-एक-


ग़म मिरे बेशक किसी से कम नहीं ,

हाँ! मगर आँखे मिरी पुरनम नहीं ।


लोकशाही का किया सत्ता ने सर कलम,

पर कहीं भी शहर में मातम नहीं ।


है महफिल में अपनी आज तू खुद सरनिगूं  ,

है शुक्र कि महफिल में तेरी हम नहीं ।


कि दीपक जलाकर आँधियों को सौंप दें,

ना-अक्ल इतने सिरफिरे भी हम नहीं ।


छोड़ भी दे ‘तेज’ तू नाहक दिलों से खेलना,

कि खेलने को यां खिलौने कम नहीं ।

***



(सरनिगूं = शर्मिन्दा)











-दो-


ये ज़िन्दगी, सवाब है, क्या है,

मोहब्बत है, रुआब है, क्या है।


मैं खुद ही को पढ़ता रहता हूँ,

मेरे भीतर कोई किताब है, क्या है।


भंवरे उससे ही मुख़ातिब क्यूँ हैं,

उसका चेहरा गुलाब है, क्या है।


वो क्यूं, आँखों में नहीं उतरे है,

रुख पे उसके, नकाब है, क्या है।


मैं सोकर भी क्यूं सो नहीं पाता,

मेरी आँखों में ख्वाब है, क्याहै।


***

तेजपाल सिंह ‘तेज’

(संक्षिप्त परिचय)

 

तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक  निबन्ध संग्रहऔर अन्य।

 तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के  साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के  उपसंपादक, आजीवक विजन के  प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के  संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।  हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000