दृष्टिकोण
(ग़ज़ल संग्रह)
किताब घर
अंसारी रोड, दरिया गंज, दिल्ली-110002
(1995)
कुछ महसूस करना और उसे अल्फ़ाज में गूँथा इतना आसान नहीं, शायरी के तो यह और भी मुश्किलहै। हमारे दिल्ली आँचलिक कार्यालय के तेजपाल सिंह ‘तेज’ ने इंसानी जज़्बात को बखूभी महसूस करते हुए काग़ज को रोशनाई दी है। युग की आवाज़ को वे पहचान से गए हैं। आज की कशमकश को अपनी शायरी में पिरो दिया है उन्होंने । उनकी क़लम अक्सर सच बोलती है जो पेशतर कड़वा और दर्दभरा होता :-
जादू बदलते दौर का कुछ यूँ चढ़ा कि आज ,
बिना वजन के अर्जियाँ तक भी नहीं चलतीं ।
<><><>
भरने का अभे प्रश्न कहाँ कि सदियों से,
सत्ता भूखे पेट की खाई नाप रही है ।
आम आदमी का दर्द ही जैसे उनकी ग़ज़ल है। ग़ज़ल की रिवायत रूमानी थी, आशिकाना थी, शराबी थी किंतु तेजपाल सिंह ‘तेज’ की ग़ज़लें सियासी जामा पहनकर संघर्षों के निर्माण को तलाशती हैं :-
दीपो में, बर्तनों में, गमलों में ढले कैसे,
सत्ता का नशा पीकर गुस्ताख़ बनी मिट्टी।
उन्होंने ग़ज़लों को हर ख़ौफ से परे रखा है, जिसमें आम आदमी का नजरिया भी शामिल ह जिसका वह इज़हार तक करने की जुर्रत नही कर पाता। उनका यह ‘दृष्टिकोण’ आपका अपना भी है।
-जावेद अख़्तर
महाप्रबन्धक (योजना)
भारतीय स्टेट बैंक
स्थानीय प्रधान कार्यालय
नई दिल्ली
ग़जल का एक शेर की दो पंक्तियों में वह गहरे से गहरी बात कहने की गुंजाएश होती है जो दर्जनों पन्नों में भी नहीं कही जा सकती। यही कारण है कि आज भारतीय साहित्य की तमाम विधाओं में ग़ज़ल सबसे अधिक लोकप्रिय है जो पूरे भारतवर्ष में लिखी, पढ़ी और सुनी जा रही है। ग़ज़ल में यों तो गुल, बुलबुल, इश्क, आशिक़ी की बात की जाती है लेकिन शायर के हाथ में एक ऐसा आईना भी होता है जिससे वह समाज का वह चेहरा देखता है और दिखाता है जिस पर आम लोगों की नज़र नहीं पड़ती । तेजपाल सिंह ‘तेज’ भी आसान भाषा में भावार्थ की ऐसी दुनिया पेश करते हैंजिसमें आजकल के हालात की सच्चाई अपने असली रूप में सामने आ जाती है। वह एक आदर्श संसार का सपना देखते हैं जहाँ हर तरफ़ भाईचारा, प्रेम और सदभावना पाई जाती है, लेकिन वास्तविक संसार में जब यह सपना बिखरने लगता है तो उनके लहजे में कटाक्ष होवी हो जाता है। यह निष्पक्ष कटाक्ष लहजे को प्रभावकारी बनाने में मदद ही देता है। लेकिन इस लहजे से ग़ज़ल के नाजुक बदन पर कोई खरोंच नहीं आने पाती।
तेजपाल सिंह ‘तेज’ की ग़ज़लों का मुख्य विषय आदमी है। वह आदमी के दुख-दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करने का हुनर भी जानते हैं। आज की मशीनी दुनिया में जिस तरह प्रेम, सद्भावना, दया और मेलमिलाप का खून हो रहा है उसे देखकर वह ख़ामोश नहीं रहते बल्कि ग़ज़लों के माध्यम से इसके ख़िलाफ़ इस तरह आवाज उठाते है कि यह हर दर्दमंद इंसान की आवाज बन जाती है। इस तरह तेजपाल सिंह ‘तेज’ की ग़ज़लों का संग्रह ‘दृष्टिकोण’ हर संवेदनशील का दृष्टिकोण बन जाता है।
शाहिद सिद्दीकी
वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक
नई ज़मीन (हिन्दी)
नयी दुनिया (उर्दू)
अपनी बात
प्रस्तुत ग़ज़लें
·शब्दपुंजों का नहीं वरन मेरे भीतर की बात का प्रति-निधित्व करती हैं ।
·यथार्थ की दुनिया के आसपास के हवा में सांस लेती हैं।
·काल्पनिक एवं हवाबाज दुनिया से परे की ग़ज़लें हैं।
·अमानवीय व्यवहार को बिना रोक-टोक/झिझक के न केवल उजागर करती हैं अपितु उसमें परिवर्तन हेतु साहस जुटाने का आह्वान भी करती हैं।
·उस भाषा में लिखी गई हैं जिसमें मैं स्वयं बोलता हूँ। बाज मौकों पर उर्दू भाषा के शब्दों का प्रयोग उसी रूप में किया गया है जिसमे उनकी आवश्यकता थी या फिर जिस रूप में वे मेरी भाषा में मिलजुल गए हैं।
·हर मायने में एक आजाद शायरी है। हाँ! कहीं-कहीं पर, मानव—संबंधों के मूल आधार की तलाश में निष्पक्ष कटाक्ष अवश्य करती दिखती है।
·शब्दार्थ की अपेक्षा भावार्थ पर आधारित अव्लोकन का आग्रह करती हैं, क्योंकि मेरी ग़ज़लें किसी मठ में प्राप्त शिक्षा-दीक्षा की देन नहीं हैं, वरन एक भोगा गय, देखा गया अथवा महसूस किय गया तथार्थ ऐ।
·अपने सभी सहयोगियों का सहृय आभार प्रकट करती हैं। - तेज
-1-
जनतंत्र की आँधी में क्या खूब उड़ी मिट्टी,
विश्वास के फूलों पर बन कोढ़ जमी मिट्टी।
गए दौर में पर्वत-सी काटे न कटी लेकिन,
नए दौर के दरिया में नाबाद बही मिट्टी।
क्या बात है कि आखिर मुँह मोड़ चले वो भी,
जिनकी खुशी को हमने ताउम्र चखी मिट्टी।
चुभती है कंटकों सी, फटती है अणुबमों सी,
इस तौर सियासत के सांचों में ढली मिट्टी ।
दीपों में, बर्तनों में, गमलों में ढले कैसे,
सत्ता का नशा पीकर गुस्ताख बनी मिट्टी ।
<><><>
-2-
बदलते दौर में वो दिन वो रात कहाँ,
अब आदमी में आदमी सी बात कहाँ।
कोई कैसे दे आशीष छोटी बहन को,
खून में लथपथ हैं, खाली हाथ कहाँ।
सब के सब अब ज़हर यां पीने लगे,
अब नानको-गौतम कहाँ सुकरात कहाँ।
मर रहा है आजकल इंसान का पानी,
सावन के घर अब फागुनी बरसात कहाँ।
अब जिन्दगानी हाशिए पर आ गई,
अब जिन्दगी में जिन्दगी सी बात कहाँ।
लगा टूटने अब ‘तेज’रिश्तों का भरम,
कि नए दौर संध्या कहाँ, प्रभात कहाँ।
<><><>
-3-
हादसोंमें आसरा पाऊँ कहाँ,
प्रेमकी परछाइयाँ पाऊँ कहाँ।
मौत मुँह खोले खड़ी है चारसू,
जिन्दगानी का पता पाऊं कहाँ।
हो गया हरसिम्त अब शहरीकरण,
शहर अपने गाँव सा पाऊँ कहाँ।
ओस में लिपटे चमन की ताज़गी,
बानबाँ कुछ तो बता पाऊँ कहाँ।
हैं बुलबुलों के पंख वन्दनवार में,
शहर में अब तितलियाँ पाऊँ कहाँ।
चूडियाँ शबभर खनक के रह गईं,
हौंसलेअब या-खुदा पाऊँ कहाँ।
जो असल चेहरे को नुमायाँ करदे,
`तेज'ऐसा आईना पाऊँ कहाँ।
<><><>
-4-
शूल पत्थर आग बन पानी न बन,
वक़्त की आवाज सुन ज्ञानी न बन ।
अब फ़कत तारीकियां ही शेष हैं,
रहम खा इंसान पर दानी न बन ।
ज़िन्दगी माना कोई हासिल नहीं,
पर इसे अगवा न कर नाज़ी न बन ।
कि धर्म के मालिक बहुत हैं चारसू,
तू कर्म का अध्याय बन ग़ाज़ी न बन।
कब तक चलेगी ज़ीस्त नंगे पाँव
मौत को सिजदा न कर फ़ानी न बन।
<><><>
-5-
कैसा पागल हूँ, मुर्दों को जुबां देता हूँ’
राख के ढेर को जलने की दुआ देता हूँ।
जाहिर है, अब ना आएगा, आने वाला,
फिर भी उसे मुड़-मुड़ के सदा देता हूँ।
अब धूप की शिद्दत से परेशाँ न हो,
मैं बरसात को शबो-रोज सदा देता हूँ।
वो हैं कि जो शोलों को हवा देते हैं,
और मैं हूँ कि मुद्दों को हवा देता हूँ।
उनसे कैसे कहूँ ‘तेज’ मैं घर की बातें,
जिनको कि मैं जीने का गुमाँ देता हूँ।
<><><>
-6-
सियासतें बदलीं मगर दफ्तर नहीं बदले,
हुक्मरानी कोट के अस्तर नही बदले ।
ज़ख्मों से निकले खून का रंग तो बदल गया,
पर सियासीयार के खंजर नहीं बदले ।
भुखमरी के वोट ने बदले हैं तख़्तो-ताज,
पर भुखमारी के मील के पत्थर नहीं बदले ।
ज़ेरे-बहस है मुद्दआ , रोटी का आज भी,
अभी तलक तो भूख के बिस्तर नहीं बदले ।
इस बदलते दौर में, बदले सभी आखिर,
साहिब नहीं बदले यहाँ अनुचर नहीं बदले ।
आज भी जारी है उनका रूठन, रोना, हँसना,
कि बादशाहत के कभी तेवर नहीं बदले ।
ख़ण्डरों को तोड़कर घर तो बना लिए,
पर खण्डहरों की नींव के पत्थर नहीं बदले ।
<><><>
-7-
-7-
हरेक चौरस्ते पे ट्रैफिक जाम है,
कि मुब्तिला हरेक खासो-आम है।
लगने को है कर्फ्यू, भागो, दौड़ो,
हैफ कि ऊपर से ये पैगाम है।
पता नहीं कि क्या हुआ, कैसे हुआ,
ये सभी प्रश्नों का उत्तर आम है।
फ़तवा है कि रामो-रहीम एक हैं,
नेपथ्य में पर जंग का सामान है।
मरने से पहले आत्मा ने ख़त लिखा,
कि क़त्ल ये इंसानियत के नाम है।
-8-
छीनकर मुँह से निवाला आपने,
शर्म को घर से निकाला आपने ।
चंद चुपड़ी रोटियों के वास्ते,
स्वयं को ही बेच डला आपने।
शहर अपना जगमगाने के लिए,
गाँव सारा फूँक डाला आपने ।
चाँद-तारों की तलब में बारहा,
अर्स पर पत्थत उछाला आपने ।
देखने को अपनी सौ-सौ सूरतें,
आईना तक तोड़ डाला आपने।
<><><>
-9-
मिट्टी के माधो लगते हैं मेरे शहर के लोग,
अब साये से भी डरते हैं मेरे शहर के लोग ।
सत्ता के गलिहारों में हैं भ्रष्टाचारी पनप रहे,
नाहक जनवादी बनते है मेरे शहर के लोग ।
‘सत्यमेव जयते’ का अब कोई भी अर्थे नहीं,
झूठ के पैरों पर चलते है मेरे शहर के लोग ।
अत्याचार के आगे जैसे टेक दिए घुटने सबने,
लुट-पिटकर भी चुप बैठे हैं मेरे शहर के लोग ।
कसने लगा शिकंजा फिर ए तेज! सियासतदानों का,
फिर सहमे - सहमे लगते हैं मेरे शहर के लोग ।
<><><>
-10-
भीड़ तो पहले भी होती थी जमा इस शहर में,
आज फिर क्यों आदमी है ग़मज़दा इस शहर में।
आदमी के ही करम पर ईश्वर ज़िन्दा है अब,
कि आदमी भगवान का रक्षक बना इस शहर में।
तीर और तिरशूल हाथों में लिए थे देव भी,
हाथ मेरा जब उठा कफ़्यू लगा इस शहर में।
कोई हिन्दू, सिक्ख कोई, कूई मुस्लिम हो गया,
अब आदमी कोई नहीं बाकी रहा इस शहर में।
मस्जिदें भी, चर्च भी, मन्दिर भी, गुरुद्वारे भी हैं,
आदमी का धर नहीं अब तक बना इस शहर में
-11-
अबनई दुनिया बसाना चाहिए,
मृत्यु को जीवन बनाना चाहिए ।
मज़हबी हलकों में बसने की ललक,
मर गई , कहीं दूर जाना चाहिए ।
भगते-भगते थक गया मेरा जुनूँ,
अब दो घड़ी को ठहर जाना चाहिए ।
कौन हिन्दू है, मुसलमाँ कौन यारो,
यह व्यर्थ का अंतर मिटाना चाहिए ।
बुद्ध की, नानक की, चिस्ती की जमीं पे,
फिर शांति का दीपक जलाना चाहिए ।
<><><>
--12-
शामो-सहर ख़ालिक की इबादत कीजे,
इंसानियत के नाम इमामत कीजे।
तितलियों का शहर है गुलशन रखना,
ख़ार बन फूलों की हिफ़ाजत कीजे।
किस्मत में हैं पत्थर, तो पत्थर सही,
अब पत्थरों को जोड़ इमारत कीजे।
जँचता नहीं है बोलना दौरे-फ़साद में,
अब अनकहे लफ़्जों को इबारत कीजे,
‘तेज’ पहले कुछ नए सूरज उगाइए,
फिर डूबते सूरज की मलामत कीजे
................
ख़ालिक = ईश्वर, इमामत = नेतृत्व, मलामत = निन्दा
-13-
उठिये कि अब जमीन पर अम्बर तलाशिए,
बस्तियोंके बीच में कुछ घर तलाशिए ।
सोना मिरा वाज़िब नहीं, है जागना गुनाह,
आँखोंमें ख़्वाबगाह के पत्थर तलाशिए ।
रोशनी में डूबकर रह गए महलो - मकां,
अबरोशनी के वास्ते छप्पर तलाशिए ।
सलामत है यां कांटों में ही गुलशन कि अब,
कांटों की सरज़मीन पर बिस्तर तलाशिए ।
तोड़नेहैं दासता के आईने कि ‘तेज’,
अब घर के आस-पास कुछ पत्थर तलाशिए ।
<><><>
-14-
आदमी आदमी से जुदा हो गया,
आदमी आजकल का खुदा हो गया ।
धूल दंगों की उड़ने लगी है चारसू,
कि चलन आदमी का हवा हो गया ।
कोई ढूँढे कहाँ रोशनी का पता,
चलते-चलते कहीं रास्ता खो गया ।
ज़ख्म दिल के अचानक हैं भरने लगे,
दर्द इतना बढ़ा कि दवा हो गया ।
तेज’ फिर-फिर जलाओ शम्मे-वफ़ा,
आदमी का कहीं पर पता खो गया ।
<><><>
-15-
वो क्या गए कि निशानियां तक भी नहीं मिलतीं,
चौखट पे मेरी, बत्तियां तक भी नहीं जलतीं ।
पथरा गयी हैं शहर के इंसान की आँखे तलक ,
यूँ जड़ हुईं कि पुतलियां तक भी नहीं हिलतीं।
ज़रा-ज़रा सी बात पर कल तख़्त पलट जाते थे,
क्या बात है अब कुर्सियां तक भी नहीं हिलतीं।
जादू बदलते दौर का कुछ यूँ चढ़ा कि आज,
बिना वजन के अर्जियां तक भी नहीं चलतीं।
कल ‘तेज’ हवा में भी यां ज़मीन हिलती थी,
अब आँधियों में पत्तियां तक भी नहीं हिलतीं।
<><><>
-16-
आँख बाँधकर अंधियारे में, चला रहे हैं लठिया लोग,
एक - दूसरे की छाती पर, पीस रहे है दलिया लोग।
जैसी प्रजा वैसा राजा , कथन आज भी ताज़ा है,
पनप रहे संसद के जैसे, चोर, निकम्मे, घटिया लोग।
क्या नेता क्या अफ़सर सारे, कर्तव्यों को भूल गए,
सिर पर लादे घूम रहे हैं, अधिकारों की गठिया लोग।
माना कि वैज्ञानिक युग है, लेकिन समझ नहीं आती,
बाँध कमर से पत्थर, कैसे पार करेंगे नदिया लोग।
क को ख, ख को ग कहते, परदेशी को स्वदेशी,
उम्र की पहली ही सीढ़ी पर, लगता है गए सठिया लोग ।
<><><>
-17-
घर के आगे मस्जिद मेरे, घर के पीछे मंदिर है,
लेकिन मेरे घर की छत से गायब आज कबूतर है।
मानवता के दाम गिरे, है मज़हब का बाजार गर्म,
इक पाले में अल्लाह-ताला, इक पाले में ईश्वर है।
अब कैसे उम्मीद करें, भवसागर से तिर जाएंगे,
छोटी-छोटी नदियों में याँ डूबा स्वयं समंदर है।
आने-जाने वाले मेरे घर की ईंटें गिनते हैं,
सियासत के खूनी पंजों ने लिक्खा मिरा मुकद्दर है।
‘तेज' हवाएं चली आज फिर, छप्पर कौन संभालेगा,
मेरा घर यूँ धूप-छाँव का जाना-माना दफ़्तर है।
*****
-18-
आखिरिश घर से कोई निकला तो है,
संगदिल मानस ज़रा पिघला तो है।
गो भूख के मारे भी हैं ज़िन्दा यहाँ,
भूख का मसला मगर मसला तो है।
रात भी एक रोज बदल जायेगी,
आजकल दिन का चलन बदला तो है।
बेशक कि कल मक़्बूल इमारत होगी,
आस का परबत ज़रा पिघला तो है ।
नहला हुआ बेकार तो चिंता न कर,
हाथ में तेरे अभी दहला तो है।
<><><>
-19-
आबो-हवा में ढल गये लगते हैं लोग आज,
स्वप्न में भी आदतन लड़ते हैं लोग आज ।
लगता है कि भूले यहाँ सब लोग हँसने का शऊर,
कि आँसुलों की तर्ज पर हँसते हैं लोग आज।
तज़ दिया साँपों ने शायद आज डसने का चलन,
एक - दूसरे को बेख़तर डसते हैं लोग आज।
आग पर चलने का सब हैं कर रहे अभ्यास,
सिरफिरों - सा आचरण करते हैं लोग आज।
एक ज़रा-सी ज़िन्दगी, यहाँ काटे नहीं कटती,
पर मृत्यु से लड़ने का दम भरते हैं लोग आज ।।
<><><>
-20-
सुधियों का इतिहास लिये,
ख़ुशियों का अहसास लिये।
आती है नित नयी सहर,
भूली बिसरी आस लिये।
अबस पोस्टर दीवारों पर,
चिपके हैं आकाश लिये।
लूट-मार और दंगे हत्या ,
ज़ारी हैं विश्वास लिये।
अधिकारों की सेज सजी है,
कर्तव्यों से अवकाश लिये।
<><><>
-21-
नये दौर में अधिकारों की सेज सजी,
रफ़्ता-रफ़्ता प्रशासन पर ज़ंग लगी ।
नैतिकता और मानवता के सीने पर,
विध्वंसों ने पाली-पोसी एक सदी ।
सहरा-सहरा तल्ख़ समन्दर की पीडा,
है मनाँगन में भूखी-प्यासी एक नदी ।
लंगड़े-लूले थके विचारों से ना टूट,
बेशक इनकी सिंहासन पर नजर लगी ।
रक्षक और भक्षक के जैसे भेद मिटे,
अपनी चौखट पर धनिया की लाज लुटी।
<><><>
-22--
आयोग पर आयोग बिठाते रहिये,
गोया कि हरेक जुर्म छुपाते रहिये ।
सिरफिरे जाहिल, उनींदे शख़्स को,
थपकियां देकर ही सुलाते रहिये ।
जब कभी भी न्याय की बातें उठें,
तो धार्मिक उन्माद जगाते रहिये ।
चीख़ हो धरती की, या फिर हो हंसी,
बस! आवाज़् में आवाज़ मिलाते रहिये ।
‘तेज’ कुछ करने की यां प्रथा नहीं,
बस! वायदों के जाल बिछाते रहिये।
<><><>
-23-
लौटकर फिर आ गया शैतान कोई,
फिर गगन-सा छा गया शैतान कोई ।
पढ़ते—पढ़ते धूप का अख़बार को,
ओढ़कर फिर सो गया शैतान कोई ।
पेट की ज्वाला बुझाने के लिए,
आग पर फिर सो गया शैतान कोई ।
मैकदे की सीढ़ियों को चूमकर,
भीड़ में फिर खो गया शैतान कोई ।
माँ के सूखे स्तनों से खीझकर,
अश्क पी फिर सो गया शैतान कोई ।
<><><>
-24-
कौन कहता है कि ग़म-गुस्तर नहीं,
कि कातिलों के हाथ में ख़ंजर नहीं ।
चाक दामन कर गये पर देखिये,
हाथ में उनके कोई नश्तर नहीं ।
पहनने को पहनते हैं कोट पर,
कोट में अपने कोई अस्तर नहीं ।
चन्द गमले देखकर कहने लगे,
आज धरती पर कहीं बंजर नहीं ।
बेख़ुदी में ‘तेज’ किससे पूछिये,
गुनगुनाता क्यों मिरा बिस्तर नहीं ।
<><><>
-25-
स्मृति में हम पल-पल कटुता ढोते हैं,
कसकर गाँठ दुखों की जगते-सोते हैं ।
पीकर घूँट हताशा और निराशा का,
जीवन-भर मृत्यु का बोझा ढोते हैं ।
जाने वाला चला गया जाने कब का,
याद में उसकी मिथ्या हँसते-रोते हैं ।
महलों में हलचल है नई हवाओं की,
छप्पर बूढ़ी संस्कृति को ढोते हैं ।
उजियारों की ‘तेज’ गोद ही खाली है,
अँधियारों के अनहद नाती-पोते हैं ।
<><><>
-26-
क्या कहें कि कैसे पलते हैं,
हम हर पल भेस बदलते हैं ।
आग हुई चूल्हों की ठंडी,
अब दिल मानव के जलते हैं ।
प्रेम-अमृत की खोज में हरसू,
द्वेष का ज़हर उगलते हैं ।
कल आग पे चलना मुश्किल था,
अब नित्य आग पर चलते हैं ।
अब दीप दिलों के शून्य हुए,
नफरत के दीपक जलते हैं ।
<><><>
-27-
मौसमों की तरह, आता-जाता है बरस,
जुगनुओं की तरह, जगता-सोता है बरस ।
दिन को तो अन्धेरों का गुमाँ देता है,
रातों को दिन का, राग सुनाता है बरस ।
अबकी बरस, तारे जमीं पे निकलेंगे,
कैसे-कैसे हसीं ख़्वाब, दिखाता है बरस ।
धरती को नित फलने की दुआ देता है,
आसमां को समन्दर में डुबोता है बरस ।
बच्चों को नये साल की टाफी देकर,
रिन्दों की गली घूमता फिरता है बरस ।
<><><>
-28-
दिल अपना पाषाण किया है,
मानव-मन बलिदान किया है ।
अमृत की बून्दों को तरसे,
हारे-मन विषपान किया है ।
सोलह दूनी आठ किये पर,
पास हरेक इम्तिहान किया है ।
काले दिन काली रातों में,
क़िस्मत का निर्माण किया है ।
गाँवों की पावन मिट्टी का,
शहरों ने अपमान किया है ।
<><><>
-29
नए दौर में बन्धन सारे टूट गए,
रिश्ते-नाते सभी पुराने टूट गए ।
यूँ गुज़री तहज़ीब ज़माने से यारब,
मानवता के सभी किनारे टूट गए ।
इतने तेज चले मंजिल की चाहत में,
सरे-राह सब ठौर-ठिकाने छूट गए ।
बोकर बीज बाँझ धरती में सियासतदाँ,
ख़्वाब दिखाकर दोपहरी में लूट गए ।
नहीं चहकती अब पीपल पर गौरैया,
‘तेज’ हवा में सभी घौंसले टूट गए ।
<><><>
-30-
राजनीति चूल्हे पर चढ़के नाच रही है,
और चूल्हे-वाली महँगाई से काँप रही है ।
चूल्हे तक जाने को उसको नमक चाहिए,
पर बेचारी भाषण खाकर नाच रही है ।
भरने का अभी प्रश्न कहाँ कि सदियों से,
सत्ता भूखे पेट की खाई नाप रही है ।
भूख की बेटी पलकर ज्यूँही जवान हुई,
रोटी उसको बुरी नजर से ताक रही है ।
झोंपड़ियों की चित्कारें अब तेज़ हुई हैं,
कि परिवर्तन की कुछ जिज्ञासा जाग रही है ।
<><><>
-31-
काँव-काँव सुनकर कौओं की, कोयल गाना भूल गई,
गौरैया की जीभ कटी कि अलख जगाना भूल गई ।
उल्लू घर की छत पर उतरे, सूरज के उजियारे में,
दिन का दामन स्याह हुआ कि रात ठिकाना भूल गई ।
चिड़ीमार के कंधों पर हैं बाजों के परिवार बसे,
ओझल हुआ कबूतरा कि अब मैना गाना भूल गई ।
इतना ज़हर उड़ेला हमने, सागर तक न पचा सका,
परबत चढ़ी मछरिया, सारस चोंच लड़ाना भूल गई ।
जैसे सब संताप मिटे यां ‘तेज’ धर्म के चक्कर में,
बच्चा भूल गया माँ को, माँ दूध पिलाना भूल गई ।
<><><>
-32-
कोई बिचारा ख़त लिखता है,
ख़त में अपना क़द लिखता है ।
धरती को लिखता है अम्बर,
अम्बर को सरहद लिखता है ।
खेतों-खलिहानों को जंगल,
बस्ती को मरघट लिखता है ।
फूलों को कांटों का बिस्तर,
कांटों को मसनद लिखता है ।
बेइंसाफ़ी के माथे पर,
हिंसा को अज़्मत लिखता है ।
मस्जिद को लिखता है मन्दिर,
मन्दिर को मस्जिद लिखता है ।
चंदा को लिखता है रोटी,
रोटी को मकसद लिखता है ।
<><><>
-33-
अब भरता नहीं उड़ान कबूतर क्यों है,
आँखों में उसकी तल्ख़ समन्दर क्यों है?
सिर पर मिरी गागर नहीं, आकाश है,
फिर बता तिरे हाथ में पत्थर क्यों है?
मैं ही तेरे शहर की बुनियाद हूँ लेकिन,
शहर से मेरी झोंपड़ी हटकर क्यों है?
बादलों की गोद में सावन उदास है,
बरसात में भी घर मेरा बंजर क्यों है?
महलों में रहकर भी उन्हें शिकवा है, कि
घर मिरा धूप-छाँव का दफ्तर क्यों है?
<><><>
-34-
थाम आँधियाँ भीड़ खड़ी है सड़कों पर,
एक-दूजे की नज़र गढ़ी है सड़कों पर ।
बस्ती-बस्ती धुआँ-धुआँ है चौतरफ़ा,
नाक मूँदकर मौत खड़ी है सड़कों पर ।
शासन में आसन की खातिर रावण-सेना.
राम-पताका लिए खड़ी है सड़कों पर ।
आये दिन भूखे-नंगों से राजनीति,
करने दो-दो हाथ खड़ी है सड़को पर ।
दिल्ली की सड़कें भी हैं आवारा ‘तेज’,
बटन खोल तहज़ीब खड़ी है सड़कों पर ।
<><><>
-35-
बदल गया है आजकल, व्यवहार मेरे शहर का,
कि हो गया हर–आदमी, बीमार मेरे शहर का ।
कुछ इस कदर बरसे यहाँ आतंक के बादल,
बहते लहू में धुल गया, श्रृंगार मेरे शहर का ।
आदतन छलने लगा यहाँ आदमी को आदमी,
हो गया अब आचरण, व्यभिचार मेरे शहर का ।
फिर मैकदे की सीढ़ियां चढ़ने लगे हैं लोग,
दैरो-हरम से उठ गया, एतबार मेरे शहर का ।
बज़्मे-शाही का चलन कुछ इस तरह बदला कि ’तेज’,
बेवक्त ठंडा पड़ गया, विस्तार मेरे शहर का ।
<><><>
-36-
कैसे - कैसे दुनिया के दस्तूर रहे,
जो जितने थे पास, वो उतने दूरा रहे ।
सहज सरलता, सद्गुण का प्रमाण नहीं,
जो जितने निर्मल थे, उतने क्रूर रहे ।
निष्ठुर हैं वो जो उपजाऊ धरती पर,
रेतीली मिट्टी का चौका पूर रहे ।
जितने दीप जलाए गहन अन्धेरों में,
हम उतने ही उजियारों से दूर रहे ।
‘तेज’ धूप में जितने सपन उकेरे हैं,
सपने अपने उतने क्षण-भंगूर रहे ।
<><><>
-37-
घर-घर जाकर ढूँढ रही है दीप पुराने दीवाली,
लगा रही है ख़ूब निशाने अँधियारे में दीवाली ।
छोड़ रहा है सूरज बेशक गहन धुँधलका धरती पर,
रिश्ते-नाते निभा रही है अभी पुराने दीवाली ।
दिन में दीपक जला अकेले जूझ रहे हम रातों से,
ढूँढ रही है रजनी में दिन पुन: पुराने दीवाली ।
ख़ून सनी चौखट को तो ना पौंछ सकी, वह हार गई,
लगी ढूँढने अब सहरा में, नए ठिकाने दीवाली ।
चक्की रोई, चूल्हा रोया, रोयी ‘तेज’ भूख दिल खोल,
ढूँढ न पाई बूली असमय सभी ठिकाने दीवाली ।
<><><>
-38-
अबकुछ अमन की बात होनी चाहिए,
बसकि जिन्दगी खुशहाल होनी चाहिए ।
उड़ने लगी यहाँ धूल दंगों की बहुत,
अबकि प्रीत की बरसात होनी चाहिए ।
दुश्वारियां ख़ुद-ब-ख़ुद मिट जायेंगी,
बस! हादसों की मात होनी चाहिए ।
दिन धुँधलके हो गए बेशक कि अब,
हरसू चरागाँ रात होनी चाहिए ।
टूटे हुए पत्ते ने होंगे हरे कि ‘तेज’,
रिश्तों की नव-प्रभात होनी चाहिवे ।
<><><>
-39-
मज़हबी टहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,
देखते रहिए कि रंग फूटेंगे अभी और ।
भँवरों की अनायास ही नीयत बदल गयी,
इज़्ज़त गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और ।
अभी-अभी तो आँधियां उभरी हैं फलक पर,
कि पंछियो के घोंसले टूटेंगे अभी और ।
कब तलक चिल्लाएगा, चीखेगा आदमी,
कि आदमी के हौसले टूटेंगे अभी और ।
रुख पढ़के हवाओं के बताता है हमें ‘तेज’,
सपने अमन के याद रख टूटेंगे अभी ओर ।
<><><>
-40-
कुछ मुद्दआ होता तो मैं कहता जरूर,
कोई जख़्म तर होता तो मैं कहता जरूर ।
हर बात को सहना मेरी आदत नहीं,
शिकवा-गिला होता तो मैं कहता जरूर ।
शबे-सियाह से रिश्ते पुराने हैं मिरे,
रिश्ता नया होता तो मैं कहता जरूर,
टुकड़े-टुकड़े हो गया मेरा जुनून,
कुछ मुद्दआ होता तो मैं कहता जरूर,
दिल मेरा अपनों ने ही तोड़ा है ’तेज .
कोई अजनबी होता तो मैं कहता जरूर ।
<><><>
-41-
घर नहीं, आँगन नहीं, साथी नहीं,
बरसात में मल्हार अब भाती नहीं ।
अब नज़र उनकी शारीके-जुर्म है,
ज़ख़्में-दिल को अब ये सहलाती नहीं ।
सियासती शतरंज का मोहरा है जिन्दगी,
हर सिम्त चालों से बच पाती नहीं ।
घर की दीवारों पे है अम्बर टिका,
छत पर कभी भी अब नज़र आती नहीं ।
अब टूटता लगता है मुझको घर मिरा.
सच हो न हो ये बात ज़ज़्वाती नही ।
<><><>
-42-
मद्धिम कसैली धूप है हिमपात का डर है.
पछुआ हवा के गर्भ से तूफान का डर है ।
होती है नित आकाश से दुख-दर्द की बातें,
ये खोली है सूरजभान की, इमरान का घर है ।
हो गया है शांति का अशांति से विवाह,
हर घड़ी, हर बात पर तकरार का डर है ।
अन्धी गलियों में तो है प्रवेश की छुट्टी,
पर प्रगति मैदान में प्रवेश पर कर है।
भूख के वक्षों पे है रोटी का हाथ ‘तेज’,
भूखों को आबदार के ईमान का डर है ।
<><><>
-43-
ये भी भला कोई बात हुई,
कि सारी जात, कुजात हुई ।
अभी-अभी था दिन निकला,
अभी-अभी है रात हुई ।
इधर किसी की छान जली,
उधर कहीं बरसात हुई ।
कुछ प्यार का मौसम यूँ गुजरा,
ना आँख मिली ना बात हुई ।
आधुनिकता आयात हुई,
कि मानवाता निर्यात हुई ।
ए! ‘तेज’ गिला भी क्या कीजे,
अपने घर अपनी मात हुई ।
<><><>
-44-
घर–घर में है धुआँ आजकल,
न जाने क्या हुआ आजकल ।
नैतिकता घर छोड़ चली है,
मानवता हुई हवा आजकल ।
हर पहलू है व्यर्थ दुआ का,
सफल रही बद्दुआ आजकल ।
दिल से दिल की बात निरर्थक
हर दिल है अनछुआ आजकल ।
ऐ! ‘तेज’ हरेक धारा बदली,
बदली है हर हवा आजकल ।
<><><>
-45-
हम प्यालों में घायल मन की तड़प घोलकर पीते हैं,
पर बेदिल दुनिया वालों से आँख मिलाकर पीते हैं ।
सूने पनघट की सीढ़ी पर आँखों में दिन कटते हैं,
यादों के मरघट में शब-भर दीप बुझाकर पीते हैं।
यौवन के उपवन में असमय, पतझड़ पाँव पसार गया,
बैठ धूप के साये में अब, दर्द का सागर पीते हैं ।
नई हवा में मानवता के, सभी घोंसले टूट गये,
छोड़ उड़ान प्रीत के पंछी, घात लगाकर पीते हैं ।
बदल रहा है ‘तेज’ ज़माना, समझ-बूझकर भे अब लोग,
नागफनी-पथ पर चलते हैं, खून सुखाकर पीते हैं ।
<><><>
-46-
आज मौत ने पाँव पसारे और जीवन के सिकुड़े पाँव,
दानवता सिरमौर हुई है, मानवता के उखड़े पाँव ।
सूरज की चौखट पर आकर तोड़ रही दम दोपहरी,
कलियुग का प्रशासन देखो, पेड़ खड़े पकडे छाँव ।
धरती फट जाने का मुझको, रंज नहीं, अफ़सोस नहीं,
रंज तो है कि राजनीति ने आज धर्म के पकड़े पाँव ।
मन्दिर, मस्जिद, गुरुद्वारों को , कत्लगाह का रूप न दो,
आगे बढ़कर रोकने होंगे, अब हिंसा के बढ़ते पाँव ।
कब तक कौन करेगा पूजा मरघट के सन्नाटों में,
साफ़ ‘तेज’अब करने होंगे आह ! खून में लिथड़े पाँव ।
<><><>
-47-
ज़मीन से उठूँ तो मैं अम्बर देखूँ,
तारों की धूप-छाँव का मंजर देखूँ ।
फिर वही रंगीन फूलों की महक,
फिर वही निगा-ओ-नश्तर देखूँ ।
फिर वही गुस्ताख़ सपनों की धनक,
फिर सूखी हुई आँखों में समन्दर देखूँ ।
फिर वही खूने-जिगर की रंगो-बू,
फिर तिलस्मी यार का ख़ंजर देखूँ ।
बुतपरस्ती की मुझी फुरसत नहीं,
फुरसत मिले तो ‘तेज’ के तेवर देखूँ ।
<><><>-
-48-
उम्र-भर तोड़े हैं यां पत्थर हमने.
जीते हैं सरे-राह सिकंदर हमने ।
गंगो-जमन की तल्खियां कुछ भी नहीं,
निगले हैं कई तल्ख़ समन्दर हमने ।
दिल पर हुआ तो वार तो भारी पड़ा,
झेले हैं यों देह पर खंजर हमने ।
फ़सले-बहराँ पर वो काबिज हो गए,
सींचे थे अपने खून से बंजर हमने ।
होगी कल मकबूल इमारत अपनी,
चूमा है इसी शौक में अम्बर हमने ।
मिथ्या नहीं कि कल ज़मीं उलटी होगी,
बोये हैं कई ज्वालामुखी अन्दर हमने ।
<><><>
-49-
मूक बने हैं शहर क्यों पापा कुछ तो बोलो,
धुंधलाई हर सहर क्यों पापा कुछ तो बोलो ।
आज चाँदनी बैठ मुंडेरे उगल रही है खारापन,
समय गया है ठहर क्यों पापा कुछ तो बोलो ।
कल शहर में हंगामा था मारो-मारो,
चऊँ ओर था कहर क्यों पापा कुछ तो बोलो ।
किस कारण से किसने किसका खून किया था,
आज बन्द है शहर क्यों पापा कुछ तो बोलो ।
क्या? ‘तेज’ समूची सामाजिक शिक्षा गूँगी है,
है हिंसा का ज़हर क्यों पापा कुछ तो बोलो ।
<><><>
-50-
मज़हबी नफ़रत की सब दीवार अब तुड़वाइये,
कि आदमी तो आदमी से व्यर्थ मत लड़वाइये ।
सौन चिरिया के अभी भी पंख बाकी हैं अभी,
सैयाद के इख़लाक को बिन बात मत भड़काइये ।
बहुत उजली है जहाँ में साख अपनी दोस्तो,
आज तुम चेहरे पे इसके गर्द मत चढ़वाइये ।
आज भी ऊंचा है बेशक शीश अपने देश का,
माथे पे इसके दंभ की कील मत गढ़वाइये ।
आज तक न हो सका हल ‘तेज’ रोटी का सवाल,
धर्म की घुट्टी पिलाकर भूख मत भड़काइये।
<><><>
-51-
हमने अपनी पगड़ी आप उछाली है,
दुविधाओं के वन में खाट बिछा ली है ।
तेरा-मेरा इसका-उसका ख़ूब किया,
एक-दूजे पर कीचड़ ख़ूब उछाली है ।
अपने हाथों तोड़ी घर की दीवारें,
नाहक सिर पर टूटी छान उठाली है ।
अब अम्बर पर फूल खिलेंगे सरसों के,
धरती पर पतझड़ ने बात उछाली है ।
खेतों में अब काँटे ख़ुशबू बाँटेंगे,
‘तेज ’धूप ने गुल की गन्ध चुरा ली है ।
<><><>
-52-
बचपन से ही हम बेमानी शोर-शराबा देख रहे हैं,
आँख मिचौनी का चौतरफ़ा खेल-तमाशा देख रहे हैं ।
साँझ-सवेरे गलियारों में, हिरती-फिरती, लुटती-पिटती,
निर्मल सीता, दुर्बल द्रोपदी, अल्हड़ राधा देख रहे हैं ।
ढोंगी राजा, ढोंगी प्रजा, ढोंगी योगी, ढोंगी श्रद्धा,
ढोंगी जग में बेमतलब का खून-खराबा देख रहे हैं ।
प्यासी धूप , उदासी रैना, सोती सहर, जागती संध्या,
हकला बचपन, बहरा यौवन, मूक बुढ़ापा देख रहे हैं ।
एक घर उजले, एक घर धुंधले, दीवाली के दीप सजे,
एक छान पर सौन चिरैया, एक पे फ़ाका देख रहे हैं ।
<><><>
-53-
मयकदों में आजकल उलटा हिसाब है,
तल्ख दिल है साकिया मीठी शराब है ।
ढूंढता फिरता है क्या अम्बर की छाँव में,
ज़िन्दगी है प्रश्न तो मृत्यु जवाब है ।
एक-दूसरे की बात को करते है तार-तार,
आज की महफ़िल का हर बन्दा नवाब है ।
अब क्या कोई देगा सब्रोकरार,
यूँ भी तो अब ढलने लगा मेरा शबाब है ।
होंठ तक खुलते नहीं है आजकल कि ‘तेज’,
सिर पर मेरे कुछ वक्त का ऐसा दबाव है ।
<><><>
-54-
आँखों-आखों तल्ख़ समन्दर ठहरे हैं
उथले-उथले नीलगगर से गहरे हैं ।
नीचे – नीचे काट रही है हरियाली,
ऊपर – ऊपर ख़ुस्क हवा के पहरे हैं ।
जंगल –जंगल ख़ुस्बू का आलम,
बस्ती – बस्ती उतरे उतरे चेहरे हैं ।
धरती –धरती डाली – डाली फूल रही,
परबत – परबत ऊँचे गूँगे-बहरे हैं ।
रातों – रातों जगते – जगते सोते हैं’
धड़कन –धड़कन ‘तेज’ अजल के सेहरे हैं।
<><><>
-55-
बस अपने भले पर निगाह रखना,
दूसरों को बेशक तबाह रखना ।
कि जीतने हैं हारे मुकदमे कई,
साथ दो-चार झूठे गवाह रखना।
किसको पता है कब काम आएं,
जेबों में अपनी सलाह रखना ।
ढूंढ ही न ले कोई नेकी तुझे,
तू अपने घरों को सियाह रखना।
तलाक दर तलाक बहुत हो लिए,
बन्द मुट्ठी में तू निकाह रखना।
-56-
सावन की क्या ढली जवानी,
मेघ हुए धौले बिन पानी ।
लगे सिकुड़ने यमुना के तट,
हवा हुआ वर्षा का पानी ।
अमुआ की डाली अलसायी,
कोयल भूल गई निज बानी ।
मुर्ली की धुन थकी कि राधा,
आँखों में भर लायी पानी ।
झूले थके मल्हारें सहमीं,
जीवन ठहरा, रुकी जवानी ।
<><><>
-57-
ये शोर कैसा आ रहा आबादियों से,
अनजान-सी सुनसान बेकल घाटियो से ।
क्या किसी का मृत्यु ने घेरा किया है,
या भिड़ गई स्वतंत्रता बलिदानियों से ।
या कहीं नेताओं की आवाज गूंजी,
या फिर कहीं टकराव है नाकामियों से ।
याकि है दम तोड़ती-सी भूख का संत्रास,
या कहां संगीत उभरा वादियों से ।
या कराह रही करुणामये माँ-भारती,
जलकर परस्पर द्वेष की चिंगारियों से ।
<><><>
-58-
बत्तियाँ बुझने लगी हैं, अब हमारे गाँव में,
चींटियाँ उड़ने लगी हैं, अब हमारे गाँव में ।
बेसबब टूटेंगे अब, सिर पे बलाओं के पहाड़;
बिल्लियाँ रोने लगी हैं अब हमारे गाँव में ।
झोंपड़ों में है उदासी, मुँह चिढ़ाती खलबली,
आँधियाँ चलने लगी हैं, अब हमारे गाँव में ।
भा गई लगती है अब, सबको बमों की गर्जना,
खिड़कियाँ खुलने लगी हैं, अब हमारे गाँव में ।
सन्नाटे पहरा दे रहे हैं, आजकल चौपाल पर,
रोटियाँ बँटने लगी हैं, अब हमारे गाँव में ।
<><><>
-59-
काश! कि मेरा अपना भी एक घर होता,
छत होती, आँगन होता, सहचर होता ।
क्यारी होती, कुछ गुल होते, ख़ुशबू होती,
चूल्हा होता, चक्की होती, बिस्तर होता ।
बादल होते, पुरवा चलती, बरखा होती,
कोयल गाती, मोर नाचता, घर, घर होता ।
साँझ सवेरे, बैठ मुंडेरी, चिड़ियाँ गातीं,
ऊंट भी होता, बकरी होती, बन्दर होता ।
मन-आँगन में गुरुद्वारों की रंगत होती,
मस्जिद होती, चर्च भी होती, मन्दिर होता ।
<><><>
-60-
खाते-पीते हुए भिखारी इस बस्ती के लोग
लगे बाँटने ज़िम्मेदारी इस बस्ती के लोग ।
दिन में तारे लगे देखने अंधों को क्या सूजी,
उलटे पाँवों चढ़े अटारी इस बस्ती के लोग ।
आगे-पीछे दायें-बायें नहीं दीखता कुछ इनको,
ऐसे निकले निपट अनारी इस बस्ती के लोग ।
अपने घर को फूँक सेकते हैं गैरों की रोटी,
फाँक रहे हैं साँस उधारी इस बस्ती के लोग ।
गिरवी रख के मातृभूमि को भोग रहे हैं सत्तासुख,
कब छोड़ेंगे ‘तेज’ उधारी इस बस्ती के लोग ।
<>><>
-61-
अम्बर ऊंचा हुआ ज़मी हुई पोली,
सूरज ने प्रभात की साँकल खोली ।
धूल-भरी पछुवा की पायल बहकी,
पुरवा सहसा मदिरालयों की होली ।
भौर हुए कौओं ने बाँग लगाई,
साँझ हुए मुर्गों ने बोतल खोली ।
खाकर मार वक़्त की नन्ही बिटिया,
चूस अँगूठा भूखी-प्यासी सो ली ।
हाथ पकड़ सावन का फागुन रोया,
खेल रहा क्यों मानव खूनी होली ।
<><><>
-62-
बैठे हैं हम थामे मशालें आज तक,
ना कर सके घर में उजाले आज तक ।
यों उम्र-भर जारी रही मेहनतकशी,
ना बन सके अपने शिवाले आज तक ।
चाँद क्या तारा तलक टूटा नहीं,
गो बहुत पत्थर उछाले आज तक ।
सर्द आहों में गजब का ताप है,
कि आग के निगले निवाले आज तक ।
कलयुगी याँ दौड़ में आगे निकल गए,
बैठे हैं हम सतयुग सँभाले आज तक ।
<><><>
-63-
आज मैं फिर मुस्कराना चाहता हूँ,
ज़िन्दगी का घर बसाना चाहता हूँ ।
इंसानियत का खून पानी हो गया है,
अब खून का रंग आजमाना चाहता हूँ ।
हादसों ने ढाँप ली है ज़िन्दगानी,
अब जहाँ से दूर जाना चाहता हूँ ।
होश में तो जी लिए काफ़ी कि अब,
दो घड़ी को बहक जाना चाहता हूँ ।
थक गये किस्तों में मरने से कि ‘तेज’,
अब मुकम्मल मौत पाना चाहता हूँ ।
<><><>
-64-
बोलती होगी कभी पर आज संसद मौन है,
घूरता है रोटियों को आदमी वह कौन है ।
जन की तो किस्मत धरा है, तंत्र की है आसमान,
भ्रष्ट है सत्ता समूची, राष्ट्रीयता अब गौण है ।
अर्थ को जीवन सुफल है, भूख को चिरकाल चिंतन,
नंगी-धड़गी सभ्यता के द्वार विकृत यौन है ।
लुटती रही हैं आज तक, लुटती रहेंगी द्रोपदी,
लंगड़ी-लूली आस्था के बीज बोता द्रोण है ।
खोल दो मुट्ठी उठा लो तीर - तरकश हाथ में,
‘तेज’ ये हिंसा नहीं, एक क्रांतिमय दृष्टिकोण है ।
<><><>
