तेजपाल सिंह 'तेज' की चार ग़जलें
-एक-
मज़हबी टेहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,
देखते रहिए कि रंग बदलेंगे अभी और।
भँवरों की मानो बारहा नीयत बदल गई,
इज्जत गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और।
इस कदर अब आँधियाँ उभरी हैं फलक पर,
कि घौंसले अरमान के टूटेंगे अभी और।
कब तलक चिल्लाएगा चीखेगा आदमी,
कि इंसानियत के हौसले टूटेंगे अभी और
रुख हवा का देखकर लगता है 'तेज' कि
सपने अमन के और भी टूटेंगे अभी और।
*****
-दो-
बात दिल की कही नहीं जाती,
गोया फुरकत सही नहीं जाती।
उनको बिछड़े हुए यूँ गुजरे बरसों,
याद उनकी मगर नहीं जाती।
वादा करते हैं मुकर जाते हैं,
शर्म उनकों मगर नहीं आती।
जीने मरने के सवालात न कर,
ज़िन्दगी यूँ ही गुजर नहीं जाती।
ऐसी उलफ़त का ‘तेज’ क्या होना,
कि जिसमें हरकत नजर नहीं आती।
***
-तीन-
ये ज़िन्दगी, सवाब है, क्या है,
मोहब्बत है, रुआब है, क्या है।
मैं खुद ही को पढ़ता रहता हूँ,
मेरे भीतर कोई किताब है, क्या है।
भंवरे उससे ही मुख़ातिब क्यूँ हैं,
उसका चेहरा गुलाब है, क्या है।
वो क्यूं, आँखों में नहीं उतरे है,
रुख पे उसके, नकाब है, क्या है।
मैं सोकर भी क्यूं सो नहीं पाता,
मेरी आँखों में ख्वाब है, क्या है।
***
-चार-
मौत हकीकत है, इसमें शुबा कुछ भी नहीं,
जिन्दगी का पुरअसर है मर्तबा कुछ भी नहीं।
ताउम्र मैं चलता रहा, खटता रहा, लेकिन,
तल्ख ख्वाबों के सिवा मुझको मिला कुछ भी नहीं।
रोका किया मैं उम्रभर, सांस जीने के लिए,
सांसे तो जिन्दा हैं मगर, मैं जिया कुछ भी नहीं।
करकेकोई अहसान कुछ, गरजता तो ठीक था,
हरसू अबस चर्चा हुआ, पर किया कुछ भी नहीं।
लो करने लगे अपने ही अब बेआबरू ए! तेज,
उम्र के इस मोड़ पर शिकवा-गिला कुछ भी नहीं।
***
शुबा = शुबाह = शक
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार और अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान;
चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
