तेजपाल सिंह ‘तेज’ की बीस ग़जलें
-एक-
ताज़ा-ताज़ा हवा चली है,
चुप रहने से आह भली है।
अनुबंधों की रजधानी में,
संबंधों की तंग गली है।
कौन दिशा में उड़े चिरैया,
अंबर-अंबर आग पली है।
दानवता पर चढ़ी जवानी,
मानवता की उम्र ढली है।
मौन विरक्ति रचूँ में क्यूंकर,
जब उड़ने की बात चली है।
<><><>
-दो-
काट सके तो हीरा काट ,
नजरों से अंधियारा काट।
जिस घर में चंदा बंदी है ,
उस घर का दरवाजा काट।
जिस्म मिरा सूखी लकड़ी है,
जितना चाहे उतना काट।
खाँसी बहुत पुरानी होली ,
मुमकिन है पर इसका काट।
छोड़ ‘तेज’ अब काला धंधा ,
कुछ तो उजला-उजला काट।
<><><>
-तीन-
खट्टे – मीठे, कड़वे देश,
सबके अपने-अपने देश।
आजादी के उजियारे में’
पाल रहा अंधियारे देश।
सत्ता की मारा-मारी में,
दूर हुआ आँखों से देश।
गैरों की चर्चा क्या करना,
जूझ रहा अपनों से देश।
सोने की चिड़िया तुम जानो,
हम जाने भिकमंगे देश।
<><><>
-चार-
हारे – थके बिचारे लोग,
कुछ मीठे कुछ खारे लोग।
औरों से तो जीत गए गो,
पर खुद ही से हारे लोग।
सत्ता इतराती फिरती है,
पड़े सोच में सारे लोग ।
लोकतंत्र में हिटलरशाही,
झेल रहे मतिमारे लोग।
भक्तों के भृकुटी तनी है,
दुखी हुए सचियारे लोग।
अंधा, झूठा, बहरा राजा,
‘तेज’ हुए खिसयाने लोग।
<><><>
-पाँच-
मुर्गों ने की खास मुनादी,
साँझ हुए ही बांग लगादी।
जागो भी, देखो, सत्ता ने,
जनता की आवाज दबादी।
नए दौर की राजनीति ने,
मानवता तक कैद करादी।
देखो तो कल कोतवाल ने,
ना-करनी की सजा सुनादी।
भ्रमण पर है सेवक अपना,
प्यादों ने पर आग लगादी।
<><><>
-छ:-
होंठ उनके गुलाब में लिखदे,
चाँद-तारे नक़ाब में लिखदे।
मेरी जानिब से मेरे दुश्मन को,
प्यार मेरा जवाब में लिखदे।
उनके अंतर में सजादे खुशियाँ,
दर्द मेरे हिसाब में लिखदे।
जिनको पढ़ना है वो पढ लेंगे,
बात दिल की किताब में लिखदे।
‘तेज’ झूमेंगे लोग जी भरके,
चन्द ग़ज़लें शराब में लिखदे।
<><><>
-सात-
बेटे वालों की सरदारी क्या कहने,
ढोल-ढपाले आतिशबाजी क्या कहने।
सब घूम रहे हैं दुल्हे के आगे-पीछे,
बेटी वालों की लाचारी क्या कहने।
लेना-देना, खाना-पीना सब कुछ है,
ऊपर से है तह-बाज़ारी क्या कहने।
मित्रजनों ने मिलकर सारा काम किया,
रिश्तेदारों की मेहमानी क्या कहने।
‘तेज’ पड़ौसी आए खाकर चले गए,
नए दौर की आपसदारी क्या कहने।
<><><>
-आठ-
सियासतें बदलीं मगर दफ़्तर नहीं बदले,
कि हुक्मरानी कोट के अस्तर नही बदले।
ज़ख़्मों से निकले खून का रंग तो बदल गया,
लेकिन सियासी यार के ख़ंजर नहीं बदले।
भुखमरी के वोट ने बदले हैं तख़्तो-ताज,
पर भुखमरी के मील के पत्थर नहीं बदले।
ज़ेरे-बहस है मुद्दआ रोटी का आज भी,
अभी तलक तो भू के बिस्तर नहीं बदले।
खण्डहरों को तोड़कर घर तो बना लिए,
खण्डहरों की नींव के पत्थर नहीं बदले।
<><><>
-नौ-
हरेक चौरस्ते पे ट्रैफिक जाम है,
कि मुब्तिला हरेक खासो-आम है।
लगने को है कर्फ्यू, भागो, दौड़ो,
हैफ कि ऊपर से ये पैगाम है।
पता नहीं कि क्या हुआ, कैसे हुआ,
ये सभी प्रश्नों का उत्तर आम है।
फ़तवा है कि रामो-रहीम एक हैं,
नेपथ्य में पर जंग का सामान है।
मरने से पहले आत्मा ने ख़त लिखा,
कि क़त्ल ये इंसानियत के नाम है।
<><><>
-दस-
जनतंत्र की आँधी में क्या खूब उड़ी मिट्टी,
विश्वास के फूलों पर बन कोढ़ जमी मिट्टी।
गए दौर में पर्वत-सी काटे न कटी लेकिन,
नए दौर के दरिया में नाबाद बही मिट्टी।
क्या बात है कि आखिर मुँह मोड़ चले वो भी,
जिनकी खुशी को हमने ताउम्र चखी मिट्टी।
चुभती है कंटकों सी, फटती है अणुबमों सी,
इस तौर सियासत के सांचों में ढली मिट्टी ।
दीपों में, बर्तनों में, गमलों में ढले कैसे,
सत्ता का नशा पीकर गुस्ताख बनी मिट्टी।
<><><>
-ग्यारह –
छीनकर मुँह से निवाला आपने,
शर्म को घर से निकाला आपने ।
चंद चुपड़ी रोटियों के वास्ते,
स्वयं को ही बेच डला आपने।
शहर अपना जगमगाने के लिए,
गाँव सारा फूँक डाला आपने ।
चाँद-तारों की तलब में बारहा,
अर्स पर पत्थत उछाला आपने ।
देखने को अपनी सौ-सौ सूरतें,
आईना तक तोड़ डाला आपने।
<><><>
-बारह-
आयोग पर आयोग बिठाते रहिये,
गोया कि हरेक जुर्म छुपाते रहिये ।
सिरफिरे जाहिल, उनींदे शख़्स को,
थपकियां देकर ही सुलाते रहिये ।
जब कभी भी न्याय की बातें उठें,
तो धार्मिक उन्माद जगाते रहिये ।
चीख़ हो धरती की, या फिर हो हंसी,
बस! आवाज़् में आवाज़ मिलाते रहिये।
‘तेज’ कुछ करने की यां प्रथा नहीं,
बस! वायदों के जाल बिछाते रहिये।
<><><>
-तेरह-
कोई बिचारा ख़त लिखता है,
ख़त में अपना क़द लिखता है ।
धरती को लिखता है अम्बर,
अम्बर को सरहद लिखता है ।
खेतों-खलिहानों को जंगल,
बस्ती को मरघट लिखता है ।
फूलों को कांटों का बिस्तर,
कांटों को मसनद लिखता है ।
मस्जिद को लिखता है मन्दिर,
मन्दिर को मस्जिद लिखता है ।
कि चंदा को लिखता है रोटी,
रोटी को मकसद लिखता है ।
<><><>
-चोदह-
मज़हबी टहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,
देखते रहिए कि रंग फूटेंगे अभी और ।
भँवरों की अनायास ही नीयत बदल गयी,
इज़्ज़त गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और ।
अभी-अभी तो आँधियां उभरी हैं फलक पर,
कि पंछियो के घोंसले टूटेंगे अभी और ।
कब तलक चिल्लाएगा, चीखेगा आदमी,
कि आदमी के हौसले टूटेंगे अभी और ।
रुख पढ़के हवाओं के बताता है हमें ‘तेज’,
सपने अमन के याद रख टूटेंगे अभी और ।
<><><>
-पन्द्रह-
गाँव जब-जब भी शहर आवे है,
रात आँखों में गुजर जावे है।
रंग धरती का, रहट का मंजर,
सहज आँखों में उतर आवे है ।
मार अम्मा की, प्यार भाभी का,
आके चौखट पे ठहर जावे है ।
महक सरसों की, गंध गोबर की,
जैसे आँगन में पसर जावे है।
‘तेज’ जानो तो गाँव में हरसू,
साँझ हँसती है, सहर गावे है।
<><><>
-सोलह-
जब भी लिखना हो शहादत लिखना,
अहले-उलफ़त की रिवायत लिखना।
जिनकी आँखों में खून बसता है,
उनकी आँखों में मुहब्बत लिखना।
मेरी दुनिया के हुक्मराँ छोड़ो,
दाल रोटी पे सियासत लिखना।
घुटके जीने से तो बेहतर होगा,
ज़र्रे-ज़र्रे पे बग़ावत लिखना,
‘तेज’ दुनिया की सलामती के लिए,
अपने खाते में मलामत लिखना।
<><><>
-सत्रह-
फक्कड़पन तो अपना मीत पुराना है,
मयखाना तो रोज का आना-जाना है।
जलते-जलते राख हुआ मेरा तन-मन,
अब दुनिया में क्या खोना क्या पाना है।
आँख से आँख मिलाने में कतराता है,
लगता है कोई अपना यार पुराना है।
वो समझें न समझें कोई बात नहीं,
हमको तो पर अपना फर्ज निभाना है।
‘तेज’ मुझे क्या लेना-देना दरपन से,
चेहरा बदले गुजरा एक ज़माना है।
<><><>
-अठारह-
सौदा करना .कोई जमाने से,
धोखा करना है आबोदाने से।
दोस्ती की भी नहीं, करनी भी नहीं,
फिर क्यूँ शिकवा है दोस्ताने से।
प्यार करने से प्यार बढ़ता है,
कहाँ मिलता है हक जताने से।
मेरी फितरत गो दोस्ताना है,
किंतु मैं डरता नहीं डराने से।
‘तेज’ पक ही गई उमर अब तो,
अब क्या डरना है गुजर जाने से।
<><><>
-उन्नीस-
आदमी उड़ान में रहे तो खूब है,
बात जो मियान में रहे तो खूब है।
मारने-मरने के या मौके तो कम नहीं,
तीर पर कमान में रहे तो खूब है।
आज की महफिल का हर बंदा नवाब है,
जो खामुशी बयान में रहे तो खूब है।
जिंदगी थकान के सिवा तो कुछ नहीं,
जो ताज़गी थकान में रहे तो खूब है ।
नमाज़ मंदिरों में हो मस्जिद में कीर्तन,
राम जो कुरान में रहे तो खूब है।
<><><>
-बीस-
मैं क्या, मेरी बिसात क्या,
मुझे मौत क्या, हयात क्या।
मैं यूँ उठ गया जमीन से,
मुझे हर्ष क्या, विषाद क्या।
तय करती हैं, यां गवाहियां,
है सफ़ेद क्या, सियाह क्या।
है मुझे तलब कि भुला भी दो,
है ये जात क्या, कुजात क्या।
जो देनी ही है, तो दे सजा,
फिर सहल क्या बलात क्या।
<><><>
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार और अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक एवं साहित्यिक सम्मान;
चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
