मेरा गाँव : आज भी मेरे अंदर बसा है

-तेजपाल सिंह ‘तेज’

           आज जब मैं जीवन की अस्सीवीं सीढ़ी पार करने को हूँ तो अपने गाँव अला बास बातरी, जिला – बुलंदशहर (ऊ.प.) की कहानी लिखते समय मुझे कई प्रश्न घेरे हुए हैं। सबसे बड़ प्रश्न तो ये है कि मैं अपने बचपन और शिक्षाकाल के गाँव के इतिहास वर्णन करूँ या फिर वर्तमान के विकसित गांव का। इस अवस्था में यही उचित होगा कि मैं अपने बचपन के गाँव के इतिहास और वर्तमान के गाँव को एक साथ लेकर चलूँ। किसी एक का वर्णन करके मैं शायद कहीं न कहीं अपनी मानसिक सिकुड़न का प्रमाण ही प्रस्तुत करूँगा। इसलिए मैं अपने गाँव के इतिहास और वर्तमानको एक साथ लेकर चलूँगा। वैसे भी आज मैं बड़े ही असमंजस में हूँ... क्या याद करूँ क्या भूल जाऊँ?  मेरा मानना है कि दुनिया में ‌जितना बदलाव हमारी पीढ़ी ने देखा है, हमारे बाद की किसी पीढ़ी को "शायद ही " इतने बदलाव देख पाना संभव हो या फिर इससे ज्यादा बदलाव देखने को तैयार रहना होगा। मेरी पीढ़ी के वो लोग जो  ग्रामीँण पृष्ठ्भूमि से आते हैं, वो सभी मेरे जीवन में उन सभी सत्यों के बीच गुजरे होगे, जिनसे मैं गुजरा हूँ ।

खैर! मेरी कोशिश रही है कि मैं अपने गाँव की कहानी को परत-दर-परत खोलता हुआ अपने जीवन के हल्के-फुल्के, ज्ञात-अज्ञात, अनछुए पहलुओं को शब्दबद्ध करूँ। जीवन की सच्चाई व यथार्थ स्थिति का बोध कराऊँ। कहीं-कहीं इसमें कल्पना का आभास हो सकता है। वैसे  गाँव की कहानी में कल्पना की गुंजाइश कम ही रहती हैं किंतु मैंने अपनी कहानी में अपने जीवन के आदर्श एवं मूल्यों को ही ईमानदारी के साथ व्यक्त करने का ही प्रयास किया है। मेरा मूल उद्देश्य पाठक को अपने साथ बहा ले जाना और वह अपनी आँखों से पाठक को अपने जीवन-जगत के दृश्यों का अवलोकन कराना मुख्य जिज्ञासा है। 

किंतु मेरे द्वारा अपने ही जीवन के यथार्थ जीवन के अब तक के गुजरे पलों में कही-अनकही घटनाओं को अपने ही हाथों लिखना, एक अजीब सा एहसास दिला रहा है। इसका विशेष कारण यह है कि मेरे द्वारा व्यक्त घटनाओं के सत्यापन का पाठक के सामने कोई प्रमाणिक माध्यम नहीं है इसलिए मैंने खासकर अपने जीवन परिवेश को ही अपने गाँव की कहानी का आधार बनाया है।

आज मेरे लिए ये एक सुखद पल है कि आज मैं  अपने गाँव की जीवन-पद्यती को ही शब्दों में पिरोने का माध्यम बन रहा हूँ। अपने गाँव के साथ मेरा परिसंवाद केवल संवाद-भर नहीं है.....इसमें अनेक सवाल भी होंगे, उत्तर भी। कोशिश ये भी रही है कि इस परिसंवाद को विवादों दे दूर रख सकूँ और इसके लिखने का मकसद भी पूरा हो जाएहै़

उल्लेखनीय है कि मेरे गाँव की यह कहानी कुछ पलों की न होकर आज से 70-75 वर्ष पूर्व की सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, राजनीतिक आदि परिस्थियां और आज के दौर की भयावहता के आभास भी इस कहानी में कुछ अंशों के जरिए जरूर न कुछ ही कुछ हद तक अनजाने में मेरे गाँव की इसकहानी का हिस्सा बने होंगे। यद्यपि मेरा मानना है कि उन अंशों का मूल कहानी पर कुछ असर नहीं पड़ेगा क्योंकि वो अंश मेरे गाँव की कहानी का हिस्सा जैसे है ही नहीं।

मैं यह भी समझता हूँ कि मेरे गाँव की कहानी कुछ ऐसे समय में लिखी जा रही है कि जब कि आज समग्र दृष्टिसे भारतीय समाज में ही नहीं, अपितु विश्व पटल पर भी आए दिन मानवता पर नाना विधि से आतंकवादी हमले जारी हैं। कहीं ऐसे हमलों का कारण आर्थिक है तो कहीं धार्मिक। आर्थिक और धार्मिक आतंक में जो खास अंतर है, वह है – शोषण और दमन का। सो ऐसे परिवेश का प्रभाव पड़ने की पूरी आशंका है।

मेरे गाँव का आज और कल ..

मेरे गाँव के बारे में लिखने से पहले यह बतादूं कि अब मेरा गाँव मेरे लिए केवल और केवल कागजों में रह गया है। कारण यह है कि मेरे दिल्ली आने के बाद और भाभी के मरने के बाद, मेरे बड़े भाई डालचंद ने घर और घेर दोनों बेच दिए थे और सबसे छोटी बहन की ससुराल–नानपुर (गढ़) जाकर बस गए थे। इस कारण मेरा भी गांव जाना धीरे-धीरे बंद ही हो गया। खैर! मेरा गांव तो मेरा गांव ही रहेगा...वर्तमान में भी और इतिहास में भी। बस! कभी-कभी जब मुझे गाँव की याद आती है तो मैं इस अवस्था में पहुँच जाता हूँ कि क्या याद करूं क्या भूल जाऊँ। किंतु आज मैं कोशिश करूँगा कि मैं अपने मनोस्थिति से ऊपर उठकर अपने गाँव की कहानी को शब्द दूँ।

विदित हो कि मेरा गांव मेरा कोई पुश्तैनी गाँव नहीं है। ‘कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुवती ने कुनबा जोड़ा’ वाली तर्ज पर बसे इस गाँव में आजादी से लगभग 10-12 साल पूर्व, एक दूसरे के दूरदराज़ के  रिश्तेदार आकर बसे थे। खानदानी कतई नहीं थे किंतु सगे से भी ज्यादा मिल-जुलकर रहते थे। एक दूसरे के दुख-दर्द में एक साथ खड़े होना उनकी प्रवृत्ति में शामिल था। गाँव के सब लोग अनपढ़ जरूर थे किंतु उनकी समझ का कोई तोड़ नहीं था। आपस में लाख लड़ाई-झगड़े हों,...... किंतु मजाल कि कोई बाहर का आदमी गाँव में आकर किसी प्रकार का हस्तक्षेप  दर्ज कराने का साहस कर पाए। 

जगराम, केसरी, महराज  और  प्रहलाद चार  भाई थे जिनके बारे में सुना था कि उनके जन्म के अवसर पर खाने का इतना टोटा था कि उनकी माँ को उनके जन्म के अवसर पर जच्चा को मिलने वाला खाना भी ठीक तक नहीं मिलता था । केवल गाजर खा-खाकर अपने बच्चों को पाला-पोसा था। उनके बच्चे बड़े होकर इतने बलशाली बने कि वे जब एक साथ होते थे, तो उनके सामने किसी का इतना साहस नहीं होता था कि ऊँची आवाज में बोल सके। इनके बाद मेरे दूर के मामा के बेटे–चिरंजी और हरीसिंह और मेरे सगे भाए डालचन्द के नाम भी इस सूची में दर्ज थे  उनके हाथों में हमेशा तेल से तर लाठियाँ हुआ करती थीं। यही शारीरिक शक्ति उनकी असली ताकत हुआ करती थी। यहाँ दिवंगत काले तथा तोताराम का नाम लेना भी गैरवाजिब नहीं होगा।  

शरीर से बलीष्ठ लम्बा कद, स्याम रंग के मामा हारी राम (दिवंगत) बहुत ही मृदु – भाषी थे। वो ज्यादातर किसी प्रकार के पचड़े में नहीं पड़ते थे...बस अपने काम से काम। सादगी और सज्जनता के नाम पर तो मोमराज और समेय सिंह जी नाम लिया जा सकता है। जैसा कि मैंने कहा कि मेरे समय के सारे लोग अनपढ़ जरूर थे किंतु थे हफनमौला। उनके लिए “मार के पीछे लकीर को पीटना” जैसी कोई कहावत जैसे कोई मायने नहीं रखती थी। यदि गांव से बाहर के यानी नजदीकी गांव वालों ने गांव की ओर बुरी नजर देखा या किसी के साथ कोई छेड़छाड़ की तो दो ही बातें होती थीं। एक – या तो मौके पर ही बदला ले लिया जाता और यदि दिन में हाथ नहीं लगा यानी कि काबू में नहीं आया तो न सही किंतु रात उनकी होती थी यानी रात के अन्धेरे में दुश्मन के घर में घुसकर प्रतिरोधी को मात देना उन्हें भली-भाँति आता था। उनकी सोच बस इतनी भर होती थी कि मार पीछे केवल पुकार ही होती है, सो जो करना है, कर डालो। आगे की देखी जाएगी।

मेरे गाँव में कुल 40-45 घर थे.......सभी जाटवों के। अब कुछ ज्यादा हैं .....परिवारों का निरंतर विकास जो हो रहा है। 1969 में जब मैंने गाँव छोड़ा था कुल चार-पाँच मकानों को छोड़कर बाकी सब मकान मिट्टी व छ्प्पर के बने थे, अब पक्के मकानों की संख्या कुछ ज्यादा है। मेरे समय में आँगन और मकान की दीवारों को गोबर में पीली मिट्टी मिलाकर लीपा-पोता जाता था। बारिश से पहले मकानों की कच्ची छतों को भुस की रैनी ( भूसे का वारीक रेशा) और गोबर को चिकनी मिट्टी में मिलाकर वाटर-प्रूफ किया जाता था। आपको यह जानकर हैरत होगी कि मेरा पूरा का पूरा गाँव अनपढ़ों का था। केवल बादाम सिंह और टूकीराम नौवीं कक्षा तक पढ़े थे।...उनको नौकरी मिली नहीं, या फिर उन्होंने प्रयास ही नहीं किया........ मुझे पता नहीं.....हाँ! इतना मालूम है कि उनकी नाकामयाबी के चलते उनके घर वालों ने उनकी जल्दी ही शादी कर दी जिससे वो गाँव के ही हो कर रह गए। ....उनकी इस नाकामयाबी का गाँब के बाकी बच्चों पर ऐसा कुप्रभाव पड़ा होगाकि पढ़ने के प्रति सबका रुझान कम हो गया....। कम खेतीहर जमीन रखने वाले अधिकतर लोग खेती करने  के साथ-साथ छोटी-मोटी मजदूरी या फिर भट्टों पर काम करना सबकी रोजी-रोटी का साधन था। कुछ परिवारों को छोड़कर अधिकतर गांव वालों के पास थोड़ी-घनी खेती करने पर इतने बलिष्ठ थे कि उनकी लाठी में धुआँ उठता था। दिनभर लाठी को तेल पिलाना उनके रोजगार में योग्य जमीन थी जिससे घर के लालन-पोषण में कोई खास दिक्कत नहीं होती थी। परिणाम ये कि केवल दबंगई ही सबके दिमाग पर हावी रहती थी। बच्चों को पढ़ाने-लिखाने की चिंता तो किसी को ख्वाब में भी नहीं थी। यहाँ यह उचित ही होगा कि गाँव की दबंगई के बारे में एक-दो वाकयात का खुलासा किया जाय अन्यथा मेरा कथन जैसे एक बड़बोलापन ही सिद्ध होगा।

प्रतिवर्ष घटने वाली एक घटना का उल्लेख शायद मेरी बात के समर्थन में काफी हो ........ गौरतलब है कि गाँव के पूरब में चित्सोना और दक्षिण में मंडोना जाट बाहुल्य गाँव हैं तथा उत्तर में केशोपुर सठला और पश्चिम में बी. बी. नगर अवस्थित हैं। ये दोनों ही कस्बे ब्राहम्ण व वैश्य बाहुल्य कस्बे हैं। जाटवों की अच्छी-खासी संख्या भी है इनमें। आमतौर पर सभी जातियों के लोग आपस में मिलजुल कर रहते थे। कभी-कभार किसी अप्रिय घटना का होना अपवाद ही कहा जाएगा। मेरी याद में, जातीय दंगों के नाम पर कभी कोई तकरार नहीं हुई। एक दूसरे के यहाँ ब्याह-शादी में भी आना जाना भी होता था।..... गाँव के उत्तरी छोर पर बसे ‘केशोपुर सठला’ में प्रतिवर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एक आम बात थी...गाँव के पश्चिमी छोर पर बसे बी.बी. नगर में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम अपेक्षाकृत कम ही हुआ करते थे...हालाँकि बी. बी. नगर केशोपुर सठला से बड़ा ही नहीं अपितु विकसित भी था। बी. बी. नगर में बालक –बालिकाओं के लिए अलग-अलग इंटर कालिज भी थे। कई अन्य सार्वजनिक संस्थाएं जैसे प्राथमिक चिकित्सा हेतु अस्पताल......विकास खण्ड कार्यालय...... पुलिस चौकी (जो आज थाना बन गई है)..... आदि-आदि। और अब तो डिग्री कालेज भी बन गया है। 

सठला में प्रतिवर्ष रामलीला का इलाके के हिसाब से भव्य आयोजन किया जाता था। आस-पास के गाँवों से अच्छी-खासी भीड़,  जिसमें बच्चे और औरतें भी शामिल हुआ करती थीं, रामलीला देखने आती थीं। जाहिर है रामलीला रात के पहले पहर में ही आयोजित की जाती थी.... तो किसी भी प्रकार के उत्पात का डर बने रहना स्वाभाविक ही होता था....रामलीला के आयोजकों की संभावित उत्पात से निपटना सिर दर्द बना रहता था..... । कभी-कभार मैं भी रामलीला देखने जाता था....एक मंच होता था... मंच पर रंग-बिरंगे पर्दे.....पर्दों के ठीक आगे की ओर मंच पर ही दो भौंपू (माइक) लगे होते थे.....समय-समय पर मंच-संचालक कुछ न कुछ घोषणाएं करता रहता था.....कुछ दर्शक रामलीला को जल्दी शुरू करने के लिए.... शोर भी करते दिखाई देते थे..... किंतु रामलीला इस घोषणा के साथ ही शुरू होती कि अब ठीक है ...... हाँ! तो प्यारे दर्शको..... अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है..... पड़ोसी गाँव बातरी के लोग आ गए हैं ..... अब रामलीला शुरू होती है... सब शांति के साथ रामलीला का आनन्द उठाएं ..... एक दो बार परदा गिरता.....उठता और रामलीला शुरू हो जाती...। रामलीला समाप्त होती....रात्री को सब अपने-अपने घर लौट जाते ....मगर मेरे मन में एक उत्सुकता घर किए रहती कि आयोजकों ने आखिर यह कहकर रामलीला क्यों शुरू की- “हाँ! तो प्यारे दर्शको..... अब इंतजार की घड़ी समाप्त हो गई है..... पड़ोसी गाँव बातरी के लोग आ गए हैं........ अब रामलीला शुरू होती है..”। आखिर मैंने एक दिन गांव के किसी बुजुर्ग से पूछ ही लिया कि बाबा ... रामलीला शुरू होने से पहले ऐसा क्यों कहा गया था। जवाब मिला..... चल छोड तू क्या लेता है इन बातों से..... बड़ा हो जाएगा...तो ... समझ जाएगा। किंतु जब मैं अपनी जिद पर अड़ा ही रहा तो मुझे बताया गया कि बेटा आसपास के गाँवों के कुछ लोग रामलीला के कार्यक्रम में बाधा पहुँचाने की कोशिश करते हैं.... जब हमारे गाँव के लोग रामलीला में पहुँच जाते हैं तो दंगाइयों की माँ मर जाती है..... समझा कि नहीं? और भी ऐसी बहुत सी घटनाएं हैं जिनका भी यहाँ उल्लेख किया जाना संभव प्रतीत नहीं होता। यथोक्त घटना को गाँव वालों की दबंगता की बानगी के रूप में लिया जा सकता है। सच कहूँ तो मेरे गाँव वाले किसी जाति, किसी धर्म, किसी समुदाय या फिर किसी वर्ग के लोगो में विशेष के खिलाफ नहीं थे। बस! उन्हें नाइंसाफी पसंद न थी। उनका अगूँठा छाप होना बेशक उनकी व्यक्तिगत प्रगति में बाधक था किंतु सामाजिक सौहार्दय बनाने में काफी हद तक कामयाब था। एक बात और कि गाँव में मनोरंजन के लिए केवल ‘स्वांग’ और ‘ढोला’ जैसे माध्यम ही होते थे.. वह भी ब्याह-शादी के अवसर पर्। मंनोरंजन के इलेक्टोनिक उपकरण आने के बाद ‘स्वांग’ और ‘ढोला’ भी अब कहानियों में रह गए हैं

           शिक्षा के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ अब मेरे गांव की सूरत बदल गई है। कच्चे घर ईंटों के हो गए हैं। बहुत से बच्चों का रुझान शिक्षा की ओर ऐसा बढ़ा कि आज बहुत से लोग न केवल नौकरी में हैं बल्कि अच्छी-अच्छी नौकरी पर काम कर रहे हैं।  शिक्षा के हर क्षेत्र/स्ट्रीम में शिक्षारत हैं। बहुत से लोग सेवा निवृत्त होकर शेष जीवन की यात्रा कर रहे हैं। गाँव में प्राथमिक स्कूल तो है ही, गाँव वालों ने अपने पुरखों की यादों को संजोने के भाव से भव्य “अम्बेडकर भवन”  का निर्माण भी कर लिया है। फिर भी कभी – कभी लगता है कि ग्रामीण पारिवेश में शहरीकरण के प्रभाव से जैसे पूरी तरह बच नहीं पाया है जो स्वाभाविक भी है। रिश्ते-नाते पहले के मुकावले कुछ लचर से दिखते हैं जिसे मैंने अपनी इस कविता में पिरोने का प्रयास किया है :-

मेरा गाँव ::  मेरा गांव /अब गांव कहाँ है / शहर हो गया है/ भीड में खो गया है/ गांव तो भाभियों से होता है/ चाची-ताईयों से होता है/ बहन-भाईयों से होता है/ नये दौर में / अब रिश्ते ही कहाँ शेष हैं/ सो गांव भी मर गया/ कहानियों में रह गया।0000

मेरे जन्म की कहानी

विदित हो कि मैं घर में सबसे छोटा हूँ। बताया जाता था कि मेरे मां-बाप की चार औलादें थीं। सबसे बड़ा भाई, दो बहनें और मैं। तीनों मुझसे बड़े थे। पूरा परिवार शाकाहारी था। बताया जाता है कि मेरे जन्म के समय मेरे माता-पिता की उम्र जैसे पक चुकी थी। यानी मैं बुढ़ापे की औलाद हूँ। शायद इसीलिए भाभी अक्सर मुझे ‘बुढ़ापे की औलाद’ कहकर चिढ़ाती थी। जब मैं इस बात का अर्थ नहीं जानता था।....बड़ा हुआ तो जाना। ज्ञात हो कि मेरे पैदा होने से कुछ दिन पहले ही मेरी भाभी के यहाँ लड़की ने जन्म लिया था। मैंने अपने दादा-दादी, नाना-नानी, चाचा-ताऊ को देखने की बात तो अलग, उनके विषय में आज तक भी कुछ नही सुना है.।

भाभी ने बताया था कि मेरे जन्म के समय गाँव में हमारा अपना कोई घर नहीं था....मेरा जन्म मेरे दूर के मामा के बेटे – अमर सिंह के घर हुआ था..... काफी अरसे उनके घर पर ही हमारा परिवार रहा...जाने कब अपना घर बना था... पता नहीं। खैर! मेरे बचपन के विषय में जो कुछ भी यहाँ प्रस्तुत है, उसका शुरू का कुछ भाग मैंने कुछ बड़ा होने पर अपनी भाभी की जबानी ही सुना था। मैं तो उस भाग में केवल एक संदर्भ मात्र हूँ। अब जबकि मैं अपने बचपन को ढूँढने के प्रयास में हूँ। स्कूली प्रमाण के आधार पर मेरा जन्म बुलन्दशहर (उ.प्र.) जिले के एक छोटे से गाँव ‘अला बास बातरी’ में सन 1949 के अगस्त माह में जब हुआ तब भारत का संविधान लिखा जा रहा था। इसमें कितना सच है, कितना नहीं, मुझे भी कुछ पता नहीं है। ....वैसे भी मुझे तो इस सच का पता हो ही नहीं सकता था ।..... कारण कि मेरे पिता का देहांत बताते है कि मेरी उम्र के लगभग डेढ़ साल में हो गया था और जब मैं शायद सातवीं कक्षा में थी, मेरी माँ का देहांत हो गया था। यानी मेरे माता-पिता की मृत्यु  मेरे बचपन में ही मृत्यु हो गई थी। और आज जब मैं अपने बचपन के गाँव  की कहानी लिख रहा हूँ, मेरे भाई व बहनें भी जीवित नहीं हैं। यदि जीवित होते भी तो कोई फायदा न होता क्योंकि उनके लिए काला अक्षर भैंस बराबर था।... सब के सब अनपढ़ जो थे... वैसे भी अनपढ़ माता-पिता के लिए बच्चे का जन्म ही महत्त्वपूर्ण होता है न कि उसकी जन्म तिथि, उसकी जन्म तिथि से क्या लेना-देना उन्हें। घर में काम करने वाले और दो हाथ निकल आने को ही गाँव-देहात में बड़ी बात समझा जाता था।

भाभी ने बताया था कि मेरे बाबा (पिता) हरिसिंह, जिन्हे गांव में ‘हरिया’ के नाम से पुकारते थे। आज मुझे ऐसा लगता है कि उस समय बस इतना सा भान तो हो गया था कि बाबा यानी मेरे पिता के देहांत के समय घर के आस पड़ोस के लोग-लुगाई हमारे घर आते,....मेरी ओर भीगी आँखों से देखते... शायद मेरे बचपन में ही अनाथ होने की चिंता पर मन ही मन में...आह भरते .... आँसू गिराते होंगे। कई मेरे सिर पर हाथ रखकर दुख जताते... और चले जाते....। यही हाल महिलाओं का भी था... हाँ! महिलाएं दो-चार आँसू भी गिरा दे जा रही थी... यह तो वैसे भी महिलाओं की प्रवृति में शामिल होता ही है। लेकिन किसी ने भी मेरे खाने-पीने की सुध नहीं ली थी। होश ही किसी को कहाँ था?........। माँ का तो वैसे ही बुरा हाल होगा। ...घर-भर में भीड़ जमा थी और बताया जाता है कि तब मैं चारा काटने की मशीन के हथ्थे को पकड़कर उससे खेल रहा था। किसी के आने-जाने, मरने-जीने से भला किसी डेढ़ वर्ष के बच्चे को क्या लेना-देना। ...आज मैं समझता हूँ कि बाल्य्काल्य की सबसे बड़ी विरासत तो यही होती है - न किसी दुख का, न किसी सुख का अहसास; ना काहू से दोस्ती, ना काहू से बैर... न कोई अपना, न कोई पराया। बच्चे का दुनिया से अनजानापन ही उसे दुनियाबी होने से बचाता है। इसीलिए तो उसके चेहरे पर हमेशा हंसी तारी रहती है। बच्चे के लिए न केवल सबकी गोद खुली रहती है अपितु सबके मन में उसके लिए अपनेपन का भाव बना रहता है। केवल भूखा होने की दशा में ही उसे रोना आता है। जैसे–जैसे उसे होश आता जाता है या यूँ कहें कि वह दुनिया की हकीकतों से रूबरु होता जाता है, उसके आस-पास एक ऐसी दुनिया का घेरा बनता चला जाता है जिससे मुक्ति का मार्ग उसे तमाम उम्र नहीं मिल पाता। यही सत्य मेरा भी है....हरेक का होता है। दीन-दुनिया की खबरों से दूर....अपने आप में मस्त...खाना-पीना....खेलना कूदना और शाम को घर आकर रोटी खाकर सो जाना....बस और कुछ नहीं....।

प्राथमिक शिक्षा हेतु स्कूल की राह पर...

मेरे गाँव की चर्चा हो और मेरी अपनी कहानी उसका हिस्सा न बने तो कुछ बात जमने वाली नहीं लगती। अत: गाँव की कहानी के साथ-साथ मेरी कहानी भी इस चर्चा में शामिल होगी, यह कहानी की आवश्यकता भी है और तर्कसंगत भी।  दीन-दुनिया से बेखबर, खेलते-कूदते न जाने कब मैं 8-9 साल का हो गया। गाँव में बच्चों के साथ समय बिताने के लिए गिल्ली-डंडा खेलना, भैंस की कमर पर बैठकर गाँव से सटी पोखर में नहाना, कंचे खेलना और न जाने कितने ही ऊट-पटांग खेल ही हमारे मजोरंजन के साघन होते थे। घर वालों में से किसी को भी मेर्र पढ़ाई-लिखाई के बारे में कोई चिंता न थी। स्कूल में दाखिला तक नहीं दिलाया। माँ घर के काम-काज और डांगरों (पशुओं) की देखरेख में इतनी व्यस्त रहती थी कि उसे कुछ और सोचने की फुरसत ही नहीं होती थी। पैसे-धेले का हिसाब-किताब रखना तथा उसका रख-रखाव करना उसके लिए मुख्य काम था। उसे भी पढ़ाई-लिखाई से कुछ लेना-देना नहीं था। मेरे भाई को थोड़ा-बहुत पढ़ना-लिखना जरूर आता था, पर वे भी कभी स्कूल नहीं गए। घर में वे ही एक मात्र कमाऊ व्यक्ति थे। आखिर एक दिन भाभी ने उनसे मेरी पढ़ाई के बारे में कुछ-खरी-खोटी बातें की तो भाई साहब अगले दिन ही वे मुझे गाँव के नजदीक वाले कस्बे ‘केशोपुर सठला’ के प्राथमिक स्कूल में ले गए और स्कूल में मेरे दाखिले की बात की। जन्म-प्रमाण तो उस समय हुआ ही नहीं करते थे सो मास्टर जी ने अपने हिसाब से मुझे पाँच वर्ष का बनाकर मेरी जन्म-तिथि – 08.08.1949 लिखी और मेरा पहली कक्षा में दाखिला कर दिया। किंतु मुझे घर और स्कूल में कोई अंतर नहीं लग रहा था। मंद-बुद्दी जो था। किसी प्रकार की चंचलता मेरे आस-पास तक न थी। स्कूल में दो-चार दिन आने के बाद पता चला कि गाँव के और तीन-चारबच्चे पहली कक्षा में  पढ़ते हैं और मुझे जोड़कर अब एक ही गांव के पाँच छात्र हो गए थे। स्कूल गांव से लगभग एक किलो मीटर ही होगा सो अब हम चारों का रोजाना साथ-साथ पैदल ही स्कूल आना-जाना हुआ करता था। किंतु मेरा पढ़ाई-लिखाई के प्रति कोई खास रुझान नहीं था। घर से किताब और तख्ती-किताबों का झोला (बस्ता) स्कूल ले जाना और अक्सर ज्यूँ का त्यूँ स्कूल से घर ले आना ही अपना काम होता था। घर पर कोई कुछ पूछताछ तो करता ही नहीं था। बाकी सब लड़के पढ़ने में मुझसे अच्छे थे।

जब स्कूल ही जाना बंद कर दिया....

स्कूल आते-जाते दो साल ही गुजरे होंगे। मुझसे बड़ी बहन अपनी बेटी की बीमारी का इलाज करवाने हमारे घर पर ही आई हुई थी। बच्ची साल-डेढ़ साल की होगी। एक दिन मैं और मेरे जीजाजी उसको डाक्टर के पास, नजदीक के कस्बे भवन बहादुर नगर साइकिल पर लेकर जा रहे थे। मैं बच्ची को गोद में लेकर साइकिल की पिछली सीट पर बैठा था। गाँव से थोड़ी दूर जाने पर मैंने पाया कि बच्ची का हिलना-डुलना बन्द हो गया है। मैंने साइकिल रुकवाई और जीजा जी से बच्ची को देखने के लिए कहा। उन्होंने बच्ची को देखा और बिना कुछ कहे साइकिल गाँव की ओर मोड़ ली और भारी मन से बोले “गई”। मैं बच्ची को लेकर फिर साइकिल पर बैठ गया। घर पहुँचे तो सच्चाई जानकर घर में रोआ-राट मच गया। यह जानते देर न लगी कि बच्ची मर गई है। मुझे वह बहुत प्यारी थी। मैं भी फफक कर रो पड़ा। मुझे उस दिन कुछ-कुछ यूँ लगा कि दुनिया के प्रति मेरी बचपनी बेहोशी जैसे छंटने लगी है और दुनियाबी सोच के पंखों केनेन फड़फड़ाना शुरु कर दिया हैं। खैर! हुआ यूँ कि मैंने बचपनी भावना में बहकर स्कूल जाना ही बंद कर दिया। सुबह से शाम तक गाँव के पड़ोस में खाली पड़ी बंजर जमीन पर गिल्ली-डंडा खेलना, बच्चों के साथ छोटी-मोटी शरारत करना, घर आकर खाना खा लेना और सो जाना ही जैसे मेरी दिनचर्या बन गई थी। घर वालों में से किसी को इसका भान तक नहीं था कि मैं स्कूल जा रहा हूँ अथवा नहीं।

खेलकूद में लगभग एक सप्ताह गुजर गया, मैं स्कूल नहीं गया। इस पर एक दिन स्कूल में मुझे पढ़ाने वाले अध्यापक – मा. हरपाल सिंह जी अचानक घर आ धमके। उस दिन संयोगवश मैं भी घर पर ही था। खेलने-कूदने कहीं नहीं गया था। घर वालों ने मास्टर जी को आदर सहित खाट पर बिठाया। मास्टर जी ने इधर-उधर देखा और मेरी ओर हाथ का इशारा करके मुझे अपने पास बुलाया। बोले – स्कूल क्यों नहीं आ रहा आजकल तू.....? मैं जड़ बना सुनता रहा। उनके दोबारा पूछने पर मैंने सिर झुकाए हुए ही कहा कि मुझे....मुझे नहीं पढ़ना है। इतना सुनकर मास्टर जी का चेहरा-मोहरा बदल गया और उन्होंने घर वालों – भाई व भाभी से सवाल कर डाला – सुना तुमने... ये क्या कह रहा है? क्या तुम भी नहीं चाहते कि ये पढ़े? भाई व भाभी ने मेरे स्कूल न जाने के प्रति अनभिज्ञता जताई और बड़े ही हल्के मन से कहा कि हम तो चाहते हैं कि ये पढ़े।.... इसीलिए तो स्कूल में नाम लिखाया है... इसका। इतना सुनकर मास्टर जी बोले – ठीक है तुम क्या चाहते हो क्या नहीं, तुम जानो किंतु मैं इतना जानता हूँ कि इसे पढ़ना है। इसका झोला (बस्ता) लाओ।...इसे आज से ही स्कूल जाना है। भाभी मेरा झोला ले आई। लाकर मेरे कंधे पर टांग दिया। मास्टर जी के हाथ में कमची लगी थी जिसे देखकर मेरी हवा खराब हो रही थी। मास्टर जी ने कमची हिलाते हुए मेरा हाथ पकड़ा और मुझे साथ लेकर चल पड़े स्कूल की ओर। मास्टर जी ने अब मेरी रोजमर्रा की गतिविधियों पर ध्यान रखना शुरु कर दिया था। इसका मुझ पर यह असर हुआ कि मैंने रोजाना स्कूल जाना शुरु कर दिया। किंतु पढ़ाई में मेरा मन नहीं लगता था। रफ्ता-रफ्ता मैं और मेरे अन्य साथी भी पाँचवी कक्षा में आ गए।

स्कूल में दो ही अध्यापक होते थे। एक - श्री हरपाल सिंह और दूसरे – श्री रघुनंदन शरण शर्मा। रघुनंदन शरण जी बुजुर्ग और स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। चौथी व पांचवी कक्षाओं को पढ़ाया करते थे। वे पांचवी कक्षा के सभी बच्चों को बिना किसी जातिगत भेदभाव के सर्दी के मौसम में अपने घर पर रोजाना रात को बिना कोई पैसा लिए ट्यूशन पढ़ाया करते थे। उन्होंने ट्यूशन पढ़ने के बाद बच्चों के सोने के लिए एक बड़े से कमरे में ईख की पताई (गन्ने के सुखे हुए पत्ते) डलवाकर उस पर जाजम बिछवा दी थी।

खटोले पर परीक्षा....

उल्लेखनीय है कि उस समय पांचवी की परीक्षा बोर्ड की होती थी। परीक्षा से पहले कुछ दिन की छुट्टी हुआ करती थी। फरवरी-मार्च के महीने में सर्दियां कुछ कम हो ही जाती हैं। खेलकूद में छुट्टियां न जाने कब खत्म हो जाती थीं, कुछ पता ही नहीं पड़ता था। इस दौरान मेरे साथ एक दुखद घटना ये घटी कि खेलकूद में मेरे दाईं टांग के घुटने में गहरी चोट लग गई। उधर परीक्षा सिर पर आ गईं। चोट पक गई और घुटने में मवाद पड़ गई थी। ऐसे में कैसी पढ़ाई, कैसी लिखाई। घुटने में दर्द के कारण वैसे ही पढ़ने में कौन सा मन था। परीक्षा नजदीक के दूसरे कस्बे भवन बहादुर नगर (बी.बी.नगर) में होनी थी। अब मेरे सामने सबसे बड़ा सवाल था कि परीक्षा देने कैसे जाया जाएगा। चोट के कारण चल पाना तो दूर, मैं खड़ा हो पाने में भी अक्षम था। घरवालों का भी इस ओर कोई ध्यान नहीं था। खैर! परीक्षा से पहले मेरी चोट के बारे में मा. हरपाल सिंह जी को पता लग गया था। वे परीक्षा से एक दिन पहले घर आ पहुंचे। मेरा हाल जाना और दुख जताते हुए मेरे भाई से मालूम किया कि घर पर कोई खटोला है कि नहीं। (छोटी खाट को गावों में आज भी खटोला ही कहते हैं। यदि नहीं तो आस-पडोस से मांगकर ले आवें। खटोले का इंतजाम तो कर दिया गया किंतु मास्टर जी को छोड़कर सबके दिमाग में एक ही प्रश्न था कि आखिर इस खटोले का होगा क्या। मास्टर जी से यह सब पूछने की हिम्मत भी किसी ने नहीं जुटाई। मास्टर जी ने मुझसे कहा कि कल परीक्षा देने चलना है – समझ गया कि नहीं......। सुबह तैयार रहना। इतना कहकर मास्टर जी चले गए।

देहातों में कैसी तैयारी? दिन निकला, हाथ-मुंह धोए, कमीज पजामा पहना और हो गए तैयार। अगले दिन सूरज थोड़ा ही चढ़ा था कि मास्टर जी अपने साथ छ:-सात बच्चे लेकर घर आ गए। मुझे खटोले पर डाला, बच्चों ने खटोला उठाया और चल पड़े परीक्षा केन्द्र की ओर। परीक्षा समाप्त होने पर बच्चे ही मुझे खटोले पर डालकर घर पर छोड़ गए। परीक्षा के समाप्त होने तक यही सिलसिला चलता रहा। मास्टर जी रोज मुझे लेने आते रहे। इस प्रकार परीक्षा में मेरी उपस्थिति लग जाती थी। उत्तर पुस्तिका में मुझसे जो कुछ भी थोड़ा-बहुत लिखा जाता, लिख देता। खैर! जो भी हो, गाँव के अन्य तीन बच्चों के साथ मास्टर हरपाल सिंह की कृपा कहें अथवा उनकी समाज सेवी भावना, से मैं भी पांचवी कक्षा में पास हो गया। साथ ही साथ भविष्य की पढ़ाई के लिए मेरा मार्ग भी प्रशस्त हो गया। यदि आज मैं ये कहूँ कि यदि मास्टर हरपाल सिंह जी न होते तो आज का तेजपाल सिंह ‘तेज’ देहात ही में ‘तेजू’ बनकर रह जाता। इधर-उधर चाकरी में लगा होता।

कालिज की ओर...

मैं और गाँव के अन्य साथी पांचवी कक्षा में पास हो गए। मेरा स्वतंत्र भारत इंटर कालिज, बी. बी. नगर में छठी कक्षा में दाखिला करा दिया गया। किंतु उदयराम, कन्हैया और मंटूरी को उनके घरवालों ने आगे नहीं पढ़ाया। दोनों खेतीबाड़ी में घरवालों का हाथ बटाने लगे। जल्दी ही उनकी शादी भी कर दी गई। अमरनाथ पढ़ाई में मुझसे होशियार था और मैं सबसे कमजोर। खैर! बड़े कालिज में जाकर अलग-अलग तरह के अनेक बच्चों के संपर्क में आने का मौका मिला तो एक समय के बाद दूसरों के साथ-साथ रहकर/ खेलकर, एक-दूसरे को पढ़ते-लिखते देखकर पढ़ाई के प्रति मेरी रुचि भी बढ़ने लगी। छठी कक्षा की सालाना परीक्षा जैसे-तैसे पास हो गई।

इस तरह मैं सातवीं कक्षा में आ गया। कालिज में सातवीं कक्षा के तीन सेक्शन होते थे। प्रत्येक सेक्शन में लगभग पैंतालीस-पैतालीस छात्र होते थे। स्कूल में साल में तीन परीक्षाएं हुआ करती थीं – तिमाही, छमाही और सालाना। तिमाही परीक्षा का परिणाम आया तो जाना कि मेरा एक साथी तीनों सेक्शनों में पांचवे नम्बर पर आया । मुझे इसकी खुशी तो थी किंतु पता नहीं क्यों, मुझे अचानक इस बात का दुख भी सताने लगा था कि मेरा कोई नम्बर क्यों नहीं। साथी छात्रों के संसर्ग में रहकर मेरी सोच का पंछी जैसे किसी खाई से निकलकर मैदान में आने को आतुर होने लगा था। अब सोते-जगते यही सवाल मेरे ज़हन में घूमता रहता। फलत: किताबों से कुश्ती करना शुरू कर दिया। इसके बाद पढ़ाई के प्रति मेरी रुचि इस कदर बढ़ी कि मुझे पढ़ाई के अलावा कुछ और भाता ही नहीं था। चुपचाप पढ़ाई में लगे रहना ही मेरी दिन-चर्या बन गई थी।

मेरी इस हालत को देखकर, मेरी भाभी कभी-कभी सोचने लगती कि पता नहीं इसे क्या हो गया है। अब न तो ये खेलने जाता है और घर पर भी चुप-चुप ही रहता है। भाभी ने ये बात माँ से भी शिकायती लहजे में कही होगी। माँ ने मुझसे कुछ कहा तो नहीं किंतु मुझ पर नज़र रखने लगी। दुकड़िया में मुझे देखने आती और मुझको पढ़ता हुआ देखकर वापिस हो जाती, फिर सारा किस्सा भाभी को सुनाती थी। जब कहीं मेरे ना खेलने और हमेशा चुप-चुप रहने का मामला उनके दिमाग से उठ गया था। पढ़ाई के प्रति बढ़ते रुझान के चलते, छमाही की परिक्षा में मुझे अप्रत्याशित सफलता मिली। इस बार मैं लगभग 135 बच्चों यानी पूरी कक्षा में दसवें-ग्यारहवें पायदान पर पहुँच गया। सीधे-सादे और सामान्य दर्जे के छात्र का अचानक छलांग लगाना, मेरे कुछ साथी छात्रों को खला भी, जो स्वाभाविक ही था। मेरे ही गाँव का साथी अमरनाथ तो मुझसे ऐसे ख़फा-ख़फा सा रहने लगा जैसे मैंने उसका नम्बर ही छीन लिया हो। अब सालाना परीक्षा की बारी थी। मैं और मन लगा कर पढ़ने लगा। सालाना परीक्षा सिर पर थी। कई बार तो सर्दियों के मौसम में रात को पढ़ते-पढ़ते मैं सो जाया करता था और मिट्टी के तेल का दीया (डिबिया) जलता ही रह जाता था। उसे माँ या भाभी में से कौन, कब बंद करता होगा, नहीं मालूम। पढ़ाई के लिए और तो कोई खास सुविधा थी नहीं, ना घड़ी, ना मेज । खैर! सातवीं की सालाना परीक्षा भी समाप्त हो गई। रिजल्ट आया तो जाना कि पूरी कक्षा में इस बार मेरी सातवीं पोजीशन थी। मैं बेहद खुश हुआ। टीचर्स भी मेरी निरंतर बढ़त को देखकर मुझे प्यार की नज़र से देखने लगे थे। अचानक इतना बड़ा परिवर्तन किसी और को तो क्या आज मुझे भी नहीं पच रहा है। ये सब कैसे हुआ? मैं खुद नहीं जानता कि आखिर मुझे हो क्या गया था कि पढ़ाई के अलावा मुझे कुछ और सूझता ही नहीं था। यदि मैं ये कहूँ कि सातवीं कक्षा का वह वर्ष ही पढ़ाई के मामले में मेरे लिए एक सकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ था तो अनुचित न होगा।

अब मैं आठवीं कक्षा में था। पढ़ाई का सिलसिला पहले जैसा ही चलता रहा और मैं दिनोंदिन पढ़ाई से जुड़ता चला गया। अध्यापकों और तरक्की पसंद साथियों का भरपूर सहयोग मिल रहा था। जब भी चाहूँ कोई भी परामर्श लेने की छूट, मुझे सभी अध्यापकों से मिल गई थी।मेरे लिए अब वो समय था जब मैं अच्छे और बुरे की समझ से रुबरू हो रहा था। हकीकत ये है कि छोटेपन में मुझे छोटे-बड़े के सम्मान का कोई ख़याल नहीं था। सबको ‘तू’ कहकर ही संबोधित किया करता था किंतु अब सबके प्रति सम्मान का भाव स्वत: ही पनपने लगा था। मैं बचपन की भूल-भुलैया से जैसे बाहर आने लगा था। किंतु अचानक माँ का स्वास्थ्य गिरने लगा और वो इस कदर बीमार हो गई कि खाट पकड़कर रह गई। अब घर का सारा काम भाभी के कंधों पर आ गया था। माँ की सेहत निरंतर गिरती चली गई। एक दिन माँ ने मुझे इशारे से अपने पास बुलाया और मुझे सौ का एक नोट देकर सिर पर हाथ फेरते हुए धीरे से बोली – ले इसे अपने पास रखले। मैंने नोट लिया और उसे पैसे रखने वाले मटके में ही रख आया। थोड़ी देर बाद पता चला कि माँ इस दुनिया को छोड़ चुकी है।

अब मेरे बचपनी महल की बुनियादें जैसे बुरी तरह हिल गईं। अब केवल भाई और भाभी का ही आसरा शेष रह गया था। माँ के गुजरने के बाद बस्ती वालों से एक खिताब जो मुझे मिला, वह था ‘बेचारा अभागा’, शायद इसमें उनका मेरे प्रति प्यार और मेरे भविष्य के प्रति चिंता का भाव निहित था। किंतु माँ के गुजरने के बाद भी मेरे प्रति भाई-भाभी के व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया था इसलिए कुछ ही दिनों में माँ-बाप की बिदाई जैसे मेरे दिमाग में भी धुंधली पड़ने लगी थी। और धीरे-धीरे एक समय ऐसा आया कि मुझे लगने लगा कि जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। फलत: पढ़ाई के प्रति मेरा रुझान जस का तस बना रहा। आठवीं कक्षा में भी मैं अच्‍छे अंक लेकर पास हुआ। इस बार भी मेरी पांचवी-छटी पोजीशन ही रही। कहने की जरूरत नहीं कि मेरे बचपन का यही अंतिम पड़ाव भी था।

मेरी शिक्षा और मेरी कद-काठी की चौपाल पर चर्चा

           जैसा कि मैं पहले भी कह चुका हूँ कि सातवीं कक्षा में आने से पूर्व मेरा पढ़ने-लिखने में कम ही मन लगता था। बस! खेलना-कूदना… साथियों के साथ मार-पीट करना ... प्रत्येक शर्त पर अपनी बात को ही मनवाना .....जाने क्या-क्या मेरी शरारतों में शामिल था। पूरा गाँव परेशान रहता था मेरी शरारतों से। सबकी नज़र रहती थी मुझपर..। सबकी जुबान पर बस एक ही सवाल रहता था.... पता नहीं पढ़-लिखकर क्या करेगा ये छोरा... इसका कद भी तो इतना छोटा है कि ये पुलिस में भी तो भर्ती नहीं हो सकता.... अभी तक तो इस गाँव में कोई..... कुछ बनना तो क्या .... ठीक से पढ़ा-लिखा भी नहीं है। बादाम को देखो.... टूक्की को देखो.... दसवीं भी पास नहीं कर पाए.... शादी करके गाँव के ही होकर रह गए... । फिर ये ही क्या कर लेगा... पाँच फुटा तो वैसे ही है...... डाकू-बदमाश भी तो नहीं बन सकता.....कुछ कहते कि अरे! ये सब इसकी बचपनी शारारतें हैं.... अभी नादान है.... कुछ समझ नहीं है अभी इसे.....समय शायद इसे ठीक रास्ते पर ले आए..... इसने ये सब शरारतें छोड़ दीं तो .... कुछ आशा की जा सकती है... पर ऐसा लगता तो है नहीं.... ऊपर से न बाप है और न माँ.... भाई है पता नहीं आगे पढ़ाए ... न पढ़ाए.... मेरे बारे में जाने क्या-क्या सोचते रहते थे मेरे गाँव वाले ....। एक बात साफ करदूँ कि वे ये सब बातें मेरे पीछे नहीं, मेरे सामने ही किया करते थे ....कुछ मुझे चिढ़ाने के भाव से तो कुछ मुझे समझाने के आशय से। जाहिर है कि इस प्रकार की बातें किसी को भी अच्छी नहीं लगेंगी....... मुझे भी अच्छी नहीं लगती थीं..... तब मैं इतना समझदार भी कहाँ था....सब कुछ सुनता रहता और..... बचपनी हंसी में उड़ा देता।…. उनकी बातें सुनकर कभी-कभी तो मुझे भी उनकी बातों में दम लगता था और मैं अन्दर ही अन्दर भविष्य के प्रति निराशा ओढ़कर मौन अवस्था में चला जाता था। आज जब मैं ये सत्य लिख रहा हूँ..... मेरे वो अपने शेष नहीं रहे हैं....किन्तु उन सबकी सूरतें आज भी रह रह कर आँखों से टकराती रहती हैं। सब के सब....अंतर्यामी हो गए हैं.....अब जब मै अस्सी साला होने वाला हूँ तो मुझे अपने उन बुजुर्गों की बातों का ख़याल आता है तो मुझे खुली आँखों सपने से दिखने लगते हैं..... सपने भी कमाल होते हैं...ना? खुली आँखों देखे जाते है और नींद में भी।

           अब गाँव की चौपाल सिमेंट–ईंट से पक्की तो बन गई है। किंतु मिट्टी वाली चौपाल जैसा एरंग-ढंग देखने को नहीं मिलता ...बिना बुजुर्गों के जमावड़े और खाटों की कमी के चलते चौपाल कुछ उजड़ी-उजड़ी लगती है जिसका बयान मैंने अपनी एक भावनात्मक कविता में इस प्रकार किया है... “है धुंधलका शहर भर का आजकल चौपाल पर,/ न दीया बाकी, न बाती आजकल चौपाल पर।/ आज की तहजीब जैसे है कोई बेवा कनीज़,/ शमशान जैसी शांति है आजकल चौपाल पर।/ कल तलक चौपाल पर खाट कम पड़ जाती थीं ,/ न खाट है, न आदमी सच  आजकल चौपाल पर।/ न जाने वो चौपाल का पीपल कहाँ गया,/ है उल्लूओं की चिल्लपों आजकल चौपाल पर।/ 'तेज' वो मेघों भरे सावन के झूले क्या हुए,/ किलकारियां दिखती नहीं आजकल चौपाल पर।“

शिक्षा हेतु संघर्ष...

यहाँ यह खुलासा करदूँ कि मेरे बड़े भाई मां के देहांत से पहले जमीन से पानी निकालने वाले नल लगाया करते थे। लेकिन माँ के गुजरने के बाद मेरे बड़े भाई में जो बड़ा एक परिवर्तन आया, वह बड़ा ही विनाशकारी सिद्ध हुआ। अब भाई ने शारीरिक श्रम करना यानी नल लगाने का काम बंद कर दिया। माँ की भारी-भरकम जमा-पूंजी (जो बाद में लगभग पैंतालीस हजार रुपए बताई गई थी) जो मां ने किसी के जरिए डाकखाने में जमा कराई थी, ऐसा मैंने सुना भर था। और भैंसों को बेचने से अर्जित धन को एक के बाद दूसरा कारोबार करने में बरबाद कर दिया। इधर मैंने दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर ली थी।

किंतु दसवीं करने के बाद भाई ने मुझे आगे पढ़ाने से मना कर दिया। पर मैं पढ़ना चाहता था। भाभी के कहने का भी भाई पर कोई असर नहीं हुआ। इस पर मैं निराश रहने लगा। कहीं कोई आशा की किरण नहीं दिखाई दे रही थी। अब मुझे लगने लगा था कि माँ के मरने पर बस्ती वालों द्वारा दिया गया खिताब ‘बेचारा अभागा’ जैसे अब साकार होने की दिशा में था। मुझे अपने चारों ओर खालीपन के अलावा कुछ और दिखाई नहीं दे रहा था। अब माँ का अभाव सताने लगा था। कई बार अकेले में मेरी आँखे नम हो जाती थीं और मैं देर तक रोता रहता था। पढ़ाई के क्षेत्र में आए सकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ के बाद माँ का देहांत, एक ऐसा नकारात्मक ‘टर्निंग पाइंट’ था जो शेष जीवन के लिए एक चुनौती बन गया था। अब जीवन में संघर्ष के अलावा कुछ भी शेष नहीं रह गया था। ऐसे में मैं कभी नौकरी तलाशने की बात सोचता तो कभी कुछ काम-धाम करके आगे पढ़ने की। मैं जैसे जीवन के प्रवेश द्वार ही पर ही उलझ गया था। सच तो ये है कि मैं कुछ भी ठीक से नहीं सोच पा रहा था। मुझे लगा कि अब खुद को, जिन्दगी को और दुनिया की हकीकत से रूबरु होने का समय आ गया है। इसी सोच और फिक्र में गर्मी की छुट्टियां खत्म होने को आ गईं।

समय को पकड़ कर रख पाना किसी के हाथ में नहीं होता। अब क्या करूँ ...ये प्रश्न मुझे खाए जा रहा था। हारकर मैंने आगे पढ़ने का मन बना लिया और जैसे-तैसे स्वतंत्र भारत इंटर कालिज में ही कक्षा ग्यारहवीं (विज्ञान) में दाखिला ले लिया। नल लगाना तो मैं सीख ही गया था क्योंकि घरेलू काम था। कालिज की छुट्टी वाले दिनों में मैंने नल लगाने का काम शुरु कर दिया। कभी-कभार स्कूल से बंक मारके भी नल लगाने चला जाता था। महीने में कुछेक नल लगाकर किताबों और थोड़ा-बहुत फीस का काम चल जाया करता था। खाना और कपड़े तो घर से मिल ही जाते थे।

उल्लेखनीय है कि कालिज में मुझे ही नहीं किसी को भी कभी कोई जातीय दुराव देखने को नहीं मिला जबकि मेरे कालिज में तीन-चार अध्यापकों को छोड़कर शेष सभी अध्यापक ब्राहम्ण थे लेकिन उनमें जातिभेद से इतर गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई के प्रति एक अजीव सी सद्भावना थी कि वे उनकी हर संभव मदद किया करते थे। सभी छात्र भी जातिभेद की भावना से परे एक साथ मिलकर रहते थे।

हाँ! केवल और केवल संस्कृत के अध्यापक..... जिन्हें सब गुरूजी कहकर पुकारा करते थे..... ऐड़ी तक का लम्बा धवल कुर्ता और धोती उनके पहनावे में शामिल थी..... पर थे बड़े ही खड़ूस ......माथे पर न जाने कितनी सिलवटें.......भौएं चढ़ी हुई.....यह उनकी खास पहचान थी। किसी से भी सीधे मुँह बात नहीं करते थे वे....।

आपको यह जानकर हैरत होगी कि स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, बी.बी. नगर (बुलंद्शहर) में समूचा स्टाफ ब्राहम्ण वर्ग से ही था केवल एक-दो अध्यापकों को छोड़कर..... याद पड़ रहा है कि एक थे एहसान अली सर और दूसरे थे .....सिरोही सर.... ऐसे में सोचा जा सकता है कि गरीब तबके से आने वाले छात्रों की शिक्षा का क्या आलम होगा.... किंतु वैसा कतई नहीं था जैसा आप सोच रहे होंगे। गरीब तबकों से आने वाली छात्रों की शिक्षा का ही नहीं अपितु उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का भी .....सामाजिक और व्यक्तिगत रूप से पूरा ध्यान रखा जाता था। संदर्भ के चलते याद आया कि कालेज के प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा प्रार्थना से पहले ही कालेज के मुख्य द्वार पर आ खड़े होते थे..... हाथ में अंग्रेजों वाला छोटा सा रूल.......ऐसे झूलता था जैसे कितने क्रूर होंगे..... किंतु मैंने कभी अपने शिक्षाकाल में उस रूल का प्रयोग कभी-कभार ही करते देखा था। हाँ! तो होता यूँ था कि जो बच्चे प्रार्थना के बाद यानी कि कालेज देर से आते थे..... उनमें से गरीब तबकों से आने वाले छात्रों को वो कालेज के मुख्य द्वार पर ही रोककर मुर्गा बनाकर खड़ा कर देते थे....... और उनके चूतड़ों पर कभी रूल तो कभी घूँसा मारकर उनकी खबर लिया करते थे....... एक बार मैं भी इस जाल में फंस गया....... मुर्गा बनना पड़ा......किंतु मुझे हैरत हुई कि वो हमें सजा देते थे या फिर सीख.... वो अक्सर कहा करते थे...., “सोरे तुम्हारी माँ-बहनों के घास खोदते-खोदते पेटीकोट फट जाते हैं....... जब कहीं तुम्हें स्कूल भेज पाती हैं... और सोरे! तुम स्कूल भी समय से नहीं आ सकते.....पढ़ना तो दूर की बात... ये तो अमीर घरों के बालक हैं, ये पढ़ें ...ना पढ़ें .....इन पर कोई फरक नहीं पड़ने का ..... ये तो अमीर घरों के हैं....... दुकान पर बैठके डंडी मारके भी कमा लेंगे... तुम क्या करोगे?... तुम्हारी तो मैं खाल छील दूंगा........ देखता हूँ तुम कैसे नहीं पढ़ते हो.......।” उनके इन उदगारों को रखने के बाद मुझे नहीं लगता कि मेरे कालिज के ब्राहमण अध्यापकों के बारे में कुछ और कहना शेष रह जाता है। ग्यारहवीं-बारहवीं कक्षा में मेरी तो फीस भी प्रधानाचार्य माननीय रामाश्रय शर्मा ही देते थे। जब कभी दलित-छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति मिलती थी तो कभी-कभी लौटा भी दी जाती .... कभी नहीं भी...... वो इस प्रकार के खर्चे अक्सर अपनी जेब से ही वहन किया करते थे।

उल्लेखनीय है कि 1968 में होने वाले इम्ताहन सिर पर थे किंतु मैं जनवरी के महीने में बहुत ज्यादा बीमार हो गया। बुखार निमुनिया में बदल गया। और मैं शरीर से एक मानुसिक खाका बनकर रह गया था। बीमारी के कारण मैं 1968 में परीक्षा नहीं पाया और 1969 में बारहवीं पास करने के बाद मैं अपने एक रीश्तेदार के साथ दिल्ली चला आया। कहानियां तो और भी बहुत है किंतु सबको यहाँ समेटना विषयांतर हो जाएगा।

नइस दौरान, बहुत से साथी मुझ बीमार से मिलने आया करते थे। लेकिन हर बार आने वाले छात्र-दोस्तों में से ज्यादातर को यह शिकायत रहती थी कि हमें मिलने वाले बजीफे में से कालेज दो रुपये महीने के हिसाब से कटौती कर लेता है....जो कटौती नाजायज है/थी। उनकी बात सुनकर मैं भी ये कह देता था कि भई! ये तो सबकी अपनी-अपनी मर्जी का मामला है....जिसको कटवाना है कटवाओ.....नहीं कटवाना तो मत कटवाओ ...जरूरी थोड़े ही है। पता चला कि उनमें से किसी ने भी उस वर्ष भवन निर्माण के नाम पर वसूला जाने वाला चन्दा, यह कहकर नहीं कटवायाकि तेजपाल ने मना कर दिया है।

विदित है कि 1968 में बीमारी के कारण मैं बारहवीं कक्षा के परीक्षा में नहीं बैठ पाया था....जाहिर है बारहवीं की पढ़ाई जारी रखने के लिए पुन: दाखिले की आवश्यकता थी। कालेज खुलने पर मैं प्रधानाचार्य महोदय से मिला..... आदेश हुआ...... तुम्हें क्या परेशानी है..... कल आ जाना ...दाखिला हो जाएगा। ......मैं फिर अगले दिन आ गया....दाखिला नहीं हुआ। फिर अगले दिन कालेज आया तो प्रधानाचार्य महोदय ने बड़े ही सहज भाव में कहा कि बेटे! कालेज के हैडक्लर्क है ना बचेश्वर जी......उनका कहना है पिछ्ले वर्ष तुमने कालेज को कुछ आर्थिक हानि पहुँचाई थी... छात्रवृत्ति पाने वाले बच्चों में से किसी ने भी....छात्रवृत्ति में से भवन-निर्माण हेतु वसूली जाने वाली राशि नहीं कटवाई..... उन बच्चों का कहना है कि उन्होंने ऐसा तुम्हारे इशारे पर किया था.... । मैं गुमसुम यह सुनता गया... इसके अलावा कोई चारा भी न था। मुझे शांत देखकर प्रधानाचार्य महोदय बोले.... लेकिन तुम चिंता मत करो...... तुम्हारा दाखिला तो होना ही है......ठीक है......देखते हैं .....तुम कल आ जाना। .......। उनकी बात सुनकर उन्हें मैंने बताया कि मगर गुरूजी! मैंने तो बजीफा लेते समय दो रुपये महीने के हिसाब से बड़े बाबू को चन्दा देने की पेशकश की थी.....। यद्यपि मैं बीमारी की हालत में ही बैलगाड़ी में डालकर बजीफा लेने के लिए लाया गया था, उन्होंने ही वह राशि मुझसे नहीं ली...। और मुँह बनाकर कहा कि जब किसी ने भी चन्दा नहीं दिया तो तुम ही क्यों देते हो..। उन्होंने मेरी बात सुनी और कहा...कोई बात नहीं..... अब घर जाओ...कल आ जाना...। इसके बाद मैं अपने कलाध्यापक माननीय लोकमान्य शर्मा जी के पास कलाकक्ष में चला गया..... उनके चरण स्पर्श किए...... मेरा लटका हुआ चेहरा देखकर बोले, क्यों क्या हुआ... मुँह क्यों लटका हुआ है?.......(गौरतल है कि लोकमान्य शर्मा जी कुछ नाक में बोला करते थे।) बोले... दाखिला हुआ कि नहीं? मैंने सारी कहानी उनके हवाले करदी। वो उन दिनों चीफ प्रोक्टर हुआ करते थे। सारी कहानी सुनकर बोले.....अच्छा ऐसा है.... तू अब घर जा....कल आना। मैं घर लौट गया।

अगले दिन सुबह ही कालेज का सफाई कर्मचारी ‘स्वामी’ हमारे घर आया....बोला – बड़े गुरूजी ने दाखिला देने के लिए बुलाया है कालेज....चलो। मैं उसका मुँह देखता रह गया..... मुझे उसकी बात पर यकीन ही नहीं हो रहा था। खैर! मैं उसके साथ ही कालेज को चल पड़ा...उसने रास्ते में बताया ...तुझे पता है कल कालेज में क्या हुआ..... हुआ यूँ कि कल लोकमान्य जी ने सभी दाखिलों पर रोक लगा दी और प्रंसीपल साहब के कहने पर टीचर्स की एक बैठक बुलाई गई...... मैं भी उस बैठक में चाय-पानी पिलाने के लिए हाजिर था...तेरे दाखिले की बात उठी तो लोकमान्य सर ने बचेश्वर सर से कहा कि वो तुझ पर लगाए गए इलजाम को लिखकर दें। ...... बस! फिर क्या था ... बचेश्वर सर से कुछ कहते नहीं बना....ना ही कुछ लिखकर देने को तैयार हुए.... उलटे प्रंसीपल सर से माफी और माँगनी पड़ी....... समझे आज तुम्हारा दाखिला हो जाएगा....ठीक है। और इस तरह मेरा बारहवीं कक्षा में पुन: दाखिला हो गया। शायद यथोक्त दो घटनाओं के कारण मेरे स्वभाव में संघर्ष की भावना ने घर कर लियाजो आज तक मेरे जहन में बरकरार है। खैर! 1969 में बारहवीं करने बाद मैं दिल्ली चला आया और तीन-चार साल के संघर्ष के बाद नौकरी लगने के बाद ही गाँव गया था। गाँव आने-जाने का सिलसिला कुछेक साल ही चला था कि बड़े भाई ने घर और घेर दोनों बेच दिए जिससे गाँव का आना-जाना जैसे बंद ही हो गया।

प्राचार्य रामाश्रय शर्मा जी को जैसा मैंने देखा

खैर! मैंने नल लगा-लगाकर और कालिज के अध्यापकों, खासकर प्रधानाचार्य रामाश्रय शर्मा द्वारा प्रदत्त मासिक फीस व अन्य आर्थिक मदद से जैसे-तैसे 1969 में बारहवीं (विज्ञान) कक्षा भी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कर ली थी। कभी-कभी तो रामाश्रय शर्मा जी से घर के खर्च के लिए भी पैसे ले लिया करता था। एक बार तो ऐसा हुआ कि मैंने किसी शनीवार में निजी खर्च के लिए कुछ पैसे मांगे तो रामाश्रय शर्मा जी ने अगले दिन कालिज में आकर पैसे ले जाने के लिए कहा किंतु अगले दिन इतवार का दिन था। मैंने कहा कि कल तोइतवार है गुरुजी .... कोई बात नहीं मैं कालिज आ जाऊंगा तुम पैसे लेने आ जाना। संयोग की बात है कि उस इतवार को घनी बारिश हो रही थी तो मेरे कभी तो कालिज जाने का मन बने और कभी नहीं... आखिर को इस सोच के तहत कि मैं अपने काम के लिए भी यदि कालिज न गया और गुरू जी आ गए तो वो मेरे बारे में क्या सोचेंगे...सो मैं बोरी का घौंसला सिर पर डालकर कालेज जा पहुंचा तो देखा कि शर्मा जी अपने आफिस के गेट पर खड़े होकर मेरे आने का इंतजार करा रहे थे। शायद उन्हें भी बारिश के कारण ये लगने लगा था कि वो अब नहीं आएगा। खैर! अच्छा ही हुआ कि मैं कालिज चला गया था, वर्ना शर्मा जी की नजर में शायद मैं गिर जाता। अंतत: मैं पैसे लेकर भीगता हुआ अपने घर आ गया। दरअसल पैसों की जरूरत तो मेरे भाई को थी। मैंने कहाभी था कि मैं कहाँ से लाऊँ। भाई साहब तपाक से बोले अपने प्रिंसीपल साहेब ले आ... तेरे को मना थोड़े ही करेंगे। भाई के दवाब में आखिर ये सब करना पड़ा... रहना तो घर में ही था न।

मुझे यह खुलासा करते हुए खुसी हो रही है कि अपने समय हम तीन ही जने थे जो कालिज पढ़्ने जाया करते थे। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि प्यारेलाल हम सब में सीनियर थी, फिर मैं और फिर संतराम ... हुआ यूँ कि तीनों ही दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी में पास हुए। यह गाँव के एक अक्छे खबर इस बन गई कि प्राचार्य रामाश्रय शर्मा जी ने अपने स्टाफ को ये मौखिक आदेश पारित कर दिया कि अला बास बातरी का कोई भी बच्चा दाखिले के आता है तो उसके दाखिले में कोई कोताई नहीं होनी चाहिए।

घर-परिवार

माँ :  बनिया भी....कूटनितिज्ञ भी

 

अपने गाँव की चर्चा करते समय यदि मैं अपने घर-परिवार की बात न करूँ तो शायद ये उनके साथ नाइंसाफी होगी। जैसा की ऊपर बताया जा चुका है कि गाँव में चार-पाँच परिवार ही ऐसे थे जिनके पास खेती की जमीन नहीं थी। उनमें से एक घर हमारा भी था। पिता के देहांत के बाद घर में बड़े भाई ही अकेले कमाऊ व्यक्ति रह गए थे। पिता जी खेती-बाड़ी में मजदूरी करते थे तो बड़े भाई उस समय जमीन से पानी निकालने वाला हैंड-पम्प लगाया करते थे।

..... भाई जो भी पैसे कमाकर लाते, माँ को सौंप देते थे। यहां यह बताना अतार्किक नहीं होगा कि मेरी माँ अनपढ़ होने के बावजूद पैसे के रख-रखाव के साथ-साथ ज़हनी तौर पर एक राजनेता के जैसी थी। कौन काम कब करना है, कैसे करना है, पैसा कब, कहाँ और कितना खर्च करना है, कितनी बचत करनी है, उसे वह बखूबी अंजाम देना जानती थी। माँ के गोरे-चिट्ठे छरेरे बदन और ठिगने कद को देखकर माँ की इस कैफियत के विषय में आसानी से कुछ जान लेना, किसी के लिए भी आसान नहीं था। 

गाँव में ही नहीं अपितु पड़ोसी कस्बे के जानकार भी माँ को फूफी या बहन के रिश्ते में देखते थे। सबसे अच्छे रसूख रखना उसे बहुत भाता था। एक खेतीविहीन मजदूर की पत्नी होने के बावजूद घर में पाँच-छ्ह भैंस रखती थी। पड़ोसी कस्बे सठला के एक जमींदार की पंद्रह-बीस बीघा खेतीहर जमीन को लगान पर अथवा बटाई पर हमेशा लेकर कास्त करती थी।

माँ के समय में हमारे घर की आर्थिक स्थिति गाँव के हिसाब से ठीक-ठाक ही थी । उन दिनों घरों में अलमारी आदि जैसी कोई चीज नहीं होती थी। घर में अनाज रखने के किए कुठला/कोठी या फिर बड़े-बड़े घड़ों का प्रयोग किया जाता था। पैसे रखने के लिए भी यही साधन उत्तम समझे जाते थे। लेकिन माँ पैसे रखने के लिए अक्सर अनाज अथवा दालों से भरे हुए मटकों का प्रयोग किया करती थी। जब मुझे कुछ-कुछ समझ आने लगी तो माँ अक्सर मुझसे ही पैसे रखवाने का काम करवाती थी। पैसे-धेले के मामले में घर में जहाँ मां का साम्राज्य था, वहीं घर की रसोई और घर की देखरेख का जिम्मा भाभी का था। बच्चों की देखभाल का जिम्मा भी भाभी का ही था। देखा तो यह भी गया कि अच्छे-अच्छे बड़े घरवाले लोग भी माँ के पास अनाज व उधार पैसे माँगने के लिए आया करते थे। माँ थी कि कोई माँगता पाँच सेर, तो देती थी तीन सेर। ऐसे ही पैसे के लेन देन के मामले में देखने को मिलता था। शादी-ब्याह के मौकों पर कई लोग माँ से पैसे उधार मांगा करते थे। यह भी कि माँ गाँव भर जवान लोगों के लिए ‘फूफी’ तो उमरदराज लोगों के लिए ‘बहन’ थी।

ऐसे मौके तो बहुत ही कम देखने को मिले जब माँ से किसी को पैसे देने के लिए मना न किया हो। नकारा लोग तो माँ के पास फटकते ही नहीं थे। होता यूँ था कि पैसे तो घर पर रखे होते थे किंतु वह मांगने वाले से हमेशा यही कहती थी कि अच्छा ठीक है भैया......., लाला के पास जाऊंगी, पैसे मिल गए तो तुम्हें दे दूंगी। लाला के पास जाती तो सर्दी-गर्मी में मुझे साथ ले जाती थी। इस प्रकार माँ ने कभी भी किसी को न तो पूरे पैसे दिए और न ही शादी-ब्याह के समय से ज्यादा पहले। यह सब देखकर अनजाने में मुझे बड़ी हैरत होती थी। एक दिन मैंने माँ से उसके इस बर्ताव के विषय में पूछ ही लिया कि वह ऐसा किस लिए करती है। माँ ने कहा तू अभी बालक है, अभी नहीं समझेगा तू.....। सुन–अनाज माँगने वाले को यदि एक बार में ही मुंह-माँगा अनाज मिल जाएगा तो वो फिर दोबारा जल्दी थोड़े ही आएगा....... समझा कि नहीं। और यदि पैसे माँगने वाले को मुंह-माँगे पैसे और वह भी काम के समय से ज्यादा पहले मिल जाएं तो वह फिजूल-खर्ची कर बैठेगा।........... इस तरह वह पैसे की फिजूल-खर्ची का हमेशा ध्यान रखती थी। इस माने में माँ न केवल एक बनिया थी अपितु सबके बुरे-भले का पूरा ख़याल रखती थी, यह कहना ग़लत न होगा।

तकरार भी ममता भी....

एक घटना और याद आ रही है। मैं चौथी या पांचवीं कक्षा में रहा हूंगा कि एक दिन भाभी और माँ के बीच किसी बात को लेकर कुछ कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि भाभी भाई पर ऐसी बिफरी कि भाई के पास भाभी का साथ देने के अलावा शायद कोई और रास्ता नहीं रह गया था। माँ को यह सब गवारा न हुआ। आखिर थी तो वह भी औरत,...... उतर आई जमीन पर। .....गुस्से में भाई से बोली – ठीक है जोरू के गुलाम....... तू मेरे से मर गया और मैं तेरे से। अपनी घरवाली को साथ लेकर इसी टैम निकल जा घर से बाहर। कहीं भी जा...बस! इसी टैम चला जा...इतना सुनकर भाई ने भाभी का हाथ पकड़ा और बढ़ने लगे दरवाजे की ओर...... तू-तू मैं-मैं में कुछ और समय गुजर गया। यह सब देखकर मुझसे और कुछ तो बना नहीं, मैं जोर-जोर से रोने लगा और माँ की टांगों से चिपट गया। पर ये क्या, माँ ने मुझसे बड़े ही धीरे से कहा - मुझको छोड़..... भैया को पकड़। मैंने रोते हुए माँ के मुंह की ओर देखा और भाई को छोड़कर भाभी की टांगों जा चिपका और जोर-जोर से रोने लगा। कुछ देर रोता रहा। कभी माँ की ओर देखता तो कभी भाभी की ओर। आखिर भाभी टूट गई और मुझे बाहों में भरकर वह भी सुबकने लगी। हाथ में लगा सामान तुरंत नीचे रख दिया और मुझे लेकर अंदर कोठे (कमरे) में जा बैठी। इस प्रकार माँ और भाभी के बीच की रार अंजाम को पहुंच गई। तूफान के बाद वाली शांति घरभर में पसर गई। आज जब मैं माँ के इस व्यवहार के बारे में सोचता हूँ तो केवल सोचता ही रह जाता हूँ। माँ बच्चों से कितनी ही भी खफा हो जाए किंतु उसके मन में ममता का जो सागर होता है, वह कभी सूख नहीं पाता।

दबंगई की मिसाल भी

           माँ के बारे में न जाने कितनी ऐसी घटनाए हैं कि यदि उन सबका उल्लेख करने लग जाऊँ तो शायद ही मैं उन्हें पूरी कर पाऊँ....फिर भी चलते चलते एक और घटना का जिक्र इसलिए करना चाहूँगा कि उड़ान के लिए ताकत की कम धैर्य और हौसले की ज्यादा आवश्यकता होती है। आपने भी सुना होगा कि गए समय में लूट-खसोट करने वालों के अपने-अपने इलाके होते थे। देहातों में तो शायद आज भी होते हैं। हमारे इलाके में एक जाना-माना चेहरा था....सोबना डाकू.... सब उसे डाकू कहते थे पर काम करता था राहजनी या फिर लूट-खसोट का ...... लेकिन इलाके भर में था नामी। सर्दियों के मौसम में, एक दिन की बात है कि मैं और माँ चूल्हे में आग जलाकर बैठे थे.... अंदाजे से रात के करीब नौ-दस बज रहे होंगे.... गाँव का एक आदमी दौड़ा-दौड़ा हमारे घर आया और यह कहते हुए माँ के पाँवों में आ गिरा...उसके पाँव पीछे और सिर माँ के पैरों में था ....फूफी... फूफी.... आज बच गया मैं..... आज रास्ते में सोबना मिल गया था.... उसने मेरे लत्ते-कपड़े सब उतरवा लिए थे.... एक बार को लगा कि वह मुझे मार डालेगा.... मेरी तो धिग्घी ही बन्ध गई थी..... घबराकर मेरे मुँह से निकल गया कि भैया मैं तो मंडईयों का हूँ... इतना सुनकर वो रुका और मुझसे पूछा ...... फिर ये बता तू फूफी को जानता है...मैने तपाक से कहा...हाँ! भैया मैं फूफी को जानता हूँ....फूफी के पड़ोस में ही हमारा घर है.... सबका बड़ा ख़याल रखती है फूफी...यकीन ना हो तो कल गाँव में आकर पूछ लेना..... बस! फूफी! उसने इतना सुना और मुझे छोड़ दिया।किंतु मैं सोचता रह गया कि ये पाँच फुटी औरत है.... या फिर कुछ और........ अब मेरी माँ के कृतित्व और व्यक्तित्व के बारे में...... मुझे शायद कुछ भी कहने की आवश्यकता नहीं है। किंतु यदि मैं अपने परिजनों के विषय में कुछ न लिखता तो मेरे ग्रामीण जीवन की कहानी जैसे अधूरी इस लिए रह जाती क्योंकि गाँव का परिवेश और बुजुर्गों की दूरदृष्टि ही तो मेरी जीवन-यात्रा के स्तम्भ हैं।  

भाभी माँ

आज जब मेरे संगी-साथी इस सत्य को जान गए हैं कि मेरे पिता का देहांत मेरे बचपन में ही हो गया था। माँ थी कि उसका ध्यान बस भैंसों और खेतीबाड़ी पर ज्यादा रहता था। चौधड़ात उसके डी एन ए में थी। गाँव के झगड़े निपटाने में उसका समय बितता था। भाई अपने काम-धाम के बाद ग्राम-प्रधान होने के कारण प्रधानी के काम में लगे रहते थे। बस! मेरी भाभी ही थी जो मेरे भविष्य के बारे में सोचती और पढ़ाई के बारे में भाई सहाब से झगड़ती रहती थी। भाभी के एहसान अदायगी का मुझे इससे अच्छा कोई माध्यम नजर नहीं आ रहा है कि मैं उसके मेरे प्रति लगाव को एक दो उदाहरण देकर आप सबके सामने रखूँ........मेरे इस लिखे का भाभी को तो कोई खबर नहीं होगी किन्तु इसे पढ़कर शायद मेरे मनत्व से आप परिचित हो जाएंगे। ... और हाँ! आज जब मैं यह उल्लेख कर रहा हूँ...... मेरे भाई – बहनों में से कोई भी यह सुनने को बाकी नहीं है..... अन्यथा तो उनका पारा झेलना मुझे भारी पड़ जाता।...... सच्चाई कड़बी होती है ना...?

इस बीच मुझे अजीब से सपने आना शुरू हो गए।....अक्सर ही ऐसा होता था कि थोड़ी-बहुत पढ़ाई करके जैसे ही नींद में घिरता... यानी सोता तो छोटे-बड़े सपनों का आना एक सहज अवस्था होती थी।

मैं घर के अगले भाग में बनी दुकड़िया में अक्सर अकेला ही सोता था। भाई-भाभी और उनके बच्चे अन्दर वाले कोठों (कमरों) में सोते थे। अब मैं जैसे-तैसे बारहवीं कक्षा में आ गया था। रात को देर तक पढ़ना मेरा नित्य कर्म बन गया था। कई बार पढ़ते-पढ़ते आँखों में नींद भर आती तो दीया बन्द करता और सो जाता...। कुछ घरों में दीए की जगह लालटेन ने ले ली थी किंतु मेरे पास अभी भी दीया ही था। एक दिन की बात है कि मैं पढ़ते-पढ़ते थक-हारकर दुकड़िया का दरवाजा बन्द किए बगैर ही सो गया..... दीया भी जलता ही रह गया। सोया ही थी कि मैं स्वप्न की चपेट में आ गया। स्वप्न में एक धवल-वस्त्रा रूपसी..... उम्र में मुझसे काफी बड़ी.. मेरे सिरहाने ऐसे आकर खड़ी हो गई कि जैसे मेरी और उसकी बहुत पुरानी दोस्ती हो। (......हालाँकि बारहवीं कक्षा और...लड़की से दोस्ती उस गए समय में कहाँ संभव था।) उसका बर्ताव प्रौढ़ अवस्था वाला ही लग रहा था...सिरहाने से झुक कर उसने सहसा मेरा माथा चूम लिया.... और कहा, “अब तुझे मेरे साथ चलना होगा।” इतना कहकर वो अचानक गायब हो गई ... मेरी नींद भी टूट गई। खाट में पड़ा – पड़ा जाने क्या-क्या सोचता रहा.... कभी-कभी इधर-उधर ताक-झाँक करके जैसे उसकी तलाश करता... फिर न जाने कब नींद आ गई और मैं सूरज के उगने पर ही उठा।

ये ग्यारह जनवरी 1968 का दिन था। जब सवेरे उठा तो पाया कि मुझे बड़े जोरों का बुखार चढ़ा हुआ था..... शायद सपने से घबरा कर। अचानक भाभी दुकड़िया में आई और बोली आज उठना नहीं क्या...। मैंने भाभी की ओर मुँह घुमाते हुए उसे देखा...वो मेरा चढ़ा हुआ चेहरा देखकर सकते में आ गई.... उसने मेरे माथे पर हाथ रखा और सन्न रह गई।... तेज गर्म माथा देखकर..... घबरा गई और ...भरी हुई आँखें लेकर मुझे डांटने लगी, “ तूने मुझे बताया क्यूँ नहीं ..... मेरी तबियत खराब है।” वो मुझे डांटे ही जा रही थी...... और मैं मूक बना उसका चेहरा देखकर खुद घबरा रहा था।.... कहता भी तो क्या कहता.......मुझे खुद ही कुछ पता नहीं था।..... भाभी ने मुझे हाथ पकड़कर बिठाया......और मेरे पास ही बैठकर जाने क्या-क्या विलाप किए जा रही थी। दरअसल भाभी मेरी कुछ ज्यादा ही चिंता किया करती थी। वो मेरी भाभी कम और माँ ज्यादा थी। भाभी के मुझसे पांच-छह महीने बड़ी एक लड़की थी। मुझे बताया गया कि जब मैं बहुत छोटा था तो माँ की एवज भाभी ही मुझे स्तनपान करा दिया करती थी। इस पर किसी को कोई एतराज भी नहीं होता था। मेरे स्कूल आने-जाने का ख़याल न तो भाई को और न ही माँ को रहता था, यह काम भी भाभी का ही होता था। भाभी के कोई लड़का नहीं था। वह मुझे ही बेटे के जैसा प्यार देती थी। माँ जब भैंस का दूध निकालती थी तो मुझे रोजाना भैंस के पास बिठाकर ताजा निकाला गया कच्चा दूध पिलाया करती थी।

मेरे हक में जो बात रही वो थी कि भाभी ने ये सारी कहानी बड़े भाई को पूरा दिन गुजर जाने के बाद दी। वैसे वो उन्हें समय से बता भी देती तो उन पर कोई फरक नहीं पड़ने वाला था। उन्हें ताश खेलने और नेतागीरी करने के अलावा किसी से कोई मतलब नहीं था।

खैर! देखते-देखते भाभी ने तमान टोने-टोटके कर डाले...मेरी अवस्था बिगड़ती जा रही थी।.... जैसे मूर्छित अवस्था में था....प्रशिक्षित चिकित्सक तो गाँवों में उस समय होते ही नहीं थे...टोने-टोटके और बाबाओं की दुआओं के बल पर ही गाँव जिन्दा रहा करते थे। सो भाभी ने भी तमाम देवी-देवताओं के नाम की मिट्टी के भेलियाँ (प्रतीक) बनाकर मेरी खाट के सिरहाने पर तैनात कर दीं...कुछ नीम की पत्ते वाली टेहनियाँ भी मेरे सिरहाने रखदीं। यह सब कुछ मैंने होश आने पर देखा...किंतु पता नहीं क्यों ये टोने-टोटके मुझे जन्म से ही पसंद नहीं आए?.....स्वत: ही मेरी मानसिकता बनी हुई थी...किसी सोच के तहत नहीं। ऐसे ही एक-दो दिन निकल गए.... मैं अक्सर देवी-देवताओं के नाम की मिट्टी की उन भेलियों को ही देखता रहता... भाभी कुछ पूछती तो इधर-उधर गर्दन हिला देता...... और “कुछ नहीं” कहकर भाभी से पीछा छुडाता। एक दिन मौका पाकर मैंने सभी देवी-देवताओं की भेलियाँ बारी-बारी से दुकड़िया के आगे वाली गंदी नाली में फेंक दीं।

ऐसा करने पर भाभी को मेरी इस हरकत से आग-बबूला हो जाती और न  जाने क्या-क्या कहकर खुद को ही कोसती रहती। कोसती भी क्यों न......मैं जैसे उसका बड़ा बेटा था। मुझे बताया गया था कि जब मैं नवजात शिशु था तो वो मुझे अपने स्तनों से दूध पिलाया करती थी। यहाँ गौरतलब है कि भाभी की बड़ी बेटी लगभग मुझसे केवल छ: माह बड़ी थी। सो इस दूध स्तनपान कराने की बात पर भरोसा किया जा सकता है। .....वो मुझे खोना नहीं चाहती थी..... खैर! दो-तीन माह की बीमारी के बाद मैं ठीक हो गया। मौत के मुँह से तो निकल आया किंतु ग्यारह मई 1968 तक बिस्तर पर रहने के कारण मैं 1968 में बारहवीं की परीक्षा भी नहीं दे पाया।

 मुझे मुझे अलग तरह के सपने आने शुरू हो गए। एक रात मैंने सपने में शौंच की। शौंच को खुलकर आई किंतु पेशाब की चन्द बूद ही आईं कि झटकेसे नींद टूट गई...... थोड़ी देर में पुन: सो गया। सुबह उठा तो खबर मिली कि गाँव के ही फलाँ ....... राम का निधन हो गया है। इसे एक संयोग मानकर मैं शांत रहा और किसी को भी अपने सपने के बारे में कुछ भी नहीं बताया। ....... कुछ दिनों बाद फिर ठीक पहले जैसा ही सपना फिर आया..... सुबह उठने पर खबर मिली कि आज ..... फलाँ......राम का निधन हो गया। ....मैंने सपने की कहानी फिर भी किसी को नहीं बताई..... और मन ही मन परेशान और मौन रहने लगा.... किसी से कोई बात करने का मन ही नहीं करता था। कुछ दिन तो यूँही गुजर गए किंतु मेरा मौन भाभी को खटकने लगा.... उसे लगा कि मुझे कुछ परेशानी है।.... वो मुझसे अक्सर मेरी परेशानी का सबब पूछने लगी.......क्या हो गया है तुझे? बताता क्यों नहीं... जब चुप रहने को कहा जाता था तो चुप नहीं रहता था और अब.......जब किसी ने कुछ कहा भी नहीं तो चुप रहने लगा है....क्यों? मैं शांत ही रहा..... कुछ भी तो नहीं कहा गया मुझसे....... इस सिलसिले के चलते शाम हो गई.... नौ-दस बजे होंगे कि भाभी अपने कमरे में सोने चली गई और मैं दुकड़िया में चुप्पी ओढ़कर ही सो गया।..... सोया ही था कि वही पुराने वाला सपना फिर दिखा कि मैं भन्नाकर जग गया और बिना कुछ सोचे-समझे भाभी के पास जा पहुँचा.....ठीक-ठीक समय तो पता नहीं .... हाँ! प्रात: के लगभग चार –पाँच बजे होंगे। गौरतलब है कि उन दिनों घड़ी तो कुछ ही नामचीन लोगों के पास हुआ करती थी..... हमारे पास नहीं थी.... उन दिनों आसमान के तारों को देखकर ही समय का अन्दाजा लगाया जाता था।

भाभी को ऐसे झकझोरा कि जैसे कोई भूचाल आ गया हो। वह बड़ी मुश्किल से उठी...... मुझे अपने सामने देखकर जैसे घबरा गई.... आब देखा न ताव..... मुझे अपनी बाहों में भर लिया.... मैं अवाक था..... भाभी को किसी अनहोनी का भान हुआ और उसकी आँखे भर आईं ...... रुआँसे स्वर में बोली..... आ....अब बता क्या हो गया है तुझे...पता नहीं ...क्या हो गया है मेरे लाल कू......। इतना होने पर मैंने सोचा कि अब मुझे सब कुछ बता देना चाहिए...... मैं अचानक भावाबेश में कह उठा, “ गाँव में कोई और मरने वाला है आज। …इतना सुनकार....भाभी ने मुझे एक जोरदार चांटा रसीद कर दिया और फिर दुखी मन से बोली, “पढ़ता-लिखता तो है नहीं..... पता नहीं फालतू की बातें कहाँ से लाया है.. इतना कहकर उसने पुन: एक और चांटा मारा ..... और मुझे सीने से लगाकर फफककर रोने लगी। मैं रोता हुआ दुकड़िया की ओर बढ़ा और सो गया...... ।  

भाभी अपने कमरे में ही सो गई। जैसे ही दिन निकला.... खबर उड़ी कि आज फलाँ.....फलाँ राम मर गया। भाभी ने ज्यूँ ही खबर सुनी.... भागी-भागी दुकड़िया में आई और झटके से मुझे जगाया। मेरा हाथ पकड़कर मुझे खींचकर अन्दर वाले कमरे में ले गई।.... 

कहा-सुना कुछभी नहीं....उसने मुझे जोर का झटका देकर खाट पर बिठा दिया.....कहा, “चुपचाप यहीं बैठा रह..... बाहर बिल्कुल मत निकलना.....बाहर निकला तो इतना मारूँगी कि रोना भूल जाएगा। मैं कुछ भी नहीं समझ पा रहा था.... भाभी ने मुझे कुछ बताया भी नहीं...... मैं चुपचाप खाट पर लेट गया। मैंने देखा कि भाभी के चेहरे पर मेरे प्रति गुस्से की एवज चिंता का भाव ज्यादा था। कहा. “आज घर पर ही रहना, स्कूल मत जाना।” जब मुझे पता चला कि आज गाँव में कोई मर गया है तो मुझे यह समझने में देर नहीं लगी कि भाभी की चिंता का कारण क्या है।

कुछ ही दिन गुजरे थे कि मैंने भाभी को फिर किसी और के मरने की बात कही, वह भी भौर हुए। यह सुनकर उसने पहले मुझे ताका और तपाक से एक चांटा जड़ दिया...... और न जाने अनाप-सनाप क्या-क्या न कहा मुझे। इसके बाद वो मुझे अपनी बाहों में भरकर फफक-फफक कर रोने लगी। पढ़ी-लिखी नहीं थी.... अनपढ़ थी। “क्या हो गया है मेरे लाल कू” यह उसका जुमला बन चुका था। अब भाभी को किसी के मरने-जीने का दुख नहीं रह गया था। उसे दुख था तो महज इस बात का कि कहीं कोई भूत-प्रेत तो मेरे सिर नहीं चढ़ बैठा है। आज उसने मुझे न डांटा और न फटकारा.... मुझे अब तक यह भी पता नहीं था कि भाभी ने भाई को भी मेरे बारे में कुछ बताया है कि नहीं। खाना बनाया, खिलाया और रुआँसी सी चुपचाप एक कौने में बैठ गई मगर उसकी नजरें घर के दरवाजे पर टिकी थीं। देखा कि भाई के साथ एक तथाकथित “भगत” (बाबा) घर में प्रवेश कर गए..। उसे देखकर मैं भाई से पूछ बैठा, “किसलिए लाए हो इसे? और मैंने भगत को भाग जाने को जैसे ही कहा कि भाई ने मुझे डांट दिया. “एकदम चुप रह।” किंतु मैं चुप न रह सका। और इस तरह भगत खुद ही घर से चला गया।बदले में भाई ने एक जोर का चांटा रसीद कर दिया। भाई का यह पहला चांटा था। भाभी तो जाने कितने चांटे मार चुकी थी आज तक मुझे, किंतु भाभी के चांटे और भाई के चांटे में जमीन और आसमान का अंतर था। भाई के चांटे ने मेरा मुँह मोड़ दिया.... किंतु भाभी का चांटा इतना स्नेह भरा होता था कि मुझे हरबार कुछ न कुछ सोचने को मजबूर करता था। भाभी के चांटे में अपनापन होता था। वह चांटा मार तो देती थी, बदले में चुपके-चुपके खुद ज्यादा रोती थी जैसे उसके द्वारा मारा चांटा उसको ही लग गया हो।

सपना मेरा पीछा नहीं छोड़ रहा था। जब भी मैं वैसा सपना देखता, किसी न किसी के मरने की खबर जरूर मिलती.... बेशक ये एक संयोग भर ही होगा.... जो नित्यप्रति होने वाली घटनाओं से मेल भर खा रहा था, ऐसा कुछ भी न था कि मेरे सिर कोई भूत-प्रेत आ गया हो..... किंतु भाभी को कौन समझाए...उसकी तो चिंता निरंतर बढ़ती चली जा रही थी..... तरह-तरह के टोटके व बाबाओं के चक्कर में पड़ी रहने लगी। मेरा अंतर्मन भी डोलने लगा था.... तंग आ गया था इस सबसे मैं..... आखिर एक दिन मैंने सपने वाला भेद भाभी को बता ही दिया... फिर क्या था कि न तो कभी वो सपना ही मुझे आया...... और न किसी के मरने का पूर्वाभास ही, जिसे मैं उस सपने की देन मान चुका था। सदैव की भाँति मरना-जीना चलता रहा...... किंतु अब मैं और भाभी दोनों सामान्य जीवन की ओर मुड़ आए थे। ...ठीक होने के बाद मैंने कालिज जाना शुरू कर दिया। अब आप ही बताएं कि ऐसी भाभी को भाभी-माँ न कहूँ तो और क्या कहूँ। आज जब भी शहर के पारवारिक रिश्तों पर नजर डालता हूँ तो निराशा से इतना भर जाता हू कि लिख बैठता हूँ :-

           ऐ! दिल मिरे तू मुझे फिर उस जगह ले चल,/कि जिस जगह मेरे बचपन ने हवा पाई थी।

           तेरे-मेरे का भेद तो था मगर जाहिर न था,/ चंदा तो क्या सलमा भी, गाँव-भर की ताई थी।

           जहाँ खेत थे, पोखर थी, भैंस भी थी, गाय भी,/धूल थी चारों तरफ, पर धूल में तरुणाई थी।

           जहाँ एक दिन धनिया को पुकारने भर पर ,/ भाभी से झिड़कियां, बहनों से सजा पाई थी।

           जहाँ इश्क़ था पर तन-बदन शामिल न था,/ जहाँ हर किसी की आँखों में हया छाई थी।

इतना ही नहीं जब क्भी गाँव से कोई आदमी मुझसे मिलने शहरआता है  तो गाँव की बात करते हुए सारी रात आँखों में ही गुजर जाती थी या यूँ कहूँ कि....

                       गाँव जब-जब भी शहर आवे है,/ रात आँखों में गुजर जावे है।

                       रंग धरती का, रहट का मंजर,/ सहज आँखों में उतर आवे है ।

                       मार अम्मा की, प्यार भाभी का,/ आके चौखट पे ठहर जावे है ।

                       महक सरसों की, गंध गोबर की,/ जैसे आँगन में पसर जावे है।

                       ‘तेज’ जानो तो गाँव में हरसू,/  साँझ हँसती है, सहर गावे है।

0000

 

ेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन केप्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के  संपादक भी रहे हैं। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। 000