-एक-
मौन सन्नाटों के बीच
मैं जानता हूँ कि तुम
अब कभी भी नहीं आओगी
फिर भी जब कभी
मैं चाँदनी रात के आँगन में
तारों की छाँव में
अकेला होता हूँ
तो तेरे गीतों की धनक
मेरे कानों को खुजलाती है—
तब मुझे लगता है
कि तुम आओगी/अवश्य आओगी
जब कभी
मैं सावनी हरी घास के बिस्तर पर
पेड़ो की घनी छाँव में
आँखें मूंदकर स्तब्ध सा लेटा होता हूँ
तो मेरे सूखे बालों से
होकर गुज़रती हुई भीनी-भीनी हवा
का स्पर्श
तेरी अंगुलियों की छुअन का
मज़ा देता है—
तब मुझे लगता है
कि तुम अवश्य आओगी/अवश्य आओगी
जब कभी
मैं बन्द कोठरी में
मौन सन्नाटों के बीच घिरा होता हूँ
तो तेरी सुधियों के तूफ़ान
रह-रह कर
मेरे मन के बन्द जर्जर दरवाज़े की
साँकल को खटखटाते हैं—
तब मुझे लगता है
कि तुम आओगी/अवश्य आओगी
इसलिए मैं घर के सब
खिड़की—दरवाज़े खोलकर सोता हूँ।
0000
-दो-
रूखी-सूखी डबल रोटियाँ
मेरी बेटी!
बचपन की कोमलता
बचपन की खिलखिलाहट
बचपन का रूप-रंग
तुमने कभी नहीं देखा
नहीं देखी कागज की नाव
बरसात का पानी
बस! कहानियाँ सुनी हैं
पैदा होते ही तुझे
पाठशाला भेज दिया गया
तुझे पढ़ाया गया
नये दौर का इतिहास
इतिहास भारी बस्ते का
सिखाया गया तुझे कि
कूदना – फाँदना
खेलना-कूदना तो
नालायकों का काम है
खाने को मिलती रहीं
केवल रूखी-सूखी डबल रोटियाँ
माँ के खुरदर हाथों से
तू कभी माँ के
आँचल में नहीं सो पाई
नहीं सो पाई पापा के साथ
दोनों के दोनों व्यस्त रहे
कमाने में
तुझको बड़ा बनाने में ।
0000
-तीन-
समूचा मानव इतिहास
बेटी!
तू सदा चुप क्यों रहती है
बोलती क्यों नहीं
हंसती क्यों नहीं
क्यों नहीं थूकती
उस कोढ़ी संस्कृति पर
जिसने तेरी वेणी में
फूल गूंथकर
हाथों में चूड़ियां पहनाकर
महज़ भोग्या बना छोड़ा है तुझे
बना छोड़ा है अबला
उठ!
लौटा दे उसे उसकी चूड़ियाँ
नौंच दे वेणी से गुंथे फूल
तब
तू जान पाएगी
कि तू एक समूचा मानव इतिहास है
सर्वनाम नहीं समास है।
0000
-चार-
रोटियों के साथ-साथ
मेरी बेटी!
तू सदा जल्दी क्यों उठ जाती है
क्यों नहीं सोती देर तक
सच! तू भी अपनी
माँ जैसी ही है
वो भी देर से सोती थी
सुबह-सवेरे उठ जाती थी
सो नहीं पाती थी जीभर
तू भी वैसी ही है
नींद में ही जग जाती है
माँ की सोच को ढोती है
कल तेरी शादी हो जाएगी
पिता की जगह
पति के लिए नाश्ता बनाएगी
रसोई के साथ-साथ
बिस्तर हो जाएगी
पर सो नहीं पाएगी
सुन! माँ तो अनपढ़ थी
अबला थी
तू तो पढ़ी-लिखी है
सबला बन
आटे के साथ-साथ
कुछ सपने भी गूंथाकर
बेलाकर रोटियों के साथ-साथ
कुछ कविता-सविता
बुनाकर कुछ नए रस्ते
पति के साथ सोने को
पति के साथ उठने
0000
-पांच-
ये अच्छा ही हुआ
बंधु! तुम जलकर
मर गए तिरस्कार
की आग में
अच्छा ही हुआ
वरना तुम्हें भी
मेरी तरह
रोज-रोज मरना
और
रोज-रोज मौत को
जीना पड़ता
जीना पड़ता
समाज की सड़ी-गली
बदबूदार
संस्कृति की चादर ओढ़कर
जीना पड़ता
राजनीति के चारित्रिक पतन
के आगोश में
अनचाहे मन मारकर
जीना पड़ता
अनुबंधों की आग पर चलकर
ओढ़कर संबंधों की
क्षत-विक्षत झीनी चादर
पता नहीं
मुझे और कब तक
चलना पड़ेगा
जिंदगी की इस ऊबड़-खाबड़
लंबी सड़क पर
0000
तेजपाल सिंह ‘तेज’ : (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार की तीन दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हैं- दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से आदि ( गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन-झुन, खेल-खेल में आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली ( शब्द चित्र), दस निबन्ध संग्रह (प्रतिक्रियात्मक) और अन्य। तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक के संपादक रहे हैं। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार ( 1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से सम्मानित किए जा चुके हैं। स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन में रत हैं। 0000
