प्रस्तुति : तेजपाल सिंह ‘तेज’
जाएं तो जाएं कहां...
-ईश कुमार गंगानियां
इक्कीसवीं सदी का यह दौर भी एक विचित्र दौर है। जब इस दौर का इतिहास लिखा जाएगा तो इसे ‘डर और खतरों के इतिहास’ के रूप में जाना जाएगा। हर खासोआम को मालूम है कि आज सबसे अधिक तथाकथित खतरे में यदि कोई है तो वह हिंदु नहीं, हिंदुत्ववादी है; क्योंकि दोनों एक दूसरे से एकदम अलग हैं। यह ‘हिन्दुत्व’ धर्म है, संप्रदाय है, एक विचार है, जीवन शैली है, सनातन का पर्याय है या कुछ और, इस पर बात करना भी स्वयं खतरे को निमंत्रण देना है। गौरतलब है, हिन्दुत्व के खतरे में होने के निहितार्थ राजनीति विशेष की छत्रछाया में किन्हीं धर्म विशेष व जाति विशेष को डर/दहशत में रखकर बहुसंख्यक वर्ग के वर्चस्व को निरंकुश बनाना है। यदि सरल भाषा में इसके निदान की बात करें तो ‘हिन्दुत्व’ को खतरे से बचाने का मतलब-अन्य अस्मिताओं जैसे मुस्लिम, सिख, ईसाई आदि धर्म-संप्रदायों व उत्पीडि़त जातीय समूहों को हिंदुत्ववादी निरंकुशता से डरना है; और इस निरंकुशता के समक्ष समर्पण करना है।
निरंकुशता के समक्ष समर्पण की यह मुहिम वर्तमान निजाम के सत्ता में बने रहने की संजीवनी है। यह निरंकुशता ही धर्म निरपेक्ष/पंथ निरपेक्ष भारत को हिंदू राष्ट्र में तब्दील करने का हिडन ऐजेंडा है। इस निरंकुशता की स्थापना के लिए धर्म और सत्ता की ऐसी चाशनी तैयार करने की मुहिम चली है कि आमजन इस चाशनी में फंसी एक मक्खी की तरह छटपटा तो सकता है, मगर इससे मुक्त नहीं हो सकता। ऐसा लगता है कि वर्णव्यवस्था के ऊपरी पायदानों पर काबिज हिंदुत्ववादियों ने यह भ्रम खुद ही पाल लिया है कि हिंदू राष्ट्र यानी राम राज्य में उन्हें किसी तथाकथित स्वर्ग/जन्नत जैसे ऐश्वर्य को भोगने का अवसर मिलेगा। इस जन्नत में शोषित-उत्पीडि़त और अन्य धार्मिक अस्मिताओं का न कोई वजूद होगा और न ही उनकी कोई आवाज; यानी सब कुछ इकतरफा होगा, हिंदुत्ववादियों के हितों का पोषक होगा और इसके अलावा कुछ नहीं। यह यूटोपिया/सब्जबाग ही समाज को दृष्टि बाधित लोगों की जमात में तब्दील किए जा रहा है, जो एक-दूसरे की जान के दुश्मन बनें हैं।
अगर इसे बाबा साहब डा. आंबेडकर की वैचारिकी की रोशनी में देखें तो स्पष्ट है ‘भारत में व्यक्ति के अच्छे/बुरे, ठीक/गलत या उसकी योग्यता/अयोग्यता की पहचान जाति व धर्म के आधार पर तय होती है। यदि व्यक्ति अपनी जाति या धर्म का है तो सब ठीक, अगर नहीं तो कुछ भी ठीक नहीं।’ इन्हें देश व मानवता से कोई लेना-देना नहीं है क्योंकि इनकी जाति और इनका धर्म ही इनकी श्रेष्ठता का पैमाना है। इन्हें किसी न्याय व्यवस्था पर भी भरोसा नहीं। इनके न्याय के मानदंड संविधान से मेल नहीं खाते। ये लोग अपनी जाति व धर्म को लेकर ही दिन-रात लठैती करते फिरते हैं। ये दृष्टि बाधित रोबोट लट्ठ भांजने को ही अपनी धर्मपरायणता और देशभक्ति मान बैठे हैं। इस लठैती को वर्तमान सत्ता का संरक्षण व समर्थन प्राप्त है, जो इनके होंसलों में चार चांद लगाता है। इस लठैती से उपजी अराजकता ही सत्ता की संजीवनी है। ऐसा लगता है जैसे सत्ता और ये रोबोट इस अराजकता की चौकीदारी करते हैं और हर कीमत पर इसे महफूज रखना चाहते हैं। जाहिर है, दोनों के वर्चस्ववादी वजूद के संरक्षण के लिए हिंदुत्व के खतरे में होने का पर्सेप्सन जरूरी है। जब यह पर्सेप्सन कुछ कमजोर होने लगता है, सत्ता की देखरेख में एक नया पर्सेप्सन अस्तित्व में आ जाता है और इसके कमजोर होने की स्थिति में अन्य नया पर्सेप्सन इसकी जगह ले लेता है। यह पर्सेप्सन बदलने की प्रक्रिया निरंतर बनी रहती है। कह सकते हैं कि डर के साम्राज्य को खाद-पानी देने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है।
इस पर्सेप्सन को बनाए रखने के लिए निजाम ने स्थापित कर दिया है कि अन्य अस्मिताओं को अपने आशियाने, अपने धर्म स्थल और अपने सीने पर बुलडोजर चलने पर भी उफ़ नहीं करना है। अगर उफ़ की तो हिंदुत्व और अधिक खतरे में आ जाएगा; और अधिक खतरे का मतलब है-बुलडोजर संस्कृति से इतर और अधिक विध्वंसकारी प्रकोप को दावत देना होगा। इस प्रकोप से बचना है तो अन्य धार्मिक अस्मिताओं को हिंदुत्ववादियों का वैसा ही अनुसरण करना चाहिए जैसाकि अनुसूचित जातियां व जन जातियां सदियों से करती आई हैं; या जैसे इन्हें साम, दाम, दण्ड, भेद आदि के दम पर सदियों से ऐसा करने को विवश किया गया है।
आजकल दलित-शोषित समाज तो समता, समानता, बंधुता और खुद के इंसान होने की बात करने का थोड़ा साहस जुटा पाने की हालत में हैं। लेकिन अन्य अस्मिताएं, भले ही कितने बड़े खतरे से दो-चार हो रही हों, वे अपने को खतरे में बता कर हिंदुत्व और सनातन संस्कृति से दुश्मनी मोल लेने का साहस नहीं करती। वैसे भी आजकल अपने देश भारत में खतरा घोषित करने को विशेषाधिकार सिर्फ दबंग हिंदुत्ववादियों को है, अन्य किसी को नहीं। अन्य किसी के कितने भी बड़े खतरे में होने का कोई अर्थ ही नहीं रह गया है। इस खतरे की स्थिति में हिंदुत्ववादी किसी भी धर्म व जाति की मॉब-लिंचिंग कर सकता है, किसी भी धर्म स्थल पर कब्जा कर सकता है, किन्हीं भी महापुरुषों की प्रतिमाओं को खंडित कर सकता है, महिलाओं को निर्वस्त्र घुमा सकता है, सामूहिक बलात्कार कर सकता है, हाथरस की गुडि़या की तरह पेट्रोल-डीजल डालकर जला सकता है और संविधान की नाक तले एक इंसानी शख्सियत का इस संसार से नामोनिशान मिटा सकता है। उल्लेखनीय है, इस निरंकुशता पर प्रश्न करना देशद्रोह व धर्म-विरोधी गतिविधि की श्रेणी में आ सकता है, जिसके अपने खतरे हैं।
इतना सब कुछ होने के बावजूद भी हिंदुत्व के पैरोकार देश के दलित-शोषित समाज को भ्रमित करने के लिए कुतर्कों का बाजार गर्म करते हैं और दबाव बनाते हैं कि वे हिंदुत्व की लाइफ लाइन यानी जातीय स्तरीकरण का समर्थन करें और इसके आत्मसात करने की रवायत को बनाए रखें। उनकी अपेक्षा रहती है कि जो हिंदुत्ववादियों के निशाने पर है, वह दलित-शोषित समाज के भी निशाने पर होना चाहिए। वे इनकी टीम ‘बी’की तरह काम करें और आपसी टकराव की स्थिति में किसी भी मोर्चे पर आर्मी तरह इनकी अगवाई करें यानी फ्रंट फुट पर आकर इनके पक्ष में लड़ें। बेशक, समाज का एक वर्ग ऐसा कर भी रहा है और वर्णवादियों का टूल होने के कारण इनका कृपा पात्र भी बना है। ये कभी नहीं चाहेंगे कि जाति के सबसे निचले पायदान पर खड़ा समाज अपनी गर्दन ऊपर उठा कर देखने का साहस करे। अगर ऊपर नजर उठा कर देख भी लिया तो यह जाहिर न करे कि इंसानियत के दुश्मन वर्णाश्रम की लाश ढोते-ढोते उसकी रीढ़ जवाब दे रही है। अपने प्रतिरोध में यह घोषणा तो कभी न करे कि वह वर्णवादी मल-मूत्र ढोने से इंकार करता है और इसके विरुद्ध बगावत करता है।
मौजूदा संदर्भ में यह बिंदु भी विचारणीय है कि आज हर गली-कूचे में राम की बजाय श्रीराम का बोलबाला है, सत्ता के गलियारे विशेष में भी श्रीराम का जबरदस्त डंका बज रहा है, मगर फिर भी हिंदुत्ववादी निरंतर खतरे में है। यह खतरा रोज नए ज्वालामुखी की तरह कहीं भी फट पड़ता है, मनचाही तबाही को अंजाम देता है और पुन: नई तबाही की पटकथा लिखने को तत्पर रहता है। अजीब विडंबना है कि यह खतरा कम होने का नाम ही नहीं लेता। यह खतरा एक बिगडै़ल राजकुमार की तरह इतना हठी हो गया है कि इसकी हर मांग को पूरी करने के लिए शासन-प्रशासन अक्सर दंडवत रहता है। बिगडैल राजकुमार की ऐसी निरंकुशता ‘देश’ में असंतोष, अराजकता, असुरक्षा और देश की गुलामी का मार्ग प्रशस्त करती है। अगर इसे वर्तमान दौर के गारंटी के ढोल-नगाड़ों की रोशनी में देखें तो इस तबाही की गूंज आज के स्वघोषित सबसे ताकतवर इंसान यानी ‘एक अकेला सब पर भारी’ की किसी भी घोषित/अघोषित गारंटी पर भारी है। खैर, परिणाम जो भी हो, इतना तय है कि वर्तमान निजाम के चलते ‘हिंदुत्ववादी’ निरंतर खतरे में है और श्रीराम की कृपा से आगे भी खतरे में ही रहने वाला है क्योंकि संभवत: श्रीराम की भूमिका इतने तक ही सीमित है, जितनी वर्तमान निजाम की इच्छा पूर्ति के लिए जरूरी है। श्रीराम और देश के नागरिकों के पास ‘एक अकेला सब पर भारी’ जैसा महान विचार देने वाले महानायक का अनुसरण करने के अलावा दूसरा कोई विकल्प शेष नहीं रह गया है। यदि कबीर या रैदास का राम होता तो शायद बात कुछ और होती, क्या नहीं?
क्या फर्क पड़ता है कि ‘हिंदुत्ववादी खतरे में है’ की लोकतंत्र विरोधी है। क्या फर्क पड़ता है कि हिंदुत्व और इसके बहुसंख्यकवाद की लपटें संविधान के अस्तित्व के लिए चुनौती बनी हैं। क्या फर्क पड़ता है कि कोई दिल जला बहुसंख्यकवाद के आतंक को आईना दिखाने के लिए शोला और शबनम की इन पंक्तियों को गुनगुनाने लगे- आरजू जुर्म, वफ़ा जुर्म, तमन्ना है गुनाह/ ये वो दुनिया है जहां प्यार नहीं हो सकता/ कैसे बाज़ार का दस्तूर तुम्हें समझाऊं/ बिक गया जो वो खरीदार नहीं हो सकता...। क्या फर्क पड़ता है कि देश-विदेश में हर कोई जान पा रहा है कि यहां कौन खरीदार है और कौन बिक रहा है और कौन बेच रहा है। क्या फर्क पड़ता है, इस खरीद-फरोख्त के पीछे की पालिटिक्स पर देश की सबसे बड़ी अदालत आंख तरेरती रहे क्योंकि हमें तो वही करना जो हम बरसो से करते आए हैं। क्या फर्क पड़ता है कि इसी नफरत के बाजार के चलते आजकल मुहब्बत की दुकान खोलने की चर्चा भी काफी गर्म है। क्या फर्क पड़ता है कि कोई मुहब्बत की एक दुकान खोले, अनेक खोले या कोई मुहब्बत का पूरा का पूरा बाजार ही क्यूं न खोल ले। क्या आपने कहीं देखा है कि कोई फर्क पड़ता है?
चलिए इस फर्क पड़ने या न पड़ने के चक्रव्यूह से बाहर निकल पुन: संविधान पर लौटते हैं। इसकी प्रस्तावना बताती है कि इसके केन्द्र में व्यक्ति है, जिसका धर्म विशेष या राजनीति विशेष के संरक्षण या वर्चस्व से कोई लेना देना नहीं है। व्यक्ति की केन्द्रीय भूमिका के चलते संविधान ऑफ द पीपल, फॉर द पीपल, बाय द पीपल है। संविधान में व्यक्ति की गरिमामयी अस्मिता समता, समानता और बंधुता की द्योतक है और इसमें व्यक्ति के बहुआयामी व्यक्तित्व के विकास व उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। संविधान के समक्ष सब बराबर हैं और यह किसी जाति, धर्म, क्षेत्र, भाषा आदि की किसी भी परंपरागत श्रेष्ठता/निकृष्टता को नकारता है। मगर दीगर हकीकत है कि संविधान के अस्तित्व में आने से पहले यानी ब्रिटिश शासन के दौरान भी इंसानी अस्मिता को चुनौती मौजूद थी और आज स्वदेशी शासन-प्रशासन के चलते भी वर्तमान इससे मुक्त नहीं है।
गौरतलब है, उस दौरान वर्तमान नए किस्म के स्वघोषित देशभक्तों को छोड़कर इंसानी गरिमामयी अस्मिता की पुनर्स्थापना के लिए पूरा देश उठ खड़ा हुआ था। यह संपादकीय समय संज्ञान के जनवरी-मार्च 2024 के अंक लिए लिखा जा रहा है। इसलिए इस संपादकीय में जनवरी से मार्च से संबंधित उन शख्सियतों को याद करना जरूरी महसूस हो रहा है जिन्होंने व्यक्तिगत व राष्ट्रीय गरिमा के संरक्षण की खातिर अपनी शहादत दी, मगर इनमें से कुछ को उनकी शहादत का वह सम्मान नहीं मिला, जो मिलना चाहिए था। इस कड़ी में मैं 23 मार्च 1931 के दिन को याद करना चाहूंगा; जब शहीद-ए-आजम भगतसिंह के साथ राज गुरु और सुख देव ने भी फांसी का फंदा चूमा था। इन्होंने इंसानी अस्मिता और देश की संप्रभुता को पुन: अर्जित करने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आज भी सोए जमीर को झकझोर देने की कुव्वत रखता है।
इन्हें हर मंच से बड़े अदब से याद किया जाता है और निस्संदेह किया भी जाना चाहिए। लेकिन मैं इस अवसर पर सरदार उधम सिंह व कुछ अन्य शख्सियतों को विशेष रूप से याद करना चाहूंगा, जिन्होंने इंसान की गरिमामय अस्मिता को सर्वोपरि माना और इसके लिए जबरदस्त संघर्ष किया। इसके बगैर इन्होंने जीवन को अर्थहीन माना और अपने जीवन तक का बलिदान दे दिया, ताकि श्रेष्ठता, अहंकार व स्वार्थ के जुनून में पागल इंसानियत के दुश्मनों को यह मैसेज मिले कि किसी की भी अस्मिता से खिलवाड़ करना कितना बड़ा अपराध है। इन्होंने यह भी बखूबी डंके की चोट पर बताया कि यह कितना लोकतंत्र व संविधान विरोधी कृत्य है और कितना बड़ा देशद्रोह है। लेकिन हिंदुत्व के खतरे का आह्वान करने वालों, देश को हिंदू राष्ट्र बनाने का राग अलापने वालों और इनकी ट्रोल आर्मी की खोपड़ी इतनी खाली है कि उन्हें लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों का खून करने से जरा भी परहेज नहीं है। ये ‘जब सैयांभए कोतवात तो डर काहे का’ की तर्ज पर काम करते हैं, जिसमें इनका अपना विवेक व नैतिकता पशुओं से भी निम्न स्तर की होती जा रही है।
मैं इस कड़ी में पहले शख्स, जिसे शेर सिंह कहूं, राम मुहम्मद सिंह आजाद कहूं या उधम सिंह, तीनों एक ही व्यक्ति के नाम हैं, को याद करना चाहता हूं। लेकिन मैं इस शख्सियत को 13 मार्च 1940 के दिन के लिए याद करना चाहता हूं। इस दिन इस क्रांतिकारी योद्धा ने 1919 में अमृतसर के जलियांवाला बाग के भयावह नरसंहार के लिए जिम्मेदार, माइकल ओ'डायर (भारतमें पंजाब के पूर्व लेफ्टिीनेंट गवर्नर) को उसके देश में जाकर मौत के घाट उतारा था। उसने यह संदेश दिया था कि इंसानी अस्मिता सर्वोपरि होती है और उसके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नाकाबिल-ए-बर्दाश्त होता है। इसके लिए व्यक्ति अपनी जान दे भी सकता है और सामने वाले की जान ले भी सकता है। उधम सिंह ने जालिम की जान लेकर, अपनी जान देने को एक मात्र विकल्प माना और इसे अंजाम दिया।
यहां मुझे आवाम से शिकायत है कि सरदार उधम सिंह को वह दर्जा क्यों नहीं दिया जाता, जो सरदार भगत सिंह को दिया जाता है। उधम सिंह ने यह जानते हुए भी कि प्रतिशोध का अंजाम सजा-ए-मौत होगा, अपने जीवन के इक्कीस साल लगा दिए और जनरल ओ’डायर की जीवन लीला समाप्त कर अपना मिशन पूरा किया। चलिए इसे उधम सिंह के शब्दों में समझते हैं-‘मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि मेरे मन में उससे द्वेष था। वह इसके योग्य है। वह असली अपराधी था। वह मेरे लोगों की भावना को कुचलना चाहता था, इसलिए मैंने उसे कुचल दिया है। मैं पूरे 21 साल से प्रतिशोध लेने की कोशिश कर रहा हूं। मुझे खुशी है कि मैंने काम किया। मैं मौत से नहीं डरता। मैं अपने देश के लिए मर रहा हूं। मैंने ब्रिटिश शासन के तहत भारत में अपने लोगों को भूख से मरते देखा है। मैंने इसका विरोध किया, यह मेरा कर्तव्य था।' उधम सिंह का मैसेज साफ था कि किसी भी व्यक्ति व निजाम को किसी भी राष्ट्रीयता व समुदाय से जुड़े व्यक्ति की अस्मिता का खून करने से पहले सौ बार सोचना चाहिए, डरना चाहिए और बचना चाहिए; अगर नहीं तो उसे जनरल ओ’ डायर जैसा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। शेर सिंह से शहीद-ए-आजम उधम सिंह बनने की यात्रा को सभी को पढ़ना चाहिए। विषयांतर से बचने के लिए इस पर यहां चर्चा नहीं की जा रही है।
जनरल ओ’डायर ने जलियांवाला कांड के माध्यम से भारतीयों को डरा कर शासन करने की जमीन तैयार की थी लेकिन अपराध की बुनियाद पर खड़ी इमारत को अंतत: ढहना होता है; इस हकीकत को नहीं भूलना चाहिए। इस कड़ी में फिल्म ‘सत्या’ का यह डॉयलाग ‘जान लेना हमारा मकसद नहीं, हम तो डर का कारोबार करते हैं’ समसामयिक परिस्थितियों के आईने जैसा है। आज की परिस्थितियों में ‘डर’ पैदा करने के लिए जान लेना भी शायद नाजायज नहीं रह गया है। नए शब्दकोश में इसे मॉब-लिंचिंग कहते हैं, मणिपुर भी कह सकते हैं और थोड़ा पीछे जाएं तो शायद इसे गोधरा और सन 1984 का नरसंहार भी कह सकते हैं। शायद! वर्तमान डर के कारोबार में देश की लगभग सभी संवैधानिक संस्थाएं प्यादे बनी हैं और बेखौफ इस्तेमाल किए जाने वाली सामग्री बनकर रह गई हैं। शायद लोगों के पास इससे मुक्ति के विकल्प ना के बराबर बचे हैं। अगर इस बेचैन कर देने वाली स्थिति से थोड़ा राहत पाना चाहते है तो थोड़ी देर के लिए यह धुन गुनगुना सकते हैं-‘जाएं तो जाएं कहां/समझेगा, कौन यहां, दर्द भरे दिल की जुबां/जाएं तो जाएं कहां.../सीने में शोले, सांसों में आहें/इस ज़िन्दगी से, कैसे निबाहें/हर जज़बात है वीरां, जाएं तो जाएं कहां...।
अपनी लेखक बिरादरी भी मुझे उसी चौराहे पर खड़ी नजर आती है जहां ‘जाएं तो जाएं कहां...वाला तराना उसकी मनोदशा का आईना बना है। पहले लोग सच्चाई लिख सकते थे, यदि कोई न लिखना चाहे तो यह अलग बात है। लेकिन आज यदि कोई भूला-भटका सच्चाई लिखता भी है तो उसके अपने भी उसे अपराधी की तरह देखते हैं। बाकी के लिए तो वह देशद्रोही जैसा कुछ भी हो सकता है। ऐसी डर की स्थिति से राहत के लिए फिल्म ‘शोले’ की शरण ली जा सकती है। इस फिल्म के एक सीन में ए.के. हंगल यानी नेत्रहीन रहीम चाचा एक डॉयलाग बोलते हैं-‘इतना सन्नाटा क्यूं है भाई? उन्हें पता चलता है कि उनके बेटे की गब्बर ने हत्या कर दी है और शर्त रखी है-‘अगर जय और वीरू यानी अमिताभ और धर्मेंद्र को गब्बर के हवाले नहीं किया तो उन्हें ऐसे ही अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।’ अधिकतर गांव वाले डर जाते हैं और गब्बर की बात मानने का माहौल बनाते हैं। तभी अजान की आवाज आती है तो नेत्र-बाधित हंगल कहते हैं-‘आज खुदा से पूछूंगा, मुझे दो-चार बेटे और क्यों नहीं दिए, इस गांव पर शहीद होने के लिए।’
इसमें दो राय नहीं हैं कि हमारे लगभग हर लेखक में शोले का जांबाज ठाकुर मौजूद है, जो जुर्म और डर के आतंक को खत्म करना चाहता है। अगर नहीं, वह लड़ कर गौरव की मौत मर जाना चाहता है। लेकिन वर्तमान परिदृष्य बताता है कि उसके हाथ शोले के ठाकुर की तरह ही कटे हुए हैं। यह मेरा निजी अनुभव है, जरूरी नहीं है कि अन्य भी इससे सहमत हों। वैसे यह भी जरूरी नहीं कि हर लड़ाई हाथ से ही लड़ी जाए, लोकतंत्र और संविधान के शासन में कुछ लड़ाई बगैर हाथों के भी लड़ी जा सकती हैं; और लड़ी भी जानी चाहिए, क्या नहीं? आज हर गली-नुक्कड़ पर गब्बर मौजूद हैं जो डर का कारोबार कर रहे हैं। हां, इससे मुक्ति का विकल्प हम कोल्ड ड्रिंक के एड से भी पा सकते है-‘डर के आगे जीत है।’ लेखक डर की खाई लांघ कर इंसान, इंसानियत, देश और मानवता के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी दे सकता है, क्या नहीं?
अगर नहीं तो लेखक अपने बगावती जमीर से आंखें मिलाकर संवाद करते हुए अपनी विवशता के तराने को यूं भी गुनगुना सकता है-‘जाने क्या ढूंढती रहती हैं ये आंखें मुझ में/राख के ढेर में शोला है न चिंगारी है।’ जमीर की सुनने वालों की इस कड़ी में मैं ‘पहली बार आखिरी पत्र/खत के लेखक यानी रोहित चक्रवर्ती वेमुला के जमीर से रूबरू होना चाहता हूं। उसका जन्म 30 जनवरी 1989 का है और उसकी जीवन लीला की समाप्ति भी जनवरी 17, 2016 की है। बानगी के रूप में मैं ‘उन अघाए लोगों को, जो खुद को खतरे में बताते हैं’, रोहित वेमुला के ‘पहली बार आखिरी खत’ की रोशनी में दिखाना चाहता हूं-खतरा कहते किसे हैं? खतरे की अभिव्यक्ति कैसी होती है? और सारी परिस्थितियां विपरीत होने के बावजूद भी इंसान और इंसानियत के प्रति जिम्मेदारी की भावना क्या होती है?
वेमुला अपना आखिरी खत गुड मॉर्निंग से शुरू करता है और आग्रह करता है कि नाराज मत होना क्योंकि जब आप इस पत्र को पढ़ रहे होंगे तो मैं नहीं हूंगा। वह अपने खतरे को अपनी समस्या के रूप में बताता है-‘मुझे किसी से शिकायत नहीं।’ वह खुद को दानव कहता है और बताता है-‘ मेरी अपनी आत्मा और अपनी देह के बीच खाई को बढ़ता हुआ महसूस कर रहा हूं।’ वह खाई को पैदा करने वालों का नाम नहीं लेता और जिक्र भी नहीं करता, बस इतना बताता है- ‘मैं हमेशा एक लेखक बनना चाहता था। साइंस पर लिखने वाला, कार्ल सगान की तरह। लेकिन अंत में मैं केवल यह पत्र लिख पा रहा हूं।’
वह विज्ञान, सितारों और प्रकृति से प्यार करता है, मगर लोगों से प्यार के दौरान पाता है कि लोग प्रकृति को कब का तलाक दे चुके हैं। जिस खतरे ने उसकी जान ले ली वे दोयम दर्जे की भावनाएं हैं, प्रेम बनावटी है, मान्यताएं झूठी हैं मगर कृत्रिम कला के जरिए हमारी मौलिकता वैध बनी हैं।’ इसलिए प्रेम करना कठिन हो गया है, इस खतरे और विवशता ने उसकी जान ले ली मगर वह फिर भी गुहार लगाता है-‘दुखी न हों।’ स्पष्ट है कि हमने एक आदमी की क़ीमत और उसकी तात्कालिक पहचान एक वोट तक सीमित कर दी है और इसी को हड़पने के लिए हम खुद को खतरे में बताकर दूसरों को खतरे में डाल रहें हैं। यह सब इतना खतरनाक है कि यह सब रोहित वेमुला और लेखक के रूप में उसके एक, और वह भी अंतिम खत तक सिमट कर रह जाता है। अगर वेमुला कुछ और खत लिखता, जिन्हें लिखने के उसे हमारे बीच होना चाहिए था। मगर खतरा, डर...और जाने क्या-क्या, एक मेधावी युवा का यूं चले जाना आपको बेचैन नहीं करता है क्या? किसी प्रतिरोध को नहीं उकसाता क्या?
वेमुला अपने खतरे को आगे बताता है-मैं पहली बार इस तरह का पत्र लिख रहा हूं। पहली बार मैं आख़िरी पत्र लिख रहा हूं।’ वह माफी के साथ कहता है कि इसका अलग अर्थ मत निकाल लेना कि ‘आदमी एक आंकड़ा बन कर रह गया है। एक वस्तु मात्र। कभी भी एक आदमी को उसके दिमाग़ से नहीं आंका गया। एक ऐसी चीज़ जो स्टारडस्ट से बनी थी। हर क्षेत्र में, अध्ययन में, गलियों में, राजनीति में, मरने में और जीने में।’ वेमुला अपने और अपने जैसे जीवन को अभिशाप बताता है, मगर यह नहीं बताता-क्यों? शायद इस ‘क्यों’ का खुलासा करने में उसे खतरा लगा हो लेकिन उसने खुद को खतरे में नहीं कहा, मगर इसके लिए पुन: खुद को और अपने बचपन को जिम्मेदार ठहराकर असली खतरे पर परदा डाल दिया। उसने दुनिया को एहसास दिलाने की कोशिश की कि मैं आहत नहीं हूं, मैं दुखी नहीं हूं, मैं बस खाली हूं, मुझे अपनी भी चिंता नहीं है, यह दयनीय है और यही कारण है कि मैं ऐसा कर रहा हूं।
वेमुला लोगों को आश्वस्त करता है-‘लोग चाहे उसे कायर क़रार दें, स्वार्थी करार दें या मूर्ख ही करार क्यों न दे, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि लोगों के ऐसा करने से पहले मैं इस दुनिया से चला जाऊंगा।’ वह जानता था कि वह कायर, स्वार्थी या मूर्ख नहीं है, बल्कि ये विशेषण उनके लिए हैं, जो खुद को खतरे में बताते हैं। लेकिन वह इसका खुलासा नहीं करता बल्कि पाठक को लुभाने की गरज से कहता है-‘मैं सितारों तक यात्रा कर पाऊंगा और जान पाऊंगा कि दूसरी दुनिया कैसी है।’ उड़ान कितनी भी ऊंची हो, आखिर आना तो जमीन पर ही पड़ता है। वेमुला भी जमीन पर आया और दीगर हकीकत से हमारा साक्षात्कार हुआ। वेमुला को सात महीने की फ़ेलोशिप मिलनी बाक़ी थी, जो एक लाख 75 हज़ार रुपए थी। उस पर 40 हजार का रामजी का कर्ज था। वह इसे चुकाने के बाद बाकी पैसा परिवार को देने की गुजारिश करता है। खुद को खतरे में बताने वाले लोगों को पता होना चाहिए-क्या चंद सिक्के और व्यवस्था के ठेकेदारों की संवेदनहीनता, एक होनहार युवा के जीवन और उसके परिवार की दरिद्रता पर इतनी भारी पड़ जाती है कि इस होनहार युवा की जिंदगी उस पर बोझ बन गई , वह इस बोझ को बर्दाश्त नहीं कर सका और अंतत: उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
वेमुला जानता था कि उसकी शवयात्रा शांति से न निकली तो खतरा है, कोई आंसू बहाए गए तो खतरा है, लोग यह जान पाए कि वह दुखी था, तो खतरा है। इसलिए वह कहता है कि आप जान लें-‘मैं मर कर ख़ुश हूं जीने से अधिक।’ रोहित वेमुला ने अपने पहली बार आखिरी खत में और आख़िरी बार जय भीम! लिख कर समाप्त किया और अपनी जीवन लीला भी समाप्त कर ली। मगर उसने कभी खुद को खतरे में नहीं बताया। उसका संदेश साफ है-खतरे का ढोल नहीं पीटा जाता, खतरा बिना आंखों के भी दिखता है, बिना बोले भी सुनाई देता है, बिना किसी स्पर्श के भी महसूस होता है, यह रोहित वेमुला के पहले मगर आखिरी पत्र ने बिना किसी शोर-शराबे के बता दिया है। जो खतरे में होने का ढोल पीटते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि वे खुदगर्ज हैं, पाखंडी हैं और उनका एक मात्र मकसद दूसरों को खतरे में डालना है, डर का माहौल पैदा करना है, इस डर को भुनाना है और अपने संकीर्ण हितों को साधना है; बस, इसके अतिरिक्त कुछ नहीं।
इस कड़ी में डा. पायल तड़वी, जो संभवत: रोहित वेमुला जैसे और बहुत संभव है कि उससे भी बेहतर सपनों को साकार करने के लिए डाक्टर बनी थी। वह खुद के लिए, परिवार के लिए, अपने खानदान व पूरे आदिवासी समाज के लिए आशा की किरण थी। वह आदिवासी समाज के लिए ही नहीं, सभी दबे कुचले परिवारों के लिए प्रेरणास्त्रोत हो सकती थी। लेकिन समाज विशेष के खतरे में होने के कारण उसे आत्महत्या करनी पड़ी। भले ही उसने रोहित वेमुला की तरह यह नहीं कहा कि ‘मैं मर कर ख़ुश हूं जीने से अधिक’ लेकिन उसे जीने से अधिक मरना बेहतर लगा। उसे अपने मां-बाप, परिवार के आंसुओं और उनकी सारी उम्मीदों को रौंदना अच्छा लगा। खुद को कायर, मूर्ख व जिंदगी से पलायन का आरोप उसे जीने से बेहतर लगा। और न जाने उम्मीदों की कितनी लाशें हैं जो समाज विशेष के खतरे की बलि का बकरा बने। इन पर बात हो सकती है; शायद! मौजूदा संदर्भ में इतना ही काफी है।
यह ‘खतरे का खेल’ बेहद भयावह है और मुझमें इसके अंदर और गहरा झांकने का साहस नहीं है। इसलिए मैं इसे एक लाइट नोट यानी चार शराबियों की कहानी के साथ समाप्त करना चाहता हूं। इस कहानी में चार शराबी होते हैं। शराब पीना उनके जीवन का जैसे एक मात्र लक्ष्य रह गया था। आखिर एक दिन उनकी चेतना जागी और उन्होंने विचार-विमर्श करना शुरू किया कि ऐसे कैसे काम चलेगा। चलिए कुछ काम करते हैं। अलग-अलग काम धंधे की चर्चा हुई और अंतत: गन्ने की खेती करने पर आम सहमति बन गई। लेकिन उनमें से एक के ज्ञान के चक्षु कुछ ज्यादा ही खुल गए। उसने कहा कि हमारा खेत तो लोगों के खेत में पाखाना करने के आने-जाने के रास्ते में है। ये लोग तो आते-जाते हमारे खेत के सारे गन्ने खा जाएंगे। हमारे लिए बचेगा क्या? आखिर उन्होंने अपनी फसल सुरक्षित करने के लिए रात में गांव वालों के झोंपड़ों में आग लगा दी। जब लोग अपनी जान बचाकर भाग रहे थे तो वे चारों शराबी चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे थे-‘सालो, और खा लो गन्ने, और खा लो गन्ने।’ देखते-देखते सारा गांव जलकर राख हो गया और गांव का नामोनिशान तक नहीं बचा। हिंदुत्व और हिन्दुत्ववादियों के खतरे की जो मुहिम चल रही है, इसमें कुछ बचेगा या नहीं, यह भविष्य के गर्भ में सुरक्षित है। मैं कोई ज्योतिषी भी नहीं हूं, कि कोई भविष्यवाणी करूं। अगर ऐसा दुस्साहस किया तो यह किसी नए खतरे को जन्म दे सकता है। यह पाठकों का विशेषाधिकार है; जो चाहे निष्कर्ष निकालें।
उपरोक्त चर्चा को सार रूप में यदि कार्ल मार्क्स की मदद से समझने का प्रयास करें तो उनका प्रत्येक शब्द हमें भारत के समसामयिक परिदृष्य का आईना जैसा लगता है। हमें इसमें सिर्फ एक परिवर्तन करना है, वह है-शोषक वर्ग को शासक वर्ग पढ़ना है। इसमें धर्म की सत्ता और राजनीतिक सत्ता दोनों एक ही हैं। मार्क्स के अनुसार-‘शोषक वर्ग के बहकावे में आकर, जनता जब यह मान लेती है कि उसके ऊपर होने वाला शोषण, दमन, अन्याय, अत्याचार, बलात्कार सब कुछ ईश्वर की इच्छा से हो रहा है। तथा जब शोषक वर्ग धर्म के नाम पर जनता को गुमराह करता है, धार्मिक उन्माद फैलाकर जनता को जनता से लड़ाता है और जनता भी शोषक वर्ग के बहकावे में आकर अपने रोजी रोटी के सवाल भूल कर आपस में लड़ती है, धर्म के नाम पर इंसानियत के खिलाफ लूटपाट आगजनी हिंसा बलात्कार पर आमादा हो जाती है। धर्म की इसी नकारात्मक भूमिका को देख कर कार्ल मार्क्स ने कहा था-धर्म अफीम का गोला है।’
समय संज्ञान, जनवरी-मार्च 2024 (अप्रकाशित संपादकीय) 4595
