विश्लेषण

लोकसभा चुनाव 2024:आखिर मोहन भागवत जी को अचानक  गुरुद्वारों, चर्चों और मस्जिदों की याद क्यों आने लगी?

-तेजपाल सिंह ‘‘तेज’

           (लोकसभा चुनाव 2024  को देखते हुए RSS के साथ मिलकर काम करने की चर्चा हुई। परिवेश बढ़ाने और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। 23 सितंबर 2023 को मोहन भागवत जी ने अवध प्रांत के पदाधिकारियों और प्रचारकों के साथ बैठक की। साल 2025 संघ का शताब्दी वर्ष भी है। तब तक भारत के हर गांव में संघ की शाखा खड़ी करने का लक्ष्य रखा गया। मोहन भागवत जी के इस दौरे को दलितों तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। इस बैठक में सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव बढ़ने पर जोर दिया गया है। इस बैठक में निर्णय लिया गया है कि संघ कार्यकर्ता गुरुद्वारा, चर्च और मस्जिदों में भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ संपर्क करेंगे। साथ ही मस्जिदों के मौलवियों और चर्च के पादरियों से भी मुलाकात करने का निर्णय भी लिया गया।)

      23 सितंबर 2023 को मोहन भागवत ने अवध प्रांत के पदाधिकारियों और प्रचारकों के साथ बैठक की। साल 2025 संघ का शताब्दी वर्ष है। तब तक भारत के हर गांव में संघ की शाखा खड़ी करने का लक्ष्य रखा गया। मोहन भागवत के इस दौरे को दलितों तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। इस बैठक में सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव बढ़ने पर जोर दिया गया है। इस बैठक में निर्णय लिया गया है कि संघ कार्यकर्ता गुरुद्वारा, चर्च और मस्जिदों में भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के साथ संपर्क करेंगे। साथ ही मस्जिदों के मौलवियों और चर्च के पादरियों से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक ओर सामाजिक समरसता के कार्यक्रमों के जरिये दलित और मलिन बस्तियों के बीच जगह बनाने की तैयारी में लगा हुआ है। दूसरी ओर सिख, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और पारसी समेत अन्य धर्मों के लोगों के साथ संपर्क अभियान चलाया है। संघ प्रमुख मोहनराव भागवत द्वारा अवध प्रांत और इसके 7 अन्य विभागों की टोलियों के साथ बैठक में इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर गहन चर्चा की है।

           दलित बस्तियों में शाखाएं लगाने जैसे काम‚ उनकी समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए कैंप लगाने की भी योजना तैयार की जा रही है, ताकि दलित और आदिवासी बस्तियों में RSS का प्रचार-प्रसार किया जा सके। यह योजना भी बनाई जा रही है कि जो अब तक अछूते हैं और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलीं‚ उन तक ये सब पहुंचाया जाए। लखनऊ में संघ प्रमुख और भाजपा के बीच शुक्रवार को बैठक हुई। लोकसभा चुनाव 2024  को देखते हुए RSS के साथ मिलकर काम करने की चर्चा हुई। परिवेश बढ़ाने और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

           इससे पूर्व लोकसभा चुनाव 2024  के मद्देनजर भाजपा की निरंतर गिरती हुई साख के चलते  “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा था कि हमारे समाज में भेदभाव मौजूद है और जब तक असमानता बनी रहेगी तब तक आरक्षण जारी रहना चाहिए। बुधवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘अखंड भारत’ आज के युवाओं के बूढ़े होने से पहले एक वास्तविकता बन जाएगा, क्योंकि 1947 में भारत से अलग होने वाले लोग अब महसूस कर रहे हैं कि उन्होंने गलती की है”। क्या भागवत जी का ये बयान उनके पहले के बयानों विरुद्ध नहीं? जिनमें उन्होंने कभी तो आरक्षण को समाप्त करने की बात की तो कभी आरक्षण ली समीक्षा के सवाल बार-बार उठाए। बिहार में दिया गया उनका आरक्षण विरोधी बयान आज तक भी जिंदा है। फिर भागवत जी सामने आज ऐसी कौन सी मजबूरी हो गई कि उन्हें दलितों-दमितों के प्रति अचानक दया आने का भाव प्रदर्शित करना पड़ गया। क्या भाजपा केंद्र सरकार के नित गिरते ग्राफ ने उन्हें सामाजिक दायित्यों के प्रति द्रवित कर दिया?  आज वो कहते है कि 'जब तक समाज में भेदभाव है, तब तक आरक्षण रहना चाहिए', मोहन भागवत का बड़ा बयान मोहन भागवत ने कहा कि संघ की संस्कृति में जहां भी राष्ट्र के गौरव और राष्ट्रीय ध्वज का सवाल होगा, संघ कार्यकर्ता अपने जीवन का बलिदान देने के लिए हमेशा सबसे आगे रहेंगे। संविधान में प्रदत्त आरक्षण का हम संघवाले पूरा समर्थन करते हैं।

           आरक्षण पर भागवत का बयान ऐसे समय आया है जब महाराष्ट्र में आरक्षण के लिए मराठा समुदाय का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। भागवत ने कहा, हमने अपने ही साथी मनुष्यों को सामाजिक व्यवस्था में पीछे रखा। हमने उनकी परवाह नहीं की और यह सिलसिला 2000 साल तक चलता रहा। जब तक हम उन्हें समानता प्रदान नहीं करते, तब तक कुछ विशेष उपाय करने होंगे और आरक्षण उनमें से एक है। इसलिए आरक्षण तब तक जारी रहना चाहिए जब तक ऐसा भेदभाव हो। हम आरएसएस में संविधान में प्रदत्त आरक्षण को पूरा समर्थन देते हैं।

           आरक्षण सम्मान देने के लिए भी: भागवत सरसंघचालक ने कहा कि यह केवल वित्तीय या राजनीतिक समानता सुनिश्चित करने के लिए नहीं, बल्कि सम्मान देने के लिए भी है। उन्होंने कहा कि भेदभाव झेलने वाले समाज के कुछ वर्गों ने 2000 सालों तक यदि परेशानियां उठाईं तो क्या हम हम और 200 साल कुछ दिक्कतें नहीं उठा सकते? न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक आरएसएस के चीफ मोहन भागवत ने नागपुर में कहा, ''सामाजिक व्यवस्था में हमने अपने बंधुओं को पीछे छोड़ दिया। हमने उनकी देखभाल नहीं की और यह 2000 सालों तक चला। जब तक हम उन्हें समानता नहीं प्रदान कर देते हैं तब तक कुछ विशेष उपचार तो होने ही चाहिए और आरक्षण उनमें एक है। इस कारण आरक्षण तब तक जारी रहना चाहिए।''। विदित हो कि  संविधान के मुताबिक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति  को जातिगत आधार पर हुए भेदभाव के कारण आऱक्षण मिलता है। मंडल आयोग की सिफ़ारिशों के बाद अन्य पिछड़ा वर्ग  को भी रिजर्वेशन मिल रहा है। इस बाबत आर एस एस और अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा के नुमांयदे भी आरक्षण पर नाना प्रकार से सवाल उठाते ही रहते हैं।

           मोहन भागवत के द्वारा हिंदुओं से एक होने की अपील करना कोई नई बात नहीं है। जब जब वर्चस्वशाली हिन्दुओं यानी ब्राह्मणों पर खतरा मंडराता है तो ये समाज के दलित और निरीह वर्ग को हिन्दू होने का चोला पहनाकर अपने दुश्मनों से लडने के लिए आगे कर देती हैं और जब कभी दलितों और निरीह वर्ग को उनके हकों रक्षा करने की माँग उठती है तो बगलें झाँकने लगती है।।।देती कुछ नहीं। आज फिर मोहन भागवत ने हिंदुओं से एक होने की अपील की और कहा-जंगली कुत्ते मिलकर अकेले शेर का शिकार कर सकते हैं। हजारों सालों से हिंदुओं के प्रताड़ित रहने पर अफसोस जाहिर करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने भाषा, 9 सितम्बर, 2018 के जरिए हिंदुओं से एक होने की अपील की थी। प्रतिक्रियात्मक दृष्टिकोण से यदि भागवत जी से ये सवाल पूछा जाए कि हिन्दू किस कारण से हज़ारों साल से प्रताड़ित रहे। प्रताड़ित ही नहीं, अपितु वर्षों-वर्षों तक गुलाम भी रहे। ऐसे में भागवत जी को यह बताना ही होगा कि वो जंगली कुत्ते कौन हैं, जो मिलकर अकेले तथाकथित शेर का शिकार कर लेते हैं। किंतु भागवत जी के पास इसका भेदभावपूर्ण उत्तर तो होगा किंतु उसे जाहिर करने की आज भागवत जी के पास कोई ताकत नहीं होगी। भागवत जी केवल उन मिथ्या मुद्दों को उछालने में माहिर हैं जो सामाजिक अलगाव फैलाने का काम कर सकें। उनके पास न तो सामाजिक एकता और न ही धार्मिक सदभाव की भाषा है।

           मोहन भागवत जब ये कहते हैं, ‘‘हिंदू समाज तभी समृद्ध होगा जब वह समाज के रूप में काम करेगा।’ मोहन भागवत जी के इस कथन का आश्य प्रकट किया जाय तो इसका सीधा-सा अर्थ है कि हिन्दुओं ने कभी भी समाज के रूप में काम नहीं किया। भागवत जी ब्राह्मणों ने हमेशा समाज के चौथे पाये को हिन्दू तो माना किंतु उन्हें समता और समानता का कभी भी सम्मान नहीं दिया। अपने हितों को साधने के लिए उन्हें हिन्दू होने का तमगा पहना कर अपने पक्ष में सेवा-भाव करने के लिए अलग नहीं होने दिया। आज भी जब कभी हिन्दू-मुसलमानों के दंगे होते हैं तो ये हिन्दूवादी लोग खासकर समाज के वाल्मीकि समाज को उल्टे-सीधे पाठ पढ़ाकर अपने पाले में खड़ा करके मुसलमानों से लड़ने के लिए तैयार कर लेते है। वाल्मीकि समाज अपढ़ता के चलते इनका चापलूस हो जाता है और हिन्दू होने का गर्व पाल बैठता है जबकि हिन्दू इन्हें अपने पाँव की जूती भी नहीं समझता। केवल मतलब पड़ने पर इन्हें अपना बनाने को भी मजबूर हो जाता है जिसे वाल्मीकि समाज फूलकर पहलवान बन जाता है।

           भागवत जी का ये कहना भी कि हिंदुओं में अपना वर्चस्व कायम करने की कोई आकांक्षा नहीं है। भारतीय समाज को एक धोखा देने का उपक्रम है। यदि हिंदुओं में अपना वर्चस्व कायम करने की कोई आकांक्षा नहीं है तो फिर मोहन भागवत जी की ये हाय-तौबा किसलिए?

           मोहन भागवत जी ने कहा, ‘हमारे काम के शुरुआती दिनों में जब हमारे कार्यकर्ता हिंदुओं को एकजुट करने को लेकर उनसे बातें करते थे तो वे कहते थे कि ‘शेर कभी झुंड में नहीं चलता’। लेकिन जंगल का राजा शेर या रॉयल बंगाल टाइगर भी अकेला रहे तो जंगली कुत्ते उस पर हमला कर अपना शिकार बना सकते हैं।’ मोहन भागवत के इस कथन से भी जाहिर होता है कि हिन्दू समाज कभी भी समाज में मिलकर नहीं रहा। आर एस एस प्रमुख का ये कहना, ‘हिंदुओं का एक साथ आना अपने आप में एक मुश्किल चीज है।’ मेरी नजर में इसका मूल कारण हिन्दू धर्म में छोटा-बड़ा, ऊंच-नीच और छुआछात की बीमारी का होना है। भागवत को चाहिए कि भारतीय समाज में व्याप्त जाति-प्रथा को समाप्त करने की दिशा में काम करें फिर देखें कि भारतीय समाज एक है कि नहीं। मोहन भागवत जी का ये कहना भी सवाल खड़े करता है कि हिंदू धर्म में कीड़े को भी नहीं मारा जाता है, बल्कि उस पर नियंत्रण किया जाता है। इसे क्या कहें कोरी लफ्फाजी।।।ये कीड़े को न मारने का दम भरते है किंतु इंसान को मारना उनके लिए एक खेल है।

आज तो इनके लिए ये काम और भी आसान हो गया है, वह इसलिए कि केन्द्र में आर एस एस द्वारा पोषित भाजपा की सरकार है जिसकी खाशियत ये है को वो सुनाने का ज़ज़्बा तो रखती है किंतु किसी की बात सुनने का उसमें ज़ज़्बा नहीं। प्रधानमंत्री मोदी जी आकाशवाणी पर अपने मन की बात तो कर लेते हैं किंतु प्रेस कांफ्रेस का सामना करने की उनमें हिम्मत इसलिए नहीं हैं कि प्रेस कांफ्रेस में तो उन्हें स्वतंत्रपत्रकारों के सवालों के जवाब देने होंगे। उनका यह डर भी अब बेमानी इसलिए लगता है कि अब तो एक दो चैनल को छोड़कर तमाम मीडिया हाऊस को मोदी जी ने खरीद रखा है। जिनको वो खरीद नहीं पाए, उनको किसी न किसी तरह बैन कर दिया जाता है।

           मोहन भागवत जी कहते हैं कि हिंदू वर्षों से प्रताड़ित हैं, क्योंकि वे हिंदू धर्म और आध्यात्म के बुनियादी सिद्धांतों पर अमल करना भूल गए हैं। अब उनसे यह जानने की क्यों न हिमाकत की जाए कि इस सब के लिए कौन से जंगली कुत्ते जिम्मेदार हैं? क्या वो आरामतलबी भारतीय तो नहीं जो अपने ऐसोआराम के लिए अपनी बेटियों तक को मुगलों के हवाले कर देते थे। ये आज के भारत में भी खुले तौर पर किया जा रहा है वह भी उन राजनेतओं द्वारा जो अपने को सत्ता में बनाए रखने के लिए चाहे वो मुसलमान हों या हिन्दू अपनी बेटियों को सादर एक दूसरे को शादी के गठबंधन में बांधने से नहीं हिचकिचाते।

           जब भागवत जी ये कहते हैं, ‘हमें एक होना होगा।’  इसका अर्थ ये हुआ कि वो खुद ही संगठित नहीं हैं। लेकिन यह कथन भी मिथ्या ही लगता है, वह इसलिए कि हिन्दुओं ने तमाम दलित जतियों पर तमाम कुठाराघात किए है और आज भी किए जा रहे हैं। उन्होंने महज एक बात को सही रूप से स्वीकारा है कि हम कोई गुलाम या दबे-कुचले देश नहीं हैं।’  इसका अर्थ ये हुआ कि वो दूसरों को तो गुलाम देखना चाहते हैं किंतु हिन्दुओं को नहीं। जबकि सत्य ये है कि जब-जब भी देश गुलाम हुआ है वो केवल और केवल ब्राह्मणों की घंटा बजाओं परिपाटि के कारण ही हुआ है। फिर मोहन भागवत जी की नजर में ये जंगली कुत्ते कौन है?

           28 जुलाई, 2019 को भाषा के माध्यम से जब मोहन भागवत ये कहते हैं कि मॉब लिंचिंग और गाय के नाम पर हिन्दू धर्म को बदनाम किया जा रहा है, तो हँसी आती है। कोई मोहन भागवत जी से ये पूछे कि किसी को मारने वाली भीड़ में क्या उसके ही सगे-संबंधी होते हैं, तो इसका जवाब शायद मोहन भागवत के पास नहीं होगा।

           भागवत ने वृन्दावन के वात्सल्य ग्राम में आयोजित संघ की अखिल भारतीय सामाजिक सद्भाव समिति की दो दिवसीय बैठक की शुरुआत करते हुए कहा, ‘देश भर में हिन्दू धर्म एवं संस्कृति को बदनाम करने की गहरी साजिश रची जा रही है। कहीं भीड़-हिंसा के नाम पर सियासत करके समाज में घृणा फैलाने का काम हो रहा है तो कहीं गाय के नाम पर। अब भागवत जी से कोई ये पूछे कि अब तो हर ओर आपका ही राज है फिर ये मोब लिंचिग करने वाले गुंडे कहाँ से आ रहे हैं और किसके इशारे पर आ रहे हैं। विपक्ष तो इस अवस्था में है नहीं। मोहन भागवत जी को ये चिंता है कि कुछ राज्यों में एक योजना के तहत धर्म परिवर्तन भी कराया जा रहा है किंतु ये विचार करने की चिंता नहीं है कि आखिर लोग हिन्दू धर्म को धता बता, दूसरे धर्मे को अपनाने को बाध्य क्यों हैं।

           सर संघचालक ने कहा, ‘हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए भिन्न-भिन्न मत-पंथों और उपासना पद्धतियों के लोग साथ बैठें और समाज में जाति एवं वर्गों के बीच पनप रहे भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास करें। जब ऐसा होगा तो निश्चित रूप से सामाजिक स्तर पर कई समस्याएं हल हो जाएंगी। क्या उनके इस कथन में चालबाजी नजर नहीं आती? जो सामाजिक सदभाव स्थापित करने की हालत में ही नहीं हैं, भागवत जी उनसे ही समाज में जाति एवं वर्गों के बीच पनप रहे भेदभाव को समाप्त करने की अपेक्षा करते दिख रहे हैं।

           यदि तृणमूल सांसद नुसरत जहां यह कहती है कि भीड़ ने भगवान राम के नाम को हत्या की चीख में बदल दिया तो क्या इसमें गलत ही क्‍या है? संघ के सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने राज्यों की रिपोर्ट बिंदुवार रखी। संघ के कृष्ण गोपाल, दतात्रेय होसबोले और भैया जी जोशी ने भी इस मौके पर अपने विचार रखे। किंतु एक एक्टर ने दावा किया, ‘मॉब लिंचिंग के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें मिली जान से मारने की धमकी दी गई।

           यथोक्त के आलोक में भाजपा सरकार और आर एस एस के इरादों को समझने में कोई दिक्क्त तो नहीं आनी चाहिए किंतु हिंदुवादी ताकतों में पनपते उग्रवाद के चलते हर कोई अपनी राय जाहिर करने से कतरा रहा है जैसे कि आज के कश्मीर में। कहना अतिश्योक्ति नहीं कि आज के भारत में लोकतंत्र मात्र एक मुहावरा बनकर रह गया है। लोकतंत्र के गले में फांसी का फंदा डालकर उसके वास्‍तविक वजूद को आज सिरे से नेस्तनाबूद कर दिया गया है। यह किसी भी सभ्‍य समाज व देश के माथे में घिनौना कलंक है... क्‍या नहीं है?  जरा सोचिए ! 0000

 

तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रहऔर अन्य।

 तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका केसंपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को“तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000