तेजपाल सिंह ‘तेज’ की कुछ कविताएं
एक
कविता :: रणक्षेत्र
मेरी बेटी!
अब
तेरी देह रणक्षेत्र बन गयी है
हो सके तो इस देह को
सहेजकर रखना
सहेजकर रखना अपनी फ्रॉक
इस फ्रॉक में
तेरे बचपन की गंध बसी है
बसा है
माँ-बाप का प्यार
प्यार तो इन साड़ियों में भी
कम नहीं है
जो तेरी ससुराल से आई हैं
पर
फ्रॉक वाला प्यार
इन साड़ियों में कहाँ
इन साड़ियों में
तेरी देह की भूख भी छिपी है
छिपी है
रणक्षेत्र की गंध
गंध उन्माद की / प्रमाद की
फ्रॉक
इन सबसे
परे की चीज है
संवेदना में सनी है
फ्रॉक ममत्व का
भार ढोती है
रणक्षेत्र
से बची है
प्रमाद की गंध से नहीं
अल्हड़पन से सनी है
मेरी बेटी! इस अन्तर को समझना
यथा- योग्य आचरण करना
फ्रॉक को मत भूल जाना।0000
दो
कविता :: बचपन
मेरी बेटी!
बचपन की कोमलता
बचपन की खिलखिलाहट
बचपन का रूप-रंग
तुमने कभी नहीं देखा
नहीं देखी कागज की नाव
बरसात का पानी
बस! कहानियाँ सुनी हैं
पैदा होते ही तुझे
पाठशाला भेज दिया गया
तुझे पढ़ाया गया
नये दौर का इतिहास
इतिहास भारी बस्ते का
सिखाया गया तुझे कि
कूदना – फाँदना
खेलना-कूदना तो
नालायकों का काम है
खाने को मिलती रहीं
केवल रूखी-सूखी डबल रोटियाँ
माँ के खुरदर हाथों से
तू कभी माँ के
आँचल में नहीं सो पाई
नहीं सो पाई पापा के साथ
दोनों के दोनों व्यस्त रहे
कमाने में
तुझको बड़ा बनाने में ।
0000
तीन
कविता :: समूचा मानव इतिहास
बेटी!
तू सदा चुप क्यों रहती है
बोलती क्यों नहीं
हंसती क्यों नहीं
क्यों नहीं थूकती
उस कोढ़ी संस्कृति पर
जिसने तेरी वेणी में
फूल गूंथकर
हाथों में चूड़ियां पहनाकर
महज़ भोग्या बना छोड़ा है तुझे
बना छोड़ा है अबला
उठ!
लौटा दे उसे उसकी चूड़ियाँ
नौंच दे वेणी से गुंथे फूल
तब
तू जान पाएगी
कि तू एक समूचा मानव इतिहास है
सर्वनाम नहीं समास है।
0000
चार
कविता:: रोटियों के साथ-साथ
मेरी बेटी!
तू सदा जल्दी क्यों उठ जाती है
क्यों नहीं सोती देर तक
सच! तू भी अपनी
माँ जैसी ही है
वो भी देर से सोती थी
सुबह-सवेरे उठ जाती थी
सो नहीं पाती थी जीभर
तू भी वैसी ही है
नींद में ही जग जाती है
माँ की सोच को ढोती है
कल तेरी शादी हो जाएगी
पिता की जगह
पति के लिए नाश्ता बनाएगी
रसोई के साथ-साथ
बिस्तर हो जाएगी
पर सो नहीं पाएगी
सुन! माँ तो अनपढ़ थी
अबला थी
तू तो पढ़ी-लिखी है
सबला बन
आटे के साथ-साथ
कुछ सपने भी गूंथाकर
बेलाकर रोटियों के साथ-साथ
कुछ कविता-सविता
बुनाकर कुछ नए रस्ते
पति के साथ सोने को
पति के साथ उठने
0000
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसों के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन-झुन, खेल-खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), आठ वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार ; 8) क्रोनी कैपिटेलिज्म तथा अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन केप्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान। समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। 000
