आत्मकथांश
तेजपाल सिंह ‘तेज’
संक्षिप्त जीवन एवं साहित्यिक परिचय
मेरे वो मित्र जो मेरे आज को तो जानते हैं किंतु विगत को नहीं, उनका हमेशा एक सवाल ही बना रहा कि अब आप सब-कुछ छोड़-छाड़के केवल अपनी जीवनी लिखने पर ध्यान दीजिए...........। मैं उनसे कहता कि अब तक जो कुछ भी आपने मेरी ग़ज़लों, कविताओं, गीतों या फिर गद्य में मुझे पढ़ा है, वो मेरी जीवनी ही तो है....... मेरी ग़ज़लों, कविताओं, गीतों या फिर गद्य में जो कुछ भी आप पढ़ते हैं... मैं ही तो उनके बीच में निहां हूँ।.......वो सब मेरा भी तो दुख-दर्द है...मैं भी तो आम आदमी का ही एक हिस्सा हूँ....... कुछ न कुछ कहकर मैं अपने शुभचिंतकों का कहना टालता रहा किंतु उनके बार-बार के इस सवाल ने मुझे अपने बारे में कुछ लिखने को तब मजबूर कर दिया, जब नवंबर 2012 के प्रथम सप्ताह में भाई मुकेश मानस का फोन आया कि मैं अपने बचपन के विषय में कुछ लिखूँ। शायद उनको मेरी रुग्णावस्था के बारे में मालूम नहीं था। गौरतलब है कि अगस्त 2009 की इक्कतीसवीं तारीख को भारतीय स्टेट बैंक से उप-प्रबंधक पद से सेबा निवृत्त हुआ था। सेबा-निवृत्ति के बाद दो-तीन वर्ष ठीकठाक गुजर गए किंतु वर्ष 2012 के जुलाई माह की सोलह तारीख को इस कदर बीमार हुआ कि अस्पताल जा पहुँचा और फिर अगस्त 2012 के अगस्त माह में घर वापसी हुई। बेशक मर्णासन्न अवस्था में..... किसी का क्या देना है,.......क्या लेना है...... इस सबका भी हिसाब-किताब हो चुका था। ..... फिर पता नहीं कि क्या हुआ मैं वापिस आ गया किंतु मेरी सोच-समझ जैसे गायब थी.... खाट पर पड़े रहना ही मेरी नियती हो गया था....ऐसी हालत में भी जाने किस सोच के चलते मैंने मुकेश मानस से अपने बचपन की बारे में ‘हाँ’ कर दी... मुझे लगा शायद ऐसा करने सी मेरे अन्य मित्रों की अभिलाषा भी पूरी हो जाए....... किंतु फोन बंद करने के बाद मेरा दिलो-दिमाग ऐसे घूम गया कि जैसे किसी चक्रवात में फंस गया हूँ। मैं सोचने लगा कि आखिर मैं अपने बचपन के विषय में क्या लिखूँ........ किसके बारे में लखूँ ........ अब घर में मुझसे बड़ा कोई भी तो शेष नहीं रह गया है, जिससे कुछ पूछताछ करके ही अपने बारे में कुछ विस्तार से लिख पाऊँ। खैर! अब मुझे जो कुछ याद है या फिर मेरे शुरुआती बचपन के विषय में जो कुछ मेरी भाभी मुझे बताया करती थी, उसी के बल पर अपने बचपन को कागज पर उतारने का प्रयास करना मेरी मजबूरी बन गया है। सबसे बड़ी बाधा जो मुझे खाए जा रही है, वह है कि अपने बिखरे हुए बचपन को समेटकर कागज पर कैसे किस प्रकार पिरोया जाए। खैर! मैंने जैसे-तैसे मुकेश भाई का आदेश पूरा तो किया किंतु यहीं से मन में जीवनी कहने का मन भी बन गया।
मेरा गाँव .....
अपने बचपन के बारे में कुछ भी कहने से पहले, यह बताना आवश्यक है कि मेरा गाँव “अला बास बातरी”,केशोपुर सठला और भवन बहादुर नगर के लगभग मध्य में बसा हुआ है। स्थानीय लोग आज भी इसे “सठले की मँडिया” या फिर केवल “बातरी” कहकर ही पुकारते हैं।
गाँव के पश्चमी , उत्तरी और पूर्वी ओर घनेलहलहाते हरे-भरे खेत तथा दक्षिणी छोर पर घनी बंजर भूमि के अलावा एक बरसाती नदी थी। किंतु नदी अब उपजाऊ भूमि में बदल गई है। इसके नदी होने के दौर में, इसमें कसेरू जैसे जमींकन्द पाए जाते थे । न केवल इतना बल्कि नदी में एक इस प्रकार की बेल हुआ करती थी, जिस पर लगने वाली गाँठों की सब्जी इतनी स्वाद लगती थी कि खाने के बाद भी उँगली चाटते हुए रह जाते थे। चावल की खेती भी होती थी इसमें। अब न कसेरूहोते हैं, न बेल की गाँठ और न ही चावल की खेती। बरसाती नदी का अस्तित्व जैसे पूरी तरह नष्ट हो गया है। खेती विकास के साथ-साथ नदी की जमीन को बारहमासी खेतीहर जमीन का रूप दे दिया गया है। नदी के दक्षिणी छोर पर रेत भरे खेत यानी भूड़ (रेतीली जमीन यानी सहरा ) हुआ करती थी। उसका अता-पता भी अब कहीं नहीं हैं। बंजर भूमि में ढाक के पेड़ो की जगह अब खाद्यान उपजाऊ जमींन ने ले ली है। कहने का आशय है कि अब पहले वाला गाँव शेष नहीं रह गया है।
खास बात यह है कि यह गाँव कोई पुश्तैनी गाँव नहीं है। ‘कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुवती ने कुनबा जोड़ा’ वाली तर्ज पर बसे इस गाँव में आजादी से लगभग 10-12 साल पूर्व, एक दूसरे के दूरदराज़ केरिश्तेदार आकर बसे थे। खानदानी कतई नहीं थे किंतु सगे से भी ज्यादा मिलजुलकर रहते थे। एक दूसरे के दुख-दर्द में एक साथ खड़े होना उनकी प्रवृत्ति में शामिल था। गाँव के सब लोग अनपढ़ जरूर थे किंतु उनकी समझ का कोई तोड़ नहीं था। आपस में लाख लड़ाई-झगड़े हों,...... किंतु मजाल कि कोई बाहर का आदमी गाँव में आकर किसी प्रकार का हस्तक्षेपदर्ज कराने का साहस कर पाए। जगराम, केसरी, महराज और प्रहलाद चारभाई थे जिनके बारे में सुना था कि उनके जन्म के अवसर पर खाने का इतना टोटा था कि उनकी माँ को उनके जन्म के अवसर पर जच्चा को मिलने वाला खाना तक नहीं मिला था । केवल गाजर खा-खाकर अपने बच्चों को पाला-पोसा था। उनके बच्चे बड़े होकर इतने बलशाली बने कि वे जब एक साथ होते थे, तो उनके सामने किसी का इतना साहस नहीं होता था कि ऊँची आवाज में बोल सके। इनके बाद मेरे दूर के मामा के बेटे – चिरंजी और हरीसिंह और मेरे सगे भाए डालचन्द का नाम इस सूची में दर्ज था। उनके हाथों में हमेशा तेल से तर लाठियाँ हुआ करती थीं। यही शारीरिक शक्ति उनकी असली ताकत हुआ करती थी। जो दिन में हाथ नहीं लगा यानी कि काबू में नहीं आया तो न सही किंतुरात उनकी होती थी। रात के अन्धेरे में दुश्मन के घर में घुसकर प्रतिरोधी को मात देना उन्हें भली-भाँति आता था। उनकी सोच बस इतनी भारत होती थी कि मार पीछे केवल पुकार ही होती है, सो जो करना है , कर डालो। आगे की देखी जाएगी।
मेरे गाँव में कुल 40-45 घर थे, अब कुछ ज्यादा है.....परिवारों का निरंतर विकास जो हो रहा है। .......सभी जाटवों के। जब मैंने गाँव छोड़ा था कुल चार-पाँच मकानों को छोड़कर बाकी सब मकान मिट्टी के बने थे, अब पक्के मकानों की संख्या कुछ ज्यादा है। मेरे समय में आँगन और मकान की दीवारों को गोबर में पीली मिट्टी मिलाकर लीपा-पोता जाता था। बारिश से पहले मकानों की कच्ची छतों को भुस की रैनी ( भूसे का वारीक रेशा) और गोबर को चिकनी मिट्टी में मिलाकर वाटर-प्रूफ किया जाता था। यह जानकर आपको हैरत होगी कि मेरा पूरा का पूरा गाँव अनपढ़ों का था। केवल बादाम सिंह और टूकीराम नौवीं कक्षा तक पढ़े थे।...उनको नौकरी मिली नहीं, या फिर उन्होंने प्रयास ही नहीं किया........ मुझे पता नहीं.....हाँ! इतना मालूम है कि उनकी नाकामयाबी के चलते उनके घर वालों ने उनकी जल्दी ही शादी कर दी जिससे वो गाँव के ही हो कर रह गए। ......उनके इस निष्क्रयता का गाँब के बाकी बच्चों पर ऐसा पड़ा कि पढ़ने के प्रति सबका रुझान कम हो गया.......। खेती के साथ-साथ छोटी-मोटी मजदूरी करना सबकी रोजी-रोटी का साधन था। कुछ परिवारों को छोड़कर अधिकतर गांव वालों के पास थोड़ी-घनी खेती करने योग्य जमीन थी जिससे घर के लालन-पोषण में कोई खास दिक्कत नहीं होती थी। परिणाम ये कि सब खा-पीकर इतने बलिष्ठ थे कि उनकी लाठी में धुआँ उठता था। दिनभर लाठी को तेल पिलाना उनके रोजगार में शामिल था.... केवल दबंगई ही सबके दिमाग पर हावी थी। बच्चों को पढ़ाने-लिखाने की चिंता तो किसी को ख्वाब में भी नहीं थी।
यहाँ यह उचित ही होगा कि गाँव की दबंगई के बारे में एक-दो वाकयात का खुलासा किया जाय अन्यथा मेरा कथन जैसे एक बड़बोलापन ही सिद्ध होगा।
प्रतिवर्ष घटने वाली एक घटना का उल्लेख शायद मेरी बात के समर्थन में काफी हो ........ गौरतलब है कि गाँव के पूरब में चित्सोना और दक्षिण में मंडोना जाट बाहुल्य गाँव हैं तथा उत्तर में केशोपुर सठला और पश्चिम में बी. बी. नगर अवस्थित हैं। ये दोनों ही कस्बे ब्राहम्ण व वैश्य बाहुल्य कस्बे हैं। जाटवों की अच्छी-खासी संख्या है इनमें। आमतौर पर सभी जातियों के लोग आपस में मिलजुल कर रहते थे। ...........आज भी रहते हैं। कभी-कभार किसी अप्रिय घटना का होना अपवाद ही कहा जाएगा। मेरी याद में, जातीय दंगों के नाम पर कभी कोई तकरार नहीं हुई। एक दूसरे के यहाँ ब्याह-शादी में भी आना जाना भी होता था।..... गाँव के उत्तरी छोर परबसे ‘केशोपुर सठला’ में प्रतिवर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एक आप बात थी.. .गाँव के पश्चिमी छोर पर बसे बी.बी. नगर में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम अपेक्षाकृत कम ही हुआ करते थे...हालाँकि बी. बी. नगर केशोपुर सठला से बड़ा ही नहीं अपितु विकसित भी था। बी. बी. नगर में बालक –बालिकाओं के लिए इंटर कालिज भी थे। कई अन्य सार्वजनिक संस्थाए जैसे प्राथमिक चिकित्सा हेतु अस्पताल......विकास खण्ड कार्यालय......पुलिस चौकी ( जो आज थाना बन गई है)..... आदि-आदि।
सठला में प्रतिवर्ष रामलीला का इलाके के हिसाब से भव्य आयोजन किया जाता था। आसपास के गाँवों से अच्छी-खासी भीड़ जिसमें बच्चे और औरतें भी शामिल हुआ करती थीं, रामलीला देखने आती थीं। जाहिर है रामलीला रात के पहले पहर में ही आयोजित की जाती थी........ तो किसी भी प्रकार के उत्पात का डर बने रहना स्वाभाविक ही होता था....रामलीला के आयोजकों की संभावित उत्पात से निपटना एक सिर दर्द बना रहता था..... । कभी-कभार मैं भी रामलीला देखने जाता था........एक मंच होता था... मंच पर रंग-बिरंगे पर्दे.....पर्दों के ठीक आगे की ओर मंच पर ही दो भौंपू (माइक ) लगे होते थे.....समय-समय पर मंच-संचालक कुछ न कुछ घोषणाएं करता रहता था.....कुछ दर्शक रामलीला को जल्दी शुरू करने के लिए.... शोर भी करते दिखाई देते थे........ किंतु रामलीला इस घोषणा के साथ ही शुरू होती ठीक ...... हाँ! तो प्यारे दर्शको..... अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है..... पड़ोसी गाँव बातरी के लोग आ गए है........ अब रामलीला शुरू होती है... सब शांति के साथ रामलीला का आनन्द उठाए.......... एक दो बार परदा गिरता.....उठता और रामलीला शुरू हो जाती..........। रामलीला समाप्त होती....रात्री को सब अपने-अपने घर लौट जाते ....मगर मेरे मन में एक उत्सुकता घर किए रहती कि आयोजकों ने आखिर यह कहकर रामलीला क्यों शुरू की - “हाँ! तो प्यारे दर्शको..... अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है..... पड़ोसी गाँव बातरी के लोग आ गए है........ अब रामलीला शुरू होती है..”। आखिर मैंने एक दिन किसी बुजुर्ग से पूछ ही लिया कि बाबा .............. रामलीला शुरू होने से पहले ऐसा.......... क्यों कहा गया था। जवाब मिला..... चल छोड तू क्या लेता है इन बातों से..... बड़ा हो जाएगा...तो ... समझ जाएगा। किंतु जब मैं अपनी जिद पर अड़ा ही रहा तो मुझे बताया गया कि बेटा आसपास के गाँवों के कुछ लोग रामलीला के कार्यक्रम में बाधा पहुँचाने की कोशिश करते हैं........ जब हमारे गाँव के लोग रामलीला में पहुँच जाते हैं तो दंगाइयों की माँ मर जाती है..... समझा..... नहीं..... तो यूँ जान कि हमारे गाँव वालों के सामने.......सब दबकर रहते हैं। अब समझा कि नहीं ....... ।
दूसरी घटना – यूँ तो हमारे गाँव के ज्यादातर लोगों के पास खेतीहर जमीन थी ,,,,,, किंतु फिर भी कभी-कभार गाँव के पड़ोस में पड़ने वाले खेतों में ढोर-डंगरों के लिए कुछ औरतें घास काटने चले जाया करती थीं...... गाँव के पड़ोस में आड़ुओं का एक बाग था। उसका मालिक सैदपुर कस्बे का रहने वाला एक रिटायर्ड फौजी था..... जाति का जिक्र करना मुझे खुद ही अच्छा नहीं लग रहा है....वैसे भी जाति और धर्म के नाम पर क्या-क्या अप्रिय हो रहा है....... ठीक-ठीक मुझे पता भी नहीं है ।.........हाँ! इतना जरूर सुना था कि देश की फौज में ‘सैदपुर बटालियन” नामक फौजी दस्ता हुआ करता था....शायद आज भी है। हुआ यूँ कि एक दिन उसने गलती से या जानकर किसी औरत को घास काटने से मना करते हुए कुछ उल्टा-सीधा यानी जाति-सूचक गालियों से नवाज दिया..... पलभर में ही बात गाँव चौपाल तक पहुँच गई...... फिर क्या था..... पलक झपकते ही.....गाँव के कुछ बड़े....कुछ छोटे..... उसके खेत पर पहुँच गए..... उसे पकड़कर चौपाल पर ले आए.......वो बेचारा बेबस था...... उससे कुछ भी कहते नहीं बन रहा था.... कुछ कहता भी तो कोई सुनने वाला नहीं था..... उसके हाथ-पाँव बाँधे.... और डाल दिया जमीन पर....उसके लम्बी-लम्बी मूँछे थी.... भारी-भरकम शरीर था...वैसे भी फौजी था.... कितु हर प्रकार से लाचार.......। गाँव वालों ने उससे एक बर्तन में पेशाब करवाया.......फिर उसके पेशाब की ही एक ..एक बून्द उसके मुँह में डालते और उसकी मूँछ का एक-एक बाल उखाड़ लेते....... यह कार्यक्रम जब तक चलता रहा, तब तक उसने अपनी करनी की माँफी नहीं माँग ली.....। फिर वह कभी भी गाँव की तरफ पलटकर नहीं आया....बाद में पता चला कि उसने खेत ही बेच दिया है। और भी बहुत सी घटनाएं है जिनका भी यहाँ उल्लेख किया जा सकता है किंतु...... मैं उनके उल्लेख की ज्यादा जरूरत नहीं समझता..... मुझे कहानी तो अपनी लिखनी है ना... ।
सच कहूँ तो मेरे गाँव वाले किसी जाति, किसी धर्म, किसी समुदाय या फिर किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं थे....... बस! उन्हें नाइंसाफी पसंद न थी। उनका अगूँठा छाप होना बेशक उनकी प्रगति में बाधक था किंतु सामाजिक सौहार्दय बनाने में काफी हद तक कामयाब था..।
मेरा जन्म .......
स्कूली प्रमाण के आधार पर मेरा जन्म बुलन्दशहर (उ.प्र.) जिले के एक छोटे से गाँव ‘अला बास बातरी’ में सन 1949 के अगस्त माह में जब हुआ तब भारत का संविधान लिखा जा रहा था। इसमें कितना सच है, कितना नहीं, किसी को कुछ पता नहीं। ......मुझे तो इस सच का पता हो ही नहीं सकता।..... कारण कि मेरे माता-पिता में से कोई भी अब जीवित नहीं है और न उनके समकालीन ही। यदि जीवित होते भी तो कोई फायदा न होता क्योंकि उनके लिए काला अक्षर भैंस बराबर था।... सब के सब अनपढ़ जो थे... वैसे भी अनपढ़ माता-पिता के लिए बच्चे का जन्म ही महत्त्वपूर्ण होता है न कि उसकी जन्म तिथि, उसकी जन्म तिथि से क्या लेना-देना उन्हें। घर में काम करने वाले और दो हाथ निकल आने को ही गाँव-देहात में बड़ी बात समझा जाता था/है। भाभी ने बताया था कि मेरे जन्म के समय गाँब में हमारा अपना कोई घर नहीं था.....मेरा जन्म मेरे दूर के मामा के बेटे – अमर सिंह के घर हुआ था..... काफी अरसे उनके घर पर हमारा परिवार रहा...... जाने कब अपना घर बना था... पता नहीं। खैर! मेरे बचपन के विषय में जो कुछ भी यहाँ प्रस्तुत है, उसका शुरू का कुछ भाग मैंने कुछ बड़ा होने पर अपनी भाभी की जबानी ही सुना था। मैं तो उस भाग में केवल एक संदर्भ मात्र हूँ। अब जबकि मैं अपने बचपन को ढूँढने के प्रयास में हूँ, मुझे लग रहा है कि ज़िंदगी के वे पल जो समय ने मुझसे छीन लिए थे या यूँ कहूँ कि समय के गर्त में ही समा गए थे, लगता है, आज मेरे सामने मुंह चिढ़ाए खड़े हैं।
जन्म से आगे.............
मैं घर में सबसे छोटा था। मां-बाप की चार औलादें थीं। सबसे बड़ा भाई, दो बहनें और मैं। तीनों मुझसे बड़े थे। पूरा परिवार शाकाहारी था। मेरे जन्म के समय मेरे माता-पिता की उम्र जैसे पक चुकी थी। यानी मैं बुढ़ापे की औलाद था। शायद इसीलिए भाभी अक्सर मुझे ‘बुढ़ापे की औलाद’ कहकर चिढ़ाती थी। जब मैं इस बात का अर्थ नहीं जानता था। .......बड़ा हुआ तो जाना। ज्ञात हो कि मैंने अपने दादा-दादी, नाना-नानी, चाचा-ताऊ को देखने की बात तो अलग, उनके विषय में कुछ सुना भी नहीं।
भाभी ने बताया था कि जब मैं लगभग डेढ़ वर्ष का था तो मेरे बाबा (पिता) का देहांत हो गया था। बाबा यानी मेरे पिता के देहांत के समय लोग हमारे घर आते, ....मेरी ओर भीगी आँखों से देखते...... मेरे बचपन में ही अनाथ होने की चिंता पर मन ही मन आँसू गिराते....आह भरते .... मेरे सिर पर हाथ रखकर दुख जताते... और चले जाते....। यही हाल महिलाओं का भी था... हाँ! महिलाएं दो-चार आँसू भी गिरा दे जा रही थी...... यह तो वैसे भी महिलाओं की प्रवृति में शामिल होता है। लेकिन किसी ने भी मेरे खाने-पीने की सुध नहीं ली थी। होश ही किसी को कहाँ था........। ...माँ का तो वैसे ही बुरा हाल था।...घरभर में भीड़ जमा थी और मैं चारा काटने की मशीन के हत्थे को पकड़कर उससे खेल रहा था। किसी के आने-जाने, मरने-जीने से भला किसी डेढ़ वर्ष के बच्चे को क्या लेना-देना। .........आज मैं समझता हूँ कि बचपन की सबसे बड़ी विरासत तो यही होती है - न किसी दुख का, न किसी सुख का अहसास; ना काहू से दोस्ती, ना काहू से बैर........... न कोई अपना, न कोई पराया। बच्चे का दुनिया से अनजानापन ही उसे दुनियाबी होने से बचाता है। इसीलिए तो उसके चेहरे पर हमेशा हंसी तारी रहती है। बच्चे के लिए न केवल सबकी गोद खुली रहती है अपितु सबके मन में उसके लिए अपनेपन का भाव हमेशा बना रहता है। केवल भूखा होने की दशा में ही उसे रोना आता है। जैसे–जैसे उसे होश आता जाता है या यूँ कहें कि वह दुनिया की हकीकतों से रूबरु होता जाता है, उसके आस-पास एक ऐसी दुनिया का घेरा बनता चला जाता है जिससे मुक्ति का मार्ग उसे तमाम उम्र नहीं मिल पाता। मेरा भी ठीक ऐसा ही हाल था। दीन-दुनिया की खबरों से दूर ..... अपने आप में मस्त.......खाना-पीना ....खेलमा कूदना .... बस और कुछ नहीं....।
स्कूल की राह पर...........
दीन-दुनिया से बेखबर, खेलते-कूदते मैं न जाने कब 8-9 साल का हो गया। गाँव में बच्चों को समय बिताने के लिए गिल्ली-डंडा खेलना, भैंस की कमर पर बैठकर गाँव से सटी पोखर में नहाना, और न जाने कितने ही ऊट-पटांग खेल थे। घर में किसी को भी मेरी पढ़ाई के बारे में कोई चिंता न थी। माँ घर के काम-काज और देखरेख में इतनी व्यस्त रहती थी कि उसे कुछ और सोचने की फुरसत ही नहीं थी। पैसे-धेले का हिसाब-किताब रखना तथा उसका रख-रखाव करना उसके लिए मुख्य काम था। उसे भी पढ़ाई-लिखाई से कुछ लेना-देना नहीं था। मेरे भाई को थोड़ा-बहुत पढ़ना-लिखना जरूर आता था, पर वे भी कभी स्कूल नहीं गए। घर में वे ही एक मात्र कमाऊ व्यक्ति थे। आखिर एक दिन भाभी ने ही उनसे मेरी पढ़ाई के बारे में कुछ बात की। अगले दिन ही वे मुझे गाँव के नजदीक वाले कस्बे ‘केशोपुर सठला’ के प्राथमिक स्कूल में ले गए और स्कूल में मेरे दाखिले की बात की। मास्टर जी ने मुझे पाँच वर्ष का बनाकर अपने हिसाब से मेरी जन्म-तिथि लिखी और मेरा पहली कक्षा में दाखिला कर दिया। किंतु मुझे घर और स्कूल में कोई अंतर नहीं लग रहा था। शांत-दिमाग जो था। किसी प्रकार की चंचलता मेरे आस-पास तक न थी। स्कूल में दो-चार दिन आने के बाद पता चला कि गाँव के तीन और बच्चे पहली कक्षा और एक कक्षा दो में पहले से ही शिक्षारत हैं। अब तो रोजाना उनके साथ-साथ पैदल ही स्कूल आना-जाना हुआ करता था। किंतु मेरा पढ़ाई-लिखाई के प्रति कोई खास रुझान नहीं था। घर से किताब और तख्ती का झोला स्कूल ले जाना और अक्सर ज्यूँ का त्यूँ स्कूल से घर ले आना ही अपना काम होता था। घर पर कोई कुछ पूछताछ तो करता ही नहीं था। बाकी तीनों पढ़ने में मुझसे अच्छे थे।
शरारतें कुछ ऐसी...........
स्कूल के रास्ते में आम और अमरूद के बाग पड़ा करते थे। आम के मौसम में तेज हवा और आंधी चलने पर कच्चे-पक्के आम अक्सर पेड़ से टूटकर जमीन गिर जाते हैं। चोरी-छुपे हम बाग में घुस जाते और जमीन पर पड़े कच्चे-पक्के आम उठाकर भाग जाते थे। अमरूदों के मौसम में अमरूदों के बाग में सबका एक साथ घुसना और इस पेड़ से उस पेड़, उस पेड़ से इस पेड़ की डालियों को झुकाकर कच्चे-पक्के अमरूद तोड़कर झट से बाहर सड़क पर आ जाना, हमारा दैनिक उपक्रम हुआ करता था। कुछ अमरूद खाना, कुछ को चखकर फेंक देना, हमारे लिए खेल जैसा हुआ करता था। कई बार पकड़े भी जाते थे। पिटाई तो होती नहीं थी क्योंकि सभी बागवाले जान-पहचान वाले होते थे। ज्यादा से ज्यादा वे हमारे घर पर हमारी शिकायत कर देते थे। सो घर पर डांट तो जरूर पड़ती थी लेकिन डांट का असर थोड़ी-बहुत देर ही रहता था।
स्कूल जाना ही बंद कर दिया.........
स्कूल आते-जाते दो साल ही गुजरे होंगे। मुझसे बड़ी बहन अपनी बेटी की बीमारी का इलाज करवाने हमारे घर पर ही आई हुई थी। बच्ची साल-डेढ़ साल की होगी। एक दिन मैं और मेरे जीजाजी उसको डाक्टर के पास, नजदीक के कस्बे भवन बहादुर नगर साइकिल पर लेकर जा रहे थे। मैं बच्ची को गोद में लेकर साइकिल की पिछली सीट पर बैठा था। गाँव से थोड़ी दूर जाने पर मैंने पाया कि बच्ची का हिलना-डुलना बन्द हो गया है। मैंने साइकिल रुकवाई और जीजा जी से बच्ची को देखने के लिए कहा। उन्होंने बच्ची को देखा और किना कुछ कहे साइकिल गाँव की ओर मोड़ ली और भारी मन से बोले “गई”। मैं बच्ची को लेकर फिर साइकिल पर बैठ गया। घर पहुँचे तो सच्चाई जानकर घर में रोआ-राट मच गया। यह जानते देर न लगी कि बच्ची मर गई है। मुझे वह बहुत प्यारी थी। मैं भी फफक कर रो पड़ा। मुझे उस दिन कुछ-कुछ यूँ लगा कि दुनिया के प्रति मेरी बचपनी बेहोशी जैसे छंटने लगी है और दुनियाबी सोच ने पंख फड़फड़ाने शुरु कर दिए हैं। खैर! बच्ची को गाँव के बच्चों के लिए बने कब्रिस्तान में दफना दिया गया। इतना ही नहीं, मेरे बड़े भाई की छोटी बेटी (कृष्ना) भी बिमार थी। उसके बचने की उम्मीद भी कम ही थी, सो कब्रिस्तान में उसके लिए भी एडवांस में ही एक और गड्ढा खोद दिया गया। किंतु इत्तेफाक से वो बच गई। घर में घटी इस घटना के बाद मैंने पढ़ने के लिए स्कूल न जाने की जिद ठान ली। घर वालों की जैसे सहमती सी मिल गई थी। इस बारे में किसी ने मुझसे कहा भी कुछ नहीं। घर में रंज का आलम जो था। हुआ यूँ कि मैंने सच में ही स्कूल जाना छोड़ दिया। सुबह से शाम तक गाँव के पड़ोस में खाली पड़ी बंजर जमीन पर गिल्ली-डंडा खेलना, बच्चों के साथ छोटी-मोटी शरारत करना, घर आकर खाना खा लेना और सो जाना ही जैसे मेरी दिनचर्या बन गई थी। घर वालों में से किसी को इसका भान तक नहीं था कि मैं स्कूल जा रहा हूँ अथवा नहीं।
लो! मास्टर जी ही आ धमके...........
खेलकूद में लगभग एक सप्ताह गुजर गया, मैं स्कूल नहीं गया। इस पर एक दिन स्कूल में मुझे पढ़ाने वाले अध्यापक – मा. हरपाल सिंह जी अचानक घर आ धमके। उस दिन संयोगवश मैं भी घर पर ही था। खेलने-कूदने कहीं नहीं गया था। मास्टर जी को आदर सहित खाट पर बिठाया गया। मास्टर जी ने इधर-उधर देखा और मेरी ओर इशारा करके मुझे अपने पास बुलाया। बोले – स्कूल क्यों नहीं आ रहा तू........? मैं जड़ बना सुनता रहा। उनके दोबारा पूछने पर मैंने सिर झुकाए हुए ही कहा कि मुझे......मुझे नहीं पढ़ना है। इतना सुनकर मास्टर जी का चेहरा-मोहरा बदल गया और उन्होंने घर वालों से सवाल कर डाला – सुना तुमने ये क्या कह रहा है? क्या तुम भी नहीं चाहते कि ये पढ़े? घर वालों ने मेरे स्कूल न जाने के प्रति अनभिज्ञता जताई और बड़े ही हल्के मन से कहा कि हम तो चाहते हैं कि ये पढ़े।......... इसीलिए तो स्कूल में नाम लिखाया है..... इसका। इतना सुनकर मास्टर जी बोले – ठीक है तुम क्या चाहते हो क्या नहीं, तुम जानो किंतु मैं इतना जानता हूँ कि इसे पढ़ना है। इसका झोला लाओ।........इसे आज से ही स्कूल जाना है। भाभी मेरा झोला ले आई। लाकर मेरे कंधे पर टांग दिया। मास्टर जी के हाथ में कमची लगी थी जिसे देखकर मेरी हवा खराब हो रही थी। मास्टर जी ने कमची हिलाते हुए मेरा हाथ पकड़ा और मुझे साथ लेकर चल पड़े स्कूल की ओर। मेरी एक आँख कमची पर तो दूसरी झोले पर जमी थी। मास्टर जी ने अब मेरी रोजमर्रा की गतिविधियों पर ध्यान रखना शुरु कर दिया था। इसका मुझ पर यह असर हुआ कि मैंने रोजाना स्कूल जाना शुरु कर दिया किंतु पढ़ाई में मेरा मन नहीं लगता था। स्कूल को खाना ले जाने की बात तो थी ही नहीं। हाँ। कभी-कभी आधे पैसे का तांबे वाला सिक्का मिल जाया करता था जिसमें स्कूल के पास पड़ने वाले बीर बाजार के मैदान में स्थित सीताराम हलवाई की दुकान से मटर की चाट और आलू के भल्ले लेकर खा लेता था। सीताराम की मटर की चाट बड़े लोग भी चटकारे लेकर खाते थे।
मुफ्त की ट्यूशनिंग............
कब परीक्षा होती थी, कब नहीं, इसका भी मुझे कुछ अता-पता नहीं होता था। पता नहीं, मैं कब और कैसे पांचवी कक्षा में आ गया। पढ़ाई के प्रति अरुचि देखकर, अफसोस भरी सोच मेरे जहन में घर करने लगी थी किंतु किसी भी बालक के लिए इस प्रकार की सोच केवल क्षणिक ही कही जा सकती है, दीर्घकालीन नहीं। यही हाल मेरा था। सोच तो आती थी किंतु मैं तुरंत ही उससे विमुख भी हो जाता था।
स्कूल में दो ही अध्यापक होते थे। एक - श्री हरपाल सिंह और दूसरे – श्री रघुनंदन शरण शर्मा। रघुनंदन शरण जी बुजुर्ग और स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। चौथी व पांचवी कक्षाओं को पढ़ाया करते थे। वे पांचवी कक्षा के सभी बच्चों को सर्दी के मौसम में अपने घर पर रोजाना रात को बिना कोई पैसा लिए ट्यूशन पढ़ाया करते थे। उन्होंने ट्यूशन पढ़ने के बाद बच्चों के सोने के लिए एक बड़े कमरे में ईख की पताई (गन्ने के सुखे हुए पत्ते) डलवाकर उस पर जाजम बिछवा दी थी। कुछ शारारती बच्चे ऐसे भी थे जो अंधेरे में जला हुआ मिट्टी के तेल से जलने वाला दीया (दीपक) सिर पर रखकर ‘भूत आया......भूत आया’ खेल खेला करते थे। एक दिन मास्टर जी ने देख लिया। सबको खूब डांट पड़ी। सुबह को उठकर सब बच्चे अपने-अपने घर जाते और नहा-धो कर स्कूल को आते थे। स्कूल के बाद घर जाना और खाना खाकर ट्यूशन पढ़ने जाना रोज का काम हुआ करता था।
खटोले पर परीक्षा............
गौरतलब है कि उस समय पांचवी की परीक्षा बोर्ड की होती थी। परीक्षा से पहले कुछ दिन की छुट्टी हुआ करती थीं। फरवरी-मार्च के महीने में सर्दियां कुछ कम हो ही जाती हैं। खेलकूद में छुट्टियां न जाने कब खत्म हो जाती थीं, कुछ पता ही नहीं पड़ता था। इस दौरान मेरे साथ एक दुखद घटना ये घटी कि खेलकूद में मेरे बायें घुटने में गहरी चोट लग गई। उधर परीक्षा सिर पर आ गईं। चोट पक गई थी और घुटने में मवाद पड़ गई थी। ऐसे में कैसी पढ़ाई, कैसी लिखाई। घुटने में दर्द के कारण वैसे ही पढ़ने में कौन सा मन था। परीक्षा नजदीक के दूसरे कस्बे भवन बहादुर नगर (बी.बी.नगर) में होनी थी। अब मेरे सामने सबसे बड़ा सवाल था कि परीक्षा देने कैसे जाया जाएगा। चोट के कारण चल पाना तो दूर, मैं खड़ा हो पाने में भी अक्षम था। घरवालों का भी इस ओर कोई ध्यान नहीं था। खैर! परीक्षा से पहले मेरी चोट के बारे में मा. हरपाल सिंह जी को पता लग गया था। वे परीक्षा से एक दिन पहले घर आ पहुंचे। मेरा हाल जाना और दुख जताते हुए मेरे भाई से मालूम किया कि घर पर कोई खटोला है कि नहीं। यदि नहीं तो आस-पडोस से मांगकर ले आवें। खटोले का इंतजाम तो कर दिया गया किंतु मास्टर जी को छोड़कर सबके दिमाग में एक ही प्रश्न था कि आखिर इस खटोले का होगा क्या। मास्टर जी से यह सब पूछने की हिम्मत भी किसी ने नहीं जुटाई। मास्टर जी ने मुझसे कहा कि कल परीक्षा देने चलना है – समझ गया न......। सुबह तैयार रहना। इतना कहकर मास्टर जी चले गए। देहातों में कैसी तैयारी? दिन निकला, हाथ-मुंह धोए, कमीज पजामा-पहना और हो गए तैयार। अगले दिन सूरज थोड़ा ही चढ़ा था कि मास्टर जी अपने साथ छ:-सात बच्चे लेकर घर आ गए। मुझे खटोले पर डाला, बच्चों ने खटोला उठाया और चल पड़े परीक्षा केन्द्र की ओर। परीक्षा समाप्त होने पर बच्चे ही मुझे खटोले पर डालकर घर पर छोड़ गए। परीक्षा के समाप्त होने तक यही सिलसिला चलता रहा। मास्टर जी रोज मुझे लेने आते रहे। इस प्रकार परीक्षा में मेरी उपस्थिति लग गई। उत्तर पुस्तिका में मुझसे जो कुछ भी थोड़ा-बहुत लिखा गया, लिखा। खैर! जो भी हो गाँव के अन्य तीन बच्चों के साथ मास्टर हरपाल सिंह की कृपा कहें अथवा उनकी समाज सेवी भावना, से मैं भी पांचवी कक्षा में पास हो गया। साथ ही साथ भविष्य की पढ़ाई के लिए मेरा मार्ग भी प्रशस्त हो गया। यदि आज मैं ये कहूँ कि यदि मास्टर हरपाल सिंह न होते तो आज का तेजपाल सिंह ‘तेज’ देहात ही में ‘तेजू’ बनकर रह जाता।
कालिज की ओर.........
मैं और गाँव के अन्य साथी पांचवी कक्षा में पास हो गए। अब छठी कक्षा में दाखिला लेने की बारी थी। मेरा और एक अन्य साथी अमरनाथ का स्वतंत्र भारत इंटर कालिज, बी. बी. नगर में छठी कक्षा में दाखिला करा दिया गया किंतु उदयराम और मंटूरी को उनके घरवालों ने आगे नहीं पढ़ाया। दोनों खेतीबाड़ी में घरवालों का हाथ बटाने लगे। जल्दी ही उनकी शादी भी कर दी गई। अमरनाथ पढ़ाई में सबसे होशियार था और मैं सबसे कमजोर। खैर! बड़े स्कूल में जाकर अलग-अलग तरह के अनेक बच्चों के संपर्क में आने का मौका मिला तो एक समय के बाद दूसरों को देखकर पढ़ाई के प्रति मेरी रुचि भी बढ़ने लगी। छठी कक्षा की सालाना परीक्षा हो गई। मैं एक सामान्य छात्र की तरह पास हो गया। और इस तरह मैं सातवीं कक्षा में आ गया। कालिज में सातवीं कक्षा के तीन सेक्शन थे। प्रत्येक सेक्शन में लगभग पैंतालीस-पैतालीस छात्र थे। स्कूल में साल में तीन परीक्षाएं हुआ करती थीं – तिमाही, छमाही और सालाना। तिमाही परीक्षा का परिणाम आया तो जाना कि मेरा एक साथी तीनों सेक्शनों में पांचवे नम्बर पर आया है। मुझे इसकी खुशी तो थी किंतु पता नहीं क्यों, मुझे अचानक इस बात का दुख सताने लगा था कि मेरा कोई नम्बर क्यों नहीं। साथी छात्रों के संसर्ग में रहकर मेरी सोच का पंछी जैसे किसी खाई से निकलकर मैदान में आने को आतुर था। अब सोते-जगते यही सवाल मेरे ज़हन में घूमता रहता। फलत: किताबों से कुश्ती करना शुरू कर दिया। इसके बाद मेरी पढ़ाई के प्रति रुचि इस कदर बढ़ी कि मुझे पढ़ाई के अलावा कुछ और नहीं भाता था। मेरी भाभी कभी-कभी सोचने लगती कि पता नहीं इसे क्या हो गया है। अब न तो ये खेलने जाता है और घर पर भी चुप-चुप ही रहता है। भाभी ने ये बात माँ से भी शिकायती लहजे में कही होगी। माँ ने मुझसे कुछ कहा तो नहीं किंतु मुझपर नज़र रखने लगी। दुकड़िया में मुझे देखने आती और मुझको पढ़ता हुआ देखकर वापिस हो जाती, फिर सारा किस्सा भाभी को सुनाती थी। जब कहीं मेरे ना खेलने और हमेशा चुप-चुप रहने का मामला उनके दिमाग से गया। पढ़ाई के प्रति बढ़ते रुझान के चलते, छमाही की परिक्षा में मुझे अप्रत्याशित सफलता मिली। इस बार मैं लगभग 135 बच्चों यानी पूरी कक्षा में दसवें-ग्यारहवें पायदान पर पहुँच गया। सीधे-सादे और सामान्य दर्जे के छात्र का अचानक छलांग लगाना मेरे कुछ साथी छात्रों को खला भी, जो स्वाभाविक ही था। मेरे ही गाँव का साथी अमरनाथ तो मुझसे ऐसे ख़फा-ख़फा सा रहने लगा जैसे मैंने उसका नम्बर ही छीन लिया हो। अब सालाना परीक्षा की बारी थी। मैं और मन लगा कर पढ़ने लगा। सालाना परीक्षा सिर पर थी। कई बार तो सर्दियों के मौसम में रात को पढ़ते-पढ़ते मैं सो जाया करता था और मिट्टी के तेल का दीया जलता ही रह जाता था। उसे माँ या भाभी में से कौन, कब बंद करता होगा, नहीं मालूम। पढ़ाई के लिए और तो कोई खास सुविधा थी नहीं, ना घड़ी, ना मेज । उन दिनों रोशनी के लिए बिजली का होना तो एक ख्वाब था। खैर! सातवीं की सालाना परीक्षा भी समाप्त हो गई। अब रिजल्ट का इंतजार था। रिजल्ट आया तो जाना कि पूरी कक्षा में इस बार मेरी सातवीं पोजीशन थी। मैं बेहद खुश था। टीचर्स भी मेरी निरंतर बढ़त को देखकर मुझे प्यार की नज़र से देखने लगे थे। अचानक इतना बड़ा परिवर्तन किसी और को तो क्या आज मुझे भी नहीं पच रहा है। ये सब कैसे हुआ? मैं खुद नहीं जानता कि आखिर मुझे हो क्या गया था कि पढ़ाई के अलावा मुझे कुछ और सूझता ही नहीं था। यदि मैं ये कहूँ कि सातवीं कक्षा का वह वर्ष ही पढ़ाई के मामले में मेरे लिए एक सकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ था तो उचित ही होगा।
अब मैं आठवीं कक्षा में था। पढ़ाई का सिलसिला पहले जैसा ही चलता रहा और मैं दिनोंदिन पढ़ाई से जुड़ता चला गया। अध्यापकों और तरक्की पसंद साथियों का भरपूर सहयोग मिल रहा था। जब भी चाहूँ कोई भी परामर्श लेने की छूट, मुझे सभी अध्यापकों से मिल गई थी। मेरे लिए अब वो समय था जब मैं अच्छे और बुरे की समझ से रुबरू हो रहा था। छोटेपन में मुझे छोटे-बड़े का कोई ख़याल नहीं था। सबको ‘तू’ कहकर ही संबोधित किया करता था किंतु अब सबके प्रति सम्मान का भाव स्वत: ही पनपने लगा था। मैं बचपन की भूल-भुलैया से जैसे बाहर आने लगा था। किंतु अचानक माँ का स्वास्थ्य गिरने लगा और वो इस कदर बीमार हो गई कि खाट पकड़कर रह गई। अब घर का सारा काम भाभी के कंधों पर आ गया था। माँ की सेहत निरंतर गिरती चली गई। लम्बे समय तक वह बीमारी से नहीं उबर पाई। एक दिन माँ ने मुझे इशारे से अपने पास बुलाया और मुझे सौ का एक नोट देकर सिर पर हाथ फेरते हुए धीरे से बोली – ले इसे अपने पास रखले। मैंने नोट लिया और उसे पैसे रखने वाले मटके में ही रख आया। थोड़ी देर बाद पता चला कि माँ इस दुनिया को छोड़ चुकी है। तब मैंने सोचा कि शायद माँ को अपने जाने का अहसास हो गया था और शायद वह सौ का नोट मेरे लिए माँ की अंतिम विरासत था। घर में ग़म का माहौल था। खैर! माँ की अंतिम क्रिया कर दी गई। इस तरह घर के दोनों स्तंभ (माता-पिता) मेरी उम्र के पंद्रहवे वर्ष में ही धराशायी हो गए और मेरे बचपनी महल की बुनियादें जैसे बुरी तरह हिल गईं। अब केवल भाई और भाभी का ही आसरा शेष रह गया था। माँ के गुजरने के बाद बस्ती वालों से एक खिताब जो मुझे मिला, वह था ‘बेचारा अभागा’ जिसमें उनका मेरे प्रति प्यार और मेरे भविष्य के प्रति चिंता का भाव निहित था। किंतु माँ के गुजरने के बाद भी मेरे प्रति भाई-भाभी के व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया था इसलिए कुछ ही दिनों में माँ-बाप की बिदाई जैसे मेरे दिमाग में धुंधली पड़ने लगी थी। और धीरे-धीरे एक समय ऐसा आया कि मुझे लगने लगा कि जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। फलत: पढ़ाई के प्रति मेरा रुझान जस का तस बना रहा। आठवीं कक्षा में भी मैं अच्छे अंक लेकर पास हुआ। इस बार भी मेरी पांचवी-छटी पोजीशन ही रही। कहने की जरूरत नहीं कि मेरे बचपन का यही अंतिम पड़ाव भी था।
माँ के गुजरने के बाद घर में जो एक परिवर्तन मेरे भाई में आया, वह बड़ा ही विनाशकारी सिद्ध हुआ। भाई ने शारीरिक श्रम करना यानी नल लगाने का काम बंद कर दिया। माँ की भारी-भरकम ( जो बाद में लगभग पैंतालीस हजार रुपए बताई गई थी ) जमा-पूंजी और भैंसों को बेचने से अर्जित धन को एक के बाद दूसरा कारोबार करने में बरबाद कर दिया। इधर मैंने दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर ली थी। किंतु दसवीं करने के बाद भाई ने मुझे आगे पढ़ाने से मना कर दिया। किंतु मैं पढ़ना चाहता था। भाभी के कहने का भी उन पर कोई असर नहीं हुआ। इस पर मैं निराश रहने लगा। कहीं कोई आशा की किरण नहीं दिखाई दे रही थी। अब मुझे लगने लगा था कि माँ के मरने पर बस्ती वालों द्वारा दिया गया खिताब ‘बेचारा अभागा’ जैसे अब साकार होने की दिशा में था। मुझे अपने चारों ओर खालीपन के अलावा कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। अब माँ अभाव सताने लगा था। कई बार अकेले में मेरी आँखे नम हो जाती थीं और मैं देर तक रोता रहता था। पढ़ाई के क्षेत्र में आया सकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ के बाद माँ का देहांत एक ऐसा नकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ था जो शेष जीवन के लिए एक चुनौती बन गया गया था। अब जीवन में संघर्ष के अलावा कुछ भी शेष नहीं रह गया था। ऐसे में मैं कभी नौकरी तलाशने की बात सोचता तो कभी कुछ काम-धाम करके आगे पढ़ने की। मैं जैसे जीवन के प्रवेश द्वार पर ही उलझ गया था। सच तो ये है कि मैं कुछ भी ठीक से नहीं सोच पा रहा था। मुझे लगा कि अब खुद को, जिन्दगी को और दुनिया की हकीकत से रूबरु होने का समय आ गया है। इसी सोच और फिक्र में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने को आ गईं। समय को पकड़ कर रख पाना तो मेरे हाथ में था नहीं। हारकर मैं नौकरी पाने के मकसद से अपने बड़े जीजा जी (श्रीराम) के पास गया और सारी कहानी उनसे कह सुनाई...... सारी बात सुनने के बाद उन्होंने कहा कि मुझसे एक काम करवाले ...... या तो आगे की पढ़ाई या फिर नौकरी की तलाश ......। उनकी इतनी बात सुनके मैंने समय के साथ चलने का इरादा किया और कक्षा ग्यारह (विज्ञान) में दाखिला ले लिया। नल लगाना तो मैं सीख ही गया था क्योंकि घरेलू काम था। कालिज की छुट्टी वाले दिन मैंने नल लगाने का काम शुरु कर दिया। महीने में एक-दो नल लगाकर किताबों और फीस का काम चल जाया करता था। खाना और कपड़े तो घर से मिल ही जाते थे। उल्लेखनीय है कि कालिज में मुझे ही नहीं किसी को भी कभी कोई जातीय दुराव देखने को नहीं मिला जबकि मेरे कालिज में तीन-चार अध्यापकों को छोड़कर शेष सभी अध्यापक ब्राहम्ण थे लेकिन उनमें जातिभेद से इतर गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई के प्रति एक अजीव सी भावना थी कि वे उनकी हर संभव मदद किया करते थे। हाँ! केवल और केवल संस्कृत के अध्यापक ..... जिन्हें सब गुरूजी कहकर पुकारा करते थे..... ऐड़ी तक का लम्बा धवल कुर्ता और धोती उनके पहनावे में शामिल थी..... पर थे बड़े ही खड़ूस ......माथे पर न जाने कितनी सिलवटें.......भौएं चढ़ी हुई.....यह उनकी खास पहचान थी। किसी से भी सीधे मुँह बात नहीं करते थे वे....।मुझे लगता है कि ऐसे ही माथा-ठोक ब्राह्मणों के कारण सारी की सारे ब्राहम्ण जाति बदनाम है। एक बार की घटना है कि उन्होंने किसी बच्चे से पीने के लिए पानी मँगवाया........जब बच्चा पानी ले आया.... तो गुरूजी उससे उसकी जाति पूछ बैठे..... और जब पता चला कि वह बच्चा दलित वर्ग से है तो.... पानी पीने से तो मना करदिया.....उल्टे उसी को दोष देने लगे कि गधे पहले क्यूँ नहीं बताया कि तू .......... है। यह घटना मेरे जहन में गहरे से घर कर गई........ गाहे-ब-गाहे मेरे दिमाग में घूमती रहती थी.... गुरूजी के प्रति मेरे मन में नहीं सारे छात्रों के में घृणा घर कर गई थी.........वैसे भी वो पढ़ाते कम थे..... ज्ञान ज्यादा दिखाते थे। । संदर्भवश याद आ गया कि एक दिन पी.टी. के अध्यापक माननीय बाबूराम शर्मा जी ने मुझसे पीने के लिए पानी लाने को कहा तो गुरू जी का बर्ताव मेरे जहन में ऐसे खटका कि बाबू राम शर्मा जी से कहा उठा कि सर! आपको पता है कि मैं जाटब जाति से हूँ........... अगर मैं पानी ले आया ..... और आपने नहीं पिया तो मुझे कष्ट होगा......... बाबू राम जी ने इतना सुना और मेरे सिर पर प्यार भरा हाथ दे मारा..... बोले.... गधे मैंने तुझसे पानी लाने के लिए कहा है.......तेरी जाति नहीं पूछी.....चल जल्दी से पानी ला........चल...। अब आप स्वयं सोच सकते एक तरफ बाबूराम शर्मा जी थे और एक ओर गुरूजी.........कितना अंतर था दोनों की सोच में...।
बाबूराम शर्मा जी की एक और सोच याद आ गई। जैसा कि कहा जा चुका है कि कालिज में ज्यादातर गरीब परिवारों के छात्र थे...... किसी के पास वर्दी होती थी.... किसी के पास नहीं....। जब कालिज में प्रार्थना होती थी तो बच्चों की वर्दी में एकरूपता कतई नहीं होती थी........ यह बाबूराम शर्मा का ही दिमाग था कि उन्होंने कालिज में एन.सी.सी. का कोर्स लागू करा दिया....नया-नया कोर्स आया था उन दिनों देहाती कालिजों में....... फिर क्या था........ सबसे पहले उन बच्चों को एन.सी.सी. में भर्ती करा दिया गया जिनके पास पहनने को न समुचित कपड़े थे......और न जूते....... उनमें से एक मैं भी था..... न कद.... न काठी......पाँच फुटा छात्र... शर्मा जी ने शारीरिक मापदण्ड को जैसे सूली पर चढ़ा दिया था....... कालिज के प्रधानाचार्य की सहमति उनके साथ थी......फिर काहे का डर.... । ...... और इस प्रकार उन्होंने गरीब बच्चों की मदद करके न जाने कितने ही बच्चों की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त कर दिया.......।
आपको यह जानकर हैरत होगी कि स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, बी. बी. नगर में समूच स्टाफ ब्राहम्ण वर्ग से ही था केवल एक-दो अध्यापकों को छोड़कर..... याद पड़ रहा है कि एक थे एहसान अली सर और दूसरे थे .....सिरोही सर.... ऐसे में सोचा जा सकता है कि गरीब तबके से आने वाले छात्रों की शिक्षा का क्या आलम होगा........ किंतु वैसा कतई नहीं था जैसा आप सोच रहे हैं। गरीब तबकों से आने वाली छात्रों की शिक्षा का ही नहीं अपितु उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का भी .....सामाजिक और व्यक्तिगत रूप से पूरा ध्यान रखा जाता था। संदर्भ के चलते याद आया कि कालेज के प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा प्रार्थना से पहले ही कालेज के मुख्य द्वार पर आ खड़े होते थे..... हाथ में अंग्रेजों वाला छोटा सा रूल.......ऐसे झूलता था जैसे कितने क्रूर होंगे..... किंतु मैंने कभी अपने शिक्षाकाल में उस रूल का प्रयोग कभी-कभार ही करते देखा था। हाँ! तो होता यूँ था कि जो बच्चे प्रार्थना के बाद यानी कि कालेज देर से आते थे..... उनमें से गरीब तबकों से आने वाले छात्रों को वो कालेज के मुख्य द्वार पर ही रोककर मुर्गा बनाकर खड़ा कर देते थे....... और उनके चूतड़ों पर कभी रूल तो कभी घूँसा मारकर उनकी खबर लिया करते थे....... एक बार मैं भी इस जाल में फंस गया....... मुर्गा बनना पड़ा......किंतु मुझे हैरत हुई कि वो हमें सजा देते थे या फिर सीख......... वो अक्सर कहा करते थे...., “ सोरे तुम्हारी माँ-बहनों के घास खोदते-खोदते पेटीकोट फट जाते है....... जब कहीं तुम्हें स्कूल भेज पाती हैं......... और सोरे! तुम स्कूल भी समय से नहीं आ सकते.....पढ़ना तो दूर की बात....... ये बनिए-बामनों के बालक है ना...ये पढ़ें ...ना पढ़ें ....... इन पर कोई फरक नहीं पड़ने का ......... ये तो अमीर घरों के हैं....... दुकान पर बैठके डंडी मारके भी कमा लेंगे... तुम क्या करोगे....... तुम्हारी तो मैं खाल छील दूंगा........ देखता हूँ तुम कैसे नहीं पढ़ते हो....... ।” उनके इन उदगारों को रखने के बाद मुझे नहीं लगता कि मेरे कालिज के ब्राहमण अध्यापकों के बारे में कुछ और कहना शेष रह जाता है। ग्यारहवीं-बारहवीं कक्षा में मेरी तो फीस भी प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा ही देते थे। जब कभी दलित-छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति मिलती तो कभी लौटा भी दी जाती .... कभी नहीं भी...... वैसे तो वो इस प्रकार के खर्चे अक्सर अपनी जेब से ही वहन किया करते थे।
छात्रवृत्ति की बात चली तो एक और वाकया याद आ गया। .... कि वर्ष 1968 में प्रधानाचार्य महोदय ने सब वच्चों के वजीफे की फार्म पूरे कराने की जिम्मेदारी मुझको सौंप दी थी....जो दायित्व मैंने बखूबी इसलिए निभाया क्योंकि उस समय के जिला परिषद के सदस्य माननीय रामजीलाल जी (स्याने वाले) का हमारे घर अक्सर भाई से मिलने आना-जाना हुआ करता था। मेरे भाई उस समय ग्राम प्रधान थे और रामजीलाल जीके दोस्त भी। इस कारण से कुछ छात्र-मित्र मुझे नेता की नजर से देखा करते थे और हाँ! मुझ बीमार से मिलने आने वाले छात्र-दोस्तों में से ज्यादातर ने यह शिकायत जैसी की कि हमें मिलने वाले बजीफे में से कालेज दो रुपये महीने के हिसाब से कटौती कर लेता है....जो नाजायज है....थी भी। उनकी बात सुनकर मैं भी ये कह देता था कि भई! ये तो अपनी मर्जी का मामला है.....कटवाना है कटवाओ.....नहीं कटवाना तो मत कटवाओ ...जरूरी थोड़े ही है। पता चली कि उनमें से किसी ने भी उस वर्ष भवन निर्माण के नाम पर वसूला जाने वाला चन्दा यह कहकर नहीं कटवायाकि तेजपाल ने मना किया है........
विदित है कि 1968 में बीमारी के कारण बारहवीं कक्षा के परीक्षा में नहीं बैठ पाया था....जाहिर है बारहवीं की पढ़ाई जारी रखने के लिए पुन: दाखिले की आवश्यकता थी। कालेज खुलने पर मैं प्रधानाचार्य महोदय से मिला..... आदेश हुआ...... तुम्हें क्या परेशानी है..... कल आ जाना ...दाखिला हो जाएगा। ......मैं फिर अगले दिन आ गया....दाखिला नहीं हुआ। फिर अगले दिन कालेज आया तो प्रधानाचार्य महोदय ने बड़े ही सहज भाव में कहा कि बेटे! कालेज के हैडक्लर्क है ना बचेश्वर जी......उनका कहना है पिछ्ले वर्ष तुमने कालेज को कुछ आर्थिक हानि पहुँचाई थी..... छात्रवृत्ति पाने वाले बच्चों में से किसी ने भी....छात्रवृत्ति में से भवन-निर्माण हेतु वसूली जाने वाली राशि नहीं कटवाई..... उन बच्चों का कहना है कि उन्होंने ऐसा तुम्हारे इशारे पर किया था.... । मैं गुमसुम यह सुनता गया... इसके अलावा कोई चारा भी न था। मुझे शांत देखकर प्रधानाचार्य महोदय बोले.... लेकिन तुम चिंता मत करो...... तुम्हारा दाखिला तो होना ही है......ठीक है...... देखते हैं .....तुम कल आ जाना। .......। उनकी बात सुनकर मैंने बताया कि मगर गुरूजी मैंने तो बजीफा लेते समय, यद्यपि मैं बीमारी की हालत में ही बैलगाड़ी में डालकर बजीफा लेने के लिए लाया गया था, दो रुपये महीने के हिसाब से बड़े बाबू को चन्दा देने की पेशकश की थी...... उन्होंने ही वह राशि मुझसे नहीं ली....... । कहा कि जब किसी ने भी चन्दा नहीं दिया तो तुम ही क्यों देते हो..। उन्होंने मेरी बात सुनी और कहा...कोई बात नहीं ,,,घर जाओ...कल आ जाना...। इसके बाद मैं अपने कलाध्यापक माननीय लोकमान्य शर्मा जी के पास कलाकक्ष में चला गया..... उन्हें चरण स्पर्श किया...... मेरा लटका हुआ चेहरा देखकर बोले, क्यू क्या हुआ... मुँह क्यों लटका हुआ है?.......(गौरतल है कि लोकमान्य शर्मा जी कुछ नाक में बोला करते है... अभी जीवित हैं) बोले... दाखिला हुआ कि नहीं? मैंने सारी कहानी उनके हवाले करदी....... वो उन दिनों चीफ प्रोक्टर हुआ करते थे। सारी कहानी सुनकर बोले.....अच्छा ऐसा है....... तू अब घर जा....कल आना। मैं घर लौट गया।
अगले दिन सुबह ही कालेज का सफाई कर्मचारी ‘स्वामी’हमारे घर आया....बोला – बड़े गुरूजी ने बुलाया है कालेज....चलो। मैं उसका मुँह देखता रह गया..... मुझे उसकी बात पर यकीन ही नहीं हो रहा था। खैर! मैं उसके साथ ही कालेज को चल पड़ा......उसने रास्ते में बताया ...तुझे पता है कल कालेज में क्या हुआ..... हुआ यूँ कि कल लोकमान्य जी ने सभी दाखिलों पर रोक लगा दी और प्रंसीपल साहब के कहने पर टीचर्स की एक बैठक बुलाई गई...... मैं भी उस बैठक में चाय-पानी पिलाने के लिए हाजिर था........तेरे दाखिले की बात उठी तो लोकमान्य सर ने बचेश्वर सर से कहा कि वो तुझ पर लगाए गए इलजाम को लिखकर दें ...... बस! फिर क्या था ... बचेश्वर सर से कुछ कहते नहीं बना....ना ही कुछ लिखकर देने को तैयार हुए........ उलटे प्रंसीपल सर से माफी और माँगनी पड़ी....... समझे आज तुम्हारा दाखिला हो जाएगा....ठीक है। और इस तरह मेरा दाखिला हो गया।
खैर! मैंने नल लगा-लगाकर और कालिज के अध्यापकों, खासकर प्रधानाचार्य रामाश्रय शर्मा द्वारा प्रदत्त आर्थिक मदद से जैसे-तैसे 1969 में बारवीं (विज्ञान) कक्षा भी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर ली थी। बारहवीं पास करने के बाद सितंबर 1969 में ही रोजगार की तलाश में दिल्ली चला आया...........।
भाभी माँ :
आज जब मेरे संगी-साथी इस सत्य को जान गए हैं कि मेरे माता-पिता मुझे बचपन में ही अकेला छोड़कर निर्वाण को प्राप्त हो गए थे तो वो मेरे विकल बचपन के बारे में न जाने कैसे-कैसे प्रश्न पूछते हैं ..... यथा ऐसे में मेरे बचपन की प्राण-प्रतिष्ठा कैसे....और किसके द्वारा संभव हो पाई, तो मैं जैसे सकते में आ जाता हूँ... वह इसलिए कि अनाथ का कोई एक पालनहार नहीं होता........ और यदि ऐसा हो भी तो इस जिम्मेदारी को उठाने का क्लेम सभी घर वाले करते हैं......कोई कहेगा कि मैंने पढ़ाया था इसे.... नहीं तो....., कोई कहेगा कि तूने स्कूल में भेज तो दिया, पर फीस तो कई महीने की मैंने ही दी थी...... कोई कहेगा कि ठीक है.... मान लिया कि तुमने ही इसे पढ़ाया ...... पर लत्ते-कपड़े की पूर्ति तो मैंने ही की थी...... उसके कामयाब होने पर न जाने कितने पैरोकार पैदा हो जाते हैं.... बेचारा अनाथ किस-किस का एहसान चुकाए....वो जीवन भर अपने अनाथ होने के भार के नीचे दबा ही रहता....है ।किसी का भी एहसान नहीं चुका पाता... ऐसा दावा करने वालों में फिर चाहे बहन हो, भाई हो या फिर कोई और ..... यह भी हो सकता है, जिसने कभी उसके मरने-जीने का खवर तक न ली हो.... वो भी उसे पालने के दावे ठोकता हो। ऐसा मेरे साथ भी रहा..... उस वक्त जब मैं खुद अपनी साँसे गिनने की अवस्था में आ गया था...... मैं भी ऐसे ऋणों से आज तक मुक्त नहीं हुआ हूँ। किंतु मैं यह भी सोचता हूँ कि कोई न कोई तो इस प्रश्न के केन्द्र में होत्ता ही है जिसकी चर्चा करना ही चाहिए। ........तो वो थी मेरी भाभी....... उसके एहसान अदायगी का मुझे इससे अच्छा कोई माध्यम नजर नहीं आ रहा है कि मैं उसके मेरे प्रति लगाव को एक तो उदाहरण देकर आप सबके सामने रखूँ........मेरे इस लिखे का भाभी को तो कोई खबर नहीं होगी किन्तु इसे पढ़कर शायद मेरे मनत्व से आप परिचित हो जाएंगे। ... और हाँ! आज जब मैं यह उल्लेख कर रहा हूँ...... मेरे भाई – बहनों में से कोई भी यह सुनने को बाकी नहीं है..... अन्यथा तो उनका पारा झेलना मुझे भारी पड़ जाता।...... सच्चाई कड़बी होती है ना.........?
-एक-
जैसा कि मैं पहले भी कह चुका हूँ कि सातवीं कक्षा में आने से पूर्व मेरा पढ़ने-लिखने में कम ही मन लगता था। बस! खेलना-कूदना ....... साथियों के साथ मार-पीट करना ........ प्रत्येक शर्त पर अपनी बात को ही मनवाना .....जाने क्या-क्या मेरी शरारतों में शामिल था। पूरा गाँव परेशान रहता था मेरी शरारतों से। सबकी नज़र रहती थी मुझपर..। सबकी जुबान पर बस एक ही सवाल रहता था.... पता नहीं पढ़-लिखकर क्या करेगा ये छोरा... इसका कद भी तो इतना छोटा है कि ये पुलिस में भी तो भर्ती नहीं हो सकता.... अभी तक तो इस गाँव में कोई..... कुछ बनना तो क्या .... ठीक से पढ़ा-लिखा भी नहीं है। बादाम को देखो.... टूक्की को देखो.... दसवीं भी पास नहीं कर पाए.... शादी करके गाँव के ही होकर रह गए... । फिर ये ही क्या कर लेगा... पाँच फुटा तो वैसे ही है...... डाकू-बदमाश भी तो नहीं बन सकता........कहते ... अरे ये सब इसकी बचपनी शारारतें हैं.... अभी नादान है.... कुछ समझ नहीं है अभी इसे.....समय शायद इसे ठीक रास्ते पर ले आए..... इसने ये सब शरारतें छोड़ दीं तो .... कुछ आशा की जा सकती है... पर ऐसा लगता तो है नहीं.... ऊपर से न बाप है और न माँ.... भाई है पता नहीं आगे पढ़ाए ... न पढ़ाए.... मेरे बारे में जाने क्या-क्या सोचते रहते थे मेरे गाँव वाले ....। एक बात साफ करदूँ कि वे ये सब बातें मेरे पीछे नहीं, मेरे सामने ही किया करते थे ....कुछ मुझे चिढ़ाने के भाव से तो कुछ मुझे समझाने के आशय से। जाहिर है कि इस प्रकार की बातें किसी को भी अच्छी नहीं लगेंगी....... मुझे भी अच्छी नहीं लगती थीं..... तब मैं इतना समझदार भी कहाँ था....सब कुछ सुनता रहता और..... बचपनी हंसी में उड़ा देता। आज जब मैं ये सत्य लिख रहा हूँ..... मेरे वो अपने शेष नहीं रहे हैं.... सब के सब....अंतर्यामी हो गए हैं..... अब मेरा भी क्या.... कब तक हूँ। आज मुझे जब उनकी बातों का ख़याल आता है तो मुझे खुली आँखों सपने से दिखने लगते हैं..... सपने भी कमाल होते हैं...ना? खुली आँखों देखे गए हो अथवा नींद में।
सपने आना एक सत्य है। सब सपने देखते भी हैं और बुनते भी हैं।.... बुनने भी चाहिएं। खुली आँखो सपने देखना तो अपने वश की बात होती है किंतु नींद में सपनों का आना...... अपने वश की बात नहीं होती। मैं दोनों ही अवस्थाओं से गुजरा हूँ...... नींद में भी सपने देखे भी हैं..... और पाले भी हैं। ....अक्सर ही ऐसा होता था कि थोड़ी-बहुत पढ़ाई करके जैसे ही नींद में घिरता...... यानी सोता तो छोटे-बड़े सपनों का आना एक सहज अवस्था होती थी।
मैं घर के अगले भाग में बनी दुकड़िया में अक्सर अकेला ही सोता था। भाई-भाभी और उनके बच्चे अन्दर वाले कोठों (कमरों) में सोते थे। अब मैं जैसे-तैसे बारहवीं कक्षा में आ गया था। रात को देर तक पढना मेरा नित्य कर्म बन गया था। कई बार पढ़ते-पढ़ते आँखों में नींद भर आती तो दीया बन्द करता और सो जाता...। कुछ घरों में दीए की जगह लालटेन ने ले ली थी किंतु मेरे पास अभी भी दीया ही था। एक दिन की बात है कि मैं पढ़ते-पढ़ते थक-हारकर दुकड़िया का दरवाजा बन्द किए बगैर ही सो गया..... दीया भी जलता ही रह गया। सोया ही थी कि मैं स्वप्न की चपेट में आ गया। स्वप्न में एक धवल-वस्त्रा रूपसी..... उम्र में मुझसे काफी बड़ी...... मेरे सिरहाने ऐसे आकर खड़ी हो गई कि जैसे मेरी और उसकी बहुत पुरानी दोस्ती हो। (......हालाँकि बारहवीं कक्षा और ...... लड़की से दोस्ती उस गए समय में कहाँ संभव था।) उसका बर्ताव प्रौढ़ अवस्था वाला ही लग रहा था...... सिरहाने से झुक कर उसने सहसा मेरा माथा चूम लिया.... और कहा, “अब तुझे मेरे साथ चलना होगा।” इतना कहकर वो अचानक गायब हो गई ... मेरी नींद भी टूट गई। खाट में पड़ा – पड़ा जाने क्या-क्या सोचता रहा.... कभी-कभी इधर-उधर ताक-झाँक करके जैसे उसकी तलाश करता... फिर न जाने कब नींद आ गई और मैं सूरज के उगने पर ही उठा।
ये ग्यारह जनवरी 1968 का दिन था। जब सवेरे उठा तो पाया कि मुझे बड़े जोरों का बुखार चढ़ा हुआ था..... शायद सपने से घबरा कर। अचानक भाभी दुकड़िया में आई और बोली आज उठना नहीं क्या...। मैंने भाभी की ओर मुँह घुमाते हुए उसे देखा ....... वो मेरा चढ़ा हुआ चेहरा देखकर सकते में आ गई.... उसने मेरे माथे पर हाथ रखा और सन्न रह गई।....... उसने मेरे माथे पर हाथ रखा...... तेज गर्म माथा देखकर..... घबरा गई और ...भरी हुई आँखें लेकर मुझे डांटने लगी, “ तूने मुझे बताया क्यूँ नहीं ..... मेरी तबियत खराब है।” वो मुझे डांटे ही जा रही थी...... और मैं मूक बना उसका चेहरा देखकर खुद घबरा रहा था।.... कहता भी तो क्या कहता.......मुझे खुद ही कुछ पता नहीं था।..... भाभी ने मुझे हाथ पकड़कर बिठाया......और मेरे पास ही बैठकर जाने क्या-क्या विलाप किए रही थी। दरअसल भाभी मेरी कुछ ज्यादा ही चिंता किया करती थी। वो मेरी भाभी कम और माँ जैसी ज्यादा थी। भाभी के मुझसे पांच-छह महीने बड़ी एक लड़की थी। मुझे बताया गया कि जब मैं बहुत छोटा था तो माँ की एवज भाभी ही मुझे स्तनपान करा दिया करती थी। इस पर किसी को कोई एतराज भी नहीं होता था। मेरे स्कूल आने-जाने का ख़याल न तो भाई को और न ही माँ को रहता था, यह काम भी भाभी का ही होता था। भाभी के कोई लड़का नहीं था। वह मुझे ही बेटे के जैसा प्यार देती थी। माँ जब भैंस का दूध निकालती थी तो मुझे रोजाना भैंस के पास बिठाकर ताजा निकाला गया कच्चा दूध पिलाया करती थी।
मेरे हक में जो बात रही वो थी कि भाभी ने ये सारी कहानी पूरा दिन गुजर जाने के बाद दी। वैसे वो उन्हें समय से बता भी देती तो उन पर कोई फरक नहीं पड़ने वाला था। उन्हें ताश खेलने और नेतागीरी करने के अलावा किसी से कोई मतलब नहीं था।
खैर! देखते-देखते भाभी ने तमान टोने-टोटके कर डाले........ मेरी अवस्था बिगड़ती जा रही थी। .... जैसे मूर्छित अवस्था में था....प्रशिक्षित चिकित्सक तो गाँवों में उस समय होते ही नहीं थे....... टोने-टोटके और बाबाओं की दुआओं के बल पर ही गाँव जिन्दा रहा करते थे। सो भाभी ने भी तमाम देवी-देवताओं के नाम की मिट्टी के भेलियाँ (प्रतीक) बनाकर मेरी खाट के सिरहाने पर तैनात कर दीं ....... कुछ नीम की पत्ते वाली टेहनियाँ भी मेरे सिरहाने रखदीं। यह सब कुछ मैंने होश आने पर देखा......... किंतु पता नहीं क्यों ये टोने-टोटके मुझे पसंद नहीं आए।........ ऐसे ही एक-दो दिन निकल गए.... मैं अक्सर देवी-देवताओं के नाम की मिट्टी की उन भेलियों को ही देखता रहता... भाभी कुछ पूछती तो इधर-उधर गर्दन हिला देता...... और “कुछ नहीं” कहकर भाभी से पीछा छुडाता। एक दिन मौका मैंने सभी देवी-देवताओं की भेलियाँ बारी-बारी से दुकड़िया के आगे वाली गंदी नाली में फेंक दीं।
जब भाभी को मेरी इस हरकत का पता चला तो वो आग-बबूला हो गई। जाने क्या-क्या न कहा उसने मुझे। कहती भी क्यों न......मैं जैसे उसका बड़ा बेटा था। मुझे बताया गया था कि जब मैं नवजात शिशु था तो वो मुझे अपने स्तनों से दूध पिलाया करती थी। यहाँ गौरतलब है कि भाभी की बड़ी बेटी भी लगभग मेरी ही आयु की थी। सो इस दूध स्तनपान कराने की बात पर भरोसा किया जा सकता है। .....वो मुझे खोना नहीं चाहती थी..... खैर! दो-तीन माह की बीमारी के बाद मैं ठीक हो गया। मैत के मुँह से तो निकल आया किंतु ग्यारह मई 1968 तक बिस्तर पर रहने के कारण मैं बारहवीं की परीक्षा भी नहीं दे पाया।
-दो-
अब जब सब कुछ सामान्य हो गया तो मुझे अलग तरह के सपने आने शुरू हो गए। एक रात मैंने सपने में शौंच की। शौंच को खुलकर आई किंतु पेशाब की चन्द बूद ही आईं कि झटके से नींद टूट गई...... थोड़ी देर में पुन: सो गया। सुबह उठा तो खबर मिली कि गाँव के ही फलाँ ....... राम का निधन हो गया है। इसे एक संयोग मानकर मैं शांत रहा और किसी को भी अपने सपने के बारे में कुछ भी नहीं बताया। ....... कुछ दिनों बाद फिर ठीक पहले जैसा ही सपना फिर आया..... सुबह उठने पर खबर मिली कि आज ..... फलाँ......राम का निधन हो गया। ....मैंने सपने की कहानी फिर भी किसी को नहीं बताई..... और मन ही मन परेशान और मौन रहने लगा.... किसी कोई बात करने का मन ही नहीं करता था। कुछ दिन तो यूँही गुजर गए किंतु मेरा मौन भाभी को खटकने लगा.... उसे लगा कि मुझे कुछ परेशानी है।.... वो मुझसे अक्सर मेरी परेशानी का सबब पूछने लगी.......क्या हो गया है तुझे? बताता क्यों नहीं... जब चुप रहने को कहा जाता था तो चुप नहीं रहता था और अब.......जब किसी ने कुछ कहा भी नहीं तो चुप रहने लगा है....क्यों? मैं शांत ही रहा..... कुछ भी तो नहीं कहा गया मुझसे....... इस सिलसिले के चलते शाम हो गई.... नौ-दस बजे होंगे कि भाभी अपने कमरे में सोने चली गई और मैं दुकड़िया में चुप्पी ओढ़कर ही सो गया।..... सोया ही था कि वही पुराने वाला सपना फिर दिखा कि मैं भन्नाकर जग गया और बिना कुछ सोचे-समझे भाभी के पास जा पहुँचा.....ठीक-ठीक समय तो पता नहीं .... हाँ! प्रात: के लगभग चार –पाँच बजे होंगे। गौरतलब है कि उन दिनों घड़ी तो कुछ ही नामचीन लोगों के पास हुआ करती थी..... हमारे पास नहीं थी.... उन दिनों आसमान के तारों को देखकर ही समय का अन्दाजा लगाया जाता था।
भाभी को ऐसे झकझोरा कि जैसे कोई भूचाल आ गया हो। वह बड़ी मुश्किल से उठी...... मुझे अपने सामने देखकर जैसे घबरा गई.... आब देखा न ताव..... मुझे अपनी बाहों में भर लिया......... मैं अवाक था..... भाभी को किसी अनहोनी का भान हुआ और उसकी आँखे भर आईं ...... रुआँसे स्वर में बोली..... आ....अब बता क्या हो गया है तुझे........पता नहीं ...क्या हो गया है मेरे लाल कू......। इतना होने पर मैंने सोचा कि अब मुझे सब कुछ बता देना चाहिए...... मैं अचानक भावाबेश में कह उठा, “ गाँव में कोई और मरने वाला है आज। …इतना सुनकार....भाभी ने मुझे एक जोरदार चांटा रसीद कर दिया और फिर दुखी मन से बोली, “पढ़ता-लिखता तो है नहीं..... पता नहीं फालतू की बातें कहाँ से लाया है.. इतना कहकर उसने पुन: एक और चांटा मारा ..... और मुझे सीने से लगाकर फफककर रोने लगी। मैं रोता हुआ दुकड़िया की ओर बढ़ा और सो गया...... । भाभी अपने कमरे में ही सो गई। जैसे ही दिन निकला.... खबर उड़ी कि आज फलाँ.....फलाँ राम मर गया। भाभी ने ज्यूँ ही खबर सुनी.... भागी-भागी दुकड़िया में आई और झटके से मुझे जगाया। मेरा हाथ पकड़कर मुझे खींचकर अन्दर वाले कमरे में ले गई।.... कहा-सुना कुछ भी नहीं....उसने मुझे जोर का झटका देकर खाट पर बिठा दिया.....कहा, “चुपचाप यहीं बैठा रह..... बाहर बिल्कुल मत निकलना.....बाहर निकला तो इतना मारूँगी कि रोना भूल जाएगा। मैं कुछ भी नहीं समझ पा रहा था.... भाभी ने मुझे कुछ बताया भी नहीं...... मैं चुपचाप खाट पर लेट गया। मैंने देखा कि भाभी के चेहरे पर मेरे प्रति गुस्से की एवज चिंता का भाव ज्यादा था। कहा. “ आज घर पर ही रहना, स्कूल मत जाना।” जब मुझे पता चला कि आज गाँव में कोई मर गया है तो मुझे यह समझने में देर नहीं लगी कि भाभी की चिंता का कारण क्या है।
कुछ ही दिन गुजरे थे कि मैंने भाभी को फिर किसी और के मरने की बात कही, वह भी भौर हुए। यह सुनकर उसने पहले मुझे ताका और तपाक से एक चांटा जड़ दिया...... और न जाने अनाप-सनाप क्या-क्या न कहा मुझे। इसके बाद वो मुझे अपनी बाहों में भरकर फफक-फफक कर रोने लगी। पढ़ी-लिखी नहीं थी.... अनपढ़ थी। “क्या हो गया है मेरे लाल कू” यह उसका जुमला बन चुका था। अब भाभी को किसी के मरने-जीने का दुख नहीं रह गया था। उसे दुख था तो महल इस बात का कि कहीं कोई भूत-प्रेत तो मेरे सिर नहीं चढ़ बैठा है। आज उसने मुझे न डांटा और न फटकारा.... मुझे अब तक यह भी पता नहीं था कि भाभी ने भाई को भी मेरे बारे में कुछ बताया कि नहीं। खाना बनाया, खिलाया और रुआँसी सी चुपचाप एक कौने में बैठ गई मगर उसकी नजरें घर के दरवाजे पर टिकी थीं। देखा कि भाई के साथ एक तथाकथित “भगत” (बाबा) घर में प्रवेश कर गए..। उसे देखकर मैं भाई से पूछ बैठा, “किसलिए लाए हो इसे?”मेरा इतना कहना था कि भाई ने मुझे डांट दिया. “ एकदम चुप रह।” किंतु मैं चुप न रह सका। बदले में भाई ने एक जोर का चांटा रसीद कर दिया। भाई का यह पहला चांटा था। भाभी तो जाने कितने चांटे मार चुकी थी अ तक मुझे, किंतु भाभी के चांटे और भाई के चांटे में जमीन और आसमान का अंतर था। भाई के चांटे ने मेरा मुँह मोड़ दिया .... किंतु भाभी का चांटा इतना स्नेह भरा होता था कि मुझे हरबार कुछ न कुछ सोचने को मजबूर करता था। भाभी के चांटे में अपनापन होता था। वह चांटा मार तो देती थी, बदले में चुपके-चुपके खुद ज्यादा रोती थी जैसे उसके द्वारा मारा चांटा उसको ही लग गया हो।
सपना मेरा पीछा नहीं छोड़ रहा था। जब भी मैं वैसा सपना देखता, किसी न किसी के मरने की खबर जरूर मिलती.... बेशक ये एक संयोग भर ही होगा.... जो नित्यप्रति होने वाली घटनाओं से मेल भर खा रहा था, ऐसा कुछ भी न था कि मेरे सिर कोई भूत-प्रेत आ गया हो..... किंतु भाभी को कौन समझाए...उसकी तो चिंता निरंतर बढ़ती चली जा रही थी..... तरह-तरह के टोटके व बाबाओं के चक्कर में पड़ी रहने लगी। मेरा अंतर्मन भी डोलने लगा था.... तंग आ गया था इस सबसेमैं..... आखिर एक दिन मैंने सपने वाला भेद भाभी को बता ही दिया... फिर क्या था कि न तो कभी वो सपना ही मुझे आया...... और न किसी के मरने का पूर्वाभास ही, जिसे मैं उस सपने की देन मान चुका था। सदैव की भाँति मरना-जीना चलता रहा...... किंतु अब मैं और भाभी दोनों सामान्य जीवन की ओर मुड़ आए थे।
-तीन-
विदित हो कि यह एक अकेली ऐसी घटना है जिसे सार्वजनिक करते हुए मैं गर्व और शर्म दोनों को एक साथ महसूस कर रहा हूँ .....। यद्यपि ये घटना पहली दोनों घटनाओं से पहले की है किंतु इसे बाद में इसलिए रख रहा हूँ क्यों कि यह उनसे कुछ ज्यादा ही मार्मिक तो है ही अपितु भाभी की मेरे प्रति अगाध प्रेम की अदभुत घटना भी है।
शायद उन दिनों शायद......मैं नौवीं कक्षा में था.... बारिशों का मौसम था। सभी जानते हैं कि गाँवों में आजकल भी शौंच के लिए गाँव से सटे खेतों या खुले जंगल में जाना पड़ता है। यही हाल तब भी था.....यहाँ तक कि औरतों को भी .....। होता यूँ था कि कई नासमझ पुरुष या महिला या फिर बच्चे जंगल में जाने वाली पगडंडियों या नजदीकी खेतों की मेंड़ों पर ही जल्दी-जल्दी में शौंच कर आते हैं...... जिससे सीधे शब्दों में गन्दगी कहना तो नाइंसाफी होगी, बल्कि बदबूदार सड़ांद हो जाती थी। ज्यादातर पैरों में जूते नहीं होते थे.......नंगे पैर ही जंगल में आना-जाना पड़ता था....... ऐसे माहौल में न जाने कब मेरे लिंग को कोई गंदगी छू गई और उसपर फफूंद सी आ गई....... थोड़ी-2 जलन होने लगी..... जोरों की खुजली भी। हुआ यूँ भी कि मैंने अपने किसी दोस्ती के कहने पर जालिम लोशन नामक खाज-खुजली नाशक दवाई को अपनी इन्द्री पर लगा लिया था जिससे छौंगनी का अगला भाग खाल रहित सा हो गया। यहाँ तक हुआ कि स्कूल जाना भी बन्द हो गया। न पाजामा पहना जाता था ......पेंट तो होती ही नहीं थी। बस! भाई की आधी धोती को तहमद के रूप में लपेट कर और टाँगे फैलाकर चलना मेरी मजबूरी हो गया था। जब ऐसा होते हुए कई दिन बीत गए तो भाभी से रहा नहीं गया... पूछ ही बैठी.... क्या हो गया है तुझको... कई दिन से स्कूल नहीं गया.... धोती लपेटे घूमता रहता है....दिखा क्या हुआ है..... टाँगे फैलाकर घूमता रहता है..... जो कुछ ज्यादा हो गया तो......। कहाँ से लाऊँगी तेरे लिए डाक्टर..... इतना सुना कि मेरी सिट्टी-पिट्टी गोल हो गई.............. मुझसे न कुछ कहते बना और न........दिखाते। ..... नहीं....नहीं.... कुछ नहीं हुआ..बस! इतना ही कहते बना...। कुछ नहीं हुआ तो फिर स्कूल क्यों नहीं जाता...... ये धोती क्यों लपेट रखी है.....टाँगे फैलाकर क्यूँ चलता है.... हम तो पागल हैं.... हमें तो जैसे कुछ पता ही नहीं है.... जल्दी से इधर आ...... मैं देखती हूँ क्या हुआ है...... मैं अवाक भाभी का मुँह देखता रहा.... जैसे मुझे साँप सूँध गया हो.....। मैं कुछ कहता...... इससे पहले ही भाभी मेरी ओर झपटी और मेरी धोती एक झटके में ही खोल दी......और बोली कि किसे दिखाएगा ये सड़ी हुई छौंगनी...... और कौन है तेरा इस घर में..... मेरे सिवा..... मैं धोती को समेटते रह गया..... किंतु सब बेकार..... । भाभी ने मेरी छौंगनी को हाथ में लेकर देखा....मुझे आँखों से घुड़का....लपककर कमरे में गई... सरसों का तेल लेकर आई.... और फटाफट लगा दिया मेरी इन्द्री पर.....। कई दिनों तक यह सिलसिला चलता रहा....... और ...ठीक होने के बाद मैंने कालिज जाना शुरू कर दिया।
माँ: तकरार में भी ममता ........
ऊपर बताया जा चुका है कि गाँव में चार-पाँच परिवार ही ऐसे थे जिनके पास खेती की जमीन नहीं थी। उनमें से एक घर हमारा भी था। पिता के देहांत के बाद घर में बड़े भाई ही अकेले कमाऊ व्यक्ति रह गए थे। पिता जी खेती-बाड़ी में मजदूरी करते थे तो बड़े भाई उस समय जमीन से पानी निकालने वाला हैंड-पम्प लगाया करते थे।.....आमदनी अच्छी होती थी। 1965-66 में एक हैंड-पम्प लगाने के औसतन चालीस-पैंतालीस रुपये मिल जाया करते थे। दरअसल देहातों में पानी वाला नल लगाने का वह पहला-पहला दौर था..... यहाँ यह जानना अति आवश्यक है कि हमारे इलाके में हैंड पम्प लगने जैसे शुरु ही हुए थे इसलिए हैड पम्प लगाने की मजदूरी, तकनीकी काम होने के कारण, आम मजदूरी से कुछ ज्यादा ही होती थी। मजदूर का एक दिन का मेहनताना केवल चार-पांच रुपए हुआ करता था। एक हैंड-पम्प लगभग एक-दो दिन में लग जाया करता था। हाँ! यह बात जरूर थी कि काम रोजाना नहीं मिलता था। महीने में बामुस्किल दस-पद्रह दिन ही काम मिलता था। लेकिन भाई साहब बहुत खर्चीले थे। उन्हें खाली समय में ताश खेलने और बीड़ी पीने से फुरसत मिलती तो ग्राम-प्रधानी के काम में बिता देते थे। गौरतलब है कि वे ग्राम प्रधान भी थे। सो घरलू काम-काज से कम ही मतलब रखते थे।.... घर आए, खाना खाया और सो गए इसलिए माँ उनपर हमेशा नज़र रखती थी। भाई जो भी पैसे कमाकर लाते, माँ को सौंप देते थे। यहां यह बताना अतार्किक नहीं होगा कि मेरी माँ अनपढ़ होने के बावजूद पैसे के रख-रखाव के साथ-साथ ज़हनी तौर पर एक राजनेता के जैसी थी। कौन काम कब करना है, कैसे करना है, पैसा कब, कहाँ और कितना खर्च करना है, कितनी बचत करनी है, उसे वह बखूबी अंजाम देना जानती थी। माँ के गोरे-चिट्ठे छरेरे बदन और ठिगने कद को देखकर माँ की इस कैफियत के विषय में आसानी से कुछ जान लेना, किसी के लिए भी आसान नहीं था। गाँव में ही नहीं अपितु पड़ोसी कस्बे के जानकार भी माँ को फूफी या बहन के रिश्ते में देखते थे। सबसे अच्छे रसूख रखना उसे बहुत भाता था। एक खेतीविहीन मजदूर की पत्नी होने के बावजूद घर में पाँच-छ्ह भैंस रखती थी। पड़ोसी कस्बे सठला के एक जमींदार की पंद्रह-बीस बीघा खेतीहर जमीन को लगान पर अथवा बटाई पर हमेशा लेकर कास्त करती थी।
उन दिनों घरों में अलमारी आदि जैसी कोई चीज नहीं होती थी। घर में अनाज रखने के किए कुठला/कोठी या फिर बड़े-बड़े घड़ों का प्रयोग किया जाता था। पैसे रखने के लिए भी यही साधन उत्तम समझे जाते थे। लेकिन माँ पैसे रखने के लिए अक्सर अनाज अथवा दालों से भरे हुए मटकों का प्रयोग किया करती थी। जब मुझे कुछ-कुछ समझ आने लगी तो माँ अक्सर मुझसे ही पैसे रखवाने का काम करवाती थी। पैसे-धेले के मामले में घर में जहाँ मां का साम्राज्य था, वहीं घर की रसोई और घर की देखरेख का जिम्मा भाभी का था। बच्चों की देखभाल का जिम्मा भी भाभी का ही था। देखा तो यह भी गया कि अच्छे-अच्छे बड़े घरवाले लोग भी माँ के पास अनाज माँगने के लिए आते थे। माँ थी कि कोई माँगता पाँच सेर था तो देती थी तीन सेर। ऐसे ही पैसे के लेन देन के मामले में देखने को मिलता था। शादी-ब्याह के मौकों पर कई लोग माँ से पैसे उधार मांगा करते थे। ऐसे मौके तो बहुत ही कम देखने को मिले जब माँ ने किसी को पैसे देने के लिए मना किया हो। नकारा लोग तो माँ के पास फटकते ही नहीं थे। होता यूँ था कि पैसे तो घर पर रखे होते थे किंतु वह मांगने वाले से हमेशा यही कहती थी कि अच्छा ठीक है भैया......., लाला के पास जाऊंगी, पैसे मिल गए तो तुम्हें दे दूंगी। लाला के पास जाती तो सर्दी-गर्मी में मुझे साथ ले जाती थी। इस प्रकार माँ ने कभी भी किसी को न तो पूरे पैसे दिए और न ही शादी-ब्याह के समय से ज्यादा पहले। यह सब देखकर अनजाने में मुझे बड़ी हैरत होती थी। एक दिन मैंने माँ से उसके इस बर्ताव के विषय में पूछ ही लिया कि वह ऐसा किस लिए करती है। माँ ने कहा तू अभी बालक है, अभी नहीं समझेगा तू.....। सुन – अनाज माँगने वाले को यदि एक बार में ही मुंह-माँगा अनाज मिल जाएगा तो वो फिर दोबारा जल्दी थोड़े ही आएगा....... समझा कि नहीं। और यदि पैसे माँगने वाले को मुंह-माँगे पैसे और वह भी काम के समय से ज्यादा पहले मिल जाएं तो वह फिजूल-खर्ची कर बैठेगा।........... इस तरह वह पैसे की फिजूल-खर्ची का हमेशा ध्यान रखती थी। इस माने में माँ न केवल एक बनिया थी अपितु सबके बुरे-भले का पूरा ख़याल रखती थी, यह कहना ग़लत न होगा।
एक घटना और याद आ रहा है। मैं चौथी या पांचवीं कक्षा में रहा हूंगा कि एक दिन भाभी और माँ के बीच किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि भाभी भाई पर ऐसी बिफरी कि भाई के पास भाभी का साथ देने के अलावा शायद कोई और रास्ता नहीं रह गया था। माँ को यह सब गवारा न हुआ। आखिर थी तो वह भी औरत,...... उतर आई जमीन पर। .....गुस्से में भाई से बोली – ठीक है जोरू के गुलाम....... तू मेरे से मर गया और मैं तेरे से। अपनी घरवाली को साथ लेकर इसी टैम निकल जा घर से बाहर। कहीं भी जा.........बस! इसी टैम चला जा ...........इतना सुनकर भाई ने भाभी का हाथ पकड़ा और बढ़ने लगे दरवाजे की ओर,,,,,,....... तू-तू मैं-मैं में कुछ और समय गुजर गया। यह सब देखकर मुझसे और कुछ तो बना नहीं, मैं जोर-जोर से रोने लगा और माँ की टांगों से चिपट गया। पर ये क्या, माँ ने मुझसे बड़े ही धीरे से कहा - मुझको छोड़ ..... भैया को पकड़। मैंने रोते हुए माँ के मुंह की ओर देखा और भाई को छोड़कर भाभी की टांगों जा चिपका और जोर-जोर से रोने लगा। कुछ देर रोता रहा। कभी माँ की ओर देखता तो कभी भाभी की ओर। आखिर भाभी टूट गई और मुझे बाहों में भरकर वह भी सुबकने लगी। हाथ में लगा सामान तुरंत नीचे रख दिया और मुझे लेकर अंदर कोठे (कमरे) में जा बैठी। इस प्रकार माँ और भाभी के बीच की रार अंजाम को पहुंच गई। तूफान के बाद वाली शांति घरभर में पसर गई। आज जब मैं माँ के इस व्यवहार के बारे में सोचता हूँ तो केवल सोचता ही रह जाता हूँ। माँ बच्चों से कितनी ही भी खफा हो जाए किंतु उसके मन में ममता का जो सागर होता है, वह कभी सूख नहीं पाता।
माँ के बारे में न जाने कितनी ऐसी घटनाए हैं कि यदि उन सबका उल्लेख करने लग जाऊँ तो शायद ही मैं उन्हें पूरी कर पाऊँ .........फिर भी चलते चलते एक और घटना का जिक्र इसलिए करना चाहूँगा कि उड़ान के लिए ताकत की कम धैर्य और हौसले की ज्यादा आवश्यकता होती है। आपने भी सुना होगा कि गए समय में लूट-खसोट करने वालों के अपने-अपने इलाके होते थे। ......... आज भी होते हैं। हमारे इलाके में एक जाना-माना चेहरा था..........सोबना डाकू........ सब उसे डाकू कहते थे पर करता था राहजनी या फिर लूट-खसोट...... लेकिन था नामी। सर्दियों के मौसम में, एक दिन की बात है कि मैं और माँ चूल्हे में आग जलाकर बैठे थे.... अंदाजे से रात के करीब नौ-दस बज रहे होंगे.... गाँव का एक आदमी दौड़ा-दौड़ा हमारे घर आया और यह कहते हुए माँ के पाँवों में आ गिरा...... उसके पाँव पीछे और सिर माँ के पैरों में था ......... फूफी..... फूफी.... आज बच गया मैं........ आज रास्ते में सोबना मिल गया था........... उसने मेरे लत्ते-कपड़े सब उतरवा लिए थे.... एक बार को लगा कि वह मुझे मार डालेगा....... मेरी तो धिग्घी ही बन्ध गई थी..... घबराकर मेरे मुँह से निकल गय कि भैया मैं तो मंडईयों का हूँ.... इतना सुनकर वो रुक और मुझसे पूछा ........... फिर ये बता तू फूफी को जानता है.......मैने तपाक से कहा...... हाँ! भैया मैं फूफी को जानता हूँ........फूफी के पड़ोस में ही हमारा घर है........... सबका बड़ा ख़याल रखती है फूफी........ यकीन ना हो तो कल गाँव में आकर पूछ लेना............ बस! फूफी उसने इतना सुना और मुझे छोड़ दिया...... और कहा आज से आगे कभी रात-बिरात इस तरह घर से बाहर मत निकलयो ....नहीं तो.........। इतना सुनकर माँ बड़े आराम से बोली, “अरे! तो अब मरा क्यूँ जा रा.....य। उठ..... तने तो मैंई डरा दई...... त....उन्ने बुरा क्या कई...... रात में कहाँ घूमता फिर रयो था..... चल घर जा... कोई चिंता की बात ना है...... अब कभी आगे ऐसा होवे तो फूफी का नाम ले दीजो... समझा कि नईं...।...... फूफी-भतीजे की बात तो खत्म हो गई......किंतु मैं सोचता रह गया कि ये पाँच फुटी औरत है........ या फिर कुछ और........इससे पहले मेरे ऐसे प्रश्नों का उत्तर मिल पाता........... माँ दुनिया से कूच कर गई.....।
अब आप सोच सकते हैं मेरी माँ के कृतित्व और व्यक्तित्व के बारे में...... मुझे शायद कुछ भी कहने की आवश्यकता नहीं है। ....... यहाँ जो भी तथ्य दिए गए हैं...... मेरी यह पूरी जीवनी नहीं है...... उसे इस ;पुस्तक में देना संभव भी नहीं है...... कुछ आवश्यकता भी नजर नहीं आ रही......अभी तो जीवन चल ही रहा है...... सुबह से शाम होने तक का सफर शाम होने से पहले भला कैसे लिखा जाए......मैं समझता हूँ, यहाँ बचपन के साथा-साथ शिक्षाकाल का विवरण देना ही काफी होगा।
………………. अब मेरे साहित्यिक सफर और रचना धर्मिता के बारे में बात करना चाहूँगा जो शौधकर्ता की आवश्यकताहै....
मेरी रचना-प्रक्रिया
मेरा जन्म एक अकृषक परिवार में सन 1949 में बुलन्दशहर उ.प्र.) के एक छोटे से गाँब अला बास बातरी में तब हुआ, जब भारत का संविधान रचा जा रहा था। दरअसल मैं बचपन से हीतमाम सामाजिक और पारिवारिक झंझावतों को झेलते हुए आगे बढ़ा हूँ।
मुझे गहरे से और ज्यादा जानने के भाव से यह उचित ही होगा कि मैं यहाँ उसवाकिये को भी जोड़ दूँ कि जब मैं भारतीय स्टेट बैंक में सहायक प्रबन्धक के रूप में कार्य करते हुएभारतीय स्टेट बैंक केप्रशिक्षण केंद्र आगरा में प्रशिक्षणार्थ गया हुआ था। प्रशिक्षिक माननीय राजेन्द्र कुमार जी थे। उन्होंने प्रशिकणार्थियोंसेअपने और अपने बच्चों के विकास के विषय में कई सवाल किए। कुछ—कुछ अपनी रुचि के, कुछ प्रिशिक्षण प्राप्त करने वालों के। ज्यादातर ने परंपरागत मान्यताओं के हिसाब से ही उत्तर दिए । मैंनेशांति से सबको सुना। अब ! राजेंद्र सर ने मेरी ओर उंगली उठा दी। यानी कि अब मेरी बारी थी। मैंने अपनी बात शुरु करने से पहले राजेन्द्र सर से कहा कि मुझ से पूर्व जिन-जिन भी प्रशिक्षणार्थी ने जो कुछ भी कहा, मेरी समझ से इसलिए परे है क्योंकि उन्होंने किस-किस आधार पर अपने विचार व्यक्त किए, उनका किसी ने भी खुलासा नहीं किया। मैं चाहता हूँ कि अपनी बात आपके सामने अपने अन्दाज में रखूँ। राजेन्द सर ने बिना किसी हिचक के मुझे ऐसा करने की आज्ञा प्रदान कर दी।
मैंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की परिभाषा देश, काल और परिस्थिति पर आधारित होती है। देश, काल और परिस्थिति को नकार कर जीवन की परिभाषा की ही नहीं जा सकती। फिर भी यदि कोई करता है तो वह शंका से परे नहीं हो सकती। जहाँ तक मेरा सवाल है, मैं नितांत ग्रामीण हूँ। अकृषक परिवार से ही नहीं, अपितु एक दलित वर्ग के परिवार से भी हूँ। लगभग डेढ़ वर्ष की अल्पायु में मेरे पिता का देहांत हो गया था। सातवीं कक्षा में आते-आते माता का देहांत भी हो गया। आगे का भार बड़े भाई डालचन्द ने उठाया। मगर प्रथम श्रेणी में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद, मेरे बड़े भाई ने मुझे आगे पढ़ाने से हाथ खींच लिया। ये मेरे लिए एक त्रासदी से कम नहीं था। दिमाग का भी इतना विकास न था कि मैं आगे-पीछे का कुछ भी सोच सकूँ। ऐसे में निराशा की चादर समेटे, मैं अपने बहनोई माननीय श्रीराम के पास नौकरी पाने की लालसा से गया। उन्होंने कहा कि मैं चहाता हूँ कि तू आगे की पढ़ाई कर, इसके लिए जो मुझसे बन पड़ेगा, मैं करूँगा। नौकरी तो मैंलगवा ही दूँगा। मैं उजास कम, हताशा कुछ ज्यादा लेकर अपने गाँव वापिस आ गया। सोचा, क्यों न पढ़ाई खुद ही कर लूँ? संसाधन तो नके बराबर थे ही । फिर भी मैंने जैसे-तैसे ग्यारहवीं कक्षा में दाखिला ले लिया। इस पर भाई ने कुछ नाराजगी भी जाहिर की क्योंकि वो मेरी शादी कराकर अपने दायित्व की इतिश्री कर लेना चाहते थे। किंतु मैं अपनी बात पर अडिग रहा और जैसे-तैसे मेहनत-मजदूरी करते हुए स्वतंत्र भारत इंटर कालेज , भवन बहादुर नगर ,(बुलन्दशहर ) उ.प्र. केप्रधानाध्यापकमाननीय रामाश्रय शर्मा एवंअन्य ब्राह्मण अध्यापकों द्वारा प्रदत्त आर्थिक सहायता के बल पर उत्तीर्ण की। वह भी प्रथम श्रेणी में। वस्तुत: सच तो ये है कि मैं दलित परिवार से होते हुए भी, ब्राह्मण अध्यापकों का घना चहेता रहा। कारण चाहे जो भी रहे हों।
बारहवीं करने के उपरांत, मैं 1969 में ही नौकरी की तलाश में दिल्ली आ गया। दिल्ली आने के बाद , दिल्ली में रुके रहने के लिए मैंने जाने क्या-क्या न किया। अंतत: तीन-चार सरकारी नौकरी छोड़कर मैंअप्रैल 1974 को भारतीय स्टेट बैंक में बतौर टंकक-लिपिक भर्ती हो गया। अब दुविधा ये थी कि जिस शाखा मैं भर्ती हुआ था, उसमें मेरे साथ भर्ती हुए सभी कर्मचारीस्नातक याफिर स्तानकोत्तर थे। मैं केवल बारहवीं पास था। मेरे शैक्षिक स्तर को लेकर वो आपस में कुछ न कुछ अप्रिय बातें करने से बाज नहीं आते थे। उनकी ऊल-जलूल बातों का मुझे ये लाभ मिला कि 1975 में मैंने स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्तकरने केलिए मेरठ यूनिवर्सिटी (अब : चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी) से पत्राचार पद्धति के तहत जरिए 1977 में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। और अब मैं आपके एक अधिकारी के रूप में उपस्थित हूँ। तदंतर मैंने राजेन्द्र सर से ही सवाल कर दिया कि अब आप ही मेरे जीवन की परिभाषा तय करलें। उन्होंनेऔरमेरे साथियों ने बड़े ही धर्य से मेरी बातें सुनीं।सभीप्रशिणार्थीशांत थे। राजेन्द्र सर भी। किंतु उन्होंने प्रत्युत्तर में, जीवन की परिभाषा तय करने का भार मुझ पर ही डाल दिया।
मैंने बिना कुछ देरी किए, उत्सुकता-वश सहज भाव से कहा कि महोदय! मुझे तो ‘जीवन’ संघर्ष के अलावा और कुछ नहीं लगता। शेष आप स्वयं तय करें कि मेरी परिस्थितियों के अनुरूप आप जीवन को क्या संज्ञा प्रदान करेंगे।वेकुछ पल चुप रहे और अचानक तालियाँ बजाने लगे।…… बहुत खूब …..बहुत खूब। उनका इतना कहना थाकि सभी प्रशिणार्थीभीतालियाँ बजाने लगे। ….. और सत्र के अंत तक मैं चर्चा का विषयबनारहा। अपनी “ रचनाधर्मिता” के विषय में कुछ लिखने से पूर्व यथोक्त सत्य व्यक्त करना, मैंने इसलिए आवश्यक समझा, क्योंकि किसी भी रचनाकार का परिवेश अक्सर उसकी रचना का किसी न किसी रूप में एक अभिन्न अंग होता है। या यूँ कहा जा सकता है कि किसी भी रचनाकार की रचना उसके परिवेश अक्सर किसी नकिसी रूप में प्रभावित होती है। यह सत्य मेरी रचनाओं में उजागर होता है। है।
मैंने अपर्युक्त में दसवीं कक्षा पास करने के उपरांत अपने बड़े भाई के नकारात्मक व्यवहार का उल्लेख किया है। यह भी कहा है कि खुद मेहनत-मजदूरी करके बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की। दरअसल, मेरे बड़े भाई हेंड-पंप लगाने काकार्य करते थे। घरेलू काम होने के नाते , मैंने भी दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत हेंड-पंप लगाने का कार्य करना शुरू कर दिया। इसके चलते, मैंने अपने बलबूते पर ग्यारहवीं कक्षा में दाखिला ले लिया था। ग्यारहवीं कक्षा के दिनों में इसी कारण से, मैं कालिज से अक्सर गायब रहने लगा। यह 1967 की बात है। उस समय एक हेंड-पंप लगाने के लगभग 40-45 रुपएमिल जाया करते थे। वह भी एक-दो दिन में। इसके साथ-साथ एक राज़ और खोलना जरूरी है कि मुझे देहाती गाने गाने का बड़ा ही शौक था। कोई ही ऐसा दिन जाता होगा, जब गाँव के लोग हमारी बैठक ( दुकड़िया) पर गाना सुनने के लिए न आते हों। यहाँ यह पुन: उल्लेख करना जरूरी है कि यह संयोग ही था कि मैं रागनी गाने में रुचि रखता था। बस! इसी लगन ने मुझे रागनी लिखने की ओर भी खींच लिया।
गौरतलब है कि साठ-सत्तर के दशक में लिखी जाने वाली ज्यादातर रागनियाँ ऐतिहासिक किस्सों / कहानियों पर आधारित होती थीं, किंतु मैंने अपने एक साथी “संतराम प्रेमी” के साथ मिलकर रागनियों को आम –आदमी की समस्याओं से जोड़कर आगे का रास्ता तय करना मंजूर किया। वह ऐसा समय था कि जब मुझे“रचना धर्मिता” जैसे विषयों केबारे में सोचने का ज्ञान तक नहीं था। इस बीच मैंने और मेरे साथी संतराम प्रेमी ने आठ पेजी चार पुस्तिकाओं का प्रकाशन कर बुलन्दशहर के स्याना कस्बे में अवस्थित ‘ओम-शरण पुस्तक भंडार’ नामक पुस्तक विक्रेता को छपाई की लागत से करीब पाँच गुनी कीमत में बेच दी जाती थी। उस समय यह कार्य निसंदेह मेरी आजीवका का हिस्सा था। जब मैं 1969 में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करके दिल्ली आया तो दिल्ली में रुके रहने और नौकरी की तलाश में बने रहने के लिए मैने गोल मार्किट की बेयर्ड रोड पर स्थित “ओनिलको कैमिस्ट” नामक एक दुकान पर केवलदो रुपए रोज के वेतन पर कार्य किया। रविवार के पैसे कटते थे।
दिल्ली में आने के बाद सन 1971 में मैं दिल्ली ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (डी.टी.यू.) में दैनिक दिहाड़ी पर संवाहक के पद पर नियुक्त हुआ। इस बीच मेरा लेखन कार्य अवरुद्ध ही रहा। कारण था, सुबह-शाम शिफ्ट में काम करना। वह भी केवल चार रुपए रोजाना। कभी काम मिला, कभी नहीं। इसी दौरान मुझे एक ऐसी ड्यूटी मिल गई जो सुबह के ही दस बजे समाप्त हो जाती थी। या फिर कभी दिन में नौकरी करता तो शाम खाली। रात को काम करता तो दिन खाली। इस खाली समय की भरपाई के लिए मैंने ईस्ट पटेल नगर स्थित “ दिल्ली पब्लिक लायबरेरी की सदस्यता हासिल करली और लिखने-पढ़्ने की कुलबुलाहट के कारण अब मेरा खाली समय वहाँ गुजरने लगा। वहाँ अलग-अलग विधाओं की पुस्तकों का असीम भंडार था।यहाँ यह स्पष्ट करना आवश्यक महसूस हो रहा है कि मैंने कालिज के समय में नाटक और उपन्यास खूब पढ़े थे। किंतु दिल्ली पब्लिक लायबरेरी की सदस्यता हासिल करने के बाद धीरे-धीरे मेरा ध्यान गद्य साहित्य से जैसे हटता चला गया। फलत: अब मैं नाटक और उपन्यास जैसी विधाओं की पुस्तकें पढ़ने से कटने लगा था। बदले में देवनागरी लिपी में छपी उर्दू और हिन्दी की ग़ज़लों/कविताओं की पुस्तकें पड़ने लगा था। मीर, गालिब और न जाने कितने ही शायरों की किताबें ज्यादा पढ़ने लगा। वह भी कई-कई बार। अब मैं उर्दूदां तो था नहीं, अत: शब्दार्थों के जरिए शायरी समझने का निरंतर प्रयास करता था। बस यहीं से मैं गद्य साहित्य व देहाती गानों/रागनियों से इतर शायरी ने जैसे मुझे ठग लिया। अब मैं ग़ज़ल और मुक्तक लिखने की ओर अग्रसर होने लगा था। और ग़ज़लों के अलावाअब मुझे केवल कविता हीलुभा पाती थी। गद्य से जैसे नाता लगभग टूट ही गया था। ग़ज़ल पढ़-पढ़कर मुझे लगा कि ‘ग़ज़ल’ हीएक मात्र ऐसी विधा है जिसकी दो पंक्तियों मात्र में बहुत सारा अर्थ भरा जा सकता है। इस काव्यात्मक विधा ने मुझसे मुझे छीन लिया और स्वयं मुझमें समा गई। निरंतर पठन-पाठन से मेरा रुझान गद्य से हटकर पद्य — वह भी शायरी की ओर चला गया। परंपरागतग़ज़लजहाँसुरा औरसुन्दरी के दामन से गुजरने के बाद हवा पा पाती थी, वहीं आज की हिन्दी ग़ज़ल आम आदमी के दुख दर्द की आवाज़ बन गई है, यह सब “दुश्यंत” के “ साये मेंधूप के” पढ़ने के बाद ही जाना। और जब मेरी कलम आज की ग़ज़ल की ओर चली तो ठीक दुश्यंत की तरह ही मेरी कलम भी अक्सर कड़वा और सियासी जामा पहनकर संघर्षों के साथ निर्माण तलाशने लगी।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (डी.टी.यू.) में नौकरी करने के दौरान मेरा परिचय उस समय के जाने-माने ग़ज़लकार महेश चन्द ‘नक्ष’ से हुआ। गौरतलब है कि महेश चन्द ‘नक्ष’ भी डी.टी.यू. में ही सर्विस करते थे। मैंने उनकी ग़ज़लें बहुत बार आल इंडिया रेडियो के विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सुनी थीं। अब क्या था, मैं उनसे कुछ सीखने के आश्य से उनके बराबर संपर्क में रहने लगा। किंतु हाथ कुछ भी न लगा। वे चाय-पानी तो खूब और बड़े प्यार से पिलाते थे किंतु शायरी को नाकारा और आवारा लोगों का शौक बताकर मुझे पटरी से उतार देते थे। उनके ऐसे कहने पर मेरे मन में आता था कि मैं उनसे कभी पूछ कर देखूँ कि यदि शायरी नाकारा और आवारा लोगों का शौक है तो फिर आप क्यों शायरी से नाता क्यों जोड़े हुए हैं। किंतु उनसे कुछ भी पूछने का साहस नहीं होता था। वैसे भी वो डी. टी. यू. में ट्रैफिक इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे और मैं एक अदना सा संवाहक, वह भी दैनिक दिहाड़ी वाला अस्थाई कर्मचारी। खैर! अंतत: उनसे मिलना-जुलना ही छोड़ दिया और जो भी जैसा भी मन में आया, लिखता रहा।
एक और कड़बा सच है कि दिल्ली आने के बाद, भारतीय समाज मेंव्याप्त विसंगतियों/ विकृतियों/ सामाजिक भेदभाव/राजनैतिक भ्रष्टाचार/ गरीब और निरीह तबके के प्रति प्रशासजिक उपेक्षा/ जाँति-पाँति और आर्थिक व श्रृमिक शोषण, धार्मिक पाखंडवाद जैसी जाने कितनी ही सामाजिक बुराईयों से साक्षात्कार हुआ। अब वक्त की आवाज़ से जैसे मेरा परिचय हो गया था। पद्य लिखने के मेरे शौक में आम आदमी दुख-दर्द पहले से ही शामिल था, सो आम आदमी का दुख-दर्द अब मेरी ग़ज़लों और कविताओं का खास विषय बनकर मुखर हो गया ।
यहाँ यह कहना ग़लत नहीं होगा कि प्रत्येक रचनाकार छपना तो चाहता ही है। मैं भी चाहता था किंतु अपनी शर्तों पर। जैसा मैंने लिखा है, वैसा छापना है तो छापो, अन्यथा कोई बात नहीं। तुम अपने घर, मैं अपने घर। हासिल ये हुआ कि किसी भी प्रकाशक ने मुझे छापने का जोखिम नहीं उठाया। दूसरे मैं अपने रचना के प्रकाशन के आश्य से किसी भी पत्र-पत्रिका के संपादक के पास चलकर नहीं कभी भी गया। अब इसे मेरी नादानी कहें अथवा अन्य कुछ और। इस तरह समय गुजरता गया और मैं साहित्यिक भँवर र्में हिचकौले खाता रहा।
सन 1972 के आसपास मैंने अपनी टूटी-फूटी ग़ज़लें इधर-उधर पत्रिकाओं में प्रकाशनार्थ भेजनी शुरु करदीं। इसी समय “ गीतकार” नामक पत्रिका का प्रवेशांक पढ़ने को मिला। पद्मश्री गोपाल दास “ नीरज” “ गीतकार” केप्रधान संपादक थे। पत्रिका पढ़ी । अच्छी लगी। मैंने अपनी एक ग़ज़ल “ गीतकार”मेंप्रकाशनार्थभेजदी। किंतु मेरे द्वारा प्रेषित ग़ज़ल की केवल चार पंक्तियाँ ही प्रकाशित की गईं। वह भी संशोधन के बाद। प्रकाशित पंक्तियाँ ये हैं—
तुमनेसाँझ कावायदा किया तो मान लिया,
तुमने प्यार का वायदा किया तो मान लिया,
फिर मुहब्बते-तकरार का मतलब क्या है,
जब तुमने इंकार किया तो हमने मान लिया।
मुझे मुझे इन पंक्तियों के प्रकाशन पर खुशी कम, अवसाद ज्यादा हुआ क्योंकि वो मेरी विचारधारा के साथ एक छेड़छाड़ थी। शिल्पगत छेड़छाड़ तो मुझे कल भी स्वीकार थी और आज भी। किंतु इसे संयोग कहूँ या कुछ और, इसके बाद‘गीतकार” में मेरी रचनाओं को बिना किसी छेड़छाड़ के छापा और मुझे तेवरी भाषा का रचनाकार तक कहा जाने लगा जिससे मुझे अपनी बात को साफगोई के साथ रखने का बल व मेरे भीतर बैठे रचनाकार को नई दिशा मिली। मुझेलगा कि ग़ज़ल कहना आसान नहीं है। अभी और ज्यादा अध्ययन की आवश्यकता है। यद्यपि मेरा मानना है कि साहित्यिक सिद्धांत / व्याकरण का जानना आलोचकों और समालोचकों / विशेषज्ञों का काम है, रचनाकार का नहीं। फिर भी मैंने अपनी रचना में सुधार के लिए हल्के से ही सही, ग़ज़ल के व्याकरण को समझने का प्रयास किया।
यहाँ यह बताना जरूरी लग रहा है कि समय गुजरने के साथ-साथ मैंने भारतीय स्टेट बैंक में नौकरी करते हुए 1977 में स्नातक (बी.ए.) की परीक्षा भी उत्तीर्ण करली थी। अब साहित्यिक गोष्ठियों में आना-जाना मेरा शौक बन गया था।
1977 में आकाशवाणी, दिल्ली में कार्यरत माननीय श्याम दत्त पराग से अनायास रीगल सिनेमा के पास कनाट-प्लेस में स्थित काफ़ी हाउस में मेरी मुलाकात हुई। मैं उस समय लगभग 28 वर्ष का था।पता नहीं, मेरे लम्बें बाल और दाढ़ी को देखकर उन्हें क्या आभास हुआ होगा? उन्होंने हाथ का इशारे से अपने पास बुलाया और कहा, “ लगता है तुम्हें कुछ लिखने-पढ़ने का शौक है ।” मैं कुछ देर सहमा सा चुप रहा। फिर सिर्फ इतना कहा कि शौक-भर है। उन्होंने शायद मेरा मन रखने के लिए कहा कि शौक होना ही तो भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है। बोले, ’ कुछ सुनाओ।”मुझ पर झिझक तारी थी।मैंने टालने की कोशिश की। किंतु वे नहीं माने। मैंने झिझकते हुए उन्हें अधोलिखित पंक्तियाँ सुनाईं –
मैंने तो गिर-गिरके, उठने काहुनर पाया है,
मैंने तो रो-रोके, हँसने काहुनर पाया है,
ये धरती, तेरी धरती काआसमाँ होगी,
मैंने तो मर-मरके, जीने काहुनर पाया है।
पराग जी कशमीरी पंडित थे। और मैं दलित परिवार से आया एक ऐसा प्राणी जिसे विरासत में महज़ प्रत्येक प्रकार का अभाव ही मिला था। इन पंक्तियों को सुनकर पराग जी ने मुझे अगले दिन संसद मार्ग पर स्थित आल इंडिया रेडियो के कार्यालय में आने को कहा। दरअसल पराग जी आल इंडिया रेडियो के डोगरी भाषा के समाचार विंग में कार्यरत थे। मेरी नई-नई नौकरी थी। छुट्टियाँ लेना मेरे लिए एक समस्या थी। खैर! जैसे-तैसे समयनिकालकर मैं आकाशवाणी , दिल्ली के कार्यालय पराग जी से मिलने गया। बड़े ही प्यार से मिले वो मुझसे। मुझे स्टाफ कैंटीन ले गए वो। दो चाय मँगाईं।इसीबीच उन्होंने मेरे सामने एक फार्म रख दिया। कहा, “ इसे भरदो।” और इस प्रकार पराग जी के सहयोग से मुझे आकाशवाणी , दिल्ली के युववाणी कार्यक्रम में समय-समय पर कविता पाठ करने केलिए बुलाना 1980 तक जारी रहा। इस दौरान, यद्यपि मेरी कविताएं परम्परागत कविता से हटकर वर्तमान सामाजिक / आर्थिक / धार्मिक/ राजनीतिक अव्यवस्था के पक्ष में न होकर उस पर प्रहार करती थीं, किंतु मेरी अलग विशिष्ट रचना पर मेरे सहयोगी कवि मुझे प्रोत्साहित ही करते थे। इससे मुझे मेरे जीवन के यथार्थ को काव्य रूप में अभिव्यक्त करने का मजबूत आधार मिला।
1980 के मई मास में मेरे नियोक्ता भारतीय स्टेट बैंक ने मुझे केन्द्रीय कार्यालय के लेखा-परीक्षा विभाग में प्रतिनियुक्त कर दिया। यह एक यायावरी (मोबाइल) नियुक्ति थी।इस दौरान में इन्दौर से प्रकाशित “नवभारत” एवं अन्य प्रादेशिक समाचार पत्रों में यदा-कदा छपता तो रहा लेकिन मेरी मोबाइल ड्यूटी के चलते मेरी रचना-प्रक्रिया अथवा रचना-विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
1982 में मुझे सहायक प्रबन्धक के पद की नियुक्ति पर राजस्थान के सीकर जिले में जाना पड़ा। किंतु कभी-कभार ‘राजस्थान पत्रिका’ और ‘राष्ट्रदूत’ समाचार पत्रों के सहयोग ने मेरे साहित्यिक मर्म को बनाए रखा। यहाँ यह कहना अनुचित न होगा कि तमाम झंझटों के चलते भी मेरी रचना-प्रक्रिया अथवा रचना विकास निरंतर बना ही रहा।
1985 में मैं रुग्णावस्था में दिल्ली वापिस आ गया। 1986 मेंएकऐसा व्यक्तिमिला जिसने मेरे साहित्यिक सफ़र की शुरुआत में, मुझे पूरी तरहसे नकारने का प्रयास किया। मेरे उनसे मिलने के बार-बार के के सभी प्रयास जैसे बेकार गए। तब मुझे लगा कि ऐसा कार्य कोई साहित्यिक कांति-धर्मा ही कर सकता है। हद येथी कि घर में होते हुए भी वह शख़्स अपने बच्चों के जरिए घर में न होने के झूँठ को सच का जामा पहना देता था। किंतु मैंने हार नहीं मानी। मैं उनके दरवाजे पर निंरंतर दस्तक देता ही रहा। अंतत: वे हार ही गए। अब वो मुझे नकारने का साहस नहीं जुटा पाते थे। अब जैसे ही मैं दरवाजा बजाता, वह स्वयं ही सामने खड़ेनज़र आने लगे। फिर क्या था, घंटों-घंटों साहित्यिक चर्चा में ख़पने लगे। चलो! अब बता ही देता हूँ, उस शख़्स का नाम है ”के.एल. बालू”। आजकल वे केंद्रीय विद्यालय से प्रधानाचार्य के पद से सेवा—मुक्त हैं। कमाल का साहित्यिक ज्ञान है उनके पास। खुद तो जैसे कुछ लिखते ही नहीं, किंतु मेरे जैसों का मार्ग प्रशस्त करना उन्हें खूब आता है। बस! शर्त ये है कि कोई उनकी आँखों में बसने का हौसला पाल पाए। फिर चाहे ग़ज़ल हो, कविता हो या फिर गीत , उन्हें ख़गालनाबखूवी आताहै। मेरे रचना क्रम का यह शख़्स निसंदेह एकअभिन्न अंग है।या यूँ कहूँ कि मेरी रचना के विकास में एक अहम भूमिका रही है। पारवारिक, सामाजिक और साहित्यिक जिम्मेदारियाँ निभाते-निभाते वर्षों जाने कैसे गुजर गए।
1994 में मैंने भारतीय स्टेट बैंक के दिल्ली आँचलिक कार्यालय में कार्य करते हुए “स्टेट साहित्य मंच’ की स्थापना की तथा “सृजन केपथ पर” और “धूप ओसारे चढ़ी” (दोनों काव्य संग्रह) का संपादन किया जिनमे भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत गुमनाम कवि-मनों की कविताओं को ही संकलित किया गया। उनकी भी मूलात्मा प्राय: आम-आदमी सेजुड़ी पीड़ा ही रही। स्टेट बैंक साहित्य मंच की स्थापना करने पर मुझे सुनीता खोखा, एन.पी. जैन, अखिलेश उनियाल, ए.वी. रमनमा आदि कुछ ऐसे हस्ताक्षर मिले जो मेरे शुरुआती साहित्यिक-सफ़र में सदैव मेरे साथ खड़े रहे। किंतु कुछ दूरी तय करने के बाद स्टेट बैंक साहित्य मंच अपने ही अन्दर के कुछ लोगों की भीतरघात से मृत प्राय: हो गया। किंतु इस सफर में मुझे जो व्यक्तिगत लाभ मिला – वह है कि भारतीयस्टेट बैंक के पूर्व महा प्रबन्धक माननीय ए.पी.एन. पंकज कासानिध्य मिलना। यदि माननीय ए.पी.एन. पंकज कासानिध्य नहीं मिला होता तो शायद मेरे रचना-क्रम/विकास को रफ्तार न मिल पाती। मेरे लेखन के बारे में उनकी एक टिप्प्णी - “ मुस्कराहट दर्द सेभरी है, या दर्द को मुस्कराहट दर्द को छिपाने का प्रयास कर रही है? बात के पीछे व्यंग है या व्यंग की ही बात है? सूई को हाथ में अपना तन भेदने के लिए पकड़ रखा है, या उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए? इन सवालों का जवाब तो दे पाना मुश्किल है, पर उसे देख, सुन यापढ़कर ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे जरूर।”
मुझे यह कहने में तनिक भी हिचक नहीं कि मेरा समूचा साहित्य चलती-फिरती कार्यशाला की उपज है। मैंने कभी भी सिर्फ कविता के लिए, कविता गढ़ने की मशक्कत नहीं की। केला बेचती चमेली, सड़क पर झाड़ू बुहारती चन्द्रकला, मूंगफली बेचता ननकू, सब्जी बेचती धनिया, मजदूरी करता होरी, बलात्कार की शिकार किशोरी, भ्रष्टाचारी रानेता/घूसखोर शासन-प्रशासन/नंगी-धड़ंगी सभ्यता जैसे विविध विषय ही मेरी रचना के आधार रहे हैं। मेरी गजल हो या फिर कविता प्राय: घटना प्रधान ही रही हैं। यथार्थ के धरातल से जन्मी हैं। कल्पना जैसे मेरी रचना का हिस्सा नहीं रही। यदि कहीं कल्पना दिखती भी है तो संयोग मात्र है। मेरा रचना के विकास-क्रम में सदैव एक प्रवाह बना रहा जिसे मैं रोकना शायद मेरे वश में नहीं। आए दिन अखबारों में सुर्खियाँ पढ़कर या फिर गली-चौराहों पर घटित घटनाएं मुझे आज भी इस तरह व्याकुल करती रहती हैं कि जब तक इन्हें कागज पर न उतार लूँ, तब तक मुझे चैन ही नहीं मिलता। इस प्रकार मेरी रचना-प्रक्रिया निर्बाध गति से सदैव गतिमान रहती है।
वर्ष 1985 से मैं शारीरिक रुग्णता से जूझ रहा हूँ, किंतु मेरी रचना-प्रक्रिया पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव कभी नहीं पड़ा। जब भी, जैसे भी मन में कोई विचार आया, उसे हमेशा रोशनाई देने की मेरी कोशिश रही। कई मौके ऐसे भी आए कि जब मेरे पास न कलम थी, न कागज। ऐसे अवसर पर मैंने सिगरेट के खाली बक्से और माचिस की जली हुई तीलियों से काम चलाया। फिर तो मैंने कागज और कलम हमेशा अपने साथ रखने का सिद्धान्त ही बना लिया। यह सिलसिला आज भी जारी है।
इधर जुलाई 2012 में, मैं बीमारी के कारण पर बिस्तर पर आ गया। लगभग एक माह अस्पताल में भर्ती रहा। घर लाया गया तो मेरा शरीर एक कंकाल के सिवा कुछ भी न था। केवल पैंतालीस का मानव शरीर न खुद उठ पाता, चलने का तो सवाल न था। किंतु अपने आप को ये हैरत होती है कि मेरा रचना-विकास इससे कतई भी कुप्रभावित नहीं हुआ, उलटे और भी प्रगाढ़ रचनाएं उभर कर सामने आईं, बिल्कुल जीवन-मृत्यु से बतियाती गजलें। और तो और पिछले दो वर्ष के अंतराल में मेरी तीन पुस्तकें भी प्रकाशित हो गईं।
मेरी इसी निर्बाध रचना-प्रक्रिया का परिणाम है कि अब तक ग़ज़ळ, कविता, बाल गीत, शब्द चित्र, व्यंग्य, कहानी व आलेख जैसी विधाओं में मेरी अधोलिखित साहित्यिक सम्पदा संग्रहित हो चुकी है:-
ग़ज़ल संग्रह
दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसों के दौर में, तूफाँ की ज़द में (प्रकाश्य)
बाल-गीत
रुनझुन, चल मेरे घोड़े, धमाचौकड़ी, खेल-खेल में, खेल-खेल में अक्षर-ज्ञान (हिन्दी) तथा Let’s Learn Alphabt (Through Lylrical Way)
कविता संग्रह:
पुश्तैनी पीड़ा व वेताल दृष्टि (कविता-संग्रह)
संपादन
: सृजन के पथ पर, धूप औसारे चढ़ी (दोनो कविता संग्रह) और शिव मन्दिर से शिशु मन्दिर तक ( माननीय आर. सी. भारती की आत्म-कथा)
शब्द-चित्र
कहाँ गई वो दिल्ली वाली
वैचारिकी
बिन्दु-बिन्दु सार, शिक्षा, मीडिया और राजनीति और आलोचना-समालोचना
गीत
टूट गया भ्रम सम्बंधों का
विविध
कान्या की वापसी ( टी. वी. सीरियल: लेखन वनिर्देशन) और तन्हा ज़िंदगी( ग़ज़लों काआडियो )
पत्रकारिता :
पूर्व वरिष्ठ सम्पादक (साहित्य) , ’ग्रीन सत्ता’ (पाक्षिक समाचार पत्र) , पूर्व उप-सम्पादक ‘अपेक्षा’ ( त्रिमासिक पत्रिका), प्रधान सम्पादक’ आजीवक विज़न’ ( मासिक पत्रिका) तथा
संपादक ‘अधिकार दर्पण’ ( त्रिमासिक पत्रिका), संपाद्क, परिसंवाद ( एक शैक्षणिक जर्नल)
विशेष
हिन्दी अकादमी, दिल्ली द्वारा ‘खेल-खेल में’ (बाल-गीत - पांडुलिपि) के लिए (वर्ष 1995-96), का “बाल साहित्य पुरस्कार”
हिन्दी अकादमी, दिल्ली द्वारा (वर्ष 2006-2007) का “साहित्यकार सम्मान” तथाअनेक साहित्यिकव सामाजिक संस्थाओं द्वारा“नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान””
मेरा मानना है कि किसी भी रचनाकार का पूरा सच उसके साहित्य और व्यक्तिगत साक्षात्कार के बाद ही सामने आ सकता है। साहित्य के क्षेत्र में कोई भी रचनाकार कभी भी परिपक्व कहलाने का अधिकार जैसे रखता ही नहीं, क्योंकि, जैसा कि मैं मानता हूँ, रचनाकार की प्रत्येक रचना नितांत नई ही होती है। इन अर्थों में, मैं कल भी नवोदित था, आज भी नवोदित हूँ और आगे भी नवोदित ही रहूँगा। तमाम शारीरिक व्याधियों के बावजूद मैं सदैव साहित्यिक सफर में रहूँ, कभी थकान महसूस न करूँ और मेरी स्वत: स्फूर्त रचना-प्रक्रिया बनी रहे, यही मेरा प्रयास रहेगा।
मेरी रचना धर्मिता
रचना प्रक्रिया के रास्ते में आने वाली बाधाओं को पार करने के बाद भी कम समस्याएं खड़ी नहीं होतीं, ऐसे में रचना-धर्मिता मेरे परिवेश के इर्द-गिर्द आए उतार-चढ़ाव के चलते उमड़ते-घुमड़ते बादलों के रिसाव को मेरे द्वारा पहले दिए गए बयानों में आपने नजदीक से देखा। ऐसे में मुझे यह आशा करनी ही चाहिए कि मेरी रचना-धर्मिता को जानने-पहचानने में आपको कोई खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा क्योंकि मेरा ये मानना है कि किसी भी रचनाकार की “रचना धर्मिता” उसके अपने परिवेश केआस-पास में ही सांस लेती है और उसी के आस-पास सिमटी होती है। देश , काल और परिस्थिति से विमुख रचनाकार जैसे स्वांत-सुखाय रचनाकार होता है। और स्वांत-सुखायरचना कभीभी आम-जनता का प्रतिनिधित्व नहीं करती।
कोई भी कवि अथवा लेखक अपनी रचना-धर्मिता केविषय में जब भी स्वयं कोई बात करता है अथवा लिखता है तो उसे बड़े ही संकट से गुजरना होता है। वास्तव में स्वयं अपनी रचना-धर्मिता के विषय में लिखना एक जोखिम-भरा कार्य इसलिए है कि रचनाकार विशेष को स्वयं अपना आलोचक बनना पड़ता है। और स्वालोचना स्व-प्रसंशाकेपरे की बात है। इस नाते मेरे लिए भी “रचना धर्मिता” का उल्लेख करना, एक चुनौती भरा कार्य है। कोई भी कवि अथवा लेखक अपनी रचना-धर्मिता के विषय में जब भी कोई बात करता है अथवा लिखता है तो उसे बड़े ही संकट से गुजरना होता है। वास्तव में स्वयं अपनी रचना-धर्मिता के विषय में लिखना एक जोखिम-भरा कार्य इसलिए है कि रचनाकार विशेष को स्वयं अपना आलोचक बनना पड़ता है। और स्वालोचना स्व-प्रसंशाकेपरे की बात है। इस नाते मेरे लिए भी “रचना धर्मिता” का उल्लेख करना, एक चुनौतीजैसा है। शायद यह कहना विषय से परे की बात नहीं होगी कि किसी भी रचनाकार की रचना-धर्मिता का आकलन उसकी रचना के विकास-क्रम की गति के साथ आसानी से कही भी जा सकती है और समझी भी जा सकती है। शेष अपना-अपना मत....।
1972 से 1994 तक, मैं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में यहाँ-वहाँ छपता तोरहा किंतु मेरा अपना पहला ग़ज़ल -संग्रह “दृष्टिकोण”1995 मेंहिन्दी अकादमी, दिल्ली के सौजन्यसे किताब घर, दिल्ली द्वारा प्रकाशितकिया गया। नई जमीन के संपादक व जाने-माने साहित्यकार एवं राजनेता शाहिद सिद्दिकी के अनुसार – “तेजपाल सिंह ‘तेज’ की गजलों का मुख्य विषय आदमी है। वह आदमी के दुख-दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करते हैं और बहुत खूबसूरती से ग़ज़ल के पैकर में ढालकर पेश करने का हुनर जानते हैं। आज की मशीनी दुनिया में जिस तरह प्रेम, सद्भावना, दया और मेलमिलाप का खून हो रहा है, उसे देखकर वह खामोश नहीं रहते बल्कि ग़ज़लों के माध्यम से इसके खिलाफ इस तरह आवाज उठाते हैं कि यह हर दर्दमंद इंसान की आवाज बन जाती है। इस तरह तेजपाल सिंह ‘तेज’ की ग़ज़लों का संग्रह “दृष्टिकोण” हर संवेदनशील इंसान का दृष्टिकोण बन जाता है”। इतना ही नहीं, शाहिद सिद्दीकी ने इससे पहले ‘नई जमीन’ में “एक शायर” कालम में छपी मेरे ग़ज़ल के हवाले से मुझे “बागी तेवर” का शायर तक लिख दिया था। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया था कि ‘तेज’ आने वाले दिनों में छिपे रह गए यथार्थकोखोजकर कुछ और भी दिशा-परक कहेंगे। अब मैं उनकी इस टिप्पणी को किस रूप में लेता, मेरी समझ से परे था। हाँ! मन में एक सवाल उठा कि क्या आम आदमी के सवालों को साहित्य में उठाना, बागी होना है। यदि ऐसा है तो मैं बागी तेवर का ही सही।
मुझे लगता है कि दृष्टिकोण की ग़ज़लें सामाजिक चेतना की ग़ज़लें ही नहीं, अपितु गंगो-जमन की सांस्कृतिक पृष्ठ-भूमि को उजागर करके सामाजिक एकता, समानता व आम आदमी की कुंठा एवं संत्रासकाखुलासा करते हुए अव्यवस्था पर चीखती-चिल्लाती तो हैं हीं, साथ ही साथ ज़िन्दगी को तह तक इसलिए ख़गालती हैं क्योंकि मेरी शायरी /कविता का विषय खासकर आम-आदमी का दुख-दर्द है।मुझे अपनी रचना के पात्र खोजने के लिए भटकना नहीं पड़ता। हर गली-कूँचे , सड़क औरहर चौराहे पर मेरी रचना के पात्र / विषय आमतौर पर मिल ही जाते हैं। मैंने केवल इंसानी जज़्वातों को महसूस किया और शायराना अंदाज़ में पाठकों के सामने परोस दिया। अधोलिखित कुछ टिप्पणियाँ शायद मेरे उक्त कथन को प्रमाणिक कर पाएं।
दलित साहित्यकार मोहन दास नैमीशराय ने 03.02.1996 के “राष्ट्रीय सहारा” हिन्दी समाचार में ‘दृष्टिकोण’ की ग़ज़लों पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि पिछले वर्ष में ही (1995 में) दलित साहित्य के मर्म को छूते हुए तेजपाल सिंह ‘तेज’ का “दृष्टिकोण” नाम से ग़ज़ल-संग्रह छपा। तेजपाल सिंह ‘तेज’ की इन ग़ज़लों में जिन्दगी के संघर्षों की कड़वाहट मिलती है। साथ ही सामाजिक परिवर्तन की प्यास भी।
समकालीन साहित्य समाचार के मई 1996 अंक के हवाले से कन्हैयालाल बालू कहते हैं कि आज की ग़ज़ल का निर्वाह भावों की संकरी गली से नहीं है।ग़ज़ल अब इस तंग गली से निकलकर मानवीय संवेदनाओं, जीवन-मूल्यों, विषमताओं और दैनिक संघर्षों के खुले मैदान में खेल रही है। ग़ज़ल अब महबूब से बतियाने तक सीमित नहीं है, अब वह गेसु, रुखसार और महबूब के दिलकश तिल की सीमाओं से बाहर निकल, जीवन की दैनिक भट्टी में जलते जन-साधारण के जख्मों सहलाती है, उन पर मरहम लगाती है, बल्कि ये कहना ज्यादा उचित होगा कि जख्मों को कुरेद नए सिरे से भरती है। रोटी से लेकर बेटी तक के यथार्थ प्रश्नों को सुलझाती है। आज की ग़ज़ल शाम के धुँधलके में मात्र सुरमई रंग ही नहीं तलाशती अपितु जीवन की पथरीली सड़कों पर कर्कश धूप में भागने का साहस भी रखती है। आज की ग़ज़ल जीवन के उस यथार्थ की बात करती है जहाँ खोटे सिक्के पिघलकर राख हो जाया करते हैं। आज की ग़ज़ल वह प्रकाशपुंज है जो अंतर को उद्भासित करती है, आलोकित करती है और यथार्थ के रूबरू हो आँखें मिलाने की हिम्मत रखती है। अव्यवस्था को चिन्दी-चिन्दी कर व्यवस्था के ताने-बाने बुनती है। ग़ज़लकार तेजपाल सिंह.तेज. के ग़ज़ल-संग्रह ‘दृष्टिकोण’ में संग्रहित 64 ग़ज़लें उपरोक्त विशेषताओं के साथ-साथ मन-मस्तिष्क को झकझोरती हैं। जीवन के यथामयी तिक्त-मधुर अनुभवों को पूरी शिद्दत के साथ सम्प्रेषित करती हैं। कठोर यथार्थ का पाठक तक सम्प्रेषण इन ग़ज़लों की अपनी ही विशेषता है :
छीनकर मुँह से निवाला आपने,
शर्म को घर से निकाला आपने,
देखने को अपनी सौ-सौ सूरतें,
आईना तक तोड़ डाला आपने।
******
समान में सर्वत्र स्वार्थ मुखर है। ग़ज़लकार ने इस स्थिति पर बड़ी बारीकी से नज़र डाली है :
बस! अपने भले पर निगाह रखना
दूसरों को बेशक तबाह रखना ।
लगता है, साम्प्रदायिक उन्माद इस देश की तकदीर बनकर रह गया है। ग़ज़लकार इसको पूरी तरह महसूस करता है और उतनी ही शक्ति से पाठकों तक सम्प्रेषित करने का साहस रखता है :
मज़हबी टहनी पे गुल फूटेंगे अभी और
सपने अमन के याद रख टूटेंगे अभी और।
आज राजनीति और धर्म का रिश्ता चर्चा का विषय है, ज्वलंत प्रश्न है। आज राजनीति की तवायफ धर्म के घुँघरू बाँधकर द्रुत गति से नाच रही है। ग़ज़लकार ‘तेज’ ने इस अनुभव को यूँ बयान किया है:
आयोग पर आयोग बिठाते रहिए,
गोया कि हरेक जुर्म छिपाते रहिए।
जब कभी भी न्याय की बातें उठें,
बस धार्मिक उन्माद जगाते रहिए।
दैनिक जीवन की चक्की में पिसते आम आदमी पर ग़ज़लकार की बड़ी सूक्ष्म और पैनी नज़र है। उसने बड़े सीधे और सहज शब्दों में उसे चित्रित किया है :
भूख की बेटी पलकर ज्यूँ ही जवान हुई,
रोटी उसको बुरी नज़र से ताक रही है।
........... सारांशत: ग़ज़ल की जिस परम्परा को दुष्यंत ने पाला-पोसा, उसकी अगली कड़ी के ग़ज़लकारों में तेजपाल सिंह ‘तेज’ का नाम लेना सर्वथा उपयुक्त है। “दृष्टिकोण” की बेखौफ ग़ज़लें ईमानदार होने के साथ-साथ सामाजिक कुंठा और चेतना का प्रतीक हैं। विसंगतियों और संघर्ष दोनों का चित्रण करती हैं।
डा. कुसुम वियोगी कहते हैं – समृद्ध हिन्दी ग़ज़लकारों की परम्परा में एक नया नाम बागी तेवर के धनी तेजपाल सिंह ‘तेज’ का जुड़ता है जिनका हाल ही में हिन्दी अकादमी दिल्ली के प्रकाशन सौजन्य से प्रकाशित ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” एक नया संवेदनात्मक आक्रोश लेकर आया है। जनतंत्र की बुनियाद “जनता की, जनता के द्वारा, जनता के लिए” शासन देना एक मजबूरी नहीं अपितु एक आदर्श सिद्धांत होता है। परंतु आज लोकतंत्र पर लोक शाही इस कदर हावी है कि ग़ज़लकार चीख उठता है :
जनतंत्रकी आँधी में , क्याखूब उड़ी मिट्टी,
विश्वास के फूलों पर, बन कोढ़ जमी मिट्टी,
अब दीपों में, बर्तनों में, गमलों में ढले कैसे,
सत्ता का नशा पीकर, गुस्ताख़ बनी मिट्टी
जनता जब कभी भी व्यवस्था को बदलने को आतुर होती है तो सिंहासन डगमगा जाते हैं। रियासतें करवटें बदलती हैं परंतु हालात जस के तस बने रहते हैं। इस पर ‘तेज’ की दृष्टि बाज की तरह झपटती है :
रियासतें बदली मगर दफ्तर नहीं बदले, कि हुक्मरानी कोट के अस्तर नहीं बदले।
भुखमरी के वोट ने बदले हैं तख्तोताज,
पर भुखमरी के मील के पत्थर नहीं बदले।
धार्मिक उन्माद फैलाने वाले दहशत-गर्दों के दिलों को तभी शांति मिलती है, तब मजहब का बाजार गर्म हो, परंतु आदमी से ज्यादा पशु-पक्षी संवेदनशील होते हैं :
घर के आगे मस्जिद मेरे, घर के पीछे मन्दिर है,
लेकिन मेरे घर की छत से गायब आज कबूतर है।
मानवता के दाम गिरे, है मजहब का बाजार गरम
इक पाले में अल्लाह-ताला इक पाले में ईश्वर है।
............... आज के हालात पर चीखती-चिल्लाती ग़ज़लों के चलते, हिन्दी ग़ज़ल के क्षेत्र में तेजपाल सिंह से काफी उम्मीदें हैं।
“कादम्बनी” हिन्दी मासिक पत्रिका के तत्कालीन सह-संपादक माननीय जगदीश चंद्रिकेश ने आल इंडिया रेडियो के एक कार्यक्रम में “दृष्टिकोण” पर टिप्पणी करते हुए कहा - युवा ग़ज़लकार तेजपाल सिंह ‘तेज’ का ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” अपने कथ्य और भाषा-शैली के लिए विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इधर हिन्दी में ग़ज़ल का प्रचलन बड़ी तेजी से हुआ है इसलिए आज हिन्दी ग़ज़ल एक वैचारिक उधेड़बुन में है। हिन्दी ग़ज़ल की दशा और दिशा उर्दू ग़ज़ल से भिन्न होते हुए भी भिन्न नहीं है। लेकिन तेजपाल सिंह ने नई जमीन पर ग़ज़लें कहने की कोशिश की है। उनकी इन ग़ज़लों में मौजूदा व्यवस्था के प्रति आक्रोश है, क्रोध है, चीख और चिल्लाहट है। वस्तुत: संघर्षधर्मी रहे तेजपाल सिंह की निजी जिन्दगी की तरह उनकी ग़ज़लों में आम आदमी की जिन्दगी के संघर्षों की कड़वाहट भी है, और सामाजिक परिवर्तन की उम्मीद भी है। और सबसे बड़ी विशेषता इन ग़ज़लों में ग़ज़ल के मिज़ाज और गीतों की रवानगी दोनों का एक सफल समंवय है। किताब घर, दिल्ली द्वारा प्रकाशित यह ग़ज़ल-संग्रह ग़ज़ल के प्रेमियों द्वारा निश्चय ही सराहा जाएगा।
किंतु दृष्टिकोण” केप्रकाशित होने सेपहले, मुझे अपने साथियों की लाखों खरी-खोटी बातें बराबर सुनने को मिलीं। उनका मत था कि यदि मैं ऐसा ही कुछ अनाप-सनाप विद्रोही-स्वर अलापता रहा तो कभी भी प्रकाशित नहीं हो पाऊँगा। मैंने सबको सहा किंतु अपने मार्ग से विचलित नहीं हुआ। जो मन में आया, वही लिखा।
कहना अत्यावश्यक है कि मेरी ग़ज़लें/ कविताएं किसी मठ की देन नहीं हैं अपितु यथार्थ की दुनिया का प्रतिनिधित्व करती हैं। दरअसल मेरी रचनाएंकाल्पनिक वहवा-बाज दुनिया से परे अमानवीय व्यवहार पर प्रहार ही रही हैं। मैं चाहकर भी संवेदनाओं का पुलिन्दा नहीं बाँध / बना पाया, बल्कि जीवन-संघर्ष की कड़वाहट को तीखे स्वर में, जैसे बन पड़ा, कविता/ग़ज़लों मेपिरोता चला गया। किंतु आज के भौतिकवादी युग में जब इंसानी जज़्वातों का खून हो रहा हो, क्या इतना सब-कुछ देखकर किसी भीसंवेदनशील मनुष्य को चुप रहकर बैठ जाना चाहिए? सच जानिए , ऐसे अनेक प्रश्न मुझे निरंतर घेरे रहते, पर मैं यथावत अपने मार्ग पर चलता रहा। तमाम आलोचनाओं ने मेरा मार्ग ही प्रशस्त किया। “ दृष्टिकोण ” में प्रकाशित ग़ज़लों की कुछऔर पंक्तियों कोप्रस्तुत करना यहाँ जरूरी लगता है, अन्यथा यथोक्त कथन जैसे बेमानी ही कहा जाएगा।
शूल पत्थर आग बन पानी न बन,
वक्त की आवाज सुन ज्ञानी न बन,
अब फ़कत तारीकियाँ ही शेष हैं,
रहम खा इंसान पर दानी न बन।
******
कोई बिचारा ख़त लिखता है,
ख़त में अपना कद लिखता है,
चन्दा को लिखता है रोटी,
रोटी को मकसद लिखता है।
******
राजनीति चूल्हे पर चढ़के नाच रही है,
अरु घरवाली मँहगाई से काँप रही है,
चूल्हे तक जाने को उसको नमक चाहिए,
पर बेचारी भाषण खाकर नाच रही है।
भरने का अभी प्रश्न कहाँ कि सदियों से ,
सियासत भूखे पेट की खाई नाप रही है।
******
जब भी लिखना हो शहादत लिखना,
अबकि उलफत की रिवायत लिखना।
मेरीदुनिया के हुक्मराँ छोड़ो,
दाल-रोटीपे सियासत लिखना ।
इतना हीनहीं, मेरी रचना-धर्मिता केवल भावनात्मक ही नहीं रही अपितु दो-दो हाथ करने का दम भरती हुई दिखाई देती है। यथा –
बोलती होगी कभी पर आज संसद मौन है,
घूरता है रोटियों को , आदमी यह कौन है ?
जन की तो किस्मत धरा है, तंत्र की है आसमान,
अब भ्रष्ट है सत्ता समूची, राष्ट्रीयता गौण है।
खोल दो मुठ्ठी उठालो तीर, तरकश हाथ में,
‘तेज’ ये हिंसा नहीं, एक क्रांतिमय अभियान है।
******
1994 में साया हुए “धूप ओसारे चढ़ी” संपादित काव्य-संग्रह मेंमहाभारत के चर्चित पात्रों “अर्जुन” और” व्याध” के वर्णित चरित्रकोलेकरछपीमेरी दो-तीन व्यंगात्मककविताएं छपीं थीं। येकविताएं साहित्य अकादमी के पूर्व उप-सचिव रणजीत साहा के लिए सिर का दर्द बन गईं। “धूप ओसारे चढ़ी” के विमाचन समारोह में कादंबनी के वरिष्ठ उप-संपादक जगदीश चंद्रिकेश भी शामिल थे। किंतु रणजीत साहा मेरी रचना से खासे चिढ़े । और उन्होंने कविता में मिथकों के प्रयोग पर घोर आपत्ति दर्ज कराई। उनकी यह आपत्ति शायद ना-ज़ायज़ नहीं थी। इन कविताओं को पढ़कर किसीभी रूढ़ीवादी व्यक्ति द्वारा आपत्ति दर्ज कराना एक व्यावहारिक सत्य है। यथा— (कविता काशीर्षक है -- “व्याध”)
“यथा—हे व्याध! / तुमव्याध नहीं/ साध हो/
तुमने / कृष्ण का बध करके/
ईश्वर और अनीश्वर के/
बीच की खाई को पाटा है....
व्यास ने जिस झूठा को पाला था/
उस झूठ को काटा है।***
”अर्जुन” शीर्षांकित कविता भी कुछ ऐसी ही तीखी कविता है। यथा—
हे अर्जुन ! ज़रा गांडीव तो उठाओ
धरती पर बहुत भार बढ़ गया है
ज़रा सा कम तो करो
आकाश भी तन सा गया है
इसका गर्व तो हनो
किंतु नहीं
तुम ऐसानहीं कर सकते
क्योंकि तुम अर्जुन हो
केवल कृष्ण के इशारे पर ही
नाच सकते हो
भौंकते हुए कुत्ते का मुँह तो
केवल एकल्व्य ही
बन्द कर सकता है।***
इस पर मुझे लगा कि परम्परागत विघटनकारी ताकतें अपने अपनों के प्रति यथोक्त जैसी कड़वी बातों को सहज भाव से सहननहीं कर पातीं । रणजीत साहा की प्रतिक्रिया ने जैसे मेरा मार्ग ही प्रशस्त किया। और 1996 में मेरा अगला कविता संग्रह केवल महाभारत के मुखर/ चर्चित पात्रों को मिथक के रूप में लेकर ही आया। शीर्षक है – “वेताल दृष्टि” । कुल 64 पृष्ठ और 31 कविताएं।
मैं समझता हूँ कि कविता तो मन से फूटती है। अर्थात कविता कवि के अन्दर की बात है। कविता के प्रवाह को थामना, न थामना जैसे कवि के वश में नहीं होता। यदि लिखना न-लिखना कवि के वश में होता तो विद्रुप समाज के भय से जीवित कविता जन्म ही न ले पाती। मेरे अनुसार “वेताल दृष्टि”कीकविताओं में निहित अनुभूति और अभिव्यक्तिकामूलाधार कूट “निजता” नही है।संघर्ष में भय क्या, अभय क्या? आस्था क्या, अनास्था क्या? इनकी मूल ध्वनि जीवन संघर्ष है।……. अभिशप्त सम्बन्धों / जड़कनों / दासता से मुक्ति की भावना व स्वछन्द प्रस्तुतिकरण इनमें अवश्य है, किंतु इतना रूखा-सूखा भी नहीं कि विचार उग ही न पाए। काल-क्रम भी “वेताल दृष्टि” की कविताओं के उद्भव के लिए भागीदार है। मैं समझता हूँ कि घिसी-पिटी मान्यताओं का थोड़ा-बहुत जंग यदि हट पाता है; छ्ल-प्रपंच की भाषा में, यदि तनिक भी पारदर्शिता आ पाती है; अथवा इस दिशा में, यदि विचार मात्र ही उठ खड़ा होता है तो इस कृति की सफलता मानी जानी चाहिए।
कोई भी रचनाकार, अपनी रचना–धर्मिता के बारे में कुछ भी कहे, शायद वह उतना सार्थक नहीं होगा, जितना पाठकों की प्रतिक्रिया सार्थक होती है। मुझे लगता है कि ‘वेताल दृष्टि’ कीकविताओं पर पाठकों की प्रतिक्रियाओं की प्रस्तुति यहाँ गैरजरूरी नहीं है ताकि मेरी रचना–धर्मिता केवल मेरी न रहकर पाठकों की भी हो रहे।
बकौलप्रफेशर डा. रमेश कपूर— “ग़ज़लकार तेजपाल सिंह ‘तेज’ का अतुकांत कविता केक्षेत्र में यह पहला कदम है। हमारे लिए मिथक का प्रयोग नया नही है। पर हर कवि का हर प्रयोग अपना होता है। “ तेज” का भीहै — “ वेताल दृष्टि ” में कवि सुलभ इनकी अपनी वेताल दृष्टि से। कवि परिवेश-वेत्ता होता है। ‘तेज’ का मिथक प्रयोग अपनी अनोखी व्यंजना सेइस सार्थकता को प्रदीप्त करता है। ठीक उनकी ग़ज़लों की तरह । देखना यह है कि हम सामाजिक विकृतियों से उबरकर वास्तविक मानव—धर्म का पालन कर पाते हैं या नहीं। हम सभी संकीर्णताओं से ऊपर उठें और अपने मानव होने के दावे को साकार करें। इन कविताओं की यही माँग है।”
“कुबेर टाइम्स” - “वेताल दृष्टि” की कविताएं कृष्ण के माध्यम से आज के हालातों पर बखूबी टिप्पणी करती हैं। यथा—“कृष्ण से” नामक कविता से....
हे कृष्ण! इस ससार में सब कुछ है/
तुम भी विद्यमान हो/
तुम्हारी विकृत , उन्मुक्त, कलुषित नीति भी है/
अनीति भी/ किंतु व्याध नहीं है।***
दरअसल “वेतालदृष्टि” अतीत को वर्तमान की कसौटी पर बिना किसी पूर्वाग्रह के एक ईमानदार और निष्पक्ष सोच से परखने का सार्थक प्रयास है।”
डा. श्याम सुन्दर सुमन— “ निन्दक नियरे राखिए” की तरह हर व्यक्ति को “ वेताल दृष्टि ” अपने पास रखने से बहुत लाभ होगा। वह कोई अनुचित कार्य नहीं करेगा। दरअसल, “ वेताल दृष्टि ” एक आचार संहिता है। यथार्थ में आप आधुनिक “ धूमिल” हैं। आपके इतने कटीले व्यंग भी यदि समाज को कुछ सोचने को मजबूर न कर सके तो साहित्य समाज का दर्पण नहीं रह जाएगा।”
रमणिका गुप्ता: (युद्धरत आम आदमी के अंक 41 में) तेजपाल सिंह की ‘वेताल दृष्टि’ सर्वत्र दृष्टि रखने लगी है और महाभारत के अंतस में छिपे छल के गरल को उलीचने लगी है। और भीष्म, द्रोण, गंगा, धृतराष्ट्र, संजय, अर्जुन, गंधारी, कृष्ण और शकुनी के गिर्द सवालों का व्यूह रचने में सक्षम हो गई है। वे सब चुप हैं - निरुत्तर हैं। ये ‘वेताल दृष्टि’ उस युग की पूरी सभ्यता को परजीवी करारने में इतनी सक्षम हो रही है कि महाभारत को हुंकारा भरना पड़ रहा है। कृष्ण की हत्या कर - ईश्वरत्व को बेनकाब करके गुरु व्यास के झूठ को काटने वाले व्याध का अभिनन्दन करने वाली यह ‘वेताल दृष्टि’ महाभारत की कोढ़ी संस्कृति के खिलाफ द्रोपदी में एक नई नारी की खोज करने लगी है अब।
मणिक लाल वर्मा — “एतिहासिक पात्रों के माध्यम से छोटी-छोटी, मगर बेहद विचार-परककविताएं “वेताल दृष्टि”में संयोजित कर आपने पुराने वेताल को एक नई जीवन-दृष्टि दी है। रचनाकार का सबसे बड़ा योगदान यही है जो वो पुराने प्रसंगों को आज के संदर्भ में व्याख्यायित कर विसंगतियों का परिष्कार करे। आपने बेहद सूक्ष्म—दृष्टि से इसबात का पंक्ति-पंक्ति में ध्यान रखा है, वरना मीलों चलने के बाद कहीं हरित भूमि का एहसास होता है। संकलन के सारे पात्र जीवंत होकर जैसे आज को ध्वनित कर रहे है।”
डा. एन. सिंह— “वेताल दृष्टि” में आपकी सभी कविताएं, आपकी ग़ज़लों की तरह भेदक और बोधक हैं। इस ऊर्जा को बनाए रखिए।”
ओम प्रकाश वाल्मीकि— “ वेताल दृष्टि ” की कविताएं एक ही बैठक में पढ़ गया। प्रत्येक कविता एक अनुभव सिद्ध हुई। महाभारत के पात्रों पर एक नई और आधुनिकदृष्टि डालकर जीवन संघर्ष कीजो व्याख्या आपने की है, वह ध्यान आकर्षित करती है। प्रथम की दो कविताएं “ मैं” और “ कोढ़ी संस्कृति” आपके द्वन्द्व की परिचायक हैं जो आगे की सभी कविताओं को छाया की तरह ढक लेती हैं।”
डा. कमला कांत ’हीरक’— “सन 1981 मेंमैंने “नवोदित लेखक” में आपको छापकर कोई गलती नहीं की। मुझे आशा थी कि आपकी कविता में निहित जोश / पीड़ा का भविष्य जरूर निखरेगा। “ वेताल दृष्टि ” की कविताओं में इतनी गहराईयाँ, सत्य की परख और देखने-सोचने की दृष्टि एक अलग हीहै।आपकी कविताओं को पढ़कर मैं आपके विषय में बहुत कुछ जान गया हूँ।”
कृष्ण चंद्र ‘बेरी’ — “आप नए युग की देन हैं। और आपकी “ वेताल दृष्टि ” का रचना बोध प्रणम्य है।”
डा. के.एस.गौतम—“ वेताल दृष्टि ” की कविताओं में निहित तेवर और विचार यदि विस्तार ले पाते हैं तो अन्धे धृतराष्ट्रकोदिव्य-दृष्टि मिल जाएगी; गांधारी अपनी आँखों के पट्टी खोल फैंकेगी; भीष्म पितामह की चुप्पी टूट जाएगी; द्रोपदी का भरी सभा में चीर-हरण नहीं किया जा सकेगा; एकल्व्य अपना अस्तित्व जान जाएगा और कृष्ण अकेला ही युद्ध—भूमि में खड़ा रह जाएगा।” अब आप स्वयं ही सोचें कि मैं कहाँ खड़ा हूँ ?
मेरी रचना –धर्मिता पर ऐसी अनेक प्रतिक्रियाएं ही मेरी रचना प्रक्रिया/ रचना–धर्मिता कीरीढ़ हैं और खुलासा भी। मैं जानता हूँ कि अपनी बात के बीच में औरों द्वारा की गई प्रतिक्रियाओं का उल्लेख करना शायद आवश्यक नहीं। किंतु किसी भी कवि का रचना प्रक्रिया/ रचना–धर्मिता कोकेवल असकी अपनी दृष्टिसेठीक-ठीक नहीं जाना सकता, उसे जानने के लिए पाठकीयदृष्टिकोण कोजानना मुझे नितांतआवश्यक प्रतीत होता है।
1998 मे प्रकाशित मेरे दूसरे ग़ज़ल-संग्रह “ट्रैफ़िक जामहै” की ग़ज़लों ने मेरे पहले ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” की तरहही, अपने युग की पोल खोलने का काम किया। इसका मूलाधार भी समाज का अवहेलित समाज, क्रूर और कुरूप व्यवस्था ही रही है। आम-आदमी के दुख-दर्द से जुड़े प्रश्न ही मेरे रचना प्रक्रिया/ रचना–धर्मिता के गर्भ मेंहैं। फिर पीड़ा और द्वन्द्व में पगी कविताओं/ग़ज़लों में कड़वाहट तो होगी ही।
यूँशायरी करना अपने आपमें एक कमाल है, किंतु मैंइस कमाल से परिचितनहीं। मैंपहले ही स्वीकार कर चुका हूँ कि मेरी ग़ज़लें किसी मठ की देन नहीं हैं। मेरा मानना है कि किसी भी विषय की परिभाषावगुण-धर्मदेश , कालऔर परिस्थिति के अनुरूपप्राय: बदलती रहती है। मेरी ग़ज़लों में आम जीवन से उत्पन्न मेरी अनुभूतियों/यथार्थकीफ़कीराना अन्दाज़ में सहज अभिव्यक्ति है— और कुछ भी नहीं। कुछ पंक्तियाँ……..
माना दुनिया बवाल है साहिब.
कहाँ इससे निकाल है साहिब,
मरने दे है न मारने वाला,
खूब करता कमाल है साहिब ।
******
घर में दीप जलाकर रखना,
लेकिन छान बचाकर रखना,
बस्ती-बस्ती कीचड़—गारा,
थोड़ा पाँव जमाकर रखना।
******
इसके बाद मेरा दूसरा कविता संग्रह “पुश्तैनी पीड़ा” 2000 में आया जिसे दोबारा 2009 में रीप्रिंट किया गया। इसकी कर्म-भूमि भी समाज में व्याप्त विकृतियों के बख़ान के साथ-साथ, उनके निवारण एवं निराकरण के लिए दिशा देने, उनसे निबटने के लिए भाव-भूमि की तलाश ही रही है। इस कविता संग्रह में निहित कविताएं, अवहेलित और उपेक्षितसमाज की पीड़ा को उजागर ही नहीं करतीं, अपितु पूर्व कृतियों की तर्ज पर आम—आदमी के दुख-दर्द सेजुड़े प्रश्नों के उत्तर तलाशने में ही लगी दिखती हैं। इस कविता -संग्रहमेंमोरमिता बिश्वास के रखांकन ने इसे और भी भाव-पूर्ण एवं सामर्थ्यवान बनाया। ठीक वैसे ही जैसे ”वेताल दृष्टि” में राजेश हरित के रेखांकन ने।
स्त्री विमर्शनेभी इस काव्य-संग्रह में खूब जगह बनाई। संग्रह की पहली कविता “लड़की” स्त्री उत्पीड़न की व्यथा-कथा ही नहीं, अपितु स्त्री को बगावत पर उतारू होने का आग्रह करती हैं। यथा— “ लड़की! तू सदा चुप क्यो रहती है/ बोलती क्यों नही/हँसती क्यों नहीं/ ……. क्यों नहीं थूकती/ उस कोढ़ी संस्कृति पर / जिसने तेरी वेड़ी में/ फूल गूंथकर/ पहनाकर हाथों मेंचूड़ियाँ/ महज़ भोग्या बना छोड़ा है तुझे/ बना छोड़ा है अबला/ क्यों……/ उठ लौटादे! उसे उसकी चूड़ियाँ/ नौंच देवेणी में गुँथे फूल/ तब तू जान पाएगी/ कि तूएक समूचा मानव-इतिहास है/ सर्वनाम नहीं समास है।”
इसके साथ-साथ पृष्ठ 37 पर छ्पी कविता “सुकूनके लिए” भी इसी तेवर की कविता है। यथा — “ मुट्ठी भर आसमान के लिए/ मैं/ सुबह होने परभी/ रात की सियाही नहीं छोड़ पाती/ नहीं ओढ़ पाती धूप की चादर/……… मुझे भीचाँद अच्छा लगता है/ अच्छे लगते हैं तारे/ …….. बरसात का पानी/ कागज़ की नाव/ मैं भीछूना चाहती हूँ आकाश/ पर ये दुनिया/ जिसे मैंजीना चाहती हूँ/ झिड़क देती है मुझे/ …… खड़ा करदेती है भय../ मेरे सामने/ पाप औरपुण्य का/ सत्ता और शून्य का/ खड़े कर देती है अनेक प्रश्न / मान औरसम्मान के/ …… ये सवाल/ खजुराहो कीअतिरूपा के सामने क्यों नहीं उठे?/ … क्यों नही उठे? /मेनका के सामने? / क्या यही है तुम्हारे पाप पुण्य की परिभाषा? / परिभाषा मान और सम्मान की? / अब मैं भी / तुम्हारे पापपुण्य/ मान और सम्मान को जीऊँगी/ बनाऊँगी कागज़ की नाव/ तोड़ूँगी आकाश से तारे/ गूँगी-बहरी आस्थाएँ/लँगड़ी-लूली मान्यताएँ।”
कादम्बनी (हिन्दी मासिक) के सह-संपादक रहे डा. धनंज्य सिंह लिखते हैं, “पुश्तैनी पीड़ा” वरिष्ठ कवि तेजपाल सिंह ‘तेज’ का सद्य प्रकाशित कविता संग्रह है। कविता जिनके लिए एक सलीका ही नहीं, जीने-मरने का औजार भी होती है, उन कवियों में से हैं तेजपाल सिंह ‘तेज’। जीवन का हर रूप, हर प्रसंग, उनकी कविता में इस तरह उजागर होता है कि संघर्ष एक दिशा और एक सार्थक आयाम की ओर बढ़ता दिखने लगता है। वह जीवन की संगति-विसंगतियों पर अँगुली रखकर उन्हें उकेरए ही नहीं हैं, अपितु उनसे उपजने वाले सवालों से भी जूझते हुए समाधान की तलाश भी करते नजर आते हैं। इसलिए उनकी कविताओं की धड़कनें, जीवन की धड़कनें बन जाती हैं। और उसे गतिमय प्रवाह की ओर ले चलने में सक्षम हैं।
उनकी आत्मीय संवेदना पारिवारिक रिश्तों से जुड़ी सीमाओं में बँधकर इति वृत्तात्मकता में फँसी नहीं रहा जातीं, अपितु सम्पूर्ण समाज से जुड़कर आत्म-विस्तार पाती हैं, एक सम्पूर्ण मानवीय रिश्ते की तलाश और स्वयं को उससे जोड़ने में पूरी तरह सफल हुई हैं।
रोटी, कपड़ा, मकान की जरूरत उन्हें भी सताती है लेकिन केवल व्यक्तिगत आवश्यकता बनकर नहीं, आदमी से आदमी के जुड़ने का जरिया बनकर । ‘मुट्ठी भर आसमां’ कविता में कवि का उद्घोष है –
बस! इतना समझ लो
घर बन जाएगा
मिल जाएगा
मुट्ठी भर आसमां
जुड़ जाएगा
आदमी से आदमी।
बेटी का बड़ा होना अब उसके विकास का नहीं, सामाजिक प्रताड़नाओं से दो-चार होने का पर्याय बन गया है। कवि बेटी की देह को रणक्षेत्र में तब्दील होते देख रहा है, ससुराल पहुँच जाने पर। वह ससुराल से आई साड़ियों और बेटी के बचपन की फ्राँक के अंतर को स्पष्ट करते हुए कह उठता है –
अब
तेरी देह रणक्षेत्र बन गई है
मेरी बेटी
.............................
............................
फ्राँक वाल प्यार
इन साड़ियों में कहाँ
इन साड़ियों में
तेरी देह की भूख भी छिपी है
छिपी है
रणक्षेत्र की गंध
गंध उन्माद की/प्रमाद की।
“पुश्तैनी पीड़ा” कविता में कवि सदियों से दुर्बल वर्ग के साथ जोड़ दिए दुर्व्यवहार को मिटाने के लिए आह्वान करता है। उसके अंतस की मानवीयता तड़प उठती है। वह बंधन तोड़ डालने को आतुर हो उठता है।
उठो!
सूरज को निगल जाओ
आदमी को आदमी से जोड़ो
पुश्तैनी पीड़ा की कारा को
एतियातन तोड़ो।
इस कविता संग्रह में कवि जहाँ समर्थ-समाज पर कुठाराघात करता हैं, वही दलित–समाज मेंव्याप्त नीरसता और अकर्मण्यता पर भी प्रहार करता हैं| “जूते पहनना सीख लो” कविता में कवि मेहनतकश आदमी को अपनी मेहनत के फल का स्वाद स्वयं चखने की सीख देता है। यथा— ये पंक्तियाँ देखें :-
“जूते पहनना सीखलो” शीर्षांकित कविता की ये पंक्तियाँ —
‘मैं जानता हूँ
तुम्हें जूते बनाने आतेहैं
किंतु, पहनने नहीं आते
तुम आज भी नंगे पाँव हो
पता नहीं
धूप हो कि छाँव हो
अरे! अब तोजूते भी
मशीनों से बनने लगे हैं
नए-नए रूपों में
ढलने लगे हैं
थोड़ा तुम भी बदलो
जूते पहनना सीख लो।
तेजपाल सिंह ‘तेज की “पुश्तैनी पीड़ा” में संग्रहित गीतों में भी उनकी कलम विसंगतिओं को रेखांकित करती दिखाई पड़ती है। यथा – “ फूलों सी हँसती दुनिया पर भारी पड़े बबूल”
कथ्य और शिल्प दोनों में ही ताजगी और प्रौढ़ता का सामंजस्य दिखाई पड़ता है। कुल मिलाकर यह कविता-संग्रह उनको एक गंभीर, सचेतन कवि के रूप में अपनी पुष्ट पहचान बनाने का सुदृढ़ आधार प्रदान कर गया है।
मुझे विश्वास है कि एजेंडा बनाकर लिखने वाले नारेबाज कवियों के लिए प्रस्तुत कविता-संग्रह एक मशाल का काम करेगा। प्रस्तुत कविता-संग्रह विचारशीलता की गहराई को प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए।”
मेरा यह एक अकेला ऐसा काव्य-संग्रह है जिसमें जीवन के तमाम उतार-चढ़ाव, सामाजिक, राजनीतिक औरआर्थिक विसंगतियों का खुलासा होने के साथ-साथ बाप-बेटी, प्रेमी-प्रेमिका तथा शोषक और शोषित के प्रश्न ही नहीं उभरे अपितु प्रश्नों के उत्तर भी साथ-साथ हैं। “पुश्तैनी पीड़ा” शीर्षांकित कविता जैसे समूचे दलित/शोषित समाज की तस्वीर पेश करती है। यथा—”पुश्तैनी हक़ / खरीदे नहीं जाते/ विरासत में मिलते हैं/ ……..सभी पुश्तैनी हक़ों का/ सुखद होना जरूरी नहीं/….जरूरी नहीं / सभी के पुश्तैनी हक़ों का/ सुखद होना/ …. हम सदासे ही/ पुश्तैनी पीड़ा को जीते चले आ रहे हैं/…. झेलते आ रहे हैं/ सामाजिक उपेक्षा/ …..क्यों? ...उठो! सूरज को निगल जाओ/ आदमी को आदमी से जोड़ो/… पुश्तैनी पीड़ा की कारा कोतोड़ो।”
मेरी रचना- धर्मिता के संदर्भ में, यथोक्त कविताओं को यहाँ प्रस्तुत करना शायद सिद्धांत रूप में सही है अथवा गलत , मैं नहीं जानता।किंतु मुझे यहइसलिए आवश्यक जान पड़ा कि मेरी रचनाओं की ग़ैर-मोजूदगी में मेरी रचना प्रक्रिया/ रचना- धर्मिता का कविता से इतर मेरे द्वारा खुदहीप्रस्तुत कथन का कोई अर्थ नहीं है। दरअसल, रचना ही रचनाकार का मूल परिचय होती है और रचनाकार की रचना प्रक्रिया /रचना-धर्मिता भी। बकौल माननीय के.एल. बालू, “ पुस्तैनी पीड़ा” की कविताओं और गीतों में तेजपाल सिंह ‘तेज’ ग़ज़लों कीतरहहीसमाज के अवहेलित वर्ग की पीड़ा, उत्पीड़न और उपेक्षा ही जैसे खुलकर सामने आई है। गीत जरूर कुछ अलग है; पर श्रृंगार के साथ-साथ , वे भीपीड़ा को ही ढोते हैं। लगता है कि कवि ने अपने आप को ही केन्द्र में रखकर अपनी बात कही है। इस संग्रह की कविताएं और गीत, उस हर आदमी की बात करते हैं जो हर ओर से घिरा है। इसलिए यह संभव है कि स्थापित कवि/आलोचक/समालोचक उनकी कविताओं को कविता ही न मानें। किंतु उनकी ये रचनाएं तमाम आलोचनाओं/ उपेक्षाओं का भार उठा पाने में सक्षम हैं। ‘तेज की रचनाओं में सवाल—भर ही नहीं हैं अपितु सवालों के उत्तर भी है।”
क्या पाठकों की प्रतिक्रिया और मत को छोड़कर रचनाकारमात्र केकथन को उसकी रचना-धर्मिता का सशक्त प्रमाण मान लिया जाना चाहिए? मेरे विचार से नहीं। रचनाकार का कार्य रचना-मात्र है। उसका अपना विचार और विचार-भूमि तो हो सकती है किंतु रचना में समाहित मर्म का उल्लेख किस स्तर का है, इसका उल्लेख या तो पाठक कर सकता है या फिर आलोचक, इस मायने में मैंने बार-बार आपके सामने पाठकों के विचार प्रस्तुत किए हैं। मैं अपनी रचनाओं का समीक्षक हो रहूँ, यह मुझे ही नहीं, किसी को भी अखरेगा, ऐसा मुझे लगता है।
2006 में मेरा तीसरा ग़ज़ल-संग्रह“गुज़रा हूँजिधर से” भी’ किताब घर, दिल्ली से ही आया । मौजूदा दौर में परम्परागत ग़ज़ल में खासा परिवर्तन आया है। शैली और शिल्प में भी, विचार-भूमि मेंभी। आज की ग़ज़ल सामंतो की न होकर, आम आदमी के दुख-दर्द अर्थात ज़मीनी मूल्यों कीखोज ही नहीं अपितु सामाजिकवसियासी मुद्दों को बेखौफ उठाने में तत्पर है। “गुज़रा हूँ जिधर से” एक ऐसा ही ग़ज़ल-संग्रह है जोन केवल जमीनी है बल्कि परम्पराओं से दूर होकर इंसानी दुख-दर्द के साथ खड़ा नज़र आता है। इन ग़ज़लों में गेयता भी विद्यमान है। इस संग्रह की ग़ज़लों का सफर लगभग पाँच-छ: वर्षों का है।इस सफ़र में, मैं जिधर-जिधर सेभी गुज़रा, कुछ अलग-अलग तरह के अनुभव हुए। और हाँ! इस सफ़र में मैंने जो कुछ भी देखा, सुना, सहा याफिर महसूस किया, इसकी ग़ज़लोंमेंविद्यमान है। कुछ भी तोड़ा-मरोड़ा नहीं गया है। जहाँ—तहाँ कुछ श्रृंगारिक पक्ष भी है, जो संयोग-भर हैकिंतु मानवीय प्रवृत्ति से विरत नहीं है। मेरा मानना है कि कोई भी मानव सदैव विषाक्त होकर नहीं जी सकता। कभी न कभी जाने-अनजानेउसके ज़हनमें हास्य-विनोद का उपजना अस्वाभाविक नहीं है।
यद्यपि मैं देश, काल और परिस्थिति के अनुसार समझौतावादी हूँ, किंतु इस संगह की ग़ज़लों में आदमी तो आदमी, प्रकृति की ख़ामियों से साथ भी समझौता नहीं किया है। वह इसलिए कि यदि नदी की धारा अविरल न हो तो किनारों को काटती-छाँटती धारा भी नए द्विपों का निर्माण नहीं कर सकती। आगे का मार्ग प्रशस्त नहीं कर सकती। यथा—
आदमी उड़ान में रहे तो खूब है,
बात जो मियान में रहे तो खूब है,
मारने-मरने का याँ मौके तो कम नहीं,
तीर पर कमान में रहे तो खूब है।
******
सावन में बदली ना बरसी,
मधुरितु में बगिया ना सरसी,
कि ठंडा हुआ ‘तेज यूँ सूरज,
निकला पहन जेठ में जरसी।
******
राष्ट्र से बढ़कर मानव कोई स्थान नहीं रखता। देश है तो मानव हैं और यदि मानव है तो देश है। लेकिन जब सत्ताशीन ही देश कोनिगलने परउतारू हो निकलें, तो आम आदमी इसके अलावा क्या कहेगा? ….
खट्टे—मीठे अपने देश,
सबके अपने-अपने देश ,
सोने की चिड़िया तुम जानो,
हम जाने भिकमंगे देश।
******
मुझे लगता है - मेरी इस कृति को समझने के लिए अधोलिखित पंक्तियाँ शायद काफी होंगी....
गुज़रा हूँ जिधर से मैं यारा, धुँधला-धुँधला प्रकाश मिला,
चाँद सितारों से बोझिल, कुछ झुका-झुका आकाश मिला।
फ़ाकामस्ती का कुछ-कुछ तो, मुझको हैइतिहास मिला,
अनुबंधों की तंग गली में, बिखरा-बिखरा विश्वास मिला।
हार को जीत में बदलना एक बड़ा काम है। दलित समाज की ये विडंबना रही है कि जीतकर भी हार स्वीकार करता आया है। खेती के लिए तो उसे कसलों, कुदाली और हल का प्रयोग करना आता है, किंतु अत्याचार के खिलाफ उसके कसले, कुदाली और डंडे जैसे ठंडे कुन्द हो जाते हैं। क्यों ?
खिरामाँ-खिरामाँ चला कीजिए,
बियाँबा-बियाँबा जिया कीजिए।
जिंदगानी असल जिंदगानी नहीं,
मौत से रूबरू हो जिया कीजिए।
सरस्वती भुवन महाविद्यालय (औरंगाबाद) के हिन्दी विभाग के डा. गोरख काकड़े के 16 अगस्त 2013 के आलेख “इक्कीसवीं शती की हिंदी ग़ज़ल: स्थिति एवं संभावनाएँ” ( संदर्भ - http://www.rachanakar.org/2013/08/blog-post_8416.html#ixzz325OMFhe0) में काकड़े ने ;लिखा है कि हजारों की तादात में कही और लिखी जा रही हिन्दी ग़ज़लों ने अपने विषय परिधि को व्यापक बनाया हैं। जिसकी शुरुआत दुष्यंतकुमार ने की थी उसे चरामोत्कर्ष पर आज के ग़ज़लकार ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। अब हिंदी ग़ज़ल प्रेमी-प्रेमिका का संवाद, संलाप, प्रियतमा से इष्क और हुस्न की गुफ्तगु, इश्कों-मोहब्बत का जिक्र, शबाब और शराब का वर्णन, प्रियतमा के गिजाल (हिरन) नेत्रों के कटाक्ष, नायक-नायिका के अंग-प्रत्यंग का चित्रण एवं हाव-भाव-अनुभाव की परीधि को तोड़कर समाज जीवन के नफीस खुरदरे सच को भी व्यक्त कर रही है। वह समाज के ‘दर्द का इतिहास' बन गयी है। इस संदर्भ में शेरजंग गर्ग लिखते हैं, ‘‘आज साहित्य, कविता और ग़ज़ल प्रत्येक संदर्भ, प्रत्येक दिशा, प्रत्येक समस्या, प्रत्येक सरोकार, प्रत्येक विसंगति पर बात करते हैं। आज की ग़ज़ल प्रेमिका से ही नहीं, प्रतिद्वंन्दियों, राजनेताओं, भ्रष्ट अधिकारियों, संवेदनहीन हृदयों से भी उतनी ही शिद्दत से बात करती है, जितनी कि अपने आप से। आज की ग़ज़ल की उड़ान विश्वव्यापी है।' इस उड़ान को उँचाइयाँदेनेवाले ग़ज़लकारों में कुँअर बेचैन, ज़हीर कुरेशी, नीदा फाजली, बशीरबद्र, शहरयार, शेरजंग गर्ग, अनिरुध्द सिन्हा, शम्मी-षम्स-वारसी, उर्मिलेश, राम मेश्राम, कुमार विनोद, रामदरश मिश्र, मनोज सोनकर, रामावतार त्यागी, शिवबहादूर सिंह ‘भदौरियाँ', रोहिताश्व अस्ताना, तेजपाल सिंह ‘तेज’, उबैद सिद्दीकी, हमीद कानपुरी, कैफी आज़मी, जिगर श्योपुरी, अशोक अंजुम आदि का समावेश है।
इक्कीसवीं शती के यह ग़ज़लकार बाजारवाद और उसकी बिकाऊ वृत्ति, राजनीतिक तिकड़मबाजी, समाज के ठेकदारों की ‘नूराकुश्ती', नौकरवर्ग की लालफिताशाही, मानवीय संवेदनाओं का यांत्रिकीकरण, सांप्रदायिकता, अलगाववाद, धर्म के नाम पर दंगे-फसाद, भ्रूण हत्या, स्त्री, दलित शोषण, प्रदूषण, मँहगाई, भ्रष्टाचार, बेकारी, झूठ-फरेब, फैशन, प्रेम के नाम पर हो रहे शरीर प्रदर्षन आदि त्रासदियों, विसंगतियों को अभिव्यक्त कर रहे हैं।
राजनीति के क्षेत्र में भी यही हाल है। राजनीतिकों ने मनी-मसल की पॉवर के द्वारा ‘फन्डामेंटल राईट्स' को ‘फन्डामेंटल राँग' बनाया है। समता, स्वातंत्र्य, न्याय, बंधुत्व की लोकतंत्रीय व्यवस्था का गला घोट दिया है। यह सफेदपोश हाथी और प्रशासन संभालनेवाले बाबू मील के पत्थर बन बैठे हैं। छलावा, धोखा, झूठ, फरेब, बेईमानी इनके शस्त्र हैं। भाई-भतीजावाद इनका अजेंडा है। योजनाओं की गंगोत्री उनके घर में पानी भरती है। केवल उन्हींके घर में हरियाली है बाकी देश तो मरुस्थल हुआ है। जब भी चुनाव आता है तो इनकी योजनाएँ फलने-फूलने लगती हैं कि हम इस मरुस्थल को समंदर देंगे, बेघरको घर देंगे, फुटपाथ को बिस्तर देंगे आदि आदि। किंतु आज की स्थिति विपरीत से विपरीत बनती जा रही है। जैसे ही चुनाव खत्म होते हैं वैसे ही वह अपनीअसली औकात पर उतर आते हैं और लोगों से गुण्डों जैसा व्यवहार करने लगते हैं। आज यहाँ नेता ही डाकू और डाकू ही नेता है जो मानवता के सीने पर ‘मजहब का भूचाल' मचा रहे हैं। निर्बल किसान, मजदूर, औरत आदि को अपनी ईच्छाओं की पूर्ति का साधन मान रहे है। तेजपाल सिंह लिखते हैं -
‘‘लील गई चढती नदी पका-पकाया धान,
भूख प्यास की मार से टेढा भया किसान।
धनिया को नहीं भात है अब पीपल की छाँव,
पावों में पाजेब है सिर पे तीर-कमान।
चोरों की पंचायत है, गीदड है सरपंच,
थाम हाथ उलटी कलम, लिखते चोर विधान।'' 3
<><><>
‘‘लोकतंत्र की छाती पर चढ
हरसू खूब धमाल हुआ है।
इंसा के हाथों से बेशक
इंसा आज हलाल हुआ है।
प्रशासन अब राजनीति का
सबसे बडा दलाल हुआ है।''
<><><>
यथोक्त कथन के दृष्टिगत, यह पाठक का काम है कि मेरी रचना धर्मिता का अवलोकन स्वयं करें और मेरी रचना के गर्भ में झाँक कर देखे कि मेरी रचना-धर्मिता सच के आस-पास भी है कि नहीं। यह उपक्रम मेरे लिए खासा लाभदायक सिद्ध होगा। और हाँ! इससे पहले कि पाठक अपने दिमाग पर जोर डालें, मैं स्वयं ही यह स्पष्ट कर देना उचित समझता हूँ कि जो तेवर और सपाट-बयानी मेरे पहले ग़ज़ल संग्रह में विद्यमान थी, वही बाद के दोनों ग़ज़ल संग्रहों “ट्रैफिक जाम है” और “गुजरा हूँ जिधर से” में काफी कम नज़र आती है। इसका कारण निरंतर बदलते समय के साथ-साथ बदलती समझ और प्रौढ़ता दोनों ही हो सकती हैं। कहावत है कि जहर को जहर अथवा लोहे को लोहा ही काटता है किंतु भौतिकतावादी मानवतावाद मानवता के स्तर पर कितना खरा उतरता है, यह सोचने की बात है। दरअसल, इन दोनों ही ग़ज़ल संग्रहों की विचारधारा और भाव-भूमि तो “दृष्टिकोण” के जैसी ही है किंतु भाषाई स्तर पर कुछ नर्म और घुमावों से परिपूर्ण है। वास्तव में मुझे अहसास हुआ कि सामाजिक स्वतंत्रता, समानता और बन्धुता का उद्भव यदि संभव है तो वह केवल कटुता बरतने या केवल शाब्दिक आग उगलने भर से तो कतई संभव नहीं है। यदि इस ओर पक्ष और विपक्ष दोनों के ही हाथ बराबर बढ़ें/उठें तो सामाजिक स्वतंत्रता, समानता और बन्धुता के कायम होने की दिशा में सही और सार्थक मार्ग प्रशस्त होने की संभावना ज्यादा बन सकती है। इसी सोच के चलते बाद के दोनों ग़ज़ल संग्रहों में कड़वाहक उगलने की जगह शायद वाक-पटुता ने ले ली। किंतु ऐसा सबकुछ किसी सोची समझी रणनीति के तहत नहीं अपितु यह एक स्वभाविक प्रक्रिया के तहत स्वत: ही होता चला गया। इसके लिए कोई खास प्रयास नहीं करना पड़ा।
ग़ज़ल, कविता और गीतों के अलावा मैंने बाल-गीतों का सृजन भी किया है - वह भी प्राय: ग़ज़लीय शैली में ही। बाल-गीतों के पहली ही कृति “खेल-खेल में” को छपने से पूर्व ही यानी पाण्डुलिपि को ही ‘हिन्दी अकादमी, दिल्ली’ द्वारा वर्ष 1995-96 के लिए “ बाल साहित्य पुरस्कार” प्रदान किया गया। तदंतर इसका प्रकाशन किताब घर, दरिया गंज, दिल्ली दारा किया गया। इसके बाद ‘बाल विकास प्रकाशन, शाहदरा, दिल्ली’ द्वारा प्रकाशित बाल-गीतों की मेरी दूसरी पुस्तक “धमाचौकड़ी” ने स्कूली बच्चों के बीच खोब धमाल मचाया। “खेल खेल में” और “धमाचौकड़ी” को कई निजी स्कूलों में भी बतौर बाल-साहित्य पढ़ाया भी गया। खेल खेल में अक्षर ज्ञान ( स्वर व व्यंजन- अलग अलग दो भागों में) के जरिए हिन्दी और अंग्रेजी भाषा की वर्णमाला को भी गीतों के जरिए बच्चों तक पहुँचाया गया।
2009 मेंमेरी एक कृति “कहाँ गई वो दिल्ली वाली”, अकादमिक प्रतिभा, दिल्ली (भारत) द्वारा प्रकाशित की गई। ये कृति कथा – कहानी से जुड़ी तो जरूर लगती है, किंतु है अलग ही। ये कृति शब्द- चित्रों का ख़ज़ाना है। मैंने अपनी बात में कहा है — “बकौल अमृता प्रीतम-अपने-अपने भीतर का सच तो अपने-अपने भीतर से पाना होता है और वह सच शब्दों में नहीं उभरता/उतरता, अनुभव से उतरता है।” इस माने में मेरी कृति “कहाँ गई वो दिल्ली वाली” (शब्द- चित्र) मेंजो भाव उभर कर आए हैं, विशुद्ध रूप से ज़मीनी हैं। एक—दो शब्द-चित्र कोछोड़कर सभी घटनाएं, यथार्थ की जमीन पर स्वप्न में उभरी तस्वीरों से जुड़ी सत्य कथाएं हैं; इसके अलावा औरकुछ नहीं। पाठक इनमें अलग-अलग तरह से अर्थ तलाश सकते हैं, तलाशने भीचाहिएं। किंतु ऐसा करते समय मानवीय धरातल को सिरे से नकार देना, कदाचित तर्कसंगत नहीं होगा। हाँ! कुछ शब्द ऐसे भी होते हैं, जो होने तक ही सीमित रह जाते हैं। किंतु मैंने इन शब्दों को होठों तक सीमित नहीं जाना। इन शब्दों में ज़मीन को तलाशा है। भावना के कलेवर में ढाला है। तब ही तो मेरे ‘ शब्द-चित्र ’ हवाप्राप्त कर सके हैं।
कभी-कभी चीजों को समेटने में बहुत-सी चीजेंखोजाती हैं। और इनकी खोज में,शेष चीजें जैसे बिखर-सी जाती हैं। प्रत्येक मनुष्य स्वप्न देखता है। उम्र इसमें बाधा नहीं बनती। सपनें पर उम्र का कोई प्रभाव भी नहीं पड़ता। स्वरूप पर पड़ता है। सपने कम उम्र में भी आते हैं, बड़ी उम्र में भी। कभी-कभी सपने बुने भीजाते हैं। सपनों के इतर जो एक-दो शब्द-चित्र मेरी इसकृति में हैं, शायद वे इसी दायरे के हैं। किंतु सपनों के संकेत समझना अहम बात होती है। मेरी समस्या भी यही रही है। सपनों के भाव कभी भी मुझे समझ नहीं आए। मेरे सपने ठीक वैसे ही हैं, जिनके संकेत मेरी पकड़ में नहीं आते/आए। वैसे भी मैं कोई पीर-फ़कीर नहीं, जो सपनों कीताबीर जान पाऊँ। वस्तुत: मेरे सपने ऐसे दौर के सपने हैं जिसमें प्रत्येक जगह खून के छींटे ही देखने को मिलते हैं। मेरे सपनों में हास और उजास, पता नहीं क्यूँ नहीं उभरा? जबकि जरूरत तो हास-परिहास की ही है। ऐसे में यह विषय पाठकों के सोचने के लिए रह जाता है।
एक बात और, हम-तुममें सेकोई भी ऐसा नहीं है जो सपने न देखता हो। किंतु ज्यादातर लोग सपनों के अर्थ तलाशते-तलाशते सपनों को ही भूल जाते हैं। लेकिन मैंने इन्हें काग़ज़ पर उतार दिया है। शायद मन में एक डर था कि कहीं ये खो ही न जाएं। इच्छाएं और आवश्यकताएं , दो अलग-अलग तथ्य हैं। दोनों में कोई सामंज्य नहीं है। न कभी होगा। इच्छाएं और आवश्यकताएं व्यक्ति-विशेष की चेतन/अचेतन दशा को दर्शातीहैं। सुना हैकि अक्सर सपनों में दिशा-संकेत होता है। किंतु मेरे सपनों में खोज का भाव ज्यादा रहा है। पता नहीं क्यूँ? शायद इसलिए कि मैं साकार के मुकाबिलनिराकार को उतना आदरनहीं दे पाता, जितना दुनियाबी लोग देते नही थकते। सपने आकाश और पाताल की सीमा से परे होते हैं। मेरे भी हैं। लेकिन ये ज़मीन को छूते नज़र आते हैं। मैं बहुत बार टूटा हूँ और संभला भी। फिर भी मेरे सपनों नें कभी भी, किसी भी डगर पर, अपने सेअलग नहीं किया। मेरे उक्त कथन को समझने के लिए इस किताब में लिए गए अधोलिखित कथ्य शायद पर्याप्त ठहरे :-
“ मैं बीच रास्ते में ही पहुँचा था कि अच्छे-खासे हाड़-माँस वाला आदमी लंगड़ाते हुए मेरे सामने हाथ जोड़ते हुए आया और बड़ी ही ईमानदारी से निर्भीक अवस्था में विनती की, “बाबू पाँच रुपये कम पड़ रहे हैं, एक पव्वा लेना है। पच्चीस का आता है। बीस मेरे पास है। दे दोगे तो मैं दारू पीकर आराम से सो जाऊँगा।” मैं उलझन में फंस गया। क्या ये कोई काम नहीं कर सकता। पर करेगा कैसे और करें भी क्यूँ, जब फोकट में ही हाथ जोड़ने और पाँव पड़ने भर से रोटी और दारू दोनों का जुगाड़ हो जाता है। आखिर उसकी ईमानदारी को देखकर मैं उससे पूछ बैठा, “क्या तुम सचमुच लगड़े हो?”उसी ईमानदारी से बताना, जितनी ईमानदारी से पैसे माँगे है।” यह सुनकर वह ठीठका और उसने ईमानदारी से स्वीकार कर लिया कि वह लगड़ा नहीं है। भीख माँगने के लिए कुछ नाटक को करना ही पड़ता है। फिर भी सदा भीख नहीं मिलती। इस बार उसकी ईमानदारी ने पटखनी दे दी। मैंने उसे पाँच रुपये दिए और आगे बढ़ गया। किंतु मैं भीख माँगने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए खुद को कोसता रहा। कभी सोचता कि यदि मैं उसे रुपए न देता तो वह जीवन में कभी सच नहीं बोलता। इससे ईमानदारी की हत्या निश्चित ही हो जाती। इस उलझन में फंसा, मैं न जाने कब शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर पहुँच गया।.....”
राजनीतिक चरित्र के निरंतर पतन के चलते ”शब्दों पर सवारी करते हैं” शब्द-चित्र से एक बानगी। बात उस समय की है जब माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी प्रधान मंत्री थे।– “एक कह रहा था कि हमारे प्रधानमंत्री आज के जिन्ना हैं। चतुर-चालाक हैं। कई-कई मुखौटे है उनके पास। पार्टी का अलग, धर्म का अलग, सहयोगी दलों का अलग और न जाने कितने ही और। दूसरा बोला, “ अरे! सच तो ये है कि हमारे प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे हैं, सो शब्दों पर सवारी करते है। जैसे चाहें शब्दों को घुमा-फिरा देते हैं। अब देखो ना – आजादी के लड़ाई में लड़ने का गुनाह तक उन्होंने किया नहीं, पर आज स्वतंत्र भारत के प्रधानमंत्री हैं।” तीसरा बोला, “ अरे! मूर्ख तो जनता है। कुछ समझती ही नहीं। नारों के बल पर ही जिन्दा हो उठती है। हमारे प्रधानमंत्री जमाने की नस को जान गए हैं। जनता की परवाह नहीं करते। नेताओं से ताल-मेल कर सत्ता पर काबिज हैं। जो नाराज होता है, उसे ही मंत्री बना देते है।” मेरा मन था कि मैं भी कुछ कहूँ, पर अचानक तेज हवा चलने लगी। हवा आँधी में बदल गई। दोमट मिट्टी मरुस्थल में बदल गई। चारो तरफ धूल ही धूल छा गई। कई घरों की चादरों वाली छतें तक उड़ गई।”
सच तोयह है कि मेरे ये शब्द-चित्र मेरे साहित्यिक कबाड़ से ’शीलबोधि’ द्वारा निकाले गएहैं। उन्होंने ही इन्हें सजाने-संवारने की हिम्मत जुटाई। अन्यथा ये शब्द-चित्रएकन एक दिन दफ़्न हो रहते। बकौल “शीलबोधि”, “ व्यर्थ से लगने वाले सपने मनुष्य के जीवन का हिस्सा ही होते हैं। सपने जो हास-परिहास और ख़ौफ से जुड़े होते हैं, हमारी अचेतन चेतना से। “सपने” जिनके माध्यम सेहमारी, वे इच्छाएं सहजता से तृप्त होती रहती हैं, जो सपनों से बाहर की ज़िन्दगी में शायद ही पूर्ण हो सकें। सपनों को अक्सर हम समझ नहीं पाते। सपने हमारे मस्तिष्क में चलायमान होते हैं। हम कोशिश के बावजूद सपनों की बनावट को समझ नहीं पाते हैं। आश्चर्य से केवल सोचते ही रह जाते है। अक्सर हम सपनों को ‘भानुअमति का कुनबा’ समझ बैठते हैं जिन्हें ‘कहीं की ईंट तो कहीं का रोड़ा’ की तरह जोड़ा गया मालूम पड़ता है। पर मैं अक्सर सोचता हूँ, तेजपाल सिंह ‘तेज’ के सपने पढ़ने के बाद तो इस ओर ध्यान केन्द्रित कर सोचना मानो मजबूरी ही हो गई है कि विभिन्न असम्बद्ध घटनाओं से जुड़े सपनों का जोड़ क्या है। कैसे विभिन्न तरह की इच्छाएं, आकांक्षाएं और भय बिना किसी वजह के एक साथ जुड़ जाते हैं। मैंने जब सोचा तो समझा कि सपने किसी एक सूक्ष्म से अहसास से जुड़े होते हैं। अक्सर हम उस अहसास को पहचान नहीं पाते है। शायद इसलिए कि हम सपनों के अथ आगे-पीछे के जीवन में तलाशना शुरू कर देते हैं।
........... सपने जीवन से टूटे हुए नहीं हो सकते हैं बल्कि सपने जीवन से अव्यवस्थित रूप से जुड़े होटल हैं। जहाँ प्रधानमंत्री की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी की जा सकती है (शब्दों की सवारी करते हैं) और पुजारी के क्षुद्र स्वार्थों की कथा कही जा सकती है (मंदिर आपका ही है)। कभी-कभी लगता है कि सपने जीवन से बिदका हुआ यथार्थ होता है। सपने जीवन का एक बिल्कुल अलग और बहुत अधिक समीपता से जुड़ा हिस्सा होते हैं। “औरत जब पत्नी होती है” सपने के माध्यम से हम इस चुम्बकीय प्रभाव को समझ सकते हैं।
जीवन का असंतोष ही सपनों में अपनी पूर्णता पाता है, केवल ऐसा ही नहीं है, बल्कि कभी-कभी सपनों का असंतोष भी जीवन के यथार्थ सें संतोष पाता है। “क्या हो गया मेरे लाल कू” सपने में – एक ....राम मरते हैं, फिर दूसरे....... राम मरते है और फिर तीसरे और कोई .... राम मरते हैं। अलग-अलग दिनों को इस जैसे आने वाले सपनों की यह संबद्धता, अजीब सा असंतोष और बेचैनी पैदा करती है। जब तक सचेतन जीवन में किसी व्यक्ति के साथ घटना को नहीं बांटा जाता, असंतोष व बेचैनी बनी रहती है।
तेजपाल सिंह ‘तेज’ के सपने इसलिए भी मूल्यवान लगते हैं, क्योंकि वे समाज में व्याप्त खौफ, असंतोष और इच्छाओं के कारण जन्म लेते हैं। सपनों के मूल में एक व्यापक सामाजिक परिदृष्य समाया रहता है। देश, समाज अ मनुष्य के रूप में प्रत्येक स्तर पत बँटे समाज के प्रति लेखक की सद्भावी चिंता का उजास किताब में दिखाए देता है। यदि तेज जी से प्रेरित होकर यदि सपनों को, निकट से उपस्थित होकर और कल्पनाशीलता से दूरी बनाकर लिखा जाता है तो सपनों में ‘मनुष्य को जिन्दा” समझने का एक नया विमर्श सामने आएगा। और हम बहुत अधिक ईमानदारी के साथ सपनों में ‘जिन्दा इंसान’ को समझ सकेंगे।”
2009 में ही, “बिन्दु-बिन्दु सार” का प्रकाशन हुआ। यह एक वैचारिक समेटे हुए है अपने में। नैतिक ज्ञान का एक प्रायोगिक प्रदर्शन है इसमें किंतु उपदेशात्मक कतई नहीं। इस पुस्तक में जीवन के लिए आवश्यक विभिन्न सकारात्मक बिन्दुओं को निहित किया गया है। यथा – “कमिटमेंट” की अधोलिखित व्याख्या को देखें:
Ø “कमिटमेंट” संकल्प की पूर्ण करने की शक्ति है;
Ø
Ø सकारात्मक “कमिटमेंट” जीवन में उन्नति लाता है;
Ø
Ø नकारात्मक “कमिटमेंट” मनुष्य के जीवन को नष्ट कर देता है;
Ø
Ø “कमिटमेंट” में निश्चितता का भाव निहित होता है;
Ø
Ø “कमिटमेंट” में सुरक्षाभाव उत्पन्न होता है;
Ø
Ø “कमिटमेंट” से व्यक्तिगत विकास ही नहीं होता अपितु व्यक्ति का व्यक्ति से व समाज का समाज से अटूट रिश्ता पनपता है;
Ø
Ø “कमिटमेंट” व्यक्तिगत व व्यावसायिक रिश्ते भी प्रगाढ़ होते हैं;
Ø
Ø “कमिटमेंट” की कमी रिश्तों में दरार डाल देती है;
Ø
Ø “कमिटमेंट” परिपक्वता और समझदारी की पहचान है;
Ø
Ø परस्पर सम्बन्ध “कमिटमेंट” पर आधारित होते हैं, केवल निकटता व घनीष्ठता पर नहीं।<><>
वर्ष 2009 के अगस्त माह मे मैं भारतीय स्टेट बैंक की नौकरी से सेवा-निवृत्त हो गया। इसके बाद के मेरे लगभग दो-ढाई वर्ष प्रत्येक दृष्टि से ठीक-ठाक गुजर गए। कलम भी निरंतर चलती रही किंतु परस्पर मुलाकातों पर जैसे ब्रेक सा लग गया। स्वास्थ्य तो पहले से खराब चल रहा था। इसमें सुधार होने के बजाय गिरावट ही आती चली गई। फलत: साहित्यिक गतिविधियों में भागीदारी सिमटने लगी। गोष्ठियों में आना-जाना कम हो गया। 2012 की शुरुआत से ही मेरी हालत तेजी से बिगड़ने लगी और जुलाई माह में एक समय ऐसा आया कि जब गिरते स्वास्थ्य के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। सोलह जुलाई को दिल्ली के दीपक मैमोरियल अस्पताल में भर्ती होने के बाद तीन अगस्त को दिल्ली के ही सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी पाकर मैं एक नरकंकाल के रूप. में घर वापिस आया। अब पलंग पर पड़े रहना ही मेरी नियती बन गया था। चलना – फिरना तो क्या बोलना तक भी मेरे लिए एक समस्या हो गई थी। किसी पर कभी निर्भर न रहने वाला ‘तेजपाल’ अब पूरी तरह निर्भिरता की कैद में आ गया था। कभी-कभार कोई मिलने आ जाता तो आँखों-आँखों में ही एक दूसरे से बातें होती थीं। कई महीने तक ऐसा ही चलता रहा। खैर! एक दिन मेरा कोई मित्र (अब मुझे याद नहीं कि वो कौन था) और उसके साथ कोई अजनबी व्यक्ति मुझसे मिलने आए। जैसे ही उस अजनबी को मेरे मित्र ने मेरे लिखने-पढ़ने के शौक के बारे में बताया तो उसके हाव-भाव एक दम से बदल गए। बातचीत सेलग रहा था कि वह कोई मुसलमान था। उसने मुझसे मुखातिब होते हुए पूछा कि क्या मेरे पास कोई ऐसा मैटर तैयार पड़ा है जिसे छपवाया जा सके। अब मैं कुछ-कुछ बोलने लगा था। मैंने “हूँ” कहते हुए हाँ में गर्दन हिला दी। अब क्या था, वह मेरी बीमारी की बारे में बातचीत किए बगैर पुस्तक प्रकाशन की बातों पर उतर आया। कहने लगा, “मियां जो कुछ भी लिखा-लिखाया है, जीते-जी उसे छपवा डालो। वरना मरने पर सारा लिखा-लिखाया कबाड़ी के पास चला जाएगा। कोई चिंता नहीं करेगा तुम्हारे साहित्य-वाहित्य की।” इतना कहकर वो तो मेरे मित्र के साथ चला गया। किंतु मैं हक्का-बक्का सा उसको देखता ही रह गया। मुझे लगा कि उसकी बातों में जान है। कितना स्पष्टवादी था वह। भला जिन्दा लोग अपनी आवश्यकताओं का ध्यान रखें या मरे-खपे लोगों की? कितना सच था उसकी बातों में....। उसकी बातें मुझपर असर कर गईं और मैंने अपने बड़े बेटे की से कुछ दिनों में ही अपने साहित्यिक कबाड़ को खंगलवाया जो कम्प्यूटर में कैद था। प्रकाशक भी मिल गया। और इस तरह 2013 में मेरी दो किताबें प्रकाश में आ गईं- एक ग़ज़लों की “हादसों के दौर में” और दूसरी गीतों की “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का”। मेरी किताबें तो छप गई किंतु उन दोनों में से कोई भी आज तक मुझसे दुबारा मिलने नहीं आया।
“हादसों के दौर में” मेरा चौथा ग़ज़ल-संग्रह है। इसमें भी मेरी रचना-धर्मिता जस की तस बनी रही है। इसकी ग़ज़लें केवल दलित के साथ अनदेखी के सवालों को ही नहीं, अपितु समूची मानवता के तहत जो कुछ भी देखा है, परखा है या फिर महसूस किया है, मैंने अपनी रचनाओं में ढाला है। आप पाएंगे कि इसकी रचनाएं सच्चाई की गवाह हैं। हाँ! दृष्टि समकालिक जरूर है।
आज का इंसान जब भी लौटकर घर आता है,
टूटा बदन, हारा-थका विश्वास लेकर आताहै,
हादसों के शहर में न ‘तेज’ इतना मुस्करा,
देखकर सहसा हँसी, यहाँ आदमी डर जाता है।
मैं मानता हूँ कि शायरी भी अन्य साहित्यिक विधाओं की भाँति संवेदना की एक स्वतंत्र अभिव्यक्ति है। शायरी दुनिया-भर के हर्ष और विषाद के अर्थों एवं अनर्थों को ढोती हुई कभी हँसती है, कभी रोती है और कभी औरों को भी रुलाती है। शायरी पूरी तरह फक्कड़ है। यायावर है। शायरी की कभी सीमाएं रही होंगी किंतु आज की शायरी की कोई सीमा नहीं है। और तो और कभी-कभी बदलते दौर के चलते एक ही विषय पर पूरी की पूरी ग़ज़ल टिक जाती है। इस मायने में इस संग्रह में समाहित प्राय: सभी ग़ज़लें परम्परागत शैली से कुछ हटकर हैं। ग़ज़लीय गंध के साथ-साथ इनमें गीतों की गंध ही अनुभूत नहीं होती अपितु भाषा की सादगी भी पाई जाती है -
आड़ी तिरछी खड़ीं लकीर,
कुछ औंधे मुंह पड़ीं लकीर।
जैसी भी हैं रहने भी दो,
दिलों में खींचो मती लकीर।
सूई धागा मांग रहा है,
भूखा नंगा एक फकीर।
<><><>
किस-किस को बतलाए गोरी,
छोड़ भगा धनिया को होरी।
देख जमाने की रंगत को,
कब तक करती सीनाजोरी।
बेअदबों की साख बनी है,
यार ‘अदब’ अपनी कमजोरी।
कदम कदम नासमझ घने हैं,
नासमझों से क्या मुंहजोरी।
‘तेज’ अकेला क्या कर लेगा,
भीड़ पड़े है सब पर भारी।
<><><>
दरअसल हिन्दी ग़ज़ल का कैनवास परम्परागत उर्दू ग़ज़ल से पूरी तरह मेल नहीं खाता। आज की शायरी बोलती है, व्यवस्था पर चिल्लाती है, बेखौफ़ है। सतात्मक व्यवस्था इसके आड़े आने का साहस नहीं करती।
क्या पूछो हो किस्मत मेरी, रात धवल दिन काले हैं,
अंतर—अंतर काला—काला, चेहरे भोले-भाले हैं
कब तक गुण्डागर्दी होगी, राजनीति के दंगल में,
इक दिन झंडा फहराएंगे, जिनके छिने निवाले हैं।
अन्य साहित्यिक विधाओं की तरह, शायरी भी अतीत से निकलकर वर्तमान की सभ्यता और संस्कृति से निरंतर जूझ रही है। भूख, प्यास, संत्रास, विद्वेष अदि जैसी सामाजिक विवशताओं/मसलों प्रहार/विचार करती है। -
जीने का सामान मिला कब,
अपना दामन चाक सिला कब।
मुझको बस इतना बतला दो,
भारत अपना पाक मिला कब।
दूषित राजनीति के चलते,
जनता को इंसाफ मिला कब।
हमको अपनी मजदूरी का,
पूरा-पूरा दाममिला कब।
कल के राजा आज भी राजा,
उनका तख्तो-ताज हिला कब।
<><><>
तुम क्या जानो कैसे गुजरी,
जब भी गुजरी जां पे गुजरी।
शब तो मैखाने की जद में,
सहर तिरे सदके में गुजरी।
सुबह सवेरे फाका-मस्ती,
दोपहरी सहरा में गुजरी।
जीस्त यूं समझो आवारा है,
कुछ रोते, कुछ हँसते गुजरी।
‘तेज’ तुझे मालूम नहीं कि
उम्र बड़े सस्ती में गुजरी।
<><><>
सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक चरित्र भी आज की हिन्दी ग़ज़ल के विषय हो गया है। समय के साथ-साथ शायरी सुरा-सुन्दरी की चौखट लाँघकर आम आदमी की चौखट तक पहुँच गई है। मैं पुन: स्पष्ट करदूँ कि मेरी शायरी किसी “मठ” की देन नहीं है। मैंने इसे देखने का अलग तरीका अपनाया। दरअसल व्यक्ति अपने जीवन-जगत से नाखुश होकर ही कुछ न कुछ नया रचता है। यह रचना-क्रम असल जीवन-जगत से जितने अंशों से जिस हद तक मेल खाता है, उसी अनुपात में असल जीवन-जगत की जैसे आलोचना प्रस्तुत करता है। यह पहले से मौजूद छोटी लकीर को यदि 'छोटी' कहने का दम भरना है तो उसके सामने एक बड़ी और नूतन लकीर खींचने का काम हिन्दी ग़ज़ल ने बखूबे किया है, ऐसा लगता है। जैसा है, वह लकीर अपने आप छोटी साबित हो जाएगी। यह विशेषता उर्दू और हिन्दी ग़ज़लों दोनों में ही पाई जाती है। इन अर्थों में मैं ग़ज़ल का कितना सगा हो पाया हूँ, कहाँ खड़ा हूँ और किस प्रकार के व्यवहार को कितनी तरजीह देता हूँ, सुधी पाठकों को ही तय करना है।
विदित हो कि शासन-प्रशासन आँख बन्द करके लोकतंत्र को लूट तंत्र का स्वरूप प्रदान करने से बाज नहीं आ रहा है। इतना ही नहीं, समाज के अलग-अलग वर्गों ने अपने-अपने इतिहास को खोज निकालने के नए-नए सूत्र न केवल तलाशने शुरु कर दिए है, अपितु अपनी-अपनी मौलिक संस्कति और सभ्यता का पुस्तकीय रूप में बखान करना भी प्रारम्भ कर दिया है। चारों तरफ उहाँपोह की हालत है। ऐसे में गीत का लिखा जाना एक प्रश्न बनकर रह गया है। फिर भी मेरी कलम से कुछ गीतों का सृजन संभव हो पाया है किंतु अक्सर गीत वर्तमान माहौल से अथवा समकालीन गतिविधियों/परिस्थितियों के खुलासे के अलावा कुछ बयां नहीं कर पाए। हाँ! समकालीन गतिविधियों/परिस्थितियों के इतर जो भी गीत बन पाएं हैं, उसे एक संयोग ही कहा जाना चाहिए। दूसरे ये गीत ही वियोग की छाया से ढके हुए हैं। यह कहानी है 2013 में ही प्रकाशित मेरे “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का” (गीत-संग्रह) की। उदाहरणार्थ कुछ गीत :
….कैसी भाषा छोड़ गए
जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए ?
उल्टे-सीधे अर्थ उगलती हैहरदम,
अपने पीछे तुम ये कैसी भाषा छोड़ गए?
दंश-प्रेम का पोर-पोरपर तारी है,
तुम प्रेम-प्रीत की क्या परिभाषा छोड़ गए ?
जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए?
पीते-पीते मौतगले तक आ पहुँची,
घर-आँगन मेंतुम ये कैसी हाला छोड़ गए ?
जाते-जाते तुम येकैसी आभाछोड़ गए ?
उत्तर देते-देते जीवन रीत गया,
पश्नों की तुम कैसी तृष्णा छोड़ गए ?
जाते-जाते तुम येकैसी आभा छोड़ गए ?
<><><>
पांव पड़ी पाजेब …….
पांव पड़ी पाजेब तो बिटिया,
बचपन का सच भूल गई ।
केवल सपनों सी आती है,
मां का आंचल भूल गई ।
जेठ की लू औ’ पौष कीसरदी,
रिमझिम सावन भूल गई ।
सास जिठानी का संग पाकर,
साग में आलन भूल गई ।
<><><>
मैं तो काँटों का आदी हूँ
मैं तो काँटों का आदी हूँ,
फूलों का हार उन्हें दे दो ।
पलकें हैं बोझिल जिनकी, उर्मिल रंग उन्हें दे दो ।
जो प्यार के दर से कोसों दूर खड़े हैं,
अरु अरमानों की अर्थी लिए खड़े हैं,
अंधियारे मेरे खाते में, कुल उजियार उन्हें दे दो ।
मैं तो काँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो ।
मेरे गीतों के जैसे तंग हैं जो बेचारे,
जो करते करते दुआ वफ़ा की हारे,
वो रह जाएं ठगे ठगे, कुछ ऐसाप्यार उन्हें दे दो ।
मैं तो काँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो ।
जिनका हर एक दर्द है कविता कवि की,
जिनकी हैहर हार सफलता जग की ,
ढोलक चिमटा डमरू वीणा औरखरताल उन्हें दे दो ।
मैं तोकाँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो ।
<><><>
(12 . 05. 1979 को आकाश वाणी दिल्ली से “कवि के मुख से” नामक कार्यक्रम मेंप्रसारित )
यूँ ना बैठे हाथ मलो
यूँ ना बैठे हाथ मलो,
काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।
सूरज तो सूरज है यारा,
आज नहीं तो कल निकलेगा।
जीवन माना बर्फ सरीखा,
आज नहीं तो कल पिघलेगा।
काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।
मुझको तो अनुबंधी युग में,
सम्बंधों को जीना है।
छोड़के तेरा-मेरा सचमुच,
ज़हर प्रेम का पीना है।
काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।
तू क्या जाने कल की खातिर,
खून को किया पसीना है।
हर पल खोया ही खोया है,
हक हमको मिला कभी-ना है।
काँ टों पर चलने का दम है, तो तुममेरे साथ चलो।
यूँ ना बैठे हाथ मलो।
नए दौर में भूल गए हम,
मानवता का मूल तलक।
प्रेम-प्रीत कीपगडंडी पर ,
बिछा सके तो बिछा पलक।
काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।
<><><>
मैं ये तो नहीं जानता कि “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का” में प्रकाशित गीत पाठकों को कितना रिझा पाएंगे किंतु गीत-संगीत हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा जरूर है। इससे मुकरना बहुत कठिन कार्य ही नहीं, अपितु अव्यावहारिक भी है। मैं आशा करता हूँ कि जीवन की कठिन परिस्थितियों से इतर हम कुछ समय यदि गी-संगीत को समर्पित करें तो यह आशा की जा सकती है कि हमारे हिस्से में में भी कुछ जीवन शेष है।
वर्ष 2014 में शिक्षा, मीडिया और राजनीति शीर्षक से डा. अश्वनी कुमार के संपादन कार्य के तहत एक और किताब आई। जिसमें गए समय के समय-समय पर प्रकाशित लेखों को संकलित भर किया गया है.... वो मेरे विशुद्ध साहित्यिक लेख नहीं है अपितु मेरे द्वारा किए गए रचनात्मक कार्यों का ही लेखा-जोखा है....उन्हे उसी दृष्टि से देखा जाना ही प्रार्थनीय है। दरअसल कविता करते-करते एक समय आया कि जब एक कड़वा सच, जो मुझे सबसे ज्यादा खला, वह है एक रचनाकार दूसरे रचनाकार की रचनाएं पढ़कर ही यह समझने लगता है कि लो हो गई सामाजिक क्रांति। वह नहीं सोचता कि उसकी रचना जिस वर्ग-विशेष के लिए बन पड़ी है, वह रचना उस तक पहुँची भी है या नहीं?यदिनहीं पहुँची तो उस रचना का उद्देश्य रह ही क्या गया? मैं इसी पसोपेश में आज तक भी पड़ा हुआ हूँ। वह इसलिए कि मेरा ग़ज़ल संग्रह “दृष्टिकोण” आम आदमी तक नहीं पहुँचा पाया, केवल पुस्तकालयों की शोभा बन कर रह गया। ऐसा आज भी हो रहा है, क्योंकि ज्यादातर किताबें ज्यादा कीमत वाली होती हैं जो आम आदमी की पहुँच से परे होती हैं। वैसे भी किताबें छापने वाले चैरिटी तो करते नहीं, व्यवसाय करते हैं। फलत: पद्य साहित्य की रचना करते-करते मैं मन ही मन सोचने लगा कि गीत, गजल व कविताएं साहित्यिक धरोहर तो हो सकती हैं। चेतना का स्वर भी है इनमें। ये व्यक्ति को मानसिक रूप से उद्वेलित भी कर सकती हैं। किंतु इनका रचनात्मक परिणाम अथवा स्वरूप निश्चित रूप से भविष्य की कौड़ी है। फिर जरूरी भी नहीं कि कविता के बल पर कुछ सकारात्मक परिवर्तन की आशा कभी पूरी होगी भी कि नहीं। हाँ! इतना अवश्य रहा कि ग़ज़लों/कविताओं के जरिए मुझे ‘वाह क्या बात है’, ‘क्या खूब’, ‘कमाल है’, ‘हकीकत है.....’ आदि-आदि जुमले खूब सुनने को मिले किंतु मेरे अन्दर एक द्वंद्व चलता रहा या यूँ कहूँ कि एक सवाल मेरे मन में सदैव बना रहा कि इस सब से मेरे समाज के हक में आखिर हुआ क्या है या फिर क्या होने वाला है। बस! इसी सोच के चलते मैंने आम आदमी से जुड़ी समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने उठाने के लिए 1994 में “दृष्टिकोण” नामक एक स्वयं सेवी संस्था का गठन किया जिसके माध्यम से मैंने सर्वप्रथम उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के प्राथमिक स्कूलों की दुर्दशा से जुड़े सवालों को पत्रों और अखबारी मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन के सामने रखने का काम किया। और भी ऐसे ही अन्य प्रश्न जो समाज के गरीब और निरीह समाज की समस्याओं से जुड़े सवाल ही रहे हैं। फिर चाहे वो शिक्षा से जुड़े सवाल हैंया आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अवस्था से जुड़े सवाल या फिर शासन-प्रशासन व मीडिया के द्वारा समाज के बेहतरी के प्रति बरती जा रही अनदेखी के सवाल.....और भी अनेक । अलग- अलग विषयों को लेकर सामाजिक/साहित्यिक गोष्ठियों का आयोजन कर ऐसे प्रश्नों पर चर्चा शुरू की। इस दौरान नवभारत टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा और जनसत्ता जैसे राष्ट्रीय अखबारों ने मेरे इस काम में भरपूर मदद की। जितने भी प्रश्न ‘दृष्टिकोण’ के माध्यम से उटाए गए, उनमें से स्थानीय समस्याओं से जुड़े काफी प्रश्न हल भी हुए। ऐसा करने से मुझे अपने कार्य से संतोष तो मिला ही, साथ ही भविष्य के प्रति ऐसा करते रहने की प्रेरणा भी। हाँ! कुछ ऐसे प्रश्न भी रहे जिनका हल होना समय में गर्भ में छिपा होता है यानि कि उनके फौरी हल ढूंढनाअथवा पाना तत्काल संभव नहीं होता। ऐसे प्रश्नों को हवा देना केवल भविष्य के प्रति आशावान होना ही कहा जाएगा। खैर! ऐसा करते-करते मेरे पास शिकायती/ प्रतिक्रियात्मक पत्रों/लेखों/रपटों का अच्छा-खासा साहित्यिक/रचनात्मक कबाड़ जमा हो गया। और इस तरह एक ग़ज़लकार पत्रकार/गद्यकार बन गया।
मेरी इस पुस्तक के संपादक डा. अश्वनी कुमार ने अपने संपादकीय में कहा है कि तेजपाल सिंह ‘तेज’ का साहित्य सामाजिक चेतना का साहित्य है। वो आगे कहते है कि ख्यातिप्राप्त साहित्यकार अज्ञेय जी ने ‘सूरज का सातवां घोड़ा’ उपन्यास की भूमिका में लिखा है – “लेखक को दो चीजों से बचना चाहिए: एक तो भूमिकाएं लिखने से, दूसरे अपने समवर्ती लेखकों के बारे में अपना मत प्रकट करने से।” यहाँ कोई यह न समझे कि मैं दोनों बातों में से एक पर भी अमल नहीं करूँगा बल्कि दोनों बातों को करने की गुस्ताखी कर रहा हूँ। यह व्यक्तव्य मैं इसलिए उल्लिखित कर रहा हूँ कि आदरणीय तेजपाल सिंह ‘तेज’ साहित्य जगत में एक जाना- पहचाना नाम है। तेज जी ने अनेक पद्य व गद्यरचनाओं के द्वारा साहित्य जगत को महत्वपूर्ण योगदान दिया हैं। तेज जी से मेरी प्रारंभिक जान-पहचान ‘अपेक्षा’ पत्रिका के प्रवेशांक निकालने के समय किसी बैठक में हुई थी। तेज जी हिन्दी साहित्य जगत में मुख्यत: ग़ज़लकार/कवि के रूप में जाने जाते रहे हैं किंतु उनका गद्य भी समाज के अवहेलित वर्ग से जुड़ी समस्याओं को बखूबी पाठकों के सामने लाता है। मुझे तेज जी का लेखन प्रत्येक दृष्टि से सामाजिक चेतना का साहित्य लगता है। पिछ्ले दिनों उनसे मेरी मुलाकात उनके घर पर ही जब हुई तब वे गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। एक दिन मैं और मेरी पत्नी उनका हालचाल जानने उनके घर गए थे। साहित्य की बात चली तो मुझे उनके गद्य लेखन से रूबरू होने का अवसर मिला। उनके गद्य लेखन में भी उनकी गजलों/गीतों/कविताओं जैसा ही तेवर मौजूद पाया। उनकी लेखन शैली और तीक्षणता को देखते हुए मुझे लगा कि क्यों न उनके गद्य लेखन को पुस्तक रूप में आना चाहिए। आपस में इधर-उधर की और कई बातें हुईं। बातों-बातों में तेज जी ने अपने लेखों को मेरे द्वारा संकलित और संपादित करके पुस्तक रूप में प्रस्तुत करने के प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर लिया। मैं समझता हूँ कि उनके इस उपक्रम से मेरे साहित्यिक रुझान को निश्चित ही और प्रोत्साहन/बल मिलेगा। गद्य-साहित्य के रूप में तेज जी द्वारा मुझे जो सामग्री दी गई, उसका अध्ययन करने पर पाया कि लेखक ने ‘शिक्षा’ के सवाल को प्रमुखता से उठाया है। प्र्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च-शिक्षा का सवाल हो या हिन्दी को राजभाषा बनाने का सवाल या दलितों, पिछड़ों, महिलाओं के उत्थान के नाम पर सरकारी मशीनरी के रवैये परईमानदारी से व्यंग्यात्मक रूप में बराबर सवाल उठाएं हैं। हम सभी जानते हैं कि दलितों, महिलाओं, आदिवासियों, पिछड़ों या यूँ कहें की समाज के गरीब और निरीह समाजमें शिक्षा का ना होना, उनके पिछड़ेपन का सबसे बड़ा कारण है।
इस पुस्तक का दूसरा भाग वर्तमान ‘मीडिया’ पर केन्द्रित है। लेखक की नजर में भारतीय मीडिया जातिवादी और कार्पोरेट (पूँजीवादी) व्यवस्था को पोषण देने वाला है। मीडिया में केवल तथाकथित उच्च जाति के लोगों को रोजगार दिया जाता है। गैरदलित जाति के लोगों द्वारा संचालित प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया केवल दो प्रमुख राजनीतिक पार्टियों और सवर्ण मानसिकता से ग्रस्त सूचनाओं को बारम्बार प्रेषित/प्रसारित करते रहता है। प्रिंट मीडिया के संपादक तो मानो अखबार पर अपनी विचारधारा को ही देश की विचारधारा मानकर लिखते हैं। आज के प्रिंट और इलेक्ट्रानिक यानी मीडिया के दोनों रूप ही केवल प्रमुख राजनीतिक राष्ट्रीय पार्टियों के अलावा स्वयं टेलीविजन से पैदा एक पार्टी विशेष की खबरों को ही पेश करने में जैसे प्रतियोगियों की तरह भूमिका निभाते हैं।
पुस्तक का तीसरा और अंतिम भाग ‘राजनीति’ पर केन्द्रित है। भारतीय राजनीति सवर्ण जातियों के हाथ का खिलौना बनकर रह गई है। मंडल आयोग के बाद राजनीति में दलितों, पिछड़ों, महिलाओं की उपस्थिति जरूर दर्ज हुई है, परंतु इन पार्टियों को राजनीति के द्वारा जो काम गरीब और निरीह समाज के लिए करना चाहिए था, उस काम में निरंतर कोताही बरती गई है। दोनों ही बड़ी पार्टियाँ दलित समाज को वोट बैंक के रूप में देखती हैं। उससे ज्यादा और कुछ नहीं। उल्लेखनीय है कि तेज जी ने इस काम के लिएकेवल गैर-दलितों को ही कठघरे में खड़ा नहीं किया है, बल्कि दलित वर्ग के मौका-परस्त लोगों/नेताओंको भी नहीं बख्शा है। कुल मिलाकर यह पुस्तक वर्तमान को समझने के साथ-साथ अतीत की परतों को भी खोलता है, साथ ही भविष्य की चुनौतियों से लड़ने की ताकत भी प्रदान करती है।
इस पुस्तक के हाथ में आने पर आपके जहन में सहज ही यह सवाल उठ सकता है कि मैं एक ग़ज़लकार से कब और कैसे गद्यकार बन गया। यह जानना मस्तिष्क की एक सहज अवस्था है। इस पुस्तक को पढ़कर आप पाएंगे कि मेरी ग़ज़लों/गीतों/कविताओं में उठाए गए प्रश्न ही जैसे इस पुस्तक में संकलित लेखों के प्रश्न हैं। अर्थात समाज के गरीब और निरीह समाज की समस्याओं से जुड़े सवाल। फिर चाहे वो शिक्षा से जुड़े सवाल है या आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अवस्था से जुड़े सवाल या फिर शासन-प्रशासन व मीडिया के द्वारा समाज के बेहतरी के प्रति बरती जा रही अनदेखी के सवाल। ग़ज़लों/कविताओं के जरिए मुझे ‘वाह क्या बात है’, ‘क्या खूब’, ‘कमाल है’, ‘हकीकत है.....’ आदि-आदि जुमले तो खूब सुनने को मिले किंतु एक सवाल मेरे मन में सदैव बना रहा कि इससे मेरे समाज के हक में आखिर हुआ क्या है या फिर क्या होने वाला है। हाँ ! गीत, गजल व कविताएं साहित्यिक धरोहर तो हैं ही। चेतना का स्वर भी है। इनका रचनात्मक स्वरूप निश्चित रूप से भविष्य की कौड़ी है।बस! इसी सोच के चलते मैंने आम आदमी से जुड़ी समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने उठाने के लिए 1994 में “दृष्टिकोण” नामक एक स्वयं सेवी संस्था का गठन किया। जिसके माध्यम से मैंने सर्वप्रथम उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के प्राथमिक स्कूलों की दुर्दशा से जुड़े सवालों को पत्रों और अखबारी मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन के सामने रखने का काम किया। और भी अनेक प्रश्न ...............। अलग- अलग विषयों को लेकर सामाजिक/साहित्यिक गोष्ठियों का आयोजन कर ऐसे प्रश्नों पर चर्चा शुरू की। इस दौरान नवभारत टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा और जनसत्ता जैसे राष्ट्रीय अखबारों ने मेरे इस काम में भरपूर मदद की। जितने भी प्रश्न ‘दृष्टिकोण’ के माध्यम से उटाए गए, उनमें से स्थानीय समस्याओं से जुड़े काफी प्रश्न हल भी हुए। ऐसा करने से मुझे अपने कार्य से संतोष तो मिला ही, साथ ही भविष्य के प्रति ऐसा करते रहने की प्रेरणा भी। हाँ! कुछ ऐसे प्रश्न भी रहे जिनका हल होना समय में गर्भ में छिपा होता है यानि कि उनके फौरी हल ढूंढनाअथवा पाना तत्काल संभव नहीं होता। ऐसे प्रश्नों को हवा देना केवल भविष्य के प्रति आशावान होना ही कहा जाएवा। खैर! ऐसा करते-करते मेरे पास शिकायती/ प्रतिक्रियात्मक पत्रों/लेखों/रपटों का अच्छा-खासा साहित्यिक/रचनात्मक कबाड़ जमा हो गया। और इस तरह एक ग़ज़लकार पत्रकार/गद्यकार बन गया। सफर जारी है।
कई बार किसी गद्य अथवा पद्य कृति/रचना को पढ़कर तथा किसी प्राकृतिक व अप्राकृतिक दृश्य को देखकर भी हमारे मन-मस्तिष्क में प्रतिक्रिया स्वरूप कुछ न कुछ विचार अवश्य कुलबुलाता है। इस कुलबुलाहट के चलते आलोचना/समालोचना का जो विचार उत्पन्न होता है, वह सकारात्मक भी हो सकता है, नकारात्मक भी। यह व्यक्ति विशेष की सोच पर निर्भर होता है। अक्सर कमही लोग मन-मस्तिष्क में उपजी प्रतिक्रिया को कागज पर उकेर पाते हैं,उनमें से शायद एक मैं भी हूँ। प्रतिक्रियात्मक टिप्पणी किसी लेख के किसी एक अंश को पढ़कर भी जन्म ले सकती है और पूरी रचना/लेख को पढ़कर भी। मेरे प्रतिक्रिया-बोध ने लगभग एकल लेख अथवा खबर को पढ़कर ही जन्म नहीं लिया है, अपितु साकार व निराकार, प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष दोनों ही प्रकार के दृश्य भी मेरे गद्य और पद्य लेखन के विषय रहे हैं। मैं नहीं समझता कि मेरा प्रतिक्रिया-लेखन का क्षेत्र गीत, ग़ज़ल, कहानी या यूँ कहा जाए कि किसी भी साहित्यिक विधा की तरह व्याकरण से बंधा है। प्रतिक्रिया-लेखन का क्षेत्र मुझे बड़ा ही विस्तृत लगता है और कठिन भी। प्रतिक्रिया-लेखन की शैली पत्र-लेखन का हिस्सा भी हो सकती है और आलेख-लेखन का भी। मेरी ग़ज़लों/गीतों में भी मेरे जहन में उपजी प्रतिक्रियाओं को अक्सर देखा जा सकता है। यहाँ ये छोटे-बड़े लेखों या रिपोर्टस के रूप में प्रस्तुतहैं।
प्रतिक्रिया का जन्म मन से होता है, दिमाग से शायद नहीं। दिमाग तो उसका विस्तार-भर करता है। इस पुस्तक में प्रस्तुत सभी लेख कहीं न कहीं स्थानीय अथवा राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। किंतु यह जरूरी तो नहीं कि ये सभी पाठकों तक पहुँच पाए हों। अत: यहाँ-वहाँ प्रकाशित इन लेखों को पुस्तक रूप में लाने का प्रयास भी मेरे बागी तेवर और दिमागी कुलबुलाहट के चलते पत्रकारिता की एक बानगी है। इस पुस्तक में संकलित लेखों को पढ़ते हुए, कई बार लगेगा कि कुछ बातों की पुनरावृत्ति हो रही है। मैं यह स्पष्ट करना अपना कर्त्तव्य समझता हूँ कि विषय से मेल खाते कुछ लेखों में ऐसा हो जाना एक सहज लेखकीय प्रक्रिया का हिस्सा है, अन्यथा नहीं। और मेरा यह लेखन किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। वर्षों लम्बे सफर में जब-जब भी मन-मस्तिष्क में जैसा भी विचार आया, मैंने उसे कलमबद्ध भर किया है। यह तो कभी सोचा भी न था कि मेरे ये लेख कभी पुस्तक रूप में पाठकों के सामने आ भी सकेंगे। यह सब तो मेरे अनुज डा. अश्वनी कुमार की मेहनत का नतीजा है। इन लेखों को .पुस्तक रूप में लाने का सुझाव देने के साथ-साथ, उन्होंने इन लेखों का सम्पादन करने का भार उठाकर मुझे मेरी रुग्णावस्था की पीड़ा झेल पाने का बल प्रदान किया। भाई ईशकुमार गंगानिया और शीलबोधि ने तो जैसे कमर ही कस रखी है कि वे मेरी कलम को कभी कुन्द नहीं होने देंगे। दोनों के दोनों मेरी रुग्णावस्था के चलते हुए भी मेरी कलम को आराम करने का कोई भी मौका नहीं देते।
निकट भविष्य में प्रकाश्य पुस्तक “आलोचना-समालोचना” (वैचारिकी) उन मूकनायकों को समर्पित है जो सामाजिक विसंगतियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अतीत के आगोश में समा गए। इस पुस्तक के प्रस्तोता माननीय शीलबोधि के अनुसार यह पुस्तक समाज का एक समूचा वितान है। उनके अनुसार चिंतन मानव-मन की एक सहज और श्रृंखलाबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें विचार एक कड़ी का काम करते हैं। विचारों का अनुक्रम जंजीर की भाँति होता है। एक विचार से दूसरे विचार की ओर यात्रा में एक क्रमबद्धता होती है, जो अनुभवों को संजोये रखती है। इसी में मनुष्य की तरक्की के क़ारण निहित हैं। कुछ लोग मानते हैं कि विचार सबसे व्यर्थ चीज़ है, तो दूसरी तरफ कुछ लोग ऐसे भी है जो मानते हैं कि विचार सबसे सार्थक चीज़ है। विचार का मूल्य कल्पना में नहीं, बल्कि उसके व्यवहार में निहित होता है। कोई भी व्यक्ति यदि कोई विचार करता है लेकिन उसके अनुरूप व्यवहार नहीं करता तो उसके लिए विचार की कोई सार्थकता नहीं रह जाती। हाँ! इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि विचारवान व्यक्ति के सामने अपने ही विचारों को लागू करने में कोई मजबूरी रहती हो.... जो अक्सर रहती ही है....इसे नकारा नहीं जा सकता। .... कुछ ऐसे लोग भी हो सकते है जो विचारवान न होते हुए भी, समाज हित में किसी चहेते विचार को व्यवहार में ले आता है तो ऐसे लोगोंफ के जीवन में विचार सार्थक बदलाव लाता है। समाज में बदलाव की प्रक्रिया व्यक्तिगत स्तर से होकर ही गुजरती है।
तेजपाल सिंह ‘तेज’ की प्रकाश्य पुस्तक “आलोचना-समालोचना” में भी विचार की अलग-अलग किस्में हैं, रंगीन भी और रंगहीन भी, दोनों ही तरह की। पुस्तक में कहीं कविता पर बात है तो ग़ज़ल पर भी , बाबा साहब डॉ. अम्बेडकर पर बात है तो गांधी पर भी। महिला-उत्पीड़न और यौनिक-शोषण पर बात है तो रूढि़यों की भी खबर ली गई है। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ जैसे साम्प्रदायिक और हिन्दूवादी संगठन के अलगववादी विचार पर बात है तो अन्ना हजारे जैसे गैर सांगठनिक राजनीतिक घटक द्वारा चलाए गए भ्रष्टाचार उन्मूलन आंदोलन की भी बात है। अर्थात ये कहा जा सकता है कि तेजपाल सिंह की प्रस्तुत पुस्तक विचार का एक समूचा वितान है, जो समसमायिक घटनाक्रमों की देन है। बीते हुए समय की गवाही जैसा है। कल कैसा था, इसका जवाब तो पुस्तक कल ही यानी आइन्दा ही दे सकेगी। भूमिका में कितना ही भी विस्तृत परिदृश्य रखा जाए, वह सीमित ही सिद्ध होता है। मनुष्य का संसार ही इतना विस्तृत हो गया है कि इसका कोई निश्चित खाका नहीं हो सकता है। किसी हद तक सीमित दायरा सुनिश्चित सूचना देने का काम करता है। इसलिए जरूरी अध्ययन सुक्ष्मता पर टिके होते हैं। पुस्तक बोलती तो कम है लेकिन खुलासा ज्यादा करती है।
मैं मानता हूँ कि रोजमर्रा की दिनचर्या में न जाने कितने भिन्न-भिन्न ख़याल आते-जाते हैं, इतना ही नहीं नित्य-प्रति न जाने कितनी ही घरेलू और देश की विभिन्न समस्याओं से रुबरू होना पड़ता है। चिंतन-मनन की रह-रह कर सुलझती और उलझती गुत्थियों में अनायास ही समाधान के उत्कृष्ट तरीके इजाद होते नज़र आते-जाते हैं। बहुत से मूल्यवान निष्कर्ष जब कागज पर जगह प्राप्त नहीं कर पाते है, तो उनकी अकालिक म़त्यु मन को दुखा जाती है। लेकिन यदि कागज पर उतर आते हैं तो समाज को अब तक जितना समझा जा चुका है, उससे आगे सोचने का मार्ग प्रशस्त होता है। नित्य-प्रति समाज और देश से जुडना, नित्य-प्रति समाज और देश से निजी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष मुलाकातें और नित्य-प्रति की नई वैचारिक प्राप्तियां, जब आगे तक जाती हैं, तो अपनी सही और व्याप्क भूमिका अदा करती हैं। बहुत लंबे समय से लेखन और चिंतन-मनन की प्रक्रिया से जुडा रहने के साथ-साथ, आज भी विचारों का प्रभाव समसमायिक घटनाक्रम में दखल के लिए मन को बेचैन करता रहता है। मैं इस दख़ल को यदि इस पुस्तक में कायम रख सका हूँ, तो शायद मेरे लिए यही इस पुस्तक की उपयोगिता सिद्ध होगी। लेकिन मेरी उपयोगिकता और पाठक की उपयोगिता में अंतर हो सकता है। पाठक का अपना परिवेश और सोच है, लेखक का अपना। यदि पाठक मेरे अपने जीवन-अनुभवों और मेरे अपने अनुभवों की आधार-घटनाओं से होकर गुजरेंगे तो देश, काल और परिस्थितिको शक्ल दे पाएंगे, यही सोचकर सीधा और सरल संवाद अपने समय के पाठकों से बना रहा हूँ। नई पीढ़ी भी मेरी संवेदना के तहत भविष्य तय करे न करें यह कोई बाध्यता नहीं है, वह किसी के किसी भी विचार की स्वयं व्याख्या करें और तदनुसार आचरण करे, ऐसी मेरी कामना है।
ऐसे आलोचनात्मक आलेखों में लेखक को किन्हीं ऐसे ठोस रचना-नियमों और तत्वों का निर्देश नहीं दिया जा सकता जिनका पालन करना रचनाकार के लिए आवश्यक हो। अर्थात निबंध एक ऐसी रचना है जिसके नियम लेखक द्वारा ही अपनी सोच के आधार पर निर्धारित किए जाते हैं.....या फिर तय किए जा सकते हैं,....... किए जाने भी चाहिएं, क्योंकि ये लेखक के अपने मन की बात है...... जैसे चाहे व्यक्त करे ...... किसी को क्या लेना-देना। निबंध में सहज, सरल, स्वछन्द और आडम्बरविहीन ढंग से लेखक के व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति होती है। यानी निबंध, लेखक के व्यक्तित्व को प्रकाशित करने वाली साहित्यिक गद्य-रचना है। निबंध का रूप साहित्य की अन्य विधाओं की अपेक्षा इतना स्वतंत्र है कि उसकी सटीक परिभाषा करना अत्यंत कठिन है।..... इसी यथार्थ के साथ मैंने भी अपना लेखकीय यात्रा तय की है।
यहाँ मैं कहना चाहूँगा कि यह पुस्तक भी पूर्व प्रकाशित पुस्तक “ शिक्षा, मीडिया और राजनीति” की तरह ही किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। हाँ! समय के साथ-साथ जिन-जिन विषयों को लेकर आलोचना-समालोचना के चलते जब-जब भीमन प्रतिक्रिया करने के लिए विचलित हुआ, वही प्रस्तुत रचना का आधार रहा है। बिना किसी संकोच और भय के, मैंने अपने उन्हीं जीवन-अनुभवों को प्रस्तुत आलेखों में पेश किया है।
एक बात और कि मेरे ये आलेख किसी प्रकार के व्याकरण और पांडित्य से अभिभूत नहीं हैं, केवल मन की बात को शब्द रूप-भर दिया है। अत: मेरा यह आग्रह है कि प्रस्तुत आलेखों को केवल और केवल सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता और राजनितिक निष्पक्षता बनाए रखने की भावना को केन्द्र में रखकर देखा जाए। हाँ! यह तब ही संभव है कि जब पाठक इन लेखों का बिना किसी दुराग्रह और पूर्वाग्रह के साथ पठन-पाठन करेंगे।
मेरी ग़ज़लों की एक और पुस्तक भी आने वाली है, जिसमें संकलित कुछ ग़जलों का खुलासा भी आपके सामने करूँगा किंतु इससे पहले मैं उनकी रचना के पीछे के कारणों का खुलासा भी करना चाहूँगा...... कोई भी रचनाकार अपने के समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के परे होकर कोई रचना कर ही नहीं सकता। यह संभव ही नहीं लगता, क्योंकि वह जैसा देखता, भोगता है, उसके भीतर और बाहर के घात-प्रतिघात और उनसे उबरने के लिए संघर्ष आदि की छाया रचनाकार के मन-मस्तिष्क पर सदैव छाई रहती है। कहना न होगा कि किसी भी रचनाकार को संघर्षशीलता, जुझारुपन, संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों के प्रति चेतना और दिशाबोध समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति केभीतर-बाहर केघात-प्रतिघातों से ही मिलते हैं।
यह भी कि कविता, कविता की शर्तों पर नहीं, अपितु जीवन की शर्तों पर ही रची जाती है। ठीक यही तर्क ग़ज़ल पर भी लागू होता है। अब ग़ज़ल भी शब्दों और परंपरागत शर्तों की दासी नहीं रह गई है। यह भी नए-नए रूप बदलने लगी है। आम-आदमी के इतनी करीब आ गई है कि जिन्दगी और मौत का अंतर भी अब इसे समझ में आने लगा है। यदि ये कहूँ कि शायरी भी बड़ी अजीब चीज है, तो शायद अतिश्योक्ति नहीं होगी क्योंकि शायरी में कभी-कभी जिन्दगी और मौत, या यूँ कहें कि शब्द और खामोशी एक दूसरे में ऐसे उलझकर रह जाते हैं कि लगने लगता है कि कभी शब्दों को खामोशी तो कभी खामोशी को शब्द मिल जाते हैं। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। मैं जुलाई 2012 में इतना बीमार हुआ कि मुझे पता ही नहीं चला कि मैं तीन अगस्त दो हजार बारह (03.08.2012) को मौत को चकमा देकर अस्पताल से घर आ गया या फिर मौत ही मुझे कुछ और आजमाने के लिए जिन्दगी के हवाले करके वापिस चली गई।
प्रस्तुत ग़ज़ल-संग्रह में संकलित अधिकांश ग़ज़लें अगस्त 2012 के बाद में बनी सोच और शेष जीवन और मौत के संबंधों की गहराई की एक बानगी भर हैं। सच तो ये है कि इस दौर में मेरे अकेलेपन की केवल ग़ज़ल ही साक्षी रही है। इस बीच मैंने कितने कड़वे, तीखे या फिर मीठे घूँट पिए हैं, मेरी आँखों में कितने आँसू आए-गए है, कितनी मुस्कराहटें मेरे अधरों पर उठी-बैठी हैं, एक ग़ज़ल ही तो हैजिसने हर पल कभी लय बनकर, कभी स्वर बनकर तो कभी केवल शब्द बनकर मेरी हर अवस्था को प्राणवानकिया है। इतना ही नहीं, मैं इस बीच भौतिक जीवन और यदा-कदा आध्यात्मिक अनुभव, सबमें गुजरता रहा और पीड़ा के सुख, सुख की पीड़ा का अनुभव करता रहा। ऐसे भी बहुत से रंग रहे, जिनके दर्शन तक भी नहीं हुए। किंतु मैं उसे भी अपनी भाव-प्रवणता अथवा कल्पना के जरिए अपनी अभिव्यक्ति में उतारता रहा। कभी कहकर, कभी गुनगुनाकर, या फिर बोलकर। मैंने जाना कि जब तक सृष्टि है, तब तक अनुभूति है और जब तक अनुभूति है, तब तक अभिव्यक्ति है। लगा कि पीड़ा की अभिव्यक्ति में भी सुख है। मन की बात खोलने से पीड़ा आँसू बनकर बह जाती है, कम हो जाती है। सुख की अभिव्यक्ति में तो सुख है ही – इसे दोहराने से सुख फैलता है, सुख का कद और बड़ा होता जाता है।
हाँ! एक बात और कि मैंने ग़ज़ल की रचना में कुछनए प्रयोग यथाग़ज़ल में नए शाब्दिक प्रयोग भी किए हैं। एक ही शब्द का नाना-प्रकार से प्रयोगकरके भी भावप्रवणरचना जन्म लेसकती है, ऐसी मेरी मान्यता है। ऐसाकरने के बादमुझे बड़ा हीसहज और मुक्त-बोध का एहसास हुआ। यद्यपि मेरेकुछ साहित्यिक मित्रोंने इस प्रकारके प्रयोग सेजन्मी ग़ज़लों कोइस पुस्तक में न रखने का सुझाव दिया था, तथापि मैंनेऐसी कुछेक ग़ज़लों को पाठकोंके अवलोकनार्थ यहाँ प्रस्तुतकिया है।
मेरे इस संघर्ष में माननीय के. एल. बालू , ईश कुमार गंगानिया और शीलबोधि सदैव भागीदार बने रहे, इस हेतु मैं उनका आभार-भर व्यक्त करके मुक्त नहीं होना चाहता, बल्कि मैं उनकी इस उदारता की निरंतरता का अभिलाषी बना रहना चाहता हूँ। इसी क्रम में, पाठको से मेरी अपेक्षा है कि वे शब्दों और उनके प्रस्तुतिकरण के उलटफेर में न पड़कर मेरे मनोभावों और उनकी जीवंतता की गहराईयों में उतरने का प्रयास करेंगे ताकि वो मेरे करीब, और करीब आ पाएं। मैंने यह सदैव माना है कि कि किसी भी रचना के प्रति पाठकों कि सच्ची और सघन घनिष्ठता मेरी लेखन क्षमता और लगन पर सीधा और तीव्र असर करती है, कोई और माने न माने.... इससे मेरा कोई सरोकार नहीं है। पाठको के प्रति हमेशा मेरी यही आत्मीयता और विश्वास रहा है..
भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व महाप्रबन्धक, ए. पी. एन. पंकज (वरिष्ठ कवि एवं गीतकार) जो मेरे विभागाध्यक्ष भी रहे चुके है का मेरे बारे में यहकहना है कि मुस्कराहट दर्द से भरी है, या मुस्कराहट दर्द को छिपाने काप्रयास कर रही है?.....बात के पीछे व्यंग्य है.........या व्यंग्य की ही बात है?..........तेज ने सूई को हाथ में अपना तन बेधने के लिए पकड़ रखा है या.........उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए?........इन सवालों का जवाब तो ’तेज ’ को देख, सुन या पढ़कर दे पाना मुश्किल है,......मगर उसे देख, सुन या पढ़कर
ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे जरूर।
