25. 03.2025: (Write 40 Poems in 40 Days)


-38-

अच्छे दिनों की प्रतीक्षा

लोग कहते हैं कि मैं

कोई कर्णप्रिय गीत  नहीं लिखता

लेकिन मैं करूं भी तो क्या

घर और घर से बाहर मुझे

कुछ भी तो ऐसा नहीं दिखता कि  मैं

थोड़ा सा मुस्करा सकूं

थोड़ा प्रफुल्लित हो सकूं

हर ओर राजनीतिक उठापटक

धार्मिक उन्माद

इतिहास की गैरजरूरी परतों को खोलना

मेरे जहन को झकजोर देता है

कुछ भी तो ऐसा देखने को नहीं मिलता

कि थोड़ी सी देर को भी

मैं अपने आप में लीन हो सकूं

कल्पना लोक में खो सकूं

कोई कर्णप्रिय गीत लिख सकूं

आए दिन खबरों की  सुर्खियाँ

रोज सवेरे –सवेरे

मुझे अंगूठा दिखाती हैं

 गली-चौराहों पर

घटित दुर्दांत घटनाएं

मुझे इस कदर व्याकुल करती हैं

कि इन छदम विकृतियों को

जब तक कागज पर न उतार लूँ

 तब तक मुझे चैन ही नहीं मिलता

इस तरह मेरी रचना के

विकास-क्रम में

सदैव एक प्रवाह बना रहता है

जिसे रोकना

जैसे मेरे वश में नहीं होता।

फिर भी अच्छे दिनों की प्रतीक्षा

मेरा बराबर पीछा करती रहती है।

 0000

-तेजपाल सिंह 'तेज'