कविता : मुट्ठी-भर चावल
अरे! रघुवर
तू सचमुच रग्घू है
पत्नी को मारता है
माँ को डांटता है
बहनों को झिड़कता है
बच्चों को ताड़ता है
पूजता है उस मालकिन को
जो तुझे
सारे दिन की थकन के बदले
देती है
मुट्ठी-भर चावल/बासी रोटियां
अरे! रघुवर
देख! तू जवान है
जवान हैं तेरी रानें
तुझे ही मालकिन की जरूरत नही
मालकिन को भी तेरी जरूरत है
सच को पहचान
फेंक दे ये बासी रोटियाँ
मुडी-भर चावल
मेहनत-मजूरी की कीमत वसूल
खुद को पहचान
कि तू रग्घू नहीं
रघुवर है
कविता : मेरा गांव अब
मेरा गांव अब
गांव कहाँ है
शहर हो गया है
भीड में खो गया है
गांव तो भाभियों से होता है
चाची-ताईयों से होता है
बहन-भाईयों से होता है
नये दौर में
अब रिश्ते ही कहाँ शेष है
सो
गांव भी मर गया
कहानियों में रह गया।0000
क्षणिका : "संध्या"
"संध्या"
क्षितिज पर उपजा
एक अहसास
रात और दिन का
उन्मुक्त सहवास ।0000
कविता : मुट्ठी भर आसमां
भला
बिना दरवाजे के भी
कहीं घर होते हैं
घर तो दरवाजों के
होने पर बनता है
दरवाजे अकेले भी
घर नहीं बनाते
दरवाजे लगाने के लिए
दीवारें तो चाहिए हीं
अकेली दीवारों से भी
घर नहीं बनता
छत भी आवश्यक है
घर के लिए
बस! इतना समझ लो
घर बन जाएगा
मिल जाएगा
मुट्ठी भर आसमां
जुड़ जाएगा
आदमी से आदमी।0000
कविता : समूचा मानव इतिहास
लड़की!
तू सदा चुप क्यों रहती है
बोलती क्यों नहीं
हंसती क्यों नहीं
क्यों नहीं थूकती
उस कोढ़ी संस्कृति पर
जिसने तेरी वेणी में
फूल गूंथकर
हाथों में चूड़ियां पहनाकर
महज़ भोग्या बना छोड़ा है तुझे
बना छोड़ा है अबला
उठ!
लौटा दे उसे उसकी चूड़ियाँ
नौंच दे वेणी से गुंथे फूल
तब
तू जान पाएगी
कि तू एक समूचा मानव इतिहास है
सर्वनाम नहीं समास है।0000
