फ्लैश बैक : बियोंड पैराडाइम
(आत्म वृत्त)
तेजपाल सिंह ‘तेज’
कॉपीराइट :- तेजपाल सिंह ‘तेज’
यह पुस्तक इस शर्त पर विक्रय की जा रही है कि लेखक की पूर्वानुमति के बिना इसे व्यावसायिक अथवा अन्य किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जा सकता। इसे पुनः प्रकाशित कर बेचा या किराए पर नहीं दिया जा सकता तथा जिल्दबंद या खुले किसी अन्य रूप में पाठकों के मध्य इसका वितरण नहीं किया जा सकता। ये सभी शर्तें पुस्तक के खरीदार पर भी लागू होती हैं। इस सम्बन्ध में सभी प्रकाशनाधिकार सुरक्षित हैं। इस पुस्तक का आंशिक रूप से पुनः प्रकाशन या पुनः प्रकाशनार्थ अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखने, इसे पुनः प्रस्तुत करने के लिए अपनाने, अनुदित रूप तैयार करने अथवा इलेक्ट्रॉनिक, मैकेनिकल, फोटोकॉपी तथा रिकॉर्डिंग आदि किसी भी पद्धति से इसका उपयोग करने हेतु पुस्तक के लेखक की पूर्वानुमति लेना अनिवार्य है।
वेबसाइट :- www.bookrivers.com
प्रकाशक ईमेल :- publish@bookrivers.com
मोबाइल :- +91-9695375469
प्रकाशन वर्ष :- 2021
मूल्य :- /- रूपये
ISBN :-
समर्पण
·पूर्व प्राचार्य श्री रामाश्रय शर्मा (दिवंगत), स्वतंत्र भारत इंटर कालिज, भवन बहादुर नगर (बुलंदशहर) ;
·मेरे प्रथम गुरू मास्टर हरपाल सिंह नाई (दिवंगत ); और
·दिवंगत श्री रामभज सिंह; को ससम्मान समर्पित
प्रस्तावना
कहा जाता है कि आत्मकथा और संस्मरण लगभग एक ही पेड़ की दो शाखाएं हैं। आत्मकथा और संस्मरण की समानता को समझने के लिये केवल इतना जरूरी है कि आत्मकथा केवल अपनी कथा है तथा आत्मकथा से परे और लोगों अथवा दो लोगों की बीती बातों का उल्लेख स्मरण होता है। यद्यपि आत्मकथा और संस्मरण अर्थात दोनों में ही विगत घटनाओं को उल्लेख किया जाता है। तथापि दोनों में अन्तर स्वभाविक है। संस्मरण में लेखक का ध्येय चयनित घटनाओं का लेखा-जोखा करने का रहता है, उसमें स्मृतियों का चित्रण होता है, आवश्यक नहीं कि स्मृतियां क्रमबद्ध हो। किन्तु आत्मकथा में जीवन की समग्र घटनाओं का व्यवस्थित एवं शृंखलाबद्ध होने का जैसे विवेचन होता है। आत्मकथा में चित्रित घटनाओं में विश्वसनीयता होती है। किन्तु आत्मकथा में संस्मरण की भाँति स्वतन्त्रता नहीं रहती; संस्मरण में घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर अपने ढ़ंग से निजी संवेदनाओं को चित्रित किया जा सकता है लेकिन आत्मकथा में यथार्थ के प्रति विशेष ध्यान रखना पड़ता है। मैंनें यहां इस पुस्तक “बियोंड पैराडाइम” में इस बात का पूर-पूरा निर्वाह करने का प्रयास किया है।
हिन्दी के समीक्षकों ने आत्मकथा को परिभाषित करने का यत्न किया है। कुछ महत्त्वपूर्ण परिभाषाएँ निम्नलिखित हैं… डॉ० नगेंद्र–आत्मकथाकार अपने सम्बन्ध में किसी मिथक की रचना नहीं करता, कोई स्वप्न-सृष्टि नहीं करता वरन अपने गत जीवन के खट्टे-मीठे, प्रसन्न-अप्रसन्न, उजाले-अँधेरे, साधारण से असाधारण संचरण पर मुड़कर एक दृष्टि डालता है, अतीत को पुन: कुछ क्षणों के लिए स्मृति में जी लेता है और अपने वर्तमान तथा अतीत के मध्य सम्बन्ध सूत्रों का अन्वेषण करता चलता है।
साहित्यकार आत्मकथा लेखक के जीवन की दुर्बलताओं, सबलताओं आदि का वह संतुलित और व्यवस्थित चित्रण मानते हैं, जो उसके लेख के सम्पूर्ण व्यक्तित्व के निष्पक्ष उदघाटन में समर्थ होता है। डॉ० विश्व बंधु शास्त्री – का कहना है कि आत्मकथा मात्र आत्मनिरीक्षण, आत्मपरीक्षण व आत्म-विश्लेषण की सर्वश्रेष्ठ प्रकिया है। अतएव इसका वियोजन आत्मप्रेषण के लिए ही नहीं, आत्म-विकास के लिए भी होता हैं।
किंतु आत्मवृत्त गद्य में रचित ऐसी विधा है, जब लेखक किसी अन्य का जीवन-चरित्र का नहीं अपितु स्वयं अपने जीवन के अनुभूत सत्यों का, जगत से प्राप्त तथ्यों का तटस्थ मूल्यांकन करता हुआ जीवन का सम्पूर्ण विवेचन कर देता हैं। लेखक इसमे स्वयं नायक होता है, इसलिए अपने गुणों-अवगुणों, अच्छाई-बुराई एवं कटु सत्यों का विवेचन कर देता है। कथाकार को तटस्थ, निष्पक्ष एवं ईमानदार होना अपेक्षित है। आत्मकथा लेखक अपने मौलिक विचारों को प्रकट करता हुआ भविष्य दृष्टा के रूप में विचारों की प्रस्तुति करे तो उसका भावी पीढ़ी के लिए महत्व बढ़ जाता है। जीवन में मंथन करने वाला आत्मकथा लेखक ऐतिहासिक घटनाओं एवं सम-सामयिक आन्दोलनों का चित्रण भी करता चलता है, जिससे आत्मकथा में रोचकता, सरसता एवं स्वाभाविकता आ जाती है। आत्मवृत्त लेखक के जीवन की दुर्बलताओं, सबलताओं आदि का वह संतुलित और व्यवस्थित चित्रण है, जो उसके सम्पूर्ण व्यक्तित्व के निष्पक्ष उदघाटन में समर्थ होता है।
किंतु बंधु शास्त्री के अनुसार – “आत्मकथा मात्र आत्म-प्रकाशन की विधा नहीं, अपितु आत्मनिरीक्षण, आत्मपरीक्षण व आत्म-विश्लेषण की सर्वश्रेष्ठ प्रकिया भी है। अतएव इसका वियोजन आत्मप्रेषण के लिए ही नहीं, आत्म-विकास के लिए भी होता हैं। इस तरह आत्मकथा गद्य में रचित ऐसी विधा है, जब लेखक किसी अन्य का जीवन-चरित नहीं अपितु स्वयं अपने जीवन के अनुभूत सत्यों का, जगत से प्राप्त तथ्यों का तटस्थ मूल्यांकन करता हुआ जीवन का सम्पूर्ण विवेचन कर देता हैं। लेखक इसमे स्वयं नायक होता है, इसलिए अपने गुणों-अवगुणों, अच्छाई-बुराई एवं कटु सत्यों का विवेचन कर देता है। आत्मकथाकार को तटस्थ, निष्पक्ष एवं ईमानदार होना अपेक्षित है। आत्मकथा लेखक अपने मौलिक विचारों को प्रकट करता हुआ भविष्य दृष्टा के रूप में विचारों की प्रस्तुति करे तो उसका भावी पीढ़ी के लिए महत्व बढ़ जाता है। जीवन में मंथन करने वाला आत्मकथा लेखक ऐतिहासिक घटनाओं एवं सम-सामयिक आन्दोलनों का चित्रण भी करता चलता है, जिससे आत्मकथा में रोचकता, सरसता एवं स्वाभाविकता आ जाती है।“ इस प्रकार आत्मकथा को आत्मवृत्त क्यों नहीं कहा जा सकता?
किंतु मेरे दिमाग के अनुसार सोचने के आयाम भी सबके अपने-अपने होते हैं। सबने अपने-अपने तरीके से आत्मकथा और संस्मरण की परिभाषा गढ़ी है। जरूरी नहीं की आत्मकथा और संस्मरण कोई एक ही व्याकरण हो, मेरी समझ में तो यह भी आता है। फिर भी यथोक्त के आलोक में देखा जाए तो लगभग सभी मत एक ही है कि आत्मकथाकार अपने सम्बन्ध में किसी मिथक की रचना नहीं करता, कोई स्वप्न-सृष्टि नहीं करता वरन अपने गत जीवन के खट्टे-मीठे, प्रसन्न-विषय, उजाले-अँधेरे, साधारण से असाधारण संचरण पर मुड़कर एक दृष्टि डालता है, अतीत को पुन: कुछ क्षणों के लिए स्मृति में जी लेता है और अपने वर्तमान तथा अतीत के मध्य सम्बन्ध सूत्रों का अन्वेषण करता चलता है।
अत: सबसे पहले मेरा उत्तरदायित्व है कि में खुलासा करदूँ कि मेरी यह कहानी केवल आत्मकथा नहीं है। मेरी एक ऐसी कहानी है जिसमें मेरे जीवन के आस-पास के परिवेश के घटनाक्रम भी किसी न किसी रूप मे शामिल हैं अत: मैं अपनी इस कहानी को “आत्मकथा” के बदले “आत्म्वृत्त” कहना ज्यादा पसंद करूँगा और पाठकों से भी निवेदन करूँगा वे भी इसे इसी भाव के साथ पढ़े। वैसे पाठक को ऐसा मौका कम ही मिलेगा कि उन्हें मेरी यह कहानी, मेरी कहानी न लगे। यह भी कि मेरी यह कहानी किसी एक वक्त की कहानी नहीं है.....बिखरी हुई कहानी है।
जीवन में न जाने कितने पड़ाव आते हैं... बाल्य-काल, बचपन, यौवनावस्था और आखिरिश बुढ़ापा...सबको इन हालातों से गुजरना होता है, किंतु हैरत कि कोई भी जीवन की सच्चाई को स्वीकार नहीं करता, उल्टे उसे कदम-कदम पर चेतावनी देने या फिर नकारने पर उतारू होता है...जो एक मिथ्या विचारधारा का अंग है....समूचे जीवन का तर्क-शास्त्र तो इसे नहीं कहा जा सकता।
आज जब मैं अपनी कहानी लिखने का प्रयास कर रहा हूँ विगत समाज की अच्छी बुरी यादों से गुजर रहा हूं। एक बात और कि इतने लम्बे सफर को क्रमबद्ध करना जैसे बहुत ही टेड़ी खीर है।
अत: कहीं-कहीं अनेक प्रसंगों की पुरावृत्ति का आभास हो सकता है। जिससे बचना जैसे मेरे बश में नहीं था क्योंकि वह प्रसंग की जरूरी मांग थी। कृपया इसे अन्यथा न लें।
***
काल-चक्र:
(फ्लैश बैक: 2021 से 1950 के दशक अर्थात बचपन की तरफ़)
·मैं अपने जीवन के 72 वर्ष पार कर गया हूँ। मेरी पीढ़ी के बहुत से और लोग जो ग्रामीँण पृष्ठ्भूमि के होंगे और जिनके जीवन में अधोलिखित बातें सबके लिए एक खास मुकाम रखती हैं। मेरा मानना है कि दुनिया में जितना बदलाव हमारी पीढ़ी ने देखा है, हमारे बाद की किसी पीढ़ी को "शायद ही " इतने बदलाव देख पाना संभव हो या फिर इससे ज्यादा बदलाव देखने को तैयार रहना चाहिए।
·हम वो आखिरी पीढ़ी हैं जिसने बैलगाड़ी से लेकर सुपर सोनिक जेट देखे हैं। बैरंग ख़त से लेकर लाइव चैटिंग तक देखी है और "वर्चुअल मीटिंग जैसी" असंभव लगने वाली बहुत सी बातों को सम्भव होते हुए देखा है। और यह सब संभव हुआ कम्प्युटर के प्रचार-प्रसार से।
·हम वो पीढ़ी हैं जिन्होंने कई-कई बार मिटटी के घरों और झोंपड़ियों के घरों में बैठ कर परियों और राजाओं की कहानियां सुनीं हैं। ज़मीन पर पेड के पत्तों पर बैठकर खाना खाया है। बेला या कटोरी में डाल डाल कर चाय पी है।
·हम वो लोग हैं, जिन्होंने बचपन में मोहल्ले के मैदानों में अपने दोस्तों के साथ पम्परागत खेल, गिल्ली-डंडा, छुपा-छिपी, खो-खो, कबड्डी, कंचे जैसे खेल खेले हैं ।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं , जिन्होंने चांदनी रात में डीबरी, लालटेन या और दिन के उजाले में चादर के अंदर छिपा कर नावेल पढ़े हैं। होम वर्क किया है। बल्ब की पीली रोशनी तो किसी किस्से को ही नसीब होती थी।
·आखरी पीढ़ी के वो लोग है, जिन्होंने अपनों के लिए अपने जज़्बात खतों में आदान प्रदान किये हैं और उन ख़तो के पहुंचने और जवाब के वापस आने में महीनों तक इंतजार किया है।
·हम उसी आखरी पीढ़ी के लोग हैं, जिन्होंने कूलर, एसी या हीटर के बिना ही बचपन गुज़ारा है। और बिजली के बिना भी गुज़ारा किया है।
·हम आखरी लोग हैं, जो अक्सर अपने छोटे बालों में सरसों का ज्यादा तेल लगा कर स्कूल और शादियों में जाया करते थे। कपड़ों पर घर के तले वाले बर्तनों से स्त्री किया करते थे।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जिन्होंने स्याही वाली दवात या पेन से कॉपी किताबें, कपडे और हाथ काले-नीले किये हैं। तख़्ती पर सरकंडे की क़लम से लिखा है और तख़्ती को चमकाने और धोने का का खुद ही किया है।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं जिन्होंने टीचर्स से मार खाई है और घर में शिकायत करने पर फिर मार खाई है।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जो मोहल्ले के बुज़ुर्गों को दूर से देख कर नुक्कड़ से भाग कर इधर-उधर छिप जाया करते थे। और समाज के बड़े बूढों की इज़्ज़त डरने की हद तक करते थे।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जिन्होंने अपने स्कूल के सफ़ेद केनवास शूज़ पर खड़िया का पेस्ट लगा कर चमकाया है! खड़िया न होने पर मुल्तानी मिट्टी से जूतों को पोत दिया करते थे
· आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जिन्होंने गुड़ तो खूब खाया किन गुड़ की चाय कभी कभी ही पी है। काफी समय तक सुबह काला या लाल दंत मंजन या सफेद टूथ पाउडर इस्तेमाल किया है और कभी कभी तो नमक से या लकड़ी के कोयले से दांत साफ करते हैं। ज्यादातर तो नीम के तने से तूथ ब्रश का कम लेते थे। वह भी जंगल में शौच करने के लिए जाते समय हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जिनमे से किन्ही को चांदनी रातों में, रेडियो पर BBC की ख़बरें, विविध भारती, आल इंडिया रेडियो, बिनाका गीत माला और हवा महल जैसे प्रोग्राम पूरी शिद्दत से सुने हैं जो शहरों के पास हुआ करते थे।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जो पानी का छिड़काव किया करते थे। कारण कि घर आदमी ज्यादा होते थे और चार्पाईयां कम तो घर के कुछ सदस्यों को गरमियों में छत पर सोना पड़ता था। छ्तों पर में सफेद, काली, अर्थात जिस भी कलर चादर मिल जाती बिछा ली जाती थी और सो जाते थे।
·किसी किसी पर एक स्टैंड का बिजली वाला पंखा (टेबिल फेन) होता था....उसे चलाते समय उस्के रगुलेटर को फ्री कर कर दिया जाता तो वह एक स्टैंड वाला पंखा सब को हवा के लिए हुआ करता था।
·सुबह सूरज निकलने के बाद भी ढीठ बने सोते रहते थे।
·हम आखरी पीढ़ी के वो लोग हैं, जिन्होने वो खूबसूरत रिश्ते और उनकी मिठास बांटने वाले लोग देखे हैं,जो लगातार कम होते चले गए।
·1980 का दशक आते आते काफी कुछ बदल गया था। लगने लगा था कि अब पुराना समय कुछ नया सा होने लगा है। वो पुराना दौर बीत गया। ग्रामीन अंचल पर तो अब भी छ्तों पर चादरें बिछा करतीं। किंतु जो लोग रोजी-रोटी की तलाश में शहर की ओर पलायन कर गए उनके लिए काफी कुछ बदलने के अवसर दिखने लगे। किंतु अबके तो लोग जितना पढ़ लिख रहे हैं, उतना ही खुदगर्ज़ी, बेमुरव्वती, अनिश्चितता, अकेलेपन, व निराशा में खोते जा रहे हैं। हम आज के भारत की एकमात्र वह पीढी हैं जिसने अपने "माँ-बाप" की बात भी मानी और अब "बच्चों" की भी मान रहे हैं।
·आज के इस करोना काल में परिवारिक रिश्तेदारों (बहुत से पति-पत्नी, बाप-बेटा, भाई-बहन आदि) को एक-दूसरे को छूने से डरते हुए भी देखा है। पारिवारिक रिश्तेदारों की तो बात ही क्या करे खुद आदमी को अपने ही हाथ से अपनी ही नाक और मुंह को छूने से डरते हुए भी देखा है।
·“अर्थी" को बिना चार कंधों के शान घाट पर जाते हुए भी देखा है। "पार्थिव शरीर" को दूर से ही "अग्नि दाग" लगाते हुए भी देखा है।
***
[1]
आरम्भिका: आत्मकथा और संस्मरण
मेरी कोशिश रही है कि मैं अपनी कहानी को परत-दर-परत खोलता हुआ अपने जीवन के हल्के-फुल्के, ज्ञात-अज्ञात, अनछुए पहलुओं को शब्दबद्ध करूँ। जीवन की सच्चाई व यथार्थ स्थिति का बोध कराऊँ। कहीं-कहीं इसमें कल्पना का आभास हो सकता है। वैसे अपनी कहानी में कल्पना की गुंजाइश कम ही रहती हैं किंतु मैंने अपनी कहानी में अपने जीवन के आदर्श एवं मूल्यों को ही ईमानदारी के साथ व्यक्त करने का ही प्रयास किया है। मेरा मूल उद्देश्य पाठक को अपने साथ बहा ले जाना और वह अपनी आँखों से पाठक को अपने जीवन-जगत के दृश्यों का अवलोकन कराना मुख्य जिज्ञासा है।
किंतु मेरे द्वारा अपने ही जीवन के यथार्थ जीवन के अब तक के गुजरे पलों में कही-अनकही घटनाओं को अपने ही हाथों लिखना, एक अजीब सा एहसास दिला रहा है। इसका विशेष कारण यह है कि मेरे द्वारा व्यक्त घटनाओं के सत्यापन का पाठक के सामने कोई प्रमाणिक माध्यम नहीं है इसलिए मैंने खासकर अपने जीवन परिवेश को ही अपनी कहानी का आधार बनाया है।
आज मेरे लिए ये एक सुखद पल है कि आज मैं अपने जीवन-विषय को ही शब्दों में पिरोने का माध्यम बन रहा हूँ। मेरे जीवन के साथ मेरा परिसंवाद केवल संवाद-भर नहीं है.....इसमें अनेक सवाल भी होंगे, उत्तर भी। कोशिश ये भी रहेगी कि इस परिसंवाद को विवादों दे दूर रख सकूँ और इसके लिखने का मकसद भी पूरा हो जाए।
उल्लेखनीय है कि यह कहानी मेरे कुछ पलों की न होकर आज से 70-75 वर्ष पूर्व की सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, राजनीतिक आदि परिस्थियां और आज के दौर की भयावहता के आभास भी इस कहाँनी में कुछ अंशों के जरिए जरूर न कुछ ही कुछ हद तक अनजाने में मेरी इस कहानी का हिस्सा बन होंगे। यद्यपि मेरा मानना है कि उन अंशों का मेरी मूल कहानी पर कुछ असर नहीं पड़ेगा क्योंकि वो अंश मेरी कहानी का हिस्सा जैसे ही हैं।
मैं यह भी समझता हूँ कि मेरी यह कहानी कुछ ऐसे समय में लिखी जा रही है कि जब कि आज समग्र दृष्टि से भारतीय समाज में ही नहीं, अपितु विश्व पटल पर भी आए दिन मानवता पर नाना विधि से आतंकवादी हमले जारी हैं। कहीं ऐसे हमलों का कारण आर्थिक है तो कहीं धार्मिक। आर्थिक और धार्मिक आतंक में जो खास अंतर है, वह है – शोषण और दमन का। सो ऐसे परिवेश का प्रभाव पड़ने की पूरी आशंका है।
1.1 प्रथम चरण: जीवनी
आत्मकथा एवं आपबीती में लगभग थोड़ा ही अंतर होता है। आत्मकथा में जीवन की महत्त्वपूर्ण घटनाओं, अनुभूतियों का तटस्थ विश्लेषण किया जाता है, जबकि आपबीती जीवन की किसी दुखद अथवा घटना को चित्रित करती है। कभी – कभी लेखक किसी सुखद प्रसंग को भी आपबीती में व्यंजित कर देता है। इनका उद्देश्य सम्पूर्ण जीवन की झलकियों को प्रस्तुत करना है, इस दृष्टि से कुछ समानता है। किन्तु जीवनी किसी व्यक्ति-विशेष को लेकर किसी अन्य लेखक के द्वारा लिखी जाती है, जबकि आत्मकथा में स्वयं की कहानी खुद लेखक कहता है। अत: प्रथमत: मैं अपने बाल्यकाल्य/बचपन के बारे में सुनी गई बातों को ही अपनी कहानी के रूप में प्रस्तुत करने का ही उपक्र्म कर रहा हूँ।
यहाँ आप मेरे कहानी के बारे में फ़्लैश-बैक के जरिए काफी कुछ जान पाएंगे कि मेरे जीवन की सत्य कहानी क्या है? मेरे वो मित्र जो मेरे आज को तो जानते हैं किंतु विगत को नहीं, उनका हमेशा एक सवाल ही बना रहा कि अब आप कुछ समय निकालकर केवल अपनी जीवनी लिखने पर ध्यान दीजिए...। मैं उनसे कहता कि अब तक जो कुछ भी आपने मेरी ग़ज़लों, कविताओं, गीतों या फिर गद्य में मुझे पढ़ा है, वो मेरी जीवनी ही तो है....... मेरी ग़ज़लों, कविताओं, गीतों या फिर गद्य में जो कुछ भी आप पढ़ते हैं... मैं ही तो उनके बीच में निहां हूँ।...वो सब मेरा भी ही सुख-दुख दर्द है...मैं भी तो आम आदमी का ही एक हिस्सा हूँ... कुछ न कुछ कहकर मैं अपने शुभचिंतकों का कहना काफी समय तक टालता रहा किंतु उनके बार-बार के इस सवाल ने मुझे अपने कहानी के बारे में कुछ लिखने को तब मजबूर ही कर दिया।
जब नवंबर 2012 के प्रथम सप्ताह में भाई मुकेश मानस का फोन आया कि मैं अपने बचपन के विषय में कुछ लिखूँ। शायद उनको मेरी रुग्णावस्था के बारे में मालूम नहीं था। गौरतलब है कि अगस्त 2009 की इक्कतीसवीं तारीख को भारतीय स्टेट बैंक से उप-प्रबंधक पद से सेवा निवृत्त हुआ था। सेवा-निवृत्ति के बाद मेरे दो-तीन वर्ष ठीक-ठाक गुजर गए किंतु वर्ष 2012 के जुलाई माह की सोलह तारीख को इस कदर बीमार हुआ कि पहले दीपक मैमोरियल अस्पताल में भर्ती किया गया और जब मेरी हालत दीपक मैमोरियल अस्पताल के काबू से बाहर होती चली गई तो दिल्ली के सर संगाराम अस्पताल जा पहुँचा और फिर 03 अगस्त 2012 को माह में घर वापसी हुई। बेशक मर्णासन्न अवस्था में घर के आने पर सबको लग रहा था कि अब मैं कुछ ही दिन का मेहमान हूँ तो मेरे छोटे बेटे ने पूछ ही लिया ...पापा! ...किसी का कुछ लेना-देना तो नहीं है?...मुझे भी इसका भान होने लगा था कि अब मेरा अंत समय आ गया है किंतु अच्ची बात यह थी कि यदि मैं इस अवस्था में मर भी जाता तो मुझे न तो किसी का कुछ देना था और किसी से कुछ लेना था। दरअसल मैंने अपने जीवन की जरूरतों को हमेशा अपनी जेब की नाप के हिसाब से ही किया था। इस सबका लाभ ये हुआ कि मुझे घर वालों को कोई भी हिसाब-किताब देने की नौबत नहीं आई। हाँ! बस घर-मकानों के कागजात व बैंक खातों के विवरण मैंने उनको जरूर बता दिए थे। किंतु घर आने के लगभग एक सप्ताह के बाद मेरे शेष बचे 44 किलो वजन में धीरे-धीरे इजाफा होने लगा और मैं अपनी मरणासन्न हालत से उबरता तो चला गया किंतु मेरी सोच-समझ जैसे गायब थी.... खाट पर पड़े रहना ही मेरी नियती हो गया थी...ऐसी हालत में भी जाने किस सोच के चलते मैंने मुकेश मानस से अपने बचपन की बारे में लिखने के लिए ‘हाँ’ तो कर दी... यह खुशी भी हुई कि मुकेश भाई के कहने को मानने से लगा कि शायद ऐसा करने से मेरे मित्रों की कुछ अभिलाषा भी पूरी हो जाए......और मेरे अकेलेपन का शब्दों के साथ मेलमिलाप हो जाय।
यद्यपि इस लेख में केवल बाल्य-काल/बचपन की कहानी ही थी। बच्पन की पूरी कहानी तो नहीं जानता । हाँ! केवल मेरे बचपन की कुछ विवरण तो मैं जानता था। किंतु मुकेश भाई के फोन बंद करने के बाद में एक विवशता ऐसी आई जिससे मेरा दिलो-दिमाग ऐसे घूम गया कि जैसे किसी चक्रवात में फंस गया हूँ। मैं सोचने लगा कि आखिर मैं अपने बचपन के विषय में क्या लिखूँ........ किससे पूछ कर अपने बाल्य-काल्य/बचपन के बारे में लिखूँ... अब घर में मुझसे बड़ा कोई भी तो शेष नहीं रह गया है, जिससे कुछ पूछताछ करके ही अपने बचपन के बारे में कुछ विस्तार से लिख पाऊँ। खैर! अब मुझे जो कुछ याद था या फिर मेरे शुरुआती बचपन के विषय में जो कुछ मेरी भाभी या किसी और के जरिए मैं सुना था, उसी के बल पर अपने बचपन को कागज पर उतारने का प्रयास करना मेरी मजबूरी बन गया है। सबसे बड़ी बाधा जो मुझे खाए जा रही थी, वह है कि अपने बिखरे हुए बचपन को समेटकर कागज पर कैसे किस प्रकार पिरोया जाए। खैर! मैंने जैसे-तैसे मुकेश भाई का आदेश पूरा तो किया किंतु यहीं से मेरी कलम और मन को एक ऐसा बल मिला कि मेरे लिखने में निरंतरता आ गई और मन ही मन जीवनी कहने का मन कुलबुलाने लगा। बस उसी समय से मैंने अपने बचपन के विषय में लिखने का सोचना शुरु कर दिया।
चलो! अब करते हैं कहानी की शुरुआत ...........
1.1.1 मेरा जन्म
विदित हो कि मैं घर में सबसे छोटा था। बताया जाता था कि मेरे मां-बाप की चार औलादें थीं। सबसे बड़ा भाई, दो बहनें और मैं। तीनों मुझसे बड़े थे। पूरा परिवार शाकाहारी था। बताया जाता है कि मेरे जन्म के समय मेरे माता-पिता की उम्र जैसे पक चुकी थी। यानी मैं बुढ़ापे की औलाद था। शायद इसीलिए भाभी अक्सर मुझे ‘बुढ़ापे की औलाद’ कहकर चिढ़ाती थी। जब मैं इस बात का अर्थ नहीं जानता था।....बड़ा हुआ तो जाना। ज्ञात हो कि मेरे पैदा होने से कुछ दिन पहले ही मेरी भाभी के यहाँ लड़की ने जन्म लिया था। मैंने अपने दादा-दादी, नाना-नानी, चाचा-ताऊ को देखने की बात तो अलग, उनके विषय में कुछ सुना भी नहीं था... और न आज ही मुझे उनके बारे में कुछ पता है।
स्कूली प्रमाण के आधार पर मेरा जन्म बुलन्दशहर (उ.प्र.) जिले के एक छोटे से गाँव ‘अला बास बातरी’ में सन 1949 के अगस्त माह में जब हुआ तब भारत का संविधान लिखा जा रहा था। इसमें कितना सच है, कितना नहीं, मुझे भी कुछ पता नहीं है। ....वैसे भी मुझे तो इस सच का पता हो ही नहीं सकता था ।..... कारण कि मेरे माता-पिता की मेरे बचपन में मृत्यु हो गई थी। और आज जब मैं अपने बचपन की कहानी लिख रहा हूँ, मेरे भाई व बहनें भी जीवित नहीं हैं। यदि जीवित होते भी तो कोई फायदा न होता क्योंकि उनके लिए काला अक्षर भैंस बराबर था।... सब के सब अनपढ़ जो थे... वैसे भी अनपढ़ माता-पिता के लिए बच्चे का जन्म ही महत्त्वपूर्ण होता है न कि उसकी जन्म तिथि, उसकी जन्म तिथि से क्या लेना-देना उन्हें। घर में काम करने वाले और दो हाथ निकल आने को ही गाँव-देहात में बड़ी बात समझा जाता था।
भाभी ने बताया था कि मेरे जन्म के समय गाँब में हमारा अपना कोई घर नहीं था....मेरा जन्म मेरे दूर के मामा के बेटे – अमर सिंह के घर हुआ था..... काफी अरसे उनके घर पर ही हमारा परिवार रहा...जाने कब अपना घर बना था... पता नहीं। खैर! मेरे बचपन के विषय में जो कुछ भी यहाँ प्रस्तुत है, उसका शुरू का कुछ भाग मैंने कुछ बड़ा होने पर अपनी भाभी की जबानी ही सुना था। मैं तो उस भाग में केवल एक संदर्भ मात्र हूँ। अब जबकि मैं अपने बचपन को ढूँढने के प्रयास में हूँ, मुझे लग रहा है कि ज़िंदगी ने मेरे बचपन के पल जो समय ने मुझसे असमय ही छीन लिए थे या यूँ कहूँ कि समय के गर्त में ही समा गए थे, लगता है, आज मेरे सामने मुंह चिढ़ाए खड़े हैं।
भाभी ने बताया था कि जब मैं लगभग डेढ़ वर्ष का था तो मेरे बाबा (पिता) हरिसिंह, जिन्हे गांव में ‘हरिया’ के नाम से पुकारते थे, का देहांत हो गया था। आज मुझे ऐसा लगता है कि उस समय बस इतना सा भान तो हो गया था कि बाबा यानी मेरे पिता के देहांत के समय घर के आस पड़ोस के लोग-लुगाई हमारे घर आते,....मेरी ओर भीगी आँखों से देखते... शायद मेरे बचपन में ही अनाथ होने की चिंता पर मन ही मन में...आह भरते .... आँसू गिराते होंगे। कई मेरे सिर पर हाथ रखकर दुख जताते... और चले जाते....। यही हाल महिलाओं का भी था... हाँ! महिलाएं दो-चार आँसू भी गिरा दे जा रही थी... यह तो वैसे भी महिलाओं की प्रवृति में शामिल होता ही है। लेकिन किसी ने भी मेरे खाने-पीने की सुध नहीं ली थी। होश ही किसी को कहाँ था?........। माँ का तो वैसे ही बुरा हाल होगा। ...घर-भर में भीड़ जमा थी और बताया जाता है कि तब मैं चारा काटने की मशीन के हथ्थे को पकड़कर उससे खेल रहा था। किसी के आने-जाने, मरने-जीने से भला किसी डेढ़ वर्ष के बच्चे को क्या लेना-देना। ...आज मैं समझता हूँ कि बाल्य्काल्य की सबसे बड़ी विरासत तो यही होती है - न किसी दुख का, न किसी सुख का अहसास; ना काहू से दोस्ती, ना काहू से बैर... न कोई अपना, न कोई पराया। बच्चे का दुनिया से अनजानापन ही उसे दुनियाबी होने से बचाता है। इसीलिए तो उसके चेहरे पर हमेशा हंसी तारी रहती है। बच्चे के लिए न केवल सबकी गोद खुली रहती है अपितु सबके मन में उसके लिए अपनेपन का भाव बना रहता है। केवल भूखा होने की दशा में ही उसे रोना आता है। जैसे–जैसे उसे होश आता जाता है या यूँ कहें कि वह दुनिया की हकीकतों से रूबरु होता जाता है, उसके आस-पास एक ऐसी दुनिया का घेरा बनता चला जाता है जिससे मुक्ति का मार्ग उसे तमाम उम्र नहीं मिल पाता। यही सत्य मेरा भी है....हरेक का होता है। दीन-दुनिया की खबरों से दूर....अपने आप में मस्त...खाना-पीना....खेलना कूदना और शाम को घर आकर रोटी खाकर सो जाना....बस और कुछ नहीं....।
1.1.2 मेरा गाँव....
मेरे गाँव के बारे में लिखने से पहले यह बतादूं कि अब मेरा गाँव मेरे लिए केव्ल कागजों में रह गया है। कारण यह है कि मेरे दिल्ली आने के बाद और भाभी के मरने के बाद, मेरे बड़े भाई डालचंद ने घर और घेर दोनों बेच दिए थे और सबसे छोटी बहन की ससुराल–नानपुर (गढ़) जाकर बस गए थे। इस कारण मेरा भी गांव जाना धीरे-धीरे बंद ही हो गया। खैर! मेरा गांव तो मेरा गांव ही रहेगा...वर्तमान में भी और इतिहास में भी।
यह भी कि मेरा गांव कोई पुश्तैनी गाँव नहीं है। ‘कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुवती ने कुनबा जोड़ा’ वाली तर्ज पर बसे इस गाँव में आजादी से लगभग 10-12 साल पूर्व, एक दूसरे के दूरदराज़ के रिश्तेदार आकर बसे थे। खानदानी कतई नहीं थे किंतु सगे से भी ज्यादा मिल-जुलकर रहते थे। एक दूसरे के दुख-दर्द में एक साथ खड़े होना उनकी प्रवृत्ति में शामिल था। गाँव के सब लोग अनपढ़ जरूर थे किंतु उनकी समझ का कोई तोड़ नहीं था। आपस में लाख लड़ाई-झगड़े हों,...... किंतु मजाल कि कोई बाहर का आदमी गाँव में आकर किसी प्रकार का हस्तक्षेप दर्ज कराने का साहस कर पाए।
जगराम, केसरी, महराज और प्रहलाद चार भाई थे जिनके बारे में सुना था कि उनके जन्म के अवसर पर खाने का इतना टोटा था कि उनकी माँ को उनके जन्म के अवसर पर जच्चा को मिलने वाला खाना भी ठीक तक नहीं मिलता था । केवल गाजर खा-खाकर अपने बच्चों को पाला-पोसा था। उनके बच्चे बड़े होकर इतने बलशाली बने कि वे जब एक साथ होते थे, तो उनके सामने किसी का इतना साहस नहीं होता था कि ऊँची आवाज में बोल सके। इनके बाद मेरे दूर के मामा के बेटे–चिरंजी और हरीसिंह और मेरे सगे भाए डालचन्द के नाम इस सूची में दर्ज थे उनके हाथों में हमेशा तेल से तर लाठियाँ हुआ करती थीं। यही शारीरिक शक्ति उनकी असली ताकत हुआ करती थी। यहाँ दिवंगत काले तथा तोताराम का नाम लेना भी गैरवाजिब नहीं होगा।
शरीर से बलीष्ठ लम्बा कद, स्याम रंग के मामा हारी राम (दिवंगत) बहुत ही मृदु – भाषी थे। वो ज्यादातर किसी प्रकार के पचड़े में नहीं पड़ते थे...बस अपने काम से काम। सादगी और सज्जनता के नाम पर तो मोमराज और समेय सिंह जी नाम लिया जा सकता है। जैसा कि मैंने कहा कि मेरे समय के सारे लोग अनपढ़ जरूर थे किंतु थे हफनमौला। उनके लिए “मार के पीछे लकीर को पीटना” जैसे कोई मायने नहीं रखता था। यदि गांव से बाहर के यानी नजदीकी गांव वालों ने गांव की ओर बुरी नजर देखा या किसी के साथ कोई छेड़छाड़ की तो दो ही बातें होती थीं। एक – या तो मौके पर ही बदला ले लिया और यदि दिन में हाथ नहीं लगा यानी कि काबू में नहीं आया तो न सही किंतु रात उनकी होती थी यानी रात के अन्धेरे में दुश्मन के घर में घुसकर प्रतिरोधी को मात देना उन्हें भली-भाँति आता था। उनकी सोच बस इतनी भर त होती थी कि मार पीछे केवल पुकार ही होती है, सो जो करना है, कर डालो। आगे की देखी जाएगी।
मेरे गाँव में कुल 40-45 घर थे.......सभी जाटवों के। अब कुछ ज्यादा हैं .....परिवारों का निरंतर विकास जो हो रहा है। जब मैंने गाँव छोड़ा था कुल चार-पाँच मकानों को छोड़कर बाकी सब मकान मिट्टी के बने थे, अब पक्के मकानों की संख्या कुछ ज्यादा है। मेरे समय में आँगन और मकान की दीवारों को गोबर में पीली मिट्टी मिलाकर लीपा-पोता जाता था। बारिश से पहले मकानों की कच्ची छतों को भुस की रैनी ( भूसे का वारीक रेशा) और गोबर को चिकनी मिट्टी में मिलाकर वाटर-प्रूफ किया जाता था। आपको यह जानकर हैरत होगी कि मेरा पूरा का पूरा गाँव अनपढ़ों का था। केवल बादाम सिंह और टूकीराम नौवीं कक्षा तक पढ़े थे।...उनको नौकरी मिली नहीं, या फिर उन्होंने प्रयास ही नहीं किया........ मुझे पता नहीं.....हाँ! इतना मालूम है कि उनकी नाकामयाबी के चलते उनके घर वालों ने उनकी जल्दी ही शादी कर दी जिससे वो गाँव के ही हो कर रह गए। ....उनकी इस नाकामयाबी का गाँब के बाकी बच्चों पर ऐसा कुप्रभाव पड़ा होगा कि पढ़ने के प्रति सबका रुझान कम हो गया....। खेती के साथ-साथ छोटी-मोटी मजदूरी करना सबकी रोजी-रोटी का साधन था। कुछ परिवारों को छोड़कर अधिकतर गांव वालों के पास थोड़ी-घनी खेती करने योग्य जमीन थी जिससे घर के लालन-पोषण में कोई खास दिक्कत नहीं होती थी। परिणाम ये कि सब खा-पीकर इतने बलिष्ठ थे कि उनकी लाठी में धुआँ उठता था। दिनभर लाठी को तेल पिलाना उनके रोजगार में शामिल था.... केवल दबंगई ही सबके दिमाग पर हावी रहती थी। बच्चों को पढ़ाने-लिखाने की चिंता तो किसी को ख्वाब में भी नहीं थी। यहाँ यह उचित ही होगा कि गाँव की दबंगई के बारे में एक-दो वाकयात का खुलासा किया जाय अन्यथा मेरा कथन जैसे एक बड़बोलापन ही सिद्ध होगा।
प्रतिवर्ष घटने वाली एक घटना का उल्लेख शायद मेरी बात के समर्थन में काफी हो ........ गौरतलब है कि गाँव के पूरब में चित्सोना और दक्षिण में मंडोना जाट बाहुल्य गाँव हैं तथा उत्तर में केशोपुर सठला और पश्चिम में बी. बी. नगर अवस्थित हैं। ये दोनों ही कस्बे ब्राहम्ण व वैश्य बाहुल्य कस्बे हैं। जाटवों की अच्छी-खासी संख्या है इनमें। आमतौर पर सभी जातियों के लोग आपस में मिलजुल कर रहते थे। कभी-कभार किसी अप्रिय घटना का होना अपवाद ही कहा जाएगा। मेरी याद में, जातीय दंगों के नाम पर कभी कोई तकरार नहीं हुई। एक दूसरे के यहाँ ब्याह-शादी में भी आना जाना भी होता था।..... गाँव के उत्तरी छोर पर बसे ‘केशोपुर सठला’ में प्रतिवर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एक आम बात थी...गाँव के पश्चिमी छोर पर बसे बी.बी. नगर में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम अपेक्षाकृत कम ही हुआ करते थे...हालाँकि बी. बी. नगर केशोपुर सठला से बड़ा ही नहीं अपितु विकसित भी था। बी. बी. नगर में बालक –बालिकाओं के लिए अलग-अलग इंटर कालिज भी थे। कई अन्य सार्वजनिक संस्थाएं जैसे प्राथमिक चिकित्सा हेतु अस्पताल......विकास खण्ड कार्यालय...... पुलिस चौकी (जो आज थाना बन गई है)..... आदि-आदि। और अब तो डिग्री कालेज भी बन गया है।
सठला में प्रतिवर्ष रामलीला का इलाके के हिसाब से भव्य आयोजन किया जाता था। आस-पास के गाँवों से अच्छी-खासी भीड़ जिसमें बच्चे और औरतें भी शामिल हुआ करती थीं, रामलीला देखने आती थीं। जाहिर है रामलीला रात के पहले पहर में ही आयोजित की जाती थी.... तो किसी भी प्रकार के उत्पात का डर बने रहना स्वाभाविक ही होता था....रामलीला के आयोजकों की संभावित उत्पात से निपटना एक सिर दर्द बना रहता था..... । कभी-कभार मैं भी रामलीला देखने जाता था....एक मंच होता था... मंच पर रंग-बिरंगे पर्दे.....पर्दों के ठीक आगे की ओर मंच पर ही दो भौंपू (माइक) लगे होते थे.....समय-समय पर मंच-संचालक कुछ न कुछ घोषणाएं करता रहता था.....कुछ दर्शक रामलीला को जल्दी शुरू करने के लिए.... शोर भी करते दिखाई देते थे..... किंतु रामलीला इस घोषणा के साथ ही शुरू होती कि अब ठीक है ...... हाँ! तो प्यारे दर्शको..... अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है..... पड़ोसी गाँव बातरी के लोग आ गए हैं ..... अब रामलीला शुरू होती है... सब शांति के साथ रामलीला का आनन्द उठाएं ..... एक दो बार परदा गिरता.....उठता और रामलीला शुरू हो जाती...। रामलीला समाप्त होती....रात्री को सब अपने-अपने घर लौट जाते ....मगर मेरे मन में एक उत्सुकता घर किए रहती कि आयोजकों ने आखिर यह कहकर रामलीला क्यों शुरू की- “हाँ! तो प्यारे दर्शको..... अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है..... पड़ोसी गाँव बातरी के लोग आ गए हैं........ अब रामलीला शुरू होती है..”। आखिर मैंने एक दिन गांव के किसी बुजुर्ग से पूछ ही लिया कि बाबा ... रामलीला शुरू होने से पहले ऐसा क्यों कहा गया था। जवाब मिला..... चल छोड तू क्या लेता है इन बातों से..... बड़ा हो जाएगा...तो ... समझ जाएगा। किंतु जब मैं अपनी जिद पर अड़ा ही रहा तो मुझे बताया गया कि बेटा आसपास के गाँवों के कुछ लोग रामलीला के कार्यक्रम में बाधा पहुँचाने की कोशिश करते हैं.... जब हमारे गाँव के लोग रामलीला में पहुँच जाते हैं तो दंगाइयों की माँ मर जाती है..... समझा कि नहीं? तू यूँ जान कि हमारे गाँव वालों के सामने.......सब दबकर रहते हैं। अब समझा कि नहीं .......।
दूसरी घटना–यूँ तो हमारे गाँव के ज्यादातर लोगों के पास खेतीहर जमीन थी/है किंतु फिर भी कभी-कभार गाँव के पड़ोस में पड़ने वाले खेतों में ढोर-डंगरों के लिए कुछ औरतें घास काटने चले जाया करती थीं...... गाँव के पड़ोस में आड़ुओं का एक बाग था। उसका मालिक एक रिटायर्ड फौजी था..... जाति का जिक्र करना मुझे खुद ही अच्छा नहीं लग रहा है....वैसे भी जाति और धर्म के नाम पर क्या-क्या अप्रिय नहीं हो रहा है....... ठीक-ठीक मुझे पता भी नहीं है । हुआ यूँ कि एक दिन उसने गलती से या जानकर किसी औरत को घास काटने से मना करते हुए कुछ उल्टा-सीधा यानी जाति-सूचक गालियों से नवाज दिया। पलभर में ही बात गाँव चौपाल तक पहुँच गई......फिर क्या था..... पलक झपकते ही.....गाँव के कुछ बड़े....कुछ बड़े बच्चे उसके खेत पर पहुँच गए..... उसे पकड़कर चौपाल पर ले आए। .......वो बेचारा बेबस था। उससे कुछ भी कहते नहीं बन रहा था। कुछ कहता भी तो कोई सुनने वाला नहीं था..... उसके हाथ-पाँव बाँधे.... और डाल दिया जमीन पर। ....उसकी लम्बी-लम्बी सफेद मूँछे थीं.... भारी-भरकम शरीर था...वैसे भी फौजी था.... किंतु हर प्रकार से लाचार.......। गाँव वालों ने उससे एक बर्तन में पेशाब करवाया। ....फिर उसके ही पेशाब की एक ..एक बून्द उसके मुँह में डालते और उसकी मूँछ का एक-एक बाल उखाड़ लेते.....यह कार्यक्रम जब तक चलता रहा, तब तक उसने अपनी करनी की माँफी नहीं माँग ली.....। फिर वह कभी भी गाँव की तरफ पलटकर नहीं आया। ....बाद में पता चला कि उसने खेत ही बेच दिया है। और भी बहुत सी घटनाएं हैं जिनका भी यहाँ उल्लेख किया जा सकता है किंतु...... मैं उनके उल्लेख की ज्यादा जरूरत नहीं समझता..... मुझे कहानी तो अपनी लिखनी है ना... ।
सच कहूँ तो मेरे गाँव वाले किसी जाति, किसी धर्म, किसी समुदाय या फिर किसी वर्ग के लोगो में विशेष के खिलाफ नहीं थे। बस! उन्हें नाइंसाफी पसंद न थी। उनका अगूँठा छाप होना बेशक उनकी प्रगति में बाधक था किंतु सामाजिक सौहार्दय बनाने में काफी हद तक कामयाब था।
शिक्षा के प्रचार से अब मेरे गांव की सूरत भी बदल गई है। कच्चे घर ईंटों के हो गए हैं। बहुत से बच्चों का रुझान शिक्षा की ओर बढ़ा है। शिक्षा के हर क्षेत्र/स्ट्रीम में शिक्षारत हैं। बहुत से लोग आज अच्छी –आच्छी नौकरियों पर लगे हैं। गाँव में प्राथमिक स्कूल तो है ही, गाँव वालों ने अपने पुरखों की यादों को संजोने के भाव से भव्य “अम्बेडकर भवन का निर्माण भी कर लिया है।
1.1.3 स्कूल की राह पर...
दीन-दुनिया से बेखबर, खेलते-कूदते न जाने कब मैं 8-9 साल का हो गया। गाँव में बच्चों के साथ समय बिताने के लिए गिल्ली-डंडा खेलना, भैंस की कमर पर बैठकर गाँव से सटी पोखर में नहाना, कंचे खेलना और न जाने कितने ही ऊट-पटांग खेल ही हमारे मजोरंजन के साघन होते थे। घर वालों में से किसी को भी मेरी पढ़ाई-लिखाई के बारे में कोई चिंता न थी। स्कूल में दाखिला तक नहीं दिलाया। माँ घर के काम-काज और डांगरों (पशुओं) की देखरेख में इतनी व्यस्त रहती थी कि उसे कुछ और सोचने की फुरसत ही नहीं होती थी। पैसे-धेले का हिसाब-किताब रखना तथा उसका रख-रखाव करना उसके लिए मुख्य काम था। उसे भी पढ़ाई-लिखाई से कुछ लेना-देना नहीं था। मेरे भाई को थोड़ा-बहुत पढ़ना-लिखना जरूर आता था, पर वे भी कभी स्कूल नहीं गए। घर में वे ही एक मात्र कमाऊ व्यक्ति थे। आखिर एक दिन भाभी ने उनसे मेरी पढ़ाई के बारे में कुछ-खरी-खोटी बातें की तो भाई साहब अगले दिन ही वे मुझे गाँव के नजदीक वाले कस्बे ‘केशोपुर सठला’ के प्राथमिक स्कूल में ले गए और स्कूल में मेरे दाखिले की बात की। जन्म-प्रमाण तो उस समय हुआ ही नहीं करते थे सो मास्टर जी ने अपने हिसाब से मुझे पाँच वर्ष का बनाकर मेरी जन्म-तिथि – 08.08.1949 लिखी और मेरा पहली कक्षा में दाखिला कर दिया। किंतु मुझे घर और स्कूल में कोई अंतर नहीं लग रहा था। मंद-बुद्दी जो था। किसी प्रकार की चंचलता मेरे आस-पास तक न थी। स्कूल में दो-चार दिन आने के बाद पता चला कि गाँव के तीन-चार बच्चे पहली कक्षा में और पढ़ते थे और मुझे जोड़कर अब एक ही गांव के पाँच छात्र हो गए थे। स्कूल गांव से लगभग एक किलो मीटर ही होगा सो अब हम चारों का रोजाना साथ-साथ पैदल ही स्कूल आना-जाना हुआ करता था। किंतु मेरा पढ़ाई-लिखाई के प्रति कोई खास रुझान नहीं था। घर से किताब और तख्ती-किताबों का झोला (बस्ता) स्कूल ले जाना और अक्सर ज्यूँ का त्यूँ स्कूल से घर ले आना ही अपना काम होता था। घर पर कोई कुछ पूछताछ तो करता ही नहीं था। बाकी सब पढ़ने में मुझसे अच्छे थे।
1.14 स्कूल ही जाना बंद कर दिया....
स्कूल आते-जाते दो साल ही गुजरे होंगे। मुझसे बड़ी बहन अपनी बेटी की बीमारी का इलाज करवाने हमारे घर पर ही आई हुई थी। बच्ची साल-डेढ़ साल की होगी। एक दिन मैं और मेरे जीजाजी उसको डाक्टर के पास, नजदीक के कस्बे भवन बहादुर नगर साइकिल पर लेकर जा रहे थे। मैं बच्ची को गोद में लेकर साइकिल की पिछली सीट पर बैठा था। गाँव से थोड़ी दूर जाने पर मैंने पाया कि बच्ची का हिलना-डुलना बन्द हो गया है। मैंने साइकिल रुकवाई और जीजा जी से बच्ची को देखने के लिए कहा। उन्होंने बच्ची को देखा और बिना कुछ कहे साइकिल गाँव की ओर मोड़ ली और भारी मन से बोले “गई”। मैं बच्ची को लेकर फिर साइकिल पर बैठ गया। घर पहुँचे तो सच्चाई जानकर घर में रोआ-राट मच गया। यह जानते देर न लगी कि बच्ची मर गई है। मुझे वह बहुत प्यारी थी। मैं भी फफक कर रो पड़ा। मुझे उस दिन कुछ-कुछ यूँ लगा कि दुनिया के प्रति मेरी बचपनी बेहोशी जैसे छंटने लगी है और दुनियाबी सोच ने पंख फड़फड़ाने शुरु कर दिए हैं। खैर! बच्ची को गाँव के बच्चों के लिए बने कब्रिस्तान में दफना दिया गया। इतना ही नहीं, मेरे बड़े भाई की छोटी बेटी (कृष्णा) भी बिमार थी। उसके बचने की उम्मीद भी कम ही थी, सो कब्रिस्तान में उसके लिए भी एडवांस में ही एक और गड्ढा खोद दिया गया। किंतु इत्तेफाक से वो बच गई। घर में घटी इस घटना के बाद मैंने पढ़ने के लिए स्कूल न जाने की जिद ठान ली। घर वालों की जैसे सहमती सी मिल गई थी। इस बारे में किसी ने मुझसे कहा भी कुछ नहीं। घर में रंज का आलम जो था। हुआ यूँ कि मैंने सच में ही स्कूल जाना छोड़ दिया। सुबह से शाम तक गाँव के पड़ोस में खाली पड़ी बंजर जमीन पर गिल्ली-डंडा खेलना, बच्चों के साथ छोटी-मोटी शरारत करना, घर आकर खाना खा लेना और सो जाना ही जैसे मेरी दिनचर्या बन गई थी। घर वालों में से किसी को इसका भान तक नहीं था कि मैं स्कूल जा रहा हूँ अथवा नहीं।
1.1.5 लो! मास्टर जी ही आ धमके...
खेलकूद में लगभग एक सप्ताह गुजर गया, मैं स्कूल नहीं गया। इस पर एक दिन स्कूल में मुझे पढ़ाने वाले अध्यापक – मा. हरपाल सिंह जी अचानक घर आ धमके। उस दिन संयोगवश मैं भी घर पर ही था। खेलने-कूदने कहीं नहीं गया था। घर वालों ने मास्टर जी को आदर सहित खाट पर बिठाया। मास्टर जी ने इधर-उधर देखा और मेरी ओर हाथ का इशारा करके मुझे अपने पास बुलाया। बोले – स्कूल क्यों नहीं आ रहा आजकल तू.....? मैं जड़ बना सुनता रहा। उनके दोबारा पूछने पर मैंने सिर झुकाए हुए ही कहा कि मुझे....मुझे नहीं पढ़ना है। इतना सुनकर मास्टर जी का चेहरा-मोहरा बदल गया और उन्होंने घर वालों – भाई व भाभी से सवाल कर डाला – सुना तुमने ये क्या कह रहा है? क्या तुम भी नहीं चाहते कि ये पढ़े? भाई व भाभी ने मेरे स्कूल न जाने के प्रति अनभिज्ञता जताई और बड़े ही हल्के मन से कहा कि हम तो चाहते हैं कि ये पढ़े।.... इसी लिए तो स्कूल में नाम लिखाया है... इसका। इतना सुनकर मास्टर जी बोले – ठीक है तुम क्या चाहते हो क्या नहीं, तुम जानो किंतु मैं इतना जानता हूँ कि इसे पढ़ना है। इसका झोला (बस्ता) लाओ।...इसे आज से ही स्कूल जाना है। भाभी मेरा झोला ले आई। लाकर मेरे कंधे पर टांग दिया। मास्टर जी के हाथ में कमची लगी थी जिसे देखकर मेरी हवा खराब हो रही थी। मास्टर जी ने कमची हिलाते हुए मेरा हाथ पकड़ा और मुझे साथ लेकर चल पड़े स्कूल की ओर। मेरी एक आँख कमची पर तो दूसरी झोले पर जमी थी। मास्टर जी ने अब मेरी रोजमर्रा की गतिविधियों पर ध्यान रखना शुरु कर दिया था। इसका मुझ पर यह असर हुआ कि मैंने रोजाना स्कूल जाना शुरु कर दिया किंतु पढ़ाई में मेरा मन नहीं लगता था। स्कूल को खाना ले जाने की बात तो थी ही नहीं। हाँ! कभी-कभार आधे पैसे का तांबे वाला सिक्का मिल जाया करता था जिसमें स्कूल के पास लगने वाले बीर बाजार के मैदान में एक पेड़ के नीचे स्थित सीताराम हलवाई की सडक पटरी पर कौने में लगी अस्थाई दुकान से मटर की चाट या आलू के भल्ले लेकर खा लेता था। सीताराम की मटर की चाट बड़े लोग भी चटकारे लेकर खाते थे। कई लोग तो दूर गावों से भी सीताराम के चाट खाने आते थे।
1.1.6 मुफ्त की ट्यूशनिंग....
कब परीक्षा होती थी, कब नहीं, इसका भी मुझे कुछ अता-पता नहीं होता था। पता नहीं, मैं कब और कैसे पांचवी कक्षा में आ गया। पढ़ाई के प्रति अरुचि देखकर, अफसोस भरी सोच मेरे जहन में घर करने लगी थी किंतु किसी भी बालक के लिए इस प्रकार की सोच केवल क्षणिक ही कही जा सकती है, दीर्घकालिक नहीं। यही हाल मेरा था। सोच तो आती थी किंतु मैं तुरंत ही उससे विमुख भी हो जाता था।
स्कूल में दो ही अध्यापक होते थे। एक - श्री हरपाल सिंह और दूसरे – श्री रघुनंदन शरण शर्मा। रघुनंदन शरण जी बुजुर्ग और स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। चौथी व पांचवी कक्षाओं को पढ़ाया करते थे। वे पांचवी कक्षा के सभी बच्चों को बिना किसी जातिगत भेदभाव के सर्दी के मौसम में अपने घर पर रोजाना रात को बिना कोई पैसा लिए ट्यूशन पढ़ाया करते थे। उन्होंने ट्यूशन पढ़ने के बाद बच्चों के सोने के लिए एक बड़े से कमरे में ईख की पताई (गन्ने के सुखे हुए पत्ते) डलवाकर उस पर जाजम बिछवा दी थी। कुछ शरारती बच्चे ऐसे भी थे जो अंधेरे में जला हुआ मिट्टी के तेल से जलने वाला दीया (दीपक) सिर पर रखकर ‘भूत आया......भूत आया’ खेल खेला करते थे। एक दिन मास्टर जी ने देख लिया। सबको खूब डांट पड़ी। सुबह को उठकर सब बच्चे अपने-अपने घर जाते और नहा-धो कर स्कूल को आते थे। स्कूल के बाद घर जाना और खाना खाकर ट्यूशन पढ़ने जाना रोज का काम हुआ करता था।
1.1.7 खटोले पर परीक्षा....
उल्लेखनीय है कि उस समय पांचवी की परीक्षा बोर्ड की होती थी। परीक्षा से पहले कुछ दिन की छुट्टी हुआ करती थी। फरवरी-मार्च के महीने में सर्दियां कुछ कम हो ही जाती हैं। खेलकूद में छुट्टियां न जाने कब खत्म हो जाती थीं, कुछ पता ही नहीं पड़ता था। इस दौरान मेरे साथ एक दुखद घटना ये घटी कि खेलकूद में मेरे दाईं टांग के घुटने में गहरी चोट लग गई। उधर परीक्षा सिर पर आ गईं। चोट पक गई थी और घुटने में मवाद पड़ गई थी। ऐसे में कैसी पढ़ाई, कैसी लिखाई। घुटने में दर्द के कारण वैसे ही पढ़ने में कौन सा मन था। परीक्षा नजदीक के दूसरे कस्बे भवन बहादुर नगर (बी.बी.नगर) में होनी थी। अब मेरे सामने सबसे बड़ा सवाल था कि परीक्षा देने कैसे जाया जाएगा। चोट के कारण चल पाना तो दूर, मैं खड़ा हो पाने में भी अक्षम था। घरवालों का भी इस ओर कोई ध्यान नहीं था। खैर! परीक्षा से पहले मेरी चोट के बारे में मा. हरपाल सिंह जी को पता लग गया था। वे परीक्षा से एक दिन पहले घर आ पहुंचे। मेरा हाल जाना और दुख जताते हुए मेरे भाई से मालूम किया कि घर पर कोई खटोला है कि नहीं। (छोटी खाट को गावों में आज भी खटोला ही कहते हैं) यदि नहीं तो आस-पडोस से मांगकर ले आवें। खटोले का इंतजाम तो कर दिया गया किंतु मास्टर जी को छोड़कर सबके दिमाग में एक ही प्रश्न था कि आखिर इस खटोले का होगा क्या। मास्टर जी से यह सब पूछने की हिम्मत भी किसी ने नहीं जुटाई। मास्टर जी ने मुझसे कहा कि कल परीक्षा देने चलना है – समझ गया कि नहीं......। सुबह तैयार रहना। इतना कहकर मास्टर जी चले गए।
देहातों में कैसी तैयारी? दिन निकला, हाथ-मुंह धोए, कमीज पजामा पहना और हो गए तैयार। अगले दिन सूरज थोड़ा ही चढ़ा था कि मास्टर जी अपने साथ छ:-सात बच्चे लेकर घर आ गए। मुझे खटोले पर डाला, बच्चों ने खटोला उठाया और चल पड़े परीक्षा केन्द्र की ओर। परीक्षा समाप्त होने पर बच्चे ही मुझे खटोले पर डालकर घर पर छोड़ गए। परीक्षा के समाप्त होने तक यही सिलसिला चलता रहा। मास्टर जी रोज मुझे लेने आते रहे। इस प्रकार परीक्षा में मेरी उपस्थिति लग जाती थी। उत्तर पुस्तिका में मुझसे जो कुछ भी थोड़ा-बहुत लिखा जाता, लिख देता। खैर! जो भी हो, गाँव के अन्य तीन बच्चों के साथ मास्टर हरपाल सिंह की कृपा कहें अथवा उनकी समाज सेवी भावना, से मैं भी पांचवी कक्षा में पास हो गया। साथ ही साथ भविष्य की पढ़ाई के लिए मेरा मार्ग भी प्रशस्त हो गया। यदि आज मैं ये कहूँ कि यदि मास्टर हरपाल सिंह जी न होते तो आज का तेजपाल सिंह ‘तेज’ देहात ही में ‘तेजू’ बनकर रह जाता। इधर-उधर चाकरी में लगा होता।
1.1.8 मेरी शिक्षा बनाम चौपाल पर चर्चा
जैसा कि मैं पहले भी कह चुका हूँ कि सातवीं कक्षा में आने से पूर्व मेरा पढ़ने-लिखने में कम ही मन लगता था। बस! खेलना-कूदना… साथियों के साथ मार-पीट करना ... प्रत्येक शर्त पर अपनी बात को ही मनवाना .....जाने क्या-क्या मेरी शरारतों में शामिल था। पूरा गाँव परेशान रहता था मेरी शरारतों से। सबकी नज़र रहती थी मुझपर..। सबकी जुबान पर बस एक ही सवाल रहता था.... पता नहीं पढ़-लिखकर क्या करेगा ये छोरा... इसका कद भी तो इतना छोटा है कि ये पुलिस में भी तो भर्ती नहीं हो सकता.... अभी तक तो इस गाँव में कोई..... कुछ बनना तो क्या .... ठीक से पढ़ा-लिखा भी नहीं है। बादाम को देखो.... टूक्की को देखो.... दसवीं भी पास नहीं कर पाए.... शादी करके गाँव के ही होकर रह गए... । फिर ये ही क्या कर लेगा... पाँच फुटा तो वैसे ही है...... डाकू-बदमाश भी तो नहीं बन सकता.....कुछ कहते कि अरे! ये सब इसकी बचपनी शारारतें हैं.... अभी नादान है.... कुछ समझ नहीं है अभी इसे.....समय शायद इसे ठीक रास्ते पर ले आए..... इसने ये सब शरारतें छोड़ दीं तो .... कुछ आशा की जा सकती है... पर ऐसा लगता तो है नहीं.... ऊपर से न बाप है और न माँ.... भाई है पता नहीं आगे पढ़ाए ... न पढ़ाए.... मेरे बारे में जाने क्या-क्या सोचते रहते थे मेरे गाँव वाले ....। एक बात साफ करदूँ कि वे ये सब बातें मेरे पीछे नहीं, मेरे सामने ही किया करते थे ....कुछ मुझे चिढ़ाने के भाव से तो कुछ मुझे समझाने के आशय से। जाहिर है कि इस प्रकार की बातें किसी को भी अच्छी नहीं लगेंगी....... मुझे भी अच्छी नहीं लगती थीं..... तब मैं इतना समझदार भी कहाँ था....सब कुछ सुनता रहता और..... बचपनी हंसी में उड़ा देता।…. उनकी बातें सुनकर कभी-कभी तो मुझे भी उनकी बातों में दम लगता था और मैं अन्दर ही अन्दर भविष्य के प्रति निराशा ओढ़कर मौन अवस्था में चला जाता था। आज जब मैं ये सत्य लिख रहा हूँ..... मेरे वो अपने शेष नहीं रहे हैं....किन्तु उन सबकी सूरतें आज भी रह रह कर आँखों से टकराती रहती हैं। सब के सब....अंतर्यामी हो गए हैं..... 70-75 साल की उम्र में अब मेरा भी क्या.... कब तक हूँ। आज मुझे जब उनकी बातों का ख़याल आता है तो मुझे खुली आँखों सपने से दिखने लगते हैं..... सपने भी कमाल होते हैं...ना? खुली आँखों देखे जाते है और नींद में भी।
1.1.9 कालिज की ओर...
मैं और गाँव के अन्य साथी पांचवी कक्षा में पास हो गए। अब छठी कक्षा में दाखिला लेने की बारी थी। मेरा और एक अन्य साथी अमरनाथ का स्वतंत्र भारत इंटर कालिज, बी. बी. नगर में छठी कक्षा में दाखिला करा दिया गया किंतु उदयराम, कन्हैया और मंटूरी को उनके घरवालों ने आगे नहीं पढ़ाया। दोनों खेतीबाड़ी में घरवालों का हाथ बटाने लगे। जल्दी ही उनकी शादी भी कर दी गई। अमरनाथ पढ़ाई में मुझसे होशियार था और मैं सबसे कमजोर। खैर! बड़े कालिज ( उस समय उत्तर प्रदेश में बारहवीं कक्षा तक के स्कूल को कालिज कहा जाता था... शायद आजकल भी) में जाकर अलग-अलग तरह के अनेक बच्चों के संपर्क में आने का मौका मिला तो एक समय के बाद दूसरों के साथ-साथ रहकर/ खेलकर, एक-दूसरे को पढ़ते-लिखते देखकर पढ़ाई के प्रति मेरी रुचि भी बढ़ने लगी। छठी कक्षा की सालाना परीक्षा हो गई।
मैं एक सामान्य छात्र की तरह पास हो गया। और इस तरह मैं सातवीं कक्षा में आ गया। कालिज में सातवीं कक्षा के तीन सेक्शन होते थे। प्रत्येक सेक्शन में लगभग पैंतालीस-पैतालीस छात्र होते थे। स्कूल में साल में तीन परीक्षाएं हुआ करती थीं – तिमाही, छमाही और सालाना। तिमाही परीक्षा का परिणाम आया तो जाना कि मेरा एक साथी तीनों सेक्शनों में पांचवे नम्बर पर आया । मुझे इसकी खुशी तो थी किंतु पता नहीं क्यों, मुझे अचानक इस बात का दुख भी सताने लगा था कि मेरा कोई नम्बर क्यों नहीं। साथी छात्रों के संसर्ग में रहकर मेरी सोच का पंछी जैसे किसी खाई से निकलकर मैदान में आने को आतुर होने लगा था। अब सोते-जगते यही सवाल मेरे ज़हन में घूमता रहता। फलत: किताबों से कुश्ती करना शुरू कर दिया। इसके बाद पढ़ाई के प्रति मेरी रुचि इस कदर बढ़ी कि मुझे पढ़ाई के अलावा कुछ और भाता ही नहीं था।
मेरी इस हालत को देखकर, मेरी भाभी कभी-कभी सोचने लगती कि पता नहीं इसे क्या हो गया है। अब न तो ये खेलने जाता है और घर पर भी चुप-चुप ही रहता है। भाभी ने ये बात माँ से भी शिकायती लहजे में कही होगी। माँ ने मुझसे कुछ कहा तो नहीं किंतु मुझ पर नज़र रखने लगी। दुकड़िया में मुझे देखने आती और मुझको पढ़ता हुआ देखकर वापिस हो जाती, फिर सारा किस्सा भाभी को सुनाती थी। जब कहीं मेरे ना खेलने और हमेशा चुप-चुप रहने का मामला उनके दिमाग से उठ गया था। पढ़ाई के प्रति बढ़ते रुझान के चलते, छमाही की परिक्षा में मुझे अप्रत्याशित सफलता मिली। इस बार मैं लगभग 135 बच्चों यानी पूरी कक्षा में दसवें-ग्यारहवें पायदान पर पहुँच गया। सीधे-सादे और सामान्य दर्जे के छात्र का अचानक छलांग लगाना, मेरे कुछ साथी छात्रों को खला भी, जो स्वाभाविक ही था। मेरे ही गाँव का साथी अमरनाथ तो मुझसे ऐसे ख़फा-ख़फा सा रहने लगा जैसे मैंने उसका नम्बर ही छीन लिया हो। अब सालाना परीक्षा की बारी थी। मैं और मन लगा कर पढ़ने लगा। सालाना परीक्षा सिर पर थी। कई बार तो सर्दियों के मौसम में रात को पढ़ते-पढ़ते मैं सो जाया करता था और मिट्टी के तेल का दीया (डिबिया) जलता ही रह जाता था। उसे माँ या भाभी में से कौन, कब बंद करता होगा, नहीं मालूम। पढ़ाई के लिए और तो कोई खास सुविधा थी नहीं, ना घड़ी, ना मेज । उन दिनों रोशनी के लिए बिजली का होना तो एक ख्वाब था। खैर! सातवीं की सालाना परीक्षा भी समाप्त हो गई। अब रिजल्ट का इंतजार था। रिजल्ट आया तो जाना कि पूरी कक्षा में इस बार मेरी सातवीं पोजीशन थी। मैं बेहद खुश हुआ। टीचर्स भी मेरी निरंतर बढ़त को देखकर मुझे प्यार की नज़र से देखने लगे थे। अचानक इतना बड़ा परिवर्तन किसी और को तो क्या आज मुझे भी नहीं पच रहा है। ये सब कैसे हुआ? मैं खुद नहीं जानता कि आखिर मुझे हो क्या गया था कि पढ़ाई के अलावा मुझे कुछ और सूझता ही नहीं था। यदि मैं ये कहूँ कि सातवीं कक्षा का वह वर्ष ही पढ़ाई के मामले में मेरे लिए एक सकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ था तो अनुचित न होगा।
अब मैं आठवीं कक्षा में था। पढ़ाई का सिलसिला पहले जैसा ही चलता रहा और मैं दिनोंदिन पढ़ाई से जुड़ता चला गया। अध्यापकों और तरक्की पसंद साथियों का भरपूर सहयोग मिल रहा था। जब भी चाहूँ कोई भी परामर्श लेने की छूट, मुझे सभी अध्यापकों से मिल गई थी। मेरे लिए अब वो समय था जब मैं अच्छे और बुरे की समझ से रुबरू हो रहा था। छोटेपन में मुझे छोटे-बड़े का कोई ख़याल नहीं था। सबको ‘तू’ कहकर ही संबोधित किया करता था किंतु अब सबके प्रति सम्मान का भाव स्वत: ही पनपने लगा था। मैं बचपन की भूल-भुलैया से जैसे बाहर आने लगा था। किंतु अचानक माँ का स्वास्थ्य गिरने लगा और वो इस कदर बीमार हो गई कि खाट पकड़कर रह गई। अब घर का सारा काम भाभी के कंधों पर आ गया था। माँ की सेहत निरंतर गिरती चली गई। लम्बे समय तक वह बीमारी से नहीं उबर पाई। एक दिन माँ ने मुझे इशारे से अपने पास बुलाया और मुझे सौ का एक नोट देकर सिर पर हाथ फेरते हुए धीरे से बोली – ले इसे अपने पास रखले। मैंने नोट लिया और उसे पैसे रखने वाले मटके में ही रख आया। थोड़ी देर बाद पता चला कि माँ इस दुनिया को छोड़ चुकी है। तब मैंने सोचा कि शायद माँ को अपने जाने का अहसास हो गया था और शायद वह सौ का नोट मेरे लिए माँ की अंतिम अमामत था। घर में ग़म का माहौल था। खैर! माँ की अंतिम क्रिया कर दी गई। इस तरह घर के दोनों स्तंभ (माता-पिता) मेरी उम्र के पंद्रहवे वर्ष में ही धराशायी हो गए और मेरे बचपनी महल की बुनियादें जैसे बुरी तरह हिल गईं। अब केवल भाई और भाभी का ही आसरा शेष रह गया था। माँ के गुजरने के बाद बस्ती वालों से एक खिताब जो मुझे मिला, वह था ‘बेचारा अभागा’, शायद इसमें उनका मेरे प्रति प्यार और मेरे भविष्य के प्रति चिंता का भाव निहित था। किंतु माँ के गुजरने के बाद भी मेरे प्रति भाई-भाभी के व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया था इसलिए कुछ ही दिनों में माँ-बाप की बिदाई जैसे मेरे दिमाग में भी धुंधली पड़ने लगी थी। और धीरे-धीरे एक समय ऐसा आया कि मुझे लगने लगा कि जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। फलत: पढ़ाई के प्रति मेरा रुझान जस का तस बना रहा। आठवीं कक्षा में भी मैं अच्छे अंक लेकर पास हुआ। इस बार भी मेरी पांचवी-छटी पोजीशन ही रही। कहने की जरूरत नहीं कि मेरे बचपन का यही अंतिम पड़ाव भी था।
1.1.10 शिक्षा हेतु संघर्ष...
यहाँ यह खुलासा करदूँ कि मेरे बड़े भाई मां के देहांत से पहले जमीन से पानी निकालने वाले नल लगाया करते थे। लेकिन माँ के गुजरने के बाद मेरे बड़े भाई में जो बड़ा एक परिवर्तन आया, वह बड़ा ही विनाशकारी सिद्ध हुआ। अब भाई ने शारीरिक श्रम करना यानी नल लगाने का काम बंद कर दिया। माँ की भारी-भरकम जमा-पूंजी (जो बाद में लगभग पैंतालीस हजार रुपए बताई गई थी) जो मां ने किसी के जरिए डाकखाने में जमा कराई थी, ऐसा मैंने सुना भर था। और भैंसों को बेचने से अर्जित धन को एक के बाद दूसरा कारोबार करने में बरबाद कर दिया। इधर मैंने दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर ली थी।
किंतु दसवीं करने के बाद भाई ने मुझे आगे पढ़ाने से मना कर दिया। पर मैं पढ़ना चाहता था। भाभी के कहने का भी भाई पर कोई असर नहीं हुआ। इस पर मैं निराश रहने लगा। कहीं कोई आशा की किरण नहीं दिखाई दे रही थी। अब मुझे लगने लगा था कि माँ के मरने पर बस्ती वालों द्वारा दिया गया खिताब ‘बेचारा अभागा’ जैसे अब साकार होने की दिशा में था। मुझे अपने चारों ओर खालीपन के अलावा कुछ और दिखाई नहीं दे रहा था। अब माँ का अभाव सताने लगा था। कई बार अकेले में मेरी आँखे नम हो जाती थीं और मैं देर तक रोता रहता था। पढ़ाई के क्षेत्र में आए सकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ के बाद माँ का देहांत, एक ऐसा नकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ था जो शेष जीवन के लिए एक चुनौती बन गया था। अब जीवन में संघर्ष के अलावा कुछ भी शेष नहीं रह गया था। ऐसे में मैं कभी नौकरी तलाशने की बात सोचता तो कभी कुछ काम-धाम करके आगे पढ़ने की। मैं जैसे जीवन के प्रवेश द्वार ही पर ही उलझ गया था। सच तो ये है कि मैं कुछ भी ठीक से नहीं सोच पा रहा था। मुझे लगा कि अब खुद को, जिन्दगी को और दुनिया की हकीकत से रूबरु होने का समय आ गया है। इसी सोच और फिक्र में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने को आ गईं।
समय को पकड़ कर रख पाना किसी के हाथ में नहीं होता। हारकर मैं नौकरी पाने के मकसद से अपने बड़े जीजा जी (दिवंगत श्रीराम जी) के पास गया और सारी कहानी उनसे कह सुनाई...... सारी बात सुनने के बाद उन्होंने मुझसे कहा कि या तो मुझसे नौकरी लगवाले या फिर आगे की पढ़ाई. का खर्चा मैं उठा लूंगा। जीजा जी की बात सुनकर मेरा दोहरा दिमाग हो गया... आखिर नौकरी करने का ईरादा कर लिया। ये बात मैंने जीजा जी से कहदी। उन्होंने नौकरी लगवाने के लिए किसी को रिश्वत देने के लिए मुझसे घर जाकर पाँच सौ रुपए लाने के लिए कहा। सरकारी नौकरी थी उनकी तथा अच्छी–खासी खेती की जमीन भी थी। मेरे मन में आया कि इतने पैसों का इंतजाम तो जीजा जी खुद भी कर सकते थे, किंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया। सो मेरे मन में यह भी शंका घर कर गई कि शायद मेरी पढ़ाई का खर्च उठाने की बात भी मेरा मन रखने के लिए ही सिद्ध न हो जाए।
खैर! मजबूरी थी। मैंने अपने गाँव जाकर अपने भाई को सारी कहानी बताने के बाद पाँच सौ रुपए की मांग की। उन्होंने भी साफ मना कर दिया। हां! उन्होंने इतना जरूर किया कि मुझे गाँव में ही रह रहे दूर के रिश्ते में लगने वाले मामा के बेटे (दिवंगत) श्री हरिसिंह के पास ले गए और उन्होंने सारी कहानी सुनाने के बाद उनसे मुझे पाँच सौ रुपए देने के लिए कहा और साथ में यह भी कह दिया कि इन रुपयों को तेजपाल ही पटाएगा। इतना सुनकर भाई हरीसिंह को थोड़ा सा गुस्सा आ गया और उन्होंने मेरे सगे बड़े भाई से कहा – फिर तू साथ में क्यों आया है...पैसों के लिए इसे अकेले ही क्यों नहीं भेज दिया था।... तू केवल सिफारिश करने आया है। अगर इस काम के लिए ये अकेले भी आ जाता तो क्या मैं इसे मना कर देता? इतना कहकर हरिसिंह बैठक से उठकर घर में गए और पाँच सौ रुपए लाकर मुझे दे दिए। पैसे लेकर मैं वापिस जीजा जी के पास गया और उन्हें पाँच सौ रुपए दे दिए। कहना न होगा कि 1969 में पाँच सौ रुपए बहुत हुआ करते थे। उन्होंने पैसे लेकर मुझे सैनेट्री इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कहा कि अब तू गाँव चले जाना, जब बात बनेगी, तब तुझे बुला लूंगा। कालिज बंद था...गर्मियों की छुट्टियां समाप्त होने को थीं।
इसी इंतजार में कि कब जीजा जी से कोई खबर आएगी, गर्मी की छुट्टियां का लगभग एक महीना गुजर गया किंतु जीजा जी की ओर से कोई खबर नहीं आई। अब क्या करूँ ...ये प्रश्न मुझे खाए जा रहा था। हारकर मैंने आगे पढ़ने का मन बना लिया और जैसे-तैसे स्वतंत्र भारत इंटर कालिज में ही कक्षा ग्यारहवीं (विज्ञान) में दाखिला ले लिया।
नल लगाना तो मैं सीख ही गया था क्योंकि घरेलू काम था। कालिज की छुट्टी वाले दिनों में मैंने नल लगाने का काम शुरु कर दिया। कभी-कभार स्कूल से बंक मारके भी नल लगाने चला जाता था। महीने में कुछेक नल लगाकर किताबों और थोड़ा-बहुत फीस का काम चल जाया करता था। खाना और कपड़े तो घर से मिल ही जाते थे।
उल्लेखनीय है कि कालिज में मुझे ही नहीं किसी को भी कभी कोई जातीय दुराव देखने को नहीं मिला जबकि मेरे कालिज में तीन-चार अध्यापकों को छोड़कर शेष सभी अध्यापक ब्राहम्ण थे लेकिन उनमें जातिभेद से इतर गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई के प्रति एक अजीव सी सद्भावना थी कि वे उनकी हर संभव मदद किया करते थे। सभी छात्र भी जातिभेद की भावना से परे एक साथ मिलकर रहते थे।
हाँ! केवल और केवल संस्कृत के अध्यापक..... जिन्हें सब गुरूजी कहकर पुकारा करते थे..... ऐड़ी तक का लम्बा धवल कुर्ता और धोती उनके पहनावे में शामिल थी..... पर थे बड़े ही खड़ूस ......माथे पर न जाने कितनी सिलवटें.......भौएं चढ़ी हुई.....यह उनकी खास पहचान थी। किसी से भी सीधे मुँह बात नहीं करते थे वे....।
एक बार की घटना है कि उन्होंने किसी बच्चे से पीने के लिए पानी मँगवाया....जब बच्चा पानी ले आया.... तो उससे उसकी जाति पूछ बैठे..... और जब पता चला कि वह बच्चा दलित वर्ग से है तो.... पानी पीने से तो मना कर ही दिया.....उल्टे उसी को दोष देने लगे कि गधे पहले क्यूँ नहीं बताया कि तू .......... है। यह घटना मेरे जहन में गहरे से घर कर गई........गाहे-ब-गाहे मेरे दिमाग में घूमती रहती थी.... गुरूजी के प्रति मेरे मन में ही नहीं सारे छात्रों में घृणा घर कर गई थी।
संदर्भवश याद आ गया कि एक दिन पी.टी. के अध्यापक माननीय बाबूराम शर्मा जी ने मुझसे पीने के लिए पानी लाने को कहा तो गुरू जी (संस्कृत के अध्यापक) का बर्ताव मेरे जहन में ऐसे खटका कि बाबू राम शर्मा जी से कह उठा कि सर! आपको पता है कि मैं जाटब जाति से हूँ.... मैं पानी ले आया ..... और आपने नहीं पिया तो मुझे कष्ट होगा...बाबू राम जी ने इतना सुना और मेरे कंधे पर प्यार भरी धौल जमाई और बोले.... गधे मैंने तुझसे पानी लाने के लिए कहा है.......तेरी जाति नहीं पूछी.....चल जल्दी से पानी ला........चल...।
संयोगवश बाबूराम शर्मा जी की एक और सोच याद आ गई। जैसा कि कहा जा चुका है कि कालिज में ज्यादातर गरीब परिवारों के छात्र थे...किसी के पास वर्दी होती थी.... किसी के पास नहीं....मेरे पास भी नहीं। जब कालिज में प्रार्थना होती थी तो बच्चों की वर्दी में एकरूपता कतई नहीं होती थी.... यह बाबूराम शर्मा का ही दिमाग था कि उन्होंने कालिज में एन.सी.सी. का कोर्स लागू करा दिया।....नया-नया कोर्स आया था उन दिनों... फिर क्या था...कालिज में ये कोर्स लागू करा दिया गया और सबसे पहले बाबूराम शर्मा जी ने उन बच्चों को एन.सी.सी. में भर्ती करा दिया जिनके पास पहनने को समुचित कपड़े नहीं होते थे... उनमें से एक मैं भी था..... न कद.... न काठी....शर्मा जी ने गरीब बच्चों के हितार्थ शारीरिक मापदण्ड को जैसे ताक पर उठा कर रख दिया था। कालिज के प्रधानाचार्य की सहमति उनके साथ थी...फिर काहे का डर...। और हाँ! इस प्रकार उन्होंने गरीब बच्चों की मदद करके न जाने कितने ही बच्चों की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया....।
आपको यह जानकर हैरत होगी कि स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, बी.बी. नगर (बुलंद्शहर) में समूचा स्टाफ ब्राहम्ण वर्ग से ही था केवल एक-दो अध्यापकों को छोड़कर..... याद पड़ रहा है कि एक थे एहसान अली सर और दूसरे थे .....सिरोही सर.... ऐसे में सोचा जा सकता है कि गरीब तबके से आने वाले छात्रों की शिक्षा का क्या आलम होगा.... किंतु वैसा कतई नहीं था जैसा आप सोच रहे हैं। गरीब तबकों से आने वाली छात्रों की शिक्षा का ही नहीं अपितु उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का भी .....सामाजिक और व्यक्तिगत रूप से पूरा ध्यान रखा जाता था। संदर्भ के चलते याद आया कि कालेज के प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा प्रार्थना से पहले ही कालेज के मुख्य द्वार पर आ खड़े होते थे..... हाथ में अंग्रेजों वाला छोटा सा रूल.......ऐसे झूलता था जैसे कितने क्रूर होंगे..... किंतु मैंने कभी अपने शिक्षाकाल में उस रूल का प्रयोग कभी-कभार ही करते देखा था। हाँ! तो होता यूँ था कि जो बच्चे प्रार्थना के बाद यानी कि कालेज देर से आते थे..... उनमें से गरीब तबकों से आने वाले छात्रों को वो कालेज के मुख्य द्वार पर ही रोककर मुर्गा बनाकर खड़ा कर देते थे....... और उनके चूतड़ों पर कभी रूल तो कभी घूँसा मारकर उनकी खबर लिया करते थे....... एक बार मैं भी इस जाल में फंस गया....... मुर्गा बनना पड़ा......किंतु मुझे हैरत हुई कि वो हमें सजा देते थे या फिर सीख.... वो अक्सर कहा करते थे...., “सोरे तुम्हारी माँ-बहनों के घास खोदते-खोदते पेटीकोट फट जाते हैं....... जब कहीं तुम्हें स्कूल भेज पाती हैं... और सोरे! तुम स्कूल भी समय से नहीं आ सकते.....पढ़ना तो दूर की बात... ये तो अमीर घरों के बालक हैं, ये पढ़ें ...ना पढ़ें .....इन पर कोई फरक नहीं पड़ने का ..... ये तो अमीर घरों के हैं....... दुकान पर बैठके डंडी मारके भी कमा लेंगे... तुम क्या करोगे?... तुम्हारी तो मैं खाल छील दूंगा........ देखता हूँ तुम कैसे नहीं पढ़ते हो.......।” उनके इन उदगारों को रखने के बाद मुझे नहीं लगता कि मेरे कालिज के ब्राहमण अध्यापकों के बारे में कुछ और कहना शेष रह जाता है। ग्यारहवीं-बारहवीं कक्षा में मेरी तो फीस भी प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा ही देते थे। जब कभी दलित-छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति मिलती थी तो कभी-कभी लौटा भी दी जाती .... कभी नहीं भी...... वो इस प्रकार के खर्चे अक्सर अपनी जेब से ही वहन किया करते थे।
छात्रवृत्ति की बात चली तो एक और वाकया याद आ गया कि वर्ष 1968 में प्रधानाचार्य महोदय ने सब बच्चों के वजीफे की लिए फार्म पूरे कराने की जिम्मेदारी मुझको सौंप दी थी....जिस दायित्व को मैं बखूबी इसलिए निभा पाया क्योंकि उस समय ‘बुलंदशहर जिला परिषद’ के सदस्य माननीय रामजीलाल जी (स्याने वाले) का हमारे घर भाई से मिलने आना-जाना अक्सर हुआ करता था। गौरतलब है कि उस समय मेरे भाई ग्राम प्रधान थे और रामजीलाल जी के दोस्त भी। इस कारण उनसे मेरी भी खासी जानकारी हो गई थी। इस वजह से कुछ छात्र-मित्र मुझे नेता की नजर से देखा करते थे और हाँ! उल्लेखनीय है कि 1968 में होने वाले इम्ताहन सिर पर थे किंतु मैं जनवरी के महीने में बहुत ज्यादा बीमार हो गया। बुखार निमुनिया में बदल गया। और मैं शरीर से एक मानुसिक खाका बनकर रह गया था।
इस दौरान, बहुत से साथी मुझ बीमार से मिलने आया करते थे। लेकिन हर बार आने वाले छात्र-दोस्तों में से ज्यादातर को यह शिकायत रहती थी कि हमें मिलने वाले बजीफे में से कालेज दो रुपये महीने के हिसाब से कटौती कर लेता है....जो कटौती नाजायज है/थी। उनकी बात सुनकर मैं भी ये कह देता था कि भई! ये तो सबकी अपनी-अपनी मर्जी का मामला है....जिसको कटवाना है कटवाओ.....नहीं कटवाना तो मत कटवाओ ...जरूरी थोड़े ही है। पता चला कि उनमें से किसी ने भी उस वर्ष भवन निर्माण के नाम पर वसूला जाने वाला चन्दा, यह कहकर नहीं कटवाया कि तेजपाल ने मना कर दिया है।
विदित है कि 1968 में बीमारी के कारण मैं बारहवीं कक्षा के परीक्षा में नहीं बैठ पाया था....जाहिर है बारहवीं की पढ़ाई जारी रखने के लिए पुन: दाखिले की आवश्यकता थी। कालेज खुलने पर मैं प्रधानाचार्य महोदय से मिला..... आदेश हुआ...... तुम्हें क्या परेशानी है..... कल आ जाना ...दाखिला हो जाएगा। ......मैं फिर अगले दिन आ गया....दाखिला नहीं हुआ। फिर अगले दिन कालेज आया तो प्रधानाचार्य महोदय ने बड़े ही सहज भाव में कहा कि बेटे! कालेज के हैडक्लर्क है ना बचेश्वर जी......उनका कहना है पिछ्ले वर्ष तुमने कालेज को कुछ आर्थिक हानि पहुँचाई थी... छात्रवृत्ति पाने वाले बच्चों में से किसी ने भी....छात्रवृत्ति में से भवन-निर्माण हेतु वसूली जाने वाली राशि नहीं कटवाई..... उन बच्चों का कहना है कि उन्होंने ऐसा तुम्हारे इशारे पर किया था.... । मैं गुमसुम यह सुनता गया... इसके अलावा कोई चारा भी न था। मुझे शांत देखकर प्रधानाचार्य महोदय बोले.... लेकिन तुम चिंता मत करो...... तुम्हारा दाखिला तो होना ही है......ठीक है......देखते हैं .....तुम कल आ जाना। .......। उनकी बात सुनकर उन्हें मैंने बताया कि मगर गुरूजी! मैंने तो बजीफा लेते समय दो रुपये महीने के हिसाब से बड़े बाबू को चन्दा देने की पेशकश की थी.....। यद्यपि मैं बीमारी की हालत में ही बैलगाड़ी में डालकर बजीफा लेने के लिए लाया गया था, उन्होंने ही वह राशि मुझसे नहीं ली...। और मुँह बनाकर कहा कि जब किसी ने भी चन्दा नहीं दिया तो तुम ही क्यों देते हो..। उन्होंने मेरी बात सुनी और कहा...कोई बात नहीं..... अब घर जाओ...कल आ जाना...। इसके बाद मैं अपने कलाध्यापक माननीय लोकमान्य शर्मा जी के पास कलाकक्ष में चला गया..... उनके चरण स्पर्श किए...... मेरा लटका हुआ चेहरा देखकर बोले, क्यों क्या हुआ... मुँह क्यों लटका हुआ है?.......(गौरतल है कि लोकमान्य शर्मा जी कुछ नाक में बोला करते थे।) बोले... दाखिला हुआ कि नहीं? मैंने सारी कहानी उनके हवाले करदी। वो उन दिनों चीफ प्रोक्टर हुआ करते थे। सारी कहानी सुनकर बोले.....अच्छा ऐसा है.... तू अब घर जा....कल आना। मैं घर लौट गया।
अगले दिन सुबह ही कालेज का सफाई कर्मचारी ‘स्वामी’ हमारे घर आया....बोला – बड़े गुरूजी ने बुलाया है कालेज....चलो। मैं उसका मुँह देखता रह गया..... मुझे उसकी बात पर यकीन ही नहीं हो रहा था। खैर! मैं उसके साथ ही कालेज को चल पड़ा...उसने रास्ते में बताया ...तुझे पता है कल कालेज में क्या हुआ..... हुआ यूँ कि कल लोकमान्य जी ने सभी दाखिलों पर रोक लगा दी और प्रंसीपल साहब के कहने पर टीचर्स की एक बैठक बुलाई गई...... मैं भी उस बैठक में चाय-पानी पिलाने के लिए हाजिर था...तेरे दाखिले की बात उठी तो लोकमान्य सर ने बचेश्वर सर से कहा कि वो तुझ पर लगाए गए इलजाम को लिखकर दें। ...... बस! फिर क्या था ... बचेश्वर सर से कुछ कहते नहीं बना....ना ही कुछ लिखकर देने को तैयार हुए.... उलटे प्रंसीपल सर से माफी और माँगनी पड़ी....... समझे आज तुम्हारा दाखिला हो जाएगा....ठीक है। और इस तरह मेरा बारहवीं कक्षा में पुन: दाखिला हो गया। शायद यथोक्त दो घटनाओं के कारण मेरे स्वभाव में संघर्ष की भावना ने घर कर लिया जो आज तक मेरे जहन में बरकरार है।
1.1.11 ऐसे थे मेरे प्राचार्य रामाश्रय शर्मा
खैर! मैंने नल लगा-लगाकर और कालिज के अध्यापकों, खासकर प्रधानाचार्य रामाश्रय शर्मा द्वारा प्रदत्त मासिक फीस व अन्य आर्थिक मदद से जैसे-तैसे 1969 में बारहवीं (विज्ञान) कक्षा भी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर ली थी। कभी-कभी तो रामाश्रय शर्मा जी से घर के खर्च के लिए भी पैसे ले लिया करता था। एक बार तो ऐसा हुआ कि मैंने किसी शनीवार में निजी खर्च के लिए कुछ पैसे मांगे तो रामाश्रय शर्मा जी ने अगले दिन कालिज में आकर पैसे ले जाने के लिए कहा किंतु अगले दिन इतवार का दिन था। मैंने कहा कि कल तो इतवार है गुरुजी .... कोई बात नहीं मैं कालिज आ जाऊंगा तुम पैसे लेने आ जाना। संयोग की बात है कि उस इतवार को घनी बारिश हो रही थी तो मेरे कभी तो कालिज जाने का मन बने और कभी नहीं... आखिर को इस सोच के तहत कि मैं अपने काम के लिए भी यदि कालिज न गया और गुरू जी आ गए तो वो मेरे बारे में क्या सोचेंगे...सो मैं बोरी का घौंसला सिर पर डालकर कालेज जा पहुंचा तो देखा कि शर्मा जी अपने आफिस के गेट पर खड़े होकर मेरे आने का इंतजार करा रहे थे। शायद उन्हें भी बारिश के कारण ये लगने लगा था कि वो अब नहीं आएगा। खैर! अच्छा ही हुआ कि मैं कालिज चला गया था, वर्ना शर्मा जी की नजर में शायद मैं गिर जाता। अंतत: मैं पैसे लेकर भीगता हुआ अपने घर आ गया। दरअसल पैसों की जरूरत तो मेरे भाई को थी। मैंने कहा भी था कि मैं कहाँ से लाऊँ। भाई साहब तपाक से बोले अपने प्रिंसीपल साहेब ले आ... तेरे को मना थोड़े ही करेंगे। भाई के दवाब में आखिर ये सब करना पड़ा... रहना तो घर में ही था न।
1.1.12 शिक्षक अभिनंदन समारोह
यथोक्त के आलोक में 25.02.1996 को शिक्षक अभिनंदन समारोह “दृष्टिकोण”, “मानव सेवी संस्था:” तथा “स्टेट बैंक साहित्य मंच” के संयुक्त तत्वावधान में गांधी शांति प्रतिठान में शिक्षक अभिनंदन समारोह तथा 'काव्य गोष्ठी' का आयोजन किया गया। समारोह में उपस्थित भारतीय स्टेट बैंक, स्थानीय प्रधान कार्यालय, नई दिल्ली के मंडल विकास अधिकारी व उपमहापबंधक श्री विष्णु मोटवानी तथा बैंक के ही दिल्ली आंचलिक कार्यालय के उप-महाप्रबंधक श्री. ए. पी. एन. पंकज ने स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, भवन बहादर नगर (बुलन्दशहर) के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री मूल चंद चौहान तथा सेवानिवृत्त प्राध्यापक सर्वश्री लोकमान्य शर्मा, सालिग्राम शर्मा तथा दिल्ली के के. बी. सक्सेना और रामभज का शाल तथा पुष्प भेंट करके उनके उत्तम शैक्षणिक एवं सामाजिक हित में रचनात्मक सहयोग के लिये सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कालेज के संस्थापक एवं सेवानिवृत प्रधानाचार्य श्री रामाश्रय शर्मा को विशेष रूप से याद किया गया। गौरतलब है कि वे रुग्णावस्या के कारण समारोह में उपस्थित न हो सके थे। 1975 में उन्हें राष्ट्रपति अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। इस समारोह के पीछ मुख्यतः दृष्टिकोण तथा स्टेट बैंक साहित्य मंच के संयोजक/ अध्यक्ष श्री टी. पी. सिंह की व्यक्तिगत आस्था ही परिलक्षित हुई। समता, बंधुता तथा मैत्री का एक स्मर्णीय मिसाल था। यूं समारोह से प्रभावित हो सबको अपना विद्यार्थी काल याद हो आया किन्तु विशिष्ट अतिथि श्री मोटवानी इतने भाव विभोर हो गये कि उन्हें अपना विद्यार्थी काल याद हो आया और सम्मानित अध्यापकों के सामने सहज भाव से नतमस्तक हो गए। श्री पंकज ने समारोह की भूरि-भूरि प्रशंसा की और दुख व्यक्त किया कि आज का युग उपभोक्तावादी हो गया है। नैतिक मूल्यों की रक्षार्थ इससे उबरना होगा। समारोह में जाने-माने कथाकार और पत्रकार श्री मोहनदास नैमिशराय ने भी भाग लिया। दूसरे चरण में कविता-पाठ किया गया जिसमें सर्वश्री श्याम लाल शमी, डा. कुसुम वियोगी, सत्यपाल चावला, अजय शर्मा , डा. रमेश कपूर, अखिलेश उनियाल, हर्ष महाजन, मीना शर्मा, राजपाल सिंह 'राज' एल. एन. सुधाकर आदि कई कवियों ने कविता पाठ किया। श्री पंकज के मधुर गीत से सभी झूम उठे। मंच का कुशल संचालन वरिष्ठ शिक्षाविद् श्री के. एल. बालू ने किया। समारोह प्रत्येक दृष्टि से सफल रहा।
(साप्ताहिक नई जमीन 12 मार्च से 28 मार्च 1995)
1.1.13 नौकरी के लिए संघर्ष
जैसा कि यहाँ ऊपर बताया जा चुका है कि नौकरी तलाश में तो मैं दसवीं पास करने बाद से लग गया किंतु किसी न किसी वजह से बात नहीं बनी और नौकरी की तलाश करते-करते बारहवीं पास करने के बाद सितंबर 1969 में, नौकरी की तलाश में मैं फिर जीजा जी के पास उनके गांव धमैड़ा कीरत (बुलंदशहर) गया। वैसे भी गर्मियों की छुट्टियां मैं अपनी बड़ी बहन के पास ही बिताता था। जीजा जी ने नौकरी के बारे में न तो कोई बात की और न ही मेरे पाँच सौ रुपए लौटाए। हां! इतना काम जरूर किया कि मुझे उन्होंने अपने बचपन के दोस्त “रामभज” के साथ दिल्ली भेज दिया। मेरे पास कपड़ों के नाम पर एक कमीज, एक पाजामा, एक शोलापुरी चादर और किर्मिच वाले कपड़े के जूते भर ही थे। दिल्ली आने का बस किराया भी रामभज जी ने ही दिया था।
दिल्ली में हम करोल बाग की टेंक रोड पर एक छोटे से घर में रहते थे। उसमें दो ही कमरे थे । एक कमरा किराये पर दिया हुआ था। और एक कमरे में हम दोनों रहा करते थे। घर में बाथरूम व पाखाना तक नहीं थे । उस समय संतनगर की पहाड़ियां खाली पड़ी थीं, उस इलाके के ज्यादातर लोग-लुगाई शौंच करने जाया करते थे। आज तो संत नगर में बहुमंजिला मकान बने हुए हैं।
टेंक रोड पर लगभग आमजन ही रहते थे। सो तब दिल्ली के इस क्षेत्र में अक्सर मध्यम तबके के लोग खाना बनाने के लिए कोयले की अंगीठी का प्रयोग किया करते थे। अब मेरे सामने सबसे बड़ा संकट ये था कि न तो मुझे अंगीठी लगानी आती थी और न ही खाना बनाना। खैर! धीरे-धीरे ये सब काम सीख लिए। हर शनीवार को रामभज जी गाँव चले जाते थे, इतवार की छुट्टी के बाद सोमवार को सीधे अपने आफिस ही चले आते थे। वो इर्विन होस्पीटल में मेडीकल स्टोर कीपर थे। ऐसे में इतवार और सोमवार को अकेले के लिए खाना बनाना कुछ-कुछ भारी काम लगता था। बस! रामजीलाल छोले वाले से दस पैसे के छोले लेना और तंदूर की चार रोटी लेकर पेट-पूजा कर लेता था।
यह उल्लेख करना भी आवश्यक है कि 1969 में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करके जब मैं दिल्ली आया तो दिल्ली में रुके रहने और नौकरी की तलाश में बने रहने के लिए मुझे रामभज जी ने गोल मार्किट की बेयर्ड रोड पर स्थित “ओनिलको कैमिस्ट” नामक एक दुकान पर केवल दो रुपए रोज के वेतन पर कार्य दिला दिया था। रविवार के पैसे कटते थे। लेकिन सरकारी नौकरी की तलाश में बराबर लगा रहता था। अंतत: सन 1971 में मैं दिल्ली ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (डी.टी.यू.) में दैनिक दिहाड़ी पर संवाहक के पद पर नियुक्त हुआ। वह भी केवल चार रुपए रोजाना। कभी काम मिला, कभी नहीं। इसी दौरान मुझे एक ऐसी ड्यूटी मिल गई जो सुबह के दस बजे ही समाप्त हो जाती थी। या फिर कभी दिन में नौकरी करता तो शाम खाली। रात को काम करता तो दिन खाली। इस खाली समय की भरपाई के लिए मैंने टेंक रोड क्षेत्र के पार्षद माननीय बाबूलाल केलकर के माध्य्म से ईस्ट पटेल नगर स्थित “ दिल्ली पब्लिक लायबरेरी” की सदस्यता हासिल करली। इसी दौरान करोल बाग अजमल खाँ पार्क के सामने स्थित फ्री कोचिंग सरकारी सेंटर में कोचिंग भी करने लगा।
इसके बाद लगभग 1972 में कर्मचारी भविष्य निधि आयोग (भारत सरकार) में लिपिक के रूप में नौकरी मिल गई। फिर भी मैं कोई अच्छी सी नौकरी की तलाश में लगा रहता था। किंतु अब रामभज जी मेरी इस कवायद से कुछ-कुछ खफा से दिखने लगे थे। उल्लेखनीय है कि वो चपरासी से प्रमोशन लेकर, उस समय कनिष्ट लिपिक थे।... और दिल्ली सरकार के एक स्कूल से एस. डी. .ओ के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
एक बार तो उन्होंने बातों-बातों में कह भी दिया था कि बारहवी करके, अब तू कलेक्टर बनेगा। यह उनकी ही नहीं, अक्सर हर व्यक्ति के व्यवहार में देखने को मिलता है कि उससे ऊपर कोई और न पहुँचे, शायद उनके मन में भी कुछ ऐसी ही भावना घर कर गई हो। लेकिन मैं उनकी बातों को हंसकर टाल देता था। दरअसल वो मुझे पुत्र तुल्य और मैं उन्हें पिता तुल्य समझता था। किंतु मैंने किसी और अच्छी नौकरी की तलाश जारी रखी । अंतत: मैं 29 अप्रैल 1974 को भारतीय स्टेट बैंक में बतौर टंकक-लिपिक भर्ती हो गया। लेकिन बैंक में नौकरी लगने के बाद रामभज जी जाने क्यों, मुझसे इतने खफा हो गए कि मुझे अपने घर से निकाल कर अलग कर दिया। जब मैं कालका जी (दिल्ली) के पास बसी बस्ती गोविंद पुरी में किराए के मकान में रहने लगा क्योंकि गोविंदपुरी ओखला और बदरपुर के पास ही पड़ता है।
खैर! मेरी पहली पोस्टिंग बैंक की ओखला शाखा में हुई किंतु यहाँ के तब के शाखा प्रबंधक मि. कौल ने यह कहकर कि उन्हें तो अंगेजी टाइपिंग जानने वाले कर्मचारी की आवश्यकता है, मुझे जोइन नहीं कराया। अब मैं मानसिक रूप से बहुत परेशान था क्योंकि इससे पहले वाली नौकरी छोड़ चुका था। अब मैं वापिस बैंक के संसद मार्ग स्थित हैड आफिस गया और संबंधित अधिकारी से मिलकर सारी गाथा सुनाई। संबंधित अधिकारी का उपनाम रत्नम था। उन्होंने तुरंत ओखला के शाखा प्रबंधक को फोन किया और शाखा प्रबंधक को आदेश दिया कि इसे आज ही भर्ती करने के बाद आपको शाखा बंद करनी है। क्या आपको पता नहीं कि नए भर्ती लिपिक का टाइपिंग टैस्ट जाइन करने के छ: महीने बाद लिया जाता है? और ये ही हुआ... मैं ओखला शाखा में वापिस गया और इस तरह मैं 29.04.1974 को बैंक में भर्ती हो गया।
कुछेक महीनों बाद मेरा स्थानातरण नई-नई खुली बदरपुर शाखा में कर दिया गया। इस शाखा में मुझे शाखा प्रबंधक के सहायक के रूप में रखा गया। अब तक मैं अंग्रेजी टाइपिंग भी सीख गया था। शाखा प्रबंधक के सहायक के रूप में मेरी तैनाती अन्य लिपिकों को खलने लगी क्योंकि इस शाखा में मेरे साथ भर्ती हुए सभी कर्मचारी स्नातक या फिर स्तानकोत्तर थे। वे सब थे भी दिल्ली के ही।.... और अपने दलित समाज के भी। उनमें मैं ही केवल बारहवीं पास था और दिल्ली के बाहर के गांव का भी। मेरे शैक्षिक स्तर को लेकर वो आपस में कुछ न कुछ अप्रिय बातें करने से बाज नहीं आते थे। उनकी ऊल-जलूल बातों का मुझे ये लाभ मिला कि 1975 में मैंने स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने के लिए मेरठ यूनिवर्सिटी (अब: चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी) से पत्राचार पद्धति के तहत जरिए 1977 में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। यथोक्त कथन में मेरे पिता, माँ, भाभी और भी का जिक्र कई बार आया है किंतु उनके आचरण, कार्य-शैली आदि-आदि का कोई भी जिक्रे कहीं भी नही किया तो मेरा मन है कि उनके विषय में भी विस्तार से कुछ लिखा जाए। तो सबसे पहले मैं अपनी भाभी-माँ का जिक्र करना चाहूँगा ।
1.2 घर-परिवार: परिजन
1.2.1. माँ
ऊपर बताया जा चुका है कि गाँव में चार-पाँच परिवार ही ऐसे थे जिनके पास खेती की जमीन नहीं थी। उनमें से एक घर हमारा भी था। पिता के देहांत के बाद घर में बड़े भाई ही अकेले कमाऊ व्यक्ति रह गए थे। पिता जी खेती-बाड़ी में मजदूरी करते थे तो बड़े भाई उस समय जमीन से पानी निकालने वाला हैंड-पम्प लगाया करते थे।
.....आमदनी अच्छी होती थी। 1965-66 में एक हैंड-पम्प लगाने के औसतन चालीस-पैंतालीस रुपये मिल जाया करते थे। दरअसल देहातों में पानी वाला नल लगाने का वह पहला-पहला दौर था..... यहाँ यह जानना अति आवश्यक है कि हमारे इलाके में हैंड पम्प लगने जैसे शुरु ही हुए थे इसलिए हैड पम्प लगाने की मजदूरी, तकनीकी काम होने के कारण, आम मजदूरी से कुछ ज्यादा ही होती थी। मजदूर का एक दिन का मेहनताना केवल चार-पांच रुपए हुआ करता था। एक हैंड-पम्प लगभग एक-दो दिन में लग जाया करता था। हाँ! यह बात जरूर थी कि काम रोजाना नहीं मिलता था। महीने में बामुस्किल दस-पद्रह दिन ही काम मिलता था। लेकिन भाई साहब बहुत खर्चीले थे। उन्हें खाली समय में ताश खेलने और बीड़ी पीने से फुरसत मिलती तो ग्राम-प्रधानी के काम में बिता देते थे। गौरतलब है कि वे ग्राम प्रधान भी थे। सो घरलू काम-काज से कम ही मतलब रखते थे।.... घर आए, खाना खाया और सो गए इसलिए माँ उनपर हमेशा नज़र रखती थी।
भाई जो भी पैसे कमाकर लाते, माँ को सौंप देते थे। यहां यह बताना अतार्किक नहीं होगा कि मेरी माँ अनपढ़ होने के बावजूद पैसे के रख-रखाव के साथ-साथ ज़हनी तौर पर एक राजनेता के जैसी थी। कौन काम कब करना है, कैसे करना है, पैसा कब, कहाँ और कितना खर्च करना है, कितनी बचत करनी है, उसे वह बखूबी अंजाम देना जानती थी। माँ के गोरे-चिट्ठे छरेरे बदन और ठिगने कद को देखकर माँ की इस कैफियत के विषय में आसानी से कुछ जान लेना, किसी के लिए भी आसान नहीं था।
गाँव में ही नहीं अपितु पड़ोसी कस्बे के जानकार भी माँ को फूफी या बहन के रिश्ते में देखते थे। सबसे अच्छे रसूख रखना उसे बहुत भाता था। एक खेतीविहीन मजदूर की पत्नी होने के बावजूद घर में पाँच-छ्ह भैंस रखती थी। पड़ोसी कस्बे सठला के एक जमींदार की पंद्रह-बीस बीघा खेतीहर जमीन को लगान पर अथवा बटाई पर हमेशा लेकर कास्त करती थी।
1.2.1.1. कूटनीतिज्ञ भी....
उन दिनों घरों में अलमारी आदि जैसी कोई चीज नहीं होती थी। घर में अनाज रखने के किए कुठला/कोठी या फिर बड़े-बड़े घड़ों का प्रयोग किया जाता था। पैसे रखने के लिए भी यही साधन उत्तम समझे जाते थे। लेकिन माँ पैसे रखने के लिए अक्सर अनाज अथवा दालों से भरे हुए मटकों का प्रयोग किया करती थी। जब मुझे कुछ-कुछ समझ आने लगी तो माँ अक्सर मुझसे ही पैसे रखवाने का काम करवाती थी। पैसे-धेले के मामले में घर में जहाँ मां का साम्राज्य था, वहीं घर की रसोई और घर की देखरेख का जिम्मा भाभी का था। बच्चों की देखभाल का जिम्मा भी भाभी का ही था। देखा तो यह भी गया कि अच्छे-अच्छे बड़े घरवाले लोग भी माँ के पास अनाज माँगने के लिए आते थे। माँ थी कि कोई माँगता पाँच सेर, तो देती थी तीन सेर। ऐसे ही पैसे के लेन देन के मामले में देखने को मिलता था। शादी-ब्याह के मौकों पर कई लोग माँ से पैसे उधार मांगा करते थे।
ऐसे मौके तो बहुत ही कम देखने को मिले जब माँ से किसी को पैसे देने के लिए मना न किया हो। नकारा लोग तो माँ के पास फटकते ही नहीं थे। होता यूँ था कि पैसे तो घर पर रखे होते थे किंतु वह मांगने वाले से हमेशा यही कहती थी कि अच्छा ठीक है भैया......., लाला के पास जाऊंगी, पैसे मिल गए तो तुम्हें दे दूंगी। लाला के पास जाती तो सर्दी-गर्मी में मुझे साथ ले जाती थी। इस प्रकार माँ ने कभी भी किसी को न तो पूरे पैसे दिए और न ही शादी-ब्याह के समय से ज्यादा पहले। यह सब देखकर अनजाने में मुझे बड़ी हैरत होती थी। एक दिन मैंने माँ से उसके इस बर्ताव के विषय में पूछ ही लिया कि वह ऐसा किस लिए करती है। माँ ने कहा तू अभी बालक है, अभी नहीं समझेगा तू.....। सुन–अनाज माँगने वाले को यदि एक बार में ही मुंह-माँगा अनाज मिल जाएगा तो वो फिर दोबारा जल्दी थोड़े ही आएगा....... समझा कि नहीं। और यदि पैसे माँगने वाले को मुंह-माँगे पैसे और वह भी काम के समय से ज्यादा पहले मिल जाएं तो वह फिजूल-खर्ची कर बैठेगा।........... इस तरह वह पैसे की फिजूल-खर्ची का हमेशा ध्यान रखती थी। इस माने में माँ न केवल एक बनिया थी अपितु सबके बुरे-भले का पूरा ख़याल रखती थी, यह कहना ग़लत न होगा।
1.2.1.2. तकरार भी ममता भी....
एक घटना और याद आ रही है। मैं चौथी या पांचवीं कक्षा में रहा हूंगा कि एक दिन भाभी और माँ के बीच किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि भाभी भाई पर ऐसी बिफरी कि भाई के पास भाभी का साथ देने के अलावा शायद कोई और रास्ता नहीं रह गया था। माँ को यह सब गवारा न हुआ। आखिर थी तो वह भी औरत,...... उतर आई जमीन पर। .....गुस्से में भाई से बोली – ठीक है जोरू के गुलाम....... तू मेरे से मर गया और मैं तेरे से। अपनी घरवाली को साथ लेकर इसी टैम निकल जा घर से बाहर। कहीं भी जा...बस! इसी टैम चला जा...इतना सुनकर भाई ने भाभी का हाथ पकड़ा और बढ़ने लगे दरवाजे की ओर...... तू-तू मैं-मैं में कुछ और समय गुजर गया। यह सब देखकर मुझसे और कुछ तो बना नहीं, मैं जोर-जोर से रोने लगा और माँ की टांगों से चिपट गया। पर ये क्या, माँ ने मुझसे बड़े ही धीरे से कहा - मुझको छोड़..... भैया को पकड़। मैंने रोते हुए माँ के मुंह की ओर देखा और भाई को छोड़कर भाभी की टांगों जा चिपका और जोर-जोर से रोने लगा। कुछ देर रोता रहा। कभी माँ की ओर देखता तो कभी भाभी की ओर। आखिर भाभी टूट गई और मुझे बाहों में भरकर वह भी सुबकने लगी। हाथ में लगा सामान तुरंत नीचे रख दिया और मुझे लेकर अंदर कोठे (कमरे) में जा बैठी। इस प्रकार माँ और भाभी के बीच की रार अंजाम को पहुंच गई। तूफान के बाद वाली शांति घरभर में पसर गई। आज जब मैं माँ के इस व्यवहार के बारे में सोचता हूँ तो केवल सोचता ही रह जाता हूँ। माँ बच्चों से कितनी ही भी खफा हो जाए किंतु उसके मन में ममता का जो सागर होता है, वह कभी सूख नहीं पाता।
1.2.1.3. दबंगई की मिसाल......
माँ के बारे में न जाने कितनी ऐसी घटनाए हैं कि यदि उन सबका उल्लेख करने लग जाऊँ तो शायद ही मैं उन्हें पूरी कर पाऊँ....फिर भी चलते चलते एक और घटना का जिक्र इसलिए करना चाहूँगा कि उड़ान के लिए ताकत की कम धैर्य और हौसले की ज्यादा आवश्यकता होती है। आपने भी सुना होगा कि गए समय में लूट-खसोट करने वालों के अपने-अपने इलाके होते थे। देहातों में तो शायद आज भी होते हैं। हमारे इलाके में एक जाना-माना चेहरा था....सोबना डाकू.... सब उसे डाकू कहते थे पर काम करता था राहजनी या फिर लूट-खसोट का ...... लेकिन इलाके भर में था नामी। सर्दियों के मौसम में, एक दिन की बात है कि मैं और माँ चूल्हे में आग जलाकर बैठे थे.... अंदाजे से रात के करीब नौ-दस बज रहे होंगे.... गाँव का एक आदमी दौड़ा-दौड़ा हमारे घर आया और यह कहते हुए माँ के पाँवों में आ गिरा...उसके पाँव पीछे और सिर माँ के पैरों में था ....फूफी... फूफी.... आज बच गया मैं..... आज रास्ते में सोबना मिल गया था.... उसने मेरे लत्ते-कपड़े सब उतरवा लिए थे.... एक बार को लगा कि वह मुझे मार डालेगा.... मेरी तो धिग्घी ही बन्ध गई थी..... घबराकर मेरे मुँह से निकल गया कि भैया मैं तो मंडईयों का हूँ... इतना सुनकर वो रुका और मुझसे पूछा ...... फिर ये बता तू फूफी को जानता है...मैने तपाक से कहा...हाँ! भैया मैं फूफी को जानता हूँ....फूफी के पड़ोस में ही हमारा घर है.... सबका बड़ा ख़याल रखती है फूफी...यकीन ना हो तो कल गाँव में आकर पूछ लेना..... बस! फूफी! उसने इतना सुना और मुझे छोड़ दिया... और कहा आज से आगे कभी रात-बिरात इस तरह घर से बाहर मत निकलना ....नहीं तो...। इतना सुनकर माँ बड़े आराम से बोली, “अरे! तो अब मरा क्यूँ जा रा...य। उठ..... तने तो मैंई डरा दई...त....उन्ने बुरा क्या कई...रात में कहाँ घूमता फिर रयो था..... चल घर जा... कोई चिंता की बात ना है...... अब कभी आगे ऐसा होवे तो फूफी का नाम ले दीजो... समझा कि नईं...।फूफी-भतीजे की बात तो खत्म हो गई......किंतु मैं सोचता रह गया कि ये पाँच फुटी औरत है.... या फिर कुछ और........इससे पहले मेरे ऐसे प्रश्नों का उत्तर मिल पाता.....माँ दुनिया से कूच कर गई.....।
अब आप सोच सकते हैं मेरी माँ के कृतित्व और व्यक्तित्व के बारे में...... मुझे शायद कुछ भी कहने की आवश्यकता नहीं है। किंतु यदि मैं अपने परिजनों के विषय में कुछ न लिखता तो मेरे जीवन की कहानी जैसे अधूरी इस लिए रह जाती क्योंकि वो सब ही तो मेरी जीवन-यात्रा के स्तम्भ हैं। ....... यहाँ जो भी तथ्य दिए गए हैं...... मेरी यह पूरी जीवनी नहीं है.....क्योंकि पता नही अभी भविष्य की कितनी यात्रा बाकी है। सो भविष्य के बारे में इस पुस्तक में कुछ भी कहना अनुचित ही होगा। अभी तो जीवन चल ही रहा है...... सुबह से शाम होने तक का सफर शाम होने से पहले भला कैसे लिखा जाए।
1.2.2. भाभी माँ:
1.2.2.1. एक
आज जब मेरे संगी-साथी इस सत्य को जान गए हैं कि मेरे माता-पिता का देहांत मेरे बचपन में ही हो गया था। तो जाहिर है कि लोग आज मेरे विकल बचपन के बारे में न जाने कैसे-कैसे प्रश्न पूछते हैं ..... यथा ऐसे में मेरे बचपन की प्राण-प्रतिष्ठा कैसे....और किसके द्वारा संभव हो पाई, तो मैं जैसे सकते में आ जाता हूँ... वह इसलिए कि अनाथ का कोई एक पालनहार नहीं होता..... और यदि ऐसा हो भी तो इस जिम्मेदारी को उठाने का क्लेम सभी घर वाले करते हैं......कोई कहेगा कि मैंने पढ़ाया था इसे.... नहीं तो....., कोई कहेगा कि तूने स्कूल में भेज तो दिया, पर फीस तो कई महीने की मैंने ही दी थी...... कोई कहेगा कि ठीक है.... मान लिया कि तुमने ही इसे पढ़ाया ...... पर लत्ते-कपड़े की पूर्ति तो मैंने ही की थी...... उसके कामयाब होने पर न जाने कितने पैरोकार पैदा हो जाते हैं.... बेचारा अनाथ किस-किस का एहसान चुकाए....वो जीवन भर अपने अनाथ होने के भार के नीचे दबा ही रहता....है ।किसी का भी एहसान नहीं चुका पाता... ऐसा दावा करने वालों में फिर चाहे बहन हो, भाई हो या फिर कोई और... यह भी हो सकता है, जिसने कभी उसके मरने-जीने का खबर तक न ली हो.... वो भी उसे पालने के दावे ठोकता हो। ऐसा मेरे साथ भी रहा..... उस वक्त जब मैं खुद अपनी साँसे गिनने की अवस्था में आ गया था... मैं भी ऐसे ऋणों से आज तक मुक्त नहीं हुआ हूँ।
किंतु मैं यह भी सोचता हूँ कि कोई न कोई तो इस प्रश्न के केन्द्र में होता ही है जिसकी चर्चा करना ही चाहिए। ...तो वो थी मेरी भाभी...उसके एहसान अदायगी का मुझे इससे अच्छा कोई माध्यम नजर नहीं आ रहा है कि मैं उसके मेरे प्रति लगाव को एक दो उदाहरण देकर आप सबके सामने रखूँ........मेरे इस लिखे का भाभी को तो कोई खबर नहीं होगी किन्तु इसे पढ़कर शायद मेरे मनत्व से आप परिचित हो जाएंगे। ... और हाँ! आज जब मैं यह उल्लेख कर रहा हूँ...... मेरे भाई – बहनों में से कोई भी यह सुनने को बाकी नहीं है..... अन्यथा तो उनका पारा झेलना मुझे भारी पड़ जाता।...... सच्चाई कड़बी होती है ना...?
सपने आना एक सत्य है। सब सपने देखते भी हैं और बुनते भी हैं।.... बुनने भी चाहिएं। खुली आँखो सपने देखना तो अपने वश की बात होती है किंतु नींद में सपनों का आना...... अपने वश की बात नहीं होती। मैं दोनों ही अवस्थाओं से गुजरा हूँ...... नींद में भी सपने देखे भी हैं..... और पाले भी हैं। ....अक्सर ही ऐसा होता था कि थोड़ी-बहुत पढ़ाई करके जैसे ही नींद में घिरता... यानी सोता तो छोटे-बड़े सपनों का आना एक सहज अवस्था होती थी।
मैं घर के अगले भाग में बनी दुकड़िया में अक्सर अकेला ही सोता था। भाई-भाभी और उनके बच्चे अन्दर वाले कोठों (कमरों) में सोते थे। अब मैं जैसे-तैसे बारहवीं कक्षा में आ गया था। रात को देर तक पढ़ना मेरा नित्य कर्म बन गया था। कई बार पढ़ते-पढ़ते आँखों में नींद भर आती तो दीया बन्द करता और सो जाता...। कुछ घरों में दीए की जगह लालटेन ने ले ली थी किंतु मेरे पास अभी भी दीया ही था। एक दिन की बात है कि मैं पढ़ते-पढ़ते थक-हारकर दुकड़िया का दरवाजा बन्द किए बगैर ही सो गया..... दीया भी जलता ही रह गया। सोया ही थी कि मैं स्वप्न की चपेट में आ गया। स्वप्न में एक धवल-वस्त्रा रूपसी..... उम्र में मुझसे काफी बड़ी.. मेरे सिरहाने ऐसे आकर खड़ी हो गई कि जैसे मेरी और उसकी बहुत पुरानी दोस्ती हो। (......हालाँकि बारहवीं कक्षा और...लड़की से दोस्ती उस गए समय में कहाँ संभव था।) उसका बर्ताव प्रौढ़ अवस्था वाला ही लग रहा था...सिरहाने से झुक कर उसने सहसा मेरा माथा चूम लिया.... और कहा, “अब तुझे मेरे साथ चलना होगा।” इतना कहकर वो अचानक गायब हो गई ... मेरी नींद भी टूट गई। खाट में पड़ा – पड़ा जाने क्या-क्या सोचता रहा.... कभी-कभी इधर-उधर ताक-झाँक करके जैसे उसकी तलाश करता... फिर न जाने कब नींद आ गई और मैं सूरज के उगने पर ही उठा।
ये ग्यारह जनवरी 1968 का दिन था। जब सवेरे उठा तो पाया कि मुझे बड़े जोरों का बुखार चढ़ा हुआ था..... शायद सपने से घबरा कर। अचानक भाभी दुकड़िया में आई और बोली आज उठना नहीं क्या...। मैंने भाभी की ओर मुँह घुमाते हुए उसे देखा...वो मेरा चढ़ा हुआ चेहरा देखकर सकते में आ गई.... उसने मेरे माथे पर हाथ रखा और सन्न रह गई।... तेज गर्म माथा देखकर..... घबरा गई और ...भरी हुई आँखें लेकर मुझे डांटने लगी, “ तूने मुझे बताया क्यूँ नहीं ..... मेरी तबियत खराब है।” वो मुझे डांटे ही जा रही थी...... और मैं मूक बना उसका चेहरा देखकर खुद घबरा रहा था।.... कहता भी तो क्या कहता.......मुझे खुद ही कुछ पता नहीं था।..... भाभी ने मुझे हाथ पकड़कर बिठाया......और मेरे पास ही बैठकर जाने क्या-क्या विलाप किए जा रही थी। दरअसल भाभी मेरी कुछ ज्यादा ही चिंता किया करती थी। वो मेरी भाभी कम और माँ ज्यादा थी। भाभी के मुझसे पांच-छह महीने बड़ी एक लड़की थी। मुझे बताया गया कि जब मैं बहुत छोटा था तो माँ की एवज भाभी ही मुझे स्तनपान करा दिया करती थी। इस पर किसी को कोई एतराज भी नहीं होता था। मेरे स्कूल आने-जाने का ख़याल न तो भाई को और न ही माँ को रहता था, यह काम भी भाभी का ही होता था। भाभी के कोई लड़का नहीं था। वह मुझे ही बेटे के जैसा प्यार देती थी। माँ जब भैंस का दूध निकालती थी तो मुझे रोजाना भैंस के पास बिठाकर ताजा निकाला गया कच्चा दूध पिलाया करती थी।
मेरे हक में जो बात रही वो थी कि भाभी ने ये सारी कहानी बड़े भाई को पूरा दिन गुजर जाने के बाद दी। वैसे वो उन्हें समय से बता भी देती तो उन पर कोई फरक नहीं पड़ने वाला था। उन्हें ताश खेलने और नेतागीरी करने के अलावा किसी से कोई मतलब नहीं था।
खैर! देखते-देखते भाभी ने तमान टोने-टोटके कर डाले...मेरी अवस्था बिगड़ती जा रही थी।.... जैसे मूर्छित अवस्था में था....प्रशिक्षित चिकित्सक तो गाँवों में उस समय होते ही नहीं थे...टोने-टोटके और बाबाओं की दुआओं के बल पर ही गाँव जिन्दा रहा करते थे। सो भाभी ने भी तमाम देवी-देवताओं के नाम की मिट्टी के भेलियाँ (प्रतीक) बनाकर मेरी खाट के सिरहाने पर तैनात कर दीं...कुछ नीम की पत्ते वाली टेहनियाँ भी मेरे सिरहाने रखदीं। यह सब कुछ मैंने होश आने पर देखा...किंतु पता नहीं क्यों ये टोने-टोटके मुझे जन्म से ही पसंद नहीं आए?.....स्वत: ही मेरी मानसिकता बनी हुई थी...किसी सोच के तहत नहीं। ऐसे ही एक-दो दिन निकल गए.... मैं अक्सर देवी-देवताओं के नाम की मिट्टी की उन भेलियों को ही देखता रहता... भाभी कुछ पूछती तो इधर-उधर गर्दन हिला देता...... और “कुछ नहीं” कहकर भाभी से पीछा छुडाता। एक दिन मौका पाकर मैंने सभी देवी-देवताओं की भेलियाँ बारी-बारी से दुकड़िया के आगे वाली गंदी नाली में फेंक दीं।
जब भाभी को मेरी इस हरकत का पता चला तो वो आग-बबूला हो गई। जाने क्या-क्या न कहा उसने मुझे। कहती भी क्यों न......मैं जैसे उसका बड़ा बेटा था। मुझे बताया गया था कि जब मैं नवजात शिशु था तो वो मुझे अपने स्तनों से दूध पिलाया करती थी। यहाँ गौरतलब है कि भाभी की बड़ी बेटी लगभग मुझसे केवल छ: माह बड़ी थी। सो इस दूध स्तनपान कराने की बात पर भरोसा किया जा सकता है। .....वो मुझे खोना नहीं चाहती थी..... खैर! दो-तीन माह की बीमारी के बाद मैं ठीक हो गया। मौत के मुँह से तो निकल आया किंतु ग्यारह मई 1968 तक बिस्तर पर रहने के कारण मैं 1968 में बारहवीं की परीक्षा भी नहीं दे पाया।
1.2.2.2. दो
अब जब सब कुछ सामान्य हो गया तो मुझे अलग तरह के सपने आने शुरू हो गए। एक रात मैंने सपने में शौंच की। शौंच को खुलकर आई किंतु पेशाब की चन्द बूद ही आईं कि झटके से नींद टूट गई...... थोड़ी देर में पुन: सो गया। सुबह उठा तो खबर मिली कि गाँव के ही फलाँ ....... राम का निधन हो गया है। इसे एक संयोग मानकर मैं शांत रहा और किसी को भी अपने सपने के बारे में कुछ भी नहीं बताया। ....... कुछ दिनों बाद फिर ठीक पहले जैसा ही सपना फिर आया..... सुबह उठने पर खबर मिली कि आज ..... फलाँ......राम का निधन हो गया। ....मैंने सपने की कहानी फिर भी किसी को नहीं बताई..... और मन ही मन परेशान और मौन रहने लगा.... किसी से कोई बात करने का मन ही नहीं करता था। कुछ दिन तो यूँही गुजर गए किंतु मेरा मौन भाभी को खटकने लगा.... उसे लगा कि मुझे कुछ परेशानी है।.... वो मुझसे अक्सर मेरी परेशानी का सबब पूछने लगी.......क्या हो गया है तुझे? बताता क्यों नहीं... जब चुप रहने को कहा जाता था तो चुप नहीं रहता था और अब.......जब किसी ने कुछ कहा भी नहीं तो चुप रहने लगा है....क्यों? मैं शांत ही रहा..... कुछ भी तो नहीं कहा गया मुझसे....... इस सिलसिले के चलते शाम हो गई.... नौ-दस बजे होंगे कि भाभी अपने कमरे में सोने चली गई और मैं दुकड़िया में चुप्पी ओढ़कर ही सो गया।..... सोया ही था कि वही पुराने वाला सपना फिर दिखा कि मैं भन्नाकर जग गया और बिना कुछ सोचे-समझे भाभी के पास जा पहुँचा.....ठीक-ठीक समय तो पता नहीं .... हाँ! प्रात: के लगभग चार –पाँच बजे होंगे। गौरतलब है कि उन दिनों घड़ी तो कुछ ही नामचीन लोगों के पास हुआ करती थी..... हमारे पास नहीं थी.... उन दिनों आसमान के तारों को देखकर ही समय का अन्दाजा लगाया जाता था।
भाभी को ऐसे झकझोरा कि जैसे कोई भूचाल आ गया हो। वह बड़ी मुश्किल से उठी...... मुझे अपने सामने देखकर जैसे घबरा गई.... आब देखा न ताव..... मुझे अपनी बाहों में भर लिया.... मैं अवाक था..... भाभी को किसी अनहोनी का भान हुआ और उसकी आँखे भर आईं ...... रुआँसे स्वर में बोली..... आ....अब बता क्या हो गया है तुझे...पता नहीं ...क्या हो गया है मेरे लाल कू......। इतना होने पर मैंने सोचा कि अब मुझे सब कुछ बता देना चाहिए...... मैं अचानक भावाबेश में कह उठा, “ गाँव में कोई और मरने वाला है आज। …इतना सुनकार....भाभी ने मुझे एक जोरदार चांटा रसीद कर दिया और फिर दुखी मन से बोली, “पढ़ता-लिखता तो है नहीं..... पता नहीं फालतू की बातें कहाँ से लाया है.. इतना कहकर उसने पुन: एक और चांटा मारा ..... और मुझे सीने से लगाकर फफककर रोने लगी। मैं रोता हुआ दुकड़िया की ओर बढ़ा और सो गया...... ।
भाभी अपने कमरे में ही सो गई। जैसे ही दिन निकला.... खबर उड़ी कि आज फलाँ.....फलाँ राम मर गया। भाभी ने ज्यूँ ही खबर सुनी.... भागी-भागी दुकड़िया में आई और झटके से मुझे जगाया। मेरा हाथ पकड़कर मुझे खींचकर अन्दर वाले कमरे में ले गई।....
कहा-सुना कुछ भी नहीं....उसने मुझे जोर का झटका देकर खाट पर बिठा दिया.....कहा, “चुपचाप यहीं बैठा रह..... बाहर बिल्कुल मत निकलना.....बाहर निकला तो इतना मारूँगी कि रोना भूल जाएगा। मैं कुछ भी नहीं समझ पा रहा था.... भाभी ने मुझे कुछ बताया भी नहीं...... मैं चुपचाप खाट पर लेट गया। मैंने देखा कि भाभी के चेहरे पर मेरे प्रति गुस्से की एवज चिंता का भाव ज्यादा था। कहा. “आज घर पर ही रहना, स्कूल मत जाना।” जब मुझे पता चला कि आज गाँव में कोई मर गया है तो मुझे यह समझने में देर नहीं लगी कि भाभी की चिंता का कारण क्या है।
कुछ ही दिन गुजरे थे कि मैंने भाभी को फिर किसी और के मरने की बात कही, वह भी भौर हुए। यह सुनकर उसने पहले मुझे ताका और तपाक से एक चांटा जड़ दिया...... और न जाने अनाप-सनाप क्या-क्या न कहा मुझे। इसके बाद वो मुझे अपनी बाहों में भरकर फफक-फफक कर रोने लगी। पढ़ी-लिखी नहीं थी.... अनपढ़ थी। “क्या हो गया है मेरे लाल कू” यह उसका जुमला बन चुका था। अब भाभी को किसी के मरने-जीने का दुख नहीं रह गया था। उसे दुख था तो महज इस बात का कि कहीं कोई भूत-प्रेत तो मेरे सिर नहीं चढ़ बैठा है। आज उसने मुझे न डांटा और न फटकारा.... मुझे अब तक यह भी पता नहीं था कि भाभी ने भाई को भी मेरे बारे में कुछ बताया है कि नहीं। खाना बनाया, खिलाया और रुआँसी सी चुपचाप एक कौने में बैठ गई मगर उसकी नजरें घर के दरवाजे पर टिकी थीं। देखा कि भाई के साथ एक तथाकथित “भगत” (बाबा) घर में प्रवेश कर गए..। उसे देखकर मैं भाई से पूछ बैठा, “किसलिए लाए हो इसे? और मैंने भगत को भाग जाने को जैसे ही कहा कि भाई ने मुझे डांट दिया. “एकदम चुप रह।” किंतु मैं चुप न रह सका। और इस तरह भगत खुद ही घर से चला गया। बदले में भाई ने एक जोर का चांटा रसीद कर दिया। भाई का यह पहला चांटा था। भाभी तो जाने कितने चांटे मार चुकी थी आज तक मुझे, किंतु भाभी के चांटे और भाई के चांटे में जमीन और आसमान का अंतर था। भाई के चांटे ने मेरा मुँह मोड़ दिया.... किंतु भाभी का चांटा इतना स्नेह भरा होता था कि मुझे हरबार कुछ न कुछ सोचने को मजबूर करता था। भाभी के चांटे में अपनापन होता था। वह चांटा मार तो देती थी, बदले में चुपके-चुपके खुद ज्यादा रोती थी जैसे उसके द्वारा मारा चांटा उसको ही लग गया हो।
सपना मेरा पीछा नहीं छोड़ रहा था। जब भी मैं वैसा सपना देखता, किसी न किसी के मरने की खबर जरूर मिलती.... बेशक ये एक संयोग भर ही होगा.... जो नित्यप्रति होने वाली घटनाओं से मेल भर खा रहा था, ऐसा कुछ भी न था कि मेरे सिर कोई भूत-प्रेत आ गया हो..... किंतु भाभी को कौन समझाए...उसकी तो चिंता निरंतर बढ़ती चली जा रही थी..... तरह-तरह के टोटके व बाबाओं के चक्कर में पड़ी रहने लगी। मेरा अंतर्मन भी डोलने लगा था.... तंग आ गया था इस सबसे मैं..... आखिर एक दिन मैंने सपने वाला भेद भाभी को बता ही दिया... फिर क्या था कि न तो कभी वो सपना ही मुझे आया...... और न किसी के मरने का पूर्वाभास ही, जिसे मैं उस सपने की देन मान चुका था। सदैव की भाँति मरना-जीना चलता रहा...... किंतु अब मैं और भाभी दोनों सामान्य जीवन की ओर मुड़ आए थे।
1.2.2.3. तीन
विदित हो कि यह एक अकेली ऐसी घटना है जिसे सार्वजनिक करते हुए मैं गर्व भी और शर्म भी दोनों को एक साथ महसूस कर रहा हूँ .....। यद्यपि ये घटना पहली दोनों घटनाओं से पहले की है किंतु इसे बाद में इसलिए रख रहा हूँ क्यों कि यह उनसे कुछ ज्यादा ही मार्मिक तो है ही अपितु भाभी की मेरे प्रति अगाध प्रेम की अदभुत घटना भी है।
उन दिनों शायद......मैं नौवीं कक्षा में था.... बारिशों का मौसम था। सभी जानते हैं कि गाँवों में जब शौंच के लिए गाँव से सटे खेतों या खुले जंगल में जाना पड़ता है। यही हाल तब भी था....तब तो सबको ही शौंच के लिए खेतों में जाना होता था, यहाँ तक कि औरतों को भी .....। होता यूँ था कि कई नासमझ पुरुष या महिला या फिर बच्चे जंगल में जाने वाली पगडंडियों या नजदीकी खेतों की मेंड़ों पर ही जल्दी-जल्दी में शौंच कर आते थे ...... जिससे सीधे शब्दों में गन्दगी कहना तो नाइंसाफी होगी, बल्कि बदबूदार सड़ांद हो जाती थी। ज्यादातर पैरों में जूते नहीं होते थे.......नंगे पैर ही जंगल में आना-जाना पड़ता था....... ऐसे माहौल में न जाने कब मेरे शिश्न को कोई गंदगी छू गई और उसपर फफूंद सी आ गई..... थोड़ी-2 जलन होने लगी..... जोरों की खुजली भी। हुआ यूँ भी कि मैंने अपने किसी दोस्ती के कहने पर जालिम लोशन नामक खाज-खुजली नाशक दवाई को अपनी शिश्न पर लगा लिया था जिससे शिश्न का अगला भाग खाल रहित सा हो गया। यहाँ तक हुआ कि स्कूल जाना भी बन्द हो गया। न पाजामा पहना जाता था......पेंट तो होती ही नहीं थी। बस! भाई की आधी धोती को तहमद के रूप में लपेट कर और टाँगे फैलाकर चलना मेरी मजबूरी हो गया था। जब ऐसा होते हुए कई दिन बीत गए तो भाभी से रहा नहीं गया... पूछ ही बैठी.... क्या हो गया है तुझको... कई दिन से स्कूल नहीं गया.... धोती लपेटे घूमता रहता है....दिखा क्या हुआ है..... टाँगे फैलाकर घूमता रहता है..... जो कुछ ज्यादा हो गया तो......। कहाँ से लाऊँगी तेरे लिए डाक्टर..... इतना सुना कि मेरी सिट्टी-पिट्टी गोल हो गई... मुझसे न कुछ कहते बना और न...दिखाते। ..... नहीं....नहीं.... कुछ नहीं हुआ..बस! इतना ही कहते बना...। कुछ नहीं हुआ तो फिर स्कूल क्यों नहीं जाता...... ये धोती क्यों लपेट रखी है.....टाँगे फैलाकर क्यूँ चलता है.... हम तो पागल हैं.... हमें तो जैसे कुछ पता ही नहीं है.... जल्दी से इधर आ...... मैं देखती हूँ क्या हुआ है...... मैं अवाक भाभी का मुँह देखता रहा.... जैसे मुझे साँप सूँध गया हो.....। मैं कुछ कहता...... इससे पहले ही भाभी मेरी ओर झपटी और मेरी धोती एक झटके में ही खोल दी......और बोली कि किसे दिखाएगा ये सड़ा हुआ छौंगनी .... और कौन है तेरा इस घर में..... मेरे सिवा..... मैं धोती को समेटते रह गया..... किंतु सब बेकार..... । भाभी ने मेरे शिश्न को हाथ में लेकर देखा....मुझे आँखों से घुड़का....लपककर कमरे में गई... सरसों का तेल लेकर आई.... और फटाफट लगा दिया मेरी इन्द्री पर.....। कई दिनों तक यह सिलसिला चलता रहा.... और ...ठीक होने के बाद मैंने कालिज जाना शुरू कर दिया। अब आप ही बताएं कि ऐसी भाभी को भाभी-माँ न कहूँ तो और क्या कहूँ।
1.3 मेरा परिवार: शादी की चौसर पर
अब तक के जीवन में मैंने जाना है कि व्यक्ति किसी भी परिवार का एक अभिन्न अंग होता है और यह सूत्र जैसे भी हो पूरी ज़िन्दगी हिचकोले खाते हुए बराबर बना रहता है। छोटा परिवार हो या बड़ा, ज़िन्दगी भर किसी न किसी तरह आपके साथ हर मोड़ आपके साथ खड़ा होता है। बहुत बार परिवार के सदस्यों की कमर से कमर भी भिड़ी होती है। यह सब घर के हालात पर निर्भर होता है। कहा जाता है कि बच्चों के लिए पहला स्कूल उसका परिवार होता है, जहाँ व्यक्ति ज़िन्दगी के विभिन्न अध्याय को सीखता है। किंतु यह उक्ति मुझ पर इसलिए लागू नहीं होती कि मेरे माता-पिता का मेरे बचपन के लगभग 15वें वर्ष में ही देहान्त हो गया था। यह भी कहा जाता है कि हमारी संस्कृति और सभ्यता की पहचान के बारे में मूल ज्ञान, हमारे परिवार से ही आता है। मगर मैं ऐसा कतई नहीं मानता क्योंकि कोई भी मनुष्य परिवार से कम, परिवेश से ज्यादा प्रभावित होता है, ऐसा मेरा मानना है। यह भी माना जाता है बच्चों को सभी अच्छी-बुरी आदतें और शिष्टाचार अपने परिवार से ही मिलते हैं किंतु मेरी दृष्टि में यह उक्ति भी अक्षरष: सही नहीं है, इसमें भी देश, काल और परिस्थिति का बहुत बड़ा योगदान होता है। हाँ यह इन उक्तियों पर वो लोग जरूर विश्वास कर सकते हैं, जो केवल परंपरागत बातों में उलझे रहते हैं और अपने बच्चों को पिंजरे का तोता समझते हैं। मैं जानता हूँ कि वो लोग इस सच से सहमत नहीं भी होंगे जिन्होंने किताबी ज्ञान के इतर कुछ भी देखने की कोशिश ही नहीं की होगी। और न इसकी कोई जरूरत ही समझी होगी अथवा जरूरत ही नहीं पड़ी होगी । कारण कि आज के समाज में आर्थिक सम्पन्नता सबसे बड़ी सफलता मानी जाती है। फिर वह सफलता चाहे जैसे भी मिले।
मेरा जन्म ऐसे समय में हुआ जब भारत आजाद हुआ था और भारत का संविधान लिखा जा रहा था। उस समय में शिक्षा का प्रचार-प्रसार बहुत कम था। किंतु आज शिक्षा का प्रचार-प्रसार अपने चर्म पर है। ये बात अलग है 2020-2021 में कोरोना के बहाने शिक्षा का प्रचार-प्रसार कुप्रभावित हुआ है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार भी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। वह समूची सत्ता को अपने आहते में कैद करने में ही लगी रहती है।
दशकों पूर्व ज़्यादातर लोग संयुक्त परिवारों में रहते थे। लेकिन जीवन की व्यस्तता में बच्चे पढ़-लिख जाने के बाद अपने दिमाग से ज्यादा काम करते हैं न कि दशकों पूर्व के निरक्षर अथवा साक्षर माता-पिता के पदचिन्हों पर ही चलते हैं। आजकल के इस कृत्य में अच्छाई और बुराई दोनों घर बनाए रहते हैं। अच्छाई तो ये है कि बच्चों को परंपरागत पचड़ों में पढ़ने से छुटकारा मिल जाता है और बुराई ये है कि उनके माँ-बाप का बुढ़ापा अकेलेपन में कटता है। नौकरी घर या गाँव में तो मिलती नहीं, नौकरी के लिए उन्हें देश/विदेश के दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है और ज्यादातर वहीं अपना घर-बार बनाकर अपना परिवार बसा लेते हैं। मैं भी उनमें से एक हूं। दिल्ली में नौकरी की तलाश में आया था और नौकरी मिलने के बाद दिल्ली का ही होकर रह गया। इसलिए कहना गलत नहीं होगा, आजकल लोग छोटे- छोटे परिवारों विभाजित हो गए हैं और यह स्थिति अब केवल शहरों में ही नहीं, गाँवों में भी देखने को मिलती है। फिर भी परिवार का होना बहुत आवश्यक हैं क्योंकि परिवारजन जिन्दगी के हर क्षेत्र में एक दूसरी की मदद करते हैं. स्वरूप चाहे जो हो । हमें एक व्यक्तिगत पहचान के साथ एक पूर्ण व्यक्ति बनाने में और हमारी व्यक्तितत्व को विकसित करने के पीछे परिवार का किसी न किसी तरह से हाथ होता हैं।
यहाँ सबसे पहले उपरोक्त कथन के अलावा मुझे अपनी शादी के बात करना भी जरूरी लगता है। सच तो ये है कि मैं शादी करना ही नहीं चाहता था। किंतु माँ के देहांत के बाद भाई की महज एक ही इच्छा थी कि इसकी शादी करके वो मुक्त हो जाएं। इस हेतु उन्होंने पहली बार मेरी शादी आठवीं कक्षा में ही तय करदी थी। उस समय उनके सामने मेरे लिए बोलना भी मुस्किल था। फिर एक बार एक बहाना मिलने पर मैंने लड़की वालों को उनके द्वारा दिए गए ग्यारह रुपये एक लिफाफे में रखकर (घर वालों से चोरी छुपे) डाक से लड़कीवाले को वापीस भेज दिए और शादी करने से साफ मना कर दिया । मामला बिना किसी तू-तू मैं-मैं के यहीं समाप्त हो गया।
दिल्ली आने के बाद, मैंने किसी को भी दिल्ली में रहने का पता नहीं दिया था। फिर भी यहाँ-वहां से पूछ-ताछ करके एक दिन बड़े भाई साहब शादी का प्रस्ताव लेकर दिल्ली आ ही गए। मैंने मना कर दिया तो कुछ दिन बाद मेरे गाँव के पड़ोसी सठला के एक पंडतजी को दिल्ली मेरे पास भेज दिया। पंडत जी रेलवे से ड्राईवर के पद से रिटायर्ड थे। मैं उन्हें मामा जी कहकर सम्बोधित किया करता था। उन्होंने शादी की रट लगाते हुए सारी रात सोने नहीं दिया। जब भी शादी से मना करता तो शादी के लाभों की कोई नई कहानी सुनाने लगते। आखिर दिन निकला। खाना बनाया। मामा जी को खिलाया। वो खाना खाकर फिर शादी की बात करने लगे। शादी का राग सुनते-सुनते मेरा दिमाग पक चुका था। ...मैने हंसी की मुद्रा में मामा जी से कहा कि अब तो आपने खाना खा लिया न , अब आप जा सकते हैं। इतना सुन कर वो बिना कुछ और कहे बापिस गाँव चले गए।
बात यहीं खत्म हो जाती तो बेहतर होता। कुछ महीनों बाद खबर मिली कि मेरे बड़े भाई ने मेरी सगाई का सगुन ले लिया है। मैं यह सुनकर सकते में आ गया और रोते हुए ये खबर रामभज जीजा जी को बताई। उन्होंने भी साफ कह दिया कि भई अब मैं क्या कर सकता हूँ। मेरी मंशा तो ये थी कि तेरी शादी यहीं से करा सकूँ। चलो! अब भाई ने सगुन के पैसे ले लिए तो ले लिए। मैं एक दम निराश और हतास था और असहाय भी।
मैं मानता हूं कि समय के साथ पास्ट को भुलाकर लोग आगे बढ सकते हैं लेकिन जीवन में सब कुछ भुलाया नहीं जा सकता। कुछ लमहे ऐसे होते हैं जिनके साथ हम हमेशा जीना चाहते हैं। जैसा कि मैंने ऊपर कहीं कहा है कि मैं शादी नहीं करना चाहता था किन्तु माँ-बाप न होने के कारण भाई को तो मेरी शादी करके अपने दायित्व की इतिश्री करने की जल्दी थी किंतु यह समझ नहीं आया कि लडकी वालों को इतनी क्या जल्दी थी कि बिना लड़के यानी मुझे देखे बिना ही मेरी गैरहाजरी में गाँव में ही मुझे अपनाकर चले गए। और न भाई ने मुझे कुछ बताने की जरूरत समझी। शायद लड़की वालों को भी लड़की को विदा करने की जल्दी रही होगी। कारण चाहे जो भी हो। फलत: 13.05.1973 को मेरी शादी करदी गई। पत्नी आ गई। कुछ दिनों बाद मैं उसे दिल्ली ले आया। गाँव से दिल्ली आते समय मेरी भाभी का मिजाज कुछ बिगड़ा हुआ था । उसने शादी में मिले बर्तन-भांडे अंदर कमरे में से बाहर फैंकने शुरु कर दिए। ..... कहा इन्हें भी ले जा ...तेरी ससुराल से आए हैं। शायद भाभी और मेरी पत्नी के बीच कुछ अनबन रही होगी । भाभी ने जो भी कहा मैं हंसी में उड़ाता चला गया और बर्तन-भांडे छोड़कर पत्नी को ले कर दिल्ली चला आया। यह वह घड़ी थी जब मुझे शादी के परिणामों का आगाज हो गया था।
पत्नी आई तो बच्चों का होना स्वाभाविक ही था। हाँ! इतना जरूर था कि मै केवल एक या दो बच्चों के हक में ही था और पत्नी की विचारधारा मेरी विचारधारा के विपरीत थी। पहला बच्चा ‘मनोज’ आज चालिस पार कर गया है....अक्तूबर 1774 में पैदा हुआ था। दूसरा बच्चा ‘विवेक’ कुछ जल्दी ही पैदा हो गया था।
1.4 निजी मकान का सपना
मकान बनाने की प्रक्रिया को लम्बी न करके मैं इसी स्थान पर एक साथ खुलासा कर देना चाहता हूं ताकि पाठकों के लिए यह मुद्दा सरल हो जाए। इधर-उधर किराये के मकान में रहते-रहते अपना मकान बनाने की ललक तो हर किसी के मन में बनी रहती है। जाहिर है मेरे मन में भी थी।किन्तु धनाभाव में मकान बनाने या खरीदने की अभी मेरी हैसियत नहीं थी। मन में सोचकर ही रह जाता था। यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि इस स्तर पर जीवन ने फिर करवट बदली। हम गोविंद्पुरी (कालका जी) में एक कमरे में किराये के मकान में रहते थे। शायद 1976 की बात है कि गोविंदपुरी के पास तुगलकाबाद एक्स्टेशन नामक कच्ची कालोनी में रिहायशी उद्देश्य से प्लॉट काटे जा रहे थे। उस समय वहाँ जमीन के रेट कुल 27 रुपये गज थे। हमारी मकान मालकिन ने मेरी पत्नी को तुगलकाबाद एक्स्टेशन के बारे में बताया होगा इसलिए उसी शाम घर आते ही पत्नी ने प्लॉट खरीदने की रट लगा दी।
धनाभाव में मेरे मना करने का पत्नीश्री पर कोई असर नहीं हुआ और वह प्लॉट खरीदने की जिद पर न केवल अड़ी रही अपितु लड़ने-झगड़ने पर उतारू हो गई। इतना ही नहीं, मकान मालकिन भी उसकी ओर हो गई। वही उसे उकसा भी रही थी, वही मुझे भी समझाने की कोशिश में लगी रहती थी। असल में वो हमें किराएदार न मानकर अपने परिवार का ही हिस्सा समझती थी। किंतु मेरी अपनी जेब खाली थी। नई-नई नौकरी थी। 1974 में बैंक की नौकारी का पहला वेतन मुझे 323/27 रुपये मिला था। अब इतने वेतन में दाल-रोटी तो आराम से चल रही थी किंतु बचत के नाम पर कुछ रुपये ही बच पाते थे। मेरी पैसे की तंगी वाली बात भी उन दोनों के गले नहीं उतरी। मैंने बताया कि मेरे पास केवल 900/- रुपये ही हैं। तो उन दोनों ने एक स्वर में कहा कि बाकी पैसे किसी से उधार ले लो। ये अच्छा मौका है कि अपना घर हो जाएगा वरना जीवन भर किराए के मकान में ही रहना पड़ेगा। किंतु चाहकर भी मैं उनकी बात को न टाल सका और तुगलकाबाद एक्स्टेशन में 500/- रूपए बयाने के रूप में देकर मैंने 125 गज के प्लाट का सौदा कर लिया।
हारकर बाकी पैसों के जुगाड़ के लिए किसी रिश्तेदार से पास गया और मकान बनाने के लिए पाँच हजार रुपए उधार मांगे। हुआ यूं कि उन्होंने कहा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं। मैं पांच हजार रुपए किसी से मांग कर लाया हूँ। 2500/- रुपये तू ले जा और 2500/- मैं ले लेता हूँ। साथ में उन्होंने यह भी बताया कि यह रकम वह 5% प्रति माह के ब्याज पर लाया हैं।
खैर! मजबूरी में 2500/- रुपय लेकर ही वापिस दिल्ली आ गया। कुछ पैसे बैंक स्टाफ की सोसाइटी से उधार लिए और इस प्रकार 1976 में खरीदे गए प्लाट में एक बड़ा सा कमरा बना लिया। उसी में खाना बनाना सोना सब कुछ होता था। पहाड़ी इलाका था, केवल हमारे प्लाट में ही हेंड पंप लग पाया था। नतीजतन आस-पड़ोस के लोग भी हमारे घर से ही पानी भरा करते थे। मुख्य द्वार पर दरवाजा नहीं था। जब लोग पानी भरके चले जाते तो मुख्य द्वार पर खाट खड़ी कर दी जाती थी। एक दिन हुआ यूं कि मैं अफिस चला गया। मेरे आफिस जाने के बाद पत्नी घर के मुख्य द्वार पर खाट खड़ी नहीं कर पायी। बस! इस गलती का खामियजा ये मिला कि मेरे मनोज से छोटे बेटे ‘विवेक’ का घर के दरवाजे पर ट्रक से एक्सीडेंट हो गया और उसकी मौत हो गई। बामुश्किल इस मकान में 15/20 दिन ही रह पाये होंगे और यह घटना घट गई।
इस घटना के पूर्व मैं बेहद ही खुश था कि नौकरी के साथ-साथ मकान भी बन गया, दो पुत्र भी हो गए और परिवार भी पूरा हो गया। लेकिन इस घटना के बाद सारी खुशी काफूर हो गई।
इसके बाद 26 दिसंबर 1977 को बेटी रेनुका का जन्म हुआ। किंतु कुछ ही महीनों बाद आस-पड़ौस और मेरे अपनों के दबाव के कारण मुझे ये प्लाट बेचना पड़ा। इस प्रकार मैं फिर से सड़क पर आ गया। इस प्लाट को बेचकर मैंनें तुगलकाबाद एक्स्टैंशन में ही अस्सी गज का दूसरा प्लाट खरीद कर डाल दिया और मै फिर किराए के मकान में रहने लगा।
दिल्ली में आने के कुछ वर्ष बाद और बैंक मेंनौकरी लगने से पूर्व ही रामभज जी ने अपने पास से पैसे देकर मेरे लिए एक डी. डी. ए. जनता फ्लैट बुक करा दिया, कुछ समय बाद यह जनता फ्लैट नंदनगरी में निकल आया। नम्बर था 1429 । सन 1987 से 1990 तक लगभग तीन साल मैं इसी मकान में रहता रहा।
फिर मैंने मैंनें तुगलकाबाद एक्स्टैंशन वाले अस्सी गज के प्लाट को बेचकर नंदनगरी के मंडोली गांब की लाल डोरा जमीन पर नव विकसित बैंक कोलोनी मे 100 गज का प्लाट खरीद लिया और इसे 1990 में दो मंजिल का बना लिया । अब बैंक कालोनी वाले मकान मेंआने के बाद मैंने जनता फ्लेट बेच दिया और हर्ष विहार के डी ब्लाक में 300 गज का प्लाट खरीद लिया। यह प्लाट मैंने लिया तो स्कूल खोलने के लिए लेकिन पत्नी की इच्छा के चलते वहां भैंस पालने और दूध बेचने का कारोबार शुरु हो गया। उसके इस काम से न केवल पूरा घर अस्त-वयस्त हो गया बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगा। बहुत बार तो बच्चों के लिए खाना भी मुझे ही बनाना पड़ता था। पत्नी के इस काम से सबसे ज्यादा मानसिक पीड़ा मुझे हुई और मेरी सामाजिक छवि पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। लेकिन ऐसा लगता था कि पत्नी इस कारोबार से किसी प्रकार का समझौता करने को तैयार नहीं थी।
यह सही है कि जिन्दगी में प्यार के मायने उम्र के हिसाब से बदलते रहते हैं। बचपन में माँ का प्यार बच्चों के लिए केवल प्यार होता है। जवानी में प्रेमिका अथवा पत्नि के प्रति आकर्षण भी प्यार ही होता है। जवानी का अपना एक अलग जुनून होता है जिसमें पत्नी का रिश्ता सारे संबंधों पर भारी पड़ने लगता है और जाने-अनजाने अन्य संबंधों के साथ ना-इंसाफी हो जाती है। इसकी वजह जगजाहिर है कि जवानी के दौर में पत्नी से बड़ा व सच्चा रिश्ता कोई दूसरा नजर ही नहीं आता।
कई बार यही भूल जिन्दगी की परेशानी का सबब बन जाती है। कई मामलों में पत्नी का डोमिनेंस बच्चों को भी अपनी गिरफ्त में ले लेता है और बच्चे भी अपनी मम्मी की भाषा बोलने लग जाते हैं। इस अवस्था में व्यक्ति का पति व बाप के रूप में अकेलेपन का शिकार होना आम बात है। उसकी परेशानियां उसे यहां तक सोचने तक पर विवश कर देती हैं कि वो जीवित क्यों है और किसके लिए? उसकी नकारात्कता का भंवर उसे जिंदगी और मौत के मामले में यहां तक फंसता है कि व्यक्ति कह उठता है-'मनुष्य के सामने मरने और जीने की मजबूरी है और कुछ नहीं...यदि ऐसा न होता तो जन-मानस अपने हिसाब से जीने और मरने की तारीख खुद तय करता और प्रकृति के तमाम कारणों को नकार देता। यहाँ यह कहना बेमानी नहीं होगा कि बुढ़ापे में जीने के लिए किसी को भी चुप रहने की सलाह दी जाती है।
यह यूँ ही नहीं है, सभी बुजुर्ग अनुभवी लोगों की यह समस्या रही होगी कि बुढ़ापे में कैसे जिया जाए या फिर कैसे अपने अनुभवों के बल पर अपने वजन को बनाए रखने का उपक्रम करें। किंतु ये सारे के सारे उपक्रम बेकार ही चले जाते हैं। कम से कम बेटों के मामले में तो शत-प्रतिशत बाप का नकार होता है। बेटियों की शादी हो जाती है। वे अपने नए माँ-बाप जो भी उसे मिलते हैं, उसे एक कामगार की तरह समझते हैं। उसे एक उपभोग की वस्तु समझते हैं। किंतु ये सब मामलों में सही नहीं उतरता। बड़े घर की बेटियाँ छोटे घरों में पहलवान होती हैं तो छोटे घर की बेटियाँ बड़े घरों में कामगार और बिस्तर होकर रह जाती हैं। किंतु आजकल बहुत मौकों पर यह सोच भी टूटती नजर आती है।
लोग इस सच्चाई को कतई भी स्वीकार इसलिए नहीं करते कि यहाँ सदियों से पुरुष सत्ता का वर्चस्व रहा है और महिलाएं भी इसी वर्चस्व के चलते पुरुष के सामने अपने आपको बौना मानने की अभ्यस्त हो गई हैं। कितु यह पूरा सच नहीं है।
बैंक कोलोनी में बिजली और पानी–दोनों की दिक्कत थी। पानी के लिए तो हैंड पंप लग जाता था किन्तु बिजली चोरी करके ही जलानी पड़ती थी। जीवन जैसे कचरा बन गया था। मैं बैंक कालोनी से निकलना ही चाह रहा था कि इन्हीं दिनों बैंक में स्टाफ के लिए लोन लेकर दूसरा मकान लेने की सुविधा आ गई। अब बैंक लोन से लिए पहले मकान को बेचने की जरूरत नहीं थी। ये वर्ष 2001 की बात है कि मैंने पहले लोन की अदायगी के बाद जिला गाजियाबाद की शालीमार गार्डन–विस्तार दो में एच. आई. जी. मकान खरीद लिया। आजकल मैं और विनोद कुमार (मेरा छोटा बेटा) सपरिवार इसी मकान में रह रहे हैं।
2010 में हर्ष विहार वाले 300 गज वाले प्लाट में से 100 गज बेचकर शालीमार हाउसिंग कॉम्प्लेक्स (छाबड़ा कालोनी मे एक 125 वर्ग गज का मकान और खरीदा जिसमें आजकल मनोज कुमार (मेरा बड़ा बेटा) सपरिवार रहता है। 100 गज का प्लाट अभी भी हर्ष विहार में बकाया है।
1.5 बैंकिंग में उतार चढ़ाव
1981 मैं मेरा तबादला भारतीय स्टेट बैंक के केंद्रीय कार्यालय की शाखा लेखा -परीक्षा (मोबाइल) में हो गया। मुझे पत्नी और बच्चों को पत्नी के मायके जाड़ौल में रहने के लिए छोड़ना पड़ा। वहां लगभग एक साल बाद मैंने अपने ही गांव में एक दूसरा घर खरीदा, तब से दिल्ली आने तक बच्चे गांव में ही रहे। उनकी शिक्षा पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। भारतीय स्टेट बैंक के केंद्रीय कार्यालय की शाखा लेखा-परीक्षा (मोबाइल) ड्यूटी से मैं 1982 मैं वापिस आया और 1982 में ही सहायक प्रबंधक के लिए पदोन्नत हो गया। इस बार राजस्थान के सीकर जिले मे स्थित शाखा में सेविंग्स बैंक इंचार्ज के रूप में तैनात कर दिया गया। शाखा मध्यम आकार की थी। इस कारण मैं बच्चों को लेकर सीकर चला आया। जिस मकान में शिफ्ट हुए थे उसमें कुछ ही महीने रह पाए। मकान मलिक की पत्नी और मेरी पत्नी में किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। आखिर दूसरा ऐसा मकान तलाशा गया, जहाँ मकान मालिक व उसकी पत्नी न रहती हो। सीकर के पिंक हाउस में एक ऐसा अलग मकान मिल ही गया और इस मकान में सीकर का प्रवास पूरा हो गया। यहाँ पर दो बच्चों का जन्म हुआ। 1983 मे नीलीमा का और 1985 में विनोद कुमार का। सीकर का स्टाफ मिलनसार और मेहनती था इसलिए शाखा में काम करने में कोई परेशानी का सामना करना नहीं पड़ा।
सीकर में अलग-अलग बैंकों की बहुत सी शाखाएं थी। सबका स्टाफ आवश्यकता पड़ने पर फोन पर ही बात कर लिया करते थे। व्यक्तिगत रूप से कोई किसी को जानता नहीं था। क्लियरिंग की स्थानीय व्यवस्था थी। वहां की सभी शाखाओं ने क्लियरिंग की एक बड़ी गलत प्रथा बना रखी थी । कस्टमर इधर चैक जमा कराते और उधर साथ ही पेमेंट माँगने लगते। दुख की बात ये भी थी कि शाखा के लिपिकीय स्टाफ की कस्टमर्स के साथ अनैतिक मेल-मिलाप था। थोड़ी दिक्कत जरूर हुई लेकिन मैं इस प्रथा को बंद करने में कामयाब हो गया। इसके बाद सीकर में रहकर सीकर की तमाम बंकों के सहयोग से “सीकर बैंक आफिसर्स क्ल्ब” की स्थापना की गई जिसके माध्यम से प्रति माह एक सभा का आयोजन किया जाता था जिसमें नये आने वाले और स्थानांतरण पर जाने वाले आफिसर्स के सत्कार के साथ-साथ लोकल बैंकिग में आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया जाता था। यहाँ की नियुक्ति के दौरान मनोज और रेणुका की प्राथमिक शिक्षा “जैन पब्लिक स्कूल” में हुई। मैंने पहले ही कहा है कि मेरी कहानी कोई बंधी हुई क्रमवार कहानी नहीं है। सीकर से 1985 में तबादला होकर मैं दिल्ली आ गया। जिसका खुलासा ऊपर किया जा चुका है। सन 1987 में एक बच्ची शिखा का जन्म दिल्ली में हुआ। इस प्रकार कुल मिलाकर मेरे पाँच बच्चे हैं।
मेरे बच्चों नें न तो दादी माँ से और न ही नानी से अनुपम कहानियां सुनी। सच कहूँ तो उन्होंने हमसे भी कोई कहानियां नहीं सुनी। कभी-कभी यह सोचकर मलाल भी होता है और सुकून भी मिलता है क्योंकि अल्प सुविधाएं मिलने के बावजूद मेरे सब बच्चों ने स्नाकोत्तर स्तर की शिक्षा प्राप्त कर ली और अपने स्तर पर ही अच्छे-अच्छे प्रतिष्ठानों में नौकरी प्राप्त कर ली। सच कहूं तो उनकी नौकरी लगवाने में मेरा कोई हाथ नहीं रहा।
हाँ! उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जो कुछ मैं कर सका, वह मैंने जरूर किया। यह बात अलग है कि वे जो भी अच्छा–बुरा कार्य करते हैं, परिवार का मुखिया होने के नाते उसका जिम्मेदार मुझे ही को ठहराया जाता है।
हालाँकि उनका अभी तक तो किसी गलत संगत में होने का कोई प्रमाण मेरे पास नहीं हैं। हाँ! मेरी सबसे छोटी बेटी बिना हमारी किसी सहमति के अपनी मर्जी से 2008 में मुम्बई के एक अनजान युवक के साथ रिलेशन में रहने लगी और 2011 में मुम्बई में ही कोर्ट मैरिज कर ली किंतु वह सफल न हो सकी। वैसे भी देखा गया है इस प्रकार की शादियों का सफर कम ही होता है। आजकल शिखा मेरे पास ही रही है और कोर्ट में केस चल रहा है।
उसके घर से मुम्बई जाने के बाद मेरे जीवन में जो बदलाव आया वो जानलेवा था। लेखन कार्य करते समय कभी-कभार तो पहले भी मैं शराब पी लिया करता था किंतु शिखा की इस हरकत के चलते मैं शराब पीने का आदी हो गया। शराब पीने की केपेसिटी भी बड़ गई। बिना शराब पिए मैं लगभग पागल-सा रहने लगा था। मेरे साथ अच्छी बात ये थी कि पीकर मै किसी से कोई बात नहीं करता था। थोड़ा-बहुत लेखन कार्य करके चुपचाप सो जाता था। किंतु मेरी सेहत पर शराब पीने का ये असर हुआ कि मेरा लीवर खराब हो गया। पेट में पानी भर गया और पेट फूलकर फुटबाल जैसा हो गया। 16 जुलाई 2012 को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। लग्भग एक माह अस्पताल में रहना पड़्। और अगस्त माह में जब घर आया तो मेरा वजन केवल 44 किलो था। जीने की कोई न तो को आशा ही शेष रही थी और न ही मैं जीनाचाहत था। बस! मैं मर ही जाना चाहता था।
पत्नी ने इसी प्रकरण में ही नहीं, अपितु अब तक समूचे पारवारिक जीवन में कभी भी सकारात्मक रोल अदा नहीं किया। संक्षेप में कहूँ तो मेरी पत्नी न तो कभी मेरे दुख में शामिल हुई और न ही कभी सुख में मेरा साथ निभाया। कभी-कभी मुझे इस बात की खुशी भी होती है कि मेरे मां-बाप मेरे बचपन में ही गुजर गए अन्यथा उनका बुढ़ापा पत्नी के व्यवहार के चलते शायद बहुत बुरा ही गुजरता। दरअसल, मेरी पत्नी खुद और खुद के लिए जीती है। जीवन भर एक ही अफसोस सालता रहा कि हम जहाँ कहीं भी रहे, पत्नी का पड़ौसियों से साथ सदा झग़डा बना रहा।
जीवन के अंतिम पड़ाब पर हम जिस अपने मकान में रहे हैं, बैंक कोलोनी में भी वो कभी बिना किसी से झगड़े रह नहीं पाई। शालीमार गार्डन वाले मकान में भी वो सब औरतों की कमर से कमर भिड़ी रहती हैं। घर के अन्य सदस्यों से सब मन मिलाकर रहते हैं किंतु पत्नी से कोई नहीं बोलता। दो बार तो उसकी वजह से मुझे थाने में हाजरी लगानी पड़ी। एक बार तुगलकाबाद एक्सटेंशन में और दूसरी बार बैंक कालोनी में। तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक बार तो स्थिति यहां तक पहुंच गई यदि मेरे ससुर साहेब घर पर ना आए होते, तो पड़ौसी मेरी हत्या ही कर देते। इस मौके पर मेरा भतीजा भी मौजूद था। वो ससुर साहेब ने मुझको उन लोगों से बचा लिया था।
अफसोस तो ये रहा कि वर्षों तक साथ रहने के बाद भी उसकी मानसिकता में कोई सकारात्मक परिवर्तन नहीं हुआ। इसके चलते बच्चों का जैसा लालन-पालन होना चाहिए था, नहीं हुआ। यहाँ बच्चों की तारीफ करूँगा की फिर भी वो अपने भविष्य के प्रति सजग रहे। कहते हुए दुख हो रहा है कि पत्नी की इसी मानसिकता के कारण मैंने वर्षो से चुप्पी की चादर ओढ़ रखी है।
पत्नी के यथोक्त तमाम आचरण को देखते मुझे मलाला के इंटरव्यू का स्मरण हो आता है “वोग को दिए इंटरव्यू में 23 साल की मलाला ने शादी से लेकर कई मसलों पर बेबाकी से बात की है। हर मांता-पिता की ख्वाहिश एक दिन अपनी संतान की शादी देखने की होती है और मलाला के माता-पिता भी इसका अपवाद नहीं हैं।
इस इंटरव्यू में जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे अब भी समझ में नहीं आता कि लोगों को शादी क्यों करनी होती है। अगर आप अपने जीवन में एक व्यक्ति चाहते हैं तो आपको शादी के कागजात पर हस्ताक्षर करने की क्या जरूरत है, यह सिर्फ पार्टनरशिप क्यों नहीं हो सकती?'
जीवनसाथी के लिए शादी को गैरजरूरी बताते हुए मलाला ने कहा, ''मैं अभी भी नहीं समझ पाई हूं कि लोग शादी क्यों करते हैं। यदि आप किसी को अपनी जिंदगी में चाहते हैं, तो आपको शादी के पेपरों पर साइन करने की क्या जरूरत है, यह सिर्फ एक पार्टनरशिप क्यों नहीं हो सकती है?"
6 ऐसी गलती कोई न करे:
जीवन की वो खास गलती जो सभी पढ़े-लिखे लोग करते हैं मैंने भी वही गलती की है। ज्यादातर नौकरीपेशा लोग जो भी प्रॉपर्टी खरीदते है। अक्सर अपनी पत्नी अथवा दोनों के संयुक्त नाम में खरीदते हैं। ऐसा करते समय मनुष्य को यह कतई भान नहीं होता कि जीवन के अंतिम दिनों में ये व्यवस्था ज्यादातर मामलों में अपने लिए तो जी का जंजाल बन ही जाती है अपितु पति-पत्नी के देहाँत के बाद सहेजी गई प्रोपर्टी का बँटवारा करना बच्चों को आपस में लड़वाने का साधन हो जाता है। कहा जाता है कि जो आदमी किसी असंयत फिजूल-खर्च आदमी या नाससझ स्त्री को अपनी सम्पत्ति का अधिकारी बना देता है-यह आदमी के लिए पतनोन्मुखी क्रिया है। मेरे मामले में भी शायद यही होने वाला है क्योंकि मेरी पत्नी प्रॉपर्टी के बँटवारे से संबंधित किसी भी कागज पर हस्ताक्षर करने को तैयार नहीं होती। ... देखते हैं आगे क्या होता है ? खैर! परिणाम चाहे जो भी हो, परिवार का हैड होने के कारण किसी भी/ कैसी भी अच्छे-बुरी स्थिति केलिए जिम्मेदार तो मुझे ही ठहराया जाएगा।
---000---
