तेजपाल सिंह 'तेज' की पाँच ग़जलें
-एक-
कैसा पागल हूँ, मुर्दों को जुबां देता हूँ’
राख के ढेर को जलने की दुआ देता हूँ।
जाहिर है, अब ना आएगा, आने वाला,
फिर भी उसे मुड़-मुड़ के सदा देता हूँ।
अब धूप की शिद्दत से परेशाँ न हो,
मैं बरसात को शबो-रोज सदा देता हूँ।
वो हैं कि जो शोलों को हवा देते हैं,
और मैं हूँ कि मुद्दों को हवा देता हूँ।
उनसे कैसे कहूँ ‘तेज’ मैं घर की बातें,
जिनको कि मैं जीने का गुमाँ देता हूँ।
0000
-दो-
खत आया , जवाब हुआ,
यानी काम तमाम हुआ।
मैखाने की जद में बैठा,
हर इक शख्स इमाम हुआ।
चूहा आया बिल्ली बोली,
मुझको आज जुखाम हुआ।
भूखे रहनाऔर चुप रहना,
यूं नाम मिरा सरनाम हुआ।
‘तेज’ की तरियां मेरा भी,
जीवन एक संग्राम हुआ।
0000
-तीन-
सियासतें बदलीं मगर दफ्तर नहीं बदले,
हुक्मरानी कोट के अस्तर नही बदले ।
ज़ख्मों से निकले खून का रंग तो बदल गया,
पर सियासीयार के खंजर नहीं बदले ।
भुखमरी के वोट ने बदले हैं तख़्तो-ताज,
पर भुखमारी के मील के पत्थर नहीं बदले ।
ज़ेरे-बहस है मुद्दआ , रोटी का आज भी,
अभी तलक तो भूख के बिस्तर नहीं बदले ।
इस बदलते दौर में, बदले सभी आखिर,
साहिब नहीं बदले यहाँ अनुचर नहीं बदले ।
आज भी जारी है उनका रूठन, रोना, हँसना,
कि बादशाहत के कभी तेवर नहीं बदले ।
ख़ण्डरों को तोड़कर घर तो बना लिए,
पर खण्डहरों की नींव के पत्थर नहीं बदले ।
0000
-चार-
हरेक चौरस्ते पे ट्रैफिक जाम है,
कि मुब्तिला हरेक खासो-आम है।
लगने को है कर्फ्यू, भागो, दौड़ो,
हैफ कि ऊपर से ये पैगाम है।
पता नहीं कि क्या हुआ, कैसे हुआ,
ये सभी प्रश्नों का उत्तर आम है।
फ़तवा है कि रामो-रहीम एक हैं,
नेपथ्य में पर जंग का सामान है।
मरने से पहले आत्मा ने ख़त लिखा,
कि क़त्ल ये इंसानियत के नाम है।
0000
-पाँच-
छीनकर मुँह से निवाला आपने,
शर्म को घर से निकाला आपने ।
चंद चुपड़ी रोटियों के वास्ते,
स्वयं को ही बेच डला आपने।
शहर अपना जगमगाने के लिए,
गाँव सारा फूँक डाला आपने ।
चाँद-तारों की तलब में बारहा,
अर्स पर पत्थत उछाला आपने ।
देखने को अपनी सौ-सौ सूरतें,
आईना तक तोड़ डाला आपने।
0000
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रहऔर अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
