शब्द चित्र

दिमाग घूमता रहेगा तो ऐसे सपने आएंगे ही

-तेजपाल सिंह ‘तेज’

     तीन दिसंबर दो हज़ार पांच की बात है। मैं डॉ. तेजसिंह को वैसे ही फोन कर बैठा। पत्रिका (अपेक्षा) के विषय में कुछ बात हुई। और कुछ यहां-वहां की। उन्होंने इस बीच बताया कि आज साहित्य अकादमी के सभागार में 'वरवर राव' के काव्य संग्रह पर साढ़े चार बजे एक गोष्ठी है, वहां मिलिए। मैंने हां कर दी। शनिवार का दिन था। बैंक कर्मी शनिवार को  लगभग दो बजे कार्यमुक्त से हो जाते हैं। मेरे एक मित्र हैं पी.आर.तंवर। मैंने उनसे इस विषय में कुछ बातें कीं। हम दोनों अक्सर घर से दफ्तर, दफ्तर से घर, साथ-साथ आते-जाते हैं। उन्होंने कहा, 'ठीक है। तंवर जी बोले,”कुछ देर कनॉट प्लेस में विन्डो-शॉपिंग करेंगे। मेरी ट्रेन का समय हो जायेगा और आपका संगोष्ठी में जाने का।  शंकर बाज़ार में एक-एक चाय जरूर पिएंगे।” घूमते-घूमते लगभग साढ़े तीन बजे, हम कनाट प्लेस के शंकर बाज़ार पहुंच गए जो सुपर बजर के पास है। चाय वाले के पास गए। कम चीनी की चाय बनवाई। बातों-बातों में चाय समाप्त की। औरहै फिर बिछुड गए अपने-अपने गंतव्य की ओर। तंवर साहब शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन से ट्रेन से घर जाने के लिए चले गए और मैं साहित्य अकादमी के सभागार में आयोजित 'वरवर राव' की 'साहस गाथा' कविता संग्रह पर आयोजित परिचर्चा में शामिल होने।

     वहां पहुंचा तो पाया कि मुझे जानने वाले कुछ कम ही लोग थे। मुझे न्यौता देने वाले डॉ. तेजसिंह स्वयं ही हाज़िर नहीं थे। खैर! जे एन यू के कुछ रंगकर्मी छात्र ऐसे थे जो मुझे काम और नाम दोनों से जानते थे। वो इसलिए कि कुछ वर्षों पूर्व वे हमारी बस्ती ‘बैंक कॉलोनी’ में लोकसभा चुनावों के दौरान एक नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन कर रहे थे। मुझे उनका प्रदर्शन अच्छा लगा। मैं उन सबको अपने घर ले आया। चाय-पानी की व्यवस्था की। चाय-पानी के साथ-साथ कुछ वैचारिक छेडछाड़ भी हुई। मेरे और उनके विचार कमोबेश एक से लगे। उसी दौरान मेरा कविता संग्रह 'वेताल दृष्टि' प्रकाशित हुआ था। मैंने सभी रंग-कर्मियों को उसकी एक-एक प्रति भी सादर समर्पित की थी। 'बरवर राव' की 'साहस-गाथा' पर आयोजित परिचर्चा में मुझे पहचानने वाले लगभग वे ही रंग-कर्मी थे। महज विचार के संबंध ने उन्हें मेरा अपना बना दिया था। अशोक वाजपेई, पंकज बिष्ट, डॉ. विश्वनाथ त्रिपाठी,  डॉ. कंचन,  मैनेजर पांडे जैसे अनेक चर्चित लेखक सभागार में उपस्थित थे, किन्तु मुझे आने का न्यौता देने वाले डॉ. तेजसिंह सबसे बाद में आए। यह बात अलग है कि संयोगवश उन्हें मेरे आगे की सीट ही मिल गई। सो मौका मिलने पर काना-फूसी भी कर लेते थे। उनके आने से पूर्व, बस त्रिपाठी जी से कुछ बातें हुईटाई थी...शायद वो मुझे पहचानते थे। मैं उन्हें नहीं।  

     संगोष्ठी के शुरू में, एक समूह गान प्रस्तुत किया गया। यहां, यह उल्लेख करना जरूरी है, वरवर राव की किताब 'साहस-गाथा' पर आयोजित परिचर्चा पूरी की पूरी जनवादी सोच पर आधारित थी। संचालक महोदय ने यह उद्घोष भी किया था कि यह मूलतः केवल साहित्यिक संगोष्ठि नहीं है, अपितु 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर एक हमला' इस संगोष्ठि का केन्द्र बिन्दु है। यह हमला 'वरवर राव' पर इसलिए हुआ क्योंकि वरवर राव एवं उनके एक अन्य साथी  नक्सलवादियों और सरकार के साथ शांति-वार्ता में शामिल थे। अतः उन्हें भी नक्सलवादी मान लिया गया और तमिल सरकार ने यानी कि केन्द्र में शासित कांग्रेस की सरकार ने उन पर कई आरोप लगाकर जेल में डाल दिया। वो आज भी जेल में हैं।

     संचालक महोदय ने सर्वप्रथम डॉ. मैनेजर पांडे जी को बोलने का मौका दिया। वो माइक पर आए। बोले, आज कविता में संघर्ष पर बात करने की ज्यादा आवश्यकता है। उन्होंने वरवर राव की कई कविताओं का उल्लेख करते हुए सारांशतः इतना कहा कि स्वांत-सुखाय कविता से सत्ता कभी भी नहीं डरती। किंतु हां! जो कविता जनता की आवाज़ बन जाती है, सत्ता उससे अवश्य डरती है। आज वरवर राव की कविताएं कबीर, सूरदास, मीरा, और नागार्जुन की तर्ज पर, कम से कम तमिल में जनता की जुबान पर हैं। सत्ताएं तो बनती-बिगड़ती रहती हैं किंतु जनकवि अमरता का चोला सदैव-सदैव पहने रहता हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र का यह दुर्भाग्य है कि जिनको जनता के सामने बीच रहना चाहिए, वे जेलों में बन्द हैं और इस भारत में कांग्रेसी रुग्ण-संस्कृति के चलते जिन लोगों (मंत्रियों को जेल में रहना चाहिए था, आज वो जनता के प्रतिनिधि बन  लोकतंत्र सही अर्थों में लोकतंत्र नहीं, बस! लूट-तंत्र है।

     संचालक महोदय ने वरवर राव को नागार्जुन  जैसे कवि होने की संज्ञा दी। बरवर राव की कविताओं की नागार्जुन की कविताओं में समानता दर्शाते हुए वरवर राव को ‘जन-कवि’ यानि कि ‘ज़मीनी कवि’ होने की उपाधि दी। इसके बाद वरवर राव की पत्नी (हेमलता) के द्वारा वरवर राव के  तमिल गीत का सस्वर पाठ किया गया। इससे पहले उसका हिन्दी पाठ भी प्रस्तुत किया गया था। इस बीच बरबर राव द्वारा भेजे गए संदेश को हिन्दी और अंग्रेज़ी में दोनों भाषाओं पढ़कर सुनाया गया।

     चार बजे शुरू होने वाली परिचर्चा लगभग पौने पांच बजे शुरू हुई। सभागार में लगभग लेखक, कवि एवं पत्रकार ही उपस्थित थे। कई कैमरे वाले भी थे। अच्छी खासी भीड़-भाड़ थी। कुर्सियां न मिलने से जे.एन.यू के ज्यादातर छात्र अपने हाथों में कलम और डायरी लिए कुर्सियों के बीच कैरीडोर में बिछे कालीन पर बैठे थे। सब कुछ न कुछ लिखने में व्यस्त थे। पता नहीं वे क्या लिख रहे थे । किन्तु कैमरामैन उनसे ही से ज्यादा मुखातिब थे ।

     अब तक लगभग छह बज चुके थे। आमंत्रित वक्ताओं में से अभी तक केवल डॉ. मैनेजर पांडे को ही बोलने का अवसर मिला था। मुझे लगा कि कार्यक्रम काफी लम्बा खिंचेगा। मैंने चलना ही बेहतर समझा। कमर दर्द की वजह से मुझे बैठने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। डॉ. तेजसिंह को धीमे से कान में बताकर मैं चलता बना।

     मैं रोज़ाना ट्रेन से कार्यालय और कार्यालय से घर आता-जाता हूं। शालीमार गार्डन से साहिबाबाद और साहिबाबाद से संसद मार्ग का सफर कम से कम लगभग एक घंटा पन्द्रह मिनट में तय हो जाता है। हां! संध्या काल में भीड़भाड के कारण आनंद विहार के रास्ते घर जाना कष्टपूर्ण होता है। ट्रेन में चढ़ना भी मुश्किल और उतरना भी। इसलिए मैं शाम को अक्सर बारास्ता पुरानी दिल्ली होकर साहिबाबाद होकर बुलन्दशहर को जाने वाली ट्रेन से आता हूं। आज तिलक-ब्रिज तक आने में तनिक देरी हो गई और स्टेशन पर खड़ा रहा। दस पन्द्रह मिनट बाद मेरठ छावनी को जाने वाली  दिल्ली होकर साहिबाबाद को जाने वाली ट्रेन भी छूट गई। मैं शिवाजी ब्रिज पर ही खड़ा रहा। शनिवार होने के कारण आज गाड़ी में सवारियां कुछ कम ही थीं। मैं मूंगफली खाते-खाते उसमें सवार हो गया। लेकिन मानवीय मूल्यों की गिरावट के चलते कुछ देहाती लोग ऐसे पसरकर बैठे थे कि जैसे ये उनका शयन कक्ष हो । समूह में चलने वालों का रवैया अक्सर तानाशाही का होता है। सीटें खाली पड़ी होती हैं। किन्तु समूह के दादा किसी को बैठने नहीं देते। मना करने का सीधा-सा बहाना होता है कि हमारे साथी आ रहे हैं। अब समूह से कौन लड़े?  मैं चुपचाप एक ओर खड़ा हो गया। भला हो एक सज्जन का, जिन्होंने मुझे बुलाकर अपने पास बैठा लिया। आपस में बातों का ऐसा दौर चला कि पता ही नहीं चला, साहिबाबाद कब आ गया। आज सीजनल पास की भी अंतिम तारीख थी। ट्रेन से उतरकर सीधे पास काउंटर पर गया। नया पास बनवाया। घर चला तो स्टेशन से ही दो किलो उबले हुए सिंघाड़े खरीदे और सीधे घर आ गया। रास्ते में एक सिगरेट भी पी। घर आया। हाथ-मुंह धोए। कपड़े बदले। थोड़ी देर टी.वी. के सामने बैठा। सरसों के साग से मक्का की रोटियां खाई। कुछ घूमा-फिरा और सो गया।

     रात के लगभग दो बजे मेरी नींद टूटा गई और मैं जाग गया। शौचालय गया। पेशाब किया और पुनः सो गया । तपाक से नींद भी आ गई। सोया ही था कि मुझे सपने ने घेर लिया। मेरे एक घनिष्ठ मित्र जिसकी वर्षों पूर्व मौत हो चुकी थी,  एक असामान्य-सी औरत के साथ आ धमके। मैं उन्हें देखकर चौंक उठा। थोड़ा पलक झपकने के बाद जान पाया कि वे ग्रीन सत्ता' के प्रबंध संचालक डॉ. के. एस. गौतम थे।  वे यकायक कह उठे, 'चौंक गए ना मुझे देखकर कि मैं आज भी जिन्दा हूं। गौतम जी बोले, “ जानते हो,  मुझे गलती से महाकाल के दूत असमय ही उठाकर ले गए थे। चार-पांच साल तक मुकदमा लड़ा है मैंने महाकाल से।  जान-बूझकर उठवाया गया था मुझे। एक चुड़ैल थी जिससे कभी अनजाने में मेरा संबंध हो गया था। बाद में संबंध टूट गया था। ये सब उस ही की चाल थी कि उठवा दिया मुझे।

     कुछ समझ नहीं पा रहा था। मुझे तो वो सचमुच जिन्दा इंसान लग रहे थे। वे बातें भी उसी अंदाज में कर रहे थे। पर मेरे हृदय के किसी न किसी कोने में शंका विद्यमान थी। उनके साथ आई महिला जैसे मौनग्रस्त थी। मेरे बच्चे व बीवी उन्हें जिंदा देखकर चौंके तो थे हीं भयग्रस भी थे। मगर घर के बाहर चबूतरे पर मेरे और गौतम जी के बीच हो रहे वार्तालाप को सुनकर अच्छी-खासी भीड़ एकत्र हो गई। वर्षों बाद देखा था गौतम जी को मेरे साथ। वह भी मरने के बाद। मैं और गौतम जी उठे और बस्ती में घूमने चल निकले। किन्तु जिधर से भी गुजरते उधर के लोग गौतम जी को मेरे साथ जीवित देखकर चकित होते और मुंह मोड़कर चलते बनते। मैं था कि गौतम जी के साथ-साथ चले ही जा रहा था। ठीक वैसे ही जैसे उनके जीवन काल में। रास्ते के एक छोर पर पान-बीड़ी वाले की दुकान पड़ी। गौतम जी अचानक कह उठे, आज सिगरेट नहीं पिलाओंगो ?' मैंने कहा, 'क्यों नहीं? दो छोटी गोल्ड फ्लेक सिगरेट खरीदी और हंसते-खेलते पी डाली। घर को वापिस चल पड़े। मुझे लग ही नहीं रहा था कि यह वह के. एस. गौतम नहीं है जो वर्षों पूर्व मर चुका था। वो ही मिलन-सारिता, वो ही फक्कड़पन, वो ही उठने-बैठने का अन्दाज घर वापिस आए तो देखा कि घर पर भीड़ अब भी जमा थी। किंतु गौतम साहब के साथ आई अधेड़ महिला अव गायव थी।  जैसे ही घर लौटे मेरी पत्नी मुझ पर बरस पड़ी, "तुम्हें पता नहीं तुम एक भूत के साथ घूम रहे हो?" मैंने उसकी बात आई-गई कर दी।

     गौतम जी ने फिर अपनी मृत्यु गाया सुनानी शुरू कर दी। उनका प्रयास था कि वे अपने जिन्दा होने का यकीन दिला पाएं। मैं पूछ ही बैठा, 'तुम्हारा महाकाल से चल रहा मुकदमा कब खत्म हुआ और तुम्हें अपने प्राण कब वापिस मिले' ? गौतम जी शायद मेरे प्रश्न का आशय समझ गए थे। कुछ सोचकर बोले, 'अभी दो दिन पहले ही। सबसे पहले में आपसे ही तो मिलने आया हूं। जीते-जी तुमने बहुत साथ दिया था मेरा। मुझे आज भी याद है कि जब में अस्पताल में भर्ती था, एक तुम ही थे जो बराबर मेरी देख-रेख में लगे थे। मेरे पास-पल्ले कुछ नहीं था-सो अपने-पराये सब मुझसे कन्नी काट रहे थे। किंतु तुमने एक मौका खो दिया था कि मेरे जनाज़े में तुम हाज़िर नहीं थे। मैंने बात काटते हुए पूछा, तुम्हारे साथ वह महिला कौन थी।' 'कौन-सी महिला?  नहीं... नहीं...मेरे साथ कोई महिला-वहिला नहीं थी।' गौतम जी कुछ तेवर में बोले। भीड़ बढ़ती ही जा रही थी। मैंने सोचा, घर के अंदर बैठकर बात करें। मैं गौतम जी को घर के अन्दर ले गया।

     घर में मरम्मत का काम चल रहा था। मकान को तोड़कर नए सिरे जो बनाया जा रहा था। सब कुछ ऊबड़-खाबड़ था। बरामदे में चारपाई पड़ी थी और दूसरी कीचड़ भरे आंगन में । गौतम जी दूसरी चारपाई पर आकर बैठ गये। मैंने उनसे बरामदे में आने के लिए कहा। वो इतना सुनकर मुस्कराये और बोले, 'यहां क्या बुरा है? आखिर सबकों एक दिन मिट्टी में ही तो मिलना है।'  इतना सुनकर मैं मन ही मन तिलमिला उठा। लगा कि ये सचमुच का गौतम नहीं है। किन्तु उनके हाव-भाव एवं व्यवहार से ऐसा लगता ही नहीं था। मेरे दोबारा कहने पर गौतम जी बरामदे में पड़ी चारपाई पर आ गए। मैं चारपाई पर लेटा था। वे बैठे थे। मैं उनकी आंखों में झांकने लगा। इसी बीच एक अन्य व्यक्ति आ पहुंचा। वह भी गौतम जी को साक्षात देखकर हैरत में था। इससे पहले वह कुछ कहता, गौतम जी मुझ पर हावी होते चले गए। उनका चेहरा-मोहरा एक दम भयानक एवं आंखें गहरी हरी व पुतलियां लाल हो चली थीं। वो मुझ पर निरन्तर दबाव बनाए जा रहे थे और मैं उनसे मुक्त होने को प्रयासरत था। किन्तु मैं पूरी तरह दबाव नहीं बना पा रहा था। आगन्तुक भी चुपचाप डरा-डरा सा मौन था। मुझे अब लगने लगा था कि गौतम जी जिन्दा होने का नाटक कर रहे हैं। मैं झुंझला उठा। मन में विरोध उत्पन्न हुआ और मैंने पूरे जोर से एक ऐसा झटका दिया कि गौतम जी उछलकर दूर जा पड़े। इसी क्षण मेरी नींद भी टूट गयी। उठकर देखा कि सन्नाटे के अलावा वहां कुछ भी मौजूद नहीं था ।

     मैं हक्का-बक्का खाट से उतरा और सारे घर में एक सांस में घूम गया। बीवी-बच्चे सब अपने-अपने स्थान पर सो रहे थे। किन्तु गौतम जी का भूत मेरे सिर पर बरकरार था। सन्नाटा मुझे खाए जा रहा था। मैंने यकायक पत्नी को जगाया। चाय बनवाई। चाय पीते-पीते मैंने सपने का सारा घटनाक्रम पत्नी को सुनाया। जब कहीं सिर हल्का हुआ। किन्तु पत्नी माथा पीटकर रह गई और बुदबुदाते हुए बोली, “जब सारा दिन दिमाग उधर-उधर घूमता रहेगा तो ऐसे सपने तो आएंगे ही।” इतना कह वो अपनी चारपाई पर जाकर सो गई।0000

 तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रहऔर अन्य।

 तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन केप्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो  का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000