तेजपाल सिंह 'तेज' की कुछ ग़जलें
-एक-
धरती-धरती अम्बर देख,
पलकों बीच समंदर देख।
तू भी कभी गली से उनकी,
एक-दो बार गुजरकर देख।
कब तक बिखर-बिखर गुजरेगा,
थोड़ा-बहुत सिमटकर देख।
चाँद से बातें करनी हैं तो,
तू भी कभी संवरकर देख।
हर लम्हा न बना दूरियाँ,
खुद से जरा लिपटकर देख।
तेरे पीछे भी कोई है,
पीछे जरा पलटकर देख।
***
-दो-
धूप सा खिलना तिरा अच्छा लगा,
ख्वाब में मिलना तिरा अच्छा लगा।
यहां हर-पहर आवारगी का दौर है,
चाँद पर रुकना तिरा अच्छा लगा।
जानता हूँ ज़िंदगी अज़ाब है मगर,
जीस्त से लड़ना तिरा अच्छा लगा।
किसने कब उंगली उठाई स्वयं पर,
स्वयं पर हँसना तिरा अच्छा लगा।
राह दिल की ‘तेज’ गो अति तंग है,
पर बारहा चलना तिरा अच्छा लगा।
***
-तीन-
खुद अपने से हार गया मैं,
हर लमहा लाचार गया मैं।
लेकर खाली जेब न जाने,
क्या करने बाजार गया मैं।
खुद ही मैंने बाजी हारी,
वो समझे कि हार गया मैं।
आँख झुकाकर क्या बैठा कि,
वो समझे कि मान गया मैं।
‘तेज’ मैकदे की ज़द से उठ,
कब कैसे किस हाल गया मैं।
***
-चार-
ग़म मिरे बेशक किसी से कम नहीं हैं,
हाँ! मगर आँखे मिरी पुरनम नहीं हैं।
लोकशाही का किया सत्ता ने सर कलम,
पर कहीं भी शहर में मातम नहीं है।
महफिल में अपनी आज तू खुद सरनिगूं है,
है शुक्र कि महफिल में तेरी हम नहीं हैं।
कि दीपक जलाकर आँधियों को सौंप दें,
नाअक्ल इतने सिरफिरे भी हम नहीं हैं।
छोड़ भी दे ‘तेज’ तू नाहक दिलों से खेलना,
कि खेलने को यां खिलौने कम नहीं हैं।
***
(सरनिगूं = शर्मिन्दा)
-पांच-
मज़हबी टेहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,
देखते रहिए कि रंग बदलेंगे अभी और।
भँवरों की मानो बारहा नीयत बदल गई,
इज्जत गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और।
इस कदर अब आँधियाँ उभरी हैं फलक पर,
कि घौंसले अरमान के टूटेंगे अभी और।
कब तलक चिल्लाएगा चीखेगा आदमी,
कि इंसानियत के हौसले टूटेंगे अभी और
रुख हवा का देखकर लगता है 'तेज' कि
सपने अमन के और भी टूटेंगे अभी और।
***
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार और अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान;
चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
