22.03.2025: (Write 40 Poems in 40 Days)
-35-
वो जो सवाल करते हैं
चोर, उच्चके, मक्कारों को
मानवता के हत्यारों को
भ्रष्ट-तंत्र रिश्वतखोरों को
लुच्चे और लफंगों को
शासन प्रशासन कोई सजा नहीं देता
क्योंकि
उन्हें ठगों और बदमाशों से
कोई ख़तरा नहीं होता
क्योंकि ये शासन को
कभी संकट में नहीं डालते
उलटे ये चोर-उच्चके
अपनी-अपनी दबंगई के बल पर
राजनेताओं को
आसन पर बिठाते हैं
ये उनकी हर चाल से
सहमत होते हैं
उनकी हर गलत-सही बात का
समर्थन करते हैं
हर वक्त उनकी हाँ में हाँ मिलाते हैं
जाहिर है
‘सइयाँ भये कोतवाल तो फिर डर काहे का’
यानी चोर-चोर मौसेरे भाई
और वो जो शासन-प्रशासन से
सवाल करते हैं,
रोजी-रोटी की बात करते हैं,
बेरोजगारी का मुद्दा उछालते हैं
शासन कुशासन पर उंगली उठाते हैं
जनहित में आवाज बुलंद करते है
संविधान बचाने की वकालत करते हैं
मानी उन लोगों को
जो उनसे असहमत होते हैं
उन्हें नाना विधि से प्रताड़ित किया जाता है
क्योंकि शासन-प्रशासन को
ऐसे लोगों से बहुत बड़ा ख़तरा होता है।
0000
तेजपाल सिंह 'तेज'
