तेजपाल सिंह 'तेज' की चार ग़जलें



-एक-


जनतंत्र की आँधी में क्या खूब उड़ी मिट्टी,

विश्वास के फूलों पर बन कोढ़ जमी मिट्टी।


गए दौर में पर्वत-सी काटे न कटी लेकिन,

नए दौर के दरिया में नाबाद बही मिट्टी।


क्या बात है कि आखिर मुँह मोड़ चले वो भी,

जिनकी खुशी को हमने ताउम्र चखी मिट्टी।


चुभती है कंटकों सी, फटती है अणुबमों सी,

इस तौर सियासत के सांचों में ढली मिट्टी ।


दीपों में, बर्तनों में, गमलों में ढले कैसे,

सत्ता का नशा पीकर गुस्ताख बनी मिट्टी ।

<><><>


-दो-


बदलते दौर में वो दिन वो रात कहाँ,

अब आदमी में आदमी सी बात कहाँ।


कोई कैसे दे आशीष छोटी बहन को,

खून में लथपथ हैं, खाली हाथ कहाँ।


सब के सब अब ज़हर यां पीने लगे,

अब नानको-गौतम कहाँ सुकरात कहाँ।


मर रहा है आजकल इंसान का पानी,

सावन के घर अब फागुनी बरसात कहाँ।


अब जिन्दगानी हाशिए पर आ गई,

अब जिन्दगी में जिन्दगी सी बात कहाँ।


लगा टूटने अब ‘तेज’रिश्तों का भरम,

कि नए दौर संध्या कहाँ, प्रभात कहाँ।

<><><>


-तीन-


हादसों  में आसरा पाऊँ कहाँ,

प्रेम की परछाइयाँ पाऊँ कहाँ।


मौत मुँह खोले खड़ी है चारसू,

जिन्दगानी का पता पाऊं कहाँ।


हो गया हरसिम्त अब शहरीकरण,

शहर अपने गाँव सा पाऊँ कहाँ।


ओस में लिपटे चमन की ताज़गी,

बानबाँ कुछ तो बता पाऊँ कहाँ।


हैं बुलबुलों के पंख वन्दनवार में,

शहर में अब तितलियाँ पाऊँ कहाँ।


चूडियाँ शबभर खनक के रह गईं,

हौंसले अब या-खुदा पाऊँ कहाँ।


जो असल चेहरे को नुमायाँ करदे,

`तेज'  ऐसा आईना पाऊँ कहाँ।

<><><>


-चार-


शूल पत्थर आग बन पानी न बन,

वक़्त की आवाज सुन ज्ञानी न बन ।


अब फ़कत तारीकियां ही शेष हैं,

रहम खा इंसान पर दानी न बन ।


ज़िन्दगी माना कोई हासिल नहीं,

पर इसे अगवा न कर नाज़ी न बन ।


कि धर्म के मालिक बहुत हैं चारसू,

तू कर्म का अध्याय बन ग़ाज़ी न बन।


कब तक चलेगी ज़ीस्त नंगे पाँव

मौत को सिजदा न कर फ़ानी न बन।

<><><>