तेजपाल सिंह ‘तेज’ चयनित ग़जलें



“झीने आँचल की छाया में”








संकलन व संपादन


हरेराम नेमा समीप













कॉपीराइट :-तेजपाल सिंह ‘तेज’

वेबसाइट :-

प्रकाशक ईमेल :-publish@bookrivers.com

प्रकाशन वर्ष :-2023 

मूल्य:- /-रूपये

ISBN:-





यह पुस्तक इस शर्त पर विक्रय की जा रही है कि लेखक की पूर्वानुमति के बिना इसे व्यावसायिक अथवा अन्य किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जा सकता। इसे पुनः प्रकाशित कर बेचा या किराए पर नहीं दिया जा सकता तथा जिल्दबंद या खुले किसी अन्य रूप में पाठकों के मध्य इसका वितरण नहीं किया जा सकता। ये सभी शर्तें पुस्तक के खरीदार पर भी लागू होती हैं। इस सम्बन्ध में सभी प्रकाशनाधिकार सुरक्षित हैं। इस पुस्तक का आंशिक रूप से पुनः प्रकाशन या पुनः प्रकाशनार्थ अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखने, इसे पुनः प्रस्तुत करने के लिए अपनाने, अनूदित रूप तैयार करने अथवा इलेक्ट्रॉनिक, मैकेनिकल, फोटोकॉपी तथा रिकॉर्डिंग आदि किसी भी पद्धति से इसका उपयोग करने हेतु पुस्तक के लेखक की पूर्वानुमति लेना अनिवार्य है।










“झीने आँचल की छाया में”






तेजपाल सिंह ‘तेज’










तेजपाल सिंह ‘तेज’ की ग़जलों पर विद्वानों की सम्मतियाँ

‘टी.पी.सिंह बागी तेवर का शायर है, वे आने वाले दिनों में छिपे रह गए ममार्थ को खोजकर कुछ और भी दिशा-परक कहेंगे। इनकी गजले अक्सर सच बोलती है, जो पेस्तर कड़वा और दर्द भरा हुआ करता है। ये नई जमीन परिवार के सदस्य सरीखे हैं।

तेजपाल सिंह 'तेज' की ग़ज़लों का मुख्य विषय आदमी है। वह आदमी के दुख-दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करते हैं और बहुत खूबसूरती से ग़ज़ल के पैकर में ढालकर पेश करने का हुनर जानते हैं। आज की मशीनी दुनिया में जिस तरह प्रेम, सद्भावना दया और मेल-मिलाप का खून हो रहा है, उसे देखकर वह खामोश नहीं रहते बल्कि ग़ज़लों के माध्यम से इसके खिलाफ इस तरह आवाज़ उठाते हैं कि यह हर दर्दमंद इंसान की आवाज़ बन जाती है। इस तरह तेजपाल सिंह 'तेज' की ग़ज़लों का संग्रह' दृष्टिकोण' हर संवेदनशील इंसान का दृष्टिकोण बन जाता है"।

मि ‘तेजपाल सिंह ‘तेज’ आसान भाषा में भावार्थ की ऐसी दुनिया पेश करते हैं, जिसमें आजकल के हालात की सच्चाई अपने असली रूप में सामने आ जाती है। वह एक आदर्श संसार का सपना देखते हैं, जहाँ हर तरफ भाईचारा, प्रेम, और सद्भावना पायी जाती है। लेकिन वास्तविक संसार में जब यह सपना बिखरने लगता है, तो उनके लहजे में कटाक्ष हावी हो जाता है। यह निष्पक्ष लहजे को प्रभावकारी बनाने में मदद ही देता है, लेकिन इस लहजे से ग़ज़ल के नाजुक बदन पर कोई खरोंच नहीं आने पाती।तेजपाल की ग़ज़लों का मुख्य विषय आदमी है। वह आदमी के दुःख दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करते हैं और बहुत खूबसूरती से ग़ज़ल के पैकर में ढालकर पेश करने का हुनर भी जानते हैं। आज की मशीनी दुनिया में जिस तरह प्रेम, सद्भावना, दया और मेलमिलाप का खून हो रहा है, उसे देखकर वह खामोश नहीं रहते बल्कि ग़ज़लों के माध्यम से इसके खिलाफ इस तरह आवाज़ उठाते हैं कि यह हर दर्दमंदइंसान की आवाज़ बन जाती है।’

’शाहिद सिद्दीकी

संपादक, नई ज़मीन व वरिष्ठ राजनेता, नई दिल्ली

***

“मुस्कराहट दर्द से भरी है या दर्द को मुस्कराहट छिपाने का प्रयास कर रही है ? बात के पीछे व्यंग्य है या व्यंग्य की हीबात है ? सूई को हाथ में अपना तन बेधने के लिए पकड़ रखा है या उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए ? इन सवालों का जवाब तो 'तेज' को देख, सुन या पढ़कर दे पाना मुश्किल है, पर उसे देख, सुन या पढ़कर ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे ज़रूर।“

ए०पी०एन० पंकज

सेवा-निवृत्त महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैक

वरिष्ठ गीतकार एवं कथाकार

***

‘‘तेजपाल सिंह ‘तेज’ की दलित मर्म छूती हुई इन ग़ज़लों में जिन्दगी के संघर्षों की कड़वाहट मिलती है। साथ ही सामाजिक परिवर्तन की प्यास भी।’’

मोहनदास नैमिशराय

वरिष्ठ साहित्यकार

***

“यह ग़ज़लकार बाजारवाद और उसकी बिकाऊ वृत्ति, राजनीतिक तिकड़मबाजी, समाज के ठेकदारों की ‘नूरा कुश्ती’, नौकरवर्ग की लालफीताशाही, मानवीय संवेदनाओं का यांत्रिकीकरण, सांप्रदायिकता, अलगाववाद, धर्म के नाम पर दंगे-फसाद, भ्रूण हत्या, स्त्री, दलित शोषण, प्रदूषण, मँहगाई, भ्रष्टाचार, बेकारी, झूठ-फरेब, फैशन, प्रेम के नाम पर हो रहे शरीर प्रदर्षन आदि त्रासदियों, विसंगतियों को अभिव्यक्त कर रहे हैं। आज की स्थिति विपरीत से विपरीत बनती जा रही है। जैसे ही चुनाव खत्म होते हैं, वैसे ही वह अपनी असली औकात पर उतर आते हैं और लोगों से गुण्डों जैसा व्यवहार करने लगते हैं। आज यहाँ नेता ही डाकू और डाकू ही नेता है जो मानवता के सीने पर ‘मजहब का भूचालश् मचा रहे हैं। निर्बल किसान, मजदूर, औरत आदि को अपनी ईच्छाओं की पूर्ति का साधन मान रहे है।’’ “शती का यह ग़ज़लकार बाजारवाद और उसकी बिकाऊ वृत्ति, राजनीतिक तिकड़मबाजी, समाज के ठेकदारों की 'नूरा कुश्ती', नौकरवर्ग की लालफीताशाही, मानवीय संवेदनाओं का यांत्रिकीकरण, प्रदायिकता, अलगाववाद, धर्म के नाम पर दंगे-फसाद, भ्रूण हत्या, स्त्री, दलित शोषण, प्रदूषण, मँहगाई, भ्रष्टाचार, बेकारी, झूठ-फरेब, फैशन, प्रेम के नाम पर हो रहे शरीर प्रदर्शन आदि त्रासदियों, विसंगतियों को अभिव्यक्त कर रहे हैं। "सारांशत ग़ज़ल की जिस परम्परा को दुष्यंत ने पाला-पोसा, उसकी अगलीकड़ी के ग़ज़लकारों में तेजपाल सिंह 'तेज़' का नाम लेना सर्वथा उपयुक्त है।"

प्रो. गोरख काकड़े

इक्कीसवींशतीकीहिंदीग़ज़ल : स्थिति एवं संभावनाएँ”

हिंदी विभाग, सरस्‍वती भुवन महाविद्‌यालय, औरंगाबाद

***

‘युवा ग़ज़लकार तेजपाल सिंह ‘तेज’ का ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण”अपने कथ्य और भाषा शैली के लिए विशेष रूप से उल्लेखनीय है। तेजपाल सिंह ने नई जमीन पर ग़ज़लें कहने की कोशिश की है। उनकी इन ग़ज़लों में मौजूदा व्यवस्था के प्रति आक्रोश है, क्रोध है, चीख और चिल्लाहट है। वस्तुतः संघर्षधर्मी रहे तेजपाल सिंह की निजी जिन्दगी की तरह उनकी ग़ज़लों में आम आदमी की जिन्दगी के संघर्षों की कड़वाहट भी है, और सामाजिक परिवर्तन की उम्मीद भी है। और सबसे बड़ी विशेषता इन ग़ज़लों में ग़ज़ल के मिज़ाज और गीतों की रवानगी दोनों का एक सफल समन्वय है।’’

जगदीश चंद्रिकेश

उप-संपादक, कादंबनी, हिंदुस्तान टाइम्स

***

‘‘समृद्ध हिन्दी ग़ज़लकारों की परम्परा में एक नया नाम बागी तेवर के धनी तेजपाल सिंह ‘तेज’ का जुड़ता है, उनकी ग़जलें एक नया संवेदनात्मक आक्रोश लेकरआती हैं। टी पी सिंह 'तेज' निःसंकोच आलोचना के धनी मूर्धन्य गजलकार साहित्यकार 'कवि' लेखक हैं। वर्तमान समय के लेखकों में आपसी द्वेष भाव व मिलनसार ना होना तथा संवेदनशीलता के अभाव में संवादहीनता का होना दलित साहित्य आंदोलन के लिए एक भयावह संदेह की दृष्टि उत्पन्न करती है। टी पी सिंह में यह भाव देखने को नहीं मिलता ।

डॉ . कुसुम वियोगी

वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार

***

“तेज ने इंसानी जज्बात को बखूबी महसूस करते हुए कागज को रोशनाई दी है। युग की आवाज़ को वे पहचान गए हैं।उन्होंने आज की कशमकश को अपनी शायरी में पिरो दिया है। आम आदमी का दर्द ही जैसे उनकी ग़ज़ल है। ग़ज़ल की रिवायत रूमानी थी, आशिकाना थी, शराबी थी, किन्तु तेजपाल सिंह की ग़ज़लें सियासी जामा पहनकर संघर्षों के साथ निर्माण को तलाशती हैं।’’

जावेद अख्तर

सेवानिवृत्त महाप्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक

***

आज की ग़ज़ल का निर्वाह भावों की संकरी गली से नहीं जीवन-मूल्यों, विषमताओं और दैनिक संघर्षों के खुले मैदान में है। ग़ज़ल अब इस तंग गली से निकलकर मानवीय संवेदनाओं खेल रही है। ग़ज़ल अब महबूब से बतियाने तक सीमित नहीं है, अब वह गेसू, रुखसार और महबूब के दिलकश तिल की बनी सीमाओं से बाहर निकल, जीवन की दैनिक भट्टी में जलते जन साधारण के जख्मों को सहलाती है, उन पर मरहम लगाती है; बल्कि यह कहना ज्यादा उचित होगा कि जख्मों को कुरेद नए सिरे से भरती है। रोटी से लेकर बेटी तक के यथार्थ प्रश्नों को सुलझाती है। आज की ग़ज़ल शाम के धुंधलके में मात्र  सुरमई रंग ही नहीं तलाशती बल्कि जीवन की पथरीली सड़कों पर कर्कश धूप में भागने का साहस भी रखती है। आंखों में रंगीन सपने ही नहीं भरती, सियाह रात की ओर भी इंगित करती है। आज की ग़ज़ल जीवन के उस यथार्थ की बात करती है जहां खोटे सिक्के पिघलकर राख हो जाया करते हैं। आज की ग़ज़ल वह प्रकाश पुंज है जो अंतर को उद्भासित करती है, आलोकित करती है और यथार्थ के रूबरू हो आंखें मिलाने की हिम्मत रखती है। अव्यवस्था को चिंदी-चिंदी कर व्यवस्था के ताने-बाने बुनती है । इन अर्थों में ‘तेजपाल की ग़ज़लें अन्य विशेषताओं के साथ-साथ मन-मस्तिष्क को झकझोरती हैं। जीवन के यथार्थमयी तिक्त-मधुर अनुभवों को पूरी शिद्दत के साथ सम्प्रेषित करती हैं। कठोर यथार्थ का पाठक तक यह सम्प्रेषण इन ग़ज़लों की अपनी ही विशेषता है।’’

कन्हैयालाल बालू

सेवा निवृत्त प्रधानाचार्य केंद्रीय विद्यालय

***

जितना मैंने तेजपाल सिंह 'तेज' को उनके साहित्य कर्म की निजता के आधार पर जाना-पहचाना है, उसके आधार पर मुझे यह कहने में कोई झिझक नहीं है कि वे एक साहित्यकार के रूप में सामाजिक यथार्थ के चितेरे, जग-जीवन के व्याख्याता और व्यंग्य के साधक तो हैं ही, साथ ही उनके काव्य में मानव-जीवन की अनुपम छवियां देखने को मिलती हैं। उन्होंने मानव-जीवन के यथार्थ का चित्रण किया है। उनका काव्य उनके अनुभव से प्रेरित है। वे एक ऐसे स्वस्थ समाज का निर्माण होते देखना चाहते हैं, जिसमें सभी सुखी हों, कुत्सित परंपराएं, रूढ़ियां, कुरीतियां, शोषण, अन्याय-अत्याचार और आडंबर न हों। तेजपाल सिंह 'तेज' का दृष्टिकोण मानवतावादी है। उन्होंने किसी भी रूप में पीड़ा भोगने वाले व्यक्ति के प्रति सहानुभूति का भाव ही नहीं दर्शाया, अपितु संवेदना को महत्ता प्रदान की है। साहित्यकार के लिए संवेदनशील होना पहला और आवश्यक है। तेजपाल सिंह 'तेज' संवेदनशील होने के साथ-साथ एक जागरूक और जुझारू नागरिक भी हैं। यह बात उनकी ग़ज़लों, गीतों, कविताओं और गद्य साहित्य से स्पष्ट होती है।

डा. देवी प्रसाद

डीडीयू शेखावटी विश्वविद्यालय, सीकर (राज.)

9414777031

***

मेरे लिए सिंह साहब, अपने पिता के समान आदरणीय हैं। आप सिर्फ एक सच्चे लेखक ही नहीं अपितु एक अच्छे रहनुमा भी है, जो ऊंगली पकड़ के राह दिखाने का काम करते है। मेरी दोनों किताबों 'रेतीली सांझ' व 'औरत एक बोनसाई' के छपने का श्रेय तेजपाल जी को ही जाता है। अगर आप न होते तो शायद मेरी रचनाएं भी डायरी के जर्द पन्नों में ही सिमट कर रह जाती। आपकी प्रेरणा व समयानुसार निर्देशन ने मुझ में सदैव नई ऊर्जा का संचार करवाया व मेरे साहित्यिक मार्ग को प्रशस्तकिया। उनके सेवा निवृत्त होने के बाद बरसों से सिंह साहब से मिलना नहीं हो पाया, पर उनके बारे में लिखना एक सुखद अनुभूति है। मेरे पास अशेष स्मृतियां हैं पर शब्द सीमा है इसलिए मुझे विराम देना होगा। मैं तेजपाल सिंह जी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं।

सुनीता खोखा

प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक

99100957138

***


         

संपादकीय


वरिष्ठ ग़ज़लकार तेजपाल सिंह ‘तेज’ ने समाज के दलित, वंचित और उपेक्षित वर्ग के सुख-दुख, उनकी संवेदना और आत्मसंघर्ष को अपनी ग़ज़ल से न केवल अभिव्यक्ति दी है, बल्कि ग़ज़ल के माध्यम से जन सामान्य को जाग्रत करने का भी बीड़ा उठाया है। आज देश के अम्बेडकरवादी आंदोलन के विचारकों और साहित्यकारों में तेजपाल सिंह ‘तेज’ का प्रमुख नाम है।

अपनी लेखन-यात्रा में उनके दो कविता संग्रह, एक शब्द चित्र, पांच बाल गीत संग्रह, एक गीत संग्रह सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक़  निबंध संग्रह और पांच ग़ज़ल संग्रह-दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है , गुजरा हूँ जिधर से, हादसों के दौर में तथा ‘तूफां की ज़द में’ प्रकाशित हुए हैं। इसके अतिरिक्त अनेक काव्य संकलनों का उन्होंने सम्पादन किया है। उन्होंने अनेक साहित्यिक पत्रिकाओं जैसे- ‘अपेक्षा’ तथा ‘अधिकार दर्पण’ आदि का नियमित सम्पादन व प्रकाशन किया है। उन्होंने एक टी वी सीरियल का पटकथा लेखन और निर्देशन भी किया है। उन्हें ‘बालगीत’ सहित अनेक पुस्तकों पर दिल्ली साहित्य अकादमी का ‘बाल साहित्य पुरस्कार’ तथा ‘साहित्यकार सम्मान’ प्रदान किया गया है। इनकी एक बालगीत की पुस्तक स्कूली शिक्षा हेतु प्रमाणित है-‘तन्हा जिन्दगी’ नाम से उनकी ग़ज़लों की एक कैसेट भी जारी हुई है।

दुष्यंत कुमार से प्रारम्भ हिन्दी गजल की जनधर्मी परम्परा के वे वरिष्ठ गजलकार हैं. हिन्दी ग़ज़ल में दलित चेतना की अभिव्यक्ति उनकी गजलों में पूरी शिद्दत से हुई है. उनकी बेबाक और बेखौफ ग़ज़लेंजहाँ व्यवस्था की पोल खोलती हैं वहीं सामाजिक अन्याय और अमानवीयता के विरुद्ध जनचेतना की पैरवी करती हैं। ये गजलें जीवन की विसंगतियों और उसके लिए हो रहे संघर्ष दोनों का बखूबी चित्रण करती हैं।

तेजपाल ‘तेज’ की ग़ज़लों का मुख्य विषय समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़ा आम आदमी का जीवन है, सर्वहारा का आत्मसंघर्ष है। वे इस आम आदमी के दुःख-दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करते हैं और उसे अपनी गजल की आवाज़ बनाते हैं। उनकी गजलें, व्यवस्थागत विसंगतियों और विद्रूपताओं के प्रति उनके प्रखर प्रतिरोधी तेवर को और मुखर करती नजर आती हैं. यद्धपि गजल के शिल्प पर उनका कथ्य हावी रहता है और कहीं-कहीं शेर बहर से बाहर हो जाता है परन्तु उनके यहाँ ऐसे भी अनेक शेर हैं, जो अपने कथ्य और भाषा-शैली के लिए विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। मिसाल के तौर पर ये शेर गौरतलब हैं-

    आंसू पी कर जीने का यूं काम किया,

    हमने जैसे अपना काम तमाम किया।

***

खोल दो मुठ्ठी उठालोतीर, तरकश   हाथ में,

‘तेज’ ये हिंसा नहीं, एक क्रांतिमय अभियान है।

***

  कौन दिशा में उड़े चिरैया,

  अंबर-अंबर आग पली है।

***

झीने आँचल की छाया में,

पीना भी अब क्या पीना है।


अतः कहा जा सकता है कि समकालीन हिन्दी गजल के विकास में तेजपाल सिंह ‘तेज’ की गजलों का महत्वपूर्ण योगदान है. चूंकि अभी वे सतत रचनारत हैं, इसलिए उनसे और बेहतर गजलों की उम्मीद की जा सकती है।

-हरेराम नेमा समीप

मोबा. 9871691313 







मेरा मानना है कि

 

कोई भी रचनाकार समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के परे होकर कोई रचना नहीं कर सकता। यह संभव ही नहीं लगता, क्योंकि वह जैसा देखता, भोगता है, उसके भीतर और बाहर के घात-प्रतिघात और उनसे उबरने के लिए संघर्ष आदि की छाया रचनाकार के मन-मस्तिष्क पर सदैव पड़ती है। कहना न होगा कि किसी भी रचनाकार को संघर्षशीलता, जुझारुपन, संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों के प्रति चेतना और दिशाबोध समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के भीतर-बाहर के घात-प्रतिघातों से ही मिलते हैं।

यह भी कि कविता, कविता की शर्तों पर नहीं, अपितु जीवन की शर्तों पर ही रची जाती है। ठीक यही तर्क ग़ज़ल पर भी लागू होता है। कारण कि ग़जल भी कविता का ही अलग शिल्प है। वैसे भी अब ग़ज़ल भी शब्दों और परंपरागत शर्तों की दासी नहीं रह गई है। यह भी नए-नए रूप बदलने लगी है। आम-आदमी के इतनी करीब आ गई है कि जिन्दगी और मौत का अंतर भी अब इसे समझ में आने लगा है। यदि ये कहूँ कि शायरी भी बड़ी अजीब चीज है, तो शायद अतिश्योक्ति नहीं होगी क्योंकि शायरी में कभी-कभी जिन्दगी और मौत, या यूँ कहें कि शब्द और खामोशी एक दूसरे में ऐसे उलझकर रह जाते हैं | यह लगने लगता है कि कभी शब्दों को खामोशी तो कभी खामोशी को शब्द मिल जाते हैं।

प्रस्तुत ग़ज़ल-संग्रह में संकलित अधिकांश ग़ज़लों में बनी सोच जीवन और मौत के संबंधों की गहराई की एक बानगी भर हैं। सच तो ये है कि मैंनें जीवन में जो भी व जितने भी कड़वे, तीखे या फिर मीठे घूँट पिए हैं, कितने ही आँसू , कितनी ही मुस्कराहटें मेरी आँखों में और मेरे अधरों पर उठी बैठी हैं, एक ग़ज़ल ही है जिसने हर पल कभी लय बनकर, कभी स्वर बनकर तो कभी केवल शब्द बनकर मेरी हर पीड़ा को प्राणवान किया है। इतना ही नहीं,  मैं जितने भी भौतिक जीवन और यदा-कदा आध्यात्मिक अनुभवों से गुजरता रहा, मैं जो भी सुख एवं सुख की पीड़ा के नए-नए अनुभव करता रहा वो मेरी ग़जलों में उभर कर आए हैं। ऐसे भी बहुत से रंग रहे, जिनके दर्शन तक भी नहीं हुए। किंतु मैं उसे भी अपनी भाव-प्रवणता अथवा कल्पना के जरिए अपनी अभिव्यक्ति में उतारता रहा। कभी कहकर, कभी गुनगुनाकर, या फिर बोलकर तो कभी कागज पर उतार कर। इस सबके चलते मैंने जाना कि जब तक सृष्टि है, तब तक अनुभूति है और जब तक अनुभूति है, तब तक अभिव्यक्ति है। लगता है कि पीड़ा की अभिव्यक्ति में भी सुख है। सुख की अभिव्यक्ति में तो सुख है ही – इसे दोहराने से सुख फैलता है, सुख का कद और बड़ा होता जाता है।

यह भी कि  शायरी करना अपने आप में एक कमाल है, किन्तु मैं उस कमाल से परिचित नहीं। वैसे भी किसी विषय की परिभाषा व गुण-धर्म देश, काल और परिस्थिति के अनुरूप प्रायः बदलते रहते हैं। इस मायने में, मैं एक अनगढ़ हूँ। सो मेरी ग़ज़लों में भी, आम जीवन से उत्पन्न मेरी अनुभूतियों की फकीराना अंदाज़ में सहज अभिव्यक्ति है,और कुछ भी नहीं। और यह भी कि मेरी गजलें शब्दपुंजों का नहीं वरन मेरे भीतर की बात का प्रतिनिधित्व करती हैं । यथार्थ की दुनिया के आसपास के हवा में सांस लेती हैं। काल्पनिक एवं हवाबाज दुनिया से परे की ग़ज़लें हैं। अमानवीय व्यवहार को बिना रोक-टोक/झिझक के न केवल उजागर करती हैं अपितु उसमें परिवर्तन हेतु साहस जुटाने का आह्वान भी करती हैं। उस भाषा में लिखी गई हैं जिसमें मैं स्वयं बोलता हूँ। बाज मौकों पर उर्दू भाषा के शब्दों का प्रयोग स्वभाविक रूप में उभर कर आया है या फिर जिस रूप में वे मेरी भाषा में मिलजुल गए हैं। हर मायने में एक आजाद शायरी है। हाँ! कहीं-कहीं पर, मानव—संबंधों के मूल आधार की तलाश में निष्पक्ष कटाक्ष अवश्य करती दिखती है। शब्दार्थ की अपेक्षा भावार्थ पर आधारित अव्लोकन का आग्रह करती हैं, क्योंकि मेरी ग़ज़लें किसी मठ में प्राप्त शिक्षा-दीक्षा की  देन नहीं हैं, वरन एक भोगा गया, देखा गया अथवा महसूस किया गया तथार्थ है। एक बात और कि मैंने इन ग़जलों को बार-बार देखने और निखारने का प्रयत्न किया है। किंतु फिर भी ठेठ ग़जल प्रेमियों को कोई तकलीफ पहुँचे तो कृपया क्षमा करें। मेरी इन ग़जलों में गेयता भी है और विषय समरूपता भी।

इसी क्रम में, पाठको से मेरी अपेक्षा है कि वे शब्दों और उनके प्रस्तुतिकरण के उलट-फेर में न पड़कर मेरे मनोभावों और उनकी जीवंतता की गहराईयों में उतरने का प्रयास करेंगे ताकि वो मेरे करीब, और करीब आ पाएं। उनकी सार्थक प्रतिक्रियाएं निसंदेह मेरा उत्साहवर्धन करेंगी।

मेरी इस यात्रा में माननीय के. एल. बालू, ईश कुमार गंगानिया और शीलबोधि सदैव भागीदार बने रहे, इस हेतु मैं उनका आभार-भरव्यक्त करके मुक्त नहीं होना चाहता, बल्कि मैं उनकी इस उदारता की निरंतरता का अभिलाषी बना रहना चाहता हूँ। हां ! अपने सभी सहयोगियों का सहृय आभार जरूर  प्रकट करता हूँ।

मेरी गजलों के उत्कृष्ट चयन और सम्पादन के लिए वरिष्ठ गजलकार और समीक्षक साथी हरेराम नेमा समीप जी का विशेष आभारी हूँ। प्रकाशक श्री वरुण मिश्रा जी, बूक्स रिवर्स, लखनऊ को इस पुस्तक के सुन्दर प्रकाशन पर हार्दिक धन्यवाद….

“कि जैसे भी कटी काट दी, हौं जिंदगी, हमने,

अब धुँए पर शोर कैसा, राख पर है बहस कैसी।“

                      -तेजपाल सिंह ‘तेज’      

 

















अनुक्रम






































झीने आँचल की छाया में,

पीना भी अब क्या पीना है।



























धरती-धरती अम्बर देख,

पलकों बीच समंदर देख।

तू भी कभी गली से उनकी,

एक-दो बार गुजरकर देख।

कब तक बिखर-बिखर गुजरेगा,

थोड़ा-बहुत सिमटकर देख।

चाँद से बातें करनी हैं तो,

तू भी कभी संवरकर देख।

हर लम्हा न बना दूरियाँ,

खुद से जरा लिपटकर देख।

तेरे पीछेभी कोई है,

पीछे जरा पलटकर देख।

***

 











धूप सा खिलना तिरा अच्छा लगा,

ख्वाब में मिलना तिरा अच्छा लगा।


यहां हर-पहर आवारगी का दौर है,

चाँद पर रुकना तिरा अच्छा लगा।


जानता हूँ ज़िंदगी अज़ाब है मगर,

जीस्त से लड़ना तिरा अच्छा लगा।


किसने कब उंगली उठाई स्वयं पर,

स्वयं पर हँसना तिरा अच्छा लगा।


राह दिल की ‘तेज’ गो अति तंग है,

पर बारहा चलना तिरा अच्छा लगा


***















खुद अपने से हार गया मैं,

हर लमहा  लाचार गया मैं।


लेकर खाली जेब न जाने,

क्या करने बाजार गया मैं।


खुद ही मैंने बाजी हारी,

वो समझे कि हार गया मैं।


आँख झुकाकर क्या बैठा कि,

वो समझे कि मान गया मैं।


‘तेज’ मैकदेकी ज़द से उठ,

कब कैसे किस हाल गया मैं।


***










ग़म मिरे बेशक किसी से कम नहीं हैं,

हाँ! मगर आँखे मिरी पुरनम नहीं हैं।


लोकशाही का किया सत्ता ने सर कलम,

पर कहीं भी शहर में मातम नहीं है।


महफिल में अपनी आज तू खुद सरनिगूं है,

है शुक्र कि महफिल में तेरी हम नहीं हैं।


कि दीपक जलाकर आँधियों को सौंप दें,

नाअक्ल इतने सिरफिरे भी हम नहीं हैं।


छोड़ भी दे ‘तेज’ तू नाहक दिलों से खेलना,

कि खेलने को यां खिलौने कम नहीं हैं।


***


(सरनिगूं = शर्मिन्दा)


















मज़हबी टेहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,

देखते रहिए कि रंग बदलेंगे अभी और।


भँवरों की मानो बारहा नीयत बदल गई,

इज्जत गुलो-गुलजार की लूटेंगे अभी और।


इस कदर अब आँधियाँ उभरी हैं फलक पर,

कि घौंसले अरमान के टूटेंगे अभी और।


कब तलक चिल्लाएगा चीखेगा आदमी,

कि इंसानियत के हौसले टूटेंगे अभी और


रुख हवा का देखकर लगता है 'तेज' कि

सपने अमन के और भी टूटेंगे अभी और।


***
















बात दिल की कही नहीं जाती,

गोया फुरकत सही नहीं जाती।


उनको बिछड़े हुए यूँ गुजरे बरसों,

याद उनकी मगर नहीं जाती।


वादा करते हैं मुकर जाते हैं,

शर्म उनकों मगर नहीं आती।


जीने मरने के सवालात न कर,

ज़िन्दगी यूँ ही गुजर नहीं जाती।


ऐसी उलफ़त का ‘तेज’ क्या होना,

कि जिसमें हरकत नजर नहीं आती।


***













ये ज़िन्दगी, सवाब है, क्या है,

मोहब्बत है, रुआब है, क्या है।


मैं खुद ही कोपढ़ता रहता हूँ,

मेरे भीतर कोई किताब है, क्या है।


भंवरे उससे ही मुख़ातिब क्यूँ हैं,

उसका चेहरा गुलाब है, क्या है।


वो क्यूं, आँखों में नहीं उतरे है,

रुख पे उसके, नकाब है, क्या है।


मैं सोकर भी क्यूं सो नहीं पाता,

मेरी आँखों में ख्वाब है, क्या है।


***















मौत हकीकत है, इसमें शुबा कुछ भी नहीं,

जिन्दगी का पुरअसर है मर्तबा कुछ भी नहीं।


ताउम्र मैं चलता रहा, खटता रहा, लेकिन,

तल्ख ख्वाबों के सिवा मुझको मिला कुछ भी नहीं।


रोका किया मैं उम्रभर, सांस जीने के लिए,

सांसे तो जिन्दा हैं मगर, मैं जिया कुछ भी नहीं।


करके कोई अहसान कुछ, गरजता तो ठीक था,

हरसू अबस चर्चा हुआ, पर किया कुछ भी नहीं।


लो करने लगे अपने ही अब बेआबरू ए! तेज,

उम्र के इस मोड़ पर शिकवा-गिला कुछ भी नहीं।


***


शुबा = शुबाह = शक










लगता है कि वो, कहीं अम्बर में रहता है,

वो जुगनू है कि सबकी नज़र में रहता है।


मंजिल की सू है आज भी उसकी नज़र,

इसी वजह से वो हरदम सफर में रहता है।


जहाँ इंसानियत ढूँढा करे है घर अपना,

वो है कि वो एक उजड़े शहर में रहता है।


मैं जिन्दा तो हूँ पर मुर्दों से कम नहीं,

सो मेरा वजूद, फिर-फिर खबर  में रहता है।


इश्क की राह में तिश्नगी भी कम नहीं,

इसलिए ही इश्क के अश्कों में असर रहता है।


***
















उजड़ा चेहरा देख रहा हूँ,

या उल्टा शीशा देख रहा हूँ।


आने वाले कल के कल का,

कच्चा चिट्ठा देख रहा हूँ।


अपने ही जैसा बेटा है,

जानो सपना देख रहा हूँ।


धुंधलाई आँखों पर यारा,

अन्धा चश्मा देख रहा हूँ।


मौत के आँगन में जीवन का,

बुझता चूल्हा देख रहा हूँ।


***















दुनिया की हर बिसात पर जो निगाह रखता है।

मेरे दिमाग में भी इक ऐसा सिपाह रहता  है,


न दुख में दुखी होता कभी और न सुख में सुखी,

बड़ा अजीब शख्स है आँखों में ख्वाब रखता है।


गो दोस्ती उसकी है नदियों से बहुत, फिर भी,

वो आँखों में जलन, होठों पे प्यास रखता है।


न जाने उसकी आँख में कितने समंदर हैं निहां,

पर शांत परबत की तरह अपना मिजाज रखता है।


उसका सफ़र में भी कोई रहबर नहीं होता,

‘तेज’ दुनिया में वो कुछ ऐसा मुकाम रखता है।


***















आज फिर आँख से निकला पानी,

बाद बरसों के है पिघला पानी।


कैसे लिक्खूँ मैं प्यार के नगमें,

मुट्ठी से मिरी रेत-सा फिसला पानी


हँसने-रोने का हुनर तक भूला,

भला किस सोच में उलझा पानी।


न हवा चली, न बिजली तड़की,

जाने किस तौर है बरसा पानी।


न तो रोता, न कभी हँसता है,

यूँ वक्त की मार से बदला पानी।


इस कदर हैं ‘तेज’ हवाएं निकलीं,

छोड़कर अपनी जमीं उछ्ला पानी।


***












वक्त से होकर ख़फा खुद को अनाम करलूँक्या,

उनके कहने भर से ही खुद को तमाम करलूँ क्या।


कब तक बचूँगा मौत से, एक दिन जाना ही है,

डरके अपनी जान को उजड़ी दुकान करलूँ क्या।


पाँवों में गो थकान है, होठों पे तिश्नगी,

ताज़गी सोचों की मैं यूँ ही तमाम करलूँ क्या।


क्या किया, क्या न किया, ये बीते कल की बात है,

कल के किए पर आज को बेज़ा निसार करदूँ क्या।


न आग का, न ‘तेज’ अब सूरज का खौफ़ है,

गैरों को अपने इसलिए अपना ईमान करलूँ क्या ।


***














होना भी अब क्या होना है,

जीना भी अब क्या जीना है।


जख़्म हुए नासूर जो उनको,

सीना भी अब क्या सीना है।


झीने आँचल की छाया में,

पीना भी अब क्या पीना है।


आज न पूछो उम्र ने मुझसे,

छीना भी तो क्या छीना है।


‘तेज’ करें क्या जब अपने ही,

सपनों का जख्मी सीना है।


***















मैं सफ़र से ऐसे गुजर गया,

ज्यूँ दरिया कोई उतर गया।


मिलने वाला मिल नहीं पाया,

मैं इधर गया वो उधर गया।


दर्पण देखा तो आँखों में,

रुख अपना ही उभर गया।


बासी फूल की पत्ती हूँ मैं,

ठसक लगी कि बिखर गया।


रात की खामोशी में तनहा,

न जाने कब संवर गया।


कल तक ‘तेज’ साथ था मेरे,

आज न जाने किधर गया।


***












बाकी कोई आस नहीं अब,

खुद की कोई तलाश नहीं अब।


गुजरे कल की बात क्या करना,

उसमें है कुछ खास नहीं अब।


खुशबूदार हवा का मौसम,

आता मुझको रास नहीं अब।


रिश्तों में वो पहले जैसी,

जानो तो कोई बात नहीं अब।


आज पड़ा यूँ कल पर भारी,

कि कल का कुछ अहसास नहीं अब।


***




















जीवन से अब डरता कब हूँ,

मरने से अब डरता कब हूँ।


आँखों में कोई ख्वाब नही अब,

रातों में अब जगता कब हूँ।


शेष कहाँ सांसों में खुशबू,

अब उनको मैं जँचता कब हूँ।


खुद को ही पढ़ता रहता हूँ,

अब मैं उनको पढ़ता कब हूँ।


सरदी-गरमी में पानी पर,

चलने से अब डरता कब हूँ।


***










परियों का फ़न जाने अब,

जुल्फों के ख़म जाने अब।


सारी उम्र निभाए रिश्ते,

रिश्तों का सच जाने अब।


साँसे करने लगीं जुगाली,

उम्र का करतब जाने अब।


अपनों का अपनापन जाने,

गैरों का रुख जाने अब


उम्र ढली तो ‘तेज’ मुकम्मिल,

जीवन का सच जाने अब।


***













पल-पल यूंही संवारा जीवन,

कदम-कदम पर हारा जीवन।


उनका मीठा-मीठा लेकिन,

अपना खारा-खारा जीवन।


हमने जाना एक चुनौती,

उनने जाना नारा जीवन।


मौत को आना है आएगी,

फिर-फिर लाख पुकारा जीवन।


बोल न पाया रहा सुबकता,

हमने लाख दुलारा जीवन।


मौत की चिट्ठी हाथ लिए है,

मानो है हलकारा जीवन।


***













जब वो मेरी खामोशी ने खूब सताए होंगे,

गाँव ये खामोशी के उसने तभी बसाए होंगे।


खुद से खुद ग़रउसने अपने नैन चुराए होंगे,

जाने कैसे उसने फिर ये चित्र बनाए होंगे।


उसकी भीगी आँखों में कहीं झाँक न लूं मैं,

मेरे चित्र से हटकर उसने अश्क गिराए होंगे।


रातों को जगना-इठलाना, सहर हुए सो जाना,

जाने उसने कैसे-कैसे ख्वाब सजाए होंगे।


***





दुनिया से जो जुड़ा-जुड़ा है,

खुद से पर वो जुदा-जुदा है।


कल तक दुनिया पर हावी था,

आज वो खुद से डरा-डरा है।


खुलकर हँसने वाले का भी,

गला आजकल भरा-भरा है।


जीने की आपा-धापी में,

खुद ही यम का रूप धरा है।


‘तेज’ लूटने वाला भी तो,

खुद ही जैसे लुटा-लुटा है।


***














चेहरे चेहरे पे उदासी क्यूँ है,

उम्र उनसे यूँ ख़फा-सी क्यूँ है।


वो जो कातिल है मिरी हस्ती का,

उसकी चौतरफ़ा हवा-सी क्यूँ है।


वो जो चाहे हैं गुज़रना आखिर,

मौत उससे यूँ ख़फा-सी क्यूँ है।


बात मेरी जो अर्श हो निकली,

उसकी नज़रों में ज़रा-सी क्यूँ है।


माना कि वो हसीन है, ज़हीन भी,

उम्र पर अपनी वो छुपाती क्यूँ है।


मेरी दुनिया का सहारा लेकर,

जुर्म अपना वो छुपाती क्यूँ है।


जिसका कहना था कि बेवफा हूँ मैं,

उसकी आँखों में वफा-सी क्यूँ है।


***










दिल से दिल की जो राह कर बैठे,

खुद ही खुद को तबाह कर बैठे।


उनके आने की बात जो उट्ठी,

हम दिन ही को रात कर बैठे ।


न बिल्ली रोई, न तारा टूटा,

फिर क्यूँ चेहरा उदास कर बैठे।


एक मक्खी भी तो मारे न मरी,

यूँ ही खुद को सिपाह कर बैठे।


ये भी सच है कि ‘तेज’ से मिलकर,

प्रीत का हम भी गुनाह कर बैठे।


***



















खुद में खुद उलझा बैठा हूँ,

हारे-मन तनहा बैठाहूँ।


मन करता है आग लगा दूँ,

मैं हर हाल भरा बैठा हूँ।


दो चुटकी सूरज की खातिर,

घर में आग लगा बैठा हूँ।


गर्म हवाओं से बचकर मैं,

तूफां की ज़द में बैठा हूँ।


शायद ‘तेज’ बचाने आये,

झूठी आस लगा बैठा हूँ।


***















मैं भी शातिर, तू भी शातिर,

ये सारी   दुनिया   भी    शातिर।


सब अपनी खातिर जीते हैं,

ना तेरी, ना मेरी खातिर।


कैसे हो फिर मेल-मिलापा,

मैं भी शातिर, तू भी शातिर।


सब कुछ आखिर है यां आखिर,

मैं भी आखिर, तू भी आखिर।


नादिरशाही खत्म हो कैसे,

मैं भी नादिर, तू भी नादिर।


***















बेसुध-बेसुध, बेसुध-बेसुध,

कौन नहीं यहाँ बेसुध-बेसुध।


हमने दुनिया को देखा है,

खाते-पीते, बेसुध-बेसुध।


मानो मत मानो पर सच है,

सब के सब हैं बेसुध-बेसुध।


छोटा मुंह और बात बड़ी है,

हम भी बेसुध वो भी बेसुध।


‘तेज’ जमाना कब सँभलेगा,

सदा रहत है बेसुध-बेसुध।


***














गली-गली नेताधने, गली-गली हड़ताल,

संसद जैसे बन गई, तुगलक की घुड़साल।


नेता हीडाकू यहाँ नेता ही सरपंच,

प्रभु की करनी की कहो, कौन करे पड़ताल।


कौले-कौले बाजहैं, आँगन-आँगन काग,

कोयलिया ओझल हुई, बिगड़ गया सुरताल।


आँखन-आँखन भूख है, हाथन-हाथन खाज,

सत्ता के हाथोंहुई कैद मगर टकसाल।


राजा बहराहो गया, जनता हो गई मौन,

’तेज’ निरर्थक भीड़ में बजा रहा खड़ताल।


***















घर की कुन्दी खोलकर सो गए लम्बी तान,

गाली देकर चोर को  शेखी रहे बखान।


जीवन एक पहेली है इतना लीजे जान,

इतना भी कुछ कम नहीं बनी रहे पहचान।


धीरे-धीरे बिक गया घर का सब सामान,

रोटी-पानी  के लिए  गिरवी   धरा  मकान।


बीवी भुट्टेभूनती नित संसद के द्वार.

जाना था जिनको गए यार  तिरंगा तान,


***


















जनता बौनी हो गई नेता हुए खजूर,

भूखे पेटों चाकरी कब तक करें मजूर।


सरसों फूली खेत में घर में चूल्हा रोय,

संसद हुई बिचोलिया किसना है मजबूर्।


नेता जज और बानिया करत यहाँ अब सैर,

चल धनिया अब भाग चल इस बस्ती से दूर।


लोकतंत्र की आजकल बदल गई तस्वीर,

नेता चतुर सुजान हैं जनता है मजबूर।


सुन जनता की अनकही ‘तेज’  है डावाँडोल,

होना था सोहो गया अब का बाँटे बूर।


***












यूँ ही मत बवाल कर,

कुछ नये सवाल कर।


कि चाँदनी के वास्ते,

उठ जरा धमाल कर ।


थके- थके दिमाग हैं,

कि ताजगी बहाल कर ।


मिलने को मिलिए रोज पर,

दामन जरा सँभालकर ।


कि आदमी की गया का,

'तेज' कुछ ख़याल कर।


***















आदमी उड़ान में रहे तो खूब है,

बात जो मियान में रहे तो खूब है।


मारने-मरने के याँ मौके तो कम नहीं,

तीर पर कमान में रहे तो खूब है।


आज की महफिल का हर बंदा नवाब है,

जो खामुशी बयान में रहे तो खूब है।


ज़िंदगी थकान के सिवा तो कुछ नहीं,

जो ताज़गी थकान में रहे तो खूब है।


नमाज़ मंदिरों में हो, मस्जिद में कीर्तन,

राम जो कुरान में रहे तो खूब है।


***















उठ! अँधेरा शहर है कुछ बत्तियाँ रख दे,

फूल ही काफी नहीं कुछ पत्तियाँ रख दे।


कुछ हस्तियों ने याँ बियाबाँ किए शहर,

अबकी तू कब्रगाह में वो हस्तियाँ रख दे।


धार के विपरीत यूँ चलना नहीं आसाँ,

मुक्तसर-सी बात है कुछ मछलियाँ रख दे।


हैं शब्द भी, भाषा भी है तुझको नसीब,

उठ ! अनपढ़ों के सामने कुछ तख्तियाँ रख दे।


गमगीन रहना 'तेज' बेशक हर घड़ी अच्छा नहीं,

कि जूड़े में अपने यार के कुछ तितलियाँ रख दे


***















अपना - अपना मिज़ाज है साहिब,

किसको किसका लिहाज है साहिब ।


वो जो कहता है नास्तिक खुद को,

रोज पढ़ता नमाज़ है साहिब ।


अपने हिस्से में चंद साँसें हैं,

उम्र उनकी दराज है साहिब ।


मैं तो मर-मर के भी जी लूँगा,

मुझको इसका रियाज है साहिब ।


चिंता कफ़न की 'तेज' को क्यूँ हो,

कि दोस्त उसका बजाज है साहिब ।


***















नन्ही बिटिया सोच रही है खड़ी ठूंठ के नीचे,

कोई तो निश्छल हाथों से बन-उपवन को सींचे।


प्रदूषण इस तौर बढ़ा है बस्ती क्या जंगल तक में,

खुली हवा की माँग करें हैं खुशबूदार बगीचे।


धुआँ-धुआँ घर-आँगन, कैसे घर जाऊँ, इठलाऊँ,

गली-गली है कीचड़ गारा, संसद बीच गलीचे ।


चित्र एक भी हुआ न पूरा राजनीति के रंगों से,

नारों में यूँ खुशहाली के चित्र बहुत हैं खींचे।


गंगा-यमुना 'तेज' उदासी, सागर हुआ विनाशक,

अच्छा हो मानव से मानव  मिल-जुल प्रेम उलीचे ।


***















बंद आँखें खुल गई तेरी ज़फा के बाद,

कि जिंदगी रौशन हुई तेरी ज़फा के बाद।


कल तलक खुशबू मिरी उलफत में कैद थी,

अबकि हवा में घुल गई तेरी ज़फा के बाद।


बातों पे अपनी था तुझे बेहद गरूर,

पर बात मेरी सिर हुई तेरी ज़फा के बाद।


सादगी को ओढ़ लूँ कि छोड़ दूँ मैं क्या करूँ,

खुद की खुद से ठन गई तेरी ज़फा के बाद।


कल भी थी, है आज भी अपनी हवा ए! 'तेज',

उलफत मगर रुसवा हुई तेरी ज़फा के बाद।


***












मुद्दत बाद मिली हैं आँखें,

सरसे फूल खिली हैं पाँखें।


अपना कोई आसपास है,

फिर काहे को बगलें झाँकें।


बाजार गर्म है अनुबंधों का,

मत कर संबंधों की बातें।


जीवन भर रो धोके गुजरा,

दिन सँवरे ना सँवरी रातें।


कुर्सी पाने के लालच में,

'तेज' लगी हैं लंबी पाँतें ।


***














आँखों-आँखों में जो उनसे, गुफ्तगू होने लगी,

रफ्ता-रफ्ता बात दिल की, सुर्खरू होने लगी।


न तो दिन ही फिरे मेरे, ना रात ही रौशन हुई,

बात लेकिन नागहानी चारसू होने लगी ।


जिंदगी गो मौत की मेहमान है लेकिन,

मौत ने जो दी सदा, तो रू-ब-रू होने लगी।


वक्त ने आवारगी को, कुछ दिया ऐसा सबक,

कि आवारगी आवारगी से, दू-ब-दू होने लगी।


उनसे मिलने के बहाने क्या हुआ कि 'तेज' को,

खुद से मिलने की बराबर, जुस्तजू होने लगी।


***
















बात में बात मिलाना कैसा,

आँख से आँख मिलाना कैसा ।


हर पल रंग बदलते हैं जो,

उनसे हाथ मिलाना कैसा ।


जब माली ही गंध चुराए,

फिर-फिर फूल उगाना कैसा ।


जब मन-आँगन हो अंधियारा,

चौमुख दीप जलाना कैसा।


'तेज' हिमालय की चोटी पर,

हरियल दूब उगाना कैसा ।


***















बहते हुए पानी को न अश्कों से तोलिए,

जब-जब भी रुकें पाँव तो चलने को बोलिए।


जिंदगी जीना है तो सुन जिंदगी के वास्ते,

दोस्त कैसा ही भी हो पत्ते न खोलिए ।


सोने की गो फितरत नहीं है, फिर भी हम,

चलते-चलते राह में सोचों में सो लिए।


जब-जब मिलें उलझनें, यूँ कीजिए यारब,

हो आईने से रू-ब-रू हर गाँठ खोलिए ।


'तेज' अब वश में नहीं सदियों को झेलना,

है वक्त अभी वक्त की परतें निकोलिए ।


***















सपने कब हुए अपने,

सपने बस हुए सपने।


इंसा भी कहाँ बाकी,

इंसा भी हुए फितने।


कि जीना है अंधेरों में,

खाई है कसम सबने।


हंसने का सफर छीना,

दी कैसी सजा रब ने।


गैरों से गिला कैसा,

अपने भी कहाँ अपने


***
















सामने दुनिया के हँसाए गए हैं हम,

घर पे लाके खूब रुलाए गए हैं हम।


न जान ही छोड़ी, न मरने का हौसला,

यूँ बारहा हर तौर सताए गए हैं हम।


अपनापन है ये कि दीवानगी उनकी,

कि गालियाँ दे-दे के बुलाए गए हैं हम।


मुद्दा रोटी का जहाँ का तहाँ रहा,

थपकियाँ दे-दे के सुलाए गए हैं हम।


उल्फत से कोसों दूर हैं वो बाकसम,

गमलों में दोस्ती के सजाए गए हैं हम।


***















जीना भी नहीं आसां,

मरना भी नहीं आसां ।


हम हैं कि हुए पाहन,

गलना भी नहीं आसां ।


चलने की हिदायत है,

रुकना भी नहीं आसां ।


शोला है बदन अपना,

जलना भी नहीं आसां ।


हो 'तेज' से मुखातिब,

लिखना भी नहीं आसां ।


***














पीने का ये असर हुआ है,

जिंदा अपना हुनर हुआ है ।


आँखों-आँखों चपल चाँदनी,

पाँवों-पाँवों सफर हुआ है।


बस्ती - बस्ती सन्नाटा है,

बेशक कोई कुफर हुआ है ।


बंजर संबंधों के चलते,

अनुबंधों का गुजर हुआ है।


खुद अपनी हस्ती पहचानो,

‘तेज’ निरा कम-नज़र हुआ है।


***














फूल थे जो, खार हो गए,

जो शेर थे सयार हो गए।


वक्त ने ठगा तो इस कदर,

कि हौंसले फरार हो गए।


ऊँट की कमर पे मेंमने,

सहज ही सवार हो गए।


कमनज़र बढ़े तो यूँ बढ़े,

कि एक से हजार हो गए।


कितना बाअसर है 'तेज' कि,

हम भी बादाख्वार हो गए ।


***















तन्हा-तन्हा चलते-चलते पाँव थके,

सच्चे-झूठे जैसे भी थे ख्वाब थके।


सूरज की इतनी-सी मंशा है शायद,

झेल-झेलकर धूप कसैली छाँव थके।


नये दौर में यौवन यूँ उन्मुक्त हुआ,

एकेक करके कामसूत्र के दाँव थके।


आखिर को आँखें सूखीं दिल बैठ गया,

रिसते-रिसते अंतर्मन के घाव थके।


थकीं मल्हारें, थकी रुदाली, 'तेज' थका,

नये रूप में ढलते-ढलते गाँव थके।


***














पत्थर उठाए हाथ जो तिनके-से तने हैं,

घर उन्हीं के खासकर शीशे के बने हैं।


भीड़ तो है हर कदम पर भीड़ में साहिब,

बस आदमी की जून में दो-चार जने हैं।


कल तलक था आसमाँ मेघों से बाबस्ता,

आजकल धरती पे भी घन-श्याम घने हैं।


इंसान ने इंसानियत को आप ही अगवा किया,

माँ ने तो वरना बारहा इंसान जने हैं।


हाथ में जिनके खिलौने चाहिए थे 'तेज',

पर खून से अपने ही उनके हाथ सने हैं।


***


















लिखने लगी कहानी बिटिया रानी रे,

लगता है अब बिटिया हुई सयानी रे ।


सावन-मासे मेघों से बतियावे है,

पायल की छमछम संग बरसे पानी रे ।


अलकों में नित चाँद-सितारे गूँथे हैं,

पूछे है दर्पन से तन के मानी रे ।


साँसें उसकी अब मधु की मोहताज कहाँ,

कल की चिंता में बेकल है नानी रे ।


‘’’तेज’ तू होता तो पल-भर बतिया लेती,

दुख अपने अब कासे करूँ बयानी रे ।


***















हर पल नया सवाल हुआ है,

इतना फकत कमाल हुआ है।


नए दौर की चकाचौंध में,

जीना बहुत मुहाल हुआ है।


लोकतंत्र की छाती पर चढ़,

हरसू खूब धमाल हुआ है।


इंसा के हाथों से बेशक,

इंसा आज हलाल हुआ है।


प्रशासन अब राजनीति का,

सबसे बड़ा दलाल हुआ है।


***















दिलों की बात क्या कीजे दिवाने-खास में,

गुजरे है बादशाह का हर पल कयास में।


जिंदगी गो एक है, पर कीमत जुदा-जुदा,

किसी की लाख में उट्ठी, किसी की पचास में।


बहुत कोमल, धवल, अनमोल है लेकिन,

धंधे की बात है, सो हैं कीड़े कपास में।


मैं ही बदकिमार हूँ मस्जिद नहीं जाता,

वाइज मगर मिलता है नित नौ-लिबास में।


घूमता-फिरता हूँ मैं भी 'तेज' की तरियाँ,

इसकी न उसकी बस फकत अपनी तलाश में ।


***














हँसने का गुमाँ और है रोने का गुमाँ और,

उल्फ़त की जुबाँ और है नफरत की जुबाँ और।


जानते सब हैं मगर समझें तो बात है,

चूल्हे का धुआँ और है मरघट का धुआँ और ।


पर्चियाँ-दर-पर्चियाँ जब मौत की आने लगीं,

कहने लगे जाँबाज भी जीना है अमाँ और ।


नाहक ही खुशगवार है दुनिया की सैर कर,

घर से बड़ी दुनिया भला पाएँगे कहाँ और ।


होश में रहने का कुछ हासिल नहीं है 'तेज',

बहकने की चाह है दे पीरे-मुगाँ और ।


***

















जब जब मौसम तनिक सुहाना लगता है,

अपना कोई लाख सयाना लगता है।


चौखट पर हर साँस मौत का पहरा है,

जीवन ने ले लिया बयाना लगता है।


हमने तो ताउम्र फकीरी झेली है,

साथी को मिल गया खजाना लगता है ।


गई साँझ ही ‘तेज’ ने नाता तोड़ा है,

गुजरा लेकिन एक जमाना लगता है।


***

















मन है मिरा कि मेरा सब तक सलाम पहुँचे,

हर खासो-आम की रुख मेरा कलाम पहुँचे।


दीनो-मजहब का रोड़ा, बाकी रहे न राह में,

मस्जिद में हो पुजारी, मंदिर इमाम पहुँचे ।


छोटा-बड़ा ना कोई, बंदे हैं सब खुदा के,

यानी कि मुहब्बत का घर-घर पयाम पहुँचे।


परजा को चाहिए कि राजा का हाल जाने,

परजा का हाल लेने, घर-घर निजाम पहुँचे।


पीरी मिरे जीगर की सह लूँगा 'तेज' मैं खुद,

कातिल मेरा सलामत, अपने मकाम पहुँचे।


***














तू भी एक कहानी लिखना,

बिस्तर को रजधानी लिखना


अंतर - अंतर राग - रागिनी,

आँखों-आँखों पानी लिखना ।


गए दौर की तरियाँ तू भी,

एक राजा एक रानी लिखना।


चेहरा - चेहरा चाँद - सरीखा,

चूनर   का  रंग  धानी  लिखना।


शब्द अकेले ‘तेज’ ना-काफी,

कुछ दाना, कुछ पानी लिखना।




***













कोहरा-कोहरा सारा जंगल,

नई हवा का मारा जंगल।


चिड़ियों ने आवाज उठाई,

इंसानों से हारा जंगल।


कल तक जंगल में मंगल था,

आज हुआ आवारा जंगल।


कल दिखता था चाँद सरीखा,

आज दिखे है तारा जंगल।


जीवन-सत्ता का रखवाला,

'तेज' हुआ अब नारा जंगल।


***













लड़ते - लड़ते पायल हारी,

आज हुआ सदियों पर भारी ।


हवा-हवा में ज़हर घुला है,

बेशक नदी-नदी है खारी ।


जैसे जैसे हुआ सवेरा,

अँधियारे ने पलटी मारी।


मानवता को मार अड़ंगी,

दानवता ने बाजी मारी।


'तेज' जलाने होंगे दिल अब,

हरसू है अँधियारा तारी।


***















चाँद जब-जब भी भला लगता है,

इश्क साँसों में पला लगता है।


रोज मिलना भी खूब है लेकिन,

थोड़ा अंतर भी भला लगता है।


आग खाने का हुनर है जिसमें,

जंगी हाथों में पला लगता है।


वो जो गिनता है पाँव के छाले,

बाद मुद्दत के चला लगता है।


हरसू खोजे है हवा में खुशबू,

'तेज' गुरबत का सिला लगता है।


***













बिटिया जब ससुराल चली,

बचपन का सच भूल चली ।


आने वाले कल की खातिर,

कल पे पानी डाल चली ।


अपने ही हाथों से अपने,

घर का आँगन कील चली ।


युद्ध क्षेत्र की जानिब इकली,

गह शृंगारी ढाल चली ।


'तेज' अकेला रहा सुबकता,

बिटिया जब ससुराल चली ।


***















कोई अपना पास तो हो,

दिल में तनिक उजास तो हो ।


अपनी फाका-मस्ती का भी,

कम-ज्यादा इतिहास तो हो ।


रोती आँखें भी हँस निकलें,

इतना-भर परिहास तो हो ।


फागुन मासे मेघा बरसे,

पतझर में मधुमास तो हो ।


'तेज' का क्या वो तो पागल है, पर उसको अहसास तो हो ।


***















सहरा में जब बादल बरसे,

थकी प्यास उठ बैठी फिर से ।


वर्षों बाद खुदा की बकरी,

कान खुजाती निकली घर से ।


महक उठीं धनिया की साँसें,

मुई चुनरिया खिसकी सिर से।


सत्ता की पाँखें खुजलाई,

हाथ मिला बैठी मुखबिर से ।


लगी झाँकने बगल झोंपड़ी,

'तेज' हवा-पानी के डर से ।




***

















सागर सागर, पानी-पानी,

तड़प रही पर मछली रानी।


अपने ही घर में वेघर हैं,

दादा दादी, नाना नानी।


क्या बरखा क्या रितु बासंती,

भूल गए बच्चे गुड़धानी ।


नए दौर की दौड़-धूप में,

बदल गए शब्दों के मानी।


'तेज' महल में राजनीति के,

कैद हुई बेशक जन-बानी।


***















सावन में बदली ना बरसी,

मधुरितु में बगिया ना सरसी ।


जाने कैसी हवा चली है,

आँचल को धनिया है तरसी ।


सत्ता की मारा-मारी में,

संसद हुई राम के घर-सी ।


भूख-प्यास को लोकतंत्र ने,

नारों की थाली है परसी।


ठंडा हुआ 'तेज' यूँ सूरज,

निकला पहन जेठ में जरसी ।


***
















गाँव बड़े भोले-भाले हैं,

संबंधों के रखवाले हैं।


गोद में अपनी बेशक इसने,

छोटे-बड़े शहर पाले हैं।


चलते-चलते थके नहीं गो,

पाँव में इनके भी छाले हैं।


मगर खेद विज्ञानी युग में,

गाँव मेरे बैठे ठाले हैं।


'तेज' ये कैसी फाकामस्ती,

हाथों-हाथों में प्याले हैं।


***














धरके कूल्हे पे गगरिया साहिब,

घर से निकली है गुजरिया साहिब।


जुल्फ समझीं ना हवा की साजिश,

सिर से खिसकी है चुनरिया साहिब।


जो भी देखे है ठिठक जाए है,

ऐसे लचके है कमरिया साहिब ।


पाँव धरती से नहीं बाबस्ता,

ऐसे बहकी है उमरिया साहिब ।


बाहर निकला है ‘तेज’ कपड़ों से,

ऐसे निखरी है उमरिया साहिब।


***















मैं तो पागल ठहरा जी,

घाव घना है गहरा जी ।


मैं क्या जानूँ अपनी हस्ती,

मैं तो फक्कड़ ठहरा जी ।


तुम खुद देखो आइने में,

अपना असली चेहरा जी ।


आँगन-आँगन खून सना है,

परबत-परबत बहरा जी ।


'तेज' मिरी चौखट पर बैठा,

अघियारों का पहरा जी ।


***

















सिर पर बेशक नील गगन है,

धरती-धरती मगर तपन है।


अर्थ हुए शब्दों से पृथक,

शब्दों का संसार सघन है ।


संबंध हुए विकलांग धरा पर,

अनुबंधों की धरा सबल है।


लोकतंत्र की मर्यादा का,

संसद-संसद खुला हनन है।


सत्ता की मारा-मारी में,

मानवता का हुआ पतन है।


***














आँख चुराओगे तुम कब तक,

प्यार छुपाओगे तुम कब तक ।


छोड़ो भी अब आँख-मिचौनी,

ख्वाब दिखाओगे तुम कब तक।


कोई नहीं फँसने वाला याँ,

जाल बिछाओगे तुम कब तक ।


अपनी फितरत में जलना है,

आग बुझाओगे तुम कब तक ।


'तेज' हिमालय की चोटी पर,

गाँव बसाओगे तुम कब तक।


***














खट्टे - मीठे, कड़वे देश,

सबके अपने-अपने देश ।


आजादी के उजियारे में,

पाल रहा अधियारे देश ।


सत्ता की मारा-मारी में,

दूर हुआ आँखों से देश ।


गैरों की चर्चा क्या करना,

जूझ रहा अपनों से देश ।


‘तेज’ तू जाने सौन-चिरैया,

हम जाने भिखमंगे देश ।


***














वो लौटकर घर आए तो अच्छा हुआ,

हो रू-ब-रू बतियाए तो अच्छा हुआ।


सुधियों के आइने से कल आँखें लड़ा,

वो दो घड़ी मुस्कराए तो अच्छा हुआ।


भूलकर गुजरे दिनों की दास्ताँ,

कुछ टूटकर शरमाएँ तो अच्छा हुआ।


पथरा गईं थीं आँख सच तेरे बिना,

नैना तनिक सरसाए तो अच्छा हुआ।


बाद मुद्दत आस के बिस्तर मिरे,

थोड़ा-बहुत गरमाए तो अच्छा हुआ।


***
















सहर हुए विश्वास समूचा डोल गया,

मन के सब खिड़की-दरवाजे खोल गया।


करवट-करवट सोचों की थी घनी चुभन,

यादों का अंधियारा सिर चढ़ बोल गया।


उसके हँसने में था दुख-सुख का दर्शन,

भेद अचानक मन का इक-इक खोल गया।


भूल गए सब प्रेम-प्रीत की परिभाषा,

कोई अनघड़ उलफत में विष घोल गया ।


'तेज' सावनी हवा चली तो सहसा वो,

जाते-जाते मन की साँकल खोल गया ।


***















दिल तो पागल बंजारा है रोवे है कभी गावे है,

जेठ की दोपहरी में जैसे सावन आवे-जावे है।


उम्र चढ़ी तो रफ्ता-रफ्ता अर्थ खेल के बदल गए,

साँझ सकारे भी अब धन्नों मिलने से कतरावे है।


धूप हुई आवारा दिन-भर इत-उत आँख लड़ावे है,

सहर हुए निकले है घर से साँझ हुए घर आवे है।


पाँवों में पाजेब पड़े जब माँग खिले सिंदूरी है,

पीपल की तब छाँव घनेरी ना धन्नों को भावे है।


जीवन तो है ‘तेज’ पहेली सुलझाए ना सुलझे है,

जब चाहे तब बह निकले है जब चाहे थम जावे है।


***
















तुम क्या जानो मुर्दा-दिल हो बहुत मजा है जीने में,

बह निकले है दिल का दरिया पनघट के ढिग पीने में।


इश्क मजा है, इश्क कजा है, इश्क सजा है, क्या कहने,

सारी उम्र गुजर जाती है चाक जिगर को सीने में।


इश्क ना हो तो सब बेजाँ है, सूरज, चाँद, सितारे क्या,

इश्क के होते ढल जाते हैं, रजकण सहज नगीने में।


हाय, नाजुकी फूल-बदन की, हाय बदन का पैनापन,

हाय, बदन का रंगीलापन, रंग-भरे पशमीने में।


'मीर' साहब ने हाय 'तेज' ये क्या तरकीब बनाई है,

रंग बदन का जब देखो तब भीगे गात पसीने में।


***














थोड़ा-सा जो असर हुआ है,

जिंदा अपना हुनर हुआ है।


आँखों-आँखों चपल चाँदनी,

पाँवों-पाँवों सफर हुआ है।


मानव-मानव गूँगा बहरा,

दानव-दानव मुखर हुआ है।

-

बेसिर संबंधों के चलते,

अनुबंधों का गुजर हुआ है।


बस्ती-बस्ती सन्नाटा है,

जाने कोई कुफर हुआ है।


***















हरिक वर्ष कुछ ऐसे आए, साथ-साथ सब कदम उठें,

मानव-मानव को पहचाने, प्रेम के प्याले छलक उठें।


हवा मुकम्मिल दुनिया की, गर बदले तो यूँ बदले,

बस्ती बस्ती खुशहाली हो, बाग-बगीचे महक उठें।


सूरज यूँ धरती पर उतरे, आँगन-आँगन धूप खिले,

सुबह सवेरे बैठ मुँडेरी, चीं-चीं चिड़िया चहक उठें।


हरिया को रोटी मिल जाए और धनिया को पैंजनिया,

छालों भरे हाथ को चूड़ी, घायल पायल छनक उठें।


हिंदू हो या मुस्लिम कोई, कोई इसाई, सिख या बौद्ध,

आपस में यूँ 'तेज' मिलें सब, सबके चेहरे चमक उठें।


***















आह अपनी जो सदा हो निकली,

सारी दुनिया ही खफा हो निकली।


उनके होने से जवाँ-महफिल में,

बात मुट्ठी की हवा हो निकली।


ऐसे बदला है जमाने का चलन,

खुलके मिलना भी खता हो निकली।


चढ़के सीने पे गुजरना उनका,

उनके जीने की अदा हो निकली ।


'तेज' बानूर जिंदगी अपनी,

उनके खाते में जमा हो निकली।


***













कुछ ही दिनों की बात है चुपचाप रह,

मिलने को अब निजात है चुपचाप रह ।


आँख काली पड़ गईं, चेहरे पे झुर्रियाँ,

अब कुछ भी न तिरे हाथ है चुपचाप रह ।


ज़रा ज़रा ज़मीन है ज़रा-ज़रा है अर्श,

कि जाने लगा गुमान है चुपचाप रह ।


बादे-बहारी खप गई पतझर का दौर है,

कुछ बागबाँ कमजात है चुपचाप रह ।


बातों में तेरी अबकि वो दमखम नहीं,

ऊपर से भीतर घात है चुपचाप रह ।


आग जब लग ही गई बचने का यतन कर,

अब बाकी कहाँ बरसात है चुपचाप रह ।


सहर अब आने को है कि 'तेज' सुन,

जाने को खुनक रात है चुपचाप रह ।


***










आँखों का उतरा पानी है,

अर्थ हुआ याँ बेमानी है।


चौपट है कानून-कायदा,

सबकी अपनी मनमानी है।


वो बोलें तो बात बड़ी है,

हम बोलें तो बचकानी है।


अपने घर-आँगन की छोड़ो,

घायल अपनी रजधानी है।


‘तेज’ मुहब्बत बदरंगी है,

जुल्मों की चूनर धानी है।


***















फागुन-फागुन रंग है, आँखन-आँखन नेह,

हौले-हौले पड़ रहा, भीतर-भीतर मेह।


धरती और आसमान ने, आखिर तोड़ा मौन,

कब तक झेले ताप को, कंचन-कंचन देह।


कागज के गुलदान हैं, रूप-सरूप निगंध,

बस्ती-बस्ती आग है, जंगल-जंगल रेह।


दानवता ने पौंछ दी, मानवता की मांग,

अंडा-अंडा बाँझ है, जब मर्जी तब सेह ।


मन-मंदिर को छोड़कर, गया कबूतर दूर,

'तेज' टिका है आजकल, अनुबंधों पर नेह ।


***















तू चंदा-सी उज्ज्वल घनी धवल है,

तू गंगा-सी गतिमय सहज-सरल है।


तू मेरे उपवन की केसर-क्यारी,

तू मेरी आँखों का नीलकमल है।


तू मेरे आँगन की चपल चाँदनी,

तू मेरे अधरों का गीत नवल है।


तू मेरे अंतर की अमृत-धारा,

नेहयुक्त तू निर्मल, सहज-सरल है।


तू मेरे हृदय की ‘तेज’ तमन्ना,

तू मेरे जीवन की सहज ग़ज़ल है।


***















मैंने भी इक गाँव खरीदा,

मौका पाकर नाम खरीदा।


धन-दौलत की चकाचौंध में,

चौपड़ का हर दाँव खरीदा।


संबंधों को अनुबंधित कर,

संबंधों का मर्म खरीदा।


कुर्सी की खींचा-तानी में,

जनता का आराम खरीदा ।


चलने की चाहत के चलते.

लकड़ी का इक पाँव खरीदा।


'तेज' निरा पागल है उसने,

बस औरों का घाव खरीदा।


***












काहे इतना सँवर रही हो.

फूलों जैसी निखर रही हो ।


बस्ती-बस्ती, आँगन-आँगन,

धूप-सरीखी बिखर रही हो।


खुशबू बन साँसों के जरिए,

सबके दिल में उतर रही हो ।


देख आईना सहमी-सहमी,

काहे आँचल कुतर रही हो ।


‘तेज’ के मन की तुम पीड़ा औ’,

गीत, ग़ज़ल की बहर रही हो।


***













नजरों को पहचाना कर,

तब जाके दिल हारा कर ।


कभी-कभी अपनों को भी.

तू लेकर नाम पुकारा कर ।


जीवन तो आना-जाना है,

जीवन से मत हारा कर ।


मसलों को तू जुल्फ सरीखे,

आए-रोज सँवारा कर ।


जैसे भी हो वैसे 'तेज',

जीवन सहज गुजारा कर ।


***















मैं हूँ कि बरबाद न पूछो,

गए दिनों की बात न पूछो।


झुलसा है मेरा घर-आँगन,

कहाँ हुई बरसात न पूछो।


दिन ढलते ही टूट गया दिल,

कैसे गुजरी रात न पूछो।


फरमानों में चैन-अमन है,

वैसे है उत्पात न पूछो।


‘तेज’  मेरा भी कुछ रहने दो,

मेरी हर इक बात न पूछो।


***
















आँख में आकाश लेकर,

जलधरों-सी प्यास लेकर ।


मैं भटकता ही रहा हूँ,

जीत का विश्वास लेकर ।


हास कुछ आगे बढ़ा है,

गोद में उपहास लेकर ।


पेट पर पट्टी बंधी है,

होठ पर उपवास लेकर ।


लोग सड़कों पर खड़े हैं,

इक अदद वनवास लेकर ।


***















बेफिक्री है चैन-अमन है,

सपनों का संसार सघन है।


जाने किसका हाथ है सिर पर,

पतझर में आबाद चमन है ।


चेहरा जैसे सुर्ख-गुलाबी,

साँसों-साँसों मगर तपन है।


टंगड़ी मार गिराना जैसे,

दुनिया का इक मात्र चलन है।


बिन बादल बरसात का आलम,

कि ‘तेज’ मेहरबाँ नीलगगन है।


***















गाँव जब-जब भी शहर आवे है,

रात आँखों में गुजर जावे है।


रंग धरती का, रहट का मंजर,

सहज आँखों में उतर आवे है।


मार अम्मा की, प्यार भाभी का,

आके चौखट पे ठहर जावे है।


महक सरसों की, गंध गोबर की,

जैसे आँगन में पसर जावे है।


'तेज' जानो तो गाँव में हरसू,

साँझ हँसती है, सहर गावे है।


***














मौसम में कुछ बदलाव है पैगाम लिख भेजो,

पाती कोई हम गमज़दों के नाम लिख भेजो।


मुद्दत हुई है रश्क से सिज़दा किए हुए,

तकदीर में मेरी भी कोई रात लिख भेजो।


जमाने से जब उठ ही गया अमनो-सुकून,

कुछ तो होगा आदमी का दाम लिख भेजो।


याँ रास्ता-दर-रास्ता मंजिल परस्त है,

मंजिल का मेरे आज तुम अंजाम लिख भेजो।


जब से गए हैं ‘तेज’ वो तबियत नहीं खिली,

कि तुम ही उसके नाम से सलाम लिख भेजो।


***













बोल सके तो खुलकर बोल,

वजन तरफदारों का तोल ।


अपना और पराया छोड़,

सबको एक नजर से तोल ।


मैंने अपने पत्ते खोले,

तू भी अपने पत्ते खोल ।


परदे तो परदे हैं बेशक,

मुमकिन हैं परदों में झोल ।


अपना घर तो अपना घर है,

किसी और की कुंदी खोल ।


तुम अपनी कीमत पहचानो,

मैं तो हूँ कौड़ी के मोल ।


'तेज' का क्या वो तो पागल है,

तू अपने बारे में बोल ।



***









कंगला माला-माल बरस,

शांति-दूत महाकाल बरस।


आता-जाता है सालाना,

मानवता को साल बरस ।


राजनीति के गलिहारों में,

करता खूब धमाल बरस।


जीने दे ना मरने दे है,

करता अजब कमाल बरस।


उत्तर की परवाह किए बिन,

गढ़ता नए सवाल बरस।


कि अपनी कथनी-करनी पर,

करता नहीं मलाल बरस।


'तेज' मानवीय संबंधों का,

करता नहीं ख़याल बरस।


***














धूप सावन की करवट बदलती रही,

कि समंदर-सी चढ़ती-उतरती रही ।


चाँद सोता रहा अर्श पर बेखबर,

चाँदनी दर-ब-दर है भटकती रही ।


धनिया की नाजुक जवानी मगर,

दुष्ट आँखों में रह-रह उतरती रही।


चाँद-तारों से लेकर कोई ताजगी,

बिटिया-सी बनती-सँवरती रही।


'तेज' तपता रहा जेठ की धूप-सा,

वो सावन के जैसी बरसती रही।


***














कफस टूटे गगन विचरूँ तो कुछ-कुछ हो,

आँवला-पा बजें घुँघरू तो कुछ-कुछ हो।


अमावस्या की रातों में जो जुगनू बन,

कभी दुबकूँ, कभी निखरूँ तो कुछ-कुछ हो ।


पतझर के बियाबाँ में मैं सरसों-सा,

फलूँ-फूलूँ, बनूँ-सँवरूँ तो कुछ-कुछ हो ।


बैशाखी दुपहरी में मैं बन बादल,

कभी गरजूँ, कभी बरसूँ तो कुछ-कुछ हो ।


'तेज' का क्या मेरी सोचो मैं बन मजनूँ,

इश्क के नाम हो गुजरूँ तो कुछ-कुछ हो ।


***















वो आई भी, सकुचाई भी,

कुछ मिलने से कतराई भी।


लगता है डसती है उसको,

अब भीड़-भरी तन्हाई भी।


नए दौर ने छीन ली जैसे,

तरुणाई भी, अंगनाई भी।


आँख चुरा के हौले-हौले,

वो शर्माई भी, इठलाई भी।


कुछ भी कहो जिंदगी यारा,

है रुतवा भी, रुसवाई भी।


***















इतना-भर अपराध किया कर,

दिल से दिल की बात किया कर।


कौन है अपना कौन पराया,

जितना हो इमदाद किया कर।


चुप-चुप जीना भी क्या जीना,

कुछ-कुछ तो संवाद किया कर।


कोई नहीं यहाँ सुनने वाला,

नाहक ना फरियाद किया कर ।


शायद फिर हाजत हो निकले,

आँसू ना बरबाद किया कर।


***













जाने कब-कब क्या-क्या खोया,

सोच-सोच ये मन में रोया।


मजदूरिन का भूखा बच्चा,

माँ का थप्पड़ खाकर सोया।


जब-जब नींद न आई मुझको,

आँसू पी-पी करके सोया।


चंदा की आँखें खुजलाई,

औ’ सूरज घोड़े बेचके सोया ।


'तेज' पहनकर काला चश्मा,

छत पे चादर तान के सोया ।


***















अपनी इक मजबूरी है,

खुद से खुद की दूरी है।


मोर हुआ बूढ़ा माना पर,

मस्त - मलंग मयूरी है।


काम तो है पूरा का पूरा,

आधी मगर मजूरी है।


रोटी के मुद्दे पर चर्चा,

सदियाँ गईं, अधूरी है।


जीना तो है एक चुनौती,

मरना इक मजबूरी है।


***














बेजा न सिर अपने, तू सबके गुनाह ले,

लेनी ही पड़े गर तो, खुद की पनाह ले।


हो ही गया ना, ले बेड़ा तमाम गर्क,

ले और ले नाहक, सबकी सलाह ले।


सुनता है कब कानून मुद्दई की सदा,

साथ में कुछेक तू झूठे गवाह ले।


बनता था जो कल इश्क का तीमारदार,

हो गया वो इश्क में यूँ ही तबाह ले।


कुछ  गम  न कर,  जो  हो  गया सो हो गया,  

छोड़के शिकवे-गिले तू 'तेज' अपनी राह  ले।


***














सरे-राह मैं गुजरा तो पर कुछ-कुछ यूँ,

काम मेरा कुछ निबड़ा तो पर कुछ-कुछ यूँ ।


ना घर का ना रहा घाट का क्या कहिए,

नाम मेरा सच उछला तो पर कुछ-कुछ यूँ ।


कब रात हुई कब दिन निकला मैं क्या जानूँ,

गिर-गिर के मैं सँभला तो पर कुछ-कुछ यूँ ।


न बहा कभी, न पत्थर बन आराम किया,

मैं बर्फ सरीखा पिघला तो पर कुछ-कुछ यूँ ।


उठ-उठ गिरना, गिर-गिर उठना लगा रहा,

‘तेज’ सफर में निकला तो पर कुछ-कुछ यूँ ।


***














मैं हूँ कि बरबाद न पूछो,

गए दिनों की बात न पूछो।


झुलसा है मेरा घर-आँगन,

कहाँ हुई बरसात न पूछो।


दिन ढलते ही टूट गया दिल,

कैसे गुजरी रात न पूछो।


फरमानों में चैन-अमन है,

वैसे है उत्पात न पूछो।


कुछ तो मेरा भी रहने दो,

मेरी हर-इक बात न पूछो।


***


















आँखों-आँखों प्रीत लिखा कर,

अधरों-अधरों गीत लिखा कर ।


सरदी-सरदी धूप का नग्मा,

गरमी-गरमी शीत लिखा कर ।


अपने हिस्से हार भली है,

उनके हिस्से जीत लिखा कर ।


अपने तो अपने हैं माना,

गैरों को भी मीत लिखा कर ।


'तेज' के नग्में ना-काफी हैं,

साँसों में संगीत लिखा कर ।


***















फाकाकशी में ही दम लिया है आज तक मैंने,

देखा नहीं है शहर क्या, बाजार तक मैंने।


कहने को हम आजाद हैं, आबाद हैं, लेकिन,

देखी नहीं दिल्ली कभी, ना राजपथ मैंने।


खून का इल्ज़ाम यूँ, उसके सिर था,

खुद ने खुद को ही किया पर नामजद मैंने।


एक खत तक भी मिरा अक्षर ना हुआ,

लिखने को यूँ लिक्खे हैं लाख खत मैंने।


दिल्लगी भी खूब है कि दिल्लगी में 'तेज',

पूछा न अपने प्रेम  का, कभी नाम तक मैंने।


***














बाद मुद्दत के अबकी सावन में,

फूल बरसे हैं मेरे आँगन में ।


आसमानों की बन्द खिड़की से,

धूप उतरी है मेरे आँगन में ।


मेरे जूड़े के सितारों पे न जा,

लाख काँटे हैं मेरे दामन में ।


तू क्या जाने कि ये तन्हा रातें,

कैसे कटती हैं रोज़ आँखन में ।


ऐसे बदला है ज़माने का चलन,  धूल उड़ती है 'तेज' फागुन में ।


***
















मेरी बातों में असर है कम-कम,

यानी उड़ने का हुनर है कम-कम ।


ऐसा उलझा हूँ वफा-कोशी में,

दौरे-हिकमत में गुज़र है कम-कम ।


अहले-ख़लकत के दिमागों में यहाँ,

वैर ज्यादा है समर है कम-कम ।


वक्ते-जानां का बदन तो देखो,

बाल बिखरे हैं कमर है कम-कम ।


चलते रहने का भरम है जिनको,

उनके पाँवों में सफर है कम-कम ।


'तेज' बेशक है भँवर में लेकिन,

उसकी ग़ज़लों में भँवर है कम-कम ।


***








यूं ख़ुद से वैर बढ़ाओगे,

तो कैसे उम्र बिताओगे?


नदी पार है खुशबू बिखरी,

इधर खड़े क्या पाओगे?


जीवन के कोरे पन्नों पर,

कितने चित्र बनाओगे?


साँसों की मधुमासी खुशबू

कब तक कहाँ छुपाओगे?


उन्मादी संदल काया का,

कब तक बोझ उठाओगे?


रचा किसी से नेह अकेले,

कब तक रैन बिताओगे?


***













जीने को कोई बात हो, तो जीने का मन बने,

चौखर मेरी आबाद हो, तो जीने का मन बने ।


साँझ हो ढलती हुई, और हो रौशन चिराग,

ऐसे में तेरा साथ हो, तो जीने का मन बने ।


धूप के साये में जब अपना कोई बातें करे,

ऐसे में जो बरसात हो, तो जीने का मन बने ।


जब चाँद होके निर्वसन छत पर मेरी उतरे,

बिस्तर में सोयी रात हो, तो जीने का मन बने ।


है गर्ज कि हर ओर हो रस्मे-वफा का दौर,

दस्तूरे-इश्क़ आम हो, तो जीने का मन बने ।




***

















पल-पल कोई बदला होगा,

बर्फ़ सा कोई पिघला होगा ।


चढ़ी उमर में देख खिलौना,

शब-भर कोई मचला होगा ।


तारों की बारात सजाकर,

चाँद-सा कोई निकला होगा ।


पत्थर खाकर भी हँसता है,

बेशक कोई पगला होगा ।


'तेज' हवा में पाकर खुशबू,

गज़ भर कोई उछला होगा ।


***















हो-हो के इश्कबार मैं हर रोज़ मरूँ हूँ,

रो-रो के अपने आप पे इलज़ाम धरूँ हूँ।


गो खेलने को खेलता हूँ मौत से हर पल,

पर ज़िन्दगी को ज़िन्दगी के नाम करूँ हूँ।


मन था मिरा मैं जीस्त का सरदार हो रहूँ,

जी-जी के मगर मौत का एहतराम करूँ हूँ।


मुझसे हरेक गाम पे पूछा करे हैं लोग,

रह-रह के अपनी बात क्यूँ बेबात करूँ हूँ ।


माने न माने तू मगर ये बात सच है 'तेज',

पढ़-पढ़ के ज़िक्रे-मीर मैं उड़ान भरूँ हूँ ।


***













इश्क मरने का तसव्वुर तो नहीं

ज़ख़्म गहरे हैं समन्दर तो नहीं।


हमने जाना कि लोग दुनिया के,

बहुत ज़ालिम हैं सिकंदर तो नहीं।


उनके आने का इंतज़ार तो है,

उनकी राहों में मेरा सिर तो नहीं।


वो जो बैठा है मेरी चौखट पे,

माना अपना है मुंतज़िर तो नहीं।


कैसे छेडूं मैं तार वीणा के,

मुझ को रोना भी मयस्सर तो नहीं।


इश्कबाज़ी में ख़ाक होने का,

रंज बेशक है तहस्सुर तो नहीं।


बातों-बातों में सिमट जाएगा,

'तेज' इतना भी मुख़्तसर तो नहीं।


***

तहस्सुर : असर लेना









उँगलियाँ इज्ज़त पे उठें तो कहना,

प्रश्न जो अस्मत के उठें तो कहना।


मैं फ़क़त प्यासा हूँ तेरी खुशबू का,

होंठ जो होंठों से सटें तो कहना।


मन से मन को तो मिला रहने दो,

दूरियाँ बिस्तर की घटें तो कहना।


अश्क आँखों में बहुत हैं बाक़ी,

प्रश्न गर रोने के उठें तो कहना।


तन्हा-तन्हा यूँ चलोगे, कब तक,

बात रहबर की उठें तो कहना।




***















साख बतन की बढ़ा रहा मैं,

रोज कबूतर उड़ा रहा मैं।


बेशक इंसानी रिश्तों को,

नित सूली पर चढ़ा रहा में।


कुछ सत्तासुख रहे भोगते,

सोमाओं पर अड़ा रहा में।


आयातित शब्दों की गरिमा

नित संसद में बढ़ा रहा मैं।


‘तेज’  समय  तेजी  से गुजरा,

भाग न पाया खड़ा रहा में।




***















पग-पग प्रेम लुटाना सीख,

गाना और बजाना सीख।


हक दूजे से मिल रहने को,

जीवन ज्योति जलाना सीख।


तू-तू  मैं-मैं की  पीड़ा से,

खुद को सदा बचाना सीख।


कदम-कदम पर मानवता के,

हरियल पेड़ लगाना सीख।


पढ़ना-लिखना एक बात है,

पढ़कर नीड़ बनाना सीख


***















कोई अपना है भरम है प्यारे,

बात नफरत की गरम है प्यारे।


मेरे मंदिर के तंग आँगन में,

महज़ पत्थर का सनम है प्यारे।


मेरे क़ातिल की सुर्ख़ आँखों में,

लाज बाकी ना शरम है प्यारे।


बहुत निर्मम है मोहब्बत उनकी,

मैंने समझा था नरम है प्यारे।


'तेज' आँधी में मंद पुरवा की, दीप रखना भी जुलम है प्यारे।


***














जनता की सुध लेगा कौन,

उसके जख्म भरेगा कौन ?


रोज़ी-रोटी के मुद्दों की,

सूनी मांग भरेगा कौन?


हिंसा के ख़ूनी पंजों में,

कुमकुम रंग भरेगा कौन ?


मानवता के अंधे घर में

चमचम धूप धरेगा कौन?


कोलाहल की रजधानी को,

संज्ञा-शून्य करेगा कौन


सत्ता की खूनी बाघिन पर,

आखिर वार करेगा कौन?


संघर्षो की 'तेज' कहानी,

बिस्तर बीच सुनेगा कौन?


***










वसंत की मस्ती है नगाड़ों की धनक तू,

सूरज का तेज ताप औ' चंदा की चमक तू।


नेह-युक्त देह है जैसे कि अमलतास,

कचनार की कच्ची कली टेसू की दमक तू।


सरसों का पीत रंग तू भँवरों का गीत तू,

है कोकिला की कूक मयूरी की ठुमक तू।


यौवन की तेज़ धूप तू पीपल की छाँव तू,

रात की स्याही है उजालों की रमक तू।


तू धरती तू मेरे दंभ की, अस्तित्व का अंबर,

चौखट पे 'तेज' गंधमय  फूलों  सी  धमक तू।


***


वासंती ॠतु हुई शराबी होली में,

खाकर भाँग सुबह इठलायी होली में।


बटन खोल तहजीब नाचती सड़कों पर,

हुआ आचरण धुआँ दीवानी होली में ।


सबके सिर पर राजनीति का रंग चढ़ा,

सियासत ने यूँ धाक जमायी होली में ।


आदर्शवादिता और सभ्यता मानव की,

सिर पे धरके पाँव नाचती होली में ।


धनवानों की होली बेशक होली है,

भूखों ने पर खाक उड़ायी होली में ।


प्रेमचन्द की धनिया बैठी सिसक रही,

जैसे-तैसे लाज बचायी होली में । 


***














यूँ जीवन का मेरे अनोखा सफर है,

कि पहलू में मेरे, न जोरू, न ज़र है।


पीपल पे मेरे न चिड़ियों का जमघट,

न चूल्हा, न चक्की, न खटिया न घर है ।


न बकरी की मैं-मैं, न गैया न बछड़ा,

न पाने की चिंता, न खोने का डर है ।


न सूरज, न चंदा, न तारों की महफिल,

न सागर, न गागर, न नदिया-नहर है ।


न मातम, न खुशियाँ, न पीड़ा न उत्सव,

न साँसों में खुशबू, न महकी सहर है ।


***














ख़त में आना-जाना लिख,

गाना और बजाना लिख।


बिना बात के मजलूमों को,

आए रोज़ सताना लिख।


प्रीत-रीत औ’ अपनेपन का,

अपने नाम ख़ज़ाना लिख।


धर्म-कर्म के चक्कर में याँ,

गुज़रा एक ज़माना लिख।


वक़्त के होंठों पर तू 'तेज',

हँसना और हँसाना लिख।


***















वासंती ऋतु आने को है,

कोयलिया कुछं गाने को है।


आँख मूँदकर जल्दी सो जा,

ख़्वाब सुनहरा आने को है।


आज हवा में कुछ नरमी है,

शायद सावन आने को है।


वर्षों बाद खुली है खिड़की,

लगता है कोई आने को है।


‘तेज’ के बदरंगी आँगन में,

रंग कोई बरसाने को है।



***



















अश्क पीकर बचपना हमने जिया फुटपाथ पर,

धूप-खाकर उम्र का हर पल जिया फुटपाथ पर।


ये कोई जुमला नहीं, दरअसल एक सत्य है,

मृत्यु को बाकायदा हमने जिया फुटपाथ पर।


गो दर्द का दरिया मेरे आगोश में बहता रहा,

पर दर्द की हर थाह को हमने जिया फुटपाथ पर।


बन्द कमरों के जिसे इक जुर्म का दर्जा दिया,

ऐसा हरेक जुर्म सच ! हमने जिया फुटपाथ पर


वोट के बदले में पाकर वायदों की रोटियाँ,

खून अपना 'तेज' खुद हमने किया फुटपाथ पर।


***


















संघर्षो के चिकने पथ पर थोड़ा पाँव जमा रखना,

संबंधों की स्याह रात में हिर-फिर दीप जला रखना।


माना कि इंसानी रिश्ते अनुबंधों से टूट रहे हैं,

तू मानव है, मानव की खातिर, न दिल में कोई गिला रखना ।


लाज- शर्म सब हवा हुई याँ प्रीत-रीत का ख़ून हुआ,

पर आदर्शों की रमणी से तू आँख से आँख मिला रखना।


बस्ती-बस्ती पीड़ा कूकी जंगल-जंगल धूल उड़ी,

भोर हुए चिड़िया बन गाना आँगन फूल खिला रखना।


'तेज' सियासत हुई निकम्मी रक्षक भक्षक बन बैठे,

लुटती-पिटती पाजेबों की कुछ तो लाज बचा रखना।


***



बहुत ग़मगीन ग़ज़ल कहता है,

दर्द शाइर का असल लगता है।


जिसके सीने में जलन होती है,

वो ही होंठों पे ग़ज़ल रखता है।


एक वो है कि जमाने-भर के,

भूखे नंगों पे ग़ज़ल कहता है।


अहले-दुनिया की ज़िन्दगी के लिए,

अपने खाते में अजल लिखता है।


कभी कहता है असल को नकली,

कभी नकली को असल कहता है।


अपनी  आँखों में छुपाकर आँसू,

उनकी आँखों को सजल कहता है ।


'तेज' हमने वो जमीं पायी है,

जहाँ सदियों से चलन बिकता है ।

*****



किसने मेरे होठो पे उँगलियाँ रख दी,

जलती हुई सांसों पे चिमनियाँ रख दी।


कोई तो होगा कि जिसने चाँद की,

आँखों में, सूरज की पुतलियाँ रख दीं।


छीनकर रौनक दरोदीवार की किसने,

क्यूँकर मेरी चौखट पे बिजलियाँ रख दीं।


आँख क्या झपकी कि भरी महफिल में, तूने  मेरे जूड़े में तितलियाँ रख दीं।


मिल के भी कभी दो घड़ी बातें नहीं होतीं,

ये दूरियाँ कैसी हमारे दरमियाँ रख दीं।


***



सियासतें बदलीं मगर दफ्तर नहीं बदले,

कि हुक्मरानी कोट के अस्तर नही बदले।


ज़ख्मों से निकले खून का रंग तो बदल गया,

पर सियासी  यार के खंजर नहीं बदले ।


भुखमरी के वोट ने बदले हैं तख़्तो-ताज,

पर भुखमारी के मील के पत्थर नहीं बदले ।


ज़ेरे-बहस है मुद्दआ, रोटी का आज भी,

अभी तलक तो भूख के बिस्तर नहीं बदले ।


इस बदलते दौर में, बदले सभी आखिर,

साहिब नहीं बदले यहाँ अनुचर नहीं बदले ।


आज भी जारी है उनका रूठना, रोना, हँसना,

कि बादशाहत के कभी तेवर नहीं बदले ।


ख़ण्डरों को तोड़कर घर तो बना लिए,

पर खण्डहरों की नींव के पत्थर नहीं बदले ।


***


धूल भरा मेरा आँगन है।


सूख गया कुओं का पानी,

सूना-सूना अब पनघट है।


मैंने जिसको रहबर समझा,

अब जाना कि वो रहजन है।


मौत न जाने कब आ जाए,

सो जी-भरके जीने का मन है।


'तेज' की सांसें क्या गिनना अब,

उसका जीने का कब मन है।


***



शुष्क होठ हैं, आंखें नम,

बाहर उजाला भीतर तम।


जिनको ताब मयस्सर है,

वो क्या समझें मेरा गम।


सूख गए अब जख्म मिरे,

अब क्या देता  है मरहम।


सूरज डूबा, झुका गगन,

तारों  जैसे  टूटेहम।


आंखों से यूँ अश्क झरे,

जैसे तरुवर से शबनम।


***


नज़ाकत देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है,

सफ़ाक़त देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है।


इतना हुनर कहाँ है मुझमें मिलने-जुलने का,

रफाकत देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है।


दस्तखत नहीं हैं, तो न सही ख़त पर तेरे,

लिखावट देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है।


न देखा कभी तुझको, न सोचा कभी तुझको,

इनायत देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है।


न मरने ही दे है तू, न जीने ही दे है तू,

सियासत देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है।


बना दिया तूने, इक अदना को अलमदार,

मोहब्बत देखकर तेरी, ये जाना कि ये तू है।


***




घर–घर में है धुआँ आजकल,

न जाने क्या हुआ आजकल।


नैतिकता घर छोड़ चली है,

मानवता हुई हवा आजकल।


हर पहलू है व्यर्थ दुआ का,

सफल रही बद्दुआ आजकल।


दिल से दिल की बात निरर्थक

हर दिल है अनछुआ आजकल।


ऐ! ‘तेज’ हरेक धारा बदली,

बदली है हर हवा आजकल।


***



जल रही है ये जमीं और गगन है जल रहा,
चिलचिलाती धूप में है तन किसी का जल रहा।

लड़खड़ाता, हांफता, नंगा बदन बोझा लिए,
दो जून रोटी के लिए तपती सड़क पे चल रहा।

चरमराती हड्डियां पर चल रहीं हैं बारहा,
हैवानियत की गोद में इंसान हर पल जल रहा।

जिनके हाथों से बने इस शहर के महलो-मकां,
उनके ही घर का झौंपड़ा है फूंस को तरस रहा।

पल-भर इन्हें भी देखलो ए! शहर के मुर्दादिलो,
दीपक तुम्हारे ‘तेज’ का जिनकी वजह से जल रहा।

***


मैं तो काँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो।

पलकें हैं बोझिल जिनकी, उर्मिल रंग उन्हें दे दो।


सदियो से जो प्यार के दर से कोसों दूर खड़े हैं,

अंधियारे मेरे खाते में और उजियार उन्हें दे दो।


जीवन भर जो करते-करते दुआ वफ़ा की हारे,

वो रह जाएं ठगे- ठगे, कुछ ऐसा प्यार उन्हें दे दो।


कि जिनकी हर इक हार सफलता है जग की,

ये डमरू वीणा और खड़ताल उन्हें दे दो।


आँखों  में  जो  अरमानों  की  अर्थी   लिए  खड़े  हैं,

कवि की कुशल कलम का, तुम उपहार उन्हें दे दो।


***



आबो-हवा में आजकी ढलने लगे हैं लोग,,

स्वप्न में भी आदतन लड़ने लगे हैं लोग।


लगता है कि भूले यहाँ सब लोग हँसने का शऊर,

कि आँसुलों की तर्ज पर हँसने लगे हैं लोग।


तज़ दिया साँपों ने शायद आज डसने का चलन,

एक-दूसरे को बेख़तर डसने लगेहैं लोग।


आग पर चलने का सब हैं कर रहे अभ्यास,

कि सिरफिरों-सा आचरण करने लगे हैं लोग।


एक ज़रा-सी ज़िन्दगी तो काटे नहीं कटती,

पर मृत्यु से लड़ने का दम भरने लगे  हैं लोग।


***


कौन कहता है कि ग़म-गुस्तर नहीं,

कि कातिलों के हाथ में ख़ंजर नहीं ।


चाक दामन कर गये पर देखिये,

हाथ में उनके कोई नश्तर नहीं।


पहनने को पहनते हैं कोट पर,

कोट में अपने मगर अस्तर नहीं।


चन्द गमले देखकर कहने लगे,

कि आज धरती पर कहीं बंजर नहीं।


बेख़ुदी में 'तेज' किससे पूछिये,

गुनगुनाता क्यों मिरा बिस्तर नहीं।


***


उनके चेहरे पे उदासी क्यूँ है,

उम्र उनसे यूँ ख़फा-सी क्यूँ है।


वो जो कातिल है मिरी हस्ती का,

उसकी चौतरफ़ा हवा-सी क्यूँ है।


वो जो चाहें है गुज़रना आखिर,

मौत उससे यूँ ख़फा-सी क्यूँ है।


बात मेरी जो अर्श हो निकली,

उसकी नज़रों में ज़रा-सी क्यूँ है।


माना कि वो हसीन है, ज़हीन भी,

उम्र पर अपनी वो छुपाती क्यूँ है।


मेरी दुनिया का सहारा लेकर,

जुर्म अपना वो छुपाती क्यूँ है।


जिसका कहना था कि बेवफा हूँ मैं,

उसकी आँखों में वफा-सी क्यूँ है।


***

आँखों आँखों आस तो है,

कुछ-कुछ थका रिवाज तो है।


भूखी-नंगी आबादी के,

हाथों आज किताब तो है।


उम्मीदों की तंग गली में,

मंहका कोई गुलाब तो है।


सत्ता के श्यामल चेहरे से,

उट्ठा तनिक नकाब तो है।


‘तेज’ आँधियों के आँगन में,

जलता कोई चिराग तो है।


***

दिल से दिल की जो राह कर बैठे,

खुद ही खुद को तबाह कर बैठे।


उनकेआने की बात तो उट्ठी,

हम दिन ही को रात कर बैठे ।


नबिल्ली रोई, न तारा टूटा,

फिर क्यूँ चेहरा उदास कर बैठे।


एकमक्खी भी तो मारे न मरी,

यूँही खुद को सिपाह कर बैठे।


ये भी सच है कि `तेज' से मिलकर,

प्रीत का हम भी गुनाह कर बैठे।


***



क्या कहें कि कैसे पलते हैं,

हम हर पल भेस बदलते हैं।


आग हुई चूल्हों की ठंडी,

अब दिल मानव के जलते हैं।


प्रेम-अमृत की खोज में हरसू,

द्वेष का ज़हर उगलते हैं।


कल आग पे चलना मुश्किल था,

अब नित्य आग पर चलते हैं।


अब दीप दिलों के शून्य हुए,

नफरत के दीपक जलते हैं।


***



लौटकर फिर आ गया शैतान कोई,

फिर गगन-सा छा गया शैतान कोई ।


पढ़ते—पढ़ते धूप के अख़बार को,

ओढ़कर फिर सो गया शैतान कोई ।


पेट की ज्वाला बुझाने के लिए,

आग पर फिर सो गया शैतान कोई ।


मैकदे की सीढ़ियों को चूमकर,

भीड़ में फिर खो गया शैतान कोई ।


माँ के सूखे स्तनों से खीझकर,

अश्क पी फिर सो गया शैतान कोई ।


***




राजनीति चूल्हे पर चढ़के नाच रही है,

और चूल्हे-वाली महँगाई से काँप रही है।


चूल्हे तक जाने को उसको नमक चाहिए,

पर बेचारी भाषण खाकर नाच रही है।


भरने का अभी प्रश्न कहाँ कि सदियों से,

सत्ता भूखे पेट की खाई नाप रही है।


भूख की बेटी पलकर ज्यूँही जवान हुई,

रोटी उसको बुरी नजर से ताक रही है।


झोंपड़ियों की चित्कारें अब तेज़ हुई हैं,

कि परिवर्तन की कुछ जिज्ञासा जाग रही है।


***



थाम आँधियाँ भीड़ खड़ी है सड़कों पर,

एक-दूजे की नज़र गढ़ी है सड़कों पर।


बस्ती-बस्ती धुआँ-धुआँ है चौतरफ़ा,

नाक मूँदकर मौत खड़ी है सड़कों पर।


शासन में आसन की खातिर रावण-सेना.

राम-पताका लिए खड़ी है सड़कों पर।


आये दिन भूखे-नंगों से राजनीति,

करने दो-दो हाथ खड़ी है सड़को पर ।


दिल्ली की सड़कें भी हैं आवारा ‘तेज’,

बटन खोल तहज़ीब खड़ी है सड़कों पर ।


***



कुछ मुद्दआ होता तो मैं कहता जरूर,

कोई जख़्म तर होता तो मैं कहता जरूर।


हर बात को सहना मेरी आदत नहीं,

शिकवा कुछ  होता तो मैं कहता जरूर।


शबे-सियाह से रिश्ते पुराने हैं मिरे,

रिश्ता नया होता तो मैं कहता जरूर,


टुकड़े-टुकड़े हो गया मेरा जुनून,

कुछ मुद्दआ होता तो मैं कहता जरूर,


दिल मेरा अपनों ने ही तोड़ा है ’तेज

कोई अजनबी होता तो मैं कहता जरूर ।


***


घर नहीं, आँगन नहीं, साथी नहीं,

बरसात में मल्हार अब भाती नहीं।


अब नज़र उनकी शारीके-जुर्म है,

ज़ख़्में-दिल को अब ये सहलाती नहीं।


सियासती शतरंज का मोहरा है जिन्दगी,

हर सिम्त चालों से है बच पाती नहीं।


घर की दीवारों पे है अम्बर टिका,

छत कभी भी अब नज़र आती नहीं।


अब टूटता लगता है मुझको घर मिरा.

सच हो न हो ये बात ज़ज़्वाती नही।


***



दोपहर इतनी मदभरी पहले कभी देखी न थी,

होठों पे इतनी तिश्नगी, पहले कभी देखी न थी।


मखमली तन को संभाले श्वेतवसना कमसिनी,

नहाती हुई तालाब में, पहले कभी देखी न थी।


उसने भी शायद स्वयं को देखा था पहली  बार,

खुद से करती मसखरी, पहले कभी देखी न थी।


कपड़ों के आर-पार तक लगीं देखने आँखें मेरी,

आँखों की ये फितनागरी पहले कभी देखी न थी।


‘तेज’  कब चौखट चढ़ा उतरा न जाने किस घड़ी,

ऐसी कोई प्रश्नावली, पहले कभी देखी न थी।


***


घायल मन का घायल पंछी, कित आए कित जाए,

तू-तू मैं-मैं की दुनिया में, अपना किसे बनाए।


रात ने पहना नकली चोला, नकली चाँद-सितारे,

न जाने कब वक्त की धारा, किसे कहाँ ले जाए।


जब नए दौर में दिल ही अपना ही टूट गया

फिर टूटी-फूटी रेखाओं से, चित्र कहाँ बन पाए।


सांस आखरी हाथ का झोला देना भी तो क्या देना,

कि जीना हुआ तबाह अकेला, कौन कहाँ तक जाए।


***



मद्धिम कसैली धूप है हिमपात का डर है.

पछुआ हवा के गर्भ से तूफान का डर है।


होती है नित आकाश से दुख-दर्द की बातें,

ये खोली है सूरजभान की, इमरान का घर है।


हो गया है शांति का अशांति से विवाह,

हर घड़ी, हर बात पर तकरार का डर है।


अन्धी गलियों में तो है प्रवेश की छुट्टी,

पर प्रगति मैदान में प्रवेश पर कर है।


भूख के वक्षों पे है रोटी का हाथ ‘तेज’,

भूखों को आबदार के ईमान का डर है।


***



ज़मीन से उठूँ तो मैं अम्बर देखूँ,

तारों की धूप-छाँव का मंजर देखूँ।


फिर वही रंगीन फूलों की महक,

फिर वही निगा-ओ-नश्तर देखूँ।


फिर वही गुस्ताख़ सपनों की धनक,

फिर सूखी हुई आँखों में समन्दर देखूँ।


फिर वही खूने-जिगर की रंगो-बू,

फिर तिलस्मी यार का ख़ंजर देखूँ।


बुतपरस्ती की मुझे फुरसत नहीं,

फुरसत मिले तो ‘तेज’ के तेवर देखूँ।


***


आँखों-आखों तल्ख़ समन्दर ठहरे हैं

उथले-उथले नीलगगन से गहरे हैं।


नीचे–नीचे काट रही है हरियाली,

ऊपर–ऊपर ख़ुस्क हवा के पहरे हैं।


जंगल–जंगल सदाबहारी का आलम,

बस्ती–बस्ती उतरे उतरे चेहरे हैं।


धरती–धरती डाली–डाली फूल रही,

परबत–परबत ऊँचे गूँगे-बहरे हैं।


रातों–रातों जगते–जगते सोते हैं,

धड़कन–धड़कन ‘तेज’ अजल के  पहरे हैं।


***


अम्बर ऊंचा हुआ ज़मी हुई पोली,

सूरज ने प्रभात की साँकल खोली।


धूल-भरी पछुवा की पायल बहकी,

पुरवा सहसा मदिरालयों की होली।


भौर हुए कौओं ने बाँग लगाई,

साँझ हुए मुर्गों ने बोतल खोली।


खाकर मार वक़्त की नन्ही बिटिया,

चूस अँगूठा भूखी-प्यासी सो ली।


हाथ पकड़ सावन का फागुन रोया,

खेल रहा क्यों मानव खूनी होली।


***



ऐ पथिक! वीरान तेरा क्या करेगा,

राह का व्यवधान तेरा क्या करेगा।


बन्द  तेरी  कनखियों  में  रात  है,                कि डूबा हुआ प्रशांत तेरा क्या करेगा।


विश्वास की गर्मी है तेरी श्वास में,

उद्दाम वेगों से भरा तूफान तेरा क्या करेगा ।


प्यार के नग्में सुनाता तू चल चला चल,

दुख-दर्द का विषपान तेरा क्या करेगा।


दीप हैं प्रदीप्त जब तक राह में,

ये तिमिर संहार तेरा क्या करेगा।


आत्म-सत्ता का सदा सम्मान कर,

त्रास और संत्रास तेरा क्या करेगा।


***


जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए,

कि आँखों आँखों धूमिल आशा छोड़ गए।


उल्टे-सीधे अर्थ उगलती है हरदम,

अपने पीछे तुम ये कैसी भाषा छोड़ गए।


दंश-प्रेम का पोर-पोर पर तारी है,

प्रेम-प्रीत की क्या परिभाषा छोड़ गए।


पीते-पीते मौत गले तक आ पहुँची,

मानस में तुम ये कैसी हाला छोड़ गए।


कि उत्तर देते-देते जीवन रीत गया,

पश्नों की तुम  कैसी तृष्णा छोड़ गए।


***















चलो करें कुछऐसा यारो  एक साथ सब कदम उठें,

मानव, मानव को पहचाने, प्रेम के प्याले छलक उठें।


हवा समूची दुनिया की यारब कुछ ऐसी बदले,

बस्ती-बस्ती खुशहाली हो बाग-बगीचे महक उठें।


सूरज यूँ धरती पर उतरे आँगन-आँगन धूप खिले,

सुबह-सवेरे बैठ मुँडेरी चीं-चीं चिड़िया चहक उठें।


होरी को धनिया मिल जाए और धनिया को पैंजनियाँ,

छालों भरे हाथ को चूड़ी घायल पायल छनक उठें।


कोई हिन्दू हो या मुस्लिम, कोई इसाई, सिख या बौद्ध,

आपस में यूँ मिले-जुलें सब, सबके चेहरे चमक उठें।


***
















टूट गया भ्रम सम्बन्धों का।

चित सामान हुआ धंधों का।


नवयुग की देहर पे अविरल,

मान बढा है अनुबन्धों का।


मानव मूल्य गिरे इस तह तक

बुरा हाल है सम्बन्धों का।


चौतरफा बाजार गर्म है,

झूठ कपट काले धंधों का।


निति और नीयत बदली है

हाल बुरा है परबंधों का।


***

















इसकी उसकी अपनी पीड़ा, जाने कैसे सहता हूँ,

जो भी जिव्हा पर आता है निश्छल मन से कहता हूँ।


मैं क्या जानूं इस दुनिया के रंजो-गम एमालों को,

बैट हवाओं के हिन्डोले, मैं अम्बर पर रहता हूँ।


मुझको क्या कुछ लेना देना, अब खिड़की दरवाजों से,

मैं नदियों की धाराओं सा पलपल कलकल बहता हूँ।


मैं क्या जानू रक्तिम भू के हरियाले आंचल का रंग,

आँख बाँधकर मैं धरती पर सर्दी- गरमी सहता हूँ।


मैं क्या जानू मनु के मन की ऊँच-नीच की परिभाषा,

मैं मानव के मन मस्तक पर जो पढ़ता हूँ कहता हूँ।


मैं क्या जानूं हिम-खण्डों का गीलापन चथरीलापन,

मैं  पाहन सा हो निकला, रोज दरकता ढहता हूँ|


***











कुछ दोहे


अन्दर-अन्दर द्वेष है, बाहर-बाहर नेह,

बिन बादल तुम ही कहो कैसे बरसे मेह।

****

धीरे—धीरे धुल गई, चेहरे पसरी धूल,

आंखन में चुभने लगे शूल सरीखे फूल।

****

पाकर बैरंग पत्र मै इतना हुआ निहाल,

प्रियतम से ज्यूँ मिला वर्षों बाद रुमाल।

****

संसद निश-दिन गूंथती नए नए कानून,

धनिया भूखी मर गई मांगत-मांगत चून।

****

जाना था जिनको गए ओढ़ तिरंगा यार,

बीवी भुट्टे भूनती नित संसद के द्वार।

****

घर की कुन्दी खोलकर सो गए लम्बी तान,

गाली देकर चोर को शेखी रहे बखान।

****

जीवन एक पहेली है इतना लीजे जान,

इतना भी कुछ कम नहीं बनी रहे पहचान।

****

सत्ता के चौपाल पर लगी हुई टकसाल,

लोग निरर्थक भीड़ में बजा रहे खड़ताल।

****







गली-गली नेता घने, गली-गली हड़ताल,

संसद जैसे बन गई, तुगलक की घुड़साल।

****

गली-गली नेता घने, गली-गली हड़ताल,

संसद जैसे बन गई, तुगलक की घुड़साल।

****

यां जनता बौनी हो गई, नेता हुए खजूर,

भूखे पेटों चाकरी कब तक करें मजूर।

****

पढ़ने लिखने का मुझे इतना मिला इनाम,

चोर-निक्कमें लोगन कू मारत फिरूँ सलाम।

****

चोरों से है मोर मरावे राजनीति हर तौर,

राजनीति बौनी हुई चोर हुए सिरमौर।

****

कौले-कौले बाज हैं, आँगन-आँगन लाल,

कोयलिया ओझल हुई, बिगड़ गया सुरताल।

****

सरसों फूली खेत में घर में चूल्हा रोय,

संसद हुई बिचौलिया बैठ किसनवा रोय।

****

चल धनिया कहीं और चल यहाँ नहीं अब खैर,

नेता जज और बानिया करत यहाँ अब सैर।

****






लील गई चढ़ती नदी पका-पकाया धान,

भूख-प्यास की मार से टेढ़ा भया किसान।

****

धनिया को नहीं भात है अब पीपल की छाँव,

सिर पे तीर कमान है पाजेब धरी हैं पाँव।

****

धीरे-धीरे बिक गया घर का सब सामान,

रोजी-रोटी के लिए गिरवी धरा मकान।

****

यहाँ चोरों की पंचायत है, गीदड़ हैं प्रधान,

थाम हाथ उल्टी कलम, लिखते चोर विधान।

****

जिनके घर के दरवाजे पर राम लिखा है,

हाथों-हाथों उनके कत्लेआम लिखा है।

***

हाल पर मुझको मिरे जो छोड़ते तक भी नहीं,

अरु बोझ मेरी उम्र का वो झेलते तक भी नहीं।

***

जाने तो हैं हाल मिरा वो, करते बहुत सवाल मगर,

अंधियारों से बाबस्ता हैं, रखते नहीं चिराग मगर ।

***

शब्दों के कुछ व्यापारी याँ बेच रहे हैं खुशहाली,

छोटे और बड़े का कुछ भी करते नहीं लिहाज मगर।

***









जिनके घर के दरवाजे पर राम लिखा है,

हाथों-हाथों उनके कत्लेआम लिखा है।

0000

हाल पर मुझको मिरे जो छोड़ते तक भी नहीं,

अरु बोझ मेरी उम्र का वो झेलते तक भी नहीं।

0000

जाने तो हैं हाल मिरा वो, करते बहुत सवाल मगर,

अंधियारों से बाबस्ता हैं, रखते नहीं चिराग मगर ।

0000

शब्दों के कुछ व्यापारी याँ बेच रहे हैं खुशहाली,

छोटे और बड़े का कुछ भी करते नहीं लिहाज मगर।