सन्नाटों के बीच


मैं जानता हूँ कि तुम

अब कभी भी नहीं आओगी


फिर भी जब कभी

मैं

चांदनी रात के आँगन में

तारों की छाँव में

अकेला होता हूँ

तो तेरे गीतों की धनक

मेरे कानों को खुजलाती है/

तब मुझे लगता है

कि तुम आओगी / अवश्य आओगी


जब कभी

मैं

सावनी हरी घास के बिस्तर पर

पेड़ो की घनी छाँव में

आँखें मूंदकर स्तब्ध सा लेटा होता हूँ

तो मेरे सूखे बालों से

होकर गुजरती हुई भीनी-भीनी हवा

का स्पर्श

तेरी अँगुलियों की छुअन का

मजा देता है/

तब मुझे लगता है

कि तुम अवश्य आओगी/ अवश्य आओगी


जब कभी

मैं

बन्द कोठरी में

मौन सन्नाटों के बीच

घिरा होता हूँ तो

तेरी सुधियों के तूफान

रह-रह कर

मेरे मन के बन्द जर्जर दरवाजे की

साँकल को

खटखटाते हैं/

तब मुझे लगता है

कि तुम आओगी/ अवश्य आओगी


इसलिए मैं घर के सब

खिड़की—दरवाजे खोलकर सोता हूँ।


               <><>

तेजपाल सिंह 'तेज'