शब्द-चित्र
जी-भर बख्सीस दीजिए... अन्यथा
-तेजपाल सिंह ‘तेज '
शाम का समय था। आकाश में घने काले बादल छाये थे। चहुंओर अंधेरा पसरा था। रात के लगभग नौ बजे होंगे। मैं, पत्नी और बच्चों के साथ मकान के ऊपरी तल पर था। बड़ा बेटा अभी कॉलेज से नहीं लौटा था। मैं उसके इन्तजार में था कि वो घर आए तो सोऊं। इन्तजार में रात के साढ़े नौ बज चुके थे। बड़ा बेटा अभी भी नहीं आया। सोचा, एक कप चाय ही पी लेता हूं, उसका तो रोज का ही ऐसा मामला है। यह सोचकर मैं उठा और भू-तल पर बनी रसोई में चला गया। स्वयं चाय बनाई और पीकर पुनः ऊपर के कमरे में लौट गया। पत्नी और बच्चे तो पहले से ही ऊपर थे। ऊपर जाकर देखा कि सब आपस में बतिया रहे हैं। बात-बात में समय गुजर रहा था। अब रात के दस बज चुके थे। बड़ा बेटा अभी भी नहीं आया। बातों का सिलसिला जारी रहा। कभी यहां की, कभी वहां की। अब कॉलेज से बेटा भी आ गया। उसके आते ही पत्नी ने नीचे जाकर दरवाजा खोला। वह सीधा ही ऊपर आ गया। उसके आने पर कविता बात छिड़ गयी। उसने आते ही अपने टीचर की एक छोटी सी मुक्त छन्द कविता सुनाई। उसका अर्थ पूछा किंतु कविता इतनी खुली हुई नहीं थी कि सीधा अर्थ दे सके। एक पहेली जैसी थी। खुद कुछ नहीं बोल रही थी। उसका अर्थ जैसे उसके गर्भ ही में छिपा था। इससे पहले मैं कुछ बोलता, मुक्त-छन्द कविता को लेकर अज्ञेय और लीलाधर जगूड़ी जैसे कई अन्य कवियों के विषय में बातें हुईं। छायावाद की महादेवी वर्मा भी पता नहीं कैसे संदर्भ से जुड़ गयीं। दरअसल! कविता होती ही गतिमान है। कहीं से कहीं पहुंच ही जाती है। पाठक और कवि एक ही कविता को अलग-अलग अर्थ दे सकते हैं। मैं धीरे से रसोई में गया। एक चाय और बनाई। घूंट-घुट कर चुपचाप पी गया। एक साथ खाना खाया और अपने-अपने बिस्तर पर जाकर सो गए और मेरी पत्नी भी। थोड़ी देर बाद....
अब में स्वप्न लोक में था। नींद में जागा था। दिसंबर 1998 की 18 तारीख थी। ठिठुरन भरी रात थी। तीन-चार दिन की लगातार बारिश के बाद, आज थोड़ा-सा सूरज निकला भी, तो बेअसर। गर्मी बढ़ गई। पंखे तक चलाने पड़ गये। अचानक बादल उमड़ आये। घने काले घनघोर... सहसा जोरों की बारिश शुरू हो गई। आनन-फानन में भाग-दौड़कर छत पर टंगे लत्ते-कपड़े उठाए। इसी बीच बिजली गुल हो गई। तुरन्त आ भी गई। घर के सारे बल्ब जले थे। आधी रात बीत चुकी थी। अचानक मेरे एक मित्र आ धमके। उनके साथ एक कम-उम्री मैला- कुचैला लड़का भी था। घर के सब जने जगे थे। उन्हें इतनी रात गए देखकर सब चकित हो गए। दरअसल! मेरा मित्र आज पहली बार देर रात को मेरे घर आया था। वह भी मैले-कुचैले लड़के के साथ। लड़के के नंगे शरीर पर घनी चीटियां चिपकी थीं। उसे चीटियां हटाने को कहा कि सारे घर में चींटियां ही चींटियां भर गईं। वह भी बरसाती चींटियां। अलग-अलग रंगों की... कुछ के पंख थे कुछ के नहीं। हम सबके आंख-कान-मुंह पर चिपक गईं। काटती थीं तो जलन होती थी। सब के सब उन्हें हटाने को हाथ-पैर फैंक रहे थे। किन्तु सब बेअसर। आकाश में अभी भी बादल थे।
बरसात शुरू हो गयी थी। हमने चीटियों को भगाने के आशय से घर के सारे बल्ब बंद कर दिये। केवल बाहर का बल्ब जला दिया। चीटियां अब भाग चुकी थीं। मेरा मित्र और उसके साथ आया लड़का, पता नहीं कब चले गए। दोनों ही गायब थे। कमरे से पलंग हटा दिए गए। अब हमारे बिस्तर फर्श पर लगे थे। किन्तु कमरे का सारा सामान करीने से लगा था। बच्चे सो गये थे। मैं और मेरी पत्नी जगे थे। मैंने छत से गली में झांककर देखा कि बरसात का पानी जैसे नीचे से ऊपर की ओर बह रहा था। धरती पर भोर का सा उजाला छाया था। शायद दिन निकल आया था। गलियों में महिलाओं का आवागमन शुरू हो गया था। भजन-कीर्तन-गुरुवाणी का शोर सुनाई पड़ रहा था। मैं वापिस कमरे में आया गया था। पत्नी से कहा कि दिन निकल आया है। वो घड़ी देखकर बड़बड़ा उठी, "तुम पगला गये हो। अभी तो केवल एक बजा है।" मैंने चुप हो सोने का उपक्रम किया। कुछ देर बाद नींद फिर आ ही गई। मैं पुनः स्वप्न में था। घर से कहीं दूर। मैं यकायक घर की ओर चल पड़ा। घर के पास पहुंचा ही था कि देखा कि घर के सामने सड़क पर अमानवीयता का नंगा नाच चल रहा था। बस्ती भर के लोग - लुगाई एकत्र थे। एक जादूगर जादू दिखा रहा था। गली-मोहल्ले के सब लोग-लुगाई जादूगर का तमाशा देख रहे थे। बच्चे भी उनके साथ थे। सबकी आंखे तर थीं। सब सिसकियां ले रहे थे। पर, सब के सब क्रूरता भरा खेल देखकर भयभीत होने के साथ-साथ रोमांचित भी थे। सबने एक घेरा-सा बना रखा था। उनके बीच एक दानव सरीकी नंगी देह पड़ी थी। जिसके बदन पर चाम (चमड़ी) नाम की कोई चीज नहीं थी । निरा खून–सना मांस का लोथड़ा था... पर ...था जिन्दा। हाथ-पैर चला रहा था । मुस्करा रहा था। क्रूरता भरी थी उसकी हंसी। पर बोलता नहीं था। आंखे इतनी भंयकर थीं कि कल्पना भी नहीं की जा सकती। पुतलियां एकदम हरी। आंखों का शेष भाग गहरा लाल। उसके चारों तरफ अंगारे धधक रहे थे। उसके शरीर से छोटे-बड़े अजगर निकल रहे थे। अजगरों की पकड़ में थे दुधमुंहे बच्चे... नंग-धड़ंगे। अजगर धीरे-धीरे बच्चों को दबोच रहे थे। दानव मुस्करा रहा था। जादूगर जोर-जोर से चिल्ला रहा था। दास्तान कह रहा था अजूबे कारनामे की। अजगरों का दबाव बढ़ता ही चला जा रहा था। बच्चे चीख-चिल्ला रहे थे। भीड़ की ओर गुहार भरी नज़रों से देख रहे थे, जैसे कह रहे हों, हमें बचा लो । भीड़ द्रवित जरूर थी, पर खेल बन्द करने की आवाज़ किसी ने नहीं उठायी। आखिर बच्चों की सांसे थक गईं। खेल अब जैसे समाप्त हो गया था। जादूगर ने मृत बच्चों को अजगर से छुड़ाया। उन्हें जिन्दा करने का उपक्रम किया। अजगर और दानव अब शान्त पड़े थे। न कोई हलचल, न मुस्कराहट। जादूगर भीड़ से पैसे मांग रहा था। कह रहा था कि जीभर बख्सीस दीजिए अन्यथा ये अजगर और ये दानव इन बच्चों की तरह तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को भी सताएंगे। तुम भी इन बच्चों की तरह तड़फोगे। इन्हें तो मैं जिन्दा कर दूंगा किन्तु तुम्हें कोई जिन्दा नहीं कर पाएगा। सबने जीभर बख्सीस दी।
मैं कुन्द मन से घर की ओर बढ़ गया। दरवाज़ा खोलकर देखा कि अन्दर भी इसी प्रकार का खूनी खेल चल रहा था। लोग-लुगाईयों-बच्चों से घर भरा था। यहं भी सब दर्शक रो रहे थे। सबकी आँखें तर थी। मैं घर में घुसने का साहस नहीं जुटा पा रहा था। भीड़ में खड़े छोटे बेटे को आवाज दीवा। पर वह नहीं आया। डौगी (पिलिया) आ गई। उचल-कूद तो खूब की किंतु मेरी पकड़ में वो भी नहीं आयी। नाना प्रकार के रूप बदल रही थी। हारकर में शाल से मुंह ढापकर एक बड़े पत्थर के पास में खड़ा हो गया। बिल्कुल खौफ़जडदा, एकदम शान्त व मुकदर्शक... मैं सब कुछ देखता रहा।
सहसा पड़ौस के एक शर्मा बंधु जी घर आ गए। बच्चों को टाफियां दीं। बच्चों की मम्मी का भरपूर प्यार पाया और जल्दी ही चले गए। इतने में कुछ लोग मेरी ओर तेजी से बढ़े। तरह, उनसे तो मैं बच गया, पर फटे-पुराने कपड़ों में एक विक्षिप्त सा लड़का, साथ में एक सुन्दर-सी लड़की ने मुझे घेर लिया। कुछ ऐसा-वैसा कृत्य करने को कहा। मैंने मना कर दिया। आपस में हाथपाई हो गई लड़का मुझ पर भारी पड़ा। लड़की के चेहरे पर उत्पाती हंसी तैर आई। मुझे अपने सौन्दर्य के जाल में फंसाना चाहती थी। लड़के के पूरे शरीर में बड़े-बड़े गहरे छिंद थे, पर रक्त-सने नहीं। लड़का जोर से खिलाखिलाया। मैं उसकी ओर देखने को ही था कि किसी ने अचानक मेरी पीठ पर पिस्तौल की नोक जैसा कुछ सटा दिया। इस पर मैं और भी चकरा गया। मैं सोचता ही रह गया कि इनसे कैसे मुक्त होऊं।
अचानक किसी परिचित बुजुर्ग की आवाज़ आई। अरे! तुम यहां क्या कर रहे हो? आओ... आओ... और सीधे घर चले जाओ। और सुनो, रास्ते में जाते जाते अपने आन्टी को भी प्रणाम करते जाना।" अब मेरे आसपास कोई नहीं था। मैं सीधे आंटी से मिलने चला गया। नमस्कार कर, घर से बाहर आ गया। बाहर आकर देखा कि आंटी के दरवाजे पर रोज लगने वाली सब्जी की दुकान वीरान पड़ी थी। रोज की तरह कागजी फूलों की सजावट भी नहीं थी। दुकानदार उदास और शान्त था। वह हक्का-बक्का सा इधर-उधर देख रहा था और उसका छोटा-सा बच्चा, उसकी टांगों से लिपटकर रो रहा था। यह देख मैं ठिठक-सा गया। तमाम दानवीय दृष्य पुनः आंखों में तैर आये। मैं इतना टूट गया कि मेरी चीख निकल। और इसी चीख के साथ मेरी नींद टूट गई।
आंख खुलते ही मेरा अन्तर्मन दहशत से कोप उठा। बहुत संभलने पर भी संभल नहीं पाया, घड़ी देखी तो केवल तीन बजे थे। मैं डरपा-सा काफी देर बैठा रहा। पत्नी को जगाया, पर उसने करवट तक नहीं बदली। अब क्या करता उठा रसोई में गया। चाय बनाई और पीते-पीते एक सिगरेट सुलगाई और बैठ गया लिखने लगा नितान्त अविश्वसनीय से स्वप्न की कहानी। समाज में व्याप्त विद्रुपताओं और दहशत भरे माहौल के चलते ऐसे सपनों का आना स्वभाविक एवं सहज ही लग रहा था।0000
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मकनिबन्ध संग्रह और अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन केप्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
