तेजपाल सिंह 'तेज' की चार कविताएं


एक :

मुट्ठी-भर चावल


अरे! रघुवर

तू सचमुच रग्घू है

पत्नी को मारता है

माँ को डांटता है

बहनों को झिड़कता है

बच्चों को ताड़ता है


पूजता है उस मालकिन को

जो तुझे

सारे दिन की थकन के बदले

देती है

मुट्ठी-भर चावल/बासी रोटियां


अरे! रघुवर

देख! तू जवान है

जवान हैं तेरी रानें

तुझे ही मालकिन की जरूरत नही

मालकिन को भी तेरी जरूरत है


सच को पहचान

फेंक दे ये बासी रोटियाँ

मुडी-भर चावल


मेहनत-मजूरी की कीमत वसूल

खुद को पहचान

कि तू रग्घू नहीं

रघुवर है|

0000




-दो-

ब्रह्मास्त्र


मेरी पत्नी

किसी से कुछ नहीं कहती

बस चीखती है

चिल्लाती है मुझ पर


तब और भी ज्यादा

जब मैं

कागज-कलम लिए

समय को कागज

पर उतारता होता हूँ


या फिर तब

जब बच्चे घर-भर को

सिर पर उठा लेते हैं


विरोध में

मैं कुछ नहीं कर पाता

बस चुप रहता हूँ


चीखना-चिल्लाना

उसका ब्रह्मास्त्र है

चुप रहना मेरा


मेरी पत्नी

कुछ नहीं कहती किसी से

बस चीखती है

चिल्लाती है मुझ पर।

0000

-

-तीन-

परिभाषा

 

 

कुरुक्षेत्र की छाती पर

लिखी महाभारत को

तनिक ध्यान से पढ़ो

फिर परिभाषा गढो


परिभाषा महाभारत की

भाईयों की-बहनों की

मर्द की-

औरत की

धर्म की-अधर्म की

परिभाषा

जय और विजय की


अनन्य स्वप्न

अनन्य स्मृतियाँ

अनन्य अर्धसत्य

अनन्य संबंध-अनुबन्ध

किलाबन्द हुए थे यहाँ

समय ने करवट ली

सब कुछ भग्न हो गया।


शेष रहा तो मात्र

जर्जर इतिहास

लंगड़ी-लूली संस्कृति

शब्दों का अर्थों का उपहास।

0000




-चार -

आदमी का भगवान



यहाँ सब कुछ असीम है

क्योंकि आदमी

कुछ भी करने को स्वतंत्र है


आदमी

बात-बात पर राजनीति करता है

एक को उठाता है

दस को गिराता है

धरती पर होकर

आसमान की बात करता है

सब कुछ प्राप्त कर लेना

चाहता है

उड़ान में रहता है

आदमी का भगवान

उसके स्वार्थ में है

जमीन पर रहता है

आसमान पर नहीं।


0000



तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक  निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार  और अन्य।

  तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के  साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के  उपसंपादक, आजीवक विजन के  प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के  संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।  हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक  एवं साहित्यिक सम्मान;

चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000