कविता : चौपाल 


क्या कहा

ये चौपाल है

एक-दम सूनी

मरघट सी शान्त

कुत्ते भी नहीं भौंकते अब यहाँ


ये चौपाल तो

तब चौपाल हुआ करती थी

जब चारपाईयाँ कम

आदमी ज्यादा होते थे

सायबान तक नहीं होता था चौपाल पर


बस!

पीपल की छाँव थी

हुक्कों की गुड़गुड़ाहट थी

कहानियों का रेला था

बच्चों का मेला था

स्वांग था ढोला था


सुनो! अब गाँव लौट भी चलो

चौपाल को मरने से बचालो । 0000



एक क्षणिका : "रात"

 

रात

बार-बार

विधवा होती है

बार-बार

माँग भरती है

परकीया है

स्वकीया लगती है।0000



कविता : घर


घर गतिमान नहीं होता

स्थिर होता है


पर मेरा घर गतिमान

स्थिर नहीं

परिवर्तनशील है

इसका आकार प्रकार


पीपल की छाया

सड़क की पटरी

रेलवे का प्लेटफार्म

सड़क के किनारे पड़े पाइप

उजाड़ पड़े पार्क

निर्जन बस-स्टाप

ठहरी हुई फुटपाथ

या फिर

रात के अन्धरे में सूना पड़ा

अन्तर्राष्जीय बस अड्डे का

विशाल परिसर ही मेरा घर है



कविता : पसीने की गंध

 

ठिठुरती रात मे

जब मुझे नींद नहीं आती

मेरी छाती पर

बने ये तुम्हारे महल

मेरी आँखों में

शूल से चुभते हैं


ये चुभन अब और नहीं सही जाती

नहीं सही जाती हिमालय सी पीर

भूख-प्यास की


सुनो! तुम्हारे महलों में

मेरे खून से सनी ईंटे लगी हैं

हवाओं में

अभी भी मेरे पसीने की गंध बाकी है


बस! इतना समझ लो

और

इससे पहले कि मेरा सीना फट पड़े

छोड़ दो मेरा शोषण

बन जाने दो मेरा घर ।0000



कविता : रणक्षेत्र

 


अब

तेरी देह रणक्षेत्र बन गयी है

मेरी बेटी!


हो सके तो इस देह को

सहेजकर रखना

सहेजकर रखना अपनी फ्रॉक


इस फ्रॉक में

तेरे बचपन की गंध बसी है

बसा है

माँ-बाप का प्यार


प्यार तो इन साड़ियों में भी

कम नहीं है

जो तेरी ससुराल से आई है


पर

फ्रॉक वाला प्यार

इन साड़ियों में कहाँ

इन साड़ियों में

तेरी देह की भूख भी छिपी है

छिपी है

रणक्षेत्र की गंध

गंध उन्माद की / प्रमाद की


फ्रॉक इन सबसे

परे की चीज है

संवेदना में सनी है


फ्रॉक ममत्व का

भार ढोती है

रणक्षेत्र से बची है

प्रमाद की गंध से नहीं

अल्हड़पन से सनी है


मेरी बेटी! इस अन्तर को समझना

यथा- योग्य आचरण करना

फ्रॉक को मत भूल जाना। 0000


kavi : Tejpal Singh 'Tej'