए लेकिन कंपनी में हमें बंडल  चेकर की नौकरी न देकर साधारण बुनकर की नौकरी दी गई, जबकि रोजगार कार्यालय बुलंदशहर ने हमें बंडल चैकर की नौकरी के लिए भेजा गया था। वहाँ काम करते-करते मेरे हाथों में छाले पड़ गए थे। बाद में शुरूआत में हमने दोनों ने नौकरी को छोड़कर दिल्ली वापस आने का फैसला लिया। हमने दिल्ली से अबोहर जाने के लिए रेल गाड़ी पकड़ी। मैंने अपने साथी शेरा से मेरा टिकट लेने के लिए भी कहा लेकिन उसने मना कर दिया। मैंने उससे कहा कि दिल्ली से अबोहर जाते समय मैंने भी तो तेरा किराया दिया था।... कम से कम से कम वही पैसे मुझे लौटा दो लेकिन वह नहीं माना। कहा कि मैंने तेरे से थोड़े  ही कहा था कि तू मेरा टिकट भी ले लेना, तूने अपने आप ही तो लिया था। हमारे पास रेल गाड़ी में बैठे दो-तीन सरदार भी हमारी बातें सुन रहे थे। उनमें से एक सरदार ने मेरे साथी को पकड़कर उसे मेरे पैसे लौटाने के लिए कहा। वह फिर भी पैसे देने के लिए तैयार नहीं हुआ तो फिर उन तीनों सरदारों ने उस पर दबाव बनाया और तब उसने मेरे पैसे मुझे लौटाए। अब माननीय सरदारों ने दिल्ली स्टेशन पर मुझे ट्रेन से उतारा और कहा कि अब आप जाओ। मेरे साथी को उन्होंने वहां पकड़ कर रखा। इस प्रकार मैं दिल्ली से बुलंदशहर तक आया। बुलंदशहर आते-आते मेरी जेब में एक पैसा नहीं था।  फिर मैं पैदल ही अपने बहन की ससुराल धमैड़ा कीरत पैदल ही गया। मैं इस वाकये को अभी तक भी नहीं भूला हूं।0000



Ø कच्चे-पक्के आम....


जब मैं नौ-दस वर्ष का हो गया था, तब मुझे शिक्षार्थ गाँव के पास केशोपुर सठला के प्राथमिक स्कूल भर्ती करा दिया गया था। मेरे गांव तीन-चार बच्चे पहले से ही इस स्कूल में पढ़ते थे। स्कूल गाँव से लगभग एक किलो मीटर दूर था। उस समय स्थानीय यातायात का न तो साधन ही होता था और यदि होता भी तो घर वालों की आर्थिक इसका खर्च उठाने की कूबत थी। स्कूल के रास्ते में आम और अमरूद के बाग पड़ा करते थे। आम के मौसम में तेज हवा और आंधी चलने पर कच्चे-पक्के आम अक्सर पेड़ से टूटकर जमीन पर गिर जाते थे। चोरी-छुपे हम बाग में घुस जाते और जमीन पर पड़े कच्चे-पक्के आम उठाकर भाग जाते थे। अमरूदों के मौसम में अमरूदों के बाग में सबका एक साथ घुसना और इस पेड़ से उस पेड़, उस पेड़ से इस पेड़ की डालियों को झुकाकर कच्चे-पक्के अमरूद तोड़कर झट से बाहर सड़क पर आ जाना, हमारा दैनिक उपक्रम हुआ करता था। कुछ अमरूद खाना, कुछ को चखकर फेंक देना, हमारे लिए खेल जैसा हुआ करता था। कई बार पकड़े भी जाते थे। पिटाई तो होती नहीं थी क्योंकि सभी बागवाले जान-पहचान वाले होते थे। ज्यादा से ज्यादा वे हमारे घर पर हमारी शिकायत कर देते थे। सो घर पर डांट तो जरूर पड़ती थी लेकिन डांट का असर थोड़ी-बहुत देर ही रहता था। अब मैं कुछ बड़ा हो गया था तो शररत भी बढ़ते चली गईं। 0000



Ø ...तो पिटेगा बहुत

बीरवार के दिन पास के कस्बे सठले में बीर बाजार (पैंठ) लगा करती था । मैं भी बाजार जा रहा था कि रास्ते में बाजार जाते हुए गांव-नाते के भाई मनीराम मिल गए। उनसे राम-राम की और पूछा कि आप अकेले ही कहाँ जा रहे हैं, भाभी सुमरती तो एक आदमी के साथ खेतों की ओर जा रही थी।..... मनीराम जी का इतना सुनना था कि उलटे पावँ खेतों की ओर दौड़ लिए... देखा कि वहाँ तो कोई भी नहीं था। अब वो समझ गए कि ये शरारत तेजपाल की ही है। अब वो दोनों पति पत्नी मेरी तलाश में गाँव-भर को नाप गए। जब मैं उन्हें नहीं मिला तो वो हमारे घर आ गए। वहाँ तो मुझे मिलना ही था।.....हंसते हुए दोनों मेरे पास आए और गुस्से और प्यार से मेरे कंधों पर हलके के धौल जमाई और बोले बदमाश ! आगे से कोई ऐसी शरारत किसी के साथ भी की तो पिटेगा बहुत्। इतना कहकर दोनों हंसते हुए अपने घर चले गए। और मैंने भी अंदर-अंदर ही शर्म महसूस और कभी ऐसी शरारत न करने की ठान ली।0000



-तेजपाल सिंह ‘तेज’

लेखक/समीक्षक/ग़जलकार

(आत्मवृत्त बियोंड पैराडाइम से)