(13.03.2025: Write 40 Poems in 40 Days)
-26-
केला बेचती चमेली....
मुझे ये कहने में
तनिक भी हिचक नहीं
कि मेरा समूचा साहित्य
चलती-फिरती कार्यशाला की उपज है
मैंने कभी भी सिर्फ कविता कहने के लिए
कविता गढ़ने की मशक्कत नहीं की
केला बेचती चमेली
झाड़ू बुहारती नाबालिग चन्द्रकला
ठेले पर मूंगफली बेचता ननकू
सब्जीयां बेचती धनिया
बाल मजदूरी करता होरी
बलात्कार की शिकार किशोरी
भ्रष्टाचारी राजनेता
घूसखोर शासन-प्रशासन
लाल किले की दरकती प्राचीर
ताजमहल के चित्ताकर्षक नक्काशी,
शहर के बीचों-बीच बने महल
महलों के मुंह चिढ़ाती झुग्गियां
गंगा-यमुना के नीले नीर पर तैरती गंदगी
नंगी-धड़ंगी सभ्यता
बाबाओं का निरंतर पनपता बाजार
जैसे विविध विषय ही
मेरी कविता के पात्र रहे हैं
यानि कि यथार्थ के धरातल से
जन्मती हैं मेरी कविताएं
मेरी कविताएं सीधा बोलती हैं
खाने को दौड़ती हैं।
0000
तेजपाल सिंह 'तेज'
