तेजपाल सिंह 'तेज' की कुछ कविताएं


जीवन-क्रम

 

 

रात को कब तक

आँखों में समेटे रहोगे

कब तक गाते रहोगे

सूर्योदय के गीत


सूरज नित्य आता है

चला जाता है

तुम सोते ही रहते हो

शायद

अंधेरे अधिक भाते हैं तुम्हें


पर, मैं उजालों में जीता हूँ

मुझे अंधेरे नहीं भाते

उजालों के लिए

मैं अक्सर

अपना घर ही जला लेता हूँ


जब धुआँ ठहर जाता है

दूसरा घर बना लेता हूँ

और

उजालों की चाह में

उसे भी जला देता हूँ

फिर बनाता हूँ नया घर

बस! यही

मेरा जीवन-क्रम है।0000





पुश्तैनी पीड़ा



पुश्तैनी हक

खरीदे नहीं जाते

विरासत में मिलते हैं

सभी पुश्तैनी हकों का

सुखद होना

जरूरी नहीं

जरूरी नहीं

सभी के पुश्तैनी हकों का

सुखद होना


हम हैं कि

सदा से ही

पुश्तैनी पीड़ा को

जीते चले आ रहे हैं

झेलते आ रहे हैं

सामाजिक उपेक्षा

क्यों?


उठो! सूरज को

निगल जाओ

आदमी को आदमी से जोड़ो

पुश्तैनी पीड़ा की कारा को

एहतियातन तोड़ो।0000


कविता : भाषा

 

लोग अब

स्वयं नहीं घूमते

भाषा को घुमाते हैं


नीचे-ऊपर

दाँयें-बाँये

जैसे भी चाहें

जहाँ भी चाहें

जब भी चाहें

घुमा सकते हैं शब्दों को


ठीक भी है

जब भाषा साथ है

तो समझो जैसे

किसी के हाथ नहीं आता

आदमी


यों जानिये

सब कुछ भाषा पर टिका है

न्याय-अन्याय

सत्य-असत्य

हिंसा-अहिंसा

कुछ भी भाषा की

पकड़ से दूर नहीं है।0000