प्रस्तुति : तेजपाल सिंह ‘तेज’

कितने उजले हैं: जातिवाद के दाग

-ईश कुमार गंगानिया

-

ऐसा लगता है कि इक्कीसवीं सदी में भी ‘जाति’ के दाग अच्‍छे हैं। नहीं, नहीं...जाति को ‘दाग’ कहना गलत हो जाएगा, शायद। यह तो परंपरावादी भारतीय समाज की रीढ़ है, हमारी भारतीय संस्कृति का अभिन्‍न अंग है। इसे ‘दाग’ कहने से किसी व्‍यक्ति या समाज विशेष की धार्मिक भावना आहत हो सकती हैं। नेपाली मूल के शिक्षाविद प्रेम पेरियार अक्सर जाति को समझाने के लिए इसाबेलविल्कर्सन की किताब के इस वाक्य का इस्तेमाल करते हैं-‘जाति हड्डी है और नस्ल त्वचा।’ नहीं, नहीं, जाति सिर्फ हड्डी नहीं हो सकती। यह (दलित-शोषित समाज के रूप में) जातीय स्‍तरीकरण के ऊंचे पायदान पर बैठे भारतीयों की कामधेनु है। इसके विपरीत निचले पायदान पर धकेल दिए गए बहुसंख्‍यक के गले में दिन-रात चुभने वाली फांस है। चलिए छोडि़ए यह जो कुछ भी है, यह हमारी संस्‍कृति का मामला है। इसमें किसी बाहरी व्‍यक्ति का हस्‍तक्षेप हमें मंजूर नहीं है। यह कोई सामूहिक विदेशी साजिश हो सकती है।

ऐसे किसी विदेशी हस्‍तक्षेप से अच्‍छा है कि हम संत रैदास की बात करें। वे इस जन्‍म के न सही, लेकिन वो...वो...पूर्वजन्म के ब्राह्मण तो हैं ही। रैदास को ब्राह्मण कहने में हमारी जुबान लड़खड़ाए तो कोई बात नहीं। बार-बार दोहराने से यह लड़खड़ाना भी बंद हो जाएगा यानी यह स्‍वत: प्रमाणित सत्‍य तो हो ही जाएगा। एडॉल्‍फ हिटलर की तराजू पर यदि हम अपना इतिहास और सभी प्रकार के साहित्‍य को तोलें तो सत्‍य तक पहुंचने की प्रक्रिया से हमारा साक्षात्‍कार हो सकता है। रैदास के जनेऊ का प्रकरण भी हकीकत के करीब पहुंच रहा है। हम यह तो मान ही रहे हैं कि रैदास के पास जनेऊ था। शरीर के बाहर न सही, शरीर के अंदर तो हमने रैदास का सीना चीर कर हम वर्षों से दिखाते आ ही रहे हैं। दलित बुद्धिजीवी मानें या न मानें, साधारण जन तो हमारे साथ है और इसे मानता भी है।

वैसे भी, हर साल की तरह, संत रैदास की जयंती माघ पूर्णिमा पर मनाई जा रही है। क्‍या फर्क पड़ता है कि वे 1377 में जन्‍में, 1450 में या किसी और वर्ष में। लेकिन हमारे लिए यह सोचने की बात है कि उन्‍होंने ऐसा क्‍यूं कहा-‘मानुषता को खात है रैदास जात का रोग।’ ‘जाति’ जैसी अनमोल भारतीय विरासत को ‘रोग’ कहने से पहले उन्‍हें सोचना चाहिए था। भारत जैसे विश्‍वगुरु राष्‍ट्र की गरिमा के साथ यह कितना मेल खाता है, यह रैदास को सोचना चाहिए था। रैदास तो अच्‍छी तरह जानते थे-‘जाति’ तो हम परंपरावादी समाज की आंखें हैं। इन आंखों के बगैर तो हम दो कदम भी नहीं चल सकते, बेशक किसी काम के नहीं हैं। जातियां तो हमारे वर्तमान और उज्ज्वल भविष्‍य के द्वार हैं। ये द्वार हमारे पूर्वजों ने हमारे लिए खोले और उनके पूर्वजों ने उनके लिए खोले थे। हमें अपने पूर्वजों की इस विरासत हर कीमत पर आगे बढ़ाना है। अगर ‘जाति’ आबाद है तो सब मुमकिन है। यह वह संजीवनी है कि हल्दी लगे न फिटकरी और रंग भी चौखा आए। किसी को हमारी ‘जाति’ ये परेशानी है तो रहा करे, अपना क्या जाता है।

‘जाति’ बगैर हम भारतीयों का वजूद ही नहीं है। इस संजीवनी के संरक्षण के लिए राष्‍ट्रपिता महात्मा गांधी ने सन 1921-22 में नव जीवन अखबार में दुनिया के सामने इसकी उपयोगिता बताने के लिए अपना घोषणा-पत्र कुछ इस प्रकार जारी किया था-‘मेरे विचार से अब तक हिन्दू समाज अपनी जाति प्रथा के कारण जीवित है। जाति प्रथा में स्वराज के बीज मौजूद हैं। जाति प्रणाली विकसित करने वाले समाज में आश्चर्यजनक संगठन क्षमता होती है। जातियों के माध्यम से ही प्राथमिक शिक्षा का प्रसार होता है। एकता के लिए अंतरजातीय विवाह की अनुमति न देने से ही इसे बुरा नहीं माना जा सकता। नियंत्रित व मर्यादित जीवन का दूसरा नाम जाति प्रथा है। जाति को नष्ट करने का अर्थ पैतृक पेशों को नष्ट करना होगा। अपने पैतृक पेशे छोड़कर यदि ब्राह्मण शूद्र और शूद्र ब्राह्मण बनने लगेंगे तो समाज का काम ही ठप्प हो जाएगा। जाति प्रथा एक प्राकृतिक विधान है।’ गौरतलब है, यदि दुनिया में हिन्‍दू समाज जैसा जातिप्रथा का विधान, संगठन क्षमता, स्‍वराज के बीज, शिक्षा व शूद्रों को ब्राह्मण बनने से रोकने का विधान नहीं है तो इसमें हमारा क्या दोष है। अगर वे चाहें तो हम उन्‍हें यह सब सिखाने के लिए तैयार हैं। मगर उन्‍हें हमारे विश्‍वगुरु वाले झंडे तले आना पड़ेगा। वैसे यह सबके बस का रोग नहीं है, क्‍या है?

ऐसे ही तर्कों की बदौलत हमारा लोकतंत्र ‘जाति’ की धुरी पर परिक्रमा करता है। जब तक हमारे अंदर जाति रूप बाहुबली मौजूद है, संविधान क्‍या बोलता, क्‍या नहीं, इसके कोई मायने नहीं है। समाज हो या राजनीति की दुनिया सभी जगह ‘जाति’ का शासन चलता है। इसलिए राजनीति में किसी भी उम्‍मीदवार के चयन प्रक्रिया में ‘जाति’ सबसे बड़ा पैमाना है। जाहिर है, वोट देने के लिए भी अपनी जाति वाले को वोट देना ही लोकतंत्र की पहचान है। जब चुनाव परिणाम आते हैं तो पूरे विश्‍व में जीत/हार के विश्‍लेषण में ‘जाति’ को केन्‍द्र में रखकर अपने महान लोकतंत्र का डंका बजाया जाता है। शासन हो या प्रशासन, भले ही यह न्यायपालिका ही क्‍यूं न हो, जाति का अपना ही महत्‍व है। विदेश में भी जाति का डंका बजता है। इसे पुलित्ज़र सेंटर के फंड से बनी कास्‍ट इन अमेरिका सीरीज़ में बात करते हुए डॉक्यूमेंटरी फ़िल्म निर्माता कविता पिल्लाई बताती हैं-‘हम ये बात तो बहुत अच्छे से जानते हैं कि कैसे हमारे माता-पिता एक सूट केस और चंद डॉलर लेकर अमेरिका पहुंचे लेकिन हमें इस बात की बहुत समझ नहीं है कि कैसे भारत में मिली जातिगत वरियता की वजह से हमारे परिजन का यहां आने का रास्ता साफ़ हुआ और हमारे अभिभावकों, हमने और हमारे बच्चों ने यहां अच्छा किया।’ इससे बढि़या और क्‍या हो सकता है कि देश में भी हमारी बल्‍ले-बल्‍ले और विदेश में भी। जिनकी कहीं बल्‍ले-बल्‍ले नहीं, यह उनके पूर्व जन्मो का फल है, हमारा कोई दोष नहीं।

अपने लोकतंत्र में रैदास जयंती तो मनाई ही जा रही है; जो गांधी जी और कविता पिल्‍लई की बात को मानने को तैयार ही नहीं हैं। वे साक्षात रैदास की छत्रछाया में खड़े होकर दोहराए जा रहे हैं-‘जात-जात में जात है, ज्यों केलन में पात, रैदास न मनुष्य जुड़ सके, ज्यों लौ जात न जात।’ गांधी जी लोगों को जातियों में स्‍थाई रूप से बंटे रहने की वकालत अपने जोरदार तर्कों से कर रहे हैं। इसके विपरीत रैदास जयंती समारोह में लोग समाज में व्‍याप्‍त जातीय विभाजन के कारण उपजे रैदास के दर्द को बयां कर रहे हैं कि जाति का रोग मनुष्यता को खाए जा रहा है। मगर अब न तो रैदास हमारे बीच हैं और न ही गांधी जी, जो कोई सुखद सुलह का रास्ता निकल सके। अब अपने नए व विलक्षण सरदार आ गए हैं। उनके पास जनता को जातियों और धर्म में बांटने के उपकरण कुछ ज्यादा ही कारगर हैं। रैदास हों या कोई और, किसी के भी समाज को जोड़ने के सुर उनके कानों तक पहुंचते ही नहीं। संभवतः उनके कान किसी की सुनने के लिए बने ही नहीं। अब आए हैं अपने अच्छे वाले असली दिन। जिनके नहीं आए हैं, अपनी वे जानें, हमें क्या?

हमें कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई नवीन कुमार आर्टिकल 19 पोर्टल से तहजीब के शहर से लखनऊ के बारे में एक अलग ही गुहार लगाने लगे, जैसे-‘ठाकुर अजय सिंह ने जोमैटो के एक डिलीवरी बॉय विनीत रावत से खाना छीनकर फेंक दिया और उसके मुंह पर थूक दिया और यह भी जताने लगे कि विनीत का अपराध इतना था कि वह दलित समुदाय से था। रिपोर्ट कराने के लिए भी बड़ा संघर्ष किया गया और सोशल मीडिया की वजह से दो व्‍यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो पाई।’ अपनी ‘जाति’ की ‘विरासत’ के संरक्षण के लिए ये कोई बड़ी बात नहीं। चाहे कितनी ही रिपोर्ट क्‍यों न लिखी जाएं और नए भारत में चाहे कोई नवीन कुमार हो या कोई प्राचीन कुमार, लोकतंत्र की परिभाषा वही होगी जो अपने सरदार साहब तय करेंगे। वे तय करेंगे कि लोकतंत्र को किस प्रकार जाति के मातहत ही रहना है।

‘जाति के लोकतंत्र की विरासत’ के लिए पंडित नेहरू से बड़ा संबल मिलता है। उन्होंने अपनी आत्मकथा डिस्‍कवरी ऑफ इंडिया में कहा है-‘उन्हें ब्राह्मणों की कई पीढ़ियों की विरासत मिली है। और इसमें इस विरासत के अचेतन प्रभाव हैं।’…‘यद्यपि मैंने अतीत की परंपराओं और रीति-रिवाजों की उपेक्षा की है, और मैं चिंतित हूं कि भारत को स्वयं इन बेडि़यों को तोड़ देना चाहिए जो उसे बांधती हैं, बंदी बनाती हैं और देश को विभाजित करती हैं और विशाल जनसमूह का दलन करती हैं और उनके शरीर और आत्मा के स्वतंत्र विकास को रोकती हैं, यद्यपि मैं यह सब जानता हूं फिर भी मेरी इच्छा नहीं है कि मैं स्‍वयं को अतीत से पूर्ण रूप से अलग कर लूं। मुझे गर्व है उस विरासत पर जो सदा से रही है और आज भी हमारी है और मैं उत्सुक हूं कि मैं भी दूसरों की तरह एक कड़ी हूँ, उस श्रृंखला (जंजीर) को जो पीछे इतिहास के उदय से दूर अतीत तक जाती है। यह जंजीर मैं नहीं तोड़ूंगा, मैं इसे सुरक्षित रखूंगा और प्रेरणा प्राप्त करूंगा।’

               नेहरू, नेहरू हैं और गांधी, गांधी। यह भी तय ही है कि चित भी उन्‍हीं की रहती है, पट भी उन्‍हीं की और अंटा तो सदा से...। लेकिन फिर भी रैदास जयंती तो मनाई ही जा रही है ना; मनाई भी जानी चाहिए। हमारा लोकतंत्र विश्‍व का नम्‍बर वन लोकतंत्र है। यह लोकतंत्र का ही तो परिणाम है कि अयोध्‍या में राम लला भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है। अगर हमारे लोकतंत्र में जाति व धर्म की श्रेष्ठता का पैमाना नहीं होता तो ऐसा विश्व स्तरीय भव्य मंदिर का निर्माण कभी न हो पाता। इस निर्माण पर अदालती निर्णय की मुहर लग जाना साफ करता है कि हमारे लोकतंत्र में शासन तो उन्‍हीं का चलता है जिनके हाथ में जाति और धर्म की बागडोर है। क्‍या फर्क पड़ता है हमारे यहां गणतंत्र का कद छोटा हो रहा है। अजीब लगता है कि रैदास जयंती के उत्सवों में-‘रैदास हमारा राम जी, दशरथ करि सुत नाहिं’ की गूंज होती है। अरे भाई, पूरी दुनिया जानती है कि राजा राम और भगवान राम एक ही हैं। आज के श्रीराम भी वही हैं, मर्यादा पुरुषोत्तम भी वही हैं। वे ही दशरथ के पुत्र हैं। अगर राम दशरथ के पुत्र नहीं हैं तो किसके पुत्र हैं? वैसे सर्वव्यापी और सर्वशक्तिमान तो एक ही राम हैं। उनके अलावा तो यहां कोई राम ही नहीं है। उन्‍हें किसी का पुत्र तो होना ही पड़ेगा। बिना पिता के कोई पुत्र होना आपने कहीं सुना है क्‍या? हमने तो नहीं सुना, आपकी आप जानें, खैर...। रैदास के राम यदि किसी अलग तरह के हैं तो कोई बात नहीं, यह उनकी मर्जी है। वे करें अपने राम की चाकरी, हमें क्‍या?

               अभी रैदास का मसला सुलटा भी नहीं था कि अमेरिका में स्थित नागरिक अधिकार संगठन आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर से जुड़े कोई राम कृष्णा भूपति साहब बताते हैं-‘आंबेडकर ने एक बार कहा था कि अगर हिंदू दूसरे देशों में जाकर बसेंगे तो जातिवाद एक वैश्विक समस्या बन जाएगा। अभी अमेरिका में बिल्कुल यही हो रहा है।’ पता नहीं डा. आंबेडकर कैसे दूर-दृष्‍टा थे कि जो-जो बोले, वही जैसे पर्दे के पीछे से नए-नए कोस्‍ट्यूम पहनकर वर्तमान की स्‍टेज पर विराजमान हुआ जा रहा है। मामला सितंबर 2020 का है। एक कर्मचारी ने छद्म नाम सैमकोर्नेल्स से अपने अनुभव साझा किए-‘उन्होंने बताया था कि उनके सहकर्मी उनकी कमर पर हाथ मारकर ये देखते थे कि उन्होंने जनेऊ पहना है या नहीं। जनेऊ एक सफ़ेद रंग का धागा होता है, जिसे हिन्दुओं में सवर्ण जातियों के पुरुष पहनते हैं।…वो आपको तैराकी के लिए आमंत्रित करेंगे। वो ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि तैरने के लिए टी-शर्ट उतारनी पड़ती है। असल में वो ये देखना चाहते हैं कि आपने जनेऊ पहना है या नहीं।’ शो में शामिल दूसरे लोगों ने भी ये स्वीकार किया था कि यूनिवर्सिटी की पार्टियों में भारतीय एक दूसरे से जाति पूछते हैं और वो इससे असहज होते हैं और जवाब देने से डरते हैं।               

अरे भाई! जिन्हें डरना है, डरते रहें। जब भारत में डरते हैं तो विदेश में डरने से क्या परेशानी है भाई। डरना जरूरी है। जब वहां भी हम, हम ही हैं; और तुम वहीं तुम हो, जो भारत में हो। इसलिए डरना जरूरी है। इसे डर की परंपरा कहें या ‘हमारी जाति की विरासत’ एक ही बात है। तनुजा गुप्ता, पूर्व परियोजना प्रबंधक गूगल, मूल आयोजक वाक आउट इसे अपने अंदाज में कुछ ऐसे साझा करती हैं-‘गूगल के 400 से अधिक कार्यकर्ताओं ने जातिगत समानता का विरोध करने वाले गूगल के कर्मचारियों का विरोध करने के लिए समर्थन दिया। गुप्ता ने कहा कि जातिगत भेदभाव के चलते मैंने चार रंग की महिलाओं को परेशान और चुप देखा। गुप्ता ने कहा कि 1 जून, 2022 के इस्तीफे के ई-मेल में 15,000 से अधिक गूगलर्स को साझा किया। उन्होंने कहा कि गूगल में जातिगत भेदभाव एक वास्तविकता है। यह अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं, यह एक पैटर्न है।’

यकीनन यह पैटर्न भारत में तो पेटेंट जैसा हो गया है और श्रीराम की कृपा से विदेशों में इस पैटर्न का डंका बज ही रहा है, बाद में पेटेंट भी हो जाएगा, हमें पूरा भरोसा है। भाई! बड़े काम की सफलता के लिए थोड़ा इंतजार भी जरूरी होता है, क्‍या नहीं होता? इस उपलब्धि को बाबा साहब के अनुयायी न माने और बाबा साहब कि बात को दोहराएं-‘चाहे आप किसी भी दिशा में देखें, जाति एक ऐसा दैत्य है, जो आपके मार्ग में खड़ा है। आप जब तक इस दैत्य को नहीं मारोगे, आप न कोई राजनीतिक सुधार कर सकते हैं और न कोई आर्थिक सुधार।’

अरे भाई! दलितों, आपको यह बात क्यों समझ नहीं आती कि विदेश में भी अपना डंका बजना चाहिए। इसे दैत्‍य कहना पूर्वाग्रह है, देशद्रोह है, आगे से ऐसा मत कहिए वरना...। अरे भाई! हमारे तो सारे आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक यानी सभी सुधार धड़ल्‍ले से हो ही रहे हैं। ये डा. अम्‍बेडकर और आप कौन से सुधार का राग अलाप रहे है, हमें नहीं मालूम। हां, अगर आप अपने किसी सुधार की फिराक में हो तो उससे हमारा क्या लेना-देना। हमने अपने सारे सुधार कर लिए हैं और विदेशों में कर रहे हैं। तुम भी कर लो, अपने सुधार। तुम सैंकड़ों-हजारों वर्षों से हमें अपने सुधार करते देख रहे हो, तुम्‍हें समझ नहीं आता कि सुधार कैसे किए जाते हैं। यह भ्रम मत पालो कि तुम्‍हारे सुधार भी हम ही करेंगे। ना बाबा ना, ऐसा सपने में भी मत सोचना। मत भूलो हमारे पास श्रीराम हैं, अब करोड़ों का भव्य मंदिर भी हो जाएगा। हमारा विकास तो अब सरपट दौड़ेगा।

यह ठीक बात है, हमारे पास श्रीराम हैं। यह अलग बात है कि आपके पास भी बुद्ध हैं, कबीर हैं, पेरियार है, जोतिबा फुले हैं, डा. आंबेडकर हैं और न जाने कौन-कौन हैं। संत रैदास और सावित्री बाई फुले की तो आप जयंती भी मना रहे हैं। अरे भाई! एक जयंती मनाने से क्‍या होता है। आप नाम सावित्रीबाई फुले का लेते हो, उनकी जयंती मनाते हो; क्‍या हो जाता है जयंती मनाने और नाम लेने से। क्‍या हो जाता है सावित्रीबाई को माता या राष्‍ट्रमाता कहने से? क्‍या हो जाएगा जोतिबा फुले को राष्‍ट्रपिता या महात्मा कहने से; और क्‍या हो जाएगा खुद को बाबा साहब की औलाद या उनका खून कहने से? इस सब से कुछ नहीं होने वाला तुम चाहे जो मर्जी कर लो। इसकी कला हमें ही आती है कि बिना कुछ किए ही हम वो पा लेते हैं और हमेशा से पाते चले आए हैं जो आप दिन-रात पसीना बहाकर भी नहीं पा सकते। आप अपने महापुरुषों का अनुसरण करो। आपका काम बोलना चाहिए और वह काम तो करने से होता है। हम पूछते हैं-आपने सत्‍यशोधक समाज बनाने के लिए क्‍या किया, जरा सोचो। आपने सावित्रीबाई की तरह कितने स्‍कूल खोले, कितने चिकित्सा संबंधी उपचार की व्‍यवस्‍था की, कितने हास्टल खोले, कितनी विधवाओं की अंधेरी जिंदगी में रोशनी की किरण बने, प्‍लेग जैसी बीमारी में आप में से कितने अपनी जान हथेली पर रखकर आगे बढ़े। लक्ष्‍य को पाने के लिए कितने दृड़संकल्प हुए, क्‍या-क्‍या यातनाएं झेली और क्‍या-क्‍या गिनाऊं। बताइए आपने क्‍या-क्‍या किया?

हमारे पास श्रीराम हैं और हम उनके लिए काम करते हैं। बदले में हमारे सारे काम वही सिद्ध करते हैं, हम कुछ नहीं करते। आप हमारी नकल करते हो। उससे तुम्‍हारा कुछ नहीं होने वाला। हम क्‍यूं बताएं कि आप क्‍या करें, क्‍या न करें। वैसे भी तुम्‍हें हमारी माननी तो है नहीं। तुम अपनी रैदास जयंती मनाओ। जयंती मनाई भी रही है और बताया जा रह है-‘स्रमको ईसरजानि के, जऊपूजहिं दिन रैन।’ रैदास तो सैंकड़ों साल पहले से ही हमारी राह से अलग हैं। वे हमारे राम को दशरथ पुत्र नहीं मानते, कोई बात नहीं; लेकिन वे तो उन्‍हें ईश्‍वर भी नहीं मानते। यह गलत बात है। वे तो अपने श्रम को ही अपना ईश्‍वर मानते हैं और दिन-रात अपने काम को अंजाम देते हैं। उन्‍होंने हमारी राजकुमारी को बरगलाकर अपने साथ मिलाया ऐसी गुस्‍ताखी हम इक्कीसवीं सदी में नहीं करने देंगे चाहे कुछ भी हो जाए। तुम्‍हें ईश्‍वर को मानना पड़ेगा लेकिन मंदिर से दूर, बाहर रहकर। श्रीराम हमारा पेट पालते हैं और हम अपने हिस्‍से को किसी से भी बांटने वाले नहीं हैं। अगर कोई भ्रम अभी बचा है तो उसे भी दिल से निकाल दो, इसी में तुम्‍हारी भलाई है, समझे?

रैदास क्‍या कम थे कि सावित्रीबाई को बीच में ले आए जो काम की बात करती हैं, काम भी स्किल यानी किसी हुनर पर आधारित। इससे दाम भी अच्‍छा मिलेगा, ठीक है, लेकिन हम अच्‍छे से जानते हैं आएगा तो हमारी ही जेब से ना। जब तुम्‍हारी जेब में पैसा आ जाएगा तो फिर आप सम्‍मान और बराबरी की बात करोगे। यह नहीं चलेगा। हमारे पूर्वजों ने यूं ही नहीं तुम्‍हें सभी प्रकार की सम्‍पत्ति से वंचित किया था। उसका मतलब अब हमें अच्‍छे से समझ आ रहा है। तुम जो कर रहे हो, यह हमारी जाति की विरासत पर हमला है। सावित्रीबाई फुले ने भी हमारी स्त्रियों को बरगलाया है। स्त्रियों को शिक्षा, विधवा पुनर्विवाह जैसे काम हमारी संस्‍कृति के खिलाफ हैं। अब राज हमारा है, यह सब नहीं चलेगा। हम अपना पुराना राज वापस लाएंगे। आगे हम किसी आंबेडकर, पेरियार, फुले, रैदास, कबीर, बुद्ध को पैदा ही नहीं होने देंगे। यह कैसे होगा, यह बताने हमें कोई जरूरत ही क्‍या है?

हमारा नेटवर्क विदेशों में भी है। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई साउथ एशियन स्टडीज़ में एंथ्रोपोलॉजी के प्रोफ़ेसर अजंथासुब्रह्मण्यम जैसे लोग दावा करे-‘जातिवाद’ भेदभाव का एक ऐसा ढांचा है जो सिर्फ हिंदुओं तक ही सीमित नहीं है और दक्षिण एशिया के हर क्षेत्र में प्रभावी है। सुब्रह्मण्‍यम की भावना अच्‍छी है या नहीं, लेकिन मौजूदा निजाम के चलते अमेरिका में ऐसे हिंदूवादी संगठन लॉबी करने के लिए अपने आप को और सशक्त पाते हैं। भूपति कहते हैं कि ये संगठन में अमेरिका में जाति को लेकर यथास्थिति को बरक़रार रखने के लिए लॉबी करने और क़ानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।’ है ना कमाल की सूचना कि हम विश्‍वगुरु होने की ओर बढ़ रहे हैं।

लगता है कुछ लोगों को हमारा विश्‍वगुरु होने का जश्‍न देखा नहीं जा रहा है। इसलिए कुछ लोग चार्वाक/लोकायत की बात करते हैं, कोई मूलनिवासी होने की बात करते हैं। कोई सिद्धों-संतों की बात करते हैं, कोई धम्‍म व ‘अत्त दीपो भव’ की बात करते हैं तो कोई बाईस प्रतिज्ञाओं की बात करके देश को बौद्धमय भारत बनाने की बात कर रहे हैं। यह सदियों से चले आ रहे हमारे जाति आधारित तंत्र व हिन्‍दू राष्‍ट्र निर्माण के मार्ग में बाधा हैं। यह साजिश देश में ही नहीं चल रही है, बल्कि वैश्विक स्तर पर नागरिक और मानवाधिकारों के मामले में जाति के एक नए फ्रंट के रूप में हमारे सामने मौजूद है। सुंदर राजन कहती हैं-‘हम चाहते हैं कि जिनका जातिगत आधार पर शोषण हुआ है वो संस्थानों को ये बताएं कि उनके अधिकारों की रक्षा के लिए क्या बदलाव किए जाएं ताकि इन संस्थानों तक सब की बराबर पहुँच हो।’

चलिए अब हम अपनी ‘जाति-भक्ति’ की दुनिया से बाहर एक जिम्‍मेदार नागरिक के रूप में अपने देश से रूबरू होते हैं। हमारा लक्ष्‍य संवाद करना है, न‍ कि किसी की भावना को आहत करना। इसलिए हम इन दागो को विशुद्ध रूप में देश के संदर्भ में देखने का प्रयास करेंगे क्‍योंकि ‘देश’ का मसला धर्म, जाति व व्‍यक्ति की आस्‍था से एकदम अलग है और सबसे अधिक महत्‍वपूर्ण भी। लेकिन चिंता की बात है कि आज देश को ले‍कर किसी की भावना इतनी आहत नहीं होती जितनी धर्म और जाति को लेकर होती है। जिसकी भावना देश को लेकर आहत होती है, उसे कैसी-कैसी संज्ञाओं से नवाजा जाता है, यह किसी से छिपा नहीं है। खैर, देश की चिंता करने के लिए न तो धर्म-गुरुओं जैसी कोई फौज देश में है और न ही कोई जुझारू आईटी सैल ही मौजूद है। देश की बाहरी सुरक्षा के लिए हमारे पास फख्र करने लायक सशक्‍त सेनाएं हैं। लेकिन देश को अंदर से हमें सुरक्षित रखने के लिए हमारे पास धार्मिक संगठनों जैसी देश-संसद नहीं होती। हमारे पास देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए ऐसी सेनाएं भी नहीं हैं, जैसी सेनाएं जातियों की सुरक्षा के नाम पर किसी भी हद तक जा सकती हैं।

ऐसा नहीं है कि हमारे देश में देश, देशप्रेम और देशभक्ति जैसे जज्बे का अकाल पड़ गया है। ये शब्‍द हमारे चारों तरफ पहले से अधिक मुखर रूप में मौजूद हैं। देशभक्ति हमारे चारों तरफ हर कदम पर बिखरी बड़ी है मगर इसकी नस्ल बदल गई है। नए भारत में इसकी परिभाषा भी बदल गई है। इसके चलते देशभक्ति को परखने के मानदंड अलग हो गए हैं। इन मानदंडों के चलते कुछ खास तरह के लोगों की देशभक्ति पेटेंट हो गई है। जाहिर है, बाकी लोगों की हैसियत ऐसी हो गई है जैसे नोट बंदी के बाद एक हजार व पांच सौ के नोट की हो गई है। वर्षों से चली आ रही परंपरागत व सार्वभौमिक देशभक्ति की अवधारणा का नए भारत में कोई भविष्‍य नहीं रह गया है क्‍योंकि आजकल नए देश भ‍क्‍तों की छत्रछाया में इनके लिए अर्बन नक्‍सल, टुकड़े-टुकड़े गैंग जैसी नई शब्‍दावली का आविष्कार हो गया है।

अपने नए भारत में ‘देश’ ऐसा लगता है जैसे देशप्रेम और देशभक्ति राजनीति की फलदायी सामग्री हो गई है। देश में चारों ओर इसका अजीबोगरीब पुनर्पाठ चल रहा है। मुख्‍यधारा का प्रिंट और इलेक्‍ट्रॉनिक मीडिया देशभक्ति को राजनीति विशेष की विरासत बनाने पर तुला है। यहां ‘तू मेरी पीठ खुजला और मैं तेरी’ की तर्ज पर नई-नई परिभाषाएं गढ़ी जा रही हैं। जाहिर है, दोनों एक-दूसरे की संजीवनी बने हैं। दोनों के फलने-फूलने के कीर्तिमान का डंका पूरे विश्‍व में बज रहा है, इसमें संदेह के लिए कोई जगह नहीं रह गई है। इसके चलते विश्‍व के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रम्प अपने को रोक नहीं पाते और पूछ बैठते हैं-‘ऐसा मीडिया कहां से लाते हो?’ यह अच्‍छी बात है कि उन्‍होंने हमारे देशभक्‍त मीडिया को पालतू नहीं कहा। यह अलग बात है कि उनकी मंशा कुछ-कुछ ऐसा कहने की ही थी। वैसे विश्‍व गुरु देश भारत के लिए शब्‍दों के पीछे झांकने की जरूरत नहीं है। जाहिर है, हमें भी ऐसी जुर्रत नहीं करनी चाहिए।  

हम जातिवाद और दाग की बात कर रहे थे लेकिन ये दाग देश और देशभक्ति बीच में आ गए। इन्‍हें आना है और आना भी चाहिए क्‍योंकि हमें देश और देशभक्ति के संदर्भ जातिवाद को देखना है। हमें जातिवाद और इसके दाग को समाज के उन तबकों के संदर्भ में भी देखना है जो अपने को दबा-कुचला व शोषित-उत्‍पीडि़त कहते हैं। जाहिर है इनके पास ‘आस्‍था’ जैसा कोई पवित्र व नाजुक सुरक्षा कवच नहीं होता जो यूं ही आहत या क्षतिग्रस्त हो जाता हो। जब इनके पास ऐसा सुरक्षा कवच ही नहीं है तो अदालत में चुनौती देने का प्रश्‍न ही कहां उठता है। अगर होता भी है तो चुनौती का प्रश्‍न तब उठेगा जब अदालत का दरवाजा खटखटाने के संसाधन होंगे। इसलिए दलित-शोषित समाज के लिए तो अदालत भी एक ऐसे खुदा की चौखट है जहां तक उसके दुख-दर्द की गूंज को पहुंचना वर्जित जैसा है।

सिक्के का एक दूसरा पहलू भी है, वह यह कि जो सदियों से आहत है, उसके और आहत होने से किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। यकीनन पड़ना चाहिए, लेकिन जब पुराने भारत में नहीं पड़ता था तो नए भारत में फर्क पड़ने जैसा ख्‍याल आना भी देश विरोधी गतिविधि हो सकता है। कोई भी फरियादी यू.ए.पी.ए. की श्रेणी में आ सकता है और जिसकी लाठी उसकी भैंस वाली न्‍याय प्रक्रिया के तहत जेल हो सकती है। व्‍यक्ति बुल्‍डोजरी अदालत शिकंजे में फंस कर अपना सब कुछ गंवा सकता है।

जातिवाद के दाग यानी चरित्र को समझने के लिए मैं डॉ. अम्बेडकर को बार-बार दोहराना चाहूंगा। उन्‍होंने 4 अप्रैल 1938 को कर्नाटक के अंगल प्रांत की मांग के संदर्भ में बंबई विधानसभा में एक टिप्‍पणी की थी-‘मुझे अच्छा नहीं लगता जब कुछ लोग कहते है कि हम पहले भारतीय है और बाद में हिंदू या मुसलमान। मुझे यह स्वीकार नहीं है। धर्म, संस्कृति, भाषा आदि की प्रतिस्पर्धी निष्ठा के रहते हुए भारतीयता के प्रति निष्ठा नहीं पनप सकती। मैं चाहता हूं कि लोग पहले भी भारतीय हो और अंत तक भारतीय रहे, भारतीयता के अलावा कुछ नहीं।’ आजकल कहने को भी भारतीयता प्राथमिकता नहीं रह गई है; धर्म और जातियां सब कुछ हो गई और देश यानी भारतीयता का जज्बा कहीं खो गया है। आज सारी बहस हिन्‍दू, हिन्दुत्व और हिन्‍दू राष्‍ट्र को लेकर हो रही है, देश तो आजकल हमारे दिमाग की तिजोरी तक से भी लापता हो गया लगता है।

हम जनवरी में सावित्रीबाई फुले और फरवरी में संत रैदास की जयंती मना रहे हैं। सावित्रीबाई फुले पर हम पत्रिका में कुछ सामग्री दे रहें। इसलिए संपादकीय में संत रैदास पर अलग से बात करना श्रेयकर महसूस हुआ। मौजूदा परिस्थितियों संत रैदास के ये पंक्तियां बेहद प्रासंगिक हैं-‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिलैसबन को अन्‍न। छौट-बड़ो सब सम बसै, रैदास रहे प्रसन्‍न।।' आज ‘बेगमपुरा’ सिर्फ गांव/शहर तक सीमित नहीं है बल्कि इसका कैनवास आज के ग्‍लोबल विलेज तक फैला प्रतीत होता है। आज जब हम परेश रावल की मूवी ‘ओ माई गॉड’ व आमिर खान की मूवी ‘पी के’ के कंटेंट पर विचार करते हैं तो ये दोनों फिल्‍में संत रैदास व संत परंपरा के संतों का जबरदस्‍त अनुकरण करते नजर आते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि आज संत रैदास और कबीर की जगह परेश रावल और अमीर खान खड़े हैं।

जिन सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक परिस्थितियों से आज दुनिया दो-चार हो रही है, उसके लिए संत रैदास के ‘बेगमपुरा’ का जो यूटोपिया है, उसको साझा करने का मोह नहीं त्याग पा रहा हूं। मुझे लगता है कि हमें इसे अमली जामा पहनाने की दिशा में काम करने की जरूरत है।

बेगमपुरा सहर का नाऊं, दु:खअंदेस नहीं तिहिं जाऊं।।

ना तसबीस, खिराजु न मालू, खौफ न खता न तरसुजवालु।

अब मोहि खूब बतनगह पाई, ऊहांखैरि सदा मेरे भाई।

काइमुदाइमु सदा पातिसाही, दाम न, साम एक सा आही।

आवादानु सदा मसहूर, ऊहां गनी बसहिंमामूर।

तिउं-तिउं सैर करहिंजिंउभावै, हरम महल मोहिंअटकावै।

कह रैदास खलास चमारा, जो उस सहर सों मीत हमारा।

यदि इन पंक्तियों की संदर्भ सहित व्‍याख्‍या की जाए तो इसे कई पेज में समेटना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए इरादतन संत रैदास के बेगमपुरा के सार भाव को मैं कंवल भारती के फारवर्ड प्रेस में प्रकाशित आलेख से साझा कर रहा हूं। इसके अनुसार-‘संत रैदास का आदर्श बेगमपुरा है, जिसमें ऊंच-नीच, अमीर-गरीब और छुआछूत नहीं है। जहां कोई टैक्‍स नहीं देना पड़ता, जहां कोई सम्‍पत्ति का मालिक नहीं है। कोई अन्‍याय, कोई चिंता, कोई आतंक और कोई यातना नहीं है।’

चलिए सवाल-जवाब व वाद-विवाद की नीरस दुनिया अलग नव वर्ष 2023 के आगमन पर ‘समय संज्ञान’ परिवार की ओर से सभी के मंगल की कामना करते हैं। हम संत रैदास और सावित्री बाई फुले को नमन करते हुए आह्वान करते हैं ‘अपना दीपक खुद बनें’। मास्‍टर ऑफ लाइट बनें ताकि जीवन का प्रत्‍येक कोना रोशन हो और हम देश व विश्‍व के जिम्‍मेदार नागरिक के रूप में सदैव अपनी रचनात्‍मक भूमिका अदा करते रहें।

समय संज्ञान का मौजूदा (दूसरा) अंक साहित्‍य व वैचारिकी की विविधता के आधार पर आश्‍वस्‍त करता है कि हमारे केन्‍द्र में व्‍यक्ति और उसके सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, बौद्धिक यानी सभी सरोकार हैं। इनमें धर्म, जाति, लिंग, भाषा, क्षेत्रीयता, दिव्‍यांगता आदि से जुड़ी भावनाओं व संवेदनाओं को आत्मसात करते हुए ही प्रकाशन सामग्री का चयन सामूहिक रूप से किया गया है। हम पुन: आश्‍वस्‍त करते हैं कि समय संज्ञान परिवार पाठक-प्रतिक्रिया का सम्‍मान करते हुए निरंतर बेहतरी की ओर अग्रसर रहेगा। कृपया खुले मन से अपनी प्रतिक्रिया व लेखकीय सहयोग दें।

(समय संज्ञान, जनवरी-मार्च 2023, प्रकाशित)

---000---