तेजपाल सिंह 'तेज' की चार कविताएं



एक : सकोरे भर पानी के लिए


सकोरे बनाना

आसान नहीं है


सकोरे बनाने के लिए

कुम्हार को स्वयं

माटी होना पड़ता है

चाक पर खटना पड़ता है


और

यही कुम्हार

सकोरे भर पानी के लिए

तड़पता है

फड़फड़ाता है

उड़ नहीं पाता

चाक जैसा

चकर-घैया काटता रहता है

जीवन-भर


जीवन भर

तरसता है रोटी को


चाक पर रोटी

थोड़े ही बनती है

रोटी बनाने के लिए

सकोरे नहीं

विचार बनाने होंगे

जाल बिछाने होंगे।

0000



दो : बचपन



बचपन की कोमलता

बचपन की खिलखिलाहट

बचपन का रूप-रंग

मैंने नहीं देखा


नहीं देखी कागज की नाव

बरसात का पानी

बस! कहानियाँ सुनी हैं


पैदा होते ही मुझे

पढ़ाया गया है

नये दौर का इतिहास

इतिहास भारी बस्ते का

पढ़ना

और पढ़ना

बस पढ़ते रहना


सिखाया गया मुझे कि

कूदना – फाँदना

खेलना-कूदना तो नालायकों का काम है


पर खाने को मिलती हैं केवल डबल रोटियाँ

रासायनिक मक्खन के साथ

आया के हाथ से


मैं कभी माँ के

आँचल में नहीं सोया

नहीं सोया पापा के साथ


दोनों के दोनों व्यस्त हैं

कमाने में

मुझको बड़ा बनाने में


बेचारी आया ही

मेरे बचपन को ढोती है

जगती है न सोती है

मेरे साथ-साथ रोती है।

0000




तीन :


मैं

अंधेरा हूँ


मुझे

झील के इस पार ही

रहने दो


झील के उस पार तो

जगमगाती बत्तियाँ ही

भली लगती हैं


जो झील में डूबकर भी

मुझसे बतियाती हैं

किलोल करती हैं

मुझे ढंक लेती हैं।

0000


चार :  दुनिया बहुत बड़ी है


माँ कहती थी

बेटा! ये दुनिया

बहुत बड़ी है


इसमें जीना सहज नहीं

सहज नहीं इसको जीना


सुन!

संभल-संभल कर चलना

समूची दुनिया को ही अपना

घर समझना


ये समझाते-समझाते

माँ चल बसी

पत्नी आ गयी

बिना किसी कोशिश के ही

दुनिया

आँगन में सिमट गई।

0000


 

तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक  निबन्ध संग्रहऔर अन्य।

 तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के  साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के  उपसंपादक, आजीवक विजन के  प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के  संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।  हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000