तेजपाल सिंह ‘तेज’ की चार ग़जलें
-एक-
कंगला माला-माल बरस,
शांति-दूत महाकाल बरस।
आता-जाता है सालाना,
मानवता को साल बरस।
राजनीति के गलिहारों में,
करता खूब धमाल बरस।
जीने दे ना मरने दे है,
करता अजब कमाल बरस।
उत्तर की परवाह किए बिन,
गढ़ता नए सवाल बरस।
कि अपनी कथनी-करनी पर,
करता नहीं मलाल बरस।
'तेज' मानवीय संबंधों का,
करता नहीं ख़याल बरस।
***
-दो-
हरिक वर्ष कुछ ऐसे आए, साथ-साथ सब कदम उठें,
मानव-मानव को पहचाने, प्रेम के प्याले छलक उठें।
हवा मुकम्मिल दुनिया की, गर बदले तो यूँ बदले,
बस्ती बस्ती खुशहाली हो, बाग-बगीचे महक उठें।
सूरज यूँ धरती पर उतरे, आँगन-आँगन धूप खिले,
सुबह सवेरे बैठ मुँडेरी, चीं-चीं चिड़िया चहक उठें।
हरिया को रोटी मिल जाए और धनिया को पैंजनिया,
छालों भरे हाथ को चूड़ी, घायल पायल छनक उठें।
हिंदू हो या मुस्लिम कोई, कोई इसाई, सिख या बौद्ध,
आपस में यूँ 'तेज' मिलें सब, सबके चेहरे चमक उठें।
***
-तीन-
मज़हबी टेहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,
देखते रहिए कि रंग बदलेंगे अभी और।
भँवरों की मानो बारहा नीयत बदल गई,
इज्जत गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और।
इस कदर अब आँधियाँ उभरी हैं फलक पर,
कि घौंसले अरमान के टूटेंगे अभी और।
कब तलक चिल्लाएगा चीखेगा आदमी,
कि इंसानियत के हौसले टूटेंगे अभी और
रुख हवा का देखकर लगता है 'तेज' कि
सपने अमन के और भी टूटेंगे अभी और।
***
-चार-
मैं सफ़र से ऐसे गुजर गया,
ज्यूँ दरिया कोई उतर गया।
मिलने वाला मिल नहीं पाया,
मैं इधर गया वो उधर गया।
दर्पण देखा तो आँखों में,
रुख अपना ही उभर गया।
बासी फूल की पत्ती हूँ मैं,
ठसक लगी कि बिखर गया।
रात की खामोशी में तनहा,
न जाने कब संवर गया।
कल तक ‘तेज’ साथ था मेरे,
आज न जाने किधर गया।
***
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसों के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन-झुन, खेल-खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार और अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान।
चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
