-एक-
तू चंदा-सी उज्ज्वल घनी धवल है,
तू गंगा-सी गतिमय सहज-सरल है।
तू मेरे उपवन की केसर-क्यारी,
तू मेरी आँखों का नीलकमल है।
तू मेरे आँगन की चपल चाँदनी,
तू मेरे अधरों का गीत नवल है।
तू मेरे अंतर की अमृत-धारा,
नेहयुक्त तू निर्मल, सहज-सरल है।
तू मेरे हृदय की ‘तेज’ तमन्ना,
तू मेरे जीवन की सहज ग़ज़ल है।
***
-दो-
काहे इतना सँवर रही हो.
फूलों जैसी निखर रही हो।
बस्ती-बस्ती, आँगन-आँगन,
धूप-सरीखी बिखर रही हो।
खुशबू बन साँसों के जरिए,
सबके दिल में उतर रही हो।
देख आईना सहमी-सहमी,
काहे आँचल कुतर रही हो।
‘तेज’ के मन की तुम पीड़ा औ’,
गीत, ग़ज़ल की बहर रही हो।
***
-तीन-
वो आई भी, सकुचाई भी,
कुछ मिलने से कतराई भी।
लगता है डसती है उसको,
अब भीड़-भरी तन्हाई भी।
नए दौर ने छीन ली जैसे,
तरुणाई भी, अंगनाई भी।
आँख चुरा के हौले-हौले,
वो शर्माई भी, इठलाई भी।
कुछ भी कहो जिंदगी यारा,
है रुतवा भी, रुसवाई भी।
***
-चार-
यूं ख़ुद से वैर बढ़ाओगे,
तो कैसे उम्र बिताओगे?
नदी पार है खुशबू बिखरी,
इधर खड़े क्या पाओगे?
जीवन के कोरे पन्नों पर,
कितने चित्र बनाओगे?
साँसों की मधुमासी खुशबू
कब तक कहाँ छुपाओगे?
उन्मादी संदल काया का,
कब तक बोझ उठाओगे?
रचा किसी से नेह अकेले,
कब तक रैन बिताओगे?
***
-पाँच-
उँगलियाँ इज्ज़त पे उठें तो कहना,
प्रश्न जो अस्मत के उठें तो कहना।
मैं फ़क़त प्यासा हूँ तेरी खुशबू का,
होंठ जो होंठों से सटें तो कहना।
मन से मन को तो मिला रहने दो,
दूरियाँ बिस्तर की घटें तो कहना।
अश्क आँखों में बहुत हैं बाक़ी,
प्रश्न गर रोने के उठें तो कहना।
तन्हा-तन्हा यूँ चलोगे, कब तक,
बात रहबर की उठें तो कहना।
***
-छह-
वसंत की मस्ती है नगाड़ों की धनक तू,
सूरज का तेज ताप औ' चंदा की चमक तू।
नेह-युक्त देह है जैसे कि अमलतास,
कचनार की कच्ची कली टेसू की दमक तू।
सरसों का पीत रंग तू भँवरों का गीत तू,
है कोकिला की कूक मयूरी की ठुमक तू।
यौवन की तेज़ धूप तू पीपल की छाँव तू,
रात की स्याही है उजालों की रमक तू।
तू धरती तू मेरे दंभ की, अस्तित्व का अंबर,
चौखट पे 'तेज' गंधमय फूलों सी धमक तू।
***
