प्रस्तुति : तेजपाल सिंह ‘तेज’

आईना नहीं, आइए चेहरा साफ करें...

-ईश कुमार गंगानिया

आज जिस मुद्दे पर हमें बात करनी है, उसकी अभिव्यक्ति के लिए यह शेर-‘उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा, धूल चेहरे पर थी आईना साफ करता रहा’ आईने का काम करता है। जनाब जावेद अख्‍तर का कहना है कि यह शेर गालिब का नहीं है लेकिन मौजूदा संदर्भ में हमारा फोकस शायर पर नहीं है, इस शेर में व्‍यक्‍त विचार पर है। यह एक भूल से जुड़ा है, जहां फोकस आईने की सफाई पर है, चेहरे पर नहीं। थोड़ा दिक्‍कत का काम है मगर फिर भी चेहरे का मर्ज समझना जरूरी है। दिक्‍कत हमारे सामने ही नहीं है, बल्कि दिक्कत निकोलस कॉपरनिकस व गैलिलियो गै‍लिली जैसी महान शख्सियतों के सामने भी थी; लेकिन बगैर धर्म की निरंकुशता व परिणाम की परवाह किए उन्‍होंने सत्‍य को सार्वजनिक किया। बता दिया कि सूर्य स्थिर है और अन्‍य ग्रह इसकी परिक्रमा करते हैं। अपना मसला किसी धर्म या धर्मग्रंथ के प्रतिरोध का नहीं है बल्कि जीवन-दर्शन में उपयुक्‍त वैज्ञानिक पद्धति के अनुसरण का है। गौरतलब है, हम अनेक ‘वाद’ और विवाद से घिरे हैं और हमारी ऊर्जा का बड़ा हिस्सा गैर-सृजनात्‍मक दिशा में जाया हो रहा है। समय संज्ञान पत्रिका की टैग लाइन भी ‘आंबेडकरवादी वैचारिकी का मुखपत्र’ है। मौजूदा अंक में बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के चिंतन-दर्शन पर विशेष सामग्री का संकलन किया गया है जो हमें उनके चिंतन के विभिन्‍न पक्षों से परिचय कराएगी। लेकिन संपादकीय को इनसे थोड़ा अलग यानी स्‍वाभाविक आंबेडकरवाद पर फोकस करना है, जहां धूल प्रतीत होती है।

बेशक, हमारे पास आंबेडकर, तथागत बुद्ध, सिद्ध-संत, फुले दंपति, पेरियार और भी न जाने कितनी महान विभूतियों की विरासत है। लेकिन मुद्दा विरासत होने का नहीं, इसके सदुपयोग का है। बाबा साहब को इस संसार को छोड़े लगभग पैंसठ वर्ष हो गए हैं। उनके द्वारा किसी भी विषय पर दी गई शोधपरक स्थापनाएं कम से कम पैंसठ वर्ष पुरानी हैं। लेकिन आंबेडकरवाद के पुरोधा किसी भी विचार की परख के लिए आज भी विशेष रूप से बाबा साहब को अंतिम पैमाना मानते हैं। तथागत बुद्ध का हमारे जीवन में हस्‍तक्षेप भी बाबा साहब की मेहरबानी है। इसके बावजूद, हम ओशो की तर्ज पर यह नहीं कह सकते-‘-पंडित (आंबेडकरवादी) हमेशा बासी बातें दोहरा रहा है। यह उसका धंधा है, वह शोषक है, उत्पीड़क है।’ लेकिन हम यह सवाल तो उठा ही सकते हैं-‘क्‍या हम लोकल से वैश्विक स्‍तर पर कल्‍पना से परे बदलते परिदृष्‍य के अनुरूप बदल पा रहे हैं?

ऐसा लगता नहीं कि हम अपनी विरासत में कुछ समसामयिक जोड़ कर इसे समय व परिस्थितियों के अनुरूप विकसित कर पा रहे हैं। अगर नहीं तो ‘फिर हम कर क्‍या रहे हैं? शायद हम आईना साफ करने की मुहिम में जुटे हैं। क्‍या हम यह मानकर तो नहीं चल रहे हैं कि हमारे पास महा नायकों की जो विरासत है उसमें चेहरे साफ करने की कोई जरूरत नहीं है? निस्‍संदेह, ये वो चेहरे हैं जिन्‍हें दुनिया बेहद सम्‍मान की दृष्टि से देखती है। उनके चिंतन-दर्शन की उपयोगिता आज और भी अधिक प्रासंगिक हो गई है। लेकिन दीगर सवाल है-‘क्‍या हमने उनके चेहरे के अनुरूप अपना कोई चेहरा बनाया है जिसे हम अपना कह सकें? क्‍या ऐसा तो नहीं, हमने तथागत व बाबा साहब के चेहरों को अपना सुरक्षा कवच बना लिया है? कहीं वेद, पुराण, बाइबल, कुरान आदि की तरह ये ही हमारे स्‍थाई चेहरे तो नहीं बन गए हैं, जिनकी सफाई की जरूरत ही महसूस नहीं होती? इसी तर्ज पर क्‍या आंबेडकरवादी चेहरे को किसी सफाई की जरूरत नहीं है? यदि नहीं तो फिर हमारी भूमिका रामायण की तर्ज पर बाबा साहब के कथा पाठ जैसी क्‍यूं प्रतीत होती है?

सवाल चुभने वाले हैं। चुभने भी चाहिए। हमें भी चुभते हैं और पीड़ा भी होती है। इसलिए जोखिम उठाने के अलावा दूसरे विकल्‍प कम ही बचे हैं। कुछ साथी इस संबंध में तर्क कर सकते हैं कि हम अपने महानायकों के कद को कमतर आंक रहे हैं या हम खुद को उनसे बड़े चिंतक, विचारक या दार्शनिक समझने लगे हैं या हमारा उनसे विश्‍वास उठ गया है। दरअसल, ऐसा नहीं हैं। ऐसे तर्क किसी व्‍यक्ति, ग्रंथ व परंपरा के प्रति दासत्व के हो सकते हैं, जिम्‍मेदारी से पलायन के हो सकते हैं, लेकिन जागरुक व संवेदनशील नागरिक के कभी नहीं। कहने की जरूरत नहीं कि हर व्‍यक्ति अद्वितीय होता है। हम तथागत बुद्ध को बाबा से रिप्‍लेस नहीं कर सकते और न ही बाबा साहब से तथागत बुद्ध को। यही बात चार्वाक, सिद्धों, संतों और बाद के सभी महा नायकों पर लागू होती है। अभी सवाल वहीं खड़ा है-‘क्‍या हम अपने मार्गदाताओं की विचार यात्रा में निरंतरता का संचार कर पा रहे हैं?’

उल्‍लेखनीय है कि वर्तमान परिदृष्‍य व्‍यापक अर्थों में किसी निरंतरता की पुष्टि नहीं करता दिखता। ऐसे मसलों पर सवाल उठाना दहशत पैदा करता है। यह दहशत कुछ-कुछ वैसी है जैसी मौजूदा निजाम के किसी भी फैसले से असहमत होना, कोई प्रश्‍न करना या इसके विरुद्ध आवाज उठाना है। लेकिन फिर भी लोग हैं कि प्रतिरोध करते हैं, अपनी असहमति दर्ज करते हैं और करनी भी चाहिए। लेकिन मौजूदा संदर्भ में हमारा आशय अपने मार्ग दाताओं द्वारा दिखाई राह को छोड़ देना नहीं है बल्कि इसे मजबूत बुनियाद की तरह प्रयोग करना है और इस पर वर्तमान की जरूरतों के अनुरूप अपनी जीवन यात्रा की ऐसी पगडंडी बनाना है कि भविष्‍य के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने में हमारा उत्साहवर्धन हो। 

हम अपने डर के साथ पुन: मूल बिंदु पर लौटते हैं। हम कर क्‍या रहे है? बेशक हम बहुत कुछ कर रहे हैं। बाबा साहब ने हमें आरक्षण का अधिकार दिलाया, उसको बरकरार रखने के लिए हम आज भी युद्धरत हैं। हम पूरी शिद्दत से उनके विचारों को उन लोगों तक पहुंचा रहे हैं जिन तक ये अभी नहीं पहुंचे थे। हम विदेशों में जाकर उनका चिंतन-दर्शन पहुंचा रहे हैं। हमने बुद्ध विहारों में बाबा साहब को स्‍थापित किया। उनके नाम पर पुस्तकालय स्‍थापित किए। लगभग हर बस्‍ती में उनके नाम के ‘भव्य द्वारों’ का निर्माण कराया। बस्तियों में उनकी मूर्ति की स्‍थापना की। भले ही ये हमारे नए संघर्ष के केन्‍द्र बन गए हैं। लेकिन फिर भी इनकी रक्षा के लिए हम तन-मन-धन सब लुटा रहे हैं। रोज खतरों से दो-चार हो रहे हैं।

हमने बाबा साहब व तथागत बुद्ध के आकर्षक चित्र, कैलंडर, विभिन्न धातुओं की प्रतिमा आदि ईजाद कर लिए हैं। हमने पैन, घड़ी, टी-शर्ट और न जाने कितने प्रकार के बिजली से संचालित होने वाले उपकरण तैयार कर परंपरावादियों को पछाड़ डाला है। हमने बाबा साहब, तथागत बुद्ध व संविधान की उपस्थिति को शादी-विवाह व अन्‍य सामाजिक कार्यक्रमों का प्रमुख हिस्‍सा बनाकर क्रांतिकारी उपलब्धि हासिल की है। हमने पुरोहितवाद से टक्कर लेने के लिए तथागत बुद्ध और बाबा साहब को उनके भगवान से बड़ा दर्जा दिया है। हमने इनके अनुष्ठान की विभिन्‍न प्रकार की पद्धतियां ईजाद कर ली हैं और शिद्दत से पालन कर रहे हैं। उनके आर्शीवाद व अनुकंपा के बगैर हमारा कोई कार्य पूरा नहीं होता।

हम राजनीति में ‘धम्‍म’ का भी ठीक वैसा ही प्रयोग कर रहे हैं जैसा अन्‍य धर्म सदियों से करते आए हैं। जैसे वहां पुरोहित वर्ग है, हमने भी वैसे ही तथागत व बाबा साहब के प्रवचन की नई व्‍यवस्‍था को तलाश लिया है। हमारे भजन-कीर्तन मंडलियां किसी परंपरागत समाज से कम वैभव के नहीं रह गए हैं। और क्‍या-क्‍या गिनाएं इतना कह सकते हैं कि बाबा साहब व तथागत बुद्ध की कृपा से सामाजिक, आर्थिक व राजनीति क्षेत्र हमने काफी बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है, और क्‍या चाहिए?

उपर्युक्त बानगी भर है लेकिन इसका उल्‍लेख आत्‍म-उत्‍पीड़न की प्रक्रिया का हिस्‍सा है। यह बाबा साहब को समझने वाले और आंबेडकरवाद के प्रवक्ताओं यानी हमारी नई इलीट क्‍लास की सूझबूझ का परिणाम है। निस्‍संदेह, पहली और सर्वोच्‍च प्राथमिकता बाबा साहब की वैचारिकी को जन-जन तक पहुंचाना है। किसी हद तक हमें इसमें कामयाबी भी मिली है, किसी भी स्‍तर पर इससे इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन ज्वलंत मुद्दा अब भी वही है-‘बाबा साहब के साथ-साथ उनकी वैचारिकी को समसामयिक अंदाज में आगे पहुंचाना था।’ लेकिन ऐसा लगता है जैसे हम आईना ही साफ कर रहे हैं। लेकिन जिस धूल ने हमारे चेहरे व दिलो-दिमाग पर कब्‍जा जमा लिया है, उसका क्‍या?

जब हम इसके कारण की तलाश करते हैं तो पाते है कि इसके मूल में हमारी मुखौटा संस्‍कृति है। मुखौटों की आड़ में हमने अपनी जिम्‍मेदारियों से पलायन का रास्‍ता खोज लिया है। इसे समझने के लिए मनोज कुमार की फिल्‍म ‘पूरब और पश्चिम’ का गाना-‘है प्रीत जहां की रीत सदा...हमारी मदद कर सकता है। इसके बोल हैं-‘काले गोरे का भेद नहीं...इतना आदर जहां इंसान तो क्‍या पत्‍थर भी पूजे जाते हैं। जहां नर में राम और नारी में अभी तक सीता है। इतनी ममता जहां नदियों को भी माता कह कर बुलाते हैं। इतना ही नहीं, वर्चस्ववादी क्‍लास दिन-रात सभ्‍यता और संस्‍कृति के महिमामंडन और इसका पहाड़ा दोहराते नहीं थकते। लेकिन जो असली चार्वाक, लोकायत व बुद्ध कालीन सभ्‍यता थी, वह उनकी सभ्‍यता की श्रेणी में नहीं है। उन्‍होंने कन्या, ज्ञान की देवी, धन की देवी, शक्ति की देवी जैसे अनेक मुखौटे बनाए हैं, जिनका किसी यथार्थ से कोई वास्‍ता नहीं है।

हम सेना के सम्‍मान के दावे करते हैं लेकिन हकीकत की तराजू पर ‘वही ढाक के तीन पात’। अपनी अज्ञानता छिपाने के लिए आज हम खुद को विश्‍वगुरु कहकर आत्ममुग्ध हैं। इस फ़ेहरिस्त का कोई अंत नहीं है। इसका उल्‍लेख इसलिए कि हमने भी इन्हीं खोखले लोगों की तर्ज पर अपने मार्गदाताओं को यथार्थ से दूर, ऐसे ही मुखौटों में तब्‍दील कर छोड़ा है। यदि इसे एक वाक्‍य में समझें तो कह सकते हैं-‘हम राजनेताओं की तर्ज पर एक शपथ ग्रहण करने जैसा कुछ अभिनय करते हैं और कदम-दर-कदम इस शपथ के प्रत्‍येक शब्‍द से घिनौना खिलवाड़ करते हैं। चारों तरफ फैले इस अभिनय से हमारा प्रमुख उद्देश्‍य डिफीट हो रहा है। आज की जरूरत आईना साफ करने से कहीं ज्‍यादा, अपना चेहरा साफ करने की है-यानी बेहतर जीवनशैली के लिए जरूरत व्‍यवहारिक व स्‍वाभाविक आंबेडकरवाद को अपनाने की है। यही सच्चा मानवतावाद व प्रकृतिवाद भी है।

आंबेडकरवाद यकीनन एक विचारधारा है, लेकिन यह भी कमोबेश दुनिया के ऐसे धर्मों में शरीक हो गया है जिनकी तुलना मार्क्स ने अफीम से की थी। हमने पुराने यानी नकली (पत्‍थर, धातु व कलेंडर) भगवान को असली यानी व्‍यवहारिक जीवित इंसान से रिप्‍लेस कर दिया है। परिणामस्‍वरूप, हमने बाबा साहब समेत अपने सभी मार्गदाताओं को मन्नत पूरी करने वाले भगवान बनाकर उनके वैज्ञानिक चिंतन-दर्शन को छोड़कर खुद को उनका ‘याचक’ बना लिया है, अंधभक्‍त बना लिया है। जाहिर है, यह सरल काम है क्‍योंकि एक कठपुतली के लिए किसी सूझबूझ की जरूरत नहीं है। अपनी ‘याचक’ की भूमिका में हमने स्‍वयं गुलामी का अदृष्‍य पट्टा गले में पहन लिया है। हम इसे ही अपने मार्गदाताओं का मार्ग मान बैठे है और आत्‍ममुग्‍धता के शिकार होकर रह गए हैं।

आत्‍ममुग्‍धता को समझने के लिए बाबा साहब के 25 नवम्बर 1949 को ‘जाति’ को लेकर दिए ब्यान पर नजर डालते हैं-‘जातियां राष्ट्रद्रोही हैं (castes are anti-national), क्योंकि वे सामाजिक जीवन में अलगाव लाती हैं। वे इसलिए भी राष्ट्रद्रोही हैं क्योंकि वे जाति और जाति के बीच जलन और घृणा पैदा करती हैं।’ इस पर चर्चा से पहले सैमुअल जॉनसन जिन्होंने एक बार अंग्रेजी शब्दकोश संकलित किया था, से परिचित होना प्रासंगिक लगता है। उन्‍होंने किसी संदर्भ में कहा था-‘देशभक्ति बदमाश की अंतिम शरणस्थली है।’ यदि हम इस कोटेशन में ‘देशभक्ति’ शब्‍द को ‘जाति’ से बदल दें तो यह ‘जाति बदमाश की अंतिम शरणस्थली है’ हो जाएगा। यह उन जातिवादियों पर तो लागू होता ही है जिनको लेकर ‘अमेरिका में यह कानून पारित हुआ है कि ब्राह्मण अमेरिका में इंसान बनकर रहेगा न कि श्रेष्‍ठ बनकर’ (भारत में ऐसा कोई कानून पारित नहीं हो सकता, शायद) बल्कि उन पर भी लागू होता है जिनकी जिंदगी जातिवाद ने तबाह कर रखी है। इसे चार्ल्स बुकोवस्की के नजरिए से भी समझा जा सकता है-‘दुनिया के सामने समस्या यह है कि बुद्धिमान संदेह से भरे हैं जबकि मूर्ख आत्मविश्वास से।’

यह बात उन आत्मविश्वास से भरे व्‍यक्तियों पर लागू होती है जो जातियों के दंश से पीडि़त होते हुए भी जातियों के महिमामंडन के इतिहास गढ़ते हैं, जातियों पर गर्व करने की बात करते हैं। हम उनकी बात कर रहे हैं जो जातियों के नाम पर संगठन बनाते और दिल्‍ली में तालकटोरा जैसे आलीशान स्टेडियम में बड़े-बड़े सम्मेलन करते हैं। प्रोफेसर जैसे बड़े पद पर बैठे व्‍यक्ति इसके प्रचार-प्रसार का हिस्‍सा बने हैं। हम ऐसे लोगों की बात कर रहे हैं जो नाम के साथ जाति लगाते हैं और यहां तक दावा करने से नहीं चूकते कि हम नाम के साथ जाति इसलिए लगाते हैं कि इससे आंख में आंख डालकर बात करने का साहस आता है।

ये वो लोग हैं जो शोषित-उत्‍पीडि़त जातियों में जातीय स्पर्धा की आग में घी डालने का काम करते हैं। यह प्रवृत्ति इस ओर भी इशारा करती है कि अन्‍य जातियों की तर्ज पर अपने-अपने जातीय समूह बनाओ, इनके चौधरी बनो और आमजन को झूठे सपने दिखाओ। ये लोग अपनी राजनीति को चमकाने के लिए उन लोगों के ताबूत में कील पर कील ठोके जा रहे हैं जो दिन-रात रोजी-रोटी की जद्दोजहद से हलकान हैं। इनके ऐसे कारनामों से साफ है ये लोग इंसान और इंसानियत कितनी दूर हो गए हैं। यह हर जन साधारण को समझने की बात हैं-यदि ऐसे कार्य करने से जाति की समस्‍या का समाधान हो जाता है तो बुद्ध, संतों, फुले, पेरियार, बाबा साहब आदि को आजीवन संघर्ष की जरूरत ही क्‍या थी। ऐसी बातें करने वाले आईना साफ करने वाले हैं अपने गिरेबान में झांकने वाले नहीं है। ऐसे लोगों ने आंबेडकरवाद को अपनी-अपनी ढपली, अपने-अपने राग का साधन बना छोड़ा है जहां देश का एक जिम्‍मेदार व जागरुक नागरिक लापता है। व्‍यक्ति पूजा भी इसी श्रेणी में आता है। अम्‍बेडकरवाद की क्रांतिकारी विरासत के लिए हमें स्‍वाभाविक अम्‍बेडकरवाद यानी आत्‍मोत्‍थान के क्रियाकलापों से रूबरू होना पड़ेगा, जो हमारी रोजमर्रा के व्‍यवहार का हिस्‍सा हैं।

चूंकि यहां हमें बाबा साहब को समझना है तो चर्चा के केन्‍द्र में प्रमुखता से वही रहेंगे। उनका मानना है -‘अगर आप सम्‍मान से जीवन जीने में भरोसा करते हो तो अपनी सहायता स्‍वयं करने में विश्‍वास करो; यह सर्वोत्तम सहायता है।’ इसको अधिक स्‍पष्‍ट करते हुए वे बताते हैं-‘यदि हमें अपनी इज्‍जत-प्रतिष्‍ठा की जिंदगी जीनी है तो हमें सरकार पर आश्रित नहीं रहना चाहिए। हमें अपने छोटेपन के हीनताबोध से मुक्‍त होना चाहिए। हमें अपनी आजीविका कृषि व अन्‍य मेहनतकश कार्यों से अर्जित करनी है। तुम्‍हें अपनी गुलामी का उन्‍मूलन स्‍वयं करना है। इस उन्‍मूलन के लिए किसी भगवान व सुपरमैन पर निर्भर मत रहो।’

बाबा साहब खुद को भी किसी सुपरमैन की श्रेणी से बाहर मानते थे। उन्‍होंने अपने जन्‍मदिन मनाने के कार्यक्रम में जाने से यह कहते हुए मना कर दिया था-‘मुझे भगवान मत बनाओ’। उन्‍होंने इस संदर्भ में चेतावनी देने वाले अंदाज में यह भी कहा था-‘नायक पूजा का विचार आपको तबाह कर देगा यदि आपने इसे पैदा होने से पहले ही बेरहमी से खत्‍म नहीं किया।’ उन्‍होंने कहा था-‘जो अवसर उपलब्‍ध हों उनमें यह सिद्ध करना कि वे बुद्धि व क्षमता में किसी से कमतर नहीं हैं।’ उन्‍होंने सशक्तिकरण के संबंध में कहा था-‘मेरा संदेश है संघर्ष, और अधिक संघर्ष, कुर्बानी और अधिक कुर्बानी। बिना कुर्बानियों व पीड़ाओं की गिनती किए यह संघर्ष है, सिर्फ संघर्ष, यही उनका सशक्तिकरण करेगा। इसके अतिरिक्‍त कुछ नहीं।’ इससे इनकार नहीं किया जा सकता है कि संघर्ष तो है लेकिन कितना और किसी दिशा में, यह असली विचारणीय मुद्दा है।

आत्मसम्मान, सशक्तिकरण व हीनताबोध से मुक्ति के नायक के रूप में दशरथ माझी का जज्बा बेहद अनुकरणीय है। दशरथ माझी का जीवन प्‍यार, साहस, संघर्ष व समाज की समस्‍याओं में प्रति जागरूकता का अनुपम उदाहरण है। वे किसी शाहजहां से अधिक सच्‍चे प्रेमी, सुकरात जैसे साहसी और हमारे मार्गदाताओं से कम जागरूक नागरिक नहीं थे। वे किसी भी दृष्टि से शारीरिक रूप से बलशाली, आर्थिक रूप से सशक्‍त, बौद्धिक रूप से विशेष ज्ञानी, किसी सरकार के कृपापात्र व सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित नजर नहीं आते। लेकिन उन्‍होंने वो कर दिखाया जो सैंकड़ों/हजारों लोग भी सामूहिक रूप से करने का साहस नहीं दिखाते। फिर ऐसा क्‍या था जो दशरथ माझी को नायकों की श्रेणी में खड़ा करता है; जाहिर है, यह दृड़ इच्‍छा-शक्ति का करिश्‍मा था।

दशरथ माझी के संबंध में हम यह भी दावा नहीं कर सकते कि उन्‍होंने संत साहित्‍य, बुद्ध दर्शन या बाबा साहब से प्रेरणा लेकर पहाड़ के बीचों-बीच सड़क का निर्माण किया था। इसका पूरा श्रेय सिर्फ और सिर्फ दशरथ माझी को जाता है। दीगर सवाल है-‘हम आज की सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक समस्‍याओं के समाधान के लिए दशरथ माझी जैसे प्रबल इच्‍छा-शक्ति के पोषक कारनामों को अंजाम क्‍यूं नहीं दे सकते? बाबा साहब इस कैनवास को व्‍यक्ति से बड़ा करके देश से जोड़कर देखते हुए कहते हैं-‘प्रत्‍येक व्‍यक्ति को अपने आपसे कठोर अनुशासन से व्‍यवहार करना चाहिए, तभी भारत महान बनेगा।’ निस्‍संदेह हम भी कुछ न कुछ और बेहतर कर सकते हैं क्‍योंकि हम सबके अंदर अपने मार्गदाताओं जैसा नायक मौजूद है। जरूरत उस नायक को आजाद करने की है, जिसे हमने व्‍यक्ति व विचार के प्रति अंधभाक्ति के मलबे तले दफन कर छोड़ा है।

आत्‍मोत्‍थान की इस कड़ी में नॉलेज के बारे में बाबा साहब द्वारा व्‍यक्‍त विचार बेचैनी पैदा करने वाले हैं। 12.12.1938 में बाबा साहब ने मुम्‍बई में अछूत छात्रों को संबोधित करते हुए कहा था-‘ज्ञानार्जन की आदत विकसित करो। मैं कहता हूं कि वह जो अपने बीवी बच्‍चों से अधिक, ज्ञानार्जन को प्‍यार करता है तो निस्‍संदेह उसने ज्ञानार्जन की आदत हासिल कर ली है।’ बाबा साहब का यह भी लोकप्रिय कथन है कि किसी भी समाज की प्रगति उस समाज की महिलाओं की प्रगति से आंकी जानी चाहिए। निस्‍संदेह यह महिलाओं के ही नहीं, इंसानियत के पक्ष में बेहद प्रशंसनीय व अनुकरणीय सीख है।

यह बात उस दौरान की है जब मई 1935 में उनकी पत्नी रमाबाई आंबेडकर इस संसार से विदा हो चुकी थी। इतना ही नहीं, यशवंत को छोड़कर उनके तीन बेटे गंगाधर, रमेश, राजरत्न और बेटी इंदु भी इस दुनिया में नहीं रहे थे। गौरतलब है, 1923 तक बाबा साहब लगभग सभी उपलब्‍ध डिग्रियां प्राप्‍त कर चुके थे। उन्होंने एल.एल.डी. 1952 और डी.लिट. 1953 में प्राप्‍त की, ये दोनों Honoris Causa मानद डिग्री हैं।

सवाल उठता है-क्‍या बाबा साहब की उपरोक्त डिग्रियां (ज्ञानार्जन) पाने के पीछे अपने बीवी-बच्‍चों से अधिक प्‍यार के प्रमाण का नमूना हैं? यह हकीकत डरावनी है क्‍योंकि गूगल से जानकारी के अनुसार-‘बाबा साहब के विदेश जाने के बाद घर का खर्च रमाबाई और उसके भाई-बहन की मजदूरी से चला। रमाबाई के भाई शंकरराव और छोटी-बहन मीराबाई-दोनों छोटी-मोटी मजदूरी कर तक़रीबन आठ-दस आने (50-60 पैसे) रोज कमा पाते थे। उसी में रमाबाई बाजार से किराना सामान खरीद कर लातीं और रसोई पकाकर सबका पेट पालती थीं। इस तरह मुसीबत के ये दिन उन्होंने बड़ी तंगी में बिताए। कभी-कभी उनके परिवार के सदस्य आधे पेट खाकर ही सोते, तो कभी भूखे पेट ही।’ (वसंत मून, 1991,पृ.25)

चलिए थोड़ा आगे बढ़ते हैं-‘इस लेखक (अम्बेडकर) के विदेश में रहते समय जिसने (रमाबाई) रात-दिन अपनी गृहस्थी का भार संभाला तथा आज भी वह संभाल रही है। यह लेखक (आंबेडकर) के परदेश से वापस आने पर अपनी (रमाबाई) विपन्नावस्था में अपने सिर पर गोबर के टोकरे ढोने के लिए जिसने आगे-पीछे नहीं देखा, ऐसी अत्यन्त ममतामयी, सुशील तथा पूज्य पत्नी के संपर्क में जिसे चौबीस घंटे में आधा घंटा भी साथ बिताने को नहीं मिला।” (प्रभाकर गजभिये, 2017 पृ.152)

खुद रमा बाई के शब्द पीड़ा पहुंचाते हैं। एक दिन उनके पारिवारिक मित्र उपशाम गुरु जी से रमा ताई ने अपना दुःखडा कह सुनाया-'गुरु जी, मैं कई महीनों से बीमार हूँ। डॉ साहब को मेरा हाल-चाल पूछने की फुर्सत नहीं है। वे हाई कोर्ट जाते समय केवल दरवाजे के पास खड़े हो कर मेरे स्वास्थ्य के संबंध में पूछते हैं और वहीं से चले जाते हैं।’ मरणोपरांत बाबा साहब ने अपनी किताब ‘थॉट्स ऑन पाकिस्तान’ (Thoughts on Pakistan) को रमाबाई को समर्पित करते हुए लिखा है-‘उन्हें मामूली व्यक्ति से बाबासाहेब अंबेडकर बनाने का श्रेय रमाबाई को ही जाता है, जो हर हालात में उनके साथ रहीं। उनकी ही वजह से आंबेडकर बाहर जाकर अपनी पढ़ाई पूरी कर पाए।’

उनकी मौत के बाद कई लेखकों ने रमाबाई को 'त्‍यागवंती रमाबाई' का नाम दिया, उनपर कई किताबें लिखी जा चुकी हैं और उनके जीवन पर नाटक और फिल्में भी बन चुकी हैं। इस विषय पर लिखने के लिए मैंने भी 2010 में बनी एक फिल्म देखी है। गूगल से काफी आलेख पढ़े और मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा-‘कहीं न कहीं परंपरावादी पितृसत्ता की तर्ज पर रमाबाई आंबेडकर की उपेक्षा हुई। यदि विदेश की बात अनदेखी कर दी जाए तो भी देश में रहते हुए भी बाबा साहब चौबीस घंटें में से अपनी पत्नी के लिए आधा घंटा भी नहीं निकाल पाते थे। उस पत्नी के लिए जो अपने चार-चार बच्चों की मौत से टूट चुकी थी। वह पत्नी जो अपनी भूख को अनदेखा कर गोबर बेचकर परिवार चलाती थी। बाबा साहब के शब्दों में-‘मामूली व्यक्ति से बाबासाहब अंबेडकर बनाने का श्रेय रमाबाई को ही जाता है।’ मौजूदा संदर्भ में कहना नहीं चाहता था मगर कहना जरूरी है कि मैंने सारा गूगल छान मारा लेकिन मुझे रमाबाई आंबेडकर की एक भी तस्‍वीर ऐसी नहीं मिली जिसमें वे बीमार न दिखती हों। एक भी तस्‍वीर नहीं मिली जिसमें उनका स्‍वास्‍थ्‍य सामान्‍य लगता हो। यह प्रश्‍न पूछने में मेरा मन विचलित हो उठा है-‘क्‍या सारे समाज का इलाज तलाशने वाले डॉ. आंबेडकर को बाबा साहब बनाने वाली अपनी पत्‍नी रमाबाई आंबेडकर का दर्द कभी दिखाई नहीं दिया? अगर नहीं तो इस स्थिति पर हम अफसोस ही जाहिर कर सकते हैं या रमाबाई के लिए दो आंसू ही बहा सकते हैं, और क्‍या?

ऐसे मुद्दों पर लिखना डराने वाला है, लेकिन सवाल तो बनता है-‘क्या किसी महिला का जरूरत ज्यादा अच्छा होना, त्याग की भावना होना, इतना बड़ा गुनाह है कि देवी, संस्कारी व त्‍यागवंती जैसे अलंकरणों के नीचे दब कर उसका दम ही निकल जाए? एक आग्रह उन महिलाओं से भी है, जिन्होंने अपने आत्‍मवृत्त लिखे हैं, पति और परिवार को कठघरे में खड़ा किया है और अपनी क्रांतिकारिता का परिचय दिया है, वे बताएं कि किसी का भी योगदान, पांच-दस प्रतिशत भी रमाबाई के योगदान के करीब पहुंचता है क्‍या? नारीवादी आंदोलन से जुड़ी महिलाएं भी इस पर विचार कर सकती हैं। यह स्‍पष्‍ट कर देना जरूरी है कि यहां महिलाओं की उल्‍लेखनीय उपलब्धियों व साहस पर सवाल नहीं है। दूसरे, इस मामले में जब खुद बाबा साहब की स्थिति संदिग्ध है तो अन्‍य किसी भी पुरुष का समर्थन करना बेईमानी होगी।

विषय की स्पष्टता के लिए मुझे जोतिबा फुले को बीच में लाना जरूरी महसूस हो रहा है। जोतिबा फुले का जन्‍मदिन भी प्रतिवर्ष ग्‍यारह अप्रैल को आता है। उनके योगदान को कमतर नहीं आंका जा सकता। उनके बारे में कुछ महत्‍वपूर्ण जानकारी पत्रिका के ‘विरासत’ कॉलम में दी जा रही है। जोतिबा फुले का नाम आते ही उनकी पुस्‍तक ‘गुलामगिरी’ और ये पंक्तियां जहन में बराबर हलचल पैदा करने लगती हैं-‘विद्या बिन मति गयी, मति बिन नीति गयी/नीति बिन गति गयी, गति बिन वित्त गया/वित्त बिन शूद्र बना, ये घोर अनर्थ अविद्या ने किए।’ ये वे पंक्तियां हैं जो आज भी प्रासंगिक हैं और हमेशा रहने वाली हैं। यद्यपि एक वर्ष की आयु में ही उनकी माता का निधन हो गया लेकिन जोतिबा ने मैट्रिक बाद सरकारी नौकरी करने की बजाय शिक्षा के प्रचार-प्रसार, सामाजिक कुरीतियों से लड़ने का संकल्‍प किया। घोषित कर दिया-‘मनुष्य के लिए समाज सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।’

               सत्‍यशोधक समाज की स्‍थापना उनका ऐसा कदम था जिसका सर्वोच्च उद्देश्य शोषित जातियों को शिक्षा दिलवाना था। शूद्रों और अति शूद्रों को ब्राह्मणों के चंगुल से निकालना था। वर्तमान समय में समाजशास्त्री गेल ऑम्वेट और रोजालिंड ओ हैनलॉन ने इस बारे में काफी विस्तार से लिखा है-‘जाति व्यवस्था को धार्मिक और आध्यात्मिक आधार देने वाले हिंदू धर्म से टकराए बगैर समाज में व्याप्त तरह-तरह की कुरीतियों का समाधान असंभव है, ज्योतिबा फुले ने हिंदू धर्म को सीधी चुनौती पेश की। हजारों वर्षों से मिथक एवं पुराकथाएं जनसाधारण के लिए शास्त्र का काम करती आई हैं। इसे देखते हुए फुले ने ‘गुलामगिरी’ पुस्तक के माध्यम से, लोक प्रचलित मिथकों की पड़ताल की। इसके फलस्वरूप एक ऐसी चेतना का विस्तार हुआ, जो आगे चलकर देश के विभिन्न भागों में जातिवाद विरोधी आंदोलनों की प्रेरणा बना।’

हम पहले बात कर चुके हैं कि किसी एक व्‍यक्ति की तुलना दूसरे से नहीं हो सकती; लेकिन विचार पर बात हो सकती है। बाबा साहब के आंदोलन में राजनीतिक प्रभाव कुछ ज्‍यादा था। संभवत: इसी लिए रमाबाई की उपेक्षा हुई। इसके विपरीत ज्योतिबा फुले का आन्‍दोलन सामाजिक अधिक था इसलिए उन्‍होंने सावित्री बाई फुले की क्षमताओं का जमकर प्रयोग किया और सावित्रीबाई फुले पहली शिक्षिका ही नहीं बनी बल्कि सामाजिक आंदोलन में एक से एक बढ़कर काम किया और आज भी वे लाखों करोड़ों महिलाओं व पुरुषों की प्रेरणा-स्त्रोत बनी हैं। जाति की सीमाओं को तोड़कर उन्होंने भारतीय समाज में फैली अनेक कुरीतियों को दूर करने के लिए सतत संघर्ष किया। अछूतोद्धार, नारी-शिक्षा, विधवा–विवाह और किसानों के हित के लिए ज्योतिबा ने उल्लेखनीय कार्य किया है। औलाद न होने की स्थिति में एक विधवा मां के बच्चे को गोद लिया, यह डाक्‍टर बना और इसने भी अपने माता पिता के समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया।

बेशक, इन्होंने समाज की बुनियाद में ऐसे उत्प्रेरक का काम किया जिसने व्‍यक्ति को चुनौतियों से सामना करने के लिए सक्षम बनाया। पेरियार ने भी सामाजिक जागृति के लिए स्‍वाभिमान आंदोलन (Self-Respect Movement) चलाया था और इनकी पत्‍नी नगम्मल ने भी साथ निभाया। उनके इस आंदोलन की अनुगूंज आज भी साउथ के समाज और उसकी राजनीति में देखने को मिलती है।जो राजनीतिक ढांचा पेरियार के सामाजिक आंदोलन की ठोस बुनियाद खड़ा है, वह अद्वितीय है। देश के अन्‍य प्रदेशों में होना चाहिए, मगर ऐसा नहीं है। रमाबाई की यथार्थपरक स्थिति से साक्षात्‍कार के लिए ही मैंने यह जोतिबा फुले और पेरियार को डा. अम्‍बेडकर के बरअक्‍स रखकर दिखाने प्रयास किया है कि यकीनन रमाबाई को वह प्‍यार, सम्‍मान व अधिकार नहीं मिल सका जिसकी वे हकदार थी।

बाबा साहब द्वारा समाजोत्थान के मामले में धम्‍म अंगीकार किया जाना बेहद प्रेरणादायक नजीर है। उनकी धर्म की अवधारणा है-‘मैं धर्म चाहता हूं परंतु धर्म के नाम पर पाखंड नहीं चाहता। उन्‍होंने कहा-‘जब मैं भारत के इतिहास का परीक्षण करता हूं, हम जिंदा रहे; हां, लेकिन हम जिंदा रहे उन व्‍यक्तियों के रूप में जो पराधीन, पूर्णत: पराजित और गुलाम रहे।’ वे मानते थे-‘बुद्धिस्ट साम्यवाद खून-रहित मानसिक क्रांति लाता है।’ इसलिए उन्‍होंने सलाह दी, मगर बाध्य नहीं किया कि वे अपनी क्षमता, नैतिक उत्थान, निस्‍वार्थता व सामाजिकता के लिए धर्मांतरण करें। अपने धर्मांतरण से पहले उन्होंने भिक्‍कूचन्‍द्रमणी से कहा-‘मैं बुद्ध की शरण में जाऊंगा। मैं धम्‍म की शरण में जाऊंगा, लेकिन मैं संघ की शरण में नहीं जाऊंगा। उन्‍होंने पुन: दोहराया-संघ करप्‍ट है। मुझे पूरा यकीन है कि मैं संघ की शरण में नहीं जाऊंगा।’ आखिर इसके अनुरूप ही व्‍यवस्‍था हुई और धर्मांतरण हुआ।

आज कल राजनीति का प्रश्‍न बड़ा चुनौतीपूर्ण बना है। वोट के लिए किस राजनीतिक दल को चुनें और किस आधार पर चुनें। इस संबंध में बाबा साहब के सन 1942 में व्‍यक्‍त विचार हमारी मदद कर सकते हैं। वे लोकतंत्र और तानाशाही के बीच की जंग को द्वितीय विश्‍व युद्ध की संज्ञा देते हुए कहते हैं-‘हमारे ऊपर एक जबरदस्‍त जिम्‍मेदारी आ पड़ी है कि मानवीय संबंधों को नियंत्रित करने वाला तत्‍व ‘लोकतंत्र’ धरती से समाप्‍त न हो जाए...हमें दूसरे लोकतांत्रिक देशों के साथ चलकर एक लोकतांत्रिक सभ्‍यता का आधार तैयार करना है...यदि लोकतंत्र रहा तो हमें यकीन है कि हम इसका फल जरूर चखेंगे। यदि लोकतंत्र समाप्‍त होता है तो यह हमारी तबाही/विनाश होगा। इस पर किसी को संदेह नहीं हो सकता। ...प्रत्‍येक नागरिक को धार्मिक, राजनीतिक अधिकार होने चाहिए ताकि प्रत्येक व्यक्ति को विकास के समान अवसर प्राप्‍त हों। अवधारणाकृत करें कि ‘राजनीतिक शक्ति सम्पूर्ण सामाजिक प्रगति की चाबी है।’ निस्‍संदेह, उपर्युक्त कथन वोट के मामले में निर्णय लेने में बेहद कारगर सिद्ध हो सकता है।

अंत में बाबा साहब के 1948 में शारदा कबीर को लिखे पत्र के अनूठे वैज्ञानिक टेम्‍परामेंट से पुन: रूबरू होते हैं-‘टॉलस्‍टॉय मेरा नायक नहीं है। वास्‍तव में कोई भी लेखक मेरा नायक नहीं है। मैं किसी भी लेखक से जो ग्रहण करने लायक होता है, आगे विचार करने लायक होता है, उसे ग्रहण कर लेता हूं और अपने आपसे आत्मसात करके अपने व्‍यक्तित्‍व का निर्माण करता हूं, इसके बारे में यदि आप मुझे अपनी बात कहने की आज्ञा दें तो कोई कितना भी बड़ा क्‍यूं न हो, यह किसी की नकल करना नहीं है। यह मेरी अपनी निजी मौलिकता है।’

               यह स्‍थापना व्‍यक्ति की निजता के संरक्षण और उसके सशक्तिकरण का अनुपम साधन है, आंबेडकरवाद की स्पिरिट है, धुरी है। मुझमें बेबाक अभिव्यक्ति का साहस इसी स्‍थापना से आता है। इसी की बदौलत हमें स्‍वतंत्र चिंतन, अतीत व वर्तमान को परखने की क्षमता प्रदान हासिल होती है। बाबा साहब ने अपना जो भी अध्‍ययन चिंतन-मनन किया है, वह किसी के अनुसरण करने या किसी का पिट्ठू बनने के लिए नहीं, बल्कि समसामयिक परिस्थितियों से उपजी चुनौतियों का सामना करने व परिस्थितियों के अनुरूप ही अपना श्रेष्ठतम देने के लिए किया है। बाबा साहब का हमारे पास जो कुछ भी मौजूद है, वह ऐसी पाठ्य पुस्‍तकें (Textbooks) हैं जो हमारी बुनियाद को पुख्‍ता करने के लिए है, मगर अंतिम सत्‍य नहीं हैं। अनेक परिस्थितियों में उनका बहुत कुछ अंतिम सत्‍य भी हो भी सकता है। हमें इसे बुनियाद की तरह इस्‍तेमाल करना है। अपने समसामयिक तक-विवेक व मूल्‍यांकन करने की प्रतिभा के दम पर अपना भवन निर्माण करना है। यह आंबेडकरवाद, प्रकृतिवाद व मानवतावाद का असली दुर्ग होगा।

               अंत में सभी पाठकों और समय संज्ञान परिवार की ओर से बाबा साहब व जोतिबा फुले को विनम्र आदरांजली। हम संकल्पित हैं कि हम अपने मार्गदाताओं के अनुसरण के साथ-साथ वैज्ञानिक टेम्‍परामेंट और समसामयिक जरूरतों के अनुरूप अपने चेहरे की सफाई बराबर करते रहेंगे। पाठकों के लेखकीय व आर्थिक सहयोग की अपेक्षा के साथ पाठक प्रतिक्रिया के अभिलाषी रहेंगे जो हमारे भावी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक हैं।

(समय संज्ञान, अप्रैल-जून 2023)

---000---