प्रस्तुति – तेजपाल सिंह ‘तेज

जिंदगी जीने का एक अंदाज यह भी...

-ईश कुमार गंगानिया

मैंने तो गिर-गिर के, उठने का हुनर पाया है,

मैंने तो रो-रो के, हंसने का हुनर पाया है।

मेरी जिंदगी में यूँ तो अफसाने कम नहीं,

मैंने तो मर-मर के, जीने का हुनर पाया है।

उपर्युक्त लाइनों से गुजरते हुए पाठक के मन में यह जिज्ञासा पैदा होना स्‍वाभाविक है-यह गिर-गिर कर उठने वाला व्‍यक्ति कौन है? कौन है यह व्‍यक्ति जो रोते वक्‍त भी हंसने की कला जानता है? कौन है ये शख्सियत जिसकी जिंदगी में अफसानों की कमी नहीं है? आखिर ये है कौन, जो मर-मर भी जिंदा होने का दावा करता है। एक व्‍यक्ति इतने सारे दावे कर रहा है, जाहिर है यह व्‍यक्ति कोई खास ही होना चाहिए। अगर खास नहीं होता तो समय संज्ञान पत्रिका का संपादक मंडल इस व्‍यक्ति विशेष पर विशेष सामग्री प्रकाशित करने का निर्णय क्‍यूं लेता। चलिए, इन सवालों से इतर आगे बढ़ते हैं। गौरतलब है कि यह निर्णय आज नहीं बल्कि समय संज्ञान फाउंडेशन की महासचिव रजनी अनुरागी और साहित्‍य जगत की अनूठी प्रतिभा के धनी मुकेश मानस ने कई वर्ष पूर्व लिया था। दुखद है, लेकिन उल्‍लेखनीय है कि समय संज्ञान मिशन को समर्पित भाई मुकेश मानस कोरोना के दौरान हमसे हमेशा के लिए बिछड़ गए। इसलिए इस योजना को अमल में लाने में थोड़ा विलंब हुआ।

               इतने सारे दावों का एक ही जवाब है, इस मुक्तक के लेखक तेजपाल सिंह ‘तेज’ हैं, जिन्‍हें आमतौर पर टीपी सिंह या ‘तेज’ साहब कहकर संबोधित किया जाता है। मौजूदा अंक में हम उनके ग़ज़ल व काव्‍य संसार, आलोचनात्‍मक लेखन, बाल गीत, अनूठी पत्रकारिता और उनके व्‍यक्तित्‍व के अन्‍य पहलुओं से रूबरू होंगे। हमारा मानना है कि हम किसी भी व्‍यक्ति के बारे में सिर्फ उतना ही जानते हैं, जितना एक दृष्टि बाधित व्‍यक्ति हाथी के अलग-अलग अंगों, जो उसके स्पर्श के कारण उसके दिमाग में जो छवि बनाते हैं, उसी को हाथी मान बैठता है। हाथी के वास्‍तविक स्‍वरूप से रूबरू होने के लिए हमें हाथी को समग्रता में देखना होता है। अगर हमें हाथी के मन और अन्‍य गतिविधियों को जानना है तो हमें उसके सानिध्‍य में रहना अनिवार्य शर्त होनी चाहिए। निस्‍संदेह, इस प्रक्रिया का कोई अंत नहीं है। जाहिर है, यही शर्त अन्‍य प्राणियों व व्‍यक्ति पर भी लागू होती है। टीपी सिंह को हम इसी रोशनी में देखने का प्रयास करेंगे।

               टीपी सिंह के जीवन पर बात करने से पहले यह समझना जरूरी है कि मौजूदा संदर्भ में गिर-गिर उठने, रो-रो के हंसने और मर-मर के जीने जैसी परेशानी पैदा करने वाली बातें क्‍यूं हो रही है। दरअसल, यह शोषित-उत्‍पीडि़त समाज का वह यथार्थ जो इस समाज के व्‍यक्ति का परिचय अछूत, दलित, शूद्र, चांडाल आदि के रूप में कराता है। यह उस समाज का यथार्थ है, जिसे सैंकड़ों अपमानजनक जातियों और इन जातियों से जुड़े अनेक नकारात्‍मक फतवों से नवाजा जाता है। इस समाज के लगभग प्रत्‍येक व्‍यक्ति को हर कदम पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और जीवन के हर मोड़ पर निरंतर जूझते रहना पड़ता है। यह टीपी सिंह जैसे मुट्ठीभर लोगों का सच है जो गिरकर उठ जाते हैं, रोने के बाद हंसने और मरने के बाद जीने का हुनर रखते हैं। बहुसंख्यक दलित समाज ऐसे दावे करने की स्थिति में नहीं है। खैर, यह हौसला किताबी शिक्षा से नहीं, उस शिक्षा से आता है, जिस शिक्षा की बात डा. अम्‍बेडकर करते हैं।

यह हौसला उस शिक्षा यानी विद्या से आता है जिसके न होने से होने वाली क्षति का उल्‍लेख महामना जोतिबा फुले कुछ इस प्रकार करते हैं-‘विद्या बिन मति गई/मति बिन नीति गई/नीति बिन गति गई/गति बिन वित्त गया/वित्त बिन शूद्र बना अर्थात ये घोर अनर्थ अकेले अविद्या ने किए। यह शिक्षा/विद्या ही बाबा साहब के तीन सूत्रीय फार्मूले की आधार शिला है, जिसके दम पर संघर्ष और संगठन का मार्ग प्रशस्‍त होता है। गौरतलब है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी टीपी सिंह ने शिक्षा/विद्या का दामन आज तक मजबूती से पकड़ा है। इसी के चलते वे गर्व से जीने का दावा कर पा रहे हैं, वरना शोषित-उत्‍पीडि़त समाज का बहुत बड़ा भाग जातीय आतंक की बमबारी (बॉम्‍बार्डमेंट) के कारण हिरोशिमा व नागासाकी बना पीड़ा से कराह रहा हैं। काश! हममें जापान जैसा राष्‍ट्रीय चरित्र होता तो हम जातिवाद के आतंक से निजात पा सकते थे, खैर...।

इस कड़ी में हम टीपी सिंह की जीवन-यात्रा, जो उनके पुश्तैनी गांव ‘अला बास बातरी’ से सन 1949 के अगस्त माह में उनके जन्‍म के साथ प्रारंभ होती है। यह वह दौर था जब बाबा साहब डा. भीमराव अम्‍बेडकर संविधान ड्राफ्टिंग कमेटी के चेयरमैन थे और आजाद भारत के संविधान का निर्माण हो रहा था। ऐसा नहीं कि टीपी सिंह ने महाभारत के तथाकथित पात्र अभिमन्‍यु की तरह मां के गर्भ में बाबा साहब व महामना जोतिबा फुले के शिक्षा/विद्या के ज्ञान को अर्जित किया हो और उसका जीवनभर सदुपयोग किया हो। वैसे भी अम्‍बेडकरवाद के चलते ऐसे चमत्कारों के लिए कोई जगह नहीं होती। दूसरे, उनके जन्‍म के बाद भी उन्‍हें ऐसी कोई शिक्षा नहीं मिली, क्‍योंकि उनका सारा परिवार अशिक्षित था। वे अपने परिवार के पहले सदस्‍य हैं, जिन्‍होंने अपने गांव की प्राथमिक पाठशाला में प्रवेश पाया, वह भी नौ वर्ष की आयु में। दीगर सवाल है कि उनके जीवन में शिक्षा के जज्बे का प्रादुर्भाव कैसे हुआ, जिसका यहां जिक्र हो रहा है।

उनके गांव के बारे यह अच्‍छी बात है कि उनके अपने गांव व पास-पड़ोस के गांव में जाति का प्रकोप वैसा नहीं था जैसाकि मराठी व हिन्‍दी की दलित आत्‍मकथाओं में देखने को मिलता है। जहां तक स्‍कूल का मसला है, टीपी सिंह भी उत्तर प्रदेश से हैं लेकिन उनके क्षेत्र में स्‍कूल में भी ऐसा कोई दर्दनाक माहौल नहीं था जैसाकि ओमप्रकाश वाल्‍मीकि की आत्‍मकथा में देखने को मिलता है। यह दावे से नहीं कहा जा सकता कि वर्तमान निजाम के चलते उस क्षेत्र में भी शिक्षा के बड़े दुश्‍मन जातिवाद के दांत जहरीले न हुए होंगे, क्‍योंकि गांव में टीपी सिंह के परिवार में कोई भी जीवित नहीं बचा है। जैसाकि आम धारणा है कि गांव दलितों के शोषण-उत्‍पीड़न के केन्‍द्र होते हैं, टीपी सिंह का गांव इस श्रेणी में नहीं था; मगर फिर भी आज इनका गांव से संपर्क ही पूरी तरह खत्‍म है। टीपी सिंह इतना अच्‍छे से जानते हैं कि उनके गांव में अम्‍बेडकर भवन का निर्माण काफी समय पहले हो गया था।

टीपी सिंह अपने आत्‍मवृत ‘बियोंड पैराडाइम भाग-एक’ में यह बताते हैं-‘मुझे घर और स्‍कूल में कोई अंतर नहीं लग रहा था। मंदबुद्धि जो था।’ जब वह पांचवीं कक्षा तक पहुंचते हैं तो परिस्थितियां बिल्कुल अलग थी। वे लिखते हैं-‘स्कूल में दो ही अध्यापक होते थे। एक, श्री हरपाल सिंह और दूसरे, श्री रघुनंदन शरण शर्मा। रघुनंदन शरण जी बुजुर्ग और स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। वे चौथी व पांचवीं कक्षाओं को पढ़ाया करते थे। वे पांचवीं कक्षा के सभी बच्चों को बिना किसी जातिगत भेदभाव के सर्दी के मौसम में अपने घर पर रोजाना रात को बिना कोई पैसा लिए ट्यूशन पढ़ाया करते थे। उन्होंने ट्यूशन पढ़ाने के बाद बच्चों के सोने के लिए एक बड़े से कमरे में ईख की पताई (गन्ने के सूखे हुए पत्ते) डलवाकर उस पर जाजम बिछवा दी थी।’ यह वह पहला पड़ाव था, जिसने टीपी सिंह के अंदर मौजूद शिक्षा के अंकुर का प्रारंभिक व उत्साहवर्धक लालन-पालन किया। इसके विपरीत डा. अम्‍बेडकर को प्रारंभिक शिक्षा के दौरान दूसरे बच्‍चों की तरह पानी पीने, बर्तन छूने की अनुमति नहीं थी। शिक्षकों का सामान्‍य व्‍यवहार तो दूर की कोड़ी थी। मुझे लगता है समाज की ऐसी ही विद्रूपताओं ने बालक अम्‍बेडकर को बाबा साहब बनाने में मदद की। इसे कहते हैं आपदा में अवसर, जो हम सभी के जीवन का मूलाधार होना चाहिए।

मौजूदा संदर्भ में ‘आपदा में अवसर’से मेरा तात्‍पर्य नोटबंदी की आड़ में देश के बेवकूफीकरण व आमजन की तबाही से नहीं है। इससे मेरा आशय कोरोना काल में अडानी, अंबानी जैसे पूंजीपतियों की संपत्ति में अकूत वृद्धि से भी नहीं है, जिस दौरान देश में चारों ओर लाशों का अंबार लगा था और भूखे प्‍यासे मजदूर सैंकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा में जीवन दांव पर लगाए थे। ‘आपदा में अवसर’ से मेरा तात्‍पर्य प्रधानमंत्री राहत कोष के समानांतर पी. एम. केयर फंड के उदय और एकाधिकार प्राप्‍त कुबेर के खजाने में तब्‍दील हो जाने से भी नहीं है।

‘आपदा में अवसर’ से मेरा आशय, बकौल सतपाल मालिक, सेना के जवानों की शहादत पर अपनी गलती स्‍वीकार करने की अपेक्षा वोट की सौदेबाजी के कीर्तिमान स्‍थापित करने से भी नहीं है। इससे मेरा मतलब हिन्‍दू-मुस्लिम व जातिवाद को नवाबों की तर्ज पर मुर्गे लड़ाने से भी नहीं है। इससे हर्षित होने, अपनी नवाबी के पोषण व इसे कायम रखने से भी नहीं है। आपदा में अवसर से मेरा तात्‍पर्य किसी आम आदमी का डा. अम्‍बेडकर, नेल्‍सन मंडेला, लाल बहादुर शास्‍त्री, अब्राहम लिंकन, बुकर टी वाशिंगटन जैसी मिसाल हो जाना है। इससे मेरा मकसद व्‍यक्ति का मार्टिन लूथर किंग, बिरसा मुंडा, फुले दंपति, बॉक्‍सर कैसियसमर्सलासक्‍ले (मुहम्मद अली) हो जाना है। सरल शब्‍दों में कहें तो मेरा आशय किसी आपदा को चोरी छिपे अंजाम देकर इसका लाभ उठाना नहीं है। इसका सीधा-सा उद्देश्‍य है कठिन व विपरीत परिस्थितियों के समक्ष समर्पण नहीं करना है, बल्कि कई गुना ताकत से इसका सामना करना है।अपने शारीरिक व बौद्धिक संसाधनों का सम्पूर्ण सदुपयोग करना है। वैसे इस आपदा को भी अवसर में बदलने के लिए हर नागरिक को तत्पर रहने की जरूरत है। लेकिन खेद का विषय कि आजकल बयार कुछ उल्टी ही बह रही है।

चलिए पुन: मूल बिंदु पर लौटते हैं। किसी भी छात्र के जीवन में ऐसे अनेक टर्निंग पॉएंट हो सकते हैं, जो एक छात्र को शिक्षा और शिक्षक के प्रति उत्‍साह से भर देता हैं। इसके विपरीत ये ओमप्रकाश वाल्‍मीकि जैसे साहित्‍यकार से शिक्षकों के जातिवादी चरित्र की उस अशोभनीय इबारत लिखवाते हैं, जो पूरे शिक्षक समुदाय की शर्मिंदगी का सबब बनती है। ये ओमप्रकाश वाल्‍मीकि थे जो सारे झटकों को झेल गए, लेकिन अपने पथ से विचलित नहीं हुए। लेकिन दलित समुदाय से ऐसी अनेक शख़्सियतों को देखा जा सकता है जिनके व्‍यक्तित्‍व पर जातीय आतंक के अवशेष दहशत व हीनताबोध के रूप में मौजूद हैं। लेकिन टीपी सिंह हमारे सामने एक अलग व आकर्षक व्‍यक्तित्‍व के रूप में मौजूद हैं। गोरा रंग, बिलोरी आंखें, तीखे नाक-नक्श, चेहरे पर सुव्यवस्थित दाढ़ी व आधुनिकता से सराबोर वेशभूषा टीपी सिंह को एक अनूठे व्‍यक्तित्‍व का स्‍वामी बनाते हैं, जहां हीनताबोध व किसी दब्बूपन के लिए कोई स्‍थान नहीं है। उनका सरल स्‍वभाव, मृदु भाषी व संयमी होना उनके व्‍यक्तित्‍व को अनुकरणीय बनाते हैं।

वर्तमान की रोशनी में यदि टीपी सिंह के इंटर कालेज से जुड़ी जातिवाद की अपवाद जैसी, मगर उजली तस्‍वीर को साझा न करें तो उनके शिक्षा और शिक्षक के प्रति समर्पण को समझना थोड़ा मुश्किल होगा। बकौल टीपी सिंह, ‘आपको यह जानकर हैरत होगी कि स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, बी. बी. नगर (बुलंद शहर) में एक-दो अध्यापकों को छोड़कर समूचा स्टाफ ब्राह्मण वर्ग से ही था। लेकिन गरीब तबकों से आने वाले छात्रों पर उनकी विशेष सहयोगी दृष्टि बनी रहती थी। वे लिखते हैं कि कालेज के प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा प्रार्थना से पहले ही कालेज के मुख्य द्वार पर आकर खड़े हो जाते थे। जो बच्चे कालेज देर से आते थे, उनमें से गरीब तबकों से आने वाले छात्रों को वो कालेज के मुख्य द्वार पर ही मुर्गा बनाते और उनके चूतड़ों पर रूल मारते हुए कहते थे-‘सोरे, तुम्हारी मां-बहनों के घास खोदते-खोदते पेटीकोट फट जाते हैं। जब कहीं तुम्हें स्कूल भेज पाती हैं। सोरे, तुम स्कूल भी समय से नहीं आ सकते? ये अमीर घरों के बालक पढ़ें, ना पढ़ें, इन पर कोई फर्क नहीं पड़ने का। ये तो दुकान पर बैठ के डंडी मार के भी कमा लेंगे, तुम क्या करोगे’?”

टीपी सिंह शिक्षा के महत्‍व को अंगीकार कर साइंस स्‍ट्रीम से इंटर पास किया और आर्थिक हालात कमजोर होने के कारण उन्‍होंने रोजगार की तलाश में गांव छोड़ दिया। पहले कुछ दिन पंजाब के एक कपड़ा मिल में काम किया लेकिन कुछ दिनों में ही छोड़ दिया। इन्होंने यहां डीटीयू (आज डीटीसी है) में डेली-वेजिज पर कंडक्‍टरी की। वह भी नियमित नहीं थी। इसलिए इन्होंने सुबह से चार बजे से दस बजे खत्‍म होने वाली शिफ्ट में काम किया ताकि नियमित काम मिल सके। दस बजे के बाद वाले टाईम के सदुपयोग के लिए उन्‍होंने दिल्‍ली पब्लिक लाइब्रेरी ज्‍वाइन की और अध्‍ययन को अपना हमसफर बनाया। लेकिन बेहतर नौकरी की तलाश निरंतर जारी रखी। कुछ समय बाद इन्होंने भविष्‍य निधि विभाग में लिपिक के रूप में ज्‍वाइन किया लेकिन ये इससे भी संतुष्‍ट नहीं हुए और अंतत: स्‍टेट बैंक में हिन्‍दी टाइपिस्‍ट की नौकरी ज्‍वाइन की और वहां से उप-शाखा प्रबंधक के रूप में सेवानिवृत्त हुए।  

टीपी सिंह बैंक अधिकारी के रूप में काम करते हुए भी अपने शिक्षकों के प्रति आदर व समर्पण भाव से कभी मुक्‍त नहीं हो पाए। शिक्षकों की छाप इतनी गहरी थी कि उम्र के पैंतालीस वर्ष पूरे करने के बाद भी फीकी नहीं हुई। जब वे स्‍टेट बैंक इंडिया में उप-शाखा प्रबंधक थे, उन्‍होंने अपनी मानव सेवी संस्‍था ‘दृष्टिकोण’ तथा ‘स्टेट बैंक साहित्य मंच’ के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 25.02.1996 को गांधी शांति प्रतिष्ठान, दिल्‍ली में शिक्षक अभिनंदन समारोह के साथ-साथ' काव्य गोष्ठी' का आयोजन कराया। इस समारोह में उन्‍होंने अपने विभाग के उप महाप्रबंधक श्री विष्णु मोटवानी तथा श्री ए.पी.एन. पंकज द्वारा स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, भवन बहादुर नगर (बुलंदशहर) के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री मूल चंद चौहान, प्राध्यापक सर्वश्री लोकमान्य शर्मा, सालिग्राम शर्मा तथा दिल्ली के के.बी. सक्सेना और रामभज को उनके उत्तम शैक्षणिक एवं सामाजिक सेवा में रचनात्मक सहयोग के लिये सम्मानित कराया। टीपी सिंह को खेद है कि इस अवसर पर कालेज के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री रामाश्रय शर्मा जो राष्ट्रपति अवार्ड से भी सम्मानित थे, रुग्णावस्था के कारण समारोह में उपस्थित न हो सके।

उनका साहित्‍य संसार जो उनके शिक्षित होने का जीता-जागता प्रमाण है, पर थोड़ा ठहर कर बात करेंगे। इसलिए पहले शिक्षा के प्रति समर्पण पर बात करते हैं। यद्यपि वे निरंतर बैंक में सेवारत रहे और उनके पास समय का नितांत अभाव था। इसके बावजूद उन्‍होंने अपने आसपास के चौबीस स्‍कूलों के कायाकल्प का बीड़ा उठाया। इन स्‍कूलों में बैठने की व्‍यवस्‍था के अभाव, टेंटों में चलने के कारण समस्‍याओं के अंबार पर बराबर अपनी नजर गढ़ाए रखी। वे प्रत्‍येक स्‍कूल की अलग-अलग समस्‍या को बहुत ही बारीकी से परखते रहे और बड़ी शिद्दत के साथ अधिकारियों को लिखते और अखबारों में भी बराबर उठाते रहे। 

उनका प्रत्‍येक पत्र व अखबारों में छपे विवरण से पता चलता है कि उन्होंने अपने करीबी स्‍कूलों को अपनी औलाद की तरह देखा है। उनकी बेहतरी के लिए निरंतर प्रयास किया। उनके आत्‍मवृत ‘बियोंड पैराडाइम, भाग दो’ में उनके द्वारा लिखे पत्रों व अखबारों की बड़ी-बड़ी कतरनें मुझे उस मधुमक्खी की याद दिलाती हैं जो अलग-अलग फूल से एकत्र कर लाई गई सामग्री को अपने छत्ते में लाकर शहद बनाती है। मुझे टीपी सिंह की समाज सेवी संस्‍था ‘दृष्टिकोण’ जो एक गैर-राजनीतिक और गैर-आर्थिक प्‍लेटफार्म रहा है, किसी मधुमक्खी के शहद-युक्‍त छत्ते से कम नहीं लगता।

मैं उनके पत्रों और अखबारों में प्रकाशित समस्‍याओं के शीर्षकों को साझा करने का मोह नहीं त्याग पा रहा हूं। मसलन-तम्‍बुओं में चल रहे हैं स्‍कूल। शिक्षा का मजाक-सरकारी कम्‍पोजिट मॉडल स्‍कूल में अभी तक प्रधानाचार्य नहीं। मंडोली में छात्राओं के हिसाब से कमरे, डेस्‍क व अन्‍य सुविधाओं का अभाव। मौसम के कारण छात्रों छुट्टी कर दी जाती है। टाट-पट्टियां तक नहीं। प्रशासनिक उपेक्षा की वजह से ‘वह बात नहीं रही मंडोली के स्‍कूल में’। हरिजन बस्‍ती गोकुलपुर के स्‍कूल के लिए पक्की बिल्डिंग के लिए पत्राचार। छात्रों द्वारा सफाई की जिम्‍मेदारी का सवाल, छात्र खुद ही करते हैं सफाई। शिक्षा सबके लिए नारे का पोस्‍टमार्टम: शहरी और ग्रामीण स्कूलों में आपस में सुविधा के स्‍तर पर अंतर।

टीपी सिंह अपनी संस्‍था ‘दृष्टिकोण’ के माध्‍यम से प्राइवेट स्‍कूल के कारण होने वाली समस्‍याओं के प्रति भी मौन नहीं रहे। वे संध्या प्रहरी में लिखते हैं-‘शिक्षा के नाम पर दुकानदारी पनपी-सामाजिक असमानता की जड़।’ कमरों की दीवारों के संबंध में भी पत्र व्‍यवहार। राम भारती पब्लिक स्‍कूल में दाखिले के लिए भी पत्र है, इसमें विकास शुल्क और ट्यूशन फीस में पचास प्रतिशत की छूट के लिए पत्र। पुस्तक बताती है कि उन्‍होंने अपने बहुत ही सीमित संसाधनों से स्‍कूलों में जूते व स्‍कूल ड्रेस की भी व्‍यवस्‍था की और गरीबों की ही नहीं बल्कि शिक्षा को भी प्रोत्‍साहन दिया। जब उनकी नजर सार्वजनिक खाली पड़ी जमीन पर पड़ी तो छात्रों में अध्‍ययन की आदत के विकास के लिए उन्‍होंने उस जमीन को लाइब्रेरी व वाचनालय खोलने लिए पत्राचार किया।

जब हम उनके साहित्‍य संसार पर विचार करते हैं तो यह तस्‍वीर साफ होती है कि उन्‍होंने शिक्षार्जन व अध्‍ययन ही नहीं किया बल्कि विभिन्‍न साहित्यिक विधाओं के माध्‍यम से अपनी समझ का रूपांतरण भी किया। यद्यपि टीपी सिंह इंटर में साइंस स्‍ट्रीम के छात्र थे लेकिन उन्‍हें बचपन से ही रागिनी सुनने और गाने शौंक था। यह शौंक नौवीं-दसवीं कक्षा तक आते-आते रागिनी लेखन कला की ओर मुड़ गया। उनके खुद के शब्‍दों में-‘मुझे देहाती गाने का बड़ा ही शौक था। शायद ही कोई ऐसा दिन जाता होगा, जब गांव के लोग हमारी बैठक (दुकड़िया) पर गाना सुनने के लिए न आते हों। यह संयोग ही था कि मैं रागिनी गाने में रुचि रखता था। बस! इसी लगन ने मुझे रागिनी लिखने की ओर खींच लिया।’ ऐसा लगता है कि रागिनी वाला शौंक उनके गांव में ही पीछे छूट गया और वे आगे बढ़ गए क्योंकि आज हमारे पास उनकी कोई भी रागिनी उपलब्‍ध नहीं है।

अपनी आगे की जर्नी के बारे टीपी सिंह खुद बताते हैं-‘शहर आकर उनके गद्य के प्रति अरुचि और ग़ज़ल ने उन्‍हें आकर्षित किया।’ वे अपनी ग़ज़ल की विषय वस्‍तु के बारे में कहते हैं, "मुझे यह कहने में तनिक भी हिचक नहीं कि मेरा समूचा साहित्य चलती-फिरती कार्यशाला की उपज है। मैंने कभी भी सिर्फ कविता के लिए कविता गढ़ने की मशक्कत नहीं की। केला बेचती चमेली, सड़क पर झाड़ू बुहारती चंद्रकला, मूंगफली बेचता ननकू, सब्जी बेचती धनिया, मजदूरी करता होरी, बलात्कार की शिकार किशोरी, भ्रष्टाचारी राजनेता/घूसखोर, शासन प्रशासन की नंगी-धडंगी सभ्यता जैसे विविध विषय ही मेरी रचना के आधार रहे हैं। मेरी ग़ज़ल हो या फिर कविता प्रायः घटना प्रधान ही रही हैं। यथार्थ के धरातल से जन्मी हैं।"

कहने की आवश्यकता नहीं कि उपर्युक्त विषयवस्‍तु आज भी तथाकथित मुख्‍यधारा के पत्र-पत्रिकाओं के लिए अछूत जैसी है। पहले कुछ ज्‍यादा ही अछूत रही होगी। बात सन 1972 की है। टीपी सिंह ने अपनी एक ग़ज़ल ‘गीतकार’ में प्रकाशनार्थ भेज दी। किंतु उन्‍होंने प्रेषित ग़ज़ल की केवल चार पंक्तियां ही प्रकाशित की। वह भी संशोधन के बाद कुछ इस प्रकार-‘तुमने सांझ का वायदा किया तो मान लिया,/तुमने प्यार का वायदा किया तो मान लिया,/फिर मुहब्बत-ए-तकरार का मतलब क्या है?/जब तुमने इंकार किया तो हमने मान लिया।’ इस पर टीपी सिंह अपनी पीड़ा बयां करते हुए बताते हैं-‘शिल्‍पगत छेड़छाड़ तो मुझे कल भी स्वीकार थी और आज भी है। लेकिन मुझे इन पंक्तियों के प्रकाशन पर खुशी कम, अवसाद ज्यादा हुआ क्योंकि वो मेरी विचारधारा के साथ एक छेड़छाड़ थी। ऐसी छेड़छाड़ से मैंने आजीवन समझौता नहीं किया।’

साहित्‍य जगत में यह समझौता न करना आज के अवसरवादी काल में ऐसा है, जैसाकि वर्तमान राजनीति में राहुल गांधी के स्‍लोगन-‘नफरत के बाजार में मुहब्‍बत की दुकान’ खोलना। दरअसल, इस नफरत के बाजार में एक ही व्‍यक्ति का एकाधिकार है, जहां राजनेताओं के साथ-साथ संवैधानिक संस्थाएं व तथाकथित धर्म के कारोबारी भी अपनी उन्मादी पलटन के साथ ‘सोल्‍ड’ यानी ‘बिका हुआ’ माल के लेबल के साथ मौजूद हैं। इस बाजारवाद को बनाए रखने के लिए कृत्रिम मांग पैदा की जा रही है जिसकी पूर्ति इतिहास की कब्र खोदकर नफरत की चाशनी में भिगोकर बाजार पर कब्‍जा किया जाता है। इस कब्जादारी को सत्ता और साहित्‍य के आईने के रूप में भी देखा जा सकता है। ब्‍यूरोक्रेसी व न्यायपालिका भी इस कब्जादारी से मुक्‍त नहीं हैं। इसलिए कभी इनकी रीढ़ नजर आ जाती है, कभी नहीं। स्‍पष्‍ट है, खबरें और साहित्‍य भी कमोबेश ‘सब का मालिक एक’ की बपौती बने हैं। टीपी सिंह उन कम लोगों में से एक हैं जो न तो बिकाऊ हैं, और न ही उसूलों से समझौता करने वाले।

समझौता न करने वाले और बिकाऊ सामग्री न बनने वाले अम्‍बेडकरवादी साहित्‍य व विचारधारा के समक्ष दो गंभीर चुनौतियां हैं। एक-परंपरावादी साहित्‍य और इसके पैरोकार, जो वर्चस्ववादी समाज के हित पूर्ति की विषय वस्‍तु को ही पूरे समाज का आईना सिद्ध करते रहने पर आमादा हैं। आमजन यानी शोषित-उत्‍पी‍डि़त का समाज में जैसे कोई वजूद ही नहीं है। टीवी जगत और फिल्मी ताकतें कुल मिलाकर वर्ग विशेष की परंपराओं और काल्‍पनिक साहित्‍य को जनमानस के दिमाग में रोपने की मुहिम का हिस्‍सा बने हैं। दो-एकाधिकार व वर्णवाद को पोषण करने वाली वर्तमान राजनीति, जिसमें धर्म का गोरखधंधा इसे निरंकुशता प्रदान करता है। इस कार्य में वर्तमान मीडिया इसका ब्रांड एम्‍बेसडर बना है, खैर...।

एक तीसरी चुनौती भी है-वह है, दलित वर्ग से आने वाले तथाकथित बड़े साहित्‍यकार जो परंपरागत साहित्‍य की स्‍थापित पत्रिकाओं की चाकरी करते हैं। छपास की प्राथमिकता के चलते न इनकी अपनी कोई विचारधारा ही रह जाती है और न ही उस वर्ग के हित सुरक्षित रहते हैं, जिनके प्रतिनिधि होने का ये दावा करते हैं। ऐसे में व्‍यक्ति का सारा साहित्‍य कर्म उसकी निजी महत्वाकांक्षाओं तक सिमट कर रह जाता है। इस प्रवृत्ति के कारण शोषण-उत्‍पीड़न के विरुद्ध आंदोलन के लिए समर्पित पत्रिकाओं का वर्तमान व भविष्‍य खतरे में बना रहता है। साहित्‍य के माध्‍यम से सामाजिक आंदोलन जैसे मसले नारेबाजी की विषय वस्‍तु बनकर रह जाते हैं।

               यह अच्‍छी बात है कि टीपी सिंह इस छद्म व विकृत मानसिकता से मुक्‍त हैं। वे यह भी स्‍वीकार करते हैं-‘मुझे पत्र पत्रिकाओं में अपनी रचना भेजने का कोई खास शौकीन नहीं रहा, लेकिन अगर रचनाएं भेजी भी तो अपनी शर्तों पर प्रकाशित किए जाने की शर्त पर।’ इतना ही नहीं ये ‘ग्रीन सत्ता’ (पाक्षिक समाचार–पत्र) के वरिष्ठ साहित्य संपादक, ‘अपेक्षा’ (त्रैमासिक) में उप-संपादक, ‘आजीवक विजन’ (मासिक) में प्रधान संपादक व ‘अधिकार दर्पण’ (त्रैमासिक) में संपादक की हैसियत से काम करते रहे और साहित्‍य को सम्‍पूर्ण समाज का आईना बनाने में अहं भूमिका अदा की। इन्‍होंने चार पुस्‍तकों का संपादन और ‘कानया की वापसी’ नामक व्यंग्य का लेखन व इसका टी.वी. सीरियल के रूप में निर्देशन भी किया।

               यदि इनके निजी साहित्‍य की बात करें तो इन्‍होंने छह ग़जल संग्रह-दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसों के दौर में, तूफां की ज़द में तथा चलते-चलते की रचना की है। जैसाकि ऊपर बताया गया है, इन्‍होंने सभी ग़ज़लों की विषयवस्‍तु अपने परिवेश से ही ली है। इनका ‘तन्हा जिन्दगी’ नामक ग़ज़लों का ऑडियो कैसेट भी बाजार में उपलब्‍ध है। बच्‍चों और उनकी शिक्षा के प्रति इनकी जागरूकता अधूरी ही कही जाती यदि बाल-साहित्‍य का उल्‍लेख न किया जाए। रुनझुन, चल मेरे घोड़े, धमाचौकड़ी, खेल-खेल में (हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा पुरस्कृत), खेल-खेल में अक्षर ज्ञान (स्वर व व्यंजन दो भागों में, खेल-खेल में अक्षर ज्ञान (अंग्रेजी की वर्णमाला) आदि से गुजरते हुए इनके शिक्षा और बच्‍चों के प्रति लगाव व उनकी शैक्षिक बुनियाद के प्रति सजगता का अनूठा अनुभव होता है।

               इन्‍होंने अपने जज्बातों के तूफान को ग़ज़ल तक ही सीमित नहीं रखा बल्कि दो काव्‍य संग्रह ‘वेताल दृष्टि’ और ‘पुश्तैनी पीड़ा’ लिखे। ‘टूट गया भ्रम संबंधों का’ गीत संग्रह के साथ-साथ इन्‍होंने ‘कहां गई वो दिल्‍ली वाली’, जिसे इन्‍होंने शब्‍द चित्र की संज्ञा देकर साहित्‍य में एक अनूठा प्रयोग किया है। इसमें इनके दिमाग में सपनों तक में धमाचौकड़ी मचाने वाले संस्मरण को इन्‍होंने कहानियों का स्‍वरूप प्रदान किया है। टीपी सिंह यकीनन एक अजीब ही समर्पित व्‍यक्तित्‍व हैं। ये पूरे दिन बैंक में अपनी सेवा देते, सफर के दौरान बस व ट्रेन में भी साहित्‍य सृजन करते रहे हैं। छुट्टी के दिन ये अक्‍सर बुद्धिजीवियों को बुलाकर समसामयिक विषयों पर चर्चा कराते थे। घर-गृहस्‍थी से जो समय बचता, ये उसे साहित्‍य सेवा व समाज सेवा को समर्पित करते रहे हैं।

हम जानते हैं कि साहित्‍य के केन्‍द्र में व्‍यक्ति व समाज की अग्रगामी अभिव्‍यक्ति होनी चाहिए। यह अलग बात है कि साहित्‍य व इतिहास तक में ईमानदारी का अभाव रहा है। इसकी पूर्ति के लिए हाशियाकृत समाज से आने वाले साहित्‍यकार, जिसमें महिलाएं शामिल हैं, ने अपनी उल्‍लेखनीय उपस्थिति दर्ज कराई है। ‘कविता’ साहित्‍य की अन्‍य विधाओं से अग्रणी भूमिका में है। बेशक, कविता की अपनी एक सीमा होती है और यह प्रतिकात्मकता के अंदाज में बात/संवाद करती है। बानगी के लिए टीपी सिंह की ग़ज़ल से रूबरू हो सकते हैं-कोई बेचारा खत लिखता है, /खत में अपना कद लिखता है।/ धरती को लिखता है अम्बर, / अम्बर को सरहद लिखता है।/खेतों खलिहानों को जंगल, /बस्ती को मरघट लिखता है।/फूलों के बिस्तर को पत्थर, /कांटों को मसनद लिखता है।/मस्जिद को लिखता है मंदिर, /मंदिर को मस्जिद लिखता है।/चंदा को लिखता है रोटी, /रोटी को मकसद लिखता है।

राजनीति व साहित्‍य की जानी मानी शख्सियत शाहिद सिद्दिकी‘नई जमीन’ व अन्‍य कई भाषाओं में निकलने वाले पत्रों के संपादक टीपी सिंह के ग़ज़ल संग्रह ‘दृष्टिकोण’ पर कुछ ऐसे प्रतिक्रिया करते हैं–‘इनकी गजलों का मुख्य विषय आदमी है। वह आदमी के दुख-दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करते हैं और बहुत खूबसूरती से ग़ज़ल में ढालकर पेश करने का हुनर जानते हैं। आज की मशीनी दुनिया में जिस तरह प्रेम, सद्भावना, दया और मेल-मिलाप का खून हो रहा है, उसे देखकर वह खामोश नहीं रहते।’ यह टिप्‍पणी काफी वर्ष पुरानी है, लेकिन उपरोक्त टिप्‍पणी आज के राष्‍ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त महिला पहलवानों के आंदोलन के संबंध में भी साकार होती नजर आती है।

आज हम महिला पहलवानों, जिन्‍होंने देश के लिए स्वर्ण पदक तक जीते हैं, के लिए सारे न्यायालय और शासन-प्रशासन नाकाफी हो गए हैं। ये वे महिला पहलवान हैं जिनके साथ देश का किसान-मजदूर, सोशल व देश का बहुजन खड़ा है। जिस पर विश्‍व का मीडिया नजरे गड़ाए है लेकिन परिणाम, ‘वहीं ढाक के तीन पात’। ऐसे में किसी हाथरस की गुडि़या जैसे सैंकड़ों-हजारों अत्याचारों के मायने ही कहां रह जाते हैं। ऐसे में टीपी सिंह खुद को एक बाप की तरह सामने रखकर महिला जीवन का सजीव चित्रण कुछ ऐसे करते हैं-‘अब/तेरी देह रणक्षेत्र बन गई है/मेरी बेटी/.../फ्राक वाला प्यार/इन साड़ियों में कहां/इन साड़ियों में/तेरी देह की भूख भी छिपी है/छिपी है/रणक्षेत्र की गंध /गंध उन्माद की/ प्रमाद की। अगर ग़ज़ल के रूप में कहना पड़े तो वे कुछ इस प्रकार कहते हैं-काट सके तो हीरा काट,/नजरों से अंधियारा काट।/जिस घर में चंदा बंदी है,/उस घर का दरवाजा काट।’

टीपी सिंह की ग़ज़लों में तेवरों को देख कर भारतीय स्टेट बैंक के तात्कालिक महाप्रबंधक माननीय ए.पी.एन. पंकज टिप्पणी करते हैं-‘मुस्कराहट दर्द से भरी है, या दर्द को मुस्कराहट में छिपाने का प्रयास कर रही है? बात के पीछे व्यंग्य है या व्यंग्य की ही बात है? सूई को हाथ में अपना तन भेदने के लिए पकड़ रखा है, या उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए? इन सवालों का जवाब तो दे पाना मुश्किल है, पर उसे देख, सुन या पढ़कर ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे जरूर।’ इस ग़ज़लकार के दिल में अन्‍याय के विरुद्ध कितना दर्द व छटपटाहट छिपी है, उसको समझना मुश्किल नहीं तो आसान भी नहीं कहा जा सकता।

पंकज जी जिस दर्द के पीछे की जिस मुस्‍कुराहट और मुस्‍कुराहट के पीछे दर्द की बात कर रहे, उसे ही टीपी सिंह अपनी ग़ज़लों व कविताओं के माध्‍यम से व्यंग्य के रूप में साझा करते रहे हैं और अपने दिल के छालों को धोते रहे हैं। यही वह दर्द/पीड़ा है जिससे टीपी सिंह गिर-गिर कर उठने, रो-रोकर हंसने और मर-मर के जीने के रूप में देखते रहे हैं। इस संदर्भ में पंकज जी टीपी सिंह के मर्म को बताते हुए लिखते हैं कि उन्‍होंने एक सुई को पकड़ रखा है। लेकिन वे अपनी अनभिज्ञता जताते हैं कि यह नहीं पता चल पा रहा है कि यह सुई अपने तन को भेदने के लिए है या दूसरों के बदन में चुभोने के लिए। यकीनन, टीपी सिंह की ग़ज़ल व कविता खुद के लिए और दूसरों के लिए सुई का ही काम करती रही है।

मौजूदा प्रकरण में यह समझना जरूरी है कि कोई भी संवेदनशील साहित्‍यकार व व्‍यक्ति जब किसी को सुई चुभोने का विचार करता है या विचार कर रहा होता है तो यह पहले से ही तय होता है कि वह सुई की चुभन की पीड़ा से निरंतर दो-चार हो रहा होता है। किसी दूसरे को चुभाने की प्रक्रिया बाद में शुरु होती है। टीपी सिंह के जीवन और काव्‍य-सृजन का यथार्थ भी कुछ ऐसा ही है। लेकिन ऐसा लगता है कि टीपी सिंह को यह सुई यानी अपना सारा काव्‍य संसार अनुपयुक्त औजार महसूस हुआ। इन्‍होंने सन 2014 से गद्य संसार में प्रवेश किया। इनके लिखे आलेखों के तेवरों से लगता है जैसे इन्‍होंने सुई को अपनी अभिव्‍यक्ति के बरछी-भाले, तीर-तलवार और न जाने कैसे-कैसे असलहों से लैस कर लिया। इसके चलते इनके अपने साहित्‍य सृजन के खजाने में इस संपादकीय के लिखे जाने तक आलेखों की सात पुस्‍तकें शामिल हो गई। गौरतलब है कि इनके सौ से भी अधिक आलेख अकेडेमिया नेटवर्क पर उपलब्‍ध हैं और देश विदेश में इन्‍हें पढ़ने वालों की कमी नहीं है।

पद्य से गद्य में आने के कारणों को समझने के लिए हमें इनकी पुस्‍तकों के शीर्षक से गुजरना जरूरी हो जाता है। इनकी पुस्‍तकों के शीर्षक हैं-शिक्षा मीडिया और राजनीति, राजनीति के सामाजिक सरोकार, राजनीति का समाजशास्त्र, लोक से विमुख होता तंत्र, मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न तथा दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार। इनकी प्रत्‍येक पुस्‍तक के शीर्षक में ‘राजनीति’ प्रमुख तत्‍व के रूप में मौजूद है। यदि इस तत्‍व यानी राजनीति को इनकी जर्नी के गद्य में प्रवेश के वर्ष 2014 के साथ जोड़ें तो ऐसा लगता है कि इनके दर्द और छटपटाहट के पीछे 2014 के बाद की राजनीति है। यह संयोगवश भी हो सकता है, लेकिन यकीन के साथ ऐसा कहा नहीं जा सकता। हां, इतना तय है कि टीपी सिंह न ही राजनीतिक व्‍यक्ति हैं और न ही किसी राजनीतिक संकीर्णता व विद्वेष से प्रेरित हैं। ये विशुद्ध रूप से एक जिम्‍मेदार नागरिक की भूमिका में रहते हैं।

हां, इसमें संदेह व सोच-विचार की कोई गुंजाइश नहीं कि सन 2014 के बाद निजाम बदला है और इस बदलाव के कारण राजनीति के तौर-तरीके भी बदले हैं। इससे इंकार नहीं किया जा सकता कि देश में आज भी लोकतांत्रिक व्‍यवस्‍था है यानी जनता द्वारा चुनी सरकार है और बहुमत का शासन भी है। लेकिन क्‍या अपना देश सही अर्थों में गणतांत्रिक है; यानी देश में संविधान का शासन है। निस्‍संदेह, अपने देश का गणतांत्रिक स्‍वरूप संदिग्‍ध है। देश में गणतंत्र होने के सवाल पर अनेक बड़े सवाल हैं, जो बेचैनी पैदा करते हैं। टीपी सिंह का सारा गद्य लेखन इसी बेचैनी का परिणाम है, जो किताबों की शक्‍ल में हमारे सामने मौजूद है। टीपी सिंह के लेखन में एक नागरिक है, इस नागरिक के व्‍यक्ति, समाज व देश से जुड़े जिम्‍मेदारी से परिपूर्ण सवाल हैं, जिनमें सबके लिए उन्नत शिक्षा व समृद्धि के द्वार बिना किसी भेदभाव खुले हैं। इनके लेखन में राजनीति व मीडिया का चरित्र है और इस चरित्र को लेकर अनेक असहमतियां हैं, विवाद हैं। इनके लेखन में जाति व धर्म को लेकर समाज में फूट डालने और इससे उपजी अराजकता को लेकर चिंताएं हैं; और आपसी भाईचारे की गुहार है। इनके लेखन में ‘न्‍याय’ पूंजीपतियों, राजनीतिज्ञों और शारीरिक व बौद्धिक बाहुबलियों की बपौती हो जाने का प्रतिरोध है, और इसके जनसाधारण के स्‍वाभाविक अधिकार की वकालत है।

दरअसल, टीपी सिंह का बौद्धिक कैनवास दलित और जाति तक सीमित नहीं है। उनका वैचारिक कैनवास बाबा साहब, फुले, पेरियार आदि के चिंतन-दर्शन को अपने अंदाज में सम्यक परिस्थितियों के अनुरूप अंगीकार करना और उसके अनुरूप अपनी जीवनशैली को अपनाना है, जीना है। वर्तमान निजाम व उनकी भक्‍त मंडली की नजर में टीपी सिंह जैसे व्‍यक्ति अर्बन नक्‍सल की श्रेणी में आते हैं। देशभक्ति की नई परिभाषा के अनुसार यह देशद्रोह की श्रेणी में आता है, पाकिस्‍तान भेजे जाने की श्रेणी में आता है। लेकिन टीपी सिंह हैं कि अपने स्‍टेंड पर कायम हैं।

यद्यपि टीपी सिंह उम्र के लगभग अस्सी साल के करीब हैं मगर उनके तेवर में किसी प्रकार की कमी नहीं आई है। बानगी के रूप में, नए संसद भवन के उद्घाटन के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया को कुछ इस प्रकार देखा जा सकता है-‘इससे बड़ी त्रासदी क्या होगी कि जब 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन किया जा रहा था, ठीक उसी समय जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे विश्व विख्यात पहलवानों के साथ दिल्ली पुलिस अपनी कुशलता का भौंडा प्रदर्शन कर रही थी। ज्ञात हो कि समूचे विपक्ष ने उद्घाटन समारोह का इसलिए बहिष्कार किया कि नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्वारा किया जाना चाहिए, न कि प्रधानमंत्री द्वारा। विपक्ष का मत नितांत तर्कसंगत है। किंतु राजा ने इसे नकार दिया। साफ है कि राजा जी को देश की समस्याओं के निराकरण से ऊपर अपने आप को इतिहास पुरुष बनाने में ज्यादा रुचि है।’

इतना ही नहीं, वे अपनी प्रतिक्रिया को आगे बढ़ाते हुए कहते हैं-‘नए संसद भवन का उद्घाटन।’ यह मोदी जी का राज्याभिषेक था और तमिलनाडु के 20 ब्राह्मणों द्वारा सर्वधर्म समभाव के संवैधानिक संकल्प को किनारे लगाने के उपक्रम रहा।...राजदंड (सेंगोल) की स्थापना तो लोकतंत्र के विपरीत सीधे-सीधे लोकशाही/तानाशाही की स्थापना का प्रतीक है... उल्लेखनीय है कि दलित राष्ट्रपति कोविंद जी को इसी भवन के शिलान्यास पर नहीं बुलाया गया था और अब जनजाति की राष्ट्रपति माननीया मुर्मू जी को नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में आने तक का निमंत्रण नहीं दिया गया जबकि इन दोनों को राष्ट्रपति बनाने वाली मोदी सरकार ही रही है। क्या यह लोकतंत्र की हत्या की धमक नहीं?’

बेबाक प्रतिक्रिया करना टीपी सिंह के व्‍यक्तित्‍व का अभिन्‍न अंग रहा है। एक बार वे अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री काल में उनके बारे में टिप्‍पणी करने से पीछे नहीं रहे। ऐसा ही मसला टी.एन. शेषन के निर्वाचन अधिकारी के कार्यकाल के दौरान हुआ था। इनके ऐसे अनेक किस्‍से विभिन्‍न विभागों के अधिकारियों के संबंध में इनके आत्‍मवृत ‘बियोंड पैराडाइम भाग-दो’ में प्रमाण के साथ मौजूद हैं। एक बार वे उप सचिव, भारत सरकार को पत्र लिखते हैं-‘हम पत्राचार से थक गए हैं अब हमारे पास एक ही रास्‍ता बचा है, वह है-गांधी का सत्याग्रह मार्ग व भूख हड़ताल। वे कालोनी के इलेक्‍ट्रीफिकेशन को लेकर भी लम्‍बी लड़ाई लड़ते हैं। ये अपनी वैचारिक स्‍वतंत्रता और नागरिक जिम्‍मेदारियों को अदा करने में कभी पीछे नहीं रहते, भले ही सोशल मीडिया के फेसबुक प्‍लेटफार्म को तीन बार अलग-अलग अवधी के लिए सस्‍पेंड ही क्‍यूं न कर दिया जाए।

इनकी भूमिका निरंतर चलती रही और इन्‍होंने संपादन में भी खूब हाथ आजमाया। इन्‍होंने ‘ग्रीन सत्ता’ (पाक्षिक समाचार–पत्र)साहित्य संपादक, ‘अपेक्षा’ (त्रैमासिक) में उप-संपादक, ‘आजीवक विजन’ (मासिक) में प्रधान संपादक, अधिकार दर्पण’ (त्रैमासिक) में संपादक, तन्हा जिन्दगी (ग़ज़लों) का ऑडियो कैसेट और कानया की वापसी, टीवी. सीरियल (पांच ऐपीसोड) का लेखन एवं कुशल निर्देशन भी किया। ऐसा नहीं है कि इन्‍हें अपने लेखन के लिए किसी उपेक्षा का शिकार होना पड़ा। फेसबुक से तीन-तीन बार सस्‍पेंड होना अलग मसला है। इस सबके बावजूद, इनके कार्य को पुरस्कृत भी किया गया। इन्‍हें वर्ष 1995-96 में ‘खेल-खेल में’ (बाल-गीत) पुस्तक के लिए हिन्दी अकादमी, दिल्ली का ‘बाल साहित्य पुरस्कार’ मिला। वर्ष 2006-2007 में इन्‍हें हिन्दी अकादमी, दिल्ली का ‘साहित्यकार सम्मान’ और अन्‍य साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान मिल चुके हैं। इनका यह योगदान गिर-गिर कर उठने के साहस की श्रेणी में आता है। कभी हार न मानने की श्रेणी में आता है।

ऐसा नहीं है कि टीपी सिंह समाज व साहित्य सेवा को ही समर्पित रहे हैं। ये अपने कार्यालय की जिम्‍मेदारियों को भी बड़ी शिद्दत से निभाते थे। दलित समाज से आने वाले अधिकतर लोगों के अपने कार्यालयों के अनुभव, जो सुनने में आते हैं काफी आहत करने वाले होते हैं। इन लोगों के पास अक्‍सर जातीय भेदभाव के अनेक किस्‍से कहानियां सुनने को मिलते हैं। लेकिन टीपी सिंह यहां भी अपवाद यानी अग्रणी रहे हैं। बात सन 1980-82 की है। इन्‍हें दिल्‍ली के आंचलिक कार्यालय में ऑफिस मैनेजर इस उम्‍मीद से पोस्‍ट किया गया था कि ये अन्‍य अधिकारियों की तरह छह महीने भी नहीं टिकेंगे। लेकिन इन्‍होंने अपने विभाग का पेंडिंग काम ही नहीं निपटाया बल्कि अपनी कार्य कुशलता से ऐसा कीर्तिमान स्‍थापित किया कि ये साढ़े नौ वर्ष तक ऑफिस की उसी सीट पर तैनात रहे। ऑफिस के लोग इन्‍हें कभी चलता फिरता ट्रेनिंग सेंटर तो कभी विधुर की संज्ञा देने से नहीं चूकते थे।

इन्‍हें चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती के लिए बने इंटरव्‍यू बोर्ड में बारह बार शामिल किया गया। इन्‍होंने अपने उसूलों से कभी समझौता नहीं किया, दलित वर्ग का कोटा पूरा कराया और पूरी ईमानदारी से अपना फर्ज निभाया। ऐसा ही एक उदाहरण टीपी सिंह के ए.जी.एम. बत्रा जी का है। इनके अनुभागाध्‍यक्ष ने कहा—'यार, समझा कर बत्रा जी एक तेज-तर्रार ए.जी.एम. हैं, उनका बिल बिना आयकर काटे पास कर देना।’ टीपी सिंह ने ऐसा नहीं किया तो अनुभागाध्‍यक्ष ने कहा-‘ये ए.जी.एम. बहुत खतरनाक है, मौका मिलते ही डंक मारेगा।’ लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसके विपरीत एक दिन ए.जी.एम. ने बुलाकर टीपी सिंह को एक पैन सैट भेंट किया, पीठ थपथपाई और भविष्‍य में भी मदद करने का आश्‍वासन दिया। काश! आज के निजाम में कर्तव्य व संविधान के प्रति समर्पित जनता, संवैधानिक संस्थाएं, राजनेता, ब्‍यूरोक्रेट्स व न्‍याय व्‍यवस्‍था होती, खैर...।

टीपी सिंह सार्वजनिक जीवन में इतना सारा काम करते आए हैं। जाहिर है, इनका जीवन बिना पारिवारिक खट्टे-मीठे संबंधों के पूरा नहीं होता। टीपी सिंह ने नौ वर्ष की आयु में परिवार के पहले सदस्‍य के रूप में पाठशाला में प्रवेश किया और इंटर पास करने के बाद रोजगार की तलाश में गांव छोड़ दिया। इसी दौरान इनकी शादी हो गई और आज टीपी सिंह तीन बेटियों और दो बेटों के पिता होने के कारण दादा-नाना भी बने हैं। लेकिन वे अपने आत्‍मवृत्त (पृष्ठ 87) में वेदना साझा करते हुए कहते हैं-‘मेरी पत्नी न तो कभी मेरे दुख में शामिल हुई और न ही कभी सुख में मेरा साथ निभाया। कभी-कभी मुझे इस बात की खुशी भी होती है कि मेरे मां-बाप मेरे बचपन में ही गुजर गए अन्यथा उनका बुढ़ापा पत्नी के व्यवहार के चलते शायद बहुत ही बुरा गुजरता। दरअसल, मेरी पत्नी खुद और खुद के लिए जीती है। जीवन भर एक ही अफसोस सालता रहा कि हम जहां कहीं भी रहें, पत्नी का पड़ोसियों के साथ सदा झगड़ा बना रहा।’‘…कई मामलों में पत्‍नी का डोमिनेंस बच्‍चों को भी अपनी गिरफ्त में ले लेता है और बच्‍चे भी अपनी मम्मी की भाषा बोलने लग जाते हैं।’

ऐसा ही कटु अनुभव वे अपनी सबसे छोटी बेटी शिखा के बारे में साझा करते हैं-‘बेटी शिखा का लिव इन रिलेशनशिप में रहते हुए कोर्ट मैरिज करना और असफल होना। लेखक (टीपी सिंह) का शराब में डूबकर लीवर की गंभीर बीमारी से जूझना और पत्नी का साथ न देना। तबादलों की समस्या, स्टाफ के साथ तनाव की समस्या, बार-बार घर लेने, बदलने की समस्या आदि बातें लेखक के जीवन की विडंबनाओं को पराकाष्ठा की हद तक बढ़ा देती हैं।’ इस सबके बावजूद वे बड़ी बेबाकी से बताते हैं-‘मेरे बच्चों ने न तो दादी मां से और न ही नानी से अनुपम कहानियां सुनी। सच कहूं तो उन्‍होंने हमसे भी कोई कहानियां नहीं सुनी। कभी-कभी यह सोचकर मलाल भी होता है और सुकून भी मिलता है क्योंकि अल्प सुविधाएं मिलने के बावजूद मेरे सब बच्चों ने स्नातकोत्तर स्तर की शिक्षा प्राप्त कर ली और अपने स्तर पर ही अच्छे-अच्छे प्रतिष्ठानों में नौकरी प्राप्त कर ली। सच कहूं तो उनकी नौकरी लगवाने में मेरा कोई हाथ नहीं रहा।’

टीपी सिंह आज वास्‍तविक उम्र के अस्सीवें पायदान के करीब हैं और शूगर, ब्लड पेशर, हड्डियों की लाइलाज बीमारियों के साथ-साथ बुढ़ापा जो अपने आप में एक मुकम्‍मल और परमानैंट बीमारी है, से जूझ रहे हैं। लेकिन इनके तेवरों में कोई बदलाव नहीं दिखता। यह जज्बा अम्‍बेडकरवाद की केन्‍द्रीय अवधारणा का पोषक है, जिसमें हीनताबोध के लिए कोई जगह नहीं है। यह आरोप-प्रत्‍यारोप के चारित्रिक विकार से परे है और अग्रगामी सोच के तहत सार्वभौमिक हित की वकालत करता है। इसमें चिंतन-मनन का कैनवास जाति व धर्म की संकीर्णता परिधि तक सीमित नहीं है। यह जज्बा निजता व समुदाय विशेष की राजनीति का पक्षधर नहीं है। टीपी सिंह अपने शुरुआती दौर से ही दलितों का, दलितों के लिए और दलितों के द्वारा की परिधि में कैद होकर लिखने वालों से खुद को अलगाते रहे हैं। मंचों से अपने पक्ष को मुखर रूप से रखते रहे हैं। इन्‍होंने साहित्‍य की किसी भी गुटबंदी से अपने को सदैव स्‍वतंत्र रखा है। सार रूप में कहें तो इन्‍होंने एक जिम्‍मेदार विश्‍व नागरिक का दामन कभी नहीं छोड़ा है।

टीपी सिंह की संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा निस्‍संदेह काबिल-ए-तारीफ है। यद्यपि वे गिरकर उठने, रो-रो कर हंसने और मर-मर के जीने के अफसानों की कमी नहीं है लेकिन किसी प्रकार का गुरूर व अहंकार उन्‍हें कही छू तक नहीं गया है। मुझे लगता है उनके जज़्बातों को उनकी ही लेखनी के माध्‍यम से समझें तो बेहतर होगा। उनके अनुसार-‘मेरा मानना है कि किसी भी रचनाकार का पूरा सच उसके साहित्य और व्यक्तिगत साक्षात्कार के बाद ही सामने आ सकता है। साहित्य के क्षेत्र में कोई भी रचनाकार कभी भी परिपक्व कहलाने का अधिकार जैसे रखता ही नहीं, क्योंकि, जैसा कि मैं मानता हूँ, रचनाकार की प्रत्येक रचना नितांत नई ही होती है। इन अर्थों में, मैं कल भी नवोदित था, आज भी नवोदित हूं और आगे भी नवोदित ही रहूँगा। तमाम शारीरिक व्याधियों के बावजूद मैं सदैव साहित्यिक सफर में रहूं, कभी थकान महसूस न करूं और मेरी स्वतः स्फूर्त रचना-प्रक्रिया बनी रहे, यही मेरा प्रयास रहेगा।’

(समय संज्ञान, जुलाई-सितम्‍बर 2023)