तेजपाल सिंह 'तेज' की पांच ग़जलें
-एक-
अब भाव यूँ खाने लगा है बागबां,
सुनता नहीं है वो गुलों की दास्तां।
उठ गया धरती से अब चैनो-अमन,
हां! दिल चुराकर ले गया है आसमां।
वक़्त ने लीं इस कदर अंगड़ाईयां,
ख़ुशबू उड़ाकर ले गईं अब आंधियां,
जलजले हों लाख लेकिन डर नही,
है राह पर अब हौंसलों का कारवां।
'तेज' तू अब हरकतों से बाज आ,
बहुत पछताएगा वरना आइंदा।
0000
-दो-
बोलती होगी कभी पर आज संसद मौन है,
घूरता है रोटियों को आदमी वह कौन है ।
जन की तो किस्मत धरा है, तंत्र की है आसमान,
भ्रष्ट है सत्ता समूची, राष्ट्रीयता अब गौण है ।
अर्थ को जीवन सुफल है, भूख को चिरकाल चिंतन,
नंगी-धड़गी सभ्यता के द्वार विकृत यौन है ।
लुटती रही हैं आज तक, लुटती रहेंगी द्रोपदी,
लंगड़ी-लूली आस्था के बीज बोता द्रोण है ।
खोल दो मुट्ठी उठा लो तीर - तरकश हाथ में,
‘तेज’ ये हिंसा नहीं, एक क्रांतिमय दृष्टिकोण है ।
0000
-तीन-
मुर्गों ने की खास मुनादी,
साँझ हुए ही बांग लगादी।
जागो भी, देखो, सत्ता ने,
जनता की आवाज दबादी।
नए दौर की राजनीति ने,
मानवता तक कैद करादी।
देखो तो कल कोतवाल ने,
ना-करनी की सजा सुनादी।
भ्रमण पर है सेवक अपना,
प्यादों ने पर आग लगादी।
'तेज' ताकता रहा गगन को,
धरती पर बारूद बिछादी।
0000
-चार-
काट सके तो हीरा काट,
नजरों से अंधियारा काट।
जिस घर में चंदा बंदी है,
उस घर का दरवाजा काट।
जिस्म मिरा सूखी लकड़ी है,
जितना चाहे उतना काट।
खाँसी बहुत पुरानी होली,
मुमकिन है पर इसका काट।
छोड़ ‘तेज’ अब काला धंधा,
कुछ तो उजला-उजला काट।
0000
=पाँच-
बहुत हँसे हम रोते-रोते,
बहुत जगे हम सोते-सोते।
बेशक पीना सीखा हमने,
दिन भर प्याले धोते-धोते।
चढ़े अटारी हम नफरत की,
बीज प्यार के बोते-बोते।
खुलकर जीना सीखा हमने,
बोझ मौत का ढोते-ढोते।
हो निकले हम ‘तेज’ गैर के,
रिश्तों का मुँह धोते-धोते।
0000
