शब्द चित्र
किन्तु मेरा ख्याल भी रखना
-तेजपाल सिंह ‘तेज’
अगस्त 2007 की दो तारीख थी। सांझ के छह बज चुके थे। सोचा चलो अब घर चलें। ऑफिस से निकला तो देखा कि आकाश एकदम साफ था। बस सूरज बादलों से घिरा था। देखते ही देखते अचानक आकाश बादलों से भर गया। हल्की-फुलकी बूंदा-बांदी होने लगी। किन्तु इतनी भी नहीं कि कदम ठहर जाएं। जिन्दगी पूरी तरह गतिमान थी। ठहरी कतई नहीं थी। बूंदा-बांदी कुछ कम हुई तो सड़कों पर आवाजाही बढ़ गई। खुले छाते बन्द हो गए। हवा में ठंडक बढ़ गई। अब क्यूकि मैं रोज़ाना घर से दफ्तर व दफ्तर से घर रेल (ट्रेन) से आता-जाता हूँ। ऑफिस से रेलवे स्टेशन पहुंच गया। किन्तु आज लोकल ट्रेन ही नहीं, अपितु दूरगामी रेलगाड़ियां भी एक से दो घंटे तक लेट चल रहीं थीं। ऐसी हालत में बारास्ता तिलक ब्रिज (दिल्ली) से बुलन्दशाहर तक जाने वाली गाड़ी (ट्रेन) भी दो घंटा लेट थी। मैं नई दिल्ली स्टेशन पर था। अचानक घोषणा हुई कि शकूरबस्ती से गाज़ियाबाद जाने वाली ई.एम.यू. प्लेटफॉर्म संख्या सात पर आएगी। मैं जैसे-जैसे प्लेट फार्म संख्या सात पर गया किन्तु ये गाड़ी रोजमर्रा की जगह से कुछ आगे जाकर ठहरी । भाग-दौड़कर उसमें सवार हो गया। लगभग आधा घंटा बैठे रहने के बाद गाड़ी का भोंपू तो बजा किन्तु गाड़ी नहीं चली। फिर दोबारा भौंपू बजा तब गाड़ी चली। पर बाप रे! गाड़ी इतनी धीमी गति से चल रही थी कि लगभग दो घन्टे में साहिबाबाद पहुंची। मैं ट्रेन से उतरा। रिक्शा लिया। दस रुपये के स्थान पर बीस रुपये दिये। तब कहीं घर आ पाया। आज आते ही खाना भी मिल गया। बिना हाथ-मुंह धोए, कुंद मन से खाना खा भी लिया। पलंग पर लेटा तो नींद की झपकी आ गई। झपकी के साथ ही सपने ने घेर लिया।
अब मैं ताहिरपुर चौक पर था, अपने कुछ साथियों के साथ। इनमें से एक के हाथ में दारू की दो बोतलें थीं। मैंने पूछा कि यार! ये क्या है। उन्होंने कहा कि यार! कल होली है ना । अब क्यूकि तूने होली पर पीने की मना कर रखी है, तो आज ही पी लेते हैं। मेरे मुंह से भी 'ना' नहीं निकली। वो सड़क के बीचों-बीच बैठ गये और दारू पीने लगे। मैंने मना किया। कहा कि यहां नहीं, कहीं ठिकाने से बैठते हैं। वे नहीं माने। मैं उठकर चल दिया। देखा कि वे भी मेरे पीछे-पीछे आ रहे थे। एक के हाथों में बोतलें और एक के हाथ में गिलास। चलते-चलते एक मंदिर के पास आ पहुंचे। मैंने पुजारी से कुछ कानाफूसी की कि वो जैसे उल्लास में चिल्ला उठा -“अरे! क्या हुआ? मंदिर आपका ही तो है। छत खाली पड़ी है। आराम से खाओ-पीओ। किन्तु मेरा ख्याल भी रखना।" हम छत पर चले गए। खाना-पीना शुरू हो गया। किन्तु मन ही मन व्यथित था कि कल होली है और दारू की एक बोतल भी नहीं है मेरे पास।... वैसे, जरूरत भी क्या है? कल अगर घर से निकले तो पिलाने वालों की कमी थोड़े ही है। वैसे भी मैं होली वाले दिन घर से निकलता कहाँ हूँ। पीता भी नहीं। न किसी को घर में आने देता। इसी बीच किसी बात पर किसी से तनातनी हो गई। सबके सब इधर-उधर हो गए। अचेतन अवस्था में अब मैं पुन: साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर था। नितान्त अकेला। देखा कि प्लेट-फारम पर बैंक-चैकस का एक बंडल पड़ा है। ठीक से बन्द भी नहीं है। यह सोचकर कि कहीं कोई इसे उठाकर न ले जाए, मैं उसके पास खड़ा हो गया। हक्का-बक्का-सा इधर-उधर देखने लगा। रात का समय था। लगभग बारह बज चुके थे। अच्छी बात ये थी कि बत्तियां जल रहीं थीं। अचानक एक सुन्दर-सी युवती आ धमकी। उसने मेरी और देखकर थोड़ी दूरी पर स्थित मिट्टी के ढेर को लोहे की एक छड़ी से कुरेदा। एक बक्शा निकाला और उसे खोलने का प्रयास करने लगी। इसी बीच उसने मेरी ओर देखा। मैं उससे चैकों के बारे में कुछ पूछने को ही था कि उसका चेहरा-मोहरा धीरे-धीरे ऐसा बदला कि किसी राक्षसी से कम न था। वोली, “ मुझे हाथ लगाकर देख, तेरा खून पी जाऊंगी। जिन्दा नहीं छोडूंगी तुझे”। मुझे देखकर वो फिर बड़बड़ाने लगी, “आज तू आ गया। ..क्या तेरे घर में कोई औरत नहीं है? क्या उसे भी ऐसे ही बुरी नज़र से ताकता है? देख! रम्भा, देख इसे । अकेला खड़ा है प्लेटफार्म पर, मुर्गी की तलाश में ।" न जाने क्या-क्या बके जा रही थी वो। और मुझे बोलना तो क्या, सुनना भी दूभर हो रहा था। इसी बीच छक छक करती हुई। एक रेलगाड़ी आ गई। जोरदार सीटी बजी। और फिर यह क्रम टूट गया। किन्तु नींद पूरी तरह नहीं टूटी।
मैं अभी भी स्वप्न में था। स्वप्न में ही घर की ओर बढ़ने की कोशिश की । किन्तु बेकार। मेरे पांव चलने की बजाय, पीछे की ओर घिसट रहे थे। थक-हार कर, मैं सड़क के डिवाइडर पर बैठ गया। कुछ संभला तो देखा कि एक विक्षिप्त-सा आदमी सड़क के बीचों-बीच लकड़ी का एक बड़ा सा लट्ठा (पोल) सड़क पर कुछ इस तरह से डालकर लेटा हुआ था कि यदि लट्ठे से कोई वाहन टकरा भी जाए तो उसे कोई चोट न पहुंचे, बेशक किसी और को चोट आ जाए। हुआ भी ऐसा ही, एक मोटर साइकिल सवार ने बिना कोई चिन्ता किए अपनी मोटर साइकिल तेजी से आगे बढ़ा दी। किन्तु गाड़ी लकड़ी के लट्ठे से टकराकर डिवाइडर से जा टकराई। एक व्यक्ति को भारी चोट आ गई। जिसके चलते मोटर साइकिल के आगे चल रहा एक भारी-भरकम शरीर वाला मोटर साइकिल सवार पूरे तेवर के साथ रुका और अपनी मोटर-साइकिल खड़ी करके उस पर प्रहार करने को ही था कि पहले ने फिल्मी अंदाज में ज़मीन पर लुढ़ककर विरोधी पर ऐसा प्रहार किया कि उसकी लात विरोधी की कमर पर ऐसे लगी कि वो तिलमिलाकर रह गया। फिर भी उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने पुनः हिम्मत की। और पहली मोटरसाइकिल वाले पर कब्ज़ा करने की कोशिश की। अब दोनों ने एक दूसरे को बाहों में कस रखा था। पर हैरत की बात ये थी कि उपस्थित जनों ने अनाचार विरोधी का साथ तो दिया ही नहीं अपितु उसकी जेब से कैमरा ही नहीं अपितु उसके बैग में रखी अन्य वस्तुओं को भी यहां-वहां कर दिया। मैं डेढ़-पसली का आदमी कर भी क्या सकता था? सड़क के किनारे चुपचाप खड़ा हो, यह सब कुछ देखता रह गया। न पुलिस आई। न कोई सामाजिक ठेकेदार। सबके-सब अपनी-अपनी राह चले गए। मैं इधर-उधर देखने लगा। चहूंओर वीरान ही वीरान था। कुछ भी तो नजर नहीं आ रहा था। पर था उनींदा ही। स्वप्न-दर-स्वप्न आना मेरे लिए अचरज की बात थी। मैंने जाना इस तरह सपनों का आना-जाना, सीधे-सीधे मानसिकता का हिस्सा है, इसमें कोई किसी प्रकार की आशंका की बात नहीं थी। पता नहीं, कब तथाकथित विचार से उबरा ? किन्तु न मुझे ठीक ही से नींद आई और न सपनों ने ही मेरा पीछा छोड़ा।
पता नहीं मैं कब तथोक्त विचारों से उबरा। किंतु फिर न मुझे ठीक से नींद ही आई और मैं कच्ची नींद में भी मैं सपनों से ही घिरा रहा। खैर! इन तमाम झंझटों और दिमागी उलझनों के बावजूद मैं बैंक कॉलोनी वाले मकान की ओर चल पड़ा। बिल्कुल सहज अवस्था में, इससे पहले, मैं घर पहुंच पाता, रास्ते में मेरा एक अंध-भक्त साथी मिल गया। बोला, ‘अमां यार कल दुलैंडी (होली का त्योहार) है। खाली हाथ आ रहे हो? कुछ लाए नहीं? इतना सुन मेरा तेवर आसमान पर चढ़ गया। एक तो मैं पहले से ही परेशान था और ऊपर से इसकी दुलैंडी।... उससे बिना कुछ कहे, मेरे कदम ठेके की ओर बढ़ निकले। जैसे ही चलने को हुआ तो देखा कि शराब के चलायमान ठेके की एक गाड़ी मुख्य सड़क के बीचों-बीच खड़ी पाई। मन नहीं था कि होली के रंग-वाले दिन शराब पीऊं। ऐसे मौंको पर मैं पीता भी नहीं। अंततः मैं खाली हाथ लौट आया। किन्तु ये क्या? जैसे ही मैं घर जाने को था मेरे एक और मित्र ने मेरा रास्ता रोक लिया। बोला, “साले अकेला ही पिल पड़ा उस कमीन पर। मुझे आवाज़ क्यों नहीं दी? मैं भी तो तेरे पीछे ही खड़ा था।" यह सुनकर मेरा माथा ठनक गया। मैंने मन-ही-मन सोचा, साला मेरे पीछे खड़ा था। सब-कुछ देख रहा था। वहां कुछ नहीं बोला। अब मामला समाप्त होने पर सेखी बघारने आ गया... दब्बू कहीं का। यूं मेरा किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ था।
दिमागी उठा-पटक के चलते, मैं घर की ओर बढ़ा ही था कि मेरे एक और (तीसरे) मित्र ने मेरा रास्ता रोक लिया। बोला, जाता कहां है? चल मेरे साथ ठेके पर चल। कल के लिए कम से कम एक बोतल तो होनी ही चाहिए। ठेके जाने का मेरा मन नहीं था। मैं घर की ओर बढ़े जा रहा था, किन्तु उसने मेरा कालर जोर से पकड़ा और मुझे खींचकर ठेके तक ले गया। वो ठेके की खिड़की पर गया। मनचाही बोतल भी लेली। भभक कर मुझसे बोला, “ वहाँ क्यूं खड़ा है?... आकर बोतल के पैसे दे”। इससे पहले मैं कुछ कहता, एक सूखा सा अदना-सा नसैड़ी मेरे मित्र की ओर देखकर बोल उठा, “ आ जाते हैं साले ठेके पर.. जेब में पैसा-वैसा होता नहीं... पिएंगे नम्बर-वन। दोस्ती को भुनाएंगे साले”। उस नसैड़ी ने बड़बड़ाते अपनी जेब से पैसे निकाले और मेरे (कमीन) दोस्त के द्वारा खरीदी गई बोतल की कीमत अदा करदी। इतने पर मेरा सपना टूट गया। अब कैसी भूख... कैसी नींद। 0000
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मकनिबन्ध संग्रह और अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन केप्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
