27. 03.2025: (Write 40 Poems in 40 Days)


-40-

नए संदर्भ

जब नीले आकाश पर लटके

सफेद-काले बादलों की

गोद  से टपकती पानी की बूंदे

धरती के आँचल को भिगो जाती हैं

तो लगता है कि

कि जिंदगी लाजवाब है

क्षितिज पर सिमटी

अनदेखी बहार की तरह

किंतु जब पानी की बूंदे

सूख जाती हैं

तो लगता है

कि जिंदगी फाइलों के नीचे

दबे उस क्लर्क की तरह है

जो  प्रतिदिन जिंदगी का जवाब

देते-देते समय की गर्त में

समा जाता है

जिंदगी का जवाब है

वह अफसर

जो चमचमाती घूमती-फिरती

कुर्सी पर लेटा

उंनिदा सा

सिगरेट पी रहा है

जिंदगी का जवाब है

वह राजनेता

जो सरल धवल लिबास में लिपटा

सजे-धजे कमरे में बैठा

नशे में चूर

मानवता को चाट रहा है

और गढ़ रहा है

नीति अनीति के नए संदर्भ ।

0000

तेजपाल सिंह 'तेज'