एक : वजन



तुम्हें तीर चलाना आता है

तीर-कमान भी

तुम्हारे पास है


तुम फिर भी कभी

अपने लिए नहीं लड़ते

केवल कमजोर

मालिकों के लिए लड़ते हो


उठो! अपना वजन पहचानो

चेतो

अब अपने लिए लड़ो

नया इतिहास गढ़ो।

0000



 दो : काकी की कहानी



हट्टी-कट्टी बूढ़ी काकी

जीवन-भर मौत से लड़ती रही


न कभी हारी

न कभी जीती

बस! लड़ती रही

काल से


अन्ततः काकी मर गयी

पर

अब वह पूरी तरह जिन्दा है

तनकर खड़ी है


उसके तन के नीले निशान

आज भी कराह रहे हैं

कह रहे हैं

यातना की लम्बी कहानी

काकी की कहानी

अब

मुझे अपनी लगने लगी है


लगने लगा है

कि मुझे जीना होगा

लड़ना होगा इतिहास से

तोड़ने होंगे दासता के किले

जीने के लिए।

0000



तीन  : रणक्षेत्र


अब

तेरी देह रणक्षेत्र बन गयी है

मेरी बेटी!


हो सके तो इस देह को

सहेजकर रखना

सहेजकर रखना अपनी फ्रॉक


इस फ्रॉक में

तेरे बचपन की गंध बसी है

बसा है

माँ-बाप का प्यार


प्यार तो इन साड़ियों में भी

कम नहीं है

जो तेरी ससुराल से आई हैं


पर

फ्रॉक वाला प्यार

इन साड़ियों में कहाँ


इन साड़ियों मे

तेरी देह की भूख भी छिपी है

छिपी है

रणक्षेत्र की गंध

गंध उन्माद की / प्रमाद की


फ्रॉक

इन सबसे

परे की चीज है

संवेदना में सनी है


फ्रॉक ममत्व का

भार ढोती है

रणक्षेत्र

से बची है

प्रमाद की गंध से नहीं

अल्हड़पन से सनी है


मेरी बेटी! इस अन्तर को समझना

यथा- योग्य आचरण करना

फ्रॉक को मत भूल जाना।0000



चार : मुट्ठी भर आसमान

 

भला

बिना दरवाजे के भी

कहीं घर होते हैं

घर तो दरवाजों के

होने पर बनता है


दरवाजे अकेले भी

घर नहीं बनाते

दरवाजे लगाने के लिए

दीवारें तो चाहिए हीं


अकेली दीवारों से भी

घर नहीं बनता

छत भी आवश्यक है

घर के लिए


बस! इतना समझ लो

घर बन जाएगा

मिल जाएगा

मुट्ठी भर आसमां

जुड़ जाएगा

आदमी से आदमी।

0000