01.03.2025: Write 40 Poems in 40 Days)


-14-


रोटियों के साथ-साथ


मेरी बेटी!

तू सदा जल्दी क्यों उठ जाती है

क्यों नहीं सोती देर तक

पिता के जैसे


सच! तू भी अपनी

माँ के जैसी ही है

वो भी देर से सोती थी

सुबह-सवेरे उठ जाती थी

सो नहीं पाती थी जीभर


तू भी वैसी ही है

नींद में ही जग जाती है

माँ की सोच को ढोती है

जगते-जगते सोती है

कल तेरी शादी हो जाएगी

पिता की जगह

पति के लिए नाश्ता बनाएगी

रसोई के साथ-साथ

बिस्तर हो जाएगी

पर सो नहीं पाएगी


सुन! माँ तो अनपढ़ थी

समाज की ऩजर में अबला थी

तू तो पढ़ी-लिखी है

सबला बन

वक्त के साथ-साथ चल


आटे के साथ-साथ

कुछ सपने भी गूंथाकर

बेलाकर रोटियों के साथ-साथ

कुछ कविता-सविता


बुनाकर कुछ नए रस्ते

कुछ नए सपने

वक्त के साथ-साथ  सोने को

वक्त के साथ-साथ उठने को ।

0000

तेजपाल सिंह 'तेज'