05.03.2025: Write 40 Poems in 40 Days)
-18-
भीतर का पंछी
नीले आकाश पर
घिरे घवल बादलों को चीरते हुए
नित्य एक सदा आती है
सुनो! जिंदगी किसी की सगी नहीं
सभी प्राणियों का
एक न एक दिन मरना तय है
भूखे मरें या प्यासे
रोकर मरें या हँसके
किंतु आपसी द्वेष
और राग सब धरे रह जाएंगे
ये जो जिंदगी है न
किसी की मोहताज नहीं
हां! जिंदगी के भीतर का पंछी
हमेशा उड़ान में रहता है
उड़ान में रहता है हमेशा
किंतु अपने पराए की सीमाओं
को नहीं तोड़ पाता
सुलझा नहीं पाता
हर्ष और विषाद का आंतरिक विवाद
वह जानकर भी अनजान
बना रहता है
और एक दिन भीतर का पंछी
अपने पंजों में ऐसे जकड़ता है
कि जिंदगी फड़फड़ा कर रह जाती है
मृत्यु के आंचल में समा जाती है।
0000
तेजपाल सिंह 'तेज'
