आत्मकथांश : फ्लैस बैक - बियोंड पैराडाइम (आत्मवृत्त)

तेजपाल सिंह 'तेज'



द्वितीय चरण : साहित्य सर्जन 

कहा जाता है कि साहित्य के बिना राष्ट्र की सभ्यता और संस्कृति का सजीव होना जैसे संभव ही नहीं है। साहित्यकार का कर्म होना चाहिए कि वह ऐसे साहित्य का सृजन करे जो राष्ट्रीय एकता, मानवीय समानता, विश्व-बंधुत्व और सद्भाव के साथ हाशिये के आदमी के जीवन को ऊपर उठाने में उसकी मदद करे। यह तब ही संभव है जब कि साहित्यकार अपने जीवन व अपने परिवेश का हृदय से अवलोकन करे। यानी जीवन ही साहित्य का आधार है।

साहित्यकार समाज और अपने युग को साथ लिए बिना रचना कर ही नहीं सकता है, क्योंकि सच्चे साहित्यकार की दृष्टि में साहित्य ही अपने समाज की अस्मिता की पहचान होता है। यदि साहित्य समाज के लिए उपयोगी नहीं तो किसी को भी ग्राह्य नहीं होगा, मुझे ऐसा लगता है। साहित्यकार के अंतस में युग-चेतना होती है और यही चेतना साहित्य सृजन का आधार बनती है। साहित्य की महत्ता को आँकने के लिए आत्मसंतुष्टि अथवा सुखानुभूति काफी नहीं, सहित्य में प्रेरणा या संदेश या जागृति का होना आवश्यक है। संवेदना ही एक ऐसी चीज है, जो साहित्य और समाज को जोड़ती है। संवेदनहीन साहित्य समाज को या तो नकारात्मक सोच के चूल्हे में झोंक देगा या फिर नापाक मनोरंजन का साधन मात्र बनकर रह जाएगा। ऐसे में साहित्य को जीवित रखना संभव नहीं लगता। मैं समझता हूँ कि सहित्य सीमाबंदी नहीं की जा सकती। स्वतंत्र साहित्य ही साहित्य की व्यापक भूमिका का निर्वहन कर सकता है। अब देखना यह है कि मेरा साहित्य किस करवट बैठता है। मैरा प्रयास रहा है कि मैं अपने देश काल और परिस्थिति के अनुरूप अपने साहित्य कर्म को गति प्रदान की है । मेरे साहित्य पर दृश्टिपात करने से पूर्व मेरी रचना प्रक्रियाऔर रचना धर्मिता को जानना जरूरी है। अत: शुरुआत भी इस क्रम में की है।

2.1 मेरी रचना-प्रक्रिया

मेरा जन्म एक अकृषक परिवार में सन 1949 में बुलन्दशहर उ.प्र.) के एक छोटे से गाँब अला बास बातरी में तब हुआ, जब भारत का संविधान रचा जा रहा था। दरअसल मैं बचपन से ही तमाम सामाजिक और पारिवारिक झंझावतों को झेलते हुए आगे बढ़ा हूँ।

मुझे गहरे से और ज्यादा जानने के भाव से यह उचित ही होगा कि मैं यहाँ उस वाकिये को भी जोड़ दूँ कि जब मैं भारतीय स्टेट बैंक में सहायक प्रबन्धक के रूप में कार्य करते हुए भारतीय स्टेट बैंक के प्रशिक्षण केंद्र आगरा में प्रशिक्षणार्थ गया हुआ था। प्रशिक्षिक माननीय राजेन्द्र कुमार जी थे। उन्होंने प्रशिणार्थियों से अपने और अपने बच्चों के विकास के विषय में कई सवाल किए। कुछ—कुछ अपनी रुचि के, कुछ प्रिशिक्षण प्राप्त करने वालों के। ज्यादातर ने परंपरागत मान्यताओं के हिसाब से ही उत्तर दिए । मैंनेशांति से सबको सुना। अब ! राजेंद्र सर ने मेरी ओर उंगली उठा दी। यानी कि अब मेरी बारी थी। मैंने अपनी बात शुरु करने से पहले राजेन्द्र सर से कहा कि मुझ से पूर्व जिन-जिन भी प्रशिक्षणार्थी ने जो कुछ भी कहा, मेरी समझ से इसलिए परे है क्योंकि उन्होंने किस-किस आधार पर अपने विचार व्यक्त किए, उनका किसी ने भी खुलासा नहीं किया। मैं चाहता हूँ कि अपनी बात आपके सामने अपने अन्दाज में रखूँ। राजेन्द सर ने बिना किसी हिचक के मुझे ऐसा करने की आज्ञा प्रदान कर दी।

मैंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की परिभाषा देश, काल और परिस्थिति पर आधारित होती है। देश, काल और परिस्थिति को नकार कर जीवन की परिभाषा की ही नहीं जा सकती। फिर भी यदि कोई करता है तो वह शंका से परे नहीं हो सकती। जहाँ तक मेरा सवाल है, मैं नितांत ग्रामीण हूँ। अकृषक परिवार से ही नहीं, अपितु एक दलित वर्ग के परिवार से भी हूँ। लगभग डेढ़ वर्ष की अल्पायु में मेरे पिता का देहांत हो गया था। सातवीं कक्षा में आते-आते माता का देहांत भी हो गया। आगे का भार बड़े भाई डालचन्द ने उठाया। मगर प्रथम श्रेणी में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद, मेरे बड़े भाई ने मुझे आगे पढ़ाने से हाथ खींच लिया। ये मेरे लिए एक त्रासदी से कम नहीं था। दिमाग का भी इतना विकास न था कि मैं आगे-पीछे का कुछ भी सोच सकूँ। ऐसे में निराशा की चादर समेटे, मैं अपने बहनोई माननीय श्रीराम के पास नौकरी पाने की लालसा से गया। उन्होंने कहा कि मैं चहाता हूँ कि तू आगे की पढ़ाई कर, इसके लिए जो मुझसे बन पड़ेगा, मैं करूँगा। नौकरी तो मैं लगवा ही दूँगा। मैं उजास कम, हताशा कुछ ज्यादा लेकर अपने गाँव वापिस आ गया। सोचा, क्यों न पढ़ाई खुद ही कर लूँ? संसाधन तो न के बराबर थे ही । फिर भी मैंने जैसे-तैसे ग्यारहवीं कक्षा में दाखिला ले लिया। इस पर भाई ने कुछ नाराजगी भी जाहिर की क्योंकि वो मेरी शादी कराकर अपने दायित्व की इतिश्री कर लेना चाहते थे। किंतु मैं अपनी बात पर अडिग रहा और जैसे-तैसे मेहनत-मजदूरी करते हुए स्वतंत्र भारत इंटर कालेज, भवन बहादुर नगर, (बुलन्दशहर) उ.प्र. के प्रधानाध्यापक माननीय रामाश्रय शर्मा एवं अन्य ब्राह्मण अध्यापकों द्वारा प्रदत्त आर्थिक सहायता के बल पर उत्तीर्ण की। वह भी प्रथम श्रेणी में। वस्तुत: सच तो ये है कि मैं दलित परिवार से होते हुए भी, ब्राह्मण अध्यापकों का घना चहेता रहा। कारण चाहे जो भी रहे हों।

बारहवीं करने के उपरांत, मैं 1969 में ही नौकरी की तलाश में दिल्ली आ गया। दिल्ली आने के बाद, दिल्ली में रुके रहने के लिए मैंने जाने क्या-क्या न किया। अंतत: तीन-चार सरकारी नौकरी छोड़कर मैं अप्रैल 1974 को भारतीय स्टेट बैंक में बतौर टंकक-लिपिक भर्ती हो गया। अब दुविधा ये थी कि जिस शाखा मैं भर्ती हुआ था, उसमें मेरे साथ भर्ती हुए सभी कर्मचारी स्नातक या फिर स्तानकोत्तर थे। मैं केवल बारहवीं पास था। मेरे शैक्षिक स्तर को लेकर वो आपस में कुछ न कुछ अप्रिय बातें करने से बाज नहीं आते थे। उनकी ऊल-जलूल बातों का मुझे ये लाभ मिला कि 1975 में मैंने स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने के लिए मेरठ यूनिवर्सिटी (अब : चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी) से पत्राचार पद्धति के तहत जरिए 1977 में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। और अब मैं आपके एक अधिकारी के रूप में उपस्थित हूँ। तदंतर मैंने राजेन्द्र सर से ही सवाल कर दिया कि अब आप ही मेरे जीवन की परिभाषा तय करलें। उन्होंने और मेरे साथियों नेबड़े ही धर्य से मेरी बातें सुनीं। सभी प्रशिणार्थी शांत थे । राजेन्द्र सर भी। किंतु उन्होंने प्रत्युत्तर में, जीवन की परिभाषा तय करने का भार मुझ पर ही डाल दिया।

मैंने बिना कुछ देरी किए, उत्सुकता-वश सहज भाव से कहा कि महोदय! मुझे तो ‘जीवन’ संघर्ष के अलावा और कुछ नहीं लगता। शेष आप स्वयं तय करें कि मेरी परिस्थितियों के अनुरूप आप जीवन को क्या संज्ञा प्रदान करेंगे। वे कुछ पल चुप रहे और अचानक तालियाँ बजाने लगे।…… बहुत खूब …..बहुत खूब। उनका इतना कहना था कि सभी प्रशिणार्थी भी तालियाँ बजाने लगे। ….. और सत्र के अंत तक मैं चर्चा का विषय बना रहा।

अपनी “रचना प्रक्रिया के विषय में कुछ लिखने से पूर्व यथोक्त सत्य व्यक्त करना, मैंने इसलिए आवश्यक समझा, क्योंकि किसी भी रचनाकार का परिवेश अक्सर उसकी रचना का किसी न किसी रूप में एक अभिन्न अंग होता है। या यूँ कहा जा सकता है कि किसी भी रचनाकार की रचना उसके परिवेश अक्सर किसी न किसी रूप में प्रभावित होती है। यह सत्य मेरी रचनाओं में उजागर होता है। है।

मैंने अपर्युक्त में दसवीं कक्षा पास करने के उपरांत अपने बड़े भाई के नकारात्मक व्यवहार का उल्लेख किया है। यह भी कहा है कि खुद मेहनत-मजदूरी करके बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की। दरअसल, मेरे बड़े भाई हेंड-पंप लगाने का कार्य करते थे। घरेलू काम होने के नाते, मैंने भी दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत हेंड-पंप लगाने का कार्य करना शुरू कर दिया। इसके चलते, मैंने अपने बलबूते पर ग्यारहवीं कक्षा में दाखिला ले लिया था। ग्यारहवीं कक्षा के दिनों में इसी कारण से, मैं कालिज से अक्सर गायब रहने लगा। यह 1967 की बात है। उस समय एक हेंड-पंप लगाने के लगभग 40-45 रुपए मिल जाया करते थे। वह भी एक-दो दिन में। इसके साथ-साथ एक राज़ और खोलना जरूरी है कि मुझे देहाती गाने गाने का बड़ा ही शौक था। कोई ही ऐसा दिन जाता होगा, जब गाँव के लोग हमारी बैठक (दुकड़िया) पर गाना सुनने के लिए न आते हों। यहाँ यह पुन: उल्लेख करना जरूरी है कि यह संयोग ही था कि मैं रागनी गाने में रुचि रखता था। बस! इसी लगन ने मुझे रागनी लिखने की ओर भी खींच लिया।

गौरतलब है कि साठ-सत्तर के दशक में लिखी जाने वाली ज्यादातर रागनियाँ ऐतिहासिक किस्सों / कहानियों पर आधारित होती थीं, किंतु मैंने अपने एक साथी “संतराम प्रेमी” के साथ मिलकर रागनियों को आम –आदमी की समस्याओं से जोड़कर आगे का रास्ता तय करना मंजूर किया। वह ऐसा समय था कि जब मुझे “रचना धर्मिता” जैसे विषयों के बारे में सोचने का ज्ञान तक नहीं था। इस बीच मैंने और मेरे साथी संतराम प्रेमी ने आठ पेजी चार पुस्तिकाओं का प्रकाशन कर बुलन्दशहर के स्याना कस्बे में अवस्थित ‘ओम-शरण पुस्तक भंडार’ नामक पुस्तक विक्रेता को छपाई की लागत से करीब पाँच गुनी कीमत में बेच दी जाती थी। उस समय यह कार्य निसंदेह मेरी आजीवका का हिस्सा था। जब मैं 1969 में बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करके दिल्ली आया तो दिल्ली में रुके रहने और नौकरी की तलाश में बने रहने के लिए मैने गोल मार्किट की बेयर्ड रोड पर स्थित “ओनिलको कैमिस्ट” नामक एक दुकान पर केवल दो रुपए रोज के वेतन पर कार्य किया। रविवार के पैसे कटते थे।

दिल्ली में आने के बाद सन 1971 में मैं दिल्ली ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (डी.टी.यू.) में दैनिक दिहाड़ी पर संवाहक के पद पर नियुक्त हुआ। इस बीच मेरा लेखन कार्य अवरुद्ध ही रहा। कारण था, सुबह-शाम शिफ्ट में काम करना। वह भी केवल चार रुपए रोजाना। कभी काम मिला, कभी नहीं। इसी दौरान मुझे एक ऐसी ड्यूटी मिल गई जो सुबह के ही दस बजे समाप्त हो जाती थी। या फिर कभी दिन में नौकरी करता तो शाम खाली। रात को काम करता तो दिन खाली। इस खाली समय की भरपाई के लिए मैंने ईस्ट पटेल नगर स्थित “दिल्ली पब्लिक लायबरेरी की सदस्यता हासिल करली और लिखने-पढ़्ने की कुलबुलाहट के कारण अब मेरा खाली समय वहाँ गुजरने लगा। वहाँ अलग-अलग विधाओं की पुस्तकों का असीम भंडार था। यहाँ यह स्पष्ट करना आवश्यक महसूस हो रहा है कि मैंने कालिज के समय में नाटक और उपन्यास खूब पढ़े थे। किंतु दिल्ली पब्लिक लायबरेरी की सदस्यता हासिल करने के बाद धीरे-धीरे मेरा ध्यान गद्य साहित्य से जैसे हटता चला गया। फलत: अब मैं नाटक और उपन्यास जैसी विधाओं की पुस्तकें पढ़ने से कटने लगा था। बदले में देवनागरी लिपी में छपी उर्दू और हिन्दी की ग़ज़लों/कविताओं की पुस्तकें पड़ने लगा था। मीर, गालिब और न जाने कितने ही शायरों की किताबें ज्यादा पढ़ने लगा। वह भी कई-कई बार। अब मैं उर्दूदां तो था नहीं, अत: शब्दार्थों के जरिए शायरी समझने का निरंतर प्रयास करता था। बस यहीं से मैं गद्य साहित्य व देहाती गानों/रागनियों से इतर शायरी ने जैसे मुझे ठग लिया। अब मैं ग़ज़ल और मुक्तक लिखने की ओर अग्रसर होने लगा था। और ग़ज़लों के अलावा अब मुझे केवल कविता ही लुभा पाती थी। गद्य से जैसे नाता लगभग टूट ही गया था। ग़ज़ल पढ़-पढ़कर मुझे लगा कि ‘ग़ज़ल’ ही एक मात्र ऐसी विधा है जिसकी दो पंक्तियों मात्र में बहुत सारा अर्थ भरा जा सकता है। इस काव्यात्मक विधा ने मुझसे मुझे छीन लिया और स्वयं मुझमें समा गई। निरंतर पठन-पाठन से मेरा रुझान गद्य से हटकर पद्य — वह भी शायरी की ओर चला गया। परंपरागत ग़ज़ल जहाँ सुरा और सुन्दरी के दामन से गुजरने के बाद हवा पा पाती थी, वहीं आज की हिन्दी ग़ज़ल आम आदमी के दुख दर्द की आवाज़ बन गई है, यह सब “दुश्यंत” के “साये में धूप के” पढ़ने के बाद ही जाना। और जब मेरी कलम आज की ग़ज़ल की ओर चली तो ठीक दुश्यंत की तरह ही मेरी कलम भी अक्सर कड़वा और सियासी जामा पहनकर संघर्षों के साथ निर्माण तलाशने लगी।

दिल्ली ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (डी.टी.यू.) में नौकरी करने के दौरान मेरा परिचय उस समय के जाने-माने ग़ज़लकार महेश चन्द ‘नक्ष’ से हुआ। गौरतलब है कि महेश चन्द ‘नक्ष’ भी डी.टी.यू. में ही सर्विस करते थे। मैंने उनकी ग़ज़लें बहुत बार आल इंडिया रेडियो के विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सुनी थीं। अब क्या था, मैं उनसे कुछ सीखने के आश्य से उनके बराबर संपर्क में रहने लगा। किंतु हाथ कुछ भी न लगा। वे चाय-पानी तो खूब और बड़े प्यार से पिलाते थे किंतु शायरी को नाकारा और आवारा लोगों का शौक बताकर मुझे पटरी से उतार देते थे। उनके ऐसे कहने पर मेरे मन में आता था कि मैं उनसे कभी पूछ कर देखूँ कि यदि शायरी नाकारा और आवारा लोगों का शौक है तो फिर आप क्यों शायरी से नाता क्यों जोड़े हुए हैं। किंतु उनसे कुछ भी पूछने का साहस नहीं होता था। वैसे भी वो डी. टी. यू. में ट्रैफिक इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे और मैं एक अदना सा संवाहक, वह भी दैनिक दिहाड़ी वाला अस्थाई कर्मचारी। खैर! अंतत: उनसे मिलना-जुलना ही छोड़ दिया और जो भी जैसा भी मन में आया, लिखता रहा।

एक और कड़बा सच है कि दिल्ली आने के बाद, भारतीय समाज में व्याप्त विसंगतियों/ विकृतियों/ सामाजिक भेदभाव/ राजनैतिक भ्रष्टाचार/ गरीब और निरीह तबके के प्रति राजनीतिक / प्रशासजिक उपेक्षा/ जाँति-पाँति और आर्थिक व श्रृमिक शोषण, धार्मिक पाखंडवाद जैसी जाने कितनी ही सामाजिक बुराईयों से साक्षात्कार हुआ। अब वक्त की आवाज़ से जैसे मेरा परिचय हो गया था। पद्य लिखने के मेरे शौक में आम आदमी दुख-दर्द पहले से ही शामिल था, सोआम आदमी का दुख-दर्द अब मेरी ग़ज़लों और कविताओं का खास विषय बनकर मुखर हो गया ।

यहाँ यह कहना ग़लत नहीं होगा कि प्रत्येक रचनाकार छपना तो चाहता ही है। मैं भी चाहता था किंतु अपनी शर्तों पर। जैसा मैंने लिखा है, वैसा छापना है तो छापो, अन्यथा कोई बात नहीं। तुम अपने घर, मैं अपने घर। हासिल ये हुआ कि किसी भी प्रकाशक ने मुझे छापने का जोखिम नहीं उठाया। दूसरे मैं अपने रचना के प्रकाशन के आश्य से किसी भी पत्र-पत्रिका के संपादक के पास चलकर नहीं कभी भी गया। अब इसे मेरी नादानी कहें अथवा अन्य कुछ और। इस तरह समय गुजरतागया और मैं साहित्यिक भँवर र्में हिचकौले खाता रहा।

सन 1972 के आसपास मैंने अपनी टूटी-फूटी ग़ज़लें इधर-उधर पत्रिकाओं में प्रकाशनार्थ भेजनी शुरु कर दीं। इसी समय   “गीतकार” नामक पत्रिका का प्रवेशांक पढ़ने को मिला। पद्मश्री गोपाल दास “नीरज” “गीतकार” के प्रधान संपादक थे। पत्रिका पढ़ी। अच्छी लगी। मैंने अपनी एक ग़ज़ल “गीतकार” में प्रकाशनार्थ भेज दी। किंतु मेरे द्वारा प्रेषित ग़ज़ल की केवल चार पंक्तियाँ ही प्रकाशित की गईं। वह भी संशोधन के बाद। प्रकाशित पंक्तियाँ ये हैं—

तुमने साँझ का वायदा किया तो मान लिया,

तुमने प्यार का वायदा किया तो मान लिया,

फिर मुहब्बते - तकरार का मतलब क्या है?

जब तुमने इंकार किया तो हमने मान लिया।


 मुझे इन पंक्तियों के प्रकाशन पर खुशी कम, अवसाद ज्यादा हुआ क्योंकि वो मेरी विचारधारा के साथ एक छेड़छाड़ थी। शिल्पगत छेड़छाड़ तो मुझे कल भी स्वीकार थी और आज भी। किंतु इसे संयोग कहूँ या कुछ और, इसके बाद‘गीतकार” में मेरी रचनाओं को बिना किसी छेड़छाड़ के छापा और मुझे तेवरी भाषा का रचनाकार तक कहा जाने लगा जिससे मुझे अपनी बात को साफगोई के साथ रखने का बल व मेरे भीतर बैठे रचनाकार को नई दिशा मिली। मुझे लगा कि ग़ज़ल कहना आसान नहीं है। अभी और ज्यादा अध्ययन की आवश्यकता है। यद्यपि मेरा मानना है कि साहित्यिक सिद्धांत / व्याकरण का जानना आलोचकों और समालोचकों / विशेषज्ञों का काम है, रचनाकार का नहीं। फिर भी मैंने अपनी रचना में सुधार के लिए हल्के से ही सही, ग़ज़ल के व्याकरण को समझने का प्रयास किया।

यहाँ यह बताना जरूरी लग रहा है कि समय गुजरने के साथ-साथ मैंने भारतीय स्टेट बैंक में नौकरी करते हुए 1977 में स्नातक (बी.ए.) की परीक्षा भी उत्तीर्ण करली थी। अब साहित्यिक गोष्ठियों में आना-जाना मेरा शौक बन गया था।

1977 में आकाशवाणी, दिल्ली में कार्यरत माननीय श्याम दत्त पराग से अनायास रीगल सिनेमा के पास कनाट-प्लेस में स्थित काफ़ी हाउस (रीगल सिनेमा के सामने वाला) में मेरी मुलाकात हुई। मैं उस समय लगभग 28 वर्ष का था। पता नहीं, मेरे लम्बें बाल और दाढ़ी को देखकर उन्हें क्या आभास हुआ होगा? उन्होंने हाथ का इशारे से अपने पास बुलाया और कहा, “लगता है तुम्हें कुछ लिखने-पढ़ने का शौक है ।” मैं कुछ देर सहमा सा चुप रहा। फिर सिर्फ इतना कहा कि शौक-भर है। उन्होंने शायद मेरा मन रखने के लिए कहा कि शौक होना ही तो भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है। बोले, ’कुछ सुनाओ।” मुझ पर झिझक तारी थी। मैंने टालने की कोशिश की। किंतु वे नहीं माने। मैंने झिझकते हुए उन्हें अधोलिखित पंक्तियाँ सुनाईं –

मैंने तो गिर-गिरके, उठने का हुनर पाया है,

मैंने तो रो-रोके, हँसने का हुनर पाया है,

ये धरती, तेरी धरती का आसमाँ होगी,

मैंने तो मर-मरके, जीने का हुनर पाया है।


पराग जी कशमीरी पंडित थे। और मैं दलित परिवार से आया एक ऐसा प्राणी जिसे विरासत में महज़ प्रत्येक प्रकार का अभाव ही मिला था। इन पंक्तियों को सुनकर पराग जी ने मुझे अगले दिन संसद मार्ग पर स्थित आल इंडिया रेडियो के कार्यालय में आने को कहा। दरअसल पराग जी आल इंडिया रेडियो के डोगरी भाषा के समाचार विंग में कार्यरत थे। मेरी नई-नई नौकरी थी। छुट्टियाँ लेना मेरे लिए एक समस्या थी। खैर! जैसे-तैसे समय निकालकर मैं आकाशवाणी, दिल्ली के कार्यालय पराग जी से मिलने गया। बड़े ही प्यार से मिले वो मुझसे। मुझे स्टाफ कैंटीन ले गए वो। दो चाय मँगाईं। इसी बीच उन्होंने मेरे सामने एक फार्म रख दिया। कहा, “इसे भर दो।” और इस प्रकार पराग जी के सहयोग से मुझे आकाशवाणी, दिल्ली के युववाणी कार्यक्रम में समय-समय पर कविता पाठ करने के लिए बुलाना 1980 तक जारी रहा। इस दौरान, यद्यपि मेरी कविताएं परम्परागत कविता से हटकर वर्तमान सामाजिक / आर्थिक / धार्मिक/ राजनीतिक अव्यवस्था के पक्ष में न होकर उस पर प्रहार करती थीं, किंतु मेरी अलग विशिष्ट रचना पर मेरे सहयोगी कवि मुझे प्रोत्साहित ही करते थे। इससे मुझे मेरे जीवन के यथार्थ को काव्य रूप में अभिव्यक्त करने का मजबूत आधार मिला।

1980 के मई मास में मेरे नियोक्ता भारतीय स्टेट बैंक ने मुझे केन्द्रीय कार्यालय के लेखा-परीक्षा विभाग में प्रतिनियुक्त कर दिया। यह एक यायावरी (मोबाइल) नियुक्ति थी। इस दौरान में इन्दौर से प्रकाशित “नवभारत” एवं अन्य प्रादेशिक समाचार पत्रों में यदा-कदा छपता तो रहा लेकिन मेरी मोबाइल ड्यूटी के चलते मेरी रचना-प्रक्रिया अथवा रचना-विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

1982 में मुझे सहायक प्रबन्धक के पद की नियुक्ति पर राजस्थान के सीकर जिले में जाना पड़ा। किंतु कभी-कभार ‘राजस्थान पत्रिका’ और ‘राष्ट्रदूत’ समाचार पत्रों के सहयोग ने मेरे साहित्यिक मर्म को बनाए रखा। यहाँ यह कहना अनुचित न होगा कि तमाम झंझटों के चलते भी मेरी रचना-प्रक्रिया अथवा रचना विकास निरंतर बना ही रहा।

1985 में मैं रुग्णावस्था में दिल्ली वापिस आ गया। 1986 में एक ऐसा व्यक्ति मिला जिसने मेरे साहित्यिक सफ़र की शुरुआत में, मुझे पूरी तरह से नकारने का प्रयास किया। मेरे उनसे मिलने के बार-बार के के सभी प्रयास जैसे बेकार गए। तब मुझे लगा कि ऐसा कार्य कोई साहित्यिक कांति-धर्मा ही कर सकता है। हद ये थी कि घर में होतेहुए भी वह शख़्स अपने बच्चों के जरिए घर में न होने के झूँठ को सच का जामा पहना देता था। किंतु मैंने हार नहीं मानी। मैं उनके दरवाजे पर निंरंतर दस्तक देता ही रहा। अंतत: वे हार ही गए। अब वो मुझे नकारने का साहस नहीं जुटा पाते थे। अब जैसे ही मैं दरवाजा बजाता, वह स्वयं ही सामने खड़े नज़र आने लगे। फिर क्या था, घंटों-घंटों साहित्यिक चर्चा में ख़पने लगे। चलो! अब बता ही देता हूँ, उस शख़्स का नाम है ”के.एल. बालू”। आजकल वे केंद्रीय विद्यालय से प्रधानाचार्य के पद से सेवा—मुक्त हैं। कमाल का साहित्यिक ज्ञान है उनके पास। खुद तो जैसे कुछलिखते ही नहीं, किंतु मेरे जैसों का मार्ग प्रशस्त करना उन्हें खूब आता है। बस! शर्त ये है कि कोई उनकी आँखों में बसने का हौसला पाल पाए। फिर चाहे ग़ज़ल हो, कविता हो या फिर गीत, उन्हें ख़गालना बखूवी आता है। मेरे रचना क्रम का यह शख़्स निसंदेह एक अभिन्न अंग है।या यूँ कहूँ कि मेरी रचना के विकास में एक अहम भूमिका रही है। पारवारिक, सामाजिक और साहित्यिक जिम्मेदारियाँ निभाते-निभाते वर्षों जाने कैसे गुजर गए।

1994 में मैंने भारतीय स्टेट बैंक के दिल्ली आँचलिक कार्यालय में कार्य करते हुए “स्टेट साहित्य मंच’ की स्थापना की तथा “सृजन के पथ पर” और “धूप ओसारे चढ़ी” (दोनों काव्य संग्रह) का संपादन किया जिनमे भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत गुमनाम कवि-मनों की कविताओं को ही संकलित किया गया। उनकी भी मूलात्मा प्राय: आम-आदमी से जुड़ी पीड़ा ही रही। स्टेट बैंक साहित्य मंच की स्थापना करने पर मुझे सुनीता खोखा, एन.पी. जैन, अखिलेश उनियाल, ए.वी. रमनमा आदि कुछ ऐसे हस्ताक्षर मिले जो मेरे शुरुआती साहित्यिक-सफ़र में सदैव मेरे साथ खड़े रहे। किंतु कुछ दूरी तय करने के बाद स्टेट बैंक साहित्य मंच अपने ही अन्दर के कुछ लोगों की भीतरघात से मृत प्राय: हो गया। किंतु इस सफर में मुझे जो व्यक्तिगत लाभ मिला – वह है कि भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व महा प्रबन्धक माननीय ए.पी.एन. पंकज का सानिध्य मिलना। यदि माननीय ए.पी.एन. पंकज का सानिध्य नहीं मिला होता तो शायद मेरे रचना-क्रम/विकास को रफ्तार न मिल पाती। मेरे लेखन के बारे में उनकी एक टिप्प्णी - “ मुस्कराहट दर्द से भरी है, या दर्द को मुस्कराहट दर्द को छिपाने का प्रयास कर रही है? बात के पीछे व्यंग है या व्यंग की ही बात है? सूई को हाथ में अपना तन भेदने के लिए पकड़ रखा है, या उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए? इन सवालों का जवाब तो दे पाना मुश्किल है, पर उसे देख, सुन या पढ़कर ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे जरूर।” जैसे मेरी प्रेर्णादायक बन गईं। 

मुझे यह कहने में तनिक भी हिचक नहीं कि मेरा समूचा साहित्य चलती-फिरती कार्यशाला की उपज है। मैंने कभी भी सिर्फ कविता के लिए, कविता गढ़ने की मशक्कत नहीं की। केला बेचती चमेली, सड़क पर झाड़ू बुहारती चन्द्रकला, मूंगफली बेचता ननकू, सब्जी बेचती धनिया, मजदूरी करता होरी, बलात्कार की शिकार किशोरी, भ्रष्टाचारी रानेता/घूसखोर शासन-प्रशासन/नंगी-धड़ंगी सभ्यता जैसे विविध विषय ही मेरी रचना के आधार रहे हैं। मेरी गजल हो या फिर कविता प्राय: घटना प्रधान ही रही हैं। यथार्थ के धरातल से जन्मी हैं। कल्पना जैसे मेरी रचना का हिस्सा नहीं रही। यदि कहीं कल्पना दिखती भी है तो संयोग मात्र है। मेरा रचना के विकास-क्रम में सदैव एक प्रवाह बना रहा जिसे मैं रोकना शायद मेरे वश में नहीं। आए दिन अखबारों में सुर्खियाँ पढ़कर या फिर गली-चौराहों पर घटित घटनाएं मुझे आज भी इस तरह व्याकुल करती रहती हैं कि जब तक इन्हें कागज पर न उतार लूँ, तब तक मुझे चैन ही नहीं मिलता। इस प्रकार मेरी रचना-प्रक्रिया निर्बाध गति से सदैव गतिमान रहती है।

वर्ष 1985 से मैं शारीरिक रुग्णता से जूझ रहा हूँ, किंतु मेरी रचना-प्रक्रिया पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव कभी नहीं पड़ा। जब भी, जैसे भी मन में कोई विचार आया, उसे हमेशा रोशनाई देने की मेरी कोशिश रही। कई मौके ऐसे भी आए कि जब मेरे पास न कलम थी, न कागज। ऐसे अवसर पर मैंने सिगरेट के खाली बक्से और माचिस की जली हुई तीलियों से काम चलाया। फिर तो मैंने कागज और कलम हमेशा अपने साथ रखने का सिद्धान्त ही बना लिया। यह सिलसिला आज भी जारी है।

इधर जुलाई 2012 में, मैं बीमारी के कारण पर बिस्तर पर आ गया। लगभग एक माह अस्पताल में भर्ती रहा। घर लाया गया तो मेरा शरीर एक कंकाल के सिवा कुछ भी न था। केवल पैंतालीस का मानव शरीर न खुद उठ पाता, चलने का तो सवाल न था। किंतु अपने आप को ये हैरत होती है कि मेरा रचना-विकास इससे कतई भी कुप्रभावित नहीं हुआ, उलटे और भी प्रगाढ़ रचनाएं उभर कर सामने आईं, बिल्कुल जीवन-मृत्यु से बतियाती गजलें। और तो और पिछले दो वर्ष के अंतराल में मेरी तीन पुस्तकें भी प्रकाशित हो गईं।

मेरी इसी निर्बाध रचना-प्रक्रिया का परिणाम है कि अब तक ग़ज़ळ, कविता, बाल गीत, शब्द चित्र, व्यंग्य, कहानी व आलेख जैसी विधाओं में मेरी अधोलिखित साहित्यिक सम्पदा संग्रहित हो चुकी है:-


मौलिक कृतियां :

ग़जल संग्रह:

1) दृष्टिकोण,

2) ट्रैफिक जाम है,

3) गुजरा हूँ जिधर से,

4) हादसों के दौर में,

5) तूफां की ज़द में तथा

6) चलते - चलते

बाल - गीत

1) रुनझुन,

2) चल मेरे घोड़े,

3) धमाचौकड़ी,

4) खेल-खेल में (हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा पुरस्कृत)

5) खेल-खेल में अक्षर ज्ञान (स्वर व व्यंज्न दो भागों में)

6) खेल-खेल में अक्षर ज्ञान ( अग्रेजी की वर्णमाला) 

कविता संग्रह :

1) वेताल दृष्टि

2) पुश्तैनी पीड़ा (कविता संग्रह)

शब्द (चित्र) :

1) कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द-चित्र)

गीत :

1) टूट गया भ्रम संबंधों का (गीत)

निबन्ध संग्रह : 

1) शिक्षा मीडिया और राजनीति,

2) राजनीति के सामाजिक सरोकार,

3) राजनीति का समाज शास्त्र,

4) लोक से विमुख होता तंत्र,

5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र,

6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा

7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार

सम्पादित कृतियां :

1) सृजन के पथ पर (कविता संग्रह)

2) धूप औसारे चढ़ी (कविता संग्रह)

3) शिव मन्दिर से शिशु मन्दिर तक (आर. सी.भारती की आत्म-कथा) तथा

4) बिन्दु-बिन्दु सार (सूक्तियां) ;

पत्र –पत्रकारिता :

·पूर्व वरिष्ठ साहित्य सम्पादक, ‘ग्रीन सत्ता’ (पाक्षिक समाचार –पत्र)

·पूर्व उप-सम्पादक ‘अपेक्षा’ (त्रिमासिक)

·पूर्व प्रधान सम्पादक ‘आजीवक विज़न’ (मासिक)

·पूर्व सम्पादक ‘अधिकार दर्पण’ (त्रिमासिक);

·तन्हा जिन्दगी (ग़ज़लों) की आडियो कैसेट;

·कानया की वापसी (टी.वी. सीरियल: लेखन एवं निर्देशन)

·स्थानीय एवं राट्रीय (वेब एवं प्रिंट) अनेक पत्र-पत्रिकाओं में गद्य व पद्य रचनाओं का निरंतर प्रकाशन ;

विशेष :

·‘खेल-खेल में’ (बाल-गीत) पुस्तक के लिए हिन्दी अकादमी, दिल्ली का “बाल साहित्य पुरस्कार” (वर्ष 1995-96);

·हिन्दी अकादमी, दिल्ली का “साहित्यकार सम्मान” (वर्ष 2006-2007)

·साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिकएवं साहित्यिक सम्मान;

·एस. एन. के. पी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सह आचार्य (हिंदी विभाग) में तैनात माननीय देवी प्रसाद जी द्वारा लिखित “तेजपाल सिंह ‘तेज’ के काव्य में जन सरोकार” शीर्षांकित पुस्तक का भी वर्ष 2019 में प्रकाशित की गई।

·दिल्ली यूनीवर्सिटी में कार्यरत आदरणिया डा. रजनी दिसोदिया जी ने मेरे काव्य संग्रह “वेताल दृष्टि” को नया कलेवर देकर पुन: प्रकाशित कराया,,, विषय रख : वेताल दृष्टि : बौद्धिक अंधेपन की पडताल”


मेरा मानना है कि किसी भी रचनाकार का पूरा सच उसके साहित्य और व्यक्तिगत साक्षात्कार के बाद ही सामने आ सकता है। साहित्य के क्षेत्र में कोई भी रचनाकार कभी भी परिपक्व कहलाने का अधिकार जैसे रखता ही नहीं, क्योंकि, जैसा कि मैं मानता हूँ, रचनाकार की प्रत्येक रचना नितांत नई ही होती है। इन अर्थों में, मैं कल भी नवोदित था, आज भी नवोदित हूँ और आगे भी नवोदित ही रहूँगा। तमाम शारीरिक व्याधियों के बावजूद मैं सदैव साहित्यिक सफर में रहूँ, कभी थकान महसूस न करूँ और मेरी स्वत: स्फूर्त रचना-प्रक्रिया बनी रहे, यही मेरा प्रयास रहेगा।








2.2 मेरी रचना धर्मिता

रचना प्रक्रिया के रास्ते में आने वाली बाधाओं को पार करने के बाद भी कम समस्याएं खड़ी नहीं होतीं, ऐसे में रचना-धर्मिता मेरे परिवेश के इर्द-गिर्द आए उतार-चढ़ाव के चलते उमड़ते-घुमड़ते बादलों के रिसाव को मेरे द्वारा पहले दिए गए बयानों में आपने नजदीक से देखा। 

ऐसे में मुझे यह आशा करनी ही चाहिए कि मेरी रचना-धर्मिता को जानने-पहचानने में आपको कोई खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा क्योंकि मेरा ये मानना है कि किसी भी रचनाकार की “रचना धर्मिता” उसके अपने परिवेश के आस-पास में ही सांस लेती है और उसी के आस-पास सिमटी होती है। देश, काल और परिस्थिति से विमुख रचनाकार जैसे स्वांत-सुखाय रचनाकार होता है। और स्वांत-सुखाय रचना कभी भी आम-जनता का प्रतिनिधित्व नहीं करती।

कोई भी कवि अथवा लेखक अपनी रचना-धर्मिता के विषय में जब भी स्वयं कोई बात करता है अथवा लिखता है तो उसे बड़े ही संकट से गुजरना होता है। वास्तव में स्वयं अपनी रचना-धर्मिता के विषय में लिखना एक जोखिम-भरा कार्य इसलिए है कि रचनाकार विशेष को स्वयं अपना आलोचक बनना पड़ता है। और स्वालोचना स्व-प्रसंशा के परे की बात है। 

इस नाते मेरे लिए भी “रचना धर्मिता” का उल्लेख करना, एक चुनौती भरा कार्य है। कोई भी कवि अथवा लेखक अपनी रचना-धर्मिता के विषय में जब भी कोई बात करता है अथवा लिखता है तो उसे बड़े ही संकट से गुजरना होता है। वास्तव में स्वयं अपनी रचना-धर्मिता के विषय में लिखना एक जोखिम-भरा कार्य इसलिए है कि रचनाकार विशेष को स्वयं अपना आलोचक बनना पड़ता है। और स्वालोचना स्व-प्रसंशा के परे की बात है। इस नाते मेरे लिए भी “रचना धर्मिता” का उल्लेख करना, एक चुनौती जैसा है। 

शायद यह कहना विषय से परे की बात नहीं होगी कि किसी भी रचनाकार की रचना-धर्मिता का आकलन उसकी रचना के विकास-क्रम की गति के साथ आसानी से कही भी जा सकती है और समझी भी जा सकती है। शेष अपना-अपना मत....।



.2.1 प्रथम भाग: काव्य साहित्य

2.2.1.1. “दृष्टिकोण” 1995 (ग़ज़ल –संग्रह)

1995 में “नई जमीन’ नामक सामाचार पर के 22-28 मई 1995 के अंक में मेरी एक ग़जल को तो प्रकाशित किया ही, साथ ही मुझे बागी तेवर का शायर भी करार दे दिया गया।

पाठकीय : एक शायर

बागी तेवर के तेजपाल सिंह का जन्म बुलन्दशहर में उस समय हुआ था जब देश में अपना संविधान बनाया जा रहा था। यानि अगस्त सन् 49 में। बचपन अभावों में बीता, आवश्यकताओं ने आगे पढ़ने नहीं दिया और इंटर पास करने के बाद भारतीय स्टेट बैंक की नौकरीकर ली। बाद में वहीं नौकरी करते हुए बी.ए. किया। इस समय वही राजभाषा अधिकारी हैं। इनकी सैकड़ों रचनाएं लगभग सभी राष्ट्रीय और स्थानीय अखबारोंमें छप चुकी है। उनका प्रथम गजल संग्रह दृष्टिकोण हिन्दी अकादमी दिल्ली में प्रकाशनाधीन है। इनकी ग़ज़लें अक्सर सच बोलती हैं,जो पेस्तर कड़वा और दर्द भरा हुआ करता है\ ये नई जमीन परिवार के सदस्य सरीखे हैं। पेश है नई जमीन पाठकों के लिए उनकी एक ताजा गजलः

कोई बेचारा खत लिखता है,

खत में अपना कद लिखता है।

धरती को लिखता है अम्बर,

अम्बर को सरहद लिखता है।

खेतों खलिहानों को जंगल,

बस्ती को मरघट लिखता है।

फूलों के बिस्तर को पत्थर,

कांटों को मस्नद लिखता है।

मस्जिद को लिखता है मंदिर,

मंदिर को मस्जिद लिखता है।

चंदा को लिखता है रोटी,

रोटी को मकसद लिखता है।

(साप्ताहिक नई जमीन 22 मार्च से 28 मार्च 1995)


1972 से 1994 तक, मैं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओंमें यहाँ-वहाँ छपता तो रहा किंतु मेरा अपना पहला ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” 1995 में हिन्दी अकादमी, दिल्ली के सौजन्य से किताब घर, दिल्ली द्वारा प्रकाशित किया गया। नई जमीन के संपादक व जाने-माने साहित्यकार एवं राजनेता शाहिद सिद्दिकी के अनुसार–“तेजपाल सिंह ‘तेज’ की गजलों का मुख्य विषय आदमी है। वह आदमी के दुख-दर्द को बहुत शिद्दत से महसूस करते हैं और बहुत खूबसूरती से ग़ज़ल के पैकर में ढालकर पेश करने का हुनर जानते हैं। आज की मशीनी दुनिया में जिस तरह प्रेम, सद्भावना, दया और मेलमिलाप का खून हो रहा है, उसे देखकर वह खामोश नहीं रहते बल्कि ग़ज़लों के माध्यम से इसके खिलाफ इस तरह आवाज उठाते हैं कि यह हर दर्दमंद इंसान की आवाज बन जाती है। इस तरह तेजपाल सिंह ‘तेज’ की ग़ज़लों का संग्रह “दृष्टिकोण” हर संवेदनशील इंसान का दृष्टिकोण बन जाता है”। इतना ही नहीं, शाहिद सिद्दीकी ने इससे पहले ‘नई जमीन’ में “एक शायर” कालम में छपी मेरे ग़ज़ल के हवाले से मुझे “बागी तेवर” का शायर तक लिख दिया था। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया था कि ‘तेज’ आने वाले दिनों में छिपे रह गए यथार्थ को खोजकर कुछ और भी दिशा-परक कहेंगे। अब मैं उनकी इस टिप्पणी को किस रूप में लेता, मेरी समझ से परे था। हाँ! मन में एक सवाल उठा कि क्या आम आदमी के सवालों को साहित्य में उठाना, बागी होना है। यदि ऐसा है तो मैं बागी तेवर का ही सही।

मुझे लगता है कि दृष्टिकोण की ग़ज़लें सामाजिक चेतना की ग़ज़लें ही नहीं, अपितु गंगो-जमन की सांस्कृतिक पृष्ठ-भूमि को उजागर करके सामाजिक एकता, समानता व आम आदमी की कुंठा एवं संत्रास का खुलासा करते हुए अव्यवस्था पर चीखती-चिल्लाती तो हैं हीं, साथ ही साथ ज़िन्दगी को तह तक इसलिए ख़गालती हैं क्योंकि मेरी शायरी /कविता का विषय खासकर आम-आदमी का दुख-दर्द है। मुझे अपनी रचना के पात्र खोजने के लिए भटकना नहीं पड़ता। हर गली-कूँचे, सड़क और हर चौराहे पर मेरी रचना के पात्र/ विषय आमतौर पर मिल ही जाते हैं। मैंने केवल इंसानी जज़्वातों को महसूस किया और शायराना अंदाज़ में पाठकों के सामने परोस दिया। अधोलिखित कुछ टिप्पणियाँ शायद मेरे उक्त कथन को प्रमाणिक कर पाएं।

दलित साहित्यकार मोहन दास नैमीशराय ने 03.02.1996 के “राष्ट्रीय सहारा” हिन्दी समाचार में ‘दृष्टिकोण’ की ग़ज़लों पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि पिछले वर्ष में ही (1995 में) दलित साहित्य के मर्म को छूते हुए तेजपाल सिंह ‘तेज’ का “दृष्टिकोण” नाम से ग़ज़ल-संग्रह छपा। तेजपाल सिंह ‘तेज’ की इन ग़ज़लों में जिन्दगी के संघर्षों की कड़वाहट मिलती है। साथ ही सामाजिक परिवर्तन की प्यास भी।

समकालीन साहित्य समाचार के मई 1996 अंक के हवाले से कन्हैयालाल बालू कहते हैं कि आज की ग़ज़ल का निर्वाह भावों की संकरी गली से नहीं है। ग़ज़ल अब इस तंग गली से निकलकर मानवीय संवेदनाओं, जीवन-मूल्यों, विषमताओं और दैनिक संघर्षों के खुले मैदान में खेल रही है। ग़ज़ल अब महबूब से बतियाने तक सीमित नहीं है, अब वह गेसु, रुखसार और महबूब के दिलकश तिल की सीमाओं से बाहर निकल, जीवन की दैनिक भट्टी में जलते जन-साधारण के जख्मों सहलाती है, उन पर मरहम लगाती है, बल्कि ये कहना ज्यादा उचित होगा कि जख्मों को कुरेद नए सिरे से भरती है। 

रोटी से लेकर बेटी तक के यथार्थ प्रश्नों को सुलझाती है। आज की ग़ज़ल शाम के धुँधलके में मात्र सुरमई रंग ही नहीं तलाशती अपितु जीवन की पथरीली सड़कों पर कर्कश धूप में भागने का साहस भी रखती है। आज की ग़ज़ल जीवन के उस यथार्थ की बात करती है जहाँ खोटे सिक्के पिघलकर राख हो जाया करते हैं। आज की ग़ज़ल वह प्रकाशपुंज है जो अंतर को उद्भासित करती है, आलोकित करती है और यथार्थ के रूबरू हो आँखें मिलाने की हिम्मत रखती है। अव्यवस्था को चिन्दी-चिन्दी कर व्यवस्था के ताने-बाने बुनती है। ग़ज़लकार तेजपाल सिंह.तेज. के ग़ज़ल-संग्रह ‘दृष्टिकोण’ में संग्रहित 64 ग़ज़लें उपरोक्त विशेषताओं के साथ-साथ मन-मस्तिष्क को झकझोरती हैं। जीवन के यथामयी तिक्त-मधुर अनुभवों को पूरी शिद्दत के साथ सम्प्रेषित करती हैं। कठोर यथार्थ का पाठक तक सम्प्रेषण इन ग़ज़लों की अपनी ही विशेषता है :

छीनकर मुँह से निवाला आपने,

शर्म को घर से निकाला आपने,

देखने को अपनी सौ-सौ सूरतें,

आईना तक तोड़ डाला आपने।

समान में सर्वत्र स्वार्थ मुखर है। ग़ज़लकार ने इस स्थिति पर बड़ी बारीकी से नज़र डाली है :

बस! अपने भले पर निगाह रखना

दूसरों को बेशक तबाह रखना ।


लगता है, साम्प्रदायिक उन्माद इस देश की तकदीर बनकर रह गया है। ग़ज़लकार इसको पूरी तरह महसूस करता है और उतनी ही शक्ति से पाठकों तक सम्प्रेषित करने का साहस रखता है :

मज़हबी टहनी पे गुल फूटेंगे अभी और

सपने अमन के याद रख टूटेंगे अभी और।


आज राजनीति और धर्म का रिश्ता चर्चा का विषय है, ज्वलंत प्रश्न है। आज राजनीति की तवायफ धर्म के घुँघरू बाँधकर द्रुत गति से नाच रही है। ग़ज़लकार ‘तेज’ ने इस अनुभव को यूँ बयान किया है:-


आयोग पर आयोग बिठाते रहिए,

गोया कि हरेक जुर्म छिपाते रहिए।

जब कभी भी न्याय की बातें उठें,

बस धार्मिक उन्माद जगाते रहिए।


दैनिक जीवन की चक्की में पिसते आम आदमी पर ग़ज़लकार की बड़ी सूक्ष्म और पैनी नज़र है। उसने बड़े सीधे और सहज शब्दों में उसे चित्रित किया है :

भूख की बेटी पलकर ज्यूँ ही जवान हुई,

रोटी उसको बुरी नज़र से ताक रही है।


....सारांशत: ग़ज़ल की जिस परम्परा को दुष्यंत ने पाला-पोसा, उसकी अगली कड़ी के ग़ज़लकारों में तेजपाल सिंह ‘तेज’ का नाम लेना सर्वथा उपयुक्त है। “दृष्टिकोण” की बेखौफ ग़ज़लें ईमानदार होने के साथ-साथ सामाजिक कुंठा और चेतना का प्रतीक हैं। विसंगतियों और संघर्ष दोनों का चित्रण करती हैं।

डा. कुसुम वियोगी कहते हैं – समृद्ध हिन्दी ग़ज़लकारों की परम्परा में एक नया नाम बागी तेवर के धनी तेजपाल सिंह ‘तेज’ का जुड़ता है जिनका हाल ही में हिन्दी अकादमी दिल्ली के प्रकाशन सौजन्य से प्रकाशित ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” एक नया संवेदनात्मक आक्रोश लेकर आया है। जनतंत्र की बुनियाद “जनता की, जनता के द्वारा, जनता के लिए” शासन देना एक मजबूरी नहीं अपितु एक आदर्श सिद्धांत होता है। परंतु आज लोकतंत्र पर लोक शाही इस कदर हावी है कि ग़ज़लकार चीख उठता है :

जनतंत्रकी आँधी में, क्या खूब उड़ी मिट्टी,

विश्वास के फूलों पर, बन कोढ़ जमी मिट्टी,

अब दीपों में, बर्तनों में, गमलों में ढले कैसे,

सत्ता का नशा पीकर, गुस्ताख़ बनी मिट्टी


जनता जब कभी भी व्यवस्था को बदलने को आतुर होती है तो सिंहासन डगमगा जाते हैं। रियासतें करवटें बदलती हैं परंतु हालात जस के तस बने रहते हैं। इस पर ‘तेज’ की दृष्टि बाज की तरह झपटती है :

रियासतें बदली मगर दफ्तर नहीं बदले,

कि हुक्मरानी कोट के अस्तर नहीं बदले।

भुखमरी के वोट ने बदले हैं तख्तोताज,

पर भुखमरी के मील के पत्थर नहीं बदले।


धार्मिक उन्माद फैलाने वाले दहशत-गर्दों के दिलों को तभी शांति मिलती है, तब मजहब का बाजार गर्म हो, परंतु आदमी से ज्यादा पशु-पक्षी संवेदनशील होते हैं :

घर के आगे मस्जिद मेरे, घर के पीछे मन्दिर है,

लेकिन मेरे घर की छत से गायब आज कबूतर है।

मानवता के दाम गिरे, है मजहब का बाजार गरम

इक पाले में अल्लाह-ताला इक पाले में ईश्वर है।

..... आज के हालात पर चीखती-चिल्लाती ग़ज़लों के चलते, हिन्दी ग़ज़ल के क्षेत्र में तेजपाल सिंह से काफी उम्मीदें हैं।

“कादम्बनी” हिन्दी मासिक पत्रिका के तत्कालीन सह-संपादक माननीय जगदीश चंद्रिकेश ने आल इंडिया रेडियो के एक कार्यक्रम में “दृष्टिकोण” पर टिप्पणी करते हुए कहा-युवा ग़ज़लकार तेजपाल सिंह ‘तेज’ का ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” अपने कथ्य और भाषा-शैली के लिए विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इधर हिन्दी में ग़ज़ल का प्रचलन बड़ी तेजी से हुआ है इसलिए आज हिन्दी ग़ज़ल एक वैचारिक उधेड़बुन में है। हिन्दी ग़ज़ल की दशा और दिशा उर्दू ग़ज़ल से भिन्न होते हुए भी भिन्न नहीं है। लेकिन तेजपाल सिंह ने नई जमीन पर ग़ज़लें कहने की कोशिश की है। उनकी इन ग़ज़लों में मौजूदा व्यवस्था के प्रति आक्रोश है, क्रोध है, चीख और चिल्लाहट है। वस्तुत: संघर्षधर्मी रहे तेजपाल सिंह की निजी जिन्दगी की तरह उनकी ग़ज़लों में आम आदमी की जिन्दगी के संघर्षों की कड़वाहट भी है, और सामाजिक परिवर्तन की उम्मीद भी है। और सबसे बड़ी विशेषता इन ग़ज़लों में ग़ज़ल के मिज़ाज और गीतों की रवानगी दोनों का एक सफल समंवय है। किताब घर, दिल्ली द्वारा प्रकाशित यह ग़ज़ल-संग्रह ग़ज़ल के प्रेमियों द्वारा निश्चय ही सराहा जाएगा।

लेखकीय : किंतु दृष्टिकोण” के प्रकाशित होने से पहले, मुझे अपने साथियों की लाखों खरी-खोटी बातेंबराबर सुनने को मिलीं। उनका मत था कि यदि मैं ऐसा ही कुछ अनाप-सनाप विद्रोही-स्वर अलापता रहा तो कभी भी प्रकाशित नहीं हो पाऊँगा। मैंने सबको सहा किंतु अपने मार्ग से विचलित नहीं हुआ। जो मन में आया, वही लिखा।

कहना अत्यावश्यक है कि मेरी ग़ज़लें/ कविताएं किसी मठ की देन नहीं हैं अपितु यथार्थ की दुनिया का प्रतिनिधित्व करती हैं। दरअसल मेरी रचनाएं काल्पनिक व हवा-बाज दुनिया से परे अमानवीय व्यवहार पर प्रहार ही रही हैं। मैं चाहकर भी संवेदनाओं का पुलिन्दा नहीं बाँध / बना पाया, बल्कि जीवन-संघर्ष की कड़वाहट को तीखे स्वर में, जैसे बन पड़ा, कविता/ग़ज़लों मे पिरोता चला गया। किंतु आज के भौतिकवादी युग में जब इंसानी जज़्वातों का खून हो रहा हो, क्या इतना सब-कुछ देखकर किसी भी संवेदनशील मनुष्य को चुप रहकर बैठ जाना चाहिए? सच जानिए , ऐसे अनेक प्रश्न मुझे निरंतर घेरे रहते, पर मैं यथावत अपने मार्ग पर चलता रहा। तमाम आलोचनाओं ने मेरा मार्ग ही प्रशस्त किया। “ दृष्टिकोण ” में प्रकाशित ग़ज़लों की कुछ और पंक्तियों को प्रस्तुत करना यहाँ जरूरी लगता है, अन्यथा यथोक्त कथन जैसे बेमानी ही कहा जाएगा।

शूल पत्थर आग बन पानी न बन,

वक्त की आवाज सुन ज्ञानी न बन,

अब फ़कत तारीकियाँ ही शेष हैं,

रहम खा इंसान पर दानी न बन।

******



कोई बिचारा ख़त लिखता है,

ख़त में अपना कद लिखता है,

चन्दा को लिखता है रोटी,

रोटी को मकसद लिखता है।

******

राजनीति चूल्हे पर चढ़के नाच रही है,

अरु घरवाली मँहगाई से काँप रही है,

चूल्हे तक जाने को उसको नमक चाहिए,

पर बेचारी भाषण खाकर नाच रही है।


भरने का अभी प्रश्न कहाँ कि सदियों से,

सियासत भूखे पेट की खाई नाप रही है।

******

जब भी लिखना हो शहादत लिखना,

अबकि उलफत की रिवायत लिखना।

मेरी दुनियाके हुक्मराँ छोड़ो,

दाल-रोटीपे सियासत लिखना ।


इतना ही नहीं, मेरी रचना-धर्मिता केवल भावनात्मक ही नहीं रही अपितु दो-दो हाथ करने का दम भरती हुई दिखाई देती है। यथा –

बोलती होगी कभी पर आज संसद मौन है,

घूरता है रोटियों को, आदमी यह कौन है ?

जन की तो किस्मत धरा है, तंत्र की है आसमान,

अब भ्रष्ट है सत्ता समूची, राष्ट्रीयता गौण है।

खोल दो मुठ्ठी उठा लो तीर, तरकश हाथ में,

‘तेज’ ये हिंसा नहीं, एक क्रांतिमय अभियान है।


2.2.1.2. “वेताल दृष्टि” (कविताएं):

लेखकीय :1994 में साया हुए “धूप ओसारे चढ़ी” संपादित काव्य-संग्रह में महाभारत के चर्चित पात्रों “अर्जुन” और” व्याध” के वर्णित चरित्र को लेकर छपी मेरी दो-तीन व्यंगात्मक कविताएं छपीं थीं। ये कविताएं साहित्य अकादमी के पूर्व उप-सचिव रणजीत साहा के लिए सिर का दर्द बन गईं। “धूप ओसारे चढ़ी” के विमाचन समारोह में कादंबनी के वरिष्ठ उप-संपादक जगदीश चंद्रिकेश भी शामिल थे। किंतु रणजीत साहा मेरी रचना से खासे चिढ़े । और उन्होंने कविता में मिथकों के प्रयोग पर घोर आपत्ति दर्ज कराई। उनकी यह आपत्ति शायद ना-ज़ायज़ नहीं थी। इन कविताओं को पढ़कर किसी भी रूढ़ीवादी व्यक्ति द्वारा आपत्ति दर्ज करानाएक व्यावहारिक सत्य है। यथा— (कविता का शीर्षक है -- “व्याध”)

“यथा—हे व्याध! / तुम व्याध नहीं/ साध हो/

तुमने / कृष्ण का बध करके/

ईश्वर और अनीश्वर के/

बीच की खाई को पाटा है....

व्यास ने जिस झूठा को पाला था/

उस झूठ को काटा है।

”अर्जुन” शीर्षांकित कविता भी कुछ ऐसी ही तीखी कविता है। यथा—

हे अर्जुन ! ज़रा गांडीव तो उठाओ

धरती पर बहुत भार बढ़ गया है

ज़रा सा कम तो करो

आकाश भी तन सा गया है

इसका गर्व तो हनो

किंतु नहीं

तुम ऐसा नहीं कर सकते

क्योंकि तुम अर्जुन हो

केवल कृष्ण के इशारे पर ही

नाच सकते हो

भौंकते हुए कुत्ते का मुँह तो

केवल एकल्व्य ही

बन्द कर सकता है।


इस पर मुझे लगा कि परम्परागत विघटनकारी ताकतें अपने अपनों के प्रति यथोक्त जैसी कड़वी बातों को सहज भाव से सहन नहीं कर पातीं । रणजीत साहा की प्रतिक्रिया ने जैसे मेरा मार्ग ही प्रशस्त किया। और 1996 में मेरा अगला कविता संग्रह “वेताल दृष्टि” केवल महाभारत के मुखर/ चर्चित पात्रों को मिथक के रूप में लेकर ही आया। शीर्षक है – कुल 64 पृष्ठ और 31 कविताएं।

मैं समझता हूँ कि कविता तो मन से फूटती है। अर्थात कविता कवि के अन्दर की बात है। कविता के प्रवाह को थामना, न थामना जैसे कवि के वश में नहीं होता। यदि लिखना न-लिखना कवि के वश में होता तो विद्रुप समाज के भय से जीवित कविता जन्म ही न ले पाती। मेरे अनुसार “वेताल दृष्टि” की कविताओं में निहित अनुभूति और अभिव्यक्तिका मूलाधार कूट “निजता” नही है। संघर्ष में भय क्या, अभय क्या? आस्था क्या, अनास्था क्या? इनकी मूल ध्वनि जीवन संघर्ष है।……. अभिशप्त सम्बन्धों / जड़कनों / दासता से मुक्ति की भावना व स्वछन्द प्रस्तुतिकरण इनमें अवश्य है, किंतु इतना रूखा-सूखा भी नहीं कि विचार उग ही न पाए। काल-क्रम भी “वेताल दृष्टि” की कविताओं के उद्भव के लिए भागीदार है। मैं समझता हूँ कि घिसी-पिटी मान्यताओं का थोड़ा-बहुत जंग यदि हट पाता है; छ्ल-प्रपंच की भाषा में, यदि तनिक भी पारदर्शिता आ पाती है; अथवा इस दिशा में, यदि विचार मात्र ही उठ खड़ा होता है तो इस कृति की सफलता मानी जानी चाहिए।

कोई भी रचनाकार, अपनी रचना–धर्मिता के बारे में कुछ भी कहे, शायद वह उतना सार्थक नहीं होगा, जितना पाठकों की प्रतिक्रिया सार्थक होती है। मुझे लगता है कि ‘वेताल दृष्टि’ की कविताओं पर पाठकों की प्रतिक्रियाओं की प्रस्तुति यहाँ गैरजरूरी नहीं है ताकि मेरी रचना–धर्मिता केवल मेरी न रहकर पाठकों की भी हो रहे।

पाठकीय : बकौल प्रफेशर डा. रमेश कपूर— “ग़ज़लकार तेजपाल सिंह ‘तेज’ का अतुकांत कविता के क्षेत्र में यह पहला कदम है। हमारे लिए मिथक का प्रयोग नया नही है। पर हर कवि का हर प्रयोग अपना होता है। 

“तेज” का भी है— “वेताल दृष्टि” में कवि सुलभ इनकी अपनी वेताल दृष्टि से। कवि परिवेश-वेत्ता होता है। ‘तेज’ का मिथक प्रयोग अपनी अनोखी व्यंजना से इस सार्थकता को प्रदीप्त करता है। ठीक उनकी ग़ज़लों की तरह। देखना यह है कि हम सामाजिक विकृतियों से उबरकर वास्तविक मानव—धर्म का पालन कर पाते हैं या नहीं। हम सभी संकीर्णताओं से ऊपर उठें और अपने मानव होने के दावे को साकार करें। इन कविताओं की यही माँग है।”

“कुबेर टाइम्स”- “वेताल दृष्टि” की कविताएं कृष्ण के माध्यम से आज के हालातों पर बखूबी टिप्पणी करती हैं। यथा—“कृष्ण से” नामक कविता से....


हे कृष्ण! इस ससार में सब कुछ है/

तुम भी विद्यमान हो/

तुम्हारी विकृत, उन्मुक्त, कलुषित नीति भी है/

अनीति भी/ किंतु व्याध नहीं है।


दरअसल “वेताल दृष्टि” अतीत को वर्तमान की कसौटी पर बिना किसी पूर्वाग्रह के एक ईमानदार और निष्पक्ष सोच से परखने का सार्थक प्रयास है।”

डा. श्याम सुन्दर सुमन—“निन्दक नियरे राखिए” की तरह हर व्यक्ति को “वेताल दृष्टि” अपने पास रखने से बहुत लाभ होगा। वह कोई अनुचित कार्य नहीं करेगा। दरअसल, “वेताल दृष्टि” एक आचार संहिता है। यथार्थ में आप आधुनिक “धूमिल” हैं। आपके इतने कटीले व्यंग भी यदि समाज को कुछ सोचने को मजबूर न कर सके तो साहित्य समाज का दर्पण नहीं रह जाएगा।”

रमणिका गुप्ता: (युद्धरत आम आदमी के अंक 41 में) तेजपाल सिंह की ‘वेताल दृष्टि’ सर्वत्र दृष्टि रखने लगी है और महाभारत के अंतस में छिपे छल के गरल को उलीचने लगी है। और भीष्म, द्रोण, गंगा, धृतराष्ट्र, संजय, अर्जुन, गंधारी, कृष्ण और शकुनी के गिर्द सवालों का व्यूह रचने में सक्षम हो गई है। वे सब चुप हैं - निरुत्तर हैं। ये ‘वेताल दृष्टि’ उस युग की पूरी सभ्यता को परजीवी करारने में इतनी सक्षम हो रही है कि महाभारत को हुंकारा भरना पड़ रहा है। कृष्ण की हत्या कर - ईश्वरत्व को बेनकाब करके गुरु व्यास के झूठ को काटने वाले व्याध का अभिनन्दन करने वाली यह ‘वेताल दृष्टि’ महाभारत की कोढ़ी संस्कृति के खिलाफ द्रोपदी में एक नई नारी की खोज करने लगी है अब।

मणिक लाल वर्मा — “एतिहासिक पात्रों के माध्यम से छोटी-छोटी, मगर बेहद विचार-परक कविताएं “वेताल दृष्टि” में संयोजित कर आपने पुराने वेताल को एक नई जीवन-दृष्टि दी है। रचनाकार का सबसे बड़ा योगदान यही है जो वो पुराने प्रसंगों को आज के संदर्भ में व्याख्यायित कर विसंगतियों का परिष्कार करे। आपने बेहद सूक्ष्म—दृष्टि से इस बात का पंक्ति-पंक्ति में ध्यान रखा है, वरना मीलों चलने के बाद कहीं हरित भूमि का एहसास होता है। संकलन के सारे पात्र जीवंत होकर जैसे आज को ध्वनित कर रहे है।”

डा. एन. सिंह— “वेताल दृष्टि” में आपकी सभी कविताएं, आपकी ग़ज़लों की तरह भेदक और बोधक हैं। इस ऊर्जा को बनाए रखिए।”

ओम प्रकाश वाल्मीकि— “वेताल दृष्टि” की कविताएं एक ही बैठक में पढ़ गया। प्रत्येक कविता एक अनुभव सिद्ध हुई। महाभारत के पात्रों पर एक नई और आधुनिक दृष्टि डालकर जीवन संघर्ष की जो व्याख्या आपने की है, वह ध्यान आकर्षित करती है। प्रथम की दो कविताएं “मैं” और “कोढ़ी संस्कृति” आपके द्वन्द्व की परिचायक हैं जो आगे की सभी कविताओं को छाया की तरह ढक लेती हैं।”

डा. कमला कांत ’हीरक’— “सन 1981 में मैंने “नवोदित लेखक” में आपको छापकर कोई गलती नहीं की। मुझे आशा थी कि आपकी कविता में निहित जोश / पीड़ाका भविष्य जरूर निखरेगा। “वेताल दृष्टि” की कविताओं में इतनी गहराईयाँ, सत्य की परख और देखने-सोचने की दृष्टि एक अलग ही है। आपकी कविताओं को पढ़कर मैं आपके विषय में बहुत कुछ जान गया हूँ।”

कृष्ण चंद्र ‘बेरी’— “आप नए युग की देन हैं। और आपकी  “वेताल दृष्टि” का रचना बोध प्रणम्य है।”

डा. के.एस.गौतम— “वेताल दृष्टि” की कविताओं में निहित तेवर और विचार यदि विस्तार ले पाते हैं तो अन्धे धृतराष्ट्र को दिव्य-दृष्टि मिल जाएगी; गांधारी अपनी आँखों के पट्टी खोल फैंकेगी; भीष्म पितामह की चुप्पी टूट जाएगी; द्रोपदी का भरी सभा में चीर-हरण नहीं किया जा सकेगा; एकल्व्य अपना अस्तित्व जान जाएगा और कृष्ण अकेला ही युद्ध—भूमि में खड़ा रह जाएगा।” अब आप स्वयं ही सोचें कि मैं कहाँ खड़ा हूँ ?

मेरी रचना–धर्मिता पर ऐसी अनेक प्रतिक्रियाएं ही मेरी रचना प्रक्रिया/ रचना–धर्मिता की रीढ़ हैं और खुलासा भी। मैं जानता हूँ कि अपनी बात के बीच में औरों द्वारा की गई प्रतिक्रियाओं का उल्लेख करना शायद आवश्यक नहीं। किंतु किसी भी कवि का रचना प्रक्रिया/ रचना–धर्मिता को केवल असकी अपनी दृष्टि से ठीक-ठीक नहीं जाना सकता, उसे जानने के लिए पाठकीय दृष्टिकोण को जानना मुझे नितांत आवश्यक प्रतीत होता है।

दिल्ली यूनीवर्सिटी में कार्यरत आदरणिया डा. रजनी दिसोदिया जी ने मेरे काव्य संग्रह “वेताल दृष्टि” को : वेताल दृष्टि : बौद्धिक अंधेपन की पडताल” नया कलेवर देकर 2020 में पुन: प्रकाशित कराया। डा. रजनी दिसोदिया अपने संपादकीय में बड़ी बेबाकी से अपनी बात को “मिथकों पर पुनर्विचार: जरूरत, खतरे और जिम्मेदारी” पाठकों के सामने रखती है। म मनोशास्त्रियों के अनुसार मिथकों का जन्म व्यक्ति में नहीं बल्कि समूह के मानस में होता है। वह भी उनके अवचेतन मन में…। किसी मानव समाज के सामुहिक मानस में परपंरा से प्राप्त अनुभव संवेदना में ढलकर बिंबों का रूप ले लेते हैं। जे.बी. हर्डर ने तो भाषा की उत्पत्ति के मूल में भी मिथकों का योगदान बताया है।मिथकों के माध्यम से किसी जाति के मनोविज्ञान और मानसिकता का इतिहास भी सामने आता है। ये किसी भी संस्कृति को समझने और पहचानने के लिए महत्वपूर्ण हो सकते हैं। मनोविज्ञानियों की यह बात मुझे बहुत दूर तक सहमत होने के लिए बाध्य करती है। जिस समय मानव समाजों के लिए अपने सामूहिक संचित अनुभवों की परपंरा को स्मृति में रखना मुश्किल होने लगा होगा तब वह उन्हें मिथकों में गढ़कर आख्यानबद्ध करने लगा होगा। बहुत संभव है भाषा का अविष्कार और विकास भी इसी परपंरा में हुआ होगा।

लेकिन मिथकों के गढ़े जाने की इस प्रक्रिया के साथ साथ कुछ और बातों को समझना और जानना भी बहुत जरूरी है। एक कि मिथकों के गढ़े जाने की प्रक्रिया जहाँ एक ओर लगातार चलती रही, वहीं विभिन्न मानव समाजों ने एक साथ रहते हुए अपने अपने मिथकों को अपनी अपनी तरह से गढ़ा। जब यह कहा गया कि ‘मिथकों का जन्म सामुहिक अवचेतन में हुआ’तो वहाँ यह भी समझना चाहिए कि समय के साथ साथ जब ये सामुहिक अवचेतन वाले समाज जरूरत और मजबूरी के चलते एक दूसरे से अलग और दूर होते चले गए तो एक ही स्रोत से निकलने वाले समाजों ने अपने सामुहिक मिथकों संबंधी आख्यानों को एक दूसरे से बिलकुल भिन्न दिशा में रचा-बुना।

कबिलाई समाजों के सत्ता-संघर्ष और वर्चस्व की लड़ाई के परिणामों ने इन मिथकीय आख्यानों को अपने अपने ढंग से विकसित करने का प्रयास किया होगा। यही कारण है ‘हिडिम्बा’ जहाँ महाभारत में राक्षसी कही गई वहीं उनका पैतृक स्थान उन्हें हिडिम्बा देवी के रूप में पूजता है। कुल्लू का दशहरा जो कि विश्व भर में प्रसिद्ध है, वहाँ रावण वध की कोई परपंरा नहीं है। बल्कि वहाँ के राम उत्तर भारत में प्रसिद्ध रामकथा से अछूते राम हैं। हाँलाकिं वे आये अयोध्या से ही हैं पर अपनी संपूर्ण कथा को पीछे छोड़कर। दशहरे के दिन इन राजा राम का दरबार अपने महलसे बाहर निकल कर आम जनता के बीच आता है। इसी अवसर को कुल्लू में दशहरे के रूप में मनाया जाता है। लगभग दस दिन तक चलने वाले इस त्योंहार के लिये पहला निमंत्रण हिडिम्बा देवी को ही दिया जाता है और उनसे इस आयोजन की अनुमति ली जाती है। राम का रथ तब तक अपने महल से बाहर नहीं निकल सकता, जब तक हिडिम्बा देवी वहाँ अपने लाव लश्कर से साथ पहुँच न जाएँ।

यह उदाहरण सिर्फ़ यह बताने के लिए है कि मिथकीय चरित्रों को देखने की परपंरा, भिन्न भिन्न समाजों में भिन्न भिन्न हो सकती है और कभी कभी तो एक दूसरे से एक दम धुर विरोधी भी।पिछले सालों में महिसासुर मर्दिनी और महिसासुर के पूजकों और अनुयायियों के बीच इसी कारण से कटुता देखी गई। यह स्थिति बिल्कुल ऐसे ही है जैसे जो सैनिक भारत की तरफ़ से मारा गया, वह यहाँ शहीद कहलाया और वही सैनिक पाकिस्तान की नज़रों में एक दुश्मन माना गया जो ढ़ेर कर दिया गया। एक ही सैनिक पर ये दो भिन्न दृष्टियाँ दो भिन्न देशों में तो हो सकती हैं पर एक ही समाज और देश में इन दो भिन्न दृष्टियों पर तो सर फुटव्वल की नौबत आ जाएगी। यही हाल मिथकीय चरित्रों का है। एक चरित्र किसी समाज और समूह के लिए नायक है तो दूसरे के लिए खलनायक। तो क्या सच में मिथकों पर बात करना, उन्हें पुनर्व्याख्यित करना छोड़ देनाचाहिए। हिन्दी साहित्य के वामपंथी धारा के अधिकांश लेखकों ने शायद इसी कारण मिथकों को न छेड़ने और न इस्तेमाल करने का निर्णय लिया। हिन्दी का दलित साहित्य मार्क्सवाद की वामपंथी धारा से होकर गुजरा है इसलिए वहाँ भी मिथकों से परहेज रखने की बात कही समझी जाती है।

मिथकों की समाजशास्त्रीय व्याख्या करने वालों ने मिथकों को सामाजिक व्यवस्था का संरक्षण करने और संचालित करने से जोड़ा है। अर्थात समाज व्यवस्था के विभिन्न नियमों को लागू करने, उन पर आमजन के विश्वास को टिकाये रखने के लिए मिथकों का इस्तेमाल किया गया।इसका मतलब है कि मानव समाजों के विकास में मिथकीय आख्यानों का इस्तेमाल सत्ता के संघर्ष में जीतने वालों द्वाराअपने हित में किया जाता था या किया जाता रहा है। और क्योंकि मानव समाजों की विकास यात्रा निरंतर जारी है; विभिन्न समूह इस विकास यात्रा में बराबर आगे पीछे होते रहते हैं; तो हारने वालों के मन मस्तिष्क पर अपनी जीत को स्थायी रूप से स्थापित करने के लिए जीतने वाले मिथकीय आख्यानों की रचना और पुर्रचना करते रहे हैं। इस तरह हमेशा से मिथकीय आख्यान समय समय पर बनते, परिवर्तित होते और पुनर्निर्मित होते रहे हैं। तो क्या यह कहा जा सकता है कि भाषा और साहित्य के भीतर मिथकों का इस्तेमालचेतन मन के द्वारा होता है जिससे वांछित व्यवस्था को समाज के अवचेतन मन में स्थापित किया जा सके।

चाहे अनचाहे ये मिथकीय विश्वास हमारे साहित्य और भाषा के अभिन्न अंग हो गए। वे बेशक तथाकथित सामंतीय विश्वासों और व्यवस्था को भी पोषित करते रहे हैं पर भाषा और साहित्य से दूरी बनाना कतई संभव नहीं है। पर भाषिक संरचना में उनका इस्तेमाल उस विशेष मिथकीय आख्यान से सहमति मान लिया जाने लगा जिनसे इस्तेमालकर्ता को ही परेशानी होने लगी। जैसे ग्रामीण भारत में एक दूसरे के अभिवादन में कहा जाने वाला ‘राम-राम’भी राम कथा के विशेष पाठ की स्वीकृति मान लिया जाने लगा। कबीर साहेब वाला साहस भी बाकि न रहा कि कहा जा सके कि हमारे राम, दशरथ पुत्र राम नहीं हैं। ऐसे में मिथकीय आख्यानों या मिथकीय चरित्रों का पुनर्पाठ आवश्यक नहीं हो जाता?असल में मिथकीय आख्यानों और मिथकीय चरित्रों की स्वीकृति और पँहुच समाजों में इतनी गहराई तक है कि उनके माध्यम से कही गई बात, या उठाये गए सवाल भी उतनी ही गहराई तक जाते हैं। जैसा कि भाषा शास्त्रियों ने माना है कि मिथक भी अपनी तरह की भाषा ही है। उन्हें भाषा का उसी तरह अंग माना जा सकता है जैसे मुहावरे और लोकोक्तियाँ भाषा का अनिवार्य अंग हैं। जिस प्रकार वे भाषा की अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ाते हैं मिथक और मिथकीय आख्यान उससे कई गुना अधिक भाषा की अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ाते हैं। ऐसे में उनका साहित्य में इस्तेमाल जरूरी तो बन जाता है पर साथ ही प्रयोगकर्ता से और पाठक से एक गंभीर जिम्मेदारी की माँग भी खड़ी होती है। मिथकों के कुछ वर्चस्ववादी आख्यानों के सामने हथियार डाल देना भी उचित नहीं है।

हमारे भारतीय समाज में रामायण और महाभारत ऐसे दो महाकाव्य हैं जिन्होंने मिथकों का भरपूर दोहन किया है। यद्यपि मिथकों के इस्तेमाल से काव्य लेखन की बहुत दीर्घ और लम्बी परपंरा है पर हिन्दी साहित्य ने कमोबेश रामायण और महाभारत का ही अनुसरण किया है। लोक साहित्य ने भी मिथकों का भरपूर इस्तेमाल किया है। विभिन्न जातियों में बँटे, विभिन्न प्रदेशों में रहने वाले लोक समाजों नें लोक कथा और लोक विश्वासों में अपनी अपनी तरह से इन मिथकों का इस्तेमाल किया और आगे बढ़ाया। आधुनिकता के साथ यातायात और संचार के साधनों के विकास ने इन भिन्न- भिन्न मानव समुहों और समुदायों को एक दूसरे के इतना पास ला दिया कि उनके मिथकीय विश्वास उन पर गढ़े उनके लोक आख्यान और कथाएँ आपस में एक दूसरे से टकराने लगीं। आधुनिकीकरण और राजनीतीकरण की लंबी प्रक्रिया में जिन समाजों और जातियों ने सत्ता पर कब्जा किया उनके मिथकीय आख्यान और विश्वास स्थापित और सत्य मान लिये गये और अपेक्षाकृत पीछे धकेल दिये गए और कारणवश रह गए समाजों और जातियों के मिथकीय विश्वास और आख्यान गुमनामी के अँधेरे में खो गए। यही वजह है कि रामायण के वही पाठ आधुनिक भारत में प्रचारित और स्थापित हुए या उन्हीं दृष्टियों से उन पर पुनर्लेखन हुआ जिन्हें लोक के मन में स्थापित हुआ मान लिया गया था। हजारी प्रसाद द्विवेदी के बाद किसी ने इस दिशा में देखने, काम करने का प्रयास नहीं किया बल्कि रामविलास शर्मा ने तो हजारी प्रसाद द्विवेदी के कार्यों पर पानी फेर दिया।

रामायण की अपेक्षा महाभारत पर साहित्यकारों ने ज्यादा रैश्नल ढंग से काम किया है। कर्ण तथाकथित अधर्म की ओर होते हुए भी नायक बन कर उभरे हैं। अधर्म की ओर होकर भी वे पूरी तरह से अपने धर्म पर टिके थे। रामधारी सिंह दिनकर के प्रसिद्ध काव्य ‘रश्मिरथी’की प्रमुख स्थापना यही है। इधर बाद के साहित्यकारों ने द्रोण कोघेरा है, भीष्म पितामह को घेरा है युद्धिठिर को भी घेरा है परकृष्ण को किसी ने नहीं घेरा। कृष्ण राम से भी अधिक जनमानस ‍के दिल पर राज करते रहे हैं। क्योंकि महाभारत के कृष्ण भागवत पुराण के कृष्ण को साथ लेकर आगे बढ़ते हैं।

कवि और गज़लकार तेजपाल सिंह ने ‘वेताल दृष्टि’नामक अपने काव्य में महाभारत के युद्ध के लिए कृष्ण को घेरा है। 1996 में प्रकाशित इस काव्य के अन्तर्गत महाभारत की कथा का पुनर्पाठ करने का प्रयास है। और अपनी प्रकृति में कवि की दृष्टि काफ़ी हद तक मौलिक है। वेताल भी अपने आप में एक मिथकीय चरित्र है। लोक विश्वासों में ऐसा माना जाता है कि मरने के बाद व्यक्ति की आत्मा उससे पृथक होकर परमात्मा में लीन हो जाती है पर कुछ ऐसी आत्माएँभी होती हैं जो कुछ समय तक इसी संसारमें भटकती रहती हैं। वेताल मुक्तिबोध के ब्रह्मराक्षस जैसा कोई चरित्र है। मृत्यु के बाद अपने संचित ज्ञान के साथ भटकती गाँव के किसी पूर्वज की आत्मा अपने गाँव के लोगों की मदद करना चाहतीहै। यहवेताल प्राय: गाँव के मुहाने पर पेड़ से लटका हर अंदर और बाहर की खबर रखता है और उनका तटस्थ विश्लेषण करता हुआ अपनी निर्भिक राय देकर अपने गाँव और वहाँ के लोगों की रक्षा या सहायता करना चाहता है। ठीक इसी अर्थ में कवि तेजपाल सिहं ने अपनी दृष्टि को ही वेताल दृष्टि कहा है। क्योंकि कवि से भी यह अपेक्षा की जाती हैकि वह अपने समय का, समाज का, इतिहास और परपंरा का तटस्थ विश्लेषण करते हुए अपने समाज के लोगों को दिशा दे सके। इसी कारण लेखक ने इस काव्य की अंतिम कविता में भीष्म को संबोधित करते हुए लिखा है कि ‘हे भीष्म!/ यदि तुम्हारे पास/ तनिक भी/ वेताल दृष्टि होती/ तो कौरव नगरी /यूँ बरबाद नहीं होती’।असल में कौरवों के यहाँ भीष्म ही उनके पूर्वज थे। उनका समय कब का बीत चुका था पर वे सिंहासन से चिपके थे। सिंहासन उनका नहीं था पर वे सिंहासन के थे। उन्हें तटस्थ होकर अपने वंशजों, अपने कुल के लोगों को विवेक दृष्टि देनी चाहिए थी। पर सिंहासन के मोह ने उन्हें हमेशा उससे बाँधे रखा। उनके इसी मोह ने उन्हें सही को सही और गलत को गलत कहने से रोके रखा। भरी सभा में द्रोपदीका अपमान भी वे चुपचाप देखते रहे। इसीलिए कवि तेजपाल ने उन्हें घेरा कि :-

हे भीष्म!/ कौन कहता है/ द्रौपदी के चीर हरण के ताण्डव ने/तुम्हारी चेतना हर ली थी/ तुमने तो कहा था / हस्तिनापुर का /प्रत्येक भार मैं उठाऊँगा/ ज़रा सोचो/ क्या तुम कभी ऐसा कर पाये/ द्रोपदी को नग्न देखकर क्या राजसी ठाठ-बाट को छोड़ पाये।

काव्य की पहली ही कविता में कवि धर्म के बारे में आधुनिक विज्ञान सम्मत राय को रखता है कि ‘धर्म वास्तव में लम्बे समय की राजनीति है।’ भूख से तड़पते, प्यास से टूटते व्यक्ति कोभगवान के भरोसे बैठने को कहा जाता है। उसके दुख पारलौकिक नहीं वे इसी लोक के हैं। इस लोक की अन्यायपूर्ण व्यवस्था के बदलने से वे मिट सकते हैं पर उन्हें गीता का उपदेश कुछ इस तरह से बताया जाता है कि इस जन्म में निष्काम कर्म करके व्यक्ति अगले जन्म को सुधार सकता है। अगले जन्म में उसका फल मिलेगा। पर कवि की वेताल दृष्टि ने धर्म की इस राजनीति को पकड़ लिया है। कवि ने समझ लिया है कि भारत में प्राय: मिथकीय कथाएँ धर्म की राजनीति को अपने साथ लपेट कर चलती हैं। भारत में धर्म, जाति और पितृसत्ता की राजनीतिबहुत बार मिथकीय कथाओं को साथ लेकर आगे बढ़ती हैं।

इस काव्य में लेखक कवि तेजपाल सिंह की दृष्टि (वेताल) कृष्ण का पुनर्पाठ करते हुए विशेष रूप से आकर्षित करती है। महाभारत के कृष्ण एक कुशल राजनीतिज्ञ और कूटनीतिज्ञ के रूप में उभर कर आते हैं जो अपने इशारों पर अपने समय की राजनीति को चलाते हैं। हालाकिं कवि तेजपाल सिंह ने कृष्ण के इस चरित्र को एक छली, धूर्त व्यक्ति के रूप में रखने का प्रयास किया है जिसका ईश्वर होने का सारा छल और भ्रमजाल तब टूटकर चकनाचूर हो जाता है जब वे एक साधारण व्याध के हाथों मारे जाते हैं। बल्कि कवि ने व्याध को उसके इस कर्म के लिए काफ़ी सराहा है कि उसने कृष्ण का वध कर ईश्वर और अनीश्वर के बीच की खाई को पाटा है। इस तरह ‘व्याध’ तेजपाल सिंह जी के यहाँ बहुत महत्वपूर्ण किरदार के रूप में उभरता है। मुझे लगता है कृष्ण के चरित्र को इसतरह देखेजाने की कोई प्रेरणा तेजपाल सिंह जी को धर्मवीर भारती जी के काव्य नाटक “अंधायुग” से जरूर मिली होगी जहाँ गाँधारी कृष्ण को साधारण मनुष्य की तरह मारे जाने का शाप देती है।

कृष्ण के प्रपंच का सबसे ज्यादा शिकार हुआ अर्जुन। जीवनभर अपने प्रत्येक निर्णय और कर्तव्य के लिए कृष्ण पर आश्रित रहा। वह ही था, जिसने कृष्ण को भगवान बनने का मौका दिया। क्योंकि उसने अपने विवेक और समझ को तिलाँजली दे दी थी। इसलिए लगभग लताड़ते हुए कवि ने उसे कृष्ण के ईशारों पर नाचने वाला कहा है।कृष्ण के बाद अगर किसी को कवि ने महाभारत के युद्ध के लिए उत्तरदारी ठहराया तो वह युधिष्ठिर था। बहुत बार तो लगता हे जैसे महाभारत के इन पात्रों के माध्यम से लेखक अपने समय के भिन्न भिन्न सत्ता चरित्रों की पहचान बताता है। प्राय: महात्मा ओर धर्मात्मा कहे जाने वाले लोग वास्तव में ज़हर बुझे तीरों की तरह होते हैं जिन्हें छूने मात्र से लोग मृत्यु का ग्रास बन जाते हैं। ऐसे लोग खुले आम खून करके पाप के भागीदार नहीं बनते वे तो आदमी के खून को सुखाकर शिलाजीत बनाते हैं और उसे खाते हैं।गाँधारी, द्रौपदी, कर्ण और एकलव्य सभी को कवि ने अपनी अलग अलग कविताओं में लिया ओर उनकी अधुनिक व्याख्या भी की। तेज पाल सिंह जी की ये कविताएँ अपने कथ्य अपनी नवीन मौलिक दृष्टि विशेष केलिए ही नहीं बल्कि अपने तीखे तराशे पैने व्यंग्यों के लिए भी याद की जाएगीं।बहुत छोटे छोटे से तराशे हुए वाक्य जो अपनी बुनावट में इतने जबरदस्त हैं कि मन करता है कि जो बात बिहारी के दोहों के लिए कही जाती है कि “देखन में छोटे लगें घाव करें गंभीर” वही बात कवि तेजपाल सिंह जी की इन कविताओं के बारे में भी कही जा सकती है। “भौंकते कुत्ते का मुहँ तो एकलव्य ही बंद कर सकता है।” कितना गहरा व्यंग्य छिपा है इन पंक्तियों में। अभी पिछले दिनों एपिक टीवी पर‘धर्मक्षेत्र’ नाम से एक सीरियल आया था इसमें महाभारतके युद्ध के बाद उठने वाले सभी प्रश्नों पर काफ़ी खुल के विचार हुआ पर फिर भी यहाँ कृष्ण को तमाम आरोपों से परे मान कर इस धर्म चर्चा से बाहर रखा गया था।

ऐसा माना जाता है कि मिथकीय आख्यानों के माध्यम से आप अपनी बात काफ़ी आसानी से और काफ़ी दूर तक पहुँचा सकते हैं क्योंकि जनता मिथकीय आख्यानों से पूर्व परिचित होती है। पर मिथकीय आख्यानों का इस्तेमाल करते हुए या उनका पुनर्पाठ करते हुए हमें यह याद रखना चाहिए कि उनके बनने कीएक खास प्रक्रिया होती है और उनकी एक खास प्रकृति भी होती है। उन पर काम करते हुए हमें उनकी इस विशेष प्रकृति को स्वीकार करना पड़ेगा। महाभारत की ‘गंगा’ पर बात करते हुए लेखक यह भुला देता है कि मिथकीय पात्रों में अतिप्राकृत तत्व पाया जाता है। वह उनकी बुनावट में विद्यमान होता है। वहाँ अर्थ की निष्पत्ति व्यंजना से होती है।

हालाँकि ये कविताएँ सन 1996 में पुस्तकार छप चुकी हैं। उस समय से लगातार यह पढ़ी ओर सराही जा रही हैं। प्रथम संस्करण में प्रकाशित सभी प्रतियाँ बिक चुकी हैं और पुस्तक बराबर चर्चा में है और पाठकों में इसकी माँग बनी रहने की वजह से इसका दूसरा संस्करण निकालने की योजना बनी। प्रकाशकऔर लेखक की इच्छा हुई कि क्यों ने इस संस्करण के साथ पुस्तक पर लेखकों पाठकों की प्रतिक्रियाएँ भी दी जाएँ। उन लोगों ने यह काम मुझ पर सौंपा। अधिकाँश टिप्पणियाँ और प्रतिक्रियाँ इस पुस्तक के साथ दी गईहैं। साथ ही कुछ लेख भी हैं जो इस पुस्तक के साथ दिए गए हैं। सभी लेखों में कवि की ‘वेताल दृष्टि’ का स्वागत किया गया है। यह वेताल दृष्टि वैज्ञानिक दृष्टि है जो ऐतिहासिक सामाजिक आधार पर टिकी है। यह दूसरा संस्करण 2021 में ही प्रकाशित हुआ है।

इस पुस्तक का विशेष आकर्षण इन कविताओं के साथ उकेरे गए रेखांकन हैं जिनकी वजह से कविताएँ और ज्यादा अर्थपूर्ण बन गई हैं। कुमार हरित द्वारा बनाए ये चित्र कविता के साथ साथ बोलते है। इस पुस्तक का दूसरा संस्करण 2012 में ही आया है।

2.2.1.3. “ट्रैफ़िक जाम है”:

लेखकीय :1998 मे प्रकाशित मेरे दूसरे ग़ज़ल-संग्रह “ट्रैफ़िक जाम है” की ग़ज़लों ने मेरे पहले ग़ज़ल-संग्रह “दृष्टिकोण” की तरह ही, अपने युग की पोल खोलने का काम किया। इसका मूलाधार भी समाज का अवहेलित समाज, क्रूर और कुरूप व्यवस्था ही रही है। आम-आदमी के दुख-दर्द से जुड़े प्रश्न ही मेरे रचना प्रक्रिया/ रचना–धर्मिता के गर्भ में हैं। फिर पीड़ा और द्वन्द्व में पगी कविताओं/ग़ज़लों में कड़वाहट तो होगी ही।

यूँ शायरी करना अपने आप में एक कमाल है, किंतु मैं इस कमाल से परिचितनहीं। मैं पहले ही स्वीकार कर चुका हूँ कि मेरी ग़ज़लें किसी मठ की देन नहीं हैं। मेरा मानना है कि किसी भी विषय की परिभाषा व गुण-धर्म देश , काल और परिस्थिति के अनुरूप प्राय: बदलती रहती है। मेरी ग़ज़लों में आम जीवन से उत्पन्न मेरी अनुभूतियों/यथार्थ की फ़कीराना अन्दाज़ में सहज अभिव्यक्ति है— और कुछ भी नहीं। कुछ पंक्तियाँ……..


माना दुनिया बवाल है साहिब.

कहाँ इससे निकाल है साहिब,

मरने देहै न मारने वाला,

खूब करता कमाल है साहिब ।

******


घर में दीप जलाकर रखना,

लेकिन छान बचाकर रखना,

बस्ती-बस्ती कीचड़—गारा,

थोड़ा पाँव जमाकर रखना।

******

2.2.1.4. “पुश्तैनी पीड़ा” 2000:

लेखकीय : ट्रैफिक जाम है के बाद मेरा दूसरा कविता संग्रह “पुश्तैनी पीड़ा” 2000 में आया जिसे दोबारा 2009 में रीप्रिंट किया गया। इसकी कर्म-भूमि भी समाज में व्याप्त विकृतियों के बख़ान के साथ-साथ, उनके निवारण एवं निराकरण के लिए दिशा देने, उनसे निबटने के लिए भाव-भूमि की तलाश ही रही है। इस कविता संग्रह में निहित कविताएं, अवहेलित और उपेक्षित समाज की पीड़ा को उजागर ही नहीं करतीं, अपितु पूर्व कृतियों की तर्ज पर आम—आदमी के दुख-दर्द से जुड़े प्रश्नों के उत्तर तलाशने में ही लगी दिखती हैं। इस कविता -संग्रह में मोरमिता बिश्वास के रखांकन ने इसे और भी भाव-पूर्ण एवं सामर्थ्यवान बनाया। ठीक वैसे ही जैसे ”वेताल दृष्टि” में राजेश हरित के रेखांकन ने।

स्त्री विमर्श ने भी इस काव्य-संग्रह में खूब जगह बनाई। संग्रह की पहली कविता “लड़की” स्त्री उत्पीड़न की व्यथा-कथा ही नहीं, अपितु स्त्री को बगावत पर उतारू होने का आग्रह करती हैं। यथा—

“लड़की! तू सदा चुप क्यो रहती है/ बोलती क्यों नही/हँसती क्यों नहीं/ ……. क्यों नहीं थूकती/ उस कोढ़ी संस्कृति पर / जिसने तेरी वेड़ी में/ फूल गूंथकर/ पहनाकर हाथों में चूड़ियाँ/ महज़ भोग्या बना छोड़ा है तुझे/ बना छोड़ा है अबला/ क्यों……/ उठ लौटादे! उसे उसकी चूड़ियाँ/ नौंच दे वेणी में गुँथे फूल/ तब तू जान पाएगी/ कि तू एक समूचा मानव-इतिहास है/ सर्वनाम नहीं समास है।”

इसके साथ-साथ पृष्ठ 37 पर छ्पी कविता “सुकून के लिए” भी इसी तेवर की कविता है। यथा —

“मुट्ठी भर आसमान के लिए/ मैं/ सुबह होने पर भी/ रात की सियाही नहीं छोड़ पाती/ नहीं ओढ़ पाती धूप की चादर/……… मुझे भी चाँद अच्छा लगता है/ अच्छे लगते हैं तारे/ …….. बरसात का पानी/ कागज़ की नाव/ मैं भी छूना चाहती हूँ आकाश/ पर ये दुनिया/ जिसे मैं जीना चाहती हूँ/ झिड़क देती है मुझे/ …… खड़ा कर देती है भय../ मेरे सामने/ पाप और पुण्य का/ सत्ता और शून्य का/ खड़े कर देती है अनेक प्रश्न / मान और सम्मान के/ …… ये सवाल/ खजुराहो की अतिरूपा के सामने क्यों नहीं उठे?/ … क्यों नही उठे? /मेनका के सामने? / क्या यही है तुम्हारे पाप पुण्य की परिभाषा? / परिभाषा मान और सम्मान की? / अब मैं भी / तुम्हारे पाप पुण्य/ मान और सम्मान को जीऊँगी/ बनाऊँगी कागज़ की नाव/ तोड़ूँगी आकाश से तारे/ गूँगी-बहरी आस्थाएँ/लँगड़ी-लूली मान्यताएँ।”

पाठकीय : कादम्बनी (हिन्दी मासिक) के सह-संपादक रहे डा. धनंज्य सिंह लिखते हैं, “पुश्तैनी पीड़ा” वरिष्ठ कवि तेजपाल सिंह ‘तेज’ का सद्य प्रकाशित कविता संग्रह है। कविता जिनके लिए एक सलीका ही नहीं, जीने-मरने का औजार भी होती है, उन कवियों में से हैं तेजपाल सिंह ‘तेज’। जीवन का हर रूप, हर प्रसंग, उनकी कविता में इस तरह उजागर होता है कि संघर्ष एक दिशा और एक सार्थक आयाम की ओर बढ़ता दिखने लगता है। वह जीवन की संगति-विसंगतियों पर अँगुली रखकर उन्हें उकेरए ही नहीं हैं, अपितु उनसे उपजने वाले सवालों से भी जूझते हुए समाधान की तलाश भी करते नजर आते हैं। इसलिए उनकी कविताओं की धड़कनें, जीवन की धड़कनें बन जाती हैं। और उसे गतिमय प्रवाह की ओर ले चलने में सक्षम हैं।

उनकी आत्मीय संवेदना पारिवारिक रिश्तों से जुड़ी सीमाओं में बँधकर इति वृत्तात्मकता में फँसी नहीं रहा जातीं, अपितु सम्पूर्ण समाज से जुड़कर आत्म-विस्तार पाती हैं, एक सम्पूर्ण मानवीय रिश्ते की तलाश और स्वयं को उससे जोड़ने में पूरी तरह सफल हुई हैं।

रोटी, कपड़ा, मकान की जरूरत उन्हें भी सताती है लेकिन केवल व्यक्तिगत आवश्यकता बनकर नहीं, आदमी से आदमी के जुड़ने का जरिया बनकर । ‘मुट्ठी भर आसमां’ कविता में कवि का उद्घोष है –


बस! इतना समझ लो

घर बन जाएगा

मिल जाएगा

मुट्ठी भर आसमां

जुड़ जाएगा

आदमी से आदमी।

बेटी का बड़ा होना अब उसके विकास का नहीं, सामाजिक प्रताड़नाओं से दो-चार होने का पर्याय बन गया है। कवि बेटी की देह को रणक्षेत्र में तब्दील होते देख रहा है, ससुराल पहुँच जाने पर। वह ससुराल से आई साड़ियों और बेटी के बचपन की फ्राँक के अंतर को स्पष्ट करते हुए कह उठता है –

अब

तेरी देह रणक्षेत्र बन गई है

मेरी बेटी

.............................

फ्राँक वाल प्यार

इन साड़ियों में कहाँ

इन साड़ियों में

तेरी देह की भूख भी छिपी है

छिपी है

रणक्षेत्र की गंध

गंध उन्माद की/प्रमाद की।


“पुश्तैनी पीड़ा” कविता में कवि सदियों से दुर्बल वर्ग के साथ जोड़ दिए दुर्व्यवहार को मिटाने के लिए आह्वान करता है। उसके अंतस की मानवीयता तड़प उठती है। वह बंधन तोड़ डालने को आतुर हो उठता है।


उठो!

सूरज को निगल जाओ

आदमी को आदमी से जोड़ो

पुश्तैनी पीड़ा की कारा को

एतियातन तोड़ो।


इस कविता संग्रह में कवि जहाँ समर्थ-समाज पर कुठाराघात करता हैं, वही दलित–समाज में व्याप्त नीरसता और अकर्मण्यता पर भी प्रहार करता हैं| “जूते पहनना सीख लो” कविता में कवि मेहनतकश आदमी को अपनी मेहनत के फल का स्वाद स्वयं चखने की सीख देता है। यथा— ये पंक्तियाँ देखें :-

“जूते पहनना सीख लो” शीर्षांकित कविता की ये पंक्तियाँ —

‘मैं जानता हूँ

तुम्हें जूते बनाने आते हैं

किंतु, पहनने नहीं आते

तुम आज भी नंगे पाँव हो

पता नहीं

धूप हो कि छाँव हो

अरे! अब तो जूते भी

मशीनों से बनने लगे हैं

नए-नए रूपों में

ढलने लगे हैं

थोड़ा तुम भी बदलो

जूते पहनना सीख लो।


तेजपाल सिंह ‘तेज की “पुश्तैनी पीड़ा” में संग्रहित गीतों में भी उनकी कलम विसंगतिओं को रेखांकित करती दिखाई पड़ती है। यथा – “ फूलों सी हँसती दुनिया पर भारी पड़े बबूल” ।

कथ्य और शिल्प दोनों में ही ताजगी और प्रौढ़ता का सामंजस्य दिखाई पड़ता है। कुल मिलाकर यह कविता-संग्रह उनको एक गंभीर, सचेतन कवि के रूप में अपनी पुष्ट पहचान बनाने का सुदृढ़ आधार प्रदान कर गया है।

मुझे विश्वास है कि एजेंडा बनाकर लिखने वाले नारेबाज कवियों के लिए प्रस्तुत कविता-संग्रह एक मशाल का काम करेगा। प्रस्तुत कविता-संग्रह विचारशीलता की गहराई को प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए।”

मेरा यह एक अकेला ऐसा काव्य-संग्रह है जिसमें जीवन के तमाम उतार-चढ़ाव, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विसंगतियों का खुलासा होने के साथ-साथ बाप-बेटी, प्रेमी-प्रेमिका तथा शोषक और शोषित के प्रश्न ही नहीं उभरे अपितु प्रश्नों के उत्तर भी साथ-साथ हैं। “पुश्तैनी पीड़ा” शीर्षांकित कविता जैसे समूचे दलित/शोषित समाज की तस्वीर पेश करती है। यथा—

”पुश्तैनी हक़ / खरीदे नहीं जाते/ विरासत में मिलते हैं/ ……..सभी पुश्तैनी हक़ों का/ सुखद होना जरूरी नहीं/….जरूरी नहीं / सभी के पुश्तैनी हक़ों का/ सुखद होना/ …. हम सदा से ही/ पुश्तैनी पीड़ा को जीते चले आ रहे हैं/…. झेलते आ रहे हैं/ सामाजिक उपेक्षा/ …..क्यों? ...उठो! सूरज को निगल जाओ/ आदमी को आदमी से जोड़ो/… पुश्तैनी पीड़ा की कारा को तोड़ो।”

मेरी रचना- धर्मिता के संदर्भ में, यथोक्त कविताओं को यहाँ प्रस्तुत करना शायद सिद्धांत रूप में सही है अथवा गलत , मैं नहीं जानता। किंतु मुझे यह इसलिए आवश्यक जान पड़ा कि मेरी रचनाओं की ग़ैर-मोजूदगी में मेरी रचना प्रक्रिया/ रचना- धर्मिता का कविता से इतर मेरे द्वारा खुद ही प्रस्तुत कथन का कोई अर्थ नहीं है। दरअसल, रचना ही रचनाकार का मूल परिचय होती है और रचनाकार की रचना प्रक्रिया /रचना-धर्मिता भी। बकौल माननीय के.एल. बालू, “पुस्तैनी पीड़ा” की कविताओं और गीतों में तेजपाल सिंह ‘तेज’ ग़ज़लों की तरह ही समाज के अवहेलित वर्ग की पीड़ा, उत्पीड़न और उपेक्षा ही जैसे खुलकर सामने आई है। गीत जरूर कुछ अलग है; पर श्रृंगार के साथ-साथ, वे भी पीड़ा कोही ढोते हैं। लगता है कि कवि ने अपने आप को ही केन्द्र में रखकरअपनी बात कही है। इस संग्रह की कविताएं और गीत, उस हर आदमी की बात करते हैं जो हर ओर से घिरा है। इसलिए यह संभव है कि स्थापित कवि/आलोचक/समालोचक उनकी कविताओं को कविता ही न मानें। किंतु उनकी ये रचनाएं तमाम आलोचनाओं/ उपेक्षाओं का भार उठा पाने में सक्षम हैं। ‘तेज की रचनाओं में सवाल—भर ही नहीं हैं अपितु सवालों के उत्तर भी है।”

क्या पाठकों की प्रतिक्रिया और मत को छोड़कर रचनाकार मात्र के कथन को उसकी रचना-धर्मिता का सशक्त प्रमाण मान लिया जाना चाहिए? मेरे विचार से नहीं। रचनाकार का कार्य रचना-मात्र है। उसका अपना विचार और विचार-भूमि तो हो सकती है किंतु रचना में समाहित मर्म का उल्लेख किस स्तर का है, इसका उल्लेख या तो पाठक कर सकता है या फिर आलोचक, इस मायने में मैंने बार-बार आपके सामने पाठकों के विचार प्रस्तुत किए हैं। मैं अपनी रचनाओं का समीक्षक हो रहूँ, यह मुझे ही नहीं, किसी को भी अखरेगा, ऐसा मुझे लगता है।


2.2.1.5. “गुज़रा हूँ जिधर से”

लेखकीय : "गुज़रा हूँ जिधर से” 2006 में मेरा तीसरा ग़ज़ल-संग्रह “गुज़रा हूँ जिधर से” भी’ किताब घर, दिल्ली से ही आया । मौजूदा दौर में परम्परागत ग़ज़ल में खासा परिवर्तन आया है। शैली और शिल्प में भी, विचार-भूमि में भी। आज की ग़ज़ल सामंतो की न होकर, आम आदमी के दुख-दर्द अर्थात ज़मीनी मूल्यों की खोज ही नहीं अपितु सामाजिक व सियासी मुद्दों को बेखौफ उठाने में तत्पर है। “गुज़रा हूँ जिधर से” एक ऐसा ही ग़ज़ल-संग्रह है जो न केवल जमीनी है बल्कि परम्पराओं से दूर होकर इंसानी दुख-दर्द के साथ खड़ा नज़र आता है। इन ग़ज़लों में गेयता भी विद्यमान है। इस संग्रह की ग़ज़लों का सफर लगभग पाँच-छ: वर्षों का है। इस सफ़र में, मैं जिधर-जिधर से भी गुज़रा, कुछ अलग-अलग तरह के अनुभव हुए। और हाँ! इस सफ़र में मैंने जो कुछ भी देखा, सुना, सहा या फिर महसूस किया, इसकी ग़ज़लों में विद्यमान है। कुछ भी तोड़ा-मरोड़ा नहीं गया है। जहाँ—तहाँ कुछ श्रृंगारिक पक्ष भी है, जो संयोग-भर है किंतु मानवीय प्रवृत्ति से विरत नहीं है। मेरा मानना है कि कोई भी मानव सदैव विषाक्त होकर नहीं जी सकता। कभी न कभी जाने-अनजाने उसके ज़हन में हास्य-विनोद का उपजना अस्वाभाविक नहीं है।

यद्यपि मैं देश, काल और परिस्थिति के अनुसार समझौता वादी हूँ, किंतु इस संगह की ग़ज़लों में आदमी तो आदमी, प्रकृति की ख़ामियों से साथ भी समझौता नहीं किया है। वह इसलिए कि यदि नदी की धारा अविरल न हो तो किनारों को काटती-छाँटती धारा भी नए द्विपों का निर्माण नहीं कर सकती। आगे का मार्ग प्रशस्त नहीं कर सकती। यथा—

आदमी उड़ान में रहे तो खूब है,

बात जो मियान में रहे तो खूब है,

मारने-मरने का याँ मौके तो कम नहीं,

तीर पर कमान में रहे तो खूब है।

******

सावन में बदली ना बरसी,

मधुरितु में बगिया ना सरसी,

कि ठंडा हुआ ‘तेज यूँ सूरज,

निकला पहन जेठ में जरसी।

******

राष्ट्र से बढ़कर मानव कोई स्थान नहीं रखता। देश है तो मानवहैं और यदि मानव है तो देश है। लेकिन जब सत्ताशीन ही देश को निगलने पर उतारू हो निकलें, तो आम आदमी इसके अलावा क्या कहेगा? ….

खट्टे—मीठे अपने देश,

सबके अपने-अपने देश,

सोने की चिड़िया तुम जानो,

हम जाने भिकमंगे देश।


मुझे लगता है- मेरी इस कृति को समझने के लिए अधोलिखित पंक्तियाँ शायद काफी होंगी....

गुज़रा हूँ जिधर से मैं यारा, धुँधला-धुँधला प्रकाश मिला,

चाँद सितारों से बोझिल, कुछ झुका-झुका आकाश मिला।

फ़ाकामस्ती का कुछ-कुछ तो, मुझको है इतिहास मिला,

अनुबंधों की तंग गली में, बिखरा-बिखरा विश्वास मिला।

  हार को जीत में बदलना एक बड़ा काम है। दलित समाज की ये विडंबना रही है कि जीतकर भी हार स्वीकार करता आया है। खेती के लिए तो उसे कसलों, कुदाली और हल का प्रयोग करना आता है, किंतु अत्याचार के खिलाफ उसके कसले, कुदाली और डंडे जैसे ठंडे कुन्द हो जाते हैं। क्यों ?

खिरामाँ-खिरामाँ चला कीजिए,

बियाँबा-बियाँबा जिया कीजिए।

जिंदगानी असल जिंदगानी नहीं,

मौत से रूबरू हो जिया कीजिए।

पाठकीय :  सरस्वती भुवन महाविद्यालय (औरंगाबाद) के हिन्दी विभाग के डा. गोरख काकड़े के 16 अगस्त 2013 के आलेख “इक्‍कीसवीं शती की हिंदी ग़ज़ल : स्‍थिति एवं संभावनाएँ” (संदर्भ-http://www.rachanakar.org/2013/08/blog-post_8416.html# ixzz325OMFhe0) में काकड़े ने; लिखा है कि हजारों की तादात में कही और लिखी जा रही हिन्दी ग़ज़लों ने अपने विषय परिधि को व्‍यापक बनाया हैं। जिसकी शुरुआत दुष्‍यंत कुमार ने की थी उसे चरामोत्‍कर्ष पर आज के ग़ज़लकार ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। अब हिंदी ग़ज़ल प्रेमी-प्रेमिका का संवाद, संलाप, प्रियतमा से इष्‍क और हुस्‍न की गुफ्‍तगु, इश्‍कों-मोहब्‍बत का जिक्र, शबाब और शराब का वर्णन, प्रियतमा के गिजाल (हिरन) नेत्रों के कटाक्ष, नायक-नायिका के अंग-प्रत्‍यंग का चित्रण एवं हाव-भाव-अनुभाव की परीधि को तोड़कर समाज जीवन के नफीस खुरदरे सच को भी व्‍यक्‍त कर रही है। वह समाज के ‘दर्द का इतिहास' बन गयी है। इस संदर्भ में शेरजंग गर्ग लिखते हैं, ‘‘आज साहित्‍य, कविता और ग़ज़ल प्रत्‍येक संदर्भ, प्रत्‍येक दिशा, प्रत्‍येक समस्‍या, प्रत्‍येक सरोकार, प्रत्‍येक विसंगति पर बात करते हैं। आज की ग़ज़ल प्रेमिका से ही नहीं, प्रतिद्वंन्‍दियों, राजनेताओं, भ्रष्‍ट अधिकारियों, संवेदनहीन हृदयों से भी उतनी ही शिद्दत से बात करती है, जितनी कि अपने आप से। आज की ग़ज़ल की उड़ान विश्‍वव्‍यापी है।'  इस उड़ान को उँचाइयाँ देनेवाले ग़ज़लकारों में कुँअर बेचैन, ज़हीर कुरेशी, नीदा फाजली, बशीर बद्र, शहरयार, शेरजंग गर्ग, अनिरुध्‍द सिन्‍हा, शम्‍मी-षम्‍स-वारसी, उर्मिलेश, राम मेश्राम, कुमार विनोद, रामदरश मिश्र, मनोज सोनकर, रामावतार त्‍यागी, शिवबहादूर सिंह ‘भदौरियाँ', रोहिताश्‍व अस्‍ताना, तेजपाल सिंह ‘तेज’, उबैद सिद्दीकी, हमीद कानपुरी, कैफी आज़मी, जिगर श्‍योपुरी, अशोक अंजुम आदि का समावेश है।

इक्‍कीसवीं शती के यह ग़ज़लकार बाजारवाद और उसकी बिकाऊ वृत्‍ति, राजनीतिक तिकड़मबाजी, समाज के ठेकदारों की ‘नूरा कुश्‍ती', नौकरवर्ग की लालफिताशाही, मानवीय संवेदनाओं का यांत्रिकीकरण, सांप्रदायिकता, अलगाववाद, धर्म के नाम पर दंगे-फसाद, भ्रूण हत्‍या, स्‍त्री, दलित शोषण, प्रदूषण, मँहगाई, भ्रष्‍टाचार, बेकारी, झूठ-फरेब, फैशन, प्रेम के नाम पर हो रहे शरीर प्रदर्षन आदि त्रासदियों, विसंगतियों को अभिव्‍यक्‍त कर रहे हैं।

राजनीति के क्षेत्र में भी यही हाल है। राजनीतिकों ने मनी-मसल की पॉवर के द्वारा ‘फन्‍डामेंटल राईट्‌स' को ‘फन्‍डामेंटल राँग' बनाया है। समता, स्‍वातंत्र्य, न्‍याय, बंधुत्‍व की लोकतंत्रीय व्‍यवस्‍था का गला घोट दिया है। यह सफेदपोश हाथी और प्रशासन संभालने वाले बाबू मील के पत्‍थर बन बैठे हैं। छलावा, धोखा, झूठ, फरेब, बेईमानी इनके शस्‍त्र हैं। भाई-भतीजावाद इनका अजेंडा है। योजनाओं की गंगोत्री उनके घर में पानी भरती है। केवल उन्‍हीं के घर में हरियाली है बाकी देश तो मरुस्‍थल हुआ है। जब भी चुनाव आता है तो इनकी योजनाएँ फलने-फूलने लगती हैं कि हम इस मरुस्‍थल को समंदर देंगे, बेघर को घर देंगे, फुटपाथ को बिस्‍तर देंगे आदि आदि। किंतु आज की स्‍थिति विपरीत से विपरीत बनती जा रही है। जैसे ही चुनाव खत्‍म होते हैं वैसे ही वह अपनी असली औकात पर उतर आते हैं और लोगों से गुण्‍डों जैसा व्‍यवहार करने लगते हैं। आज यहाँ नेता ही डाकू और डाकू ही नेता है जो मानवता के सीने पर ‘मजहब का भूचाल' मचा रहे हैं। निर्बल किसान, मजदूर, औरत आदि को अपनी ईच्‍छाओं की पूर्ति का साधन मान रहे है। तेजपाल सिंह लिखते हैं -

‘‘लील गई चढती नदी पका-पकाया धान,

भूख प्‍यास की मार से टेढा भया किसान।

धनिया को नहीं भात है अब पीपल की छाँव,

पावों में पाजेब है सिर पे तीर-कमान।

चोरों की पंचायत है, गीदड है सरपंच,

थाम हाथ उलटी कलम, लिखते चोर विधान।'' 3

<><><>

‘‘लोकतंत्र की छाती पर चढ

हरसू खूब धमाल हुआ है।

इंसा के हाथों से बेशक

इंसा आज हलाल हुआ है।

प्रशासन अब राजनीति का

सबसे बडा दलाल हुआ है।''

<><><>

यथोक्त कथन के दृष्टिगत, यह पाठक का काम है कि मेरी रचना धर्मिता का अवलोकन स्वयं करें और मेरी रचना के गर्भ में झाँक कर देखे कि मेरी रचना-धर्मिता सच के आस-पास भी है कि नहीं। यह उपक्रम मेरे लिए खासा लाभदायक सिद्ध होगा। और हाँ! इससे पहले कि पाठक अपने दिमाग पर जोर डालें, मैं स्वयं ही यह स्पष्ट कर देना उचित समझता हूँ कि जो तेवर और सपाट-बयानी मेरे पहले ग़ज़ल संग्रह में विद्यमान थी, वही बाद के दोनों ग़ज़ल संग्रहों “ट्रैफिक जाम है” और “गुजरा हूँ जिधर से” में काफी कम नज़र आती है। इसका कारण निरंतर बदलते समय के साथ-साथ बदलती समझ और प्रौढ़ता दोनों ही हो सकती हैं। कहावत है कि जहर को जहर अथवा लोहे को लोहा ही काटता है किंतु भौतिकतावादी मानवतावाद मानवता के स्तर पर कितना खरा उतरता है, यह सोचने की बात है। दरअसल, इन दोनों ही ग़ज़ल संग्रहों की विचारधारा और भाव-भूमि तो “दृष्टिकोण” के जैसी ही है किंतु भाषाई स्तर पर कुछ नर्म और घुमावों से परिपूर्ण है। वास्तव में मुझे अहसास हुआ कि सामाजिक स्वतंत्रता, समानता और बन्धुता का उद्भव यदि संभव है तो वह केवल कटुता बरतने या केवल शाब्दिक आग उगलने भर से तो कतई संभव नहीं है। यदि इस ओर पक्ष और विपक्ष दोनों के ही हाथ बराबर बढ़ें/उठें तो सामाजिक स्वतंत्रता, समानता और बन्धुता के कायम होने की दिशा में सही और सार्थक मार्ग प्रशस्त होने की संभावना ज्यादा बन सकती है। इसी सोच के चलते बाद के दोनों ग़ज़ल संग्रहों में कड़वाहक उगलने की जगह शायद वाक-पटुता ने ले ली। किंतु ऐसा सबकुछ किसी सोची समझी रणनीति के तहत नहीं अपितु यह एक स्वभाविक प्रक्रिया के तहत स्वत: ही होता चला गया। इसके लिए कोई खास प्रयास नहीं करना पड़ा।

ग़ज़ल, कविता और गीतों के अलावा मैंने बाल-गीतों का सृजन भी किया है- वह भी प्राय: ग़ज़लीय शैली में ही। बाल-गीतों के पहली ही कृति “खेल-खेल में” को छपने से पूर्व ही यानी पाण्डुलिपि को ही ‘हिन्दी अकादमी, दिल्ली’ द्वारा वर्ष 1995-96 के लिए “बाल साहित्य पुरस्कार” प्रदान किया गया। तदंतर इसका प्रकाशन किताब घर, दरिया गंज, दिल्ली दारा किया गया। इसके बाद ‘बाल विकास प्रकाशन, शाहदरा, दिल्ली’ द्वारा प्रकाशित बाल-गीतों की मेरी दूसरी पुस्तक “धमाचौकड़ी” ने स्कूली बच्चों के बीच खोब धमाल मचाया। “खेल खेल में” और “धमाचौकड़ी” को कई निजी स्कूलों में भी बतौर बाल-साहित्य पढ़ाया भी गया। खेल खेल में अक्षर ज्ञान (स्वर व व्यंजन- अलग अलग दो भागों में) के जरिए हिन्दी और अंग्रेजी भाषा की वर्णमाला को भी गीतों के जरिए बच्चों तक पहुँचाया गया।


2.2.1.6 “कहाँ गई वो दिल्ली वाली”

“कहाँ गई वो दिल्ली वाली” 2009 में मेरी एक कृति “कहाँ गई वो दिल्ली वाली”, अकादमिक प्रतिभा, दिल्ली (भारत) द्वारा प्रकाशित की गई। ये कृति कथा – कहानी से जुड़ी तो जरूर लगती है, किंतु है अलग ही। ये कृति शब्द- चित्रों का ख़ज़ाना है। मैंने अपनी बात में कहा है — “बकौल अमृता प्रीतम-अपने-अपने भीतर का सच तो अपने-अपने भीतर से पाना होता है और वह सच शब्दों में नहीं उभरता/उतरता, अनुभव से उतरता है।” इस माने में मेरी कृति “कहाँ गई वो दिल्ली वाली” (शब्द- चित्र) में जो भाव उभर कर आए हैं, विशुद्ध रूप से ज़मीनी हैं। एक—दो शब्द-चित्र को छोड़कर सभी घटनाएं, यथार्थ की जमीन पर स्वप्न में उभरी तस्वीरों से जुड़ी सत्य कथाएं हैं; इसके अलावा और कुछ नहीं। पाठक इनमें अलग-अलग तरह से अर्थ तलाश सकते हैं, तलाशने भी चाहिएं। किंतु ऐसा करते समय मानवीय धरातल को सिरे से नकार देना, कदाचित तर्कसंगत नहीं होगा। हाँ! कुछ शब्द ऐसे भी होते हैं, जो होने तक ही सीमित रह जाते हैं। किंतु मैंने इन शब्दों को होठों तक सीमित नहीं जाना। इन शब्दों में ज़मीन को तलाशा है। भावना के कलेवर में ढाला है। तब ही तो मेरे ‘शब्द-चित्र’ हवा प्राप्त कर सके हैं।

कभी-कभी चीजों को समेटने में बहुत-सी चीजें खो जाती हैं। और इनकी खोज में,शेष चीजें जैसे बिखर-सी जाती हैं। प्रत्येक मनुष्य स्वप्न देखता है। उम्र इसमें बाधा नहीं बनती। सपनें पर उम्र का कोई प्रभाव भी नहीं पड़ता। स्वरूप पर पड़ता है। सपने कम उम्र में भी आते हैं, बड़ी उम्र में भी। कभी-कभी सपने बुने भी जाते हैं। सपनों के इतर जो एक-दो शब्द-चित्र मेरी इस कृति में हैं, शायद वे इसी दायरे के हैं। किंतु सपनों के संकेत समझना अहम बात होती है। मेरी समस्या भी यही रही है। सपनों के भाव कभी भी मुझे समझ नहीं आए। मेरे सपने ठीक वैसे ही हैं, जिनके संकेत मेरी पकड़ में नहीं आते/आए। वैसे भी मैं कोई पीर-फ़कीर नहीं, जो सपनों की ताबीर जान पाऊँ। वस्तुत: मेरे सपने ऐसे दौर के सपने हैं जिसमें प्रत्येक जगह खून के छींटे ही देखने को मिलते हैं। मेरे सपनों में हास और उजास, पता नहीं क्यूँ नहीं उभरा? जबकि जरूरत तो हास-परिहास की ही है। ऐसे में यह विषय पाठकों के सोचने के लिए रह जाता है।

एक बात और, हम-तुममें से कोई भी ऐसा नहीं है जो सपने न देखता हो। किंतु ज्यादातर लोग सपनों के अर्थ तलाशते-तलाशते सपनों को ही भूल जाते हैं। लेकिन मैंने इन्हें काग़ज़ पर उतार दिया है। शायद मन में एक डर था कि कहीं ये खो ही न जाएं। इच्छाएं और आवश्यकताएं, दो अलग-अलग तथ्य हैं। दोनों में कोई सामंज्य नहीं है। न कभी होगा। इच्छाएं और आवश्यकताएं व्यक्ति-विशेष की चेतन/अचेतन दशा को दर्शाती हैं। सुना है कि अक्सर सपनों में दिशा-संकेत होता है। किंतु मेरे सपनों में खोज का भाव ज्यादा रहा है। पता नहीं क्यूँ? शायद इसलिए कि मैं साकार के मुकाबिलनिराकार को उतना आदर नहीं दे पाता, जितना दुनियाबी लोग देते नही थकते। सपने आकाश और पाताल की सीमा से परे होते हैं। मेरे भी हैं। लेकिन ये ज़मीन को छूते नज़र आते हैं। मैं बहुत बार टूटा हूँ और संभला भी। फिर भी मेरे सपनों नें कभी भी, किसी भी डगर पर, अपने से अलग नहीं किया। मेरे उक्त कथन को समझने के लिए इस किताब में लिए गए अधोलिखित कथ्य शायद पर्याप्त ठहरे:-

“मैं बीच रास्ते में ही पहुँचा था कि अच्छे-खासे हाड़-माँस वाला आदमी लंगड़ाते हुए मेरे सामने हाथ जोड़ते हुए आया और बड़ी ही ईमानदारी से निर्भीक अवस्था में विनती की, “बाबू पाँच रुपये कम पड़ रहे हैं, एक पव्वा लेना है। पच्चीस का आता है। बीस मेरे पास है। दे दोगे तो मैं दारू पीकर आराम से सो जाऊँगा।” मैं उलझन में फंस गया। क्या ये कोई काम नहीं कर सकता। पर करेगा कैसे और करें भी क्यूँ, जब फोकट में ही हाथ जोड़ने और पाँव पड़ने भर से रोटी और दारू दोनों का जुगाड़ हो जाता है। आखिर उसकी ईमानदारी को देखकर मैं उससे पूछ बैठा, “क्या तुम सचमुच लगड़े हो?” उसी ईमानदारी से बताना, जितनी ईमानदारी से पैसे माँगे है।” 

यह सुनकर वह ठीठका और उसने ईमानदारी से स्वीकार कर लिया कि वह लगड़ा नहीं है। भीख माँगने के लिए कुछ नाटक को करना ही पड़ता है। फिर भी सदा भीख नहीं मिलती। इस बार उसकी ईमानदारी ने पटखनी दे दी। मैंने उसे पाँच रुपये दिए और आगे बढ़ गया। किंतु मैं भीख माँगने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए खुद को कोसता रहा। कभी सोचता कि यदि मैं उसे रुपए न देता तो वह जीवन में कभी सच नहीं बोलता। इससे ईमानदारी की हत्या निश्चित ही हो जाती। इस उलझन में फंसा, मैं न जाने कब शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर पहुँच गया।.....”

राजनीतिक चरित्र के निरंतर पतन के चलते ”शब्दों पर सवारी करते हैं” शब्द-चित्र से एक बानगी। बात उस समय की है जब माननीय अटल बिहारी वाजपेयी जी प्रधान मंत्री थे।– “एक कह रहा था कि हमारे प्रधानमंत्री आज के जिन्ना हैं। चतुर-चालाक हैं। कई-कई मुखौटे है उनके पास। पार्टी का अलग, धर्म का अलग, सहयोगी दलों का अलग और न जाने कितने ही और। दूसरा बोला, “ अरे! सच तो ये है कि हमारे प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे हैं, सो शब्दों पर सवारी करते है। जैसे चाहें शब्दों को घुमा-फिरा देते हैं। अब देखो ना – आजादी के लड़ाई में लड़ने का गुनाह तक उन्होंने किया नहीं, पर आज स्वतंत्र भारत के प्रधानमंत्री हैं।” तीसरा बोला, “ अरे! मूर्ख तो जनता है। कुछ समझती ही नहीं। नारों के बल पर ही जिन्दा हो उठती है। हमारे प्रधानमंत्री जमाने की नस को जान गए हैं। जनता की परवाह नहीं करते। नेताओं से ताल-मेल कर सत्ता पर काबिज हैं। जो नाराज होता है, उसे ही मंत्री बना देते है।” मेरा मन था कि मैं भी कुछ कहूँ, पर अचानक तेज हवा चलने लगी। हवा आँधी में बदल गई। दोमट मिट्टी मरुस्थल में बदल गई। चारो तरफ धूल ही धूल छा गई। कई घरों की चादरों वाली छतें तक उड़ गई।”

सच तो यह है कि मेरे ये शब्द-चित्र मेरे साहित्यिक कबाड़ से ’शीलबोधि’ द्वारा निकाले गए हैं। उन्होंने ही इन्हें सजाने-संवारने की हिम्मत जुटाई। अन्यथा ये शब्द-चित्र एक न एक दिन दफ़्न हो रहते। 

पाठकीय : बकौल “शीलबोधि”, “व्यर्थ से लगने वाले सपने मनुष्य के जीवन का हिस्सा ही होते हैं। सपने जो हास-परिहास और ख़ौफ से जुड़े होते हैं, हमारी अचेतन चेतना से। “सपने” जिनके माध्यम से हमारी, वे इच्छाएं सहजता से तृप्त होती रहती हैं, जो सपनों से बाहर की ज़िन्दगी में शायद ही पूर्ण हो सकें। सपनों को अक्सर हम समझ नहीं पाते। सपने हमारे मस्तिष्क में चलायमान होते हैं। हम कोशिश के बावजूद सपनों की बनावट को समझ नहीं पाते हैं। आश्चर्य से केवल सोचते ही रह जाते है। अक्सर हम सपनों को ‘भानुअमति का कुनबा’ समझ बैठते हैं जिन्हें ‘कहीं की ईंट तो कहीं का रोड़ा’ की तरह जोड़ा गया मालूम पड़ता है। पर मैं अक्सर सोचता हूँ, तेजपाल सिंह ‘तेज’ के सपने पढ़ने के बाद तो इस ओर ध्यान केन्द्रित कर सोचना मानो मजबूरी ही हो गई है कि विभिन्न असम्बद्ध घटनाओं से जुड़े सपनों का जोड़ क्या है। कैसे विभिन्न तरह की इच्छाएं, आकांक्षाएं और भय बिना किसी वजह के एक साथ जुड़ जाते हैं। मैंने जब सोचा तो समझा कि सपने किसी एक सूक्ष्म से अहसास से जुड़े होते हैं। अक्सर हम उस अहसास को पहचान नहीं पाते है। शायद इसलिए कि हम सपनों के अथ आगे-पीछे के जीवन में तलाशना शुरू कर देते हैं।

........... सपने जीवन से टूटे हुए नहीं हो सकते हैं बल्कि सपने जीवन से अव्यवस्थित रूप से जुड़े होटल हैं। जहाँ प्रधानमंत्री की कार्यप्रणाली पर टिप्पणी की जा सकती है (शब्दों की सवारी करते हैं) और पुजारी के क्षुद्र स्वार्थों की कथा कही जा सकती है (मंदिर आपका ही है)। कभी-कभी लगता है कि सपने जीवन से बिदका हुआ यथार्थ होता है। सपने जीवन का एक बिल्कुल अलग और बहुत अधिक समीपता से जुड़ा हिस्सा होते हैं। “औरत जब पत्नी होती है” सपने के माध्यम से हम इस चुम्बकीय प्रभाव को समझ सकते हैं।

जीवन का असंतोष ही सपनों में अपनी पूर्णता पाता है, केवल ऐसा ही नहीं है, बल्कि कभी-कभी सपनों का असंतोष भी जीवन के यथार्थ सें संतोष पाता है। “क्या हो गया मेरे लाल कू” सपने में – एक ....राम मरते हैं, फिर दूसरे....... राम मरते है और फिर तीसरे और कोई .... राम मरते हैं। अलग-अलग दिनों को इस जैसे आने वाले सपनों की यह संबद्धता, अजीब सा असंतोष और बेचैनी पैदा करती है। जब तक सचेतन जीवन में किसी व्यक्ति के साथ घटना को नहीं बांटा जाता, असंतोष व बेचैनी बनी रहती है।

तेजपाल सिंह ‘तेज’ के सपने इसलिए भी मूल्यवान लगते हैं, क्योंकि वे समाज में व्याप्त खौफ, असंतोष और इच्छाओं के कारण जन्म लेते हैं। सपनों के मूल में एक व्यापक सामाजिक परिदृष्य समाया रहता है। देश, समाज अ मनुष्य के रूप में प्रत्येक स्तर पत बँटे समाज के प्रति लेखक की सद्भावी चिंता का उजास किताब में दिखाए देता है। यदि तेज जी से प्रेरित होकर यदि सपनों को, निकट से उपस्थित होकर और कल्पनाशीलता से दूरी बनाकर लिखा जाता है तो सपनों में ‘मनुष्य को जिन्दा” समझने का एक नया विमर्श सामने आएगा। और हम बहुत अधिक ईमानदारी के साथ सपनों में ‘जिन्दा इंसान’ को समझ सकेंगे।”


2.2.1.7. “बिन्दु-बिन्दु सार”:

2009 में ही, “बिन्दु-बिन्दु सार” का प्रकाशन हुआ। यह एक वैचारिक समेटे हुए है अपने में। नैतिक ज्ञान का एक प्रायोगिक प्रदर्शन है इसमें किंतु उपदेशात्मक कतई नहीं। इस पुस्तक में जीवन के लिए आवश्यक विभिन्न सकारात्मक बिन्दुओं को निहित किया गया है। यथा – “कमिटमेंट” की अधोलिखित व्याख्या को देखें:

·“कमिटमेंट” संकल्प की पूर्ण करने की शक्ति है;

·सकारात्मक “कमिटमेंट” जीवन में उन्नति लाता है;

·नकारात्मक “कमिटमेंट” मनुष्य के जीवन को नष्ट कर देता है;

·“कमिटमेंट” में निश्चितता का भाव निहित होता है;

·“कमिटमेंट” में सुरक्षाभाव उत्पन्न होता है;

·“कमिटमेंट” से व्यक्तिगत विकास ही नहीं होता अपितु व्यक्ति का व्यक्ति से व समाज का समाज से अटूट रिश्ता पनपता है;

·“कमिटमेंट” व्यक्तिगत व व्यावसायिक रिश्ते भी प्रगाढ़ होते हैं;

·“कमिटमेंट” की कमी रिश्तों में दरार डाल देती है;

·“कमिटमेंट” परिपक्वता और समझदारी की पहचान है;

·परस्पर सम्बन्ध “कमिटमेंट” पर आधारित होते हैं, केवल निकटता व घनीष्ठता पर नहीं।


वर्ष 2009 के अगस्त माह मे मैं भारतीय स्टेट बैंक की नौकरी से सेवा-निवृत्त हो गया। इसके बाद के मेरे लगभग दो-ढाई वर्ष प्रत्येक दृष्टि से ठीक-ठाक गुजर गए। कलम भी निरंतर चलती रही किंतु परस्पर मुलाकातों पर जैसे ब्रेक सा लग गया। स्वास्थ्य तो पहले से खराब चल रहा था। इसमें सुधार होने के बजाय गिरावट ही आती चली गई। फलत: साहित्यिक गतिविधियों में भागीदारी सिमटने लगी। गोष्ठियों में आना-जाना कम हो गया। 2012 की शुरुआत से ही मेरी हालत तेजी से बिगड़ने लगी और जुलाई माह में एक समय ऐसा आया कि जब गिरते स्वास्थ्य के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। सोलह जुलाई को दिल्ली के दीपक मैमोरियल अस्पताल में भर्ती होने के बाद तीन अगस्त को दिल्ली के ही सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी पाकर मैं एक नरकंकाल के रूप. में घर वा

पिस आया। अब पलंग पर पड़े रहना ही मेरी नियती बन गया था। चलना – फिरना तो क्या बोलना तक भी मेरे लिए एक समस्या हो गई थी। किसी पर कभी निर्भर न रहने वाला ‘तेजपाल’ अब पूरी तरह निर्भिरता की कैद में आ गया था। कभी-कभार कोई मिलने आ जाता तो आँखों-आँखों में ही एक दूसरे से बातें होती थीं। कई महीने तक ऐसा ही चलता रहा। खैर! एक दिन मेरा कोई मित्र (अब मुझे याद नहीं कि वो कौन था) और उसके साथ कोई अजनबी व्यक्ति मुझसे मिलने आए। जैसे ही उस अजनबी को मेरे मित्र ने मेरे लिखने-पढ़ने के शौक के बारे में बताया तो उसके हाव-भाव एक दम से बदल गए। बातचीत सेलग रहा था कि वह कोई मुसलमान था। उसने मुझसे मुखातिब होते हुए पूछा कि क्या मेरे पास कोई ऐसा मैटर तैयार पड़ा है जिसे छपवाया जा सके। अब मैं कुछ-कुछ बोलने लगा था। मैंने “हूँ” कहते हुए हाँ में गर्दन हिला दी। अब क्या था, वह मेरी बीमारी की बारे में बातचीत किए बगैर पुस्तक प्रकाशन की बातों पर उतर आया। कहने लगा, “मियां जो कुछ भी लिखा-लिखाया है, जीते-जी उसे छपवा डालो। वरना मरने पर सारा लिखा-लिखाया कबाड़ी के पास चला जाएगा। कोई चिंता नहीं करेगा तुम्हारे साहित्य-वाहित्य की।” इतना कहकर वो तो मेरे मित्र के साथ चला गया। किंतु मैं हक्का-बक्का सा उसको देखता ही रह गया। मुझे लगा कि उसकी बातों में जान है। कितना स्पष्टवादी था वह। भला जिन्दा लोग अपनी आवश्यकताओं का ध्यान रखें या मरे-खपे लोगों की? कितना सच था उसकी बातों में....। उसकी बातें मुझपर असर कर गईं और मैंने अपने बड़े बेटे की से कुछ दिनों में ही अपने साहित्यिक कबाड़ को खंगलवाया जो कम्प्यूटर में कैद था। प्रकाशक भी मिल गया। और इस तरह 2013 में मेरी दो किताबें प्रकाश में आ गईं- एक ग़ज़लों की “हादसों के दौर में” और दूसरी गीतों की “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का”। मेरी किताबें तो छप गई किंतु उन दोनों में से कोई भी आज तक मुझसे दुबारामिलने नहीं आया।



2.2.1.8 “हादसों के दौर में”

मेरा चौथा ग़ज़ल-संग्रह है। इसमें भी मेरी रचना-धर्मिता जस की तस बनी रही है। इसकी ग़ज़लें केवल दलित के साथ अनदेखी के सवालों को ही नहीं, अपितु समूची मानवता के तहत जो कुछ भी देखा है, परखा है या फिर महसूस किया है, मैंने अपनी रचनाओं में ढाला है। आप पाएंगे कि इसकी रचनाएं सच्चाई की गवाह हैं। हाँ! दृष्टि समकालिक जरूर है।

आज का इंसान जब भी लौटकर घर आता है,

टूटा बदन, हारा-थका विश्वास लेकर आता है,

हादसों के शहर में न ‘तेज’ इतना मुस्करा,

देखकर सहसा हँसी, यहाँ आदमी डर जाता है।


मैं मानता हूँ कि शायरी भी अन्य साहित्यिक विधाओं की भाँति संवेदना की एक स्वतंत्र अभिव्यक्ति है। शायरी दुनिया-भर के हर्ष और विषाद के अर्थों एवं अनर्थों को ढोती हुई कभी हँसती है, कभी रोती है और कभी औरों को भी रुलाती है। शायरी पूरी तरह फक्कड़ है। यायावर है। शायरी की कभी सीमाएं रही होंगी किंतु आज की शायरी की कोई सीमा नहीं है। और तो और कभी-कभी बदलते दौर के चलते एक ही विषय पर पूरी की पूरी ग़ज़ल टिक जाती है। इस मायने में इस संग्रह में समाहित प्राय: सभी ग़ज़लें परम्परागत शैली से कुछ हटकर हैं। ग़ज़लीय गंध के साथ-साथ इनमें गीतों की गंध ही अनुभूत नहीं होती अपितु भाषा की सादगी भी पाई जाती है -

आड़ी तिरछी खड़ीं लकीर,

कुछ औंधे मुंह पड़ीं लकीर।

जैसी भी हैं रहने भी दो,

दिलों में खींचो मती लकीर।

सूई धागा मांग रहा है,

भूखा नंगा एक फकीर।

<><><>

किस-किस को बतलाए गोरी,

छोड़ भगा धनिया को होरी।

देख जमाने की रंगत को,

कब तक करती सीनाजोरी।

बेअदबों की साख बनी है,

यार ‘अदब’ अपनी कमजोरी।

कदम कदम नासमझ घने हैं,

नासमझों से क्या मुंहजोरी।

‘तेज’ अकेला क्या कर लेगा,

भीड़ पड़े है सब पर भारी।

<><><>

दरअसल हिन्दी ग़ज़ल का कैनवास परम्परागत उर्दू ग़ज़ल से पूरी तरह मेल नहीं खाता। आज की शायरी बोलती है, व्यवस्था पर चिल्लाती है, बेखौफ़ है। सतात्मक व्यवस्था इसके आड़े आने का साहस नहीं करती।

क्या पूछो हो किस्मत मेरी, रात धवल दिन काले हैं,

अंतर—अंतर काला—काला, चेहरे भोले-भाले हैं

कब तक गुण्डागर्दी होगी, राजनीति के दंगल में,

इक दिन झंडा फहराएंगे, जिनके छिने निवाले हैं।


अन्य साहित्यिक विधाओं की तरह, शायरी भी अतीत से निकलकर वर्तमान की सभ्यता और संस्कृति से निरंतर जूझ रही है। भूख, प्यास, संत्रास, विद्वेष अदि जैसी सामाजिक विवशताओं/मसलों प्रहार/विचार करती है। -

जीने का सामान मिला कब,

अपना दामन चाक सिला कब।

मुझको बस इतना बतला दो,

भारत अपना पाक मिला कब।

दूषित राजनीति के चलते,

जनता को इंसाफ मिला कब।

हमको अपनी मजदूरी का,

पूरा-पूरा दाम मिला कब।

कल के राजा आज भी राजा,

उनका तख्तो-ताज हिला कब।

<><><>

तुम क्या जानो कैसे गुजरी,

जब भी गुजरी जां पे गुजरी।

शब तो मैखाने की जद में,

सहर तिरे सदके में गुजरी।

सुबह सवेरेफाका-मस्ती,

दोपहरी सहरा में गुजरी।

जीस्त यूं समझो आवारा है,

कुछ रोते, कुछ हँसते गुजरी।

‘तेज’ तुझे मालूम नहीं कि

उम्र बड़े सस्ती में गुजरी।


सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक चरित्र भी आज की हिन्दी ग़ज़ल के विषय हो गया है। समय के साथ-साथ शायरी सुरा-सुन्दरी की चौखट लाँघकर आम आदमी की चौखट तक पहुँच गई है। मैं पुन: स्पष्ट करदूँ कि मेरी शायरी किसी “मठ” की देन नहीं है। मैंने इसे देखने का अलग तरीका अपनाया। दरअसल व्यक्ति अपने जीवन-जगत से नाखुश होकर ही कुछ न कुछ नया रचता है। यह रचना-क्रम असल जीवन-जगत से जितने अंशों से जिस हद तक मेल खाता है, उसी अनुपात में असल जीवन-जगत की जैसे आलोचना प्रस्तुत करता है। यह पहले से मौजूद छोटी लकीर को यदि 'छोटी' कहने का दम भरना है तो उसके सामने एक बड़ी और नूतन लकीर खींचने का काम हिन्दी ग़ज़ल ने बखूबे किया है, ऐसा लगता है। जैसा है, वह लकीर अपने आप छोटी साबित हो जाएगी। यह विशेषता उर्दू और हिन्दी ग़ज़लों दोनों में ही पाई जाती है। इन अर्थों में मैं ग़ज़ल का कितना सगा हो पाया हूँ, कहाँ खड़ा हूँ और किस प्रकार के व्यवहार को कितनी तरजीह देता हूँ, सुधी पाठकों को ही तय करना है।


2.2.1.9 “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का” (गीत-संग्रह)

विदित हो कि शासन-प्रशासन आँख बन्द करके लोकतंत्र को लूट तंत्र का स्वरूप प्रदान करने से बाज नहीं आ रहा है। इतना ही नहीं, समाज के अलग-अलग वर्गों ने अपने-अपने इतिहास को खोज निकालने के नए-नए सूत्र न केवल तलाशने शुरु कर दिए है, अपितु अपनी-अपनी मौलिक संस्कति और सभ्यता का पुस्तकीय रूप में बखान करना भी प्रारम्भ कर दिया है। चारों तरफ उहाँपोह की हालत है। ऐसे में गीत का लिखा जाना एक प्रश्न बनकर रह गया है। फिर भी मेरी कलम से कुछ गीतों का सृजन संभव हो पाया है किंतु अक्सर गीत वर्तमान माहौल से अथवा समकालीन गतिविधियों/ परिस्थितियों के खुलासे के अलावा कुछ बयां नहीं कर पाए। हाँ! समकालीन गतिविधियों/ परिस्थितियों के इतर जो भी गीत बन पाएं हैं, उसे एक संयोग ही कहा जाना चाहिए। दूसरे ये गीत ही वियोग की छाया से ढके हुए हैं। यह कहानी है 2013 में ही प्रकाशित मेरे “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का” (गीत-संग्रह) की। उदाहरणार्थ कुछ गीत


भाषा छोड़ गए

जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए ?

उल्टे-सीधे अर्थ उगलती है हरदम,

अपने पीछे तुम ये कैसी भाषा छोड़ गए?

दंश-प्रेम का पोर-पोर पर तारी है,

तुम प्रेम-प्रीत की क्या परिभाषा छोड़ गए ?

जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए ?

पीते-पीते मौत गले तक आ पहुँची,

घर-आँगन में तुम ये कैसी हाला छोड़ गए ?

जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए ?

उत्तर देते-देते जीवन रीत गया,

पश्नों कीतुम कैसी तृष्णा छोड़ गए ?

जाते-जाते तुम ये कैसी आभा छोड़ गए ?

<><><>

पांव पड़ी पाजेब …….

पांव पड़ी पाजेब तो बिटिया,

बचपन का सच भूल गई ।

केवल सपनों सी आती है,

मां का आंचल भूल गई ।

जेठ की लू औ’ पौष की सरदी,

रिमझिम सावन भूल गई ।

सास जिठानी का संग पाकर,

साग में आलन भूल गई ।

******

मैं तो काँटों का आदी हूँ

मैं तो काँटों का आदी हूँ,

फूलों का हार उन्हें दे दो ।

पलकें हैं बोझिल जिनकी, उर्मिल रंग उन्हें दे दो ।

जो प्यार के दर से कोसों दूर खड़े हैं,

अरु अरमानों की अर्थी लिए खड़े हैं,

अंधियारे मेरे खाते में, कुल उजियार उन्हें दे दो ।

मैं तो काँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो ।

मेरे गीतों के जैसे तंग हैं जो बेचारे,

जो करते करते दुआ वफ़ा की हारे,

वो रह जाएं ठगे ठगे, कुछ ऐसा प्यार उन्हें दे दो ।

मैं तो काँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो ।

जिनका हर एक दर्द है कविता कवि की,

जिनकी हैहर हार सफलता जग की ,

ढोलक चिमटा डमरू वीणा और खरताल उन्हें दे दो ।

मैं तोकाँटों का आदी हूँ, फूलों का हार उन्हें दे दो ।

******

(12. 05. 1979 को आकाश वाणी दिल्ली से “कवि के मुख से” नामक कार्यक्रम में प्रसारित)

यूँ ना बैठे हाथ मलो

यूँ ना बैठे हाथ मलो,

काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।

सूरज तो सूरज है यारा,

आज नहीं तो कल निकलेगा।

जीवन माना बर्फ सरीखा,

आज नहीं तो कल पिघलेगा।

काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।

मुझको तो अनुबंधी युग में,

सम्बंधों को जीना है।

छोड़के तेरा-मेरा सचमुच,

ज़हर प्रेम का पीना है।

काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।

तू क्या जाने कल की खातिर,

खून को किया पसीना है।

हर पल खोया ही खोया है,

हक हमको मिला कभी-ना है।

काँ टों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।

यूँ ना बैठे हाथ मलो।

नए दौर में भूल गए हम,

मानवता का मूल तलक।

प्रेम-प्रीत की पगडंडी पर,

बिछा सके तो बिछा पलक।

काँटों पर चलने का दम है, तो तुम मेरे साथ चलो।


मैं ये तो नहीं जानता कि “टूट गया भ्रम सम्बन्धों का” में प्रकाशित गीत पाठकों को कितना रिझा पाएंगे किंतु गीत-संगीत हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा जरूर है। इससे मुकरना बहुत कठिन कार्य ही नहीं, अपितु अव्यावहारिक भी है। मैं आशा करता हूँ कि जीवन की कठिन परिस्थितियों से इतर हम कुछ समय यदि गी-संगीत को समर्पित करें तो यह आशा की जा सकती है कि हमारे हिस्से में में भी कुछ जीवन शेष है।


2.2.1.10: चलते – चलते (ग़जल संग्रह) 2020

कोई भी रचनाकार समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के परे होकर कोई रचना नहीं कर सकता। यह संभव ही नहीं लगता, क्योंकि वह जैसा देखता, भोगता है, उसके भीतर और बाहर के घात-प्रतिघात और उनसे उबरने के लिए संघर्ष आदि की छाया रचनाकार के मन-मस्तिष्क पर सदैव छाई रहती है। कहना न होगा कि किसी भी रचनाकार को संघर्षशीलता, जुझारुपन, संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों के प्रति चेतना और दिशाबोध, समय, समाज और परिवेश/ परिस्थिति के भीतर-बाहर के घात-प्रतिघातों से ही मिलते हैं। कविता हो या गजल या फिर कोई भी काव्य रचना, कविता की शर्तों पर नहीं, अपितु जीवन और समाज की परिस्थितियों की शर्तों पर ही रची जाती है। ठीक यही तर्क ग़ज़ल पर भी लागू होता है। अब ग़ज़ल भी शब्दों और परंपरागत शर्तों की दासी नहीं रह गई है। यह भी नए-नए रूप बदलने लगी है। आम-आदमी के इतनी करीब आ गई है कि जिन्दगी जीने की भयावहता और सहजता का अंतर भी अब इसे समझ में आने लगा है। यह कहना अतिश्योक्ति न होगा क्योंकि शायरी में कभी-कभी जिन्दगी और मौत, या यूँ कहें कि मौन और खामोशी एक-दूसरे में ऐसे उलझकर रह जाते हैं कि दोनों की बीच का अंतर ना के बराबर रह जाता है

काट सके तो हीरा काट,

नजरों से अंधियारा काट।

जिस घर में चंदा बंदी है,

उस घर का दरवाजा काट।

जिस्म मिरा सूखी लक‌ड़ी है,

जितना चाहे उतना काट।

खाँसी बहुत पुरानी होली,

मुमकिन है पर इसका काट।

छोड़ ‘तेज’ अब काला धंधा,

कुछ तो उजला-उजला काट।

*****

प्रस्तुत ग़ज़ल-संग्रह में संकलित अधिकांश ग़ज़लें ऐसी है कि जो किसी विशेष समय की परिधि के घेरे में बंधी हुए हैं। अपितु समय -समय पर उत्पन्न समग्र सामाजिक, राजजीतिक, धार्मिक, और भी न जाने कितने विषयों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

ऐसे अनेक ग़ज़लकार हुए हैं जिन्होंने हिंदी ग़ज़ल को अद्भुत साहित्यिक उपलब्धियाँ दी हैं। इन्होंने हिंदी में ग़ज़ल विधा को प्रतिष्ठित किया है। इनके कई शेर साहित्यिक एवं राजनीतिक जमावड़ों में लोकोक्तियों की तरह दुहराए जाते हैं। साहित्यिक गुणवत्ता से समझौता न करते हुए भी इन्होंने लोकप्रियता के नए प्रतिमान कायम किए। नए-नए प्रयोग किए और गज़ल को जामों-मीना के जगत से उठाकर आम आदमी की सामाजिक परिस्थ्ति को ग़ज़ल में ढालने का काम किया।

मैं एक साधारण ग़ज़लकार हूँ किंतु सामजिक विकृतियों के खिलाफ आवाज उठा के लिए प्रतिबद्ध हूँ। मेरी यह प्रतिबद्धता किसी राजनीतिक कला से नहीं है अपितु हाशिये पर ढकेल दिए समाज के प्रति है और मैं जिस आदमी के लिए लिखता हूँ, मैं चाहता हूँ कि वह आदमी मुझें पढ़े और समझे। कहीं कहीं मेरी गजलों में उर्दू के शब्दों का प्रयोग एक संयोग और विषय की मांग के अनुसार किया है। इस हेतु अपने जीवन के आसपासमौजूद के विषय या प्रसंग ही मेरी ग़ज़ल के विषय बन जाते हैं।

मालूम हो कि हिन्दी ग़ज़ल हिन्दी साहित्य की एक नई विधा है। नई विधा इसलिए है, क्योंकि ग़ज़ल मूलतः फारसी की काव्य विधा है। फारसी से यह उर्दू में आई। ग़ज़ल उर्दू भाषा की आत्मा है। ग़ज़ल का अर्थ है प्रेमी-प्रेमिका का वार्तालाप। आरंभ में ग़ज़ल प्रेम की अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम थी, किन्तु समय बीतने के साथ-साथ इसमें बदलाव आया और प्रेम के अतिरिक्त सामाज में व्याप्त विसंगतियांभी ग़ज़ल के विषय बन गए। । आज हिन्दी ग़ज़ल ने समाज की पक्षधर होने में अपनी पहचान बना ली है। हिन्दी ग़ज़ल को शिखर तक पहुंचाने में अनेक समकालीन कवि/ कवियों की सराहनीय रही है। जिन्होंने हिन्दी ग़ज़ल की रचना कर इसे विशेष पहचान दिलाई।

मुझे लग रहा है कि पाठक सोच रहे होंगे कि उपरोक्त दी गई व्याख्या का मेरी प्रस्तुत पुस्तक से क्या लेना-देना है। लेकिंन मेरी दृष्टि में यह इसलिए आवश्यक लगा कि मेरे लेखन को समझने में पाठकों को थोड़ी सी आसानी हो जाए। प्रस्तुत पुस्तक केवल एक पुस्तक न होकर समाज के खोकलेपन का खुलासा है। मनुष्य की दोहरी प्रवृति का एक खुला प्रमाण है। ये रचनाएं आज के सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक अराजक आचारण की देन हैं। मैं यह भी अक्छी तरह समझता हूँ कि मेरी इन रचनाओं को पढ़ने वाले पाठक इन गजलों और मुझपर अनेक प्रकार के प्रश्न तो उठाएंगे ही......कुदृष्टि से भी अनदेखा करेंगे। किंतु यह भी सच कि मेरी इन कविताओं के बहुत से विरोधी कुछ न कुछ सोचने को मजबूर जरूर होंगे। यहाँ यह खुलासा करना भी जरूरी है कि इस पुस्तक में मेरी कुछ ऐसी भी रचनाओं का समावेश है जो आज के समय में प्रासंगिक हैं। वैसे इस पुस्तक में संकलित रचनाएं / गजलें यहाँ-वहाँ पहले ही प्रकाशित हो चुकी हैं। मैं इस पुस्तक के विषय में कुछ और ज्यादा कहना नहीं चाहता। बस! इतना कि मेरी गजलें मेरी शायरी किसी ‘मठ’ की देन नहीं है। । मैंने तो बस अपने मन की बात को पाठकों के सामने ग़ज़ल की विधा में परोस दिया है। 

सांसे लगीं सिसकने, चलते – चलते,

टाँगे लगीं ठिठकने, चलते – चलते,

रफ्ता–रफ्ता बदल रहे शब्दों के मानी,

जीवन की रूह लगी बदलने चलते–चलते।

0000









2.2.2. गद्य-साहित्य

2.2.2.1. शिक्षा, मीडिया और राजनीति

संपादकीय : डा. अश्वनी कुमार ने अपने संपादकीय में लिखा है कि ख्यातिप्राप्त साहित्यकार अज्ञेय जी ने ‘सूरज का सातवां घोड़ा’ उपन्यास की भूमिका में लिखा है– “लेखक को दो चीजों से बचना चाहिए: एक तो भूमिकाएं लिखने से, दूसरे अपने समवर्ती लेखकों के बारे में अपना मत प्रकट करने से।” यहाँ कोई यह न समझे कि मैं दोनों बातों में से एक पर भी अमल नहीं करूँगा बल्कि दोनों बातों को करने की गुस्ताखी कर रहा हूँ। यह व्यक्तव्य मैं इसलिए उल्लिखित कर रहा हूँ कि आदरणीय तेजपाल सिंह ‘तेज’ साहित्य जगत में एक जाना पहचाना नाम है। तेज जी ने अनेक पद्य व गद्य रचनाओं के द्वारा साहित्य जगत को महत्वपूर्ण योगदान दिया हैं। तेज जी से मेरी प्रारंभिक जान-पहचान ‘अपेक्षा’ पत्रिका के प्रवेशांक निकालने के समय किसी बैठक में हुई थी। तेज जी हिन्दी साहित्य जगत में मुख्यत: ग़ज़लकार/कवि के रूप में जाने जाते रहे हैं किंतु उनका गद्य भी समाज के अवहेलित वर्ग से जुड़ी समस्याओं को बखूबी पाठकों के सामने लाता है। मुझे तेज जी का लेखन प्रत्येक दृष्टि से सामाजिक चेतना का साहित्य लगता है। पिछ्ले दिनों उनसे मेरी मुलाकात उनके घर पर ही जब हुई तब वे गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। एक दिन मैं और मेरी पत्नी उनका हालचाल जानने उनके घर गए थे। साहित्य की बात चली तो मुझे उनके गद्य लेखन से रूबरू होने का अवसर मिला। उनके गद्य लेखन में भी उनकी गजलों/ गीतों/ कविताओं जैसा ही तेवर मौजूद पाया। उनकी लेखन शैली और तीक्षणता को देखते हुए मुझे लगा कि क्यों न उनके गद्य लेखन को पुस्तक रूप में आना चाहिए। आपस में इधर-उधर की और कई बातें हुईं। बातों-बातों में तेज जी ने अपने लेखों को मेरे द्वारा संकलित और संपादित करके पुस्तक रूप में प्रस्तुत करने के प्रस्ताव को सहर्ष स्‍वीकार कर लिया। मैं समझता हूँ कि उनके इस उपक्रम से मेरे साहित्यिक रुझान को निश्चित ही और प्रोत्साहन/बल मिलेगा। गद्य-साहित्य के रूप में तेज जी द्वारा मुझे जो सामग्री दी गई, उसका अध्ययन करने पर पाया कि लेखक ने ‘शिक्षा’ के सवाल को प्रमुखता से उठाया है। प्र्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च-शिक्षा का सवाल हो या हिन्दी को राजभाषा बनाने का सवाल या दलितों, पिछड़ों, महिलाओं के उत्थान के नाम पर सरकारी मशीनरी के रवैये पर ईमानदारी से व्यंग्यात्मक रूप में बराबर सवाल उठाएं हैं। हम सभी जानते हैं कि दलितों, महिलाओं, आदिवासियों, पिछड़ों या यूँ कहें की समाज के गरीब और निरीह समाज में शिक्षा का ना होना, उनके पिछड़ेपन का सबसे बड़ा कारण है।

इस पुस्तक का दूसरा भाग वर्तमान ‘मीडिया’ पर केन्द्रित है। लेखक की नजर में भारतीय मीडिया जातिवादी और कार्पोरेट (पूँजीवादी) व्यवस्था को पोषण देने वाला है। मीडिया में केवल तथाकथित उच्च जाति के लोगों को रोजगार दिया जाता है। गैरदलित जाति के लोगों द्वारा संचालित प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया केवल दो प्रमुख राजनीतिक पार्टियों और सवर्ण मानसिकता से ग्रस्त सूचनाओं को बारम्बार प्रेषित/प्रसारित करते रहता है। प्रिंट मीडिया के संपादक तो मानो अखबार पर अपनी विचारधारा को ही देश की विचारधारा मानकर लिखते हैं। आज के प्रिंट और इलेक्ट्रानिक यानी मीडिया के दोनों रूप ही केवल प्रमुख राजनीतिक राष्ट्रीय पार्टियों के अलावा स्वयं टेलीविजन से पैदा एक पार्टी विशेष की खबरों को ही पेश करने में जैसे प्रतियोगियों की तरह भूमिका निभाते हैं।

पुस्तक का तीसरा और अंतिम भाग ‘राजनीति’ पर केन्द्रित है। भारतीय राजनीति सवर्ण जातियों के हाथ का खिलौना बनकर रह गई है। मंडल आयोग के बाद राजनीति में दलितों, पिछड़ों, महिलाओं की उपस्थिति जरूर दर्ज हुई है, परंतु इन पार्टियों को राजनीति के द्वारा जो काम गरीब और निरीह समाज के लिए करना चाहिए था, उस काम में निरंतर कोताही बरती गई है। दोनों ही बड़ी पार्टियाँ दलित समाज को वोट बैंक के रूप में देखती हैं। उससे ज्यादा और कुछ नहीं। उल्लेखनीय है कि तेज जी ने इस काम के लिए केवल गैर-दलितों को ही कठघरे में खड़ा नहीं किया है, बल्कि दलित वर्ग के मौका-परस्त लोगों/नेताओं को भी नहीं बख्शा है। कुल मिलाकर यह पुस्तक वर्तमान को समझने के साथ-साथ अतीत की परतों को भी खोलता है, साथ ही भविष्य की चुनौतियों से लड़ने की ताकत भी प्रदान करती है।

लेखककीय : आलोचना-समालोचना के चलते...... इस पुस्तक के हाथ में आने पर आपके जहन में सहज ही यह सवाल उठ सकता है कि एक ग़ज़लकार कब और कैसे गद्यकार बन गया। यह जानना मस्तिष्क की एक सहज अवस्था है। इस पुस्तक को पढ़कर आप पाएंगे कि मेरी ग़ज़लों/गीतों/कविताओं में उठाए गए प्रश्न ही जैसे इस पुस्तक में संकलित लेखों के प्रश्न हैं। अर्थात समाज के गरीब और निरीह समाज की समस्याओं से जुड़े सवाल। फिर चाहे वो शिक्षा से जुड़े सवाल है या आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अवस्था से जुड़े सवाल या फिर शासन-प्रशासन व मीडिया के द्वारा समाज के बेहतरी के प्रति बरती जा रही अनदेखी के सवाल।    ग़ज़लों/कविताओं के जरिए मुझे ‘वाह क्या बात है’, ‘क्या खूब’, ‘कमाल है’, ‘हकीकत है.....’ आदि-आदि जुमले तो खूब सुनने को मिले किंतु एक सवाल मेरे मन में सदैव बना रहा कि इससे मेरे समाज के हक में आखिर हुआ क्या है या फिर क्या होने वाला है। हाँ! गीत, गजल व कविताएं साहित्यिक धरोहर तो हैं ही। चेतना का स्वर भी है। इनका रचनात्मक स्वरूप निश्चित रूप से भविष्य की कौड़ी है। बस! इसी सोच के चलते मैंने आम आदमी से जुड़ी समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने उठाने के लिए 1994 में “दृष्टिकोण” नामक एक स्वयं सेवी संस्था का गठन किया। जिसके माध्यम से मैंने सर्वप्रथम उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के प्राथमिक स्कूलों की दुर्दशा से जुड़े सवालों को पत्रों और अखबारी मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन के सामने रखने का काम किया। और भी अनेक प्रश्न ......। अलग- अलग विषयों को लेकर सामाजिक/साहित्यिक गोष्ठियों का आयोजन कर ऐसे प्रश्नों पर चर्चा शुरू की। इस दौरान नवभारत टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा और जनसत्ता जैसे राष्ट्रीय अखबारों ने मेरे इस काम में भरपूर मदद की। जितने भी प्रश्न ‘दृष्टिकोण’ के माध्यम से उटाए गए, उनमें से स्थानीय समस्याओं से जुड़े काफी प्रश्न हल भी हुए। ऐसा करने से मुझे अपने कार्य से संतोष तो मिला ही, साथ ही भविष्य के प्रति ऐसा करते रहने की प्रेरणा भी। हाँ! कुछ ऐसे प्रश्न भी रहे जिनका हल होना समय में गर्भ में छिपा होता है यानि कि उनके फौरी हल ढूंढना अथवा पाना तत्काल संभव नहीं होता। ऐसे प्रश्नों को हवा देना केवल भविष्य के प्रति आशावान होना ही कहा जाएवा। खैर! ऐसा करते-करते मेरे पास शिकायती/ प्रतिक्रियात्मक पत्रों/ लेखों/ रपटों का अच्छा-खासा साहित्यिक/ रचनात्मक कबाड़ जमा हो गया। और इस तरह एक ग़ज़लकार पत्रकार/ गद्यकार बन गया। सफर जारी है।

कई बार किसी गद्य अथवा पद्य कृति/रचना को पढ़कर तथा किसी प्राकृतिक व अप्राकृतिक दृश्य को देखकर भी हमारे मन-मस्तिष्क में प्रतिक्रिया स्वरूप कुछ न कुछ विचार अवश्य कुलबुलाता है। इस कुलबुलाहट के चलते आलोचना/ समालोचना का जो विचार उत्पन्न होता है, वह सकारात्मक भी हो सकता है, नकारात्मक भी। यह व्यक्ति विशेष की सोच पर निर्भर होता है। अक्सर कम ही लोगमन-मस्तिष्क में उपजी प्रतिक्रिया को कागज पर उकेर पाते हैं, उनमें से शायद एक मैं भी हूँ। प्रतिक्रियात्मक टिप्पणी किसी लेख के किसी एक अंश को पढ़कर भी जन्म ले सकती है और पूरी रचना/लेख को पढ़कर भी। मेरे प्रतिक्रिया-बोध ने लगभग एकल लेख अथवा खबर को पढ़कर ही जन्म नहीं लिया है, अपितु साकार व निराकार, प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष दोनों ही प्रकार के दृश्य भी मेरे गद्य और पद्य लेखन के विषय रहे हैं। मैं नहीं समझता कि मेरा प्रतिक्रिया-लेखन का क्षेत्र गीत, ग़ज़ल, कहानी या यूँ कहा जाए कि किसी भी साहित्यिक विधा की तरह व्याकरण से बंधा है। प्रतिक्रिया-लेखन का क्षेत्र मुझे बड़ा ही विस्तृत लगता है और कठिन भी। प्रतिक्रिया-लेखन की शैली पत्र-लेखन का हिस्सा भी हो सकती है और आलेख-लेखन का भी। मेरी ग़ज़लों/ गीतों में भी मेरे जहन में उपजी प्रतिक्रियाओं को अक्सर देखा जा सकता है। यहाँ ये छोटे-बड़े लेखों या रिपोर्टस के रूप में प्रस्तुतहैं।

प्रतिक्रिया का जन्म मन से होता है, दिमाग से शायद नहीं। दिमाग तो उसका विस्तार-भर करता है। इस पुस्तक में प्रस्तुत सभी लेख कहीं न कहीं स्थानीय अथवा राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। किंतु यह जरूरी तो नहीं कि ये सभी पाठकों तक पहुँच पाए हों। अत: यहाँ-वहाँ प्रकाशित इन लेखों को पुस्तक रूप में लाने का प्रयास भी मेरे बागी तेवर और दिमागी कुलबुलाहट के चलते पत्रकारिता की एक बानगी है। इस पुस्तक में संकलित लेखों को पढ़तेहुए, कई बार लगेगा कि कुछ बातों की पुनरावृत्ति हो रही है। मैं यह स्पष्ट करना अपना कर्त्तव्य समझता हूँ कि विषय से मेल खाते कुछ लेखों में ऐसा हो जाना एक सहज लेखकीय प्रक्रिया का हिस्सा है, अन्यथा नहीं। और मेरा यह लेखन किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। वर्षों लम्बे सफर में जब-जब भी मन-मस्तिष्क में जैसा भी विचार आया, मैंने उसे कलमबद्ध भर किया है। यह तो कभी सोचा भी न था कि मेरे ये लेख कभी पुस्तक रूप में पाठकों के सामने आ भी सकेंगे। यह सब तो मेरे अनुज डा. अश्वनी कुमार की मेहनत का नतीजा है। इन लेखों को .पुस्तक रूप में लाने का सुझाव देने के साथ-साथ, उन्होंने इन लेखों का सम्पादन करने का भार उठाकर मुझे मेरी रुग्णावस्था की पीड़ा झेल पाने का बल प्रदान किया। भाई ईशकुमार गंगानिया और शीलबोधि ने तो जैसे कमर ही कस रखी है कि वे मेरी कलम को कभी कुन्द नहीं होने देंगे। 


2.2.2.2 राजनीति का समाजशास्‍त्र

जज्बा –ए- जिंदादिली

भूमिका: वरिष्ट साहित्यकार ईश कुमार गंगानिया जी का मत है कि आज हम ऐसे अजीब दौर से गुजर रहे हैं। यह दौर अवसरवादियों का है, चापलूसों का है और जाहिर है कि यह बिकाऊ संस्‍कृति के पोषकों का भी सुनहरा दौर है। इस दौर में सत्‍तासीन राजनीतिक दलों को कोई खास मशक्‍कत भी नही पड़ती। बिकने वाला खुद अपने पर बिकाऊ होने का टैग लगाकर मंडी पहुंच जाता है और बड़े आराम से पालतू होने का रुतबा हासिल कर लेता है। इस पालतू बनने की होड़ में मीडिया, राजनेता, साहित्‍यकार और अन्‍य खासोआम पीछे नहीं रहना चाहता। यहां मानवीय मूल्‍य, नैतिक मूल्‍य और खुद्दारी जैसे सार्वभौमिक इंसानी मूल्‍यों का अकाल-सा पड़ता जा रहा है या यूं कहें कि ये विलुप्तिकरण की ओर अग्रसर हैं। देशभक्ति और देशद्रोह की परिभाषाएं सब बदल गई हैं। ऐसे अराजक माहौल में तेजपाल सिंह ‘तेज’ जैसे ज़ि‍दादिल इंसान अपने ज़ज़्बात पर काबू नहीं रख पाते और बिना की अंजाम की पर परवाह किए रोज कोई न कोई मोर्चा खोले ही रहते हैं किसी न किसी ‘मैदान ए जंग’ में।

मूल रूप से तेजपाल सिंह ‘तेज’ ग़ज़लकार हैं वे सामन्‍यत: ग़ज़लें ही लिखते रहे हैं। लेकिन कब यह ग़ज़लकार पद्य की दुनिया से निकलकर गद्य की दुनिया में प्रवेश कर गया पता ही नहीं चला। कहने की जरूरत नहीं कि उनका ग़ज़ल-संसार भी समाज, राजनीति व इंसानियत के पतन की गंदगी को साफ करने के लिए सर्जिकल स्‍ट्राईक करता रहा है और उनका गद्य-संसार भी यही काम कर रहा है। जहां तक मैं समझ पाया हूं उनका पद्य से गद्य की ओर प्रस्‍थान इस लिए हुआ कि उनकी ग़ज़लों की प्रतीकात्‍मकता मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप ठीक से प्रहार करने व उनका ठीक से पोस्‍टमार्टम करने में मदद नहीं कर पा रही थी। संभवत: इसलिए उन्‍होंने गद्य की ओर प्रस्‍थान किया। ऐसा नहीं है कि वे ग़ज़ल की दुनिया को अलविदा कह चुके है, यह खुराफात भी पूरी शिद्दत के साथ जिंदा है।

तेजपाल सिंह के विषय में यदि यह न बताया जाए कि वे किन-किन समस्‍याओं दो-चार होते हुए अपने पैशन को अंजाम दे रहे हैं तो यह उनके प्रति ना-इंसाफी होगी। दरअसल तेजपाल सिंह जी सत्‍तर का दशक पार करने वाले हैं। शुगर, बल्डपैशर, हड्डियों की लाईलाज बीमारियों के साथ-साथ बुढ़ापा जो अपने आपमें एक मुकम्‍मल और परमानैंट बीमारी है, से जूझ रहे हैं। 

लेकिन उनकी जिंदादिली उन्‍हें बुढ़ापे के साथ उठने-बैठने ही नहीं देती और दौड़ाए रहती है...दिनभर। जहां तक रात का सवाल है, वह भी उनकी अपनी कहां रही है। रात में भी चहलकदमी बनी ही रहती है नेताओं की बयानबाजी की, लिंचिंग के ठे‍केदारों...गुंडे मवालियों की और कभी न खत्‍म होने वाली घर-परिवार की जिम्‍मेदारियां भी खूब साथ निभाती हैं जनाब का। मौजूदा पुस्‍तक का अन्‍य दर्जनभर से भी अधिक पुस्‍तकों की फहरिश्‍त में शामिल होना इनके ‘ज़ज्‍़बात ए ज़ि‍दादिली’ का ही परिणाम है।

तेजपाल सिंह ने अपनी पुस्‍तक ‘राजनीति का समाजशास्‍त्र’ के माध्‍यम से राजनीति और इसके कारण समाज में फैल रही फैल रही या फैलाई जा रही अराजकता का अलग-अलग प्रकार विश्‍लेषण ही नहीं किया है बल्कि इस पर कठोरता से प्रहार भी किया है। तेजपाल सिंह उस राजनीतिक जमात को आड़े हाथों लेते हैं जो बाबा साहब डा. अम्‍बेडकर के मानमर्दन के लिए लिखी गई पुस्‍तक ‘वर्शिपिंग ऑफ फाल्‍स गोड’ के लेखक को मंत्रालय देकर महिमामंडित करते हैं। लेकिन आज उसी राजनीतिक जमात के पैरोकार और उनका तथाकथित माई बाप आर एस एस जैसा संगठन भी यू-टर्न लेकर उनकी शान में कसीदे काढ़ने का कोई मौका नहीं गवांता। तेजपाल सिंह अपने आलेखों में राजनीति को दलितों के वोट बैंक पर डाका डालने वाले, जनता को गुमराह करने और राजनीति के इस कुटिल तर्कशास्‍त्र को जबरदस्‍त तरीके से एक्‍सपोज करते हैं। इतना ही नहीं वे डा. अम्‍बेडकर के राष्‍ट्रवादी होने के मुद्दे को जोरदार अंदाज में उठाते हैं। इस सबके पीछे उनकी मंशा दलित समाज और दलित समाज के बुद्धिजीवियों को ऐसे षडयंत्रों से आगाह करते हैं और मुखोटा संस्‍कृति को बेनकाब करने की निरंतर जद्दोजहद करते हैं।

‘जाति’ भारत का ऐसा कोढ़ कि यदि आप अपने नाक, आंख व कान कितनी भी जोर से क्‍यूं न बंद कर लें और अपने आपको कितने ही आधुनिक व जबरदस्‍त सेनेटाईज़र की मदद से कितना ही फुल-प्रूफ कवच क्‍यूं न बना लें लेकिन जाति की छूत जातिवादी समाज के दिलो-दिमाग से क्षणभर में इधर से उधर होती ही रहती है। परिणामस्‍वरूप, यह आर्थिक, सामाजिक, बौद्धिक व राजनीतिक जगत ‘जाति के कोढ़’ से अछूता नहीं रह पाता। तेजपाल अपने आलेखों के द्वारा बड़े साहस से बताते हैं कि किस प्रकार देश के प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री ही क्‍यूं देश के सर्वोच्‍च पद यानी राष्‍ट्रपति पद के उम्‍मीदवार के चयन के मामले भी कितने घिनौने अंदाज में ‘जाति’ का कार्ड खेला गया। चयन ही क्‍यूं निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया में भी ‘जाति’ का भूत निरंतर दलित समुदाय और देश की अस्मिता को कैसे निरंतर तार-तार करता रहा। इतना ही नहीं, तेजपाल सिंह ऐसी घटिया कारनामों के पीछे की मानसिकता के सच को भी अपने आलेख में जगजाहिर करने से नहीं चूकते। यह उनकी बेबाकी, अदम्‍य साहस और लेखन के प्रति ईमानदारी का जीता जागता ठोस प्रमाण है।

नोट बंदी और उत्तर प्रदेश के 2017 के चुनाव को लेकर विभिन्‍न राजनीतिक दलों ने जिस प्रकार का नंगा नाच किया है और लोकतांत्रिक मूल्‍यों के साथ किस प्रकार सामूहिक बलात्‍कार किया है, उस पर भी तेजपाल सिंह की पैनी नजर लगातार बनी रही है। उन्‍होंने अपने निबंधों के द्वारा इन सब मामलों की जो तस्‍वीर अपनी लेखनी से प्रस्‍तुत की है, वह काबिल ए तारीफ है। जब मुख्‍यधारा का प्रिंट और इलैट्रानिक मीडिया सत्तासीन पाटियों के पक्ष में अपने नमक का हद अदा कर रहा था तब अनेक स्‍वतंत्र (जो बिकाऊ व चापलूस संस्‍कृति का हिस्‍सा नहीं बने) जिनमें से एक तेजपाल सिंह भी एक रहे हैं, ने ईमानदार पत्रकारिता के खतरों से दो-चार होते हुए भी अपनी लेखनी की पैनी धार बराबर बरकरार रखी और खासोआम को आईना दिखाने में कोई कोरकसर बाकि नहीं छोड़ी। इस अदम्‍य साहस के लिए तेजपाल सिंह निस्‍संदेह साधुवाद के पात्र हैं।

तेजपाल सिंह के निशाने पर हर वह मुद्दा रहा जो किसी समुदाय विशेष, जाति विशेष, धर्म विशेष के मामलों में अनावश्‍यक घुसपैठ करने का दुस्‍साहस करता रहा है। वे अपने आपको ऐसे किसी भी ज्‍वलंत मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दिए बगैर अपने आपको रोक नहीं पाते हैं। अपनी निरंतर प्रतिक्रिया देते रहने के चलते उन्‍हें ऐसा भ्रम भी होता है कि कहीं वे रिएक्‍शनरी यानी प्रतिक्रियावादी तो नहीं हो रहे हैं। वे इसके लिए आत्‍ममंथन भी करते हैं। यह एक जिम्‍मेदार लेखक का धर्म है। यदि उनके कार्यकलापों पर गौर करें तो वे निरे प्रतिक्रियावादी नहीं हैं। कारण साफ है कि उनकी प्रतिक्रिया सकारात्‍मक है, रचनात्‍मक है और बेहतर समाज निर्माण की भावना से ओतप्रोत है। यह बेहतर समाज का निर्माण की अवधारणा मानव कल्‍याण की दिशा में उठाया गया कदम है। मुझे लगता है कि तेजपाल सिंह को अपनी ऐसी सकारात्‍मक व रचनात्‍मक प्रतिक्रियाओं को निरंतर किसी न किसी रूप में देते रहना चाहिए। उनके प्रतिक्रिया के परिणामस्‍वरूप अस्तित्‍व में आए सभी लेख उनकी लेखकीय जिम्‍मेदारी और ईमानदारी के परिचायक है। इसलिए मुझे लगता है कि उन्‍हें इस मामले में पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं है।

वैसे ऐसा लगता नहीं है कि तेजपाल सिंह आत्‍ममंथन की प्रक्रिया में कहीं विचलित हुए हैं। यदि ऐसा हुआ होता तो उनकी कलम इतनी बेबकी से कभी नहीं चलती। चाहे मुद्दा लव जिहाद का हो, गोरक्षा का हो, राम मंदिर निर्माण का हो, हिन्‍दुत्‍व का हो, राष्‍ट्रप्रेम का हो या किसी हिन्‍दू-मुसलमान का हो, हर विषय पर उनकी कलम हमेशा पूरी ईमानदारी व जिम्‍मेदारी से जमकर चली है और चल रही है। स्‍पष्‍ट है कि आत्‍ममंथन की कसौटी पर भी वे खरे ही उतरे हैं। मौजूदा पुस्‍तक में तेजपाल सिंह के चौबिस निबंध शामिल है। इन निबंधों के शीर्षक और इनकी विषय वस्‍तु बताते हैं कि तेजपाल सिंह का वैचारिक कैनवास कितना व्‍यापक, कितना वैविध्‍यपूर्ण और कितने शूक्ष्म विश्‍लेषण पर आधारित है।

गौरतलब यह भी है कि उनका प्रत्‍येक निबंध किसी न किसी अखबार, पत्रिका, वैब-पोर्टल पर कम से कम एक बार अवश्‍य प्रकाशित हुआ है। यह प्रमाणित करता है कि उनके लेखन में दम है। कहना जरूरी है कि यह दम ऐसे ही किसी निजी संबंधों पर आधारित नहीं है। यदि ऐसा होता तो इन निबंधों में वह बेबाकी व साहस नहीं होता जो मौजूदा शुरु से आखिर तक मौजूद है। मैं आने 8-10 के निजी व लेखकीय संबंधों के आधार पर इतना दावे से कह सकता हूं कि तेजपाल सिंह किसी व्‍यक्ति, संस्‍था व राजनीति के पैरोकारों से डिक्‍टेट होकर नहीं लिखते हैं। 

यह उनका मूल लेखन है और उनके अंतर्मन की आवाज है जो बेबाब है, निर्भीक है, नि:स्‍वार्थ है और समसामयिक की कसौटी पर खरी उतरती है। मैं इस आवाज के और अधिक मुखर और बहुआयामी होने की कामना करता हूं। मैं तेजपाल सिंह इस विचारोत्‍तेजक पुस्‍तक के लिए ह्रदय से साधुवाद देता हूं। उम्‍मीद करता हूं कि यह पुस्‍तक पाठकों के मन-मस्तिष्‍क में जगह बनाएगी। विभिन्‍न विषयों पर लिखे गए और एक साथ संग्रहित ये निबंध निस्‍संदेह पाठक वर्ग में एक नई ऊर्जा के संचार में सहायक होंगे। अंत में मेरी ओर तेजपाल सिंह को शायरी की टांग तोड़ने वाली टूटी-फूटी दो लाईनें और...।

खेलते जा खतरों से यूं ही, ऐ जान-ए-जिगर।

आएगी इक दिन जरूर, अरमानों की सुबह ।। 0000


लेखकीय : साहित्य, समाज और राजनीति के इर्द-गिर्द

 न जाने नित्य-प्रति कितनी ही घरेलू और देश की विभिन्न समस्‍याओं से रुबरू होना पड़ता है। समय बदलने के साथ-साथ रह-रह कर चिंतन-मनन की प्रश्नावली लम्बी होती चली जाती है। किंतु कभी उलझती, कभी सुलझती सामाजिक, धार्मिक और राजनितिक परिस्थितियों के चलते बहुत से मूल्‍यवान निष्‍कर्ष जब कागज पर नहीं लिखे जा पाते हैं, तो जैसे उनकी अकालिक मृत्‍यु हो जाती है। और जो चीजें कागज पर उतर पाती हैं वो अक्सर प्रतिक्रियात्मक ही होती हैं, ऐसा मेरा विश्वास है। कारण है कि क्रियात्मक शक्तियों को तो प्रतिक्रिया करने की कोई आवश्यकता होती ही नहीं। क्योंकि समाज का जो वर्चस्वशाली और कुलीन हिस्सा होता है, वह तो ज्ञान का प्रयोग केवल और केवल अपना वर्चस्व बनाए रखने अथवा बढ़ाने के लिए करता है। इसके उलट समाज का गरीब और निरीह तबके द्वारा ज्ञान अर्जित करने की मंशा, वर्चस्वशाली वर्ग के द्वारा किए जा रहे अत्याचारों और भेदभाव से आजाद होने की होती है।

1914 में केन्द्र में भाजपा की सरकार आने के बाद तो सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक स्थिति और भी अराजक हो गई है। भाजपा द्वारा किए तमाम वायदों को पूरा करने में नामकामयाबी को ढकने के लिए अनेक प्रकार के अप्रासंगिक मसले उछाले जाते रहे हैं। लव जिहाद, गोरक्षा, राम मन्दिर, हिंदुत्व, राष्ट्रप्रेम और न जाने कितने ही ऐसे मुद्दों की आड़ मे दलित और मुसलमानों के बीच में अलगाव पैदा करने की कवायद के चलते इनके साथ मारपीट और शारीरिक यातना के मामले आज शिखर पर हैं। ऐसे में प्रतिक्रियात्मक साहित्य का लिखा जाना वाजिब सा मनोविज्ञान है। मैं भी इस सोच से होकर गुजरा हूँ।

लम्बे समय से लेखन और चिंतन-मनन की प्रक्रिया से जुडा रहने के साथ-साथ, आज भी विचारों का प्रभाव समसमायिक घटनाक्रम में दखल के लिए मन को बेचैन करता रहता है। मैं इस दखल को यदि इन आलेखों में कायम रख सका हूँ, तो शायद मेरे लिए यही इस पुस्‍तक की उपयोगिता सिद्ध होगी। लेखक और पाठक की उपयोगिकता में अंतर होना भी स्वाभाविक है। क्योंकि लेखक और पाठक का अपना-अपना अलग परिवेश और सोच होती है। यदि पाठक मेरे और अपने जीवन-अनुभवों की आधारभूत-घटनाओं से होकर गुजरेंगे तो समकालीन हालातों की परख कर पाएंगे। यही सोचकर सीधा और सरल संवाद अपने समय के पाठकों से बना रहा हूँ।  

प्रस्तुत आलेखों को लिखते वक्‍त या लिखने से पहले न तो मुझे किसी भूमिका बनाने की आवश्‍यकता महसूस हुई और न संदर्भों की ही कोई खास जरूरत महसूस हुई। जो कुछ भाव प्रतिक्रिया के रूप में मेरे दिलो-दिमाग में आए मैंने उन्‍हें ही अपने आलेखों में ज्‍यों का त्‍यों परोस दिया। वैसे भी मुझे आमतौर पर आलेखों को लिखने का जो ट्रेंड होता है, मुझे उसका अनुसरण करने की जरूररत ही महसूस नहीं हुई। इसलिए कहना जरूरी है कि ऐसे प्रतिक्रियात्‍मक आलेखों में ठोस रचना-नियमों और तत्वों का निर्देशों का प्रतिपादन परिलक्षित होना अनिवार्य नहीं है, ऐसी मेरी मान्यता है। पत्रकारिता से जुड़े आलेख के नियम लेखक द्वारा ही अपनी सोच के आधार पर निर्धारित होते चले जाते हैं, क्योंकि ये लेखक की अपने मन व वैचारिक प्रतिबद्धता की बात होती है। आलेख/निबंध का रूप साहित्य की अन्य विधाओं की अपेक्षा इतना स्वतंत्र है कि उसकी सटीक और निर्धारित परिभाषा करना अत्यंत कठिन है। शेष पाठकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा कि मैं कितना ठीक हूँ और कितना नहीं।

हाँ! मैं कहना चाहूँगा कि यह पुस्तक भी पूर्व प्रकाशित पुस्तकों “शिक्षा, मीडिया और राजनीति” और “दलित साहित्य और राजनीति के सरोकार” की तरह ही किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। समय के साथ-साथ जिस-जिस विषय को लेकर आलोचना-समालोचना के चलते जब-जब भी मन प्रतिक्रिया करने के लिए विचलित हुआ, वही प्रस्तुत रचना का आधार है। प्राय: 20115-17 के बीच प्रकाशित आलेख ही इस पुस्तक में संग्रहित है। बिना किसी संकोच और भय के, मैंने अपने जीवन-अनुभवों को प्रस्तुत आलेखों में पेश किया है।

समाज, साहित्य और राजनीति की वर्तमान स्थिति पर केन्द्रित मेरे इन आलेखों को पुस्तक रूप में लाने में मुझे कुछ संकोच भी रहा है। क्योंकि मैंने इन्हें लिखते समय इनके पुस्तक रूप में संयोजन तक का कभी सोचा तक भी नहीं था। क्योंकि समसायिक लेखों के लिखने में विचारों के पुनरावृत्ति के दोष से बच पाना कतिपय संभव नहीं होता। एक बात और कि मैंने इन आलेखों को विषय के आधार पर प्रस्तुत न करके इनके प्रकाशन की तिथि के क्रमके अनुसार ही प्रस्तुत किया है।  

पाठकों से मेरा यह अनुग्रह है कि यहाँ प्रस्तुत आलेखों को केवल और केवल सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता और राजनितिक निष्पक्षता बनाए रखने की भावना को केन्द्र में रखकर देखा जाए। हाँ! यह तब ही संभव है कि जब पाठक इन लेखों का बिना किसी दुराग्रह और पूर्वाग्रह के साथ पठन-पाठन करेंगे। इसी आत्मीयता और विश्वास के साथ..... 

                          

 

 

 

 

 

 

 

2.2.2.4 मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र

भूमिका : ख्यात कवि, कहानीकार व स्मालोचक/ आलोचक - ईश कुमार गंगानियालिखते है कि टी. पी. सिंह मूल रूप से ग़ज़लकार हैं, कवि हैं और बाल-गीत लिखने वाले कोमल हृदय व्‍यक्तित्‍व के धनी हैं। लेकिन ऐसा भी नहीं है कि उनके ग़ज़ल व काव्‍य संसार में सिर्फ प्‍यार-मुहब्‍बत का ही बोलबाला है।... संघर्ष और निरंकुश समाज के प्रति अर्थात उनके साहित्यिक संसार में व्‍यवस्‍था के विरुद्ध तेवरों की भी कोई कमी नहीं है। लेकिन मेरे लिए विचारणीय बिंदू यह है कि तीन-चार सालों में ऐसा क्‍या हो गया कि तेजपाल सिंह ‘तेज’ को अपनी 65 वर्ष से भी अधिक आयु के चलते अपनी पद्य की उर्वरा जमीन को छोड़कर गद्य में आना पड़ा। मौजूदा पुस्‍तक में संकलित आलेखों को पढ़ते हुए, मैं इस निष्‍कर्ष पर पहुंचा हूं कि जो कुछ वह अपने आलेखों के माध्‍यम से कह पा रहे हैं, वह संभवत: पद्य की प्रतीकात्‍मकता के चलते संभव नहीं हो पाता। इन आलेखों से गुजरते हुए, ऐसा प्रतीत होता है कि वे मौजूदा व्‍यवस्‍था में ऐसा कुछ देख रहे हैं जिसके लिए संवाद जरूरी है। इसका विरोध/ असहमति जरूरी है। शासन और प्रशासन की समाज विरोधी गतिविधियों में परिवर्तन जरूरी है क्‍योंकि लोकतंत्र व लोकतांत्रिक मूल्‍यों के लिए यह नितांत आवश्‍यक है।

मौजूदा पुस्‍तक में वे अन्‍ना हजारे को आरक्षण के मामले में कठघरे में खड़ा करते हैं और व्‍यंग्‍य करते हैं कि अन्‍ना हजारे का जब लोकपाल बम फुस्‍स हो गया तो अनुसूचित/अनुसूचित जनजातियों को प्रदत्त संवैधानिक आरक्षण के विरोध पर उतर आए। यह साफ बताता है कि हर मामले में ठींकरा कमजोर के सिर ही फूटता है। यही नहीं, लेखक दलित तुष्टिकरण के मामले को बेनकाब करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री तक की क्लास लेते हुए करारा प्रहार करते हैं कि किस प्रकार सत्ता के लालची दलित महानायकों को अपना बनाने की कोशिश करते हैं और जनता को गुमराह करते हैं। सत्ता द्वारा ऐसा ही तथागत बुद्ध के बारे, रैदास के बारे में, कबीर के बारे में और अब डा. अम्‍बेडकर के बारे में षडयंत्र जारी है ताकि इन्‍हें वर्णवाद और जातिवाद के खांचे में फिट किया जा सके। इन्‍हेंहथियाकर अपना और अपनी पार्टी का राजनीतिक हित सुरक्षित किया जा सके।

आज इक्‍कीसवीं सदी में भी इनके कुतर्कों का निरंतर पर्दाफास होने के बावजूद भी सत्ता लोभी राजनेता अपने चारित्रिक ओछेपन से बाज नहीं आते हैं। यद्यपि दलित बुद्धिज्‍म के अनुयायी होने के नाते इनसे काफी दूरी बनाए हुए हैं और पुराहिति संस्‍कृति का जमकर विरोध भी करते हैं। लेकिन एक षडयंत्र के तहत केरल में दलितों को पुरोहित बनाया गया। लेकिन मि. सिंह ने इनके षडयंत्रकारी मनसूबों को जगजाहिर करते हुए बताया है कि कैसे इन्‍होंने इस दलित पुरोहित को ऐसी जगह का पुजारी बनाया है जहां आर्थिक आमदनी कम है। जहां अधिक लोग इस्‍लाम में या इसाईयत में धर्मां‍तरित हैं या बुद्धिज्म के अनुयायी हैं। इनकी मंशा साफ हैं कि इन प्रगतिशील दलितों को फिर से हिन्‍दूवाद के विवेकहीन खूंटे से बांधा जा सके और हिन्‍दूवाद का अंध-भक्‍त बनाए रखकर इनका इस्‍तेमाल अपने हित साधने के लिए किया जा सके।

आज व्‍यापक तौर पूरे देश में यह तस्‍वीर बनी है कि मीडिया डरा हुआ है या बिका हुआ है और सत्ता के विरुद्ध बोलना उसके लिए खतरे से खाली नहीं है। लेकिन लेखक है कि बेबाक अंदाज में संविधान समीक्षा या संविधान के साथ छेड़छाड़ की मंशा को लेकर, चुनावों के एक साथ कराए जाने को लेकर या मेक इन इंडिया के बहाने पकौड़े तलने जैसे मामलों को जस्‍टीफाई करने वालों पर जमकर कलम चलाता हैं और उनकी खुलकर अच्‍छी खबर लेता हैं। लेखक बेहद निर्भीक अंदाज में संवाद ही नहीं करता बल्कि खुलकर सवालभी खड़ा करता है। इनके साहस के दायरे से अदालत भी अछूते नहीं रहते। ये मद्रास हाईकोर्ट के फैसले तक पर अपनी स्‍वतंत्र टिप्‍पणी ही नहीं करते, पूरा पोस्‍टमार्टम कर डालते है।

आजकल दलित नेताओं पर भाजपा व अन्‍य पार्टियों के हाथों बिकने के अनेक आरोप व उदाहरण हमारे बीच मौजूद हैं। लेखक ऐसी बिकाऊ संस्‍कृति से बेहद आहत है और किसी भी दलित नेता के प्रति राजनीतिक विरोधियों की जरा सी भी हमदर्दी या कोई विशेष ट्रीटमैंट भी उनके कान खड़े कर देता है। ऐसे बिकाऊ माहौल में अभी नए-नए राजनीति में आए जिग्‍नेश मेवाणी उनके निशाने पर आ जाते हैं और अस्तित्‍व में आता है ‘जिग्नेश कहीं प्रायोजित दलित नेता तो नहीं...’ जैसा आलेख। अगर आज का दलित ऐसे जागरुक नहीं होगा तो उसकी ऐसी नासमझियों का खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भुगतना ही पड़ेगा। ऐसा करना किसी भी जागरुक व जिम्‍मेदार नागरिक व लेखक मौलिक धर्म होता है और मि. सिंह इस मामले में काफी सचेत नजर आते हैं।

मौजूदा परिस्थितियों में मुसलमानों व दलितों के साथ अमानवीय अत्‍याचार का बाजार काफी गर्म है। वर्तमान में मॉब-लिंचिंग एक बेहद भयंकर महामारी का रूप लेती जा रही है। यहां किसी भी व्‍यक्ति को जो सत्‍ता की नीतियों से इत्तेफाक नहीं रखता, वह देशद्रोही करार दे दिया जाता है। सता पक्ष के चहेतों द्वारा उसे पाकिस्‍तान भेजने के तानाशाही फरमान जारी कर दिए जाते हैं। उस पर उल्‍टे-सीधे आरोप चस्‍पा कर दिया जाना व उसके पूरे परिवार को ट्रोल्‍ करना आज की सत्ता की देशभक्ति हो गई है। ऐसे में एक सीनियर सिटीजन द्वारा देशभक्ति के नाम पर गुंडई पर इतनी दबंगई से आवाज उठाना बड़ी बात है। यह जज्‍बा तेजपाल सिंह को एक जिम्‍मेदार नागरिक ही नहीं, एक संवेदनशील लोकतंत्र के सशक्‍त प्रहरी की श्रेणी में लाकर खड़ा करता है। मुझे यह जज्‍बा एक सीमा पर तैनात सिपाही की देशभक्ति से किसी भी तरह कमतर नहीं लगता।

यद्यपि ये सभी आलेख फारवर्ड प्रेस, दलित दस्‍तक, साझा मकसद, स्‍वराज खबर, पड़ताल वैब-पोर्टल आदि किसी न किसी समाचार पत्र/वेब पोर्टल में प्रकाशित हो चुके हैं, तथापि इनकी विषयवस्‍तु, लेखक की भाषा शैली जिसमें व्‍यंग्‍य व प्रहार बेहद उल्‍लेखनीय है, ने पाठक वे बड़े वर्ग का प्रभावित किया है। लेकिन इनका एक साथ किसी पुस्‍तक में आना यकीनन तेजपाल सिंह ‘तेज’ की सोच की एक मुकम्‍मल तस्‍वीर प्रस्‍तुत करता है। यह लेखक को समझने में मदद करती है और मेरा मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों के मूल्‍यांकन में भी काफी सार्थक सिद्ध होगी। मौजूदा परिस्थितियों के मूल्‍यांकन के आधार पर ही व्‍यक्ति समाज व देश के प्रति अपनी जिम्‍मेदारी का निर्वाह कर सकता है। इस मायने में टी. पी. सिंह ‘तेज’ की प्रस्तुत पुस्‍तक बेहद प्रासांगिक व स्‍वागत योग्‍य है। संक्षेप में कहा जाए तो उनकी प्रस्तुत पुस्तक ‘मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र’ शासन-प्रशासन के विरुद्ध एक संघर्षपूर्ण व धारदार स्वर है। मैं इस महत्ती कार्य के लिए साधुवाद देता हूं और उम्‍मीद करता हूं कि पाठको में बीच में यह अपनी अलग पहचान बनाएगी।

लेखकीय : असहमति हमेशा नकारात्मक नहीं होती 

मेरा मत है कि असहमति हमेशा नकारात्मक नहीं होती। इस पुस्तक में प्रस्तुत सभी आलेख वर्ष 2017 के बीच के हैं। यह भी कि इनके गर्भ में मौजूदा राजनीति के आचरणके पीछे की छवि ही परिलक्षितनहीं होती अपितु मौजूदा राजनीति के दौर में लोकतंत्र की धूमिलछवि के दर्शन भी होते दिखाईदेते हैं, ऐसा मेरा विचार है। सभी लेख कहीं न कहीं किसी न किसी पत्र/ पत्रिका/ वेब पोर्टल के जरिए प्रकाशित हो चुके हैं। जिनमें से फार्वड प्रेस, दलित दस्तक, पड़ताल न्यूज, स्वराज खबर, साझा मकसद, विराट स्वरूप, तीसरा पक्ष आदि जैसे प्रमुख प्रकाशक हैं। मैं इन सबका हृदय से आभारी हूँ।

मेरे ये लेख संदर्भ विहीन हों, ऐसा तो नहीं है, किंतु इनमें मेरी अपने मन की बात ज्यादा निहित है। आज के शासन और प्रशासन की पोल खोलते ये आलेख, मैं समझता हूँ कि आज के युग की आवाज होने चाहिए। यह भी कि ये आलेख एक त्वरित प्रतिक्रिया के तहत उपज पाए हैं। किसी पूर्व-नियोजित योजना का परिणाम नहीं हैं। कई मौकों पर एक जैसे मौजू पर टिप्पणियां भी हैं, सो जाहिर है कि विषयगत पुनरावृत्ति से साक्षात्कार भी हो सकता है।

इन आलेखों में शासन-प्रशासन की कार्यविधि व सोच से असहमतियां हैं तो संघर्ष भी। संघर्ष और असहमति के बीच कुछ ज्यादा अंतर नहीं होता किंतु यह भी जरूरी नहीं कि एक असहमति संघर्ष में बदल जाए। जब आप किसी से असहमत हैं तो यह निश्चित है कि आप भी अपनी एक राय रखते हैं। इससे कोई सहमत ही ये भी जरूरी नहीं। मैं समझता हूँ कि असहमति एक बुरी बात नहीं है। इसे एक फीडबैक के रूप में देखा जाना चाहिए। असहमति एक बड़ी लड़ाई के लिए नेतृत्व करने के लिए नहीं, अपितु शासन-प्रशासन को मानव मूल्यों, उसके हितों और गरीब और निरीह समुदायों, समूहों, जातियों और संगठनों के बीच एक समंव्य बिठाने के लिए एक वैचारिक विवाद/प्रयास है।

चलते-चलते ....(2018) भीमा-कोरेगांव हिंसा के मामले में पाँच (5) सामाजिक एक्टिविस्टों की गिरफ्तारी के मामले में भारतीय सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (19.09.2018) को कहा कि किसी भी व्यक्ति की स्वतंत्रता का महज अनुमान के आधार पर गला नहीं घोटा जा सकता। हमारे संस्थान इतने मजबूत होने चाहिएं कि विरोध और असहमति को बर्दास्त कर पाएं।... मैं समझता हूँ कि यहाँ संस्थान का आशय केवल संस्थानों से ही नहीं, केन्द्रीय और राज्य सरकारों से भी है। हमें यह समझने की जरूरत है कि असहमति हमेशा नकारात्मक नहीं होती। ...सरकार/ सरकारों को यह समझने की जरूरत है। पाठकों की प्रक्रियाएं अपेक्षित हैं।

अंत में, मैं अपने दिवंगत मित्र श्याम निर्मम जी के पुत्र पराग जी का...जो आजकल श्याम निर्मम जी द्वारा रोपित प्रकाशन तंत्र को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं, हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ कि उन्होंने तमाम विवशताओं के बाबवजूद मेरी प्रस्तुत पुस्तक के प्रकाशन को प्राथमिकता प्रदान की। और 74 वर्ष का यह व्यक्ति यह उम्मीद भी रखता है कि पराग जी मेरे शेष भविष्य के प्रति भी आज जैसा ही मंतव्य बनाए रखेंगे। पराग प्रकाशन एक ऐसा माध्यम है जो कि व्यावसायिक होते हुए भी नवोदित लेखकों/ कवियों/ आलोचकों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। 


2.2.2.4 लोक से विमुख होता तंत्र

लेखकीय: जनता नासमझ तो नेता भी नासमझ

किताबी शिक्षा प्राप्त करने भर से कोई समझदार नहीं बन जाता। अनेक अशिक्षित अथवा कम पढ़े-लिखे लोग होते हैं जिनकी समझदारी का स्तर तथाकथित बुद्धिजीवियों से कहीं ज्यादा ऊपर होता है। कहना अतिशयोक्ति न होगा कि हमारे देश के प्राय: नेता उच्च शिक्षा प्राप्त हैं किंतु उनमें इतनी समझ नहीं कि देश और देश की जनता के उत्थान के लिए उन्हें क्या करना चाहिए। वो अपना सारा दिमाग केवल और केवल चुनाव जीतने की कवायद में ही लगाते हैं। आज की राजनीति का तो आचरण ही इतना गिर गया है कि सत्ता पक्ष अपनी खामियों को छुपाने के लिए विपक्ष की खामियां गिनाने लगता है।...पक्ष और विपक्ष दोनों का ही भाषाई स्तर तो जैसे रसातल में चला गया है... शिष्टता का तो नाम ही शेष नहीं रहा। उल्लेखनीय है कि जिस देश की जनता नासमझ ही होती है, देश के नेता भी नासमझ होते हैं। नासमझ जनता किसी नासमझ नेता का ही चुनाव करेगी... और अहम पालेगी लोगतंत्र का। वास्तव में जनता हमेशा से ही खैमों में बंटी रही है। जनता यह मानकर अपने निर्णय लेती है कि सब ऐसे ही चलता है और अपनी नैतिक जिम्मेदारी को कुछ नासमझ नेताओं के हाथ में सौंप देती है।

आए दिन की खबरों से रुबरू होने के बाद मुझे तो लगता है कि लोकतंत्र लोक से विमुख होता जा रहा है। कारण ये है कि लोक ही लोकतंत्र की परिभाषा से अनभिज्ञ है। दरअसल भारतीय जनता गुलामी की आदी हो गई है। इस देश की जनता की नासमझी का फायदा इस देश के नेता उठा रहे हैं। प्रस्तुत पुस्तक में समाहित तमाम आलेख यथोक्त सच्चाई को अपने गर्भे में समेटे हुए हैं, ऐसा मैं मानता हूँ। यह भी कि इस सच्चाई को पाठक तभी जानपाएगा, जब कि वहइन आलेखों काबिना किसी राजनीतिक और जातीय चश्में के अध्ययन करेगा। एक बात और स्पष्ट करदूँ कि मेरे प्रस्तुत आलेख किसी शैक्षिक प्रयोगशाला की देन नहीं हैं अपितु समाज में व्याप्त सामाजिक/ राजनीतिक/ धार्मिक और आर्थिक असमानता की देन हैं। यह भी कि मैं किसी भी एक राजनीतिक पार्टी का समर्थक अथवा विरोधी नहीं हूँ। हाँ। सरकार की समाज विरोधी गतिविधियों पर प्रतिक्रिया करके मैंने सरकार को फीडबैक देने का काम ही किया है। अब यदि मेरी इस मानसिकता को कोई नकारात्मक समझता है तो ये उसकी समस्या है, मेरी नहीं। ऐसे लोगों को यह भी जान लेना चाहिए कि प्रतिक्रिया हमेशा नकारात्मक ही नहीं होती।

इस पुस्तक में प्रस्तुत सभी आलेख वर्ष 2017-18 के बीच के हैं। यह भी कि इनके गर्भ में मौजूदा राजनीति के आचरण के पीछे की छवि ही परिलक्षित नहीं होती अपितु मौजूदा राजनीति के दौर में लोकतंत्र की धूमिल छवि के दर्शन भी होते दिखाई देते हैं, ऐसा मेरा विचार है। सभी लेख कहीं न कहीं किसी न किसी पत्र-पत्रिका/ वेब पोर्टल के जरिए प्रकाशित हो चुके हैं। जिनमें से फार्वड प्रेस, दलित दस्तक, पड़ताल न्यूज, स्वराज खबर, साझा मकसद, विराट स्वरूप, तीसरा पक्ष आदि जैसे प्रमुख प्रकाशक हैं। मैं इन सबका हृदय से आभारी हूँ। यहाँ यह भी स्पष्ट कर दूँ कि इस पुस्तक में संकलित आलेख एक त्वरित प्रतिक्रिया के तहत उपज पाए हैं। किसी पूर्व-नियोजित योजना का परिणाम नहीं हैं। कई मौकों पर एक जैसे मौजू पर टिप्पणियां भी हैं, सो विषयगत पुनरावृत्ति से साक्षात्कार भी हो सकता है।


लोक को गुमराह करती राजनीति:

अप्रैल 2018 : 2019 में लोकसभा चुनाव होना अपेक्षित है। समय पर चुनाव होंगे कि नहीं, यह एक बड़ा प्रश्न है। कारण ये है कि भाजपा के पिछ्ले चार वर्ष में सामान्यत: कुछ विकास दिखा ही नहीं है सिवाय इसके कि कभी गाय के नाम पर, कभी लव जिहाद के नाम पर, कभी देशभक्ति के नाम पर दलितों और अल्पसंख्यकों के ऊपर अत्याचार का सर्वांगीण विकास हुआ है। देश और समाज के हित में कुछ किया गया हो, इसका भान तक नहीं होता दिख रहा। अब मोदी जी और उनकी टीम को, कोई माने न माने, पिछ्ले चार सालों में चहूमुखी बट्टा लगा है। मोदी जी के देश और देश के बाहर दिए गए सभी भाषण बेशक चुनावी भाषण कहे जा सकते हैं। दलितों और अल्पसंख्यलकों का निर्बाध उत्पीड़न, बच्चियों के साथ अनवरत बलात्कारों की तो जैसे बाढ़ आ ही गई है।

नवभारत टाइम्स (दैनिक हिंदी) 20.04.2018 में छपी रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी नेताओं के खिलाफ महिलाओं से अपराध के सबसे ज्यादा मामले दर्ज हैं। क्रिमिनल बैकग्राउंड वालों को टिकिट देने में भी बीजेपी अव्वल है। बीजेपी के 12 सासंदों और 45 विधायकों पर महिलाओं के खिलाफ अपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, शिवसेना के 7 और टीएमसी के 6 विधायकों पर महिला अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। जिन 1,580 एमपी-एमएलए के केस की जांच की गई, उनमें 48 ने अपने ऊपर महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित केस होने की बात कबूली। इनमें 45 एमएलए और 3 एमपी हैं। 327 ऐसे उम्मीदवारों को चुनाव में सभी प्रमुख दलों ने टिकट दिया। पिछले 5 वर्षों में बीजेपी ने सबसे ज्यादा 47 ऐसे केस के आरोपियों को टिकट दिया है। महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा ऐसे अपराध के आरोपी नेता हैं। इनकी संख्या 12 है। इसके बाद पश्चिम बंगाल का नंबर है। आंध्र प्रदेश, गुजरात और बिहार के एक-एक एमएलए ने अपने खिलाफ रेप के आरोप की बात मानी है। अन्य राजनीतिक दलों की भी कमोबेश ऐसी ही हालत है।

ऐसे समय में, जब महिलाओं से जुड़े अपराध का मुद्दा पूरे देश में छाया हुआ है और इसके लिए कड़ा कानून बनाने की मांग उठने पर सरकार ने हाल ही में एक अध्यादेश लाकर कानून बनाया है कि 12 वर्ष तक बालिकाओं से साथ बलात्कार के आरोपियों को फांसी की सजा हो सकती है। इस बदलाव से किसी अपराधी को मौत की सजा मिले न मिले किंतु 12 वर्ष से ऊपर की बच्चियों के साथ बलात्कार के मामलों के इजाफा होने का संदेह जरूर है। बेशर्मी की बात तो ये है कि सत्ताशीन भाजपा के नेता ही बलाकारियों के पक्ष में रैलियां निकालने में जुटे हैं और प्रधान सेवक एक नया कानून बनाकर संतोष की सांस ले रहे हैं... कानून का प्रतिपादन हो न हो, इसकी किसी को चिंता नहीं है। कानून तो पहले से ही बहुत बने हुए हैं,,, उनका प्रतिपादन किस हद तक हो पाया है, सरकार ने जायेगा जानने की कवायद ही नहीं की। जब सत्ताशीन दल के नेता ही अपराधियों द्वारा किए गए कुकृत्य के लिए सम्मानित करने पर उतारू हों तो न्याय की अपेक्षा करना, एक भ्रम ही पालना है।

महिला उत्पीड़न के मामलों में शील भंग करने के इरादे से किसी महिला पर हमला, अपहरण या बलात शादी, रेप, घरेलू हिंसा एवं मानव तस्करी के लिए मजबूर करने से संबंधित मामले भी शामिल हैं। चुनाव सुधार की दिशा में काम करने वाली संस्था एडीआर (एसोसिएशन ऑफ डेमाक्रैटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी के सबसे ज्यादा सांसद और विधायकों के खिलाफ इससे जुड़े केस लंबित हैं। वहीं, शिवसेना और टीएमसी दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। एडीआर और नैशनल इलेक्शन वॉच (एनईडब्ल्यू) ने सिफारिश की है कि गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने पर रोक हो। मालूम हो कि वर्तमान में यूपी के बीजेपी एमएलए कुलदीप सिंह सेंगर पर एक नाबालिग लड़की से रेप करने के आरोप में बड़ा सियासी विवाद हो रहा है। सुना है कि सेंगर ने बीजेपी को धमकी दी है कि यदि बीजेपी ने उनकी मदद नहीं की तो वो बीजेपी द्वारा ईवीएम के जरिये की गई हेराफेरी का खुलासा कर देंगे।

अनुसूचित जातियों एवं जनजातियों को उत्पीड़न और भेदभाव से बचाने वाले एस सी-एस टी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों में खुद को दलित हितैषी बताने की जो होड़ मची है। उससे यही स्पष्ट हो रहा है कि सभी राजनीतिक दलों को दलित हितों की चिंता कम, बल्कि आगामी लोकसभा चुनावों के लिए वोट जुटाने की चिंता ज्यादा की जा रही है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि ऐसा करते हुए छलकपट का सहारा लेने से भी नहीं बचा जा रहा है। विडंबना यह भी है कि यह काम राजनीतिक दलों के बड़े नेता भी करने में लगे हुए हैं। सियासतदां महज गलतबयानी ही नहीं, बल्कि देश की जनता को खासकर दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को गुमराह करने वाला काम निरंतर कर रहे हैं। सच तो ये है कि राजनेता स्थितियों को सही तरह समझने के बजाय भ्रम का माहौल बनाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हुए हैं।

यदि दलित आज भी शोषित-वंचित हैं तो उसके लिए राजनीतिक दल ही सबसे अधिक जिम्मेदार और जवाबदेह है। आज बीजेपी दलित हितैषी होने का सबसे ज्यादा दावा कर रही है जबकि मोदी जी की सरकार ने पिछ्ले चार सालों में न जाने कितने दलित विरोधी कार्य किए गए हैं। नौकरियों में दलितों के प्रमोसन पर कैंची चलाने का काम किया गया, भीम सेना के प्रमुख रावण को हाई कोर्ट से जमानत मिल जाने पर भी उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा रासुका के तहत फिर जेल में डाल दिया गया, दो अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट द्वारा एस सी/एस टी एक्ट को निष्क्रिय करने के खिलाफ शांतिपूर्ण आन्दोलन करने वाले दलित युवाओं को जेलों में ठूंस दिया गया (जबकि उपद्रव करने वाले गैरदलित असामाजिक तत्वों की खोज तक न की गई), संविधान को बदलने की कवायद करना आदि आदि सब बीजेपी सरकार के पिछ्ले चार साल का दलितों के हक में किया गया विकास कार्य है। इतना ही नहीं 5 मार्च 2018 को यूजीसी ने आरक्षण के संदर्भ में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को जो सर्कुलर जारी किया है उसके अनुसार अब कॉलेजों को रोस्टर डिपार्टमेंट वाइज बनाना होगा, पहले कॉलेज को एक यूनिट मानकर सिनियरटी के आधार पर 2-7-1997 से 200 पॉइंट पोस्ट बेस रोस्टर बनाया जाता था लेकिन अब सब्जेक्ट्स व डिपार्टमेंट वाइज, इससे यदि किसी छोटे डिपार्टमेंट 2 या 4 पोस्ट होंगी तो एससी, एसटी नहीं आ पाएगा क्योंकि विभाग की स्वीकृत पदों की संख्या 4 ही है इसमें 1 ओबीसी और 3 सामान्य वर्ग को सीटें मिल जाएंगी एससी/एसटी को कोई प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा। इसलिए 5 मार्च के सर्कुलर खिलाफ निरंतर विरोध जारी है किंतु सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

इतने पर भी बीजेपी अपने आप को दलितों की पक्षधर सिद्ध करने में लगी है। इस बारे में मोदी जी अपने लम्बे-लम्बे भाषणों में दलितों के हितों में किए गए कार्यों का ऐसे बखान करते हैं, जैसे उनका कोई सानी नहीं है। यह बात अलग है कि उनके भाषणों में मिथ्या बयानी ज्यादा होती है। भाजपा और कांगेस के शीर्ष नेताओं में दलित बस्तियों में जाकर दलितों के घर खाना खाने का जोरों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।.... यह सब दिखावा किसलिए? केवल वोट हथियाने के लिए। सुना तो ये भी गया है कि ऐसे नेता दलितों के घर में बैठकर खाना तो खाते है किंतु खाना बाहर से मंगाया जाता है। यह काम कांग्रेस भी कर रही है। ऐसे में गैर दलित राजनीतिक दलों के मुंह पर ताला लगा रहा है। किसी ने भी दलितों के हकों की साधना के लिए कोई आवाज नहीं उठाई...उठाते भी कैसे गुलामी की आदत जो पड़ गई है.....। अब केवल एक मार्ग शेष है कि आम जनता कुछ ऐसा करें कि कोई उसके हितों की अनदेखी न कर सके।


2.2.2.5 राजनीति के सामाजिक सरोकार

लेखकीय : भ्रष्टाचार निरंतर बढ़ताही जा रहा है 

           प्रस्तुत पुस्तक में अधिकाधिक 2018-19 के दौरान प्रकाशित मेरे आलोचनात्‍मक लेख ही संकलित है. और जो अन्य हैं वो आज की समय की माँग के हिसाब समाहित हैं। इस संकलन की विषय वस्तु भी पहले वाले चारों संकलनों से मिलती-जुलती ही है. गरीब और निरीह समाज के प्रति सरकार की उपेक्षा का भाव और अमीरों के प्रति स्नेह स्पष्ट रूप से दिखाई देता है. कमाल तो ये है कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सारे के सारे आर्थिक भगोड़े केवल और केवल गुजरात के ही रहे हैं. सरकार यानी मोदी जी उन्हें बा-इज्जत देश में वापिस ला पाते हैं अथवा नहीं, यह अलग बात है किन्तु भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही करने की खाली-पीली आवाज उठाते जरूर रहते हैं. 

           भारत एक लोकतांत्रिक देश है. यहाँ सबको हर तरह की स्वतंत्रता प्राप्त है. लेकिन देश में भ्रष्टाचार का फैलाव दिन-प्रतिदिन कुछ ज्यादा ही बढ़ता जा रहा है. ज्ञात हो कि यह भ्रष्‍टाचार न स्‍वतंत्रता के अधिकार के दुरुपयोग की वजह से है और न ही देश के कानून में कोई खोट या अ‍परिवक्‍वता की वजह से है, भ्रष्टाचार का यह रोग / खोट अपराधियों और अपराधी छवि के नेताओं के आपसी संबंधों के कारण है. विदित हो कि भ्रष्टाचार का सारे का सारा खामियाजा पूरे देश के करदाताओं और जन-साधारण को भुगतना पड़ता है.

           सुना था कि जैसा राजा वैसी प्रजा...लेकिन आज की तारीख में ये विचारधारा सिरे से पलट गई है. गौरतलब है, आजादी से पूर्व एकतंत्र अथवा राजतंत्र की व्यवस्था होती थी और आज लोकतंत्र है यानी लोगों/जनता का तंत्र. लोग अपनी इच्छा से अपना प्रतिनिधि चुनते हैं. जनता के चुने हए प्रतिनिधि संसद और विधान सभाओं में जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं. लोगों को चाहिए कि वे अपने प्रतिनिधियों को उनकी व्‍यक्तिगत शिक्षा, योग्‍यता व ईमानदारी के आधार पर चुनें. परन्तु ऐसा लगता है कि हमारे देश में लोगों को अपने कीमती वोट की अहमियत का एहसास नहीं है. इसलिए लोग अपने वोट को निजी हितों को साधने के लिए यूं ही गाजर-मूली के भाव लुटा देते हैं. सच तो ये है कि आज का मतदाता प्रत्याशी को देख-परखकर नहीं अपितु दल विशेष को मत देता है. फलत: आपराधिक छवि के नेता चुनकर संसद में पहुँत जाते हैं. और विजेता दल के दो-चार लोग ही सत्ता का संचालन करते हैं...बाकी सांसद अपने शीर्ष नेताओं की चापलूसी में केवल मेज थपथपाते नजर आते हैं, जिसके चलते लोकतंत्र में सामाजिक भ्रष्टाचार के फलने-फूलने की वजह से हमारे तथाकथित जन-प्रतिनिधि ही बढ़-चढ़कर भ्रष्टाचार की भूमिका में नजर आते हैं. 

इसे दूसरे शब्‍दों में यदि यह कहा जाए कि जनता खुद भ्रष्‍ट है और अपने चहेते भ्रष्‍ट प्रतिनिधियों को चुनकर स्‍वयं ही भ्रष्‍टाचार को बढ़ावा देती है, तो गलत नहीं होगा. दरअसल जनता में समझदारी के बदले राजनीतिक गुटबन्दी को बढ़ावा मिला है. हम आदमी तो रह ही नहीं गए हैं.... राजनीतिक गुटबन्दी के शिकार हो गए हैं. इसलिए कहा जा सकता है कि दोषी केवल नेता ही नहीं, हम सब भी भ्रष्‍टाचार के लिए बराबर के जिम्मेदार हैं. यदि हम ईमानदार नेताओं को चुनेंगे तो भ्रष्‍टाचार नहीं होगा, ऐसा मेरा मानना है. किंतु हम नेता को नहीं राजनीतिक दल को चुनते हैं, यही देश का दुर्भाग्य है.

           जनता के विकास के नाम पर हमारे नेता करोड़ों रुपया डकार जाते हैं. जाहिर है कि रिश्वतखोरी की गिरफ्त में अब पूरा भारत बुरी तरह फंसा हुआ है. आपको अपना जायज काम कराने के लिए भी किसी मंत्री से लेकर संत्री तक को चढ़ावा चढ़ाना पड़ता है. देश में रिश्वतखोरी मात्र इकलौती समस्या नहीं है. समाज में धर्म, जाति को लेकर जो भ्रांतियां व्याप्त हैं, वो सबसे बड़ी समस्या है, जो देश को दीमक की तरह खाए जा रही हैं. इनके चलते देश की हालत बद से बदतर होती जा रही है. जहां प्राकृतिक अनुशासन ब-दस्‍तूर जारी है. सूरज ब-दस्‍तूर निकलता है...छिपता है. सर्दी, गर्मी, बरसात और बसंत का चक्र अपने आप पूरे अनुशासन के साथ मौसमी परिक्रमा करता है...खेत-खलिहान को जीवन देता है...और इंसानों को जीवन के साथ-साथ सुकून भी देता है. किंतु आदमी के बारे में ऐसे किसी अनुशासन की बात करना अपने आप और औरों को धोखा देना है... यहाँ खेद की बात तो यह है कि प्रत्येक सरकार भ्रष्टाचार समाप्त होने का दावा करते नहीं थकती है...किंतु होता कुछ नहीं. सच तो ये भी है कि दलबदली सबसे बड़ा भ्रष्टाचार है. ...और इस प्रकार राजनेतासंवैधानिक अनुशासन से भी ऊपर हो चले हैं. इसका अर्थ ये हुआ कि राजनेताओं की दबंगई के चलते शासन और अनुशासन की परिभाषाएं बदल गई हैं… प्रशासन शासन का पैरोकार होकर रह गया है न कि लोकतंत्र के हिमायती. इस सबके चलते लगने लगा है कि आज के भारत में केवल अनुशासन से बलात्‍कार करने वाले राजनेता ही फल-फूल रहे हैं, अनुशासन में विश्‍वास रखने वाले राजनेता नहीं. क्या आपको नहीं लगता कि भ्रष्टाचार निरंतर बढ़ता जा ही रहा है।

           मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि प्रस्तुत पुस्तक में संकलित मेरे आलेख यथोक्त के यथार्थ में आलोकित हुए हैं. ज्ञात हो कि मेरे ये आलेख मेरे व्‍यक्तिगत चिंतन-मनन का परिणाम हैं… न किसी के खिलाफ हैं और न ही किसी के पक्ष में. मेरे सभी आलेख केवल और केवल आज की सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और राजनीतिक यर्थाथ का आईना-भर हैं. मेरा निवेदन है कि इन्हें सायास अथवा अनायास, किसी को भी अपनी मान्यताओं के साथ जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. 

कहना जरूरी है कि मेरे ये सभी आलेख दलित दस्तक, फारवर्ड प्रेस, पड़ताल न्यूज, विराट स्वरूप, साझा मकसद व स्वराज खबर, तीसरा पक्ष आदि पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं. उनकोधन्यवाद ज्ञापन करना मेरी नैतिकता की परिधि में आता है. इस पुस्तक के अविलम्ब प्रकाशन के लिए प्रकाशक भी धन्यवाद के पात्र हैं. धन्यवाद उन मित्रों का भी जिन्होंने मुझे मानसिक रुप से बराबर प्रोत्साहित किया है. पुस्तक में संकलित आलेख कितने सार्थक हैं, यह पाठकों को तय करना है.****

वरिष्ठ कवि, कहानीकार, उपन्यासकार व ख्यात समीक्षक-आलोचक- श्री ईश कुमार गंगानिया के मतानुसार, तेजपाल सिंह ‘तेज’ की मौजूदा पुस्‍तक की पांडू‍लिपी मेरे सामने है। मैं इसे पढ़ते हुए एक अजीब-सी कशमकश से गुजर रहा हूं। एक ग़ज़लकार का ग़ज़लों की मनमोहक खूबसूरत महकती दुनिया से विमुख हो जाना, राजनीति के बीहड़ में भटकना और राजनीतिक बाहूबलियों से टक्‍कर लेना मेरी बेचैनी को बढ़ाता है। इस बेचैनी का अर्थ समझने के लिए मुझे जाने माने शायर बशीर बद्र की याद आती है। याद आती है उनके शेर/नज्म... ‘कुछ तो मजबूरियां रही होंगी, यूं कोई बेवफा नहीं होता।’ यहां मामला सिर्फ ग़ज़ल से बेवफाई तक ही नहीं सिमटा है। इसका व्‍यवस्‍था से बगावत का मामला बन जाना और एक शायर के होंसले के ज़ज्‍बे को केन्‍द्र में लाकर खड़ा कर देना निस्‍संदेह विचारणीय बिंदु हो जाता है। यद्यपि इसी ग़ज़ल/नज्म के एक और शेर में बशीर बद्र ‘दिल की बात’ और ‘हौंसले’ के दरमियां के दूरियां की बात करते हैं। इन दूरियों को तय करने की बात के प्रति वे आश्‍वसत नहीं हैं। कहने की जरूरत नहीं कि ‘आज ‘ये दूरियां’ डर के साये में जीने की हकीक़त का ‘आईना’ भी है। लेकिन ‘तेज’ साहब की पुस्‍तक के निबंध बशीर बद्र के इस शेर ‘जी बहुत चाहता है सच बोलें, क्या करें हौसला नहीं होता’, के सच पर अपने बोलने के दृड़ संकल्‍प और उनके हौंसले की मुहर लगाते हैं। उनके हौंसले की यह उड़ान काबिल-ए-गौर है और काबिल-ए-तारीफ भी।

‘तेज’ अपने निबंधों में मौजूदा राजनीति के गिरते स्‍तर और देश की जानीमानी श‍ख्‍सीयतों की शान में गुस्‍ताखी के खिलाफ बराबर आवाज उठाते हैं। मोदी जी को बुद्ध के बरअक्‍श खड़ा कर देना और फिर नवें अवतार के रूप में प्रोजक्‍ट कर देने को वे मानसिक दीवालियेपन के लक्षण के रूप में देखते हैं। प्रश्‍न उठता है कि ऐसा करने से क्‍या मोदी जी बुद्ध बन जाएंगे या विष्‍णु के अवतार भी हो जाएंगे? ऐसा नहीं है। हकीकत यह है कि वे न बुद्ध हो जाते हैं और न ही नवें अवतार ही हो सकते हैं। लेकिन ऐसे कृत्‍यों के नुकसान भयंकर होते हैं। किसी भी व्‍यक्ति को देवताओं की श्रेणी में ले जाने की प्रवृत्ति ने देश को छत्‍तीस करोड़ देवताओं से लाद दिया है। यह इंसान और इंसानियत के मन-मस्तिष्‍क पर ऐसा लबादा है जिसने इंसान की प्रगति को बाधित किया है। इंसान को एक अजीब प्रकार की भूलीभूलैया में भटकने को छोड़ दिया है। मौजूदा राजनीति में इसका प्रयोग लोकतंत्र के माथे पर एक कलंक है। हनुमान का जातियों के स्‍तरीकरण की कीच में घसीटना हमारे जनप्रतिनिधियों की संकीर्णता को दर्शाता है। यह दर्शाता है कि उनके पास देश व समाज के लिए न कोई विज़न है और न ही कुछ कर गुजरने की कोई इच्‍छा शक्ति। यह जनता को गुमराह करने की साजिश के साथ-साथ उसे उसके नागरिक अधिकारों से वंचित करने की रणनीति है। जाहिर है यह जनता की किसी भी व्‍यक्ति के प्रति गुलामी का प्रतीक है। ऐसे ओछे कारनामें किसी भी सभ्‍य समाज व देश लिए कभी भी हितकर नहीं हो सकते। मि. ‘तेज’ इसी गुलामी से मुक्ति की बात करते हैं। नागरिक अधिकारों की वकालत करते हैं। यह उनकी लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति दूरदर्शिता का द्योतक है। इनके पक्ष में आवाज उठाना स्‍वागत योग्‍य कदम है।

सरदार पटेल, जवाहर लाल नेहरु, डा. अम्‍बेडकर, सरदार भक्‍त सिंह, नेताजी सुभाष को सलैक्टिव अंदाज में वर्तमान राजनीति में घसीटना, एक-दूसरे के सामने खड़ा करना और इनके बारे में उल्‍टी-सीधी बयानबाजी व ओछी राजनीति करना है। इन देश के महानायकों के व्‍यक्तित्‍व व इनके योगदान का अपमान है। ऐसे कृत्‍य जनता के‍ दिमाग में जहर घोलने का काम करते हैं, आपसी टकराव का माहौल पैदा करते हैं जो सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और अमनचैन को चुनौती है। पूरे चुनाव के दौरान दंगा-फसाद और खेमेबंदी इस बात के प्रमाण हैं कि राजनीति की कीच किस प्रकार हमारे समाज के तानेबाने को लील रही है। ‘तेज’ के निबंधों में इस बिगड़ते तानेबाने के विरुद्ध जंग बराबर नजर आती है। यह साहस की बात है और स्‍वस्‍थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए शुभ संकेत है।

आजकल देश में नागरिकों का जैसे अकाल जैसा कुछ पड़ गया है। जिन्‍हें देश के जिम्‍मेदार नागरिक होना चाहिए था, वे एक गैर-जिम्‍मेदार भीड़ में तब्‍दील हो गए हैं। वे या तो किसी व्‍यक्ति के भक्‍त हो गए हैं या किसी राजनीतिक पार्टी के या किसी जाति व धर्म के गुलाम। यह गंभीर चिंता की बात है। इसके कर्इ कारण हो सकते हैं मसलन कुछ राजनीतिक दलों ने नागरिकों से उनकी नागरिकता छीनने के लिए पैसे को राजनीति के मैदान-ए-जंग में उतार दिया है। इसके चलते व्‍यक्ति बिकाऊ माल बनकर रह गया है। जो बिक गया है, उसके लिए क्‍या नागरिकता, क्‍या अधिकार, क्‍या लोकतंत्र? दूसरे, जातियों और धर्म को सियासी मोहरों की तरह इस्‍तेमाल करना, जातीय व धार्मिक दंगों के लिए सांप्रदायिक दंगों की जमींन तैयार करना और मॉब-लिंचिग जैसे खून-खराबे को प्रत्‍यक्ष या परोक्ष संरक्षण देना मौजूदा राजनीति के ऐसे कारनामें हैं जिन्‍होंने नागरिकों को दंगाइयों की भी भीड़ में बदल दिया है। ऐसे में ‘तेज’ का जिम्‍मेदार नागरिक बने रहना और नागरिकता के अस्तित्‍व की सलामती के लिए आग के दरिया में डूब के जाना यकीनन बड़े जोखिम का काम है। ‘तेज’ के मौजूदा पुस्‍तक में संकलित निबंध ऐसे जोखिमों की गवाही बड़ी शिद्दत से देते नजर आते हैं।

निबंधकार की समसामयिक घटनक्रम पर शूक्ष्‍म दृष्टि होना एक जिम्मेदार नागरिक होने का लक्षण है। वे जनता के व्‍यापक हितों के प्रति एक सजग प्रहरी की तरह हर मोर्चे पर बदस्‍तूर मौजूद नजर आते हैं। उन्‍हें कुंभ के मेले में 4000 करोड़ जनता की गाढ़ी कमाई की बरबादी नजर आती है। सड़कों शहरों, रेलवे स्‍टेशनों आदि के नाम बदलने को वे सस्‍ती लोकप्रियता और नासमझी की श्रेणी में मानते हैं। जनता को गुमराह करने वाले कदम से ज्यादा कुछ नहीं मानते। उज्‍ज्‍वला योजना के मामले में उन्‍हें गरीब और निरीह जनता के साथ धोखा नजर आता है। इसको उज्ज्वला योजना के तहत कनैक्‍शन देने के पीछे लोन के होने को वे एक साजिश की तरह देखते हैं। दलितों को खिचड़ी खिलाना व सफाई कर्मियों के पैर धोने को वे एक बेहद निचले स्‍तर की राजनीति के रूप में देखते हैं इसके विरुद्ध जमकर अपनी कलम चलाते हैं। इन साजिशों के पीछे की धिनौनी करतूत को वे जगजाहिर कर जनता को आगाह ही नहीं करते बल्कि सचेत करते नजर आते हैं।

ऐसा लगता है कि ‘तेज’ दलित शोषित व अन्‍य कमजोर वर्ग के संवैधानिक प्रावधानों के प्रति भी काफी सचेत हैं। वे विश्‍वविद्यालयों के विभागवार रोस्‍टर पर भी अपनी पैनी नजर रखते हैं और मूल्‍यांकन करने का प्रयास करते हैं कि सरकार के ऐसे कारनामों से कहीं इन कमजोर वर्गों के हितों के साथ तो कोई नाइंसाफी तो नहीं हो रही। वे संवैधानिक प्रावधानों के चलते यह भी जांच-पडताल करना नहीं भूलते कि इन प्रावधानों के चलते दलित और आदिवासियों की जिन्‍दगी में कितना परिवर्तन अपेक्षित है और परिवर्तन कितना हो रहा है। इन प्रावधानों का पूरा-पूरा लाभ इन वर्गों को दिलाने के लिए वे परिस्थितियों का पोस्‍टमार्टम भी बड़ी शिद्दत से करते हैं और पाते हैं कि स्थिति संतोषजनक नहीं है।

मि. तेज को सरकार के क्रियाकलापों में जातिवाद की बू आती है। उन्‍हें लगता है कि जब सरकार ही जातिवादी बैसाखी की मोहताज है तो आम जनता से जातिवाद से मुक्ति की बात कैसे कही जा सकती है। वे जातिवाद के लिए शूद्रों यानी बहुजनों को आगाह करते हैं कि उन्‍हें खोखले सवर्णवाद के छलावे को समझने की जरूरत है। इससे मुक्‍त होकर ही वे दलितों के करीब आ सकते हैं, जातिवाद और सामाजिक असमानता की जंग लड़ सकते हैं। इन दोनों का वैचारिक गठबंधन समाज से जातिवाद की जड़ों को खोखला करेगा और जातिवाद की राजनीति को हतोत्‍साहित करेगा। लेकिन वे यह भी मानते हैं कि यह लड़ाई अभी और लड़े जाने की जरूरत है। यदि इन दोनों में एकता होगी, आपसी तालमेल व सौहार्द होगा तो न कोई सरकार इनका किसी प्रकार का दोहन कर सकेगी और न ही कोई दबंग जाति का सिरफिरा व्‍य‍क्ति या व्‍यक्तियों का समूह इककीसवीं सदी में किन्‍ही भट्टा मजदूरों तक को मानव मल खिलाने का दुस्‍साहस कर सकेगा। तेज साहब का मानता है कि ऐसे अमानवीय कुकृत्‍य बिना किसी सरकारी व राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं। इसी सरकारी, राजनीतिक और जातीय नैक्‍सस और संरक्षण के खिलाफ तेज अपने निबंधों में बराबर आवाज उठाते हैं। उनका यह ज़ज्‍़बा उनकी पुस्‍तक पठनीय बनाता है।

मि. तेज के निबंधों को पढ़ते हुए एक हैरतअंगेज तथ्‍य सामने आता है। वह है - भारतीय जेलों में 72 प्रतिशत कैदी दलित, आदिवासी और मुसलमान हैं। जब उनके इस शोधपरक जान‍कारी को उनके द्वारा प्रदत्‍त दूसरी जानकारी अपराधिक छवि वाले नेताओं के साथ जोड़कर देखें तो साफ होता है कि न्‍याय व्‍यवस्था ठीक नहीं है। इसमें किसी न किसी रूप में जातीय दबंगई और पैसा न्‍याय को प्रभावित करता है। इसके चलते पैसे वाले और दबंग जाति वाले जघन्य अपराध के बावजूद भी जेलों से बाहर होते हैं और दलित, आदिवासी और मुसलमान जेलों के अंदर। यह कैसा लोकतंत्र है, कैसा न्‍याय है? इस ‘कैसे’ का पोस्‍टमार्टम मि. तेज के निबंधों में देखने को मिलता है। यह उनकी प्रत्‍येक पक्ष पर बारीक नजर रखने का परिणाम है। यह उनकी पुस्‍तक ‘राजनीति के सामाजिक सरोकार’ को एक पठनीय ही नहीं संग्रहणीय दस्‍तवेज बनाता है।

मि. तेज के चिंतन की एक खास बात यह है कि वे कभी भी एकपक्षीय होकर विचार नहीं करते। ऐसा नहीं है कि सिर्फ राजनीति पर ही प्रहार करते हैं, उन्‍हें जहां कहीं भी कुछ गड़बड़ व आपत्तिजनक लगता है, उसपर वे अपनी बेबाक राय रखते हैं, बिना किसी परिणाम की परवाह किए बगैर। उन्‍होंने अपनी ईमानदार वैचारिक प्रतिबद्धता के चलते सिर्फ राजनीति व दबंग जातियों पर ही प्रहार नहीं किया है बल्कि उसी तेवर के साथ दलितों और अम्‍बेडकरवादियों की भी जमकर खबर ली है। उन्होंने अपने निबंध ‘अम्बेडकरवादियों के झुण्ड के झुण्ड पैदा हो रहे हैं किंतु...’ में अम्‍बेडकरवादियों के प्रति अपनी चिंता का इजहार किया है। वे अम्‍बेडकरवादियों से क्‍या-क्‍या अपेक्षा करते हैं, इसके आधार के रूप में मि. तेज ने ‘डा. अम्बेडकर की पत्रकारिता’ को अपनी वैचारिक जंग का आधार बनाया है। यह उनकी अपने लेखन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, लक्ष्‍य के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

यहाँ यह कहना अतिशयोक्ति न होगा कि मीडिया की समाज में काफी महत्त्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया को लोकतांत्रिक व्यवस्था का चौथा स्तंभ भी कहा जाता है, क्योंकि इसकी जिम्मेदारी देश और लोगों की समस्याओं को सामने लाने के साथ-साथ सरकार के कामकाज पर नजर रखना भी है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मीडिया की कार्यप्रणाली और रुख पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। सवाल यह है कि क्या मीडिया बदल रहा है? क्या मीडिया के नैतिक पक्ष पर ऐसे सवाल जायज हैं? कहना अतिशयोक्ति न होगा कि आजकल का मीडिया केवल और केवल सरकार का होकर रह गया है या यूँ कहें कि पूरी तरह से सरकार के दबाव आकर केवल पैसा कमाने के लिए काम कर रहा है और जनता को सरकार के खिलाफ सवाल ना करने के लिए डरा रहा है। योँ तो इसकी जिम्मेदारी देश और लोगों की समस्याओं को सामने लाने के साथ-साथ सरकार के कामकाज पर नजर रखना है। लेकिन पिछले कुछ सालों में मीडिया की कार्यप्रणाली जनता के प्रति उत्तरदायी न होकर एक गोदी मीडिया की भूमिका निभा रही है या यूँ कहें पूरे तौर पर व्यावसायिक हो गई है। लगता है कि यही कारण है कि तेजपाल सिंह ‘तेज’ जैसे लेखक अपनी लेखनी अथवा सोशल मीडिया के जरिए सरकार और जनता के सवालों को जगजाहिर करने के उपक्रम में अग्रणीय पंक्ति में नजर आने लगे हैं।

अंत में निष्‍कर्ष रूप में कहा जा सकता है कि भले ही तेजपाल सिंह ‘तेज’ ने अपने लिए कांटों भरा रास्‍ता चुना हो लेकिन उनकी पुस्‍तक ‘राजनीति के सामाजिक सरोकार’ राजनीति और सामाजिक अव्‍यवस्‍था से आहत पाठकों के लिए राहत का सबब हो होगी...व्‍यवस्‍था से उपजी पीड़ा के लिए बाम होगी और मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक सरोकारों को समझने का एक अच्‍छा मुकाम होगी। यह मेरा पक्ष है लेकिन अंतिम निर्णय प्रबुद्ध पाठक को करना है। चलते-चलते मि. तेज को सामाजिक व राजनीतिक अराजकता के विरुद्ध वैचारिक जंग के लिए साधुवाद्।


2.2.2.6 दलित-साहित्य और राजनीति के सरोका

भूमिका: एक समूचा वितान  

इस पुस्तक के प्रस्तोता श्री शील बोधी कहते हैं चिंतन मानव-मन की एक सहज और श्रृंखलाबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें विचार एक कड़ी का काम करते हैं। या यूं कहूँ कि विचारों का एक समूचा वितान है। विचारों का अनुक्रम जंजीर की भांति होता है। एक विचार से दूसरे विचार की ओर यात्रा में एक क्रमबद्धता होती है, जो अनुभवों को संजोये रखती है। इसी में मनुष्‍य की तरक्‍की के राज निहित हैं। कुछ लोग मानते हैं कि विचार सबसे व्‍यर्थ चीज़ है, तो दूसरी तरफ कुछ लोग यह भी मानते हैं कि विचार सबसे सार्थक चीज़ है। विचार का मूल्‍य कल्‍पना में नहीं, बल्कि उसके व्‍यवहार में निहित होता है। कोई भी व्‍यक्ति यदि कोई विचार करता है लेकिन उसके अनुरूप व्‍यवहार नहीं करता तो उसके लिए विचार की कोई सार्थकता नहीं रह जाती। कोई व्‍यक्ति यदि विचारवान न होते हुए भी, किसी विचार को व्‍यवहार में ले आता है तो उसके जीवन में विचार सार्थक बदलाव लाता है। समाज में बदलाव की प्रक्रिया व्‍यक्तिगत स्‍तर से होकर ही गुजरती है।

तेजपाल सिंह ‘तेज’ की प्रस्तुत पुस्‍तक “दलित-साहित्य और राजनीति के सरोकार” में भी विचार की अलग-अलग किस्‍म हैं, रंगीन भी और रंगहीन भी, दोनों ही तरह की। पुस्‍तक में कहीं कविता पर बात है तो ग़ज़ल पर भी। बा‍बा साहब डॉ. अम्बेडकर पर बात है तो गांधी पर भी। महिला-उत्‍पीड़न और यौनिक-शोषण पर भी बात है तो रूढि़यों की भी खबर ली गई है। राष्‍ट्रीय स्‍वंय सेवक संघ जैसे साम्‍प्रदायिक और हिन्दूवादी संगठन के अलगववादी विचार पर बात है तो अन्‍ना हजारे जैसे गैर सांगठनिक घटक द्वारा चलाए गए भ्रष्‍टाचार उन्मूलन आंदोलन की भी बात है। यानी विचार का एक समूचा वितान है, जो समसमायिक घटनाक्रमों की देन है। इसलिए बीते हुए समय की गवाही जैसा है। कल कैसा था, इसका जवाब पुस्‍तक कल ही दे सकेगी। भूमिका में कितना ही भी विस्‍तृत परिदृश्‍य रखा जाए, वह सीमित ही सिद्ध होता है। मनुष्‍य का संसार ही इतना विस्‍तृत हो गया है कि इसका कोई विस्‍तृत खाका नहीं हो सकता है। किसी हद तक सीमित दायरा सुनिश्चित सूचना देने का काम करता है। इसलिए जरूरी अध्‍ययन सूक्षमता पर टिके होते हैं। पुस्‍तक बोलती कम है लेकिन सोचने को विवश ज्‍यादा करती है, इसलिए पठनीय है। इसके लिए लेखक को साधुवाद।

लेखकीय : ख़यालात अपने अपने

 समझता हूं कि प्रत्येक व्यक्ति के भिन्न-भिन्न प्रकृति के ख़याल होते हैं। मैं रोजमर्रा की दिनचर्या में न जाने कितनी प्रकार के अर्थात भिन्न-भिन्नप्रकृति के ख़याल आते-जाते हैं, इतना ही नहीं नित्य-प्रति न जाने कितनी ही घरेलू और देश की विभिन्न समस्‍याओं से रुबरू होना पड़ता है। चिंतन-मनन की रह-रह कर सुलझती और उलझती गुत्थियों में अनायास ही समाधान के उत्‍कृष्‍ट तरीके इजाद होते नज़र आते-जाते हैं। बहुत से मूल्‍यवान निष्‍कर्ष जब कागज पर नहीं लिखे जा पाते हैं, तो उनकी अकालिक मृत्‍यु मन को दुखा जाती है। लेकिन यदि कागज पर उतर आते हैं तो समाज को जितना अब तक समझा जा चुका है, उससे आगे सोचने का मार्ग प्रशस्त होता है।  

नित्य-प्रति समाज और देश से जुडना, नित्य-प्रति समाज और देश से निजी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष मुलाकातें और नित्य-प्रति की नई वैचारिक प्राप्तियां, जब आगे तक जाती हैं, तो अपनी सही और व्‍याप्‍क भूमिका अदा करती हैं। बहुत लंबे समय से लेखन और चिंतन-मनन की प्रक्रिया से जुडा रहने के साथ-साथ, आज भी विचारों का प्रभाव समसमायिक घटनाक्रम में दखल के लिए मन को बेचैन करता रहता है। मैं इस दखल को यदि इस पुस्‍तक में कायम रख सका हूं, तो शायद मेरे लिए यही इस पुस्‍तक की उपयोगिता सिद्ध होगी। लेकिन मेरी उपयोगिकता और पाठक की उपयोगिता में अंतर हो सकता है। पाठक का अपना परिवेश और सोच होती है, मेरी अपनी। यदि पाठक मेरे अपने जीवन-अनुभवों और मेरे अपने अनुभवों की आधार-घटनाओं होकर गुजरेंगे तो देशकाल को शक्‍ल दे पाएंगे, यही सोचकर सीधा और सरल संवाद अपने समय के पाठकों से बना रहा हूं। नई पीढ़ी भी मेरी संवेदना के तहत भविष्य तय करेगी, ऐसी मेरी कामना है।

ऐसे आलेखों में किन्हीं ऐसे ठोस रचना-नियमों और तत्वों का निर्देश नहीं दिया जा सकता जिनका पालन करना निबंधकार के लिए आवश्यक हो। अर्थात निबंध एक ऐसी रचना है जिसके नियम लेखक द्वारा ही अपनी सोच के आधार पर निर्धारित किए जाते हैं..... किए जाने भी चाहिएं, क्योंकि ये लेखक मे अपने मन की बात है...... जैसे चाहे व्यक्त करे । निबंध में सहज, सरल, स्वछन्द और आडम्बरविहीन ढंग से लेखक के व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति होती है। यानी निबंध, लेखक के व्यक्तित्व को प्रकाशित करने वाली साहित्यिक गद्य-रचना है। निबंध का रूप साहित्य की अन्य विधाओं की अपेक्षा इतना स्वतंत्र है कि उसकी सटीक और निर्धारित परिभाषा करना अत्यंत कठिन है।..... इसी यथार्थ के साथ मैंने भी अपनी लेखकीय यात्रा तय की है।

यहाँ मैं कहना चाहूँगा कि यह पुस्तक भी पूर्व प्रकाशित पुस्तक “ शिक्षा, मीडिया और राजनीति” की तरह ही किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। हाँ! समय के साथ-साथ जिस-जिस विषय को लेकर आलोचना-समालोचना के चलते जब-जब भी मन प्रतिक्रिया करने के लिए विचलित हुआ, वही प्रस्तुत रचना का आधार है।बिना किसी संकोच और भय के, मैंने अपने उन्हीं जीवन-अनुभवों को प्रस्तुत आलेखों में पेश किया है।

एक बात और कि मेरे ये आलेख किसी प्रकार के व्याकरण और पांडित्य से अभिभूत नहीं हैं, केवल मन की बात को शब्द रूप-भर दिया है। अत: मेरा यह आग्रह है कि प्रस्तुत आलेखों को केवल और केवल सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता और राजनितिक निष्पक्षता बनाए रखने की भावना को केन्द्र में रखकर देखा जाए। हाँ! यह तब ही संभव है कि जब पाठक इन लेखों का बिना किसी दुराग्रह और पूर्वाग्रह के साथ पठन-पाठन करेंगे।

रचना के प्रति पाठकों कि सच्ची और सघन घनिष्ठता मेरी लेखन क्षमता और लगन पर सीधा और तीव्र असर करेगी। इसी आत्मीयता और विश्वास के साथ....0000


2.2.2.7 राजनीति और मानवाधिकार के प्रश्न

लेखकीय : सत्त के सरोकार 

  प्रस्तुत गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए सैन्य टकराव में शहीद हुए भारतीय जांबाज शूरवीरों को समर्पित है।

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प के पूर्व सलाहकार बोल्टन ने अपनी किताब “द वाइट हाउस मेमोयर’’ में लिखा है कि ट्रम्प ने दोबारा राष्ट्रपति बनने के लिए 2019 मे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से प्रार्थना की थी। बकौल बोल्टन, “मेरे कार्यकाल में उन्होंने (ट्रम्प ने) एक भी ऐसा फैसला नहीं किया...जो उन्हें दोबारा चुने जाने के लिए न हो।”...

यथोक्त वाक्यांश को पढ़ने के बाद यह तो स्पष्ट हो ही जाता है कि लोकतांत्रिक देशों की सरकारें चाहें जो भी काम करती हैं, वो केवल और केवल चुनाव जीतकर हमेशा सत्ता में बने रहने के लिए करती हैं....राजनेताओं का यही एक भाव है कि सत्ता में बने रहने के लिए वो जो भी अच्छे-बुरे कार्य करते है, वो ऐसे होते हैं कि उनसे भूल से ही जनता का कुछ भला हो जाए तो ठीक...अन्यथा अपने कुकर्मों को छुपाने के लिए सभी लोकतांत्रिक देशों के सभी सत्ता प्रमुख जनहित में दिखने वाली एक के बाद एक अनेक लोभ-लुभावन योजनओं की जो घोषणाएं करते रहतें हैं।...वो नितांत अपने आप को सत्ता में बनाए रखने के भाव से होती हैं, यह बात अलग है कि उन घोषणाओं का कुछ भाग गलती से जनता के पक्ष में दिखता रहता है और जनता विकास के मुगालते में सरकार की पक्षधर बनी रहती है। यह भी कि घोषणाओं के क्रियांवयन का होना न होना...सफलता असफलता को प्रशासन के सिर मढ़ दिया जाता है। इस प्रकार सत्ता अपने आप को अपनी जवाबदेही से मुक्त बनाए रखती है।

यथोक्त के आलोक में अपनी बात कहने से पूर्व, मैं इतना स्पष्ट कर देना अपना दायित्व समझता हूँ कि इस पुस्तक में प्रस्तुत लेखों की विषय-वस्तु पूरी तरह मेरी ही विचारधारा की देन नहीं है अपितु मैंने अपने विचारों/सोच से मेल खाते लेखों को अपनी वैचारिक सोच के तहत प्रतिक्रिया देते हुए पुस्तक में प्रस्तुत किया है। संक्षेप में इस पुस्तक को संदर्भ पुस्तिका के रूप में लिया जा सकता है। गौरतलब है कि काफी अरसे से बीमार होने के कारण प्रस्तुत लेखों में प्रतिक्रिया का स्तर उतना उभर कर नहीं आ पाया जितना होना चाहिए था। इसके लिए पाठकों से क्षमा चाहता हूँ। यह सब होने के बाद भी मुझे विश्वास है कि प्रस्तुत लेखों में इतना सब कुछ तो है ही जिससे पाठकों को समाहित विषयों की गम्भीता को समझने में किसी दिक्क्त का सामना नहीं करना पड़ेगा। कम से कम व्यापक संदर्भों की जानकारी जरूर मिलेगी। रुग्णावस्था के कारण, मैं इस पुस्तक में अपनी बात के समर्थन में कुछ सीमित किंतु आवश्यक कथ्य ही दे पा रहा हूँ, शेष सुधी पाठकों को समझने के लिए छोड़ रहा हूँ, इस आशा के साथ कि सुधी पाठक अपनी प्रतिक्रियाओं से मुझे अवगत जरूर कराएंगे।

व्यापक दृष्टिकोण से देखा जाए तो हमारे देश में सत्ता के मुखिया भी सत्ता में बने रहने की भावना को पुष्ट करते नजर आते हैं। अब मसला एन. पी. आर., एन. आर. सी. का हो, धारा 370 को हटाने का हो, आरक्षण का हो, तीन तलाक के निस्तारण का हो, और चाहे ताजा मसला कोरोना का ही क्‍यूं न हो, सत्ता ने इन मसलों के समापन के लिए जो भी काम किये हैं, उनसे यह नहीं लगता कि वो समग्र जनता के हितों को साधने वाले रहे हैं। इन सारे मसलों को हवा देने और इनके समापन के पीछे सत्ता का एक ही मकसद रहा है, और वो है-सत्तापक्ष द्वारा मुसलमानों के वोटों को अपने पक्ष में करना...अब परिणाम जो भी हों। सत्ता का एक सूत्री कार्यक्रम भी प्रथमत: यही लगता है कि जनता को चाहे जैसे भी सत्ता के खिलाफ करने का होता है और फिर कोई बजने न बजने वाला राजनितिक झुनझुना जनता को थमाकर उसके मानसिक संतुलन को पुन: बनाए रखने का एक ऐसा ड्रामा किया जाता है...जिसे नाक काटकर रुमाल से पौंछने की संज्ञा दी जा सकती है। और जनता है कि मारखाने वाले से ही दो शब्द संवेदना के सुनकर सरकार का गुणगान करने लगती है।...यहां मुझे एक अपना ही शेर याद आ रहा है जो निरिह जनता और मजदूर वर्ग की मानसिकता का सटीक चित्रण करने को काफी है...

देखकर वादों की मणिका मालिकों के हाथ में,

भुखमरी की मांग में सिन्दूर-सा भर जाता है।

पिछ्ले कुछ सालों से यह भी देखा जा रहा कि सत्ता पक्ष के समर्थन में अनेक अन्धभक्तों का प्रादुर्भाव हुआ है। उससे पहले भी ऐसा होता था किंतु इतना विभत्स नहीं। वैसे तो समाज और अमुक राजनीतिक दल में अन्धभक्तों की कोई पैठ ही नहीं होती किंतु सत्ता पक्ष के चाटुकार बनके कुछ होने का दावा करना उनका तकिया कलाम बन जाता है। और वे थोड़ी बहुत राजनीतिक जमीन के हिस्सेदार होने का दम भरने लगते हैं। आज के संचार युग मे कुछ चाटुकार ऐसे भी हैं जो राजनीतिक दलों के हित में आई टी सेल के जरिए उनके पक्ष में कुछ न कुछ अनाप-शनाप झूठ और प्राप्त काल्पनिक उपलब्धियों के प्रचार की बदौलत अमुक राजनीतिक दल के चमचे बन के राजनेताओं की नजर से गुजरना चाहते हैं अर्थात किसी न किसी तरह आकाओं की नजरों में बने रहने का प्रयास करते हैं। जातिगत विवाद, हिन्दू मुसलमान करना, जनता को आपस में लड़ाना जैसे कार्य इनकी दिनचर्या का एक अहम हिस्सा बन जाता है? सत्ता पक्ष द्वारा यह सब क्यों किया जाता है...जाहिर है...केवल और केवल सता में बने रहने के लिए, और कुछ नहीं। किंतु आज इस प्रकार की जालसाजी से जनता रूबरू हो चुकी है। इतना ही नहीं जनता राजनीतिक दलों की इस राजनैतिक मंशा से पूरी तरह अवगत हो चुकी है। किंतु अफसोस यह है कि जनता का यह आक्रोश चुनावी दौर वोट में नहीं बदल पाता ।

आज के दौर में पराभव हर क्षेत्र में ही हुआ है...चाहे वह क्षेत्र धार्मिक हो, सामाजिक हो, शैक्षणिक हो, राजनैतिक हो या फिर कोई और। राजस्थान के एक शायर हैं...संजय झाला जी...उनकी एक–दो कविता इस राजनैतिक दौर में...मेरे दिमाग में अनायास ही आ गईं। वह इसलिए भी कि संजय जी की ये कविताएं किसी न किसी तरह यथोक्त भावना को पुष्ट करती हैं। स्पष्ट कर दूं कि उनकी काव्य गद्य/गद्य-नाट्य को काव्य के रूप में ज्यादा जाना जाता है। वैसे वो हास्य–व्यंग्य के नौजवान कवि हैं। उनकी भाषा/बोली में अजीब-सा ओज होता है। उनकी पहली कविता है.....


“साथियो!..हमारा अपराध यही है

कि हम पढ़-लिख गए

तब ही तो गवर्न्मेंट के सरवेंट हैं...

और...न पढ़ते-लिखते तो गवर्न्मेंट होते।”


इस कविता से नेताओं की शैक्षिक योग्‍यता और मानवीय दृष्टिकोण का स्वत: ही खुलासा हो जाता है। मैं समझता हूँ कि इस कविता का अर्थ जितना गूढ़ है, इस कविता के शब्द उतने ही सरल हैं जो आम आदमी की समझ में आसानी से आ जाएं। इस कविता के जरिए उन्होंने शायद यही सिद्ध करने का प्रयास किया है कि जनता का शिक्षित होना और राजनेताओं का अशिक्षित होना देश को उस अंधेरे मोड़ पर लाकर खड़ा कर देता है, जहां उजाले के लिए जगह ही नहीं बचती। मौजूदा राजनीति इसी का जीता-जागता प्रमाण है। उनकी दूसरी कविता है...


“डाकुओं का एक शीष्टमंडल

अपनी जनसेवा से निवृत्त होकर

सिविल लाइन स्थित अपने आवास जा रहा था

बीच में एक तवायफ का कोठा आ रहा था

यह देखकर कई शरीफों का मन पिघला था

क्योंकि वो कोठा शरीफों की कोठियों निकला था

इस पर एक जूनियर डाकू ने सीनियर डाकू से कहा

सरदार...सरदार...यहाँ...एक करारी...कटारी रहत है

ग़र हुक्म होए तो एक रात यहाँ काटी जाए

सीनियर सरदार ने जूनियर डाकू के कंधे पर धौल जमाया

और कहा -

शंभू तुम तनिक यहाँ ठहरो

हम अभी आत हैं

सरदार ऊपर गया और

दो मिनट में ही लौट आया

और शम्भू से बोला

अरे! शम्भू तुम्हारी जेब के कुछ पैसा है का निकाल तो

यह सुनकर शम्भू को गुस्सा आया और

बोला...इस छिनाल ने हमारे सरदार से पैसा मांगा

(तवायब ऊपर से देख रही थी)

...ईका अपनी जान प्यारी नाही है का?

जिन्दगी की हेटी है का?

सरदार बीच में ही बोल पड़ा...

सही कहा रे शम्भू...ये जिन्दगी की हेटी है

पर हम इसे कुछ भेंट देना चाह रही

क्योंकि ये हमारे गाँव की बेटी है

शम्भू बोला-

कहा कहत तो सरदार

ये कलियुग है... कलियुग... त्रेता नाही

सरदार बोला....ठीक कहा रे शम्भू

किंतु...हम...डाकू हैं डाकू

साधु...या...नेता नाही।”

हरियाणा के ही चिरपरिचित कवि हैं...माननीय अरुण जैमनी जी...उनकी अधोलिखित कविता सोशल मीडिया पर अच्छी-खासी वायरल हो रही है। उस कविता एक अंश कुछ इस प्रकार हैं :-

“अभी वो कह रहे थे...

एक जापानी वैज्ञानिक ने कहा कि

एक जापानी की किडनी बदली थी

और वो छ: घंटे में ही काम–धन्धा ढूंढने लगा...

जापानी की बात सुनकर जर्मनी का वैज्ञानिक बोला...

हमने तो एक आदमी का हर्ट बदला था

और वो दो घंटे मे ही काम- धन्धा...ढूंढने लगा

 इतना सुनकर, एक भारतीय बोला…

.          .हमने तो एक आदमी बदला था बस...

...पूरा देश काम-धन्धा ढूंढ रहा है।”


यह मेरा आकलन है कि इस पुस्तक में प्रस्तुत सभी लेख जैसे यथोक्त वैचारिक भूमि से ही जन्में हैं। मेरे लेखों का एक-एक शब्द/विचार उपरोक्त वर्णित शब्दों/विचारों से ठीक वैसा ही संबन्ध है, जैसा की आज के आम आदमी का राजनीति, धर्म, सामाज और राजनीति का आपस में एक प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष साजिशाना संबंध है यानी “मुँह में राम और बगल में छुरी”। इस पुस्तक में संकलित आलेख कितने सार्थक हैं, यह तो पाठकों को ही तय करना है।

इस पुस्तक के अविलम्ब प्रकाशन के लिए प्रकाशक – बुक रीवर्स, लखनऊ का हृदय से आभारी हूँ। माननीय ईश कुमार गंगानिया और शीलबोधी का भी धन्यवाद जो असधारण परिस्थितियों में भी मुझे मानसिक रूप से प्रोत्साहित करने का काम निरंतर करते ही रहते हैं।0000





2.2.2.8 कानया की वापसी (एक अनूठी पटकथा)

भूमिका :इक्‍कीसवीं सदी की संजीवनी 

वरिष्ठ कवि/ समालोचक/आलोचक व कहानीकार ईश कुमार गंगानिया आज हम इक्‍कीसवीं सदी के ऐसे दौर से गुजर रहे हैं जहां राजनीति ने जीवन के लगभग सभी आयामों को जैसे निगल-सा लिया है। या यूं कहें कि हमारे जीवन और जीवन की सारी विविधताएं राजनीतिमय या राजनीति प्रेरित हो गई हैं। घर-‍परिवार तक राजनीति की गिरफ्त से बाहर नहीं रह गए है और हम ऐसे माहौल में विलीन हो गए हैं जहां न कोई नैतिकता बची है और न ही कोई नैतिक मूल्‍य। जीवन एक सौदेबाजी का बाजार-सा होकर रह गया है। जीवन का हर रंग झूठ-थपान से शुरु होता और स्‍वार्थ, खुदगर्जी, अशांति, मार-पिटाई, धर्म के धंधेबाजी और आपसी सौहार्द कुटिलता की कब्र से गुजरत हुए झूठ-थपान पर ही आकर दम तोड़ता है। जीवन में कोई खास रंग जैसे बचे ही नहीं हैं। ऐसे माहौल में टी पी सिंह जैसा उम्रदराज व्‍यक्ति मर्दाना ताकत के कैप्‍सूल के विज्ञापनों में भी अपनी उम्र के अनुकूल हंसी-ठिठोली की चर्चा में साहित्‍य ढूंढ निकालता है और ‘कान्‍या की घर वापसी’ जैसी कहानी का ताना-बाना बुन डालता है।

इसे टी.पी. सिंह के साहित्यिक के इंन्‍द्रधनुषी व्‍यक्तित्‍व का प्रभाव ही कहा जा सकता है जिसमें वे ग़ज़ल की दुनिया को खूबसूरत रंगों से सवांर कर, कहानी, कविता, बालगीत और वैचारिक लेखन को विविधता प्रदान करते हैं। इस विविधता में कही न कहीं बाबा साहब की छाप नजर आती है जो प्रत्‍येक व्‍यक्ति को सदैव ‘एक्‍सपैरिमैंटल स्‍टेट’ में रहने को प्रेरित करती हैं। जरा गौर से देखा जाए तो यह ग्‍यारह दश्‍यों का तानाबाना कुछ भी नहीं है। न इसमें किसी प्रकार का गांभीर्य है, न कोई स्‍थायित्‍व है और न कोई लम्‍बे चौड़े फतवों का आह्वान और भाषणबाजी ही है। न इसमें किसी प्रकार के किसी साहित्‍य कौशल की कसौटी ही तय की गई है और न ही लेखक द्वारा ऐसा कोई दावा ही किया गया है कि इसे महत्‍वपूर्ण माने या इसमें कुछ अनुसरण करने की गरज से किया गया है। लेखक ने स्‍वयं इसे एक यूंही मजाक में और हल्‍के-फुलके माहौल में बस आनंद का जरिया बनाने की कौशिश की है जैसे मर्दाना ताकत के कप्‍सूल के बहाने लोग इधर-उधर की बातें करके आनंद उठाते हैं। यह आनंद एकांकी है और हमउम्र सा‍थियों के बीच हो सकता है, किसी सार्वजनिक स्‍थलों और भरेपूरे परिवार के बीच कतई नहीं।

गौरतलब है कि टी पी सिंह ने मानवता, बंधुता, धैर्य, समता, शालीनता, वीरता, वैरग्य आदि जिन मूल्‍यों को अपने इन्‍द्रधनुषी सपनों में पिराया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। कान्‍या जैसे हास्‍य के प्रतीक पात्र के माध्‍यम से अनेक प्रकार के कैप्‍सूल अच्‍छा-खासा मनोरंजन ही नहीं करते बल्कि कई सवाल भी खड़े करते हैं। आज के असंतोष और अराजकता के माहौल में जहां सर्वोच्‍च न्‍यायालय व बड़ी से बड़ी संवैधानिक संस्‍थाएं अविश्‍वास और आरोपों के घेरे में हैं वहां कान्‍या जैसे दुर्बल पात्र के द्वारा अन्‍याय के विरुद जंग का ऐलान कराना लेखक का अनूठा प्रयोग है। कान्‍या के माध्‍यम से लेखक ऐलान करता है कि इसके रास्‍ते में चाहे उसके पिता आएं, भाई आए, पुलिस आए या उसके गुरु जी ही क्‍यूं न आ जाएं इसके लिए सब बराबर हैं और न्याय की मांग किसी से समझौता नहीं हो सकता। और यह न्‍याय कान्‍या जैसा व्‍यक्ति भी प्राप्‍त कर सकता है। इसके लिए किसी धन-दौलत, दबंगई और किसी खुराफात या किसी मोटी फीस लेने वाले वकील की कोई जरूरत ही नहीं है।

लेखक ऐसे ही इस अबौध बालक कान्‍या के माध्‍यम से मानवता, बंधुता, धैर्य, समता, शालीनता, वीरता आदि गुणों को हाथ में सरसों उगाने अंदाज में ग्‍यारह दृश्‍यों के माध्‍यम से आईने की तरह समाज के समक्ष प्रस्तुत करता है। वह इककीसवीं सदी की गंदगी को अपनी लेखनी से साफ करने की जद्दोजहद करता है और काफी हद तक वह कामयाब भी होता नजर आता है। मजे की बात यह है कि वह यह कार्य किसी परंपरागत इमेज में कैद किसी दबंग नायक से नहीं कराता। इसके लिए वह मासूम से बालक को उपयुक्‍त पात्र मानता है। एक निरीह व दुबले-पतले बालक जिसे ‘गुड फार नथिंग’ की श्रेणी में रखें तो अनुचित नहीं होगा। इस पात्र के माध्‍यम से जब इक्‍कीसवीं सदी को पाक-साफ करने की बात होती है तो इसे लेखक का अनुठा प्रयोग ही माना जाना चाहिए। मेरा भी प्रबल मानना है कि ‘बालक देश का भविष्‍य होता है और जितना अनुशासित व मूल्‍यों से परिपूर्ण किसी देश का बालक होता है, उस देश का भविष्‍य उताना ही अधिक सुरक्षित व सुनिश्चित होता है। ऐसे में कान्‍या के हाथ इक्कीसवीं सदी की बागडोर थमाना लेखक का सोचा समझा प्रयास लगता है। मेरी दृष्टि में यह प्रशंसनीय है और संभवत: पाठकों की दृष्टि में भी प्रशंसनीय ही होना चाहिए।

वैसे लेखक की तरह मैं भी कोई दावा नहीं करता कि लेखक ने ग्‍यारह दृष्‍यों के इस ताने-बाने के माध्‍यम से कोई बड़ा तीर मार दिया है। हां, इतना जरूर कह सकता हूं कि लेखक ने हंसी मजाक के मलबे से कुछ कीमती मोती निकाल कर जनता के समक्ष परासने की एक नई पहल की है। यह लेखक और पाठक के लिए सुकून का सबब होना चाहिए। कहना जरूरी है कि लेखक ने किसी भी विधा के किसी भी अनुशासन का कोई पालन नहीं किया है। इस ताने-बाने में जो कुछ भी है वह लेखक का अपना है और इक्‍कसवी सदी की बदसूरती को उजागर करने के लिए है, जिससे लेखक बुरी तरह आहत है। इसमें संदेह की कोई गुंजाइश ही नहीं है कि लेखक इस बदसूरती को खूबसूरती में तब्‍दील करने की ईमानदार जद्दोजहद करता है। ‘कान्‍या की घर वापसी’ इसका जीता जागता प्रमाण है। यह पाठकों पर निर्भर करता है कि वे इसे मौजमस्‍ती की सामग्री के साथ-साथ नए प्रकार के एनर्जी कैप्‍सूल के रूप में लेते हैं जो इक्‍कीसवी सदी की संजीवनी हो सकती है या फिर इसे पुराने व प्रचलित एनर्जी कैप्सूल के रूप में। इस नए प्रयोग के लिए लेखक को साधुवाद और ढेर सारी मंगलकामनाएं।


लेखकीय : (21वीं सदी: एक अनूठी पटकथा)

मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि कंचन वतन की संकल्पना को शब्द देने का शुअवसर प्राप्त हुआ। “वापसी” नितांत काल्पनिक एवं गढ़ी गई कहानी है। विदित है कि आजकल आए दिन अखबारों में किन्हीं न किन्हीं कामुक भंगिमाओं में अलग-अलग नामों से मर्दाना ताकत बढ़ाने के कैप्सूलों/दवाओं के विज्ञापन निरंतर छपते रहते हैं। टेलीविजन पर भी ऐसे विज्ञापन कुछ नए-नए अलग-अलग अन्दाज में में दिखाए जाते हैं। बस! इस कहानी की गढ़ंत के पीछेऐसे विज्ञापनों का ही योगदान रहा है। दरअसल ताकत बढ़ाने के कैप्सूलों /दवाओं के विज्ञापनों लेकर हम दो मित्रों में हो रही हँसी-मजाक से उपजी कहानी है वापसी। हुआ यूं था कि मैं और मेरा एक मित्र इस पर चर्चा कर रहे थे कि यार आजकल मर्दाना ताकत बढ़ाने की दवाओं की तो बाजार में भरमार है, क्या कभी मानवता, शालीनता, समता, बन्धुता, धैर्य, वीरता या फिर वैराग्य पाने के कैप्सूल भी बाजार में कभी आएंगे कि नहीं। मेरी बात सुनकर मेरा मित्र बड़े जोरों से हँसा और बोला, “ देख यार! पहले तो ऐसी दवाएं बाजार में आने वाली ही नहीं हैं और यदि आ भी गईं तो निरंतर चारित्रिक पतन के इस युग में इन्हें खरीद कर खाने वाला कोई मिलेगानहीं। फिर यदि कोई मिल भी गया तो इनके प्रयोग के परिणाम क्या और कैसे होंगे, कुछ कहा नहीं जा सकता। मित्र के इतना कहने पर मेरे जहन में मानवता, शालीनता, समता, बन्धुता, वीरता, धैर्य या फिर वैराग्य पाने के कैप्सूल के प्रयोग करने पर होने वाले परिणामों की जो एक संकल्पना पैदा हुई, उसी को इस कहानी का आधार बनाकर मैं आगे बढ़ गया और गढ़ दिया “वापसी” का ताना-बाना। संयोग था कि मेरी हम विचार “कंचन” को यह संकल्पना भा गई और उन्होंने इस कहानीके छ्पने से पूर्व ही टी. वी. (दूरदर्शन) के लिए 5 कड़ियों का सीरियल बना डाला। मुझे आशा है कि पाठकों को यह परिकल्पना अत्यंत भाएगी। वे इसके जरिए 21वीं सदी में होने वाल बदलोवों के एक दूरगामी योजना बनाने का सपना भी पाल सकते है जैसा इस कहानी के जरिए देखने को मिलेगा।

क्या कभी किसी ने कल्पना की थी कि भारत जैसे देश में पानी भी खरीद कर पीना पड़ेगा ? शायद नहीं। किंतु आज पानी का छोटी-छोटी बोतलों में बिकना जैसे कल्पना से बाहर की चीज थी। ठीक इसी आधार पर यह कल्पना की जा सकती है कि आने वाले दिनों में मानवता, शालीनता, समता, बन्धुता, वीरता, धैर्य या फिर वैराग्य पाने के कैप्सूलदेर सवेर बाजार में विक्रय हेतु उपलब्ध होंगे। परिणाम चाहे जो भी हों।

जाहिर है कि जिस व्यक्ति के पास खोने को कुछ भी न होगा, वह असफलता की चिंता किए बिना कुछ प्राप्त करने के लिए अथवा झेल रहा अप्रिय परिस्थितियों से उबरने के लिएकुछ भी अजीबो-गरीब प्रयोग करने के मन तो बनाएगा ही। आओं! चलो देखते हैं इस संकल्पना का भविष्य………।

***






[3] 

विविध 

             इस पुस्तक के हाथ में आने पर आपके जहन में सहज ही यह सवाल उठ सकता है कि मैं एक ग़ज़लकार से कब और कैसे एक गद्यकार बन गया। यह जानना मस्तिष्क की एक सहज अवस्था है। इस पुस्तक को पढ़कर आप पाएंगे कि मेरी ग़ज़लों/ गीतों/ कविताओं में उठाए गए प्रश्न ही जैसे इस पुस्तक में संकलित लेखों के प्रश्न हैं। अर्थात समाज के गरीब और निरीह समाज की समस्याओं से जुड़े सवाल। फिर चाहे वो शिक्षा से जुड़े सवाल हैं, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अवस्था से जुड़े सवाल या फिर शासन-प्रशासन व मीडिया के द्वारा समाज की बेहतरी के प्रति बरती जा रही अनदेखी के सवाल। ग़ज़लों/कविताओं के जरिए मुझे ‘वाह क्या बात है’, ‘क्या खूब’, ‘कमाल है’, ‘हकीकत है.....’ आदि-आदि जुमले तो खूब सुनने को मिले किंतु एक सवाल मेरे मन में सदैव बना रहा कि इससे मेरे समाज के हक में आखिर हुआ क्या है या फिर क्या होने वाला है। हाँ! गीत, गजल व कविताएं साहित्यिक धरोहर तो हैं ही। चेतना का स्वर भी है। इनका रचनात्मक स्वरूप निश्चित रूप से भविष्य की कौड़ी है।बस! इसी सोच के चलते मैंने आम आदमी से जुड़ी समस्याओं को शासन-प्रशासन के सामने उठाने के लिए 1994 में “दृष्टिकोण” नामक एक स्वयं सेवी संस्था का गठन किया। जिसके माध्यम से मैंने सर्वप्रथम उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के 24 प्राथमिक स्कूलों की दुर्दशा से जुड़े सवालों को पत्रों और  अखबारी मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन के सामने रखने का काम किया। और भी अनेक प्रश्न ....। बे बात है तो प्रानी पर मुझे ऐसा लगता है कि मैं अपने आलेखों के जरिए वही काम कर रहा हूं। यह कहते हुए मुझे खुशी का भान हो रहा है कि जिन 24 स्कूलों के बवन व अन्य निर्योग्यताओं का मामला उठाया था , उनमे से 18 स्कूलों का भवनों का निर्माण सम्पन्न करा दिया गया वह भी यथा-समय। अलग विषयों को लेकर भीसामाजिक/ साहित्यिक गोष्ठियों का आयोजन कर ऐसे प्रश्नों पर चर्चा शुरू की। इस दौरान नवभारत टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा, कुबेर टाइम्स और जनसत्ता जैसे राष्ट्रीय अखबारों ने मेरे इस काम में भरपूर मदद की। जितने भी प्रश्न ‘दृष्टिकोण’ के माध्यम से उटाए गए, उनमें से स्थानीय समस्याओं से जुड़े अधिकाधिक प्रश्न हल भी हुए। ऐसा करने से मुझे अपने कार्य से संतोष तो मिला ही, साथ ही भविष्य के प्रति ऐसा करते रहने की प्रेरणा भी। हाँ! कुछ ऐसे प्रश्न भी रहे जिनका हल होना समय में गर्भ में छिपा होता है यानि कि उनके फौरी हल ढूंढना अथवा पाना तत्काल संभव नहीं होता। ऐसे प्रश्नों को हवा देना केवल भविष्य के प्रति आशावान होना ही कहा जाएवा। खैर! ऐसा करते-करते मेरे पास शिकायती/ प्रतिक्रियात्मक पत्रों/ लेखों/ रपटों का अच्छा-खासा साहित्यिक/ रचनात्मक कबाड़ जमा हो गया। और इस तरह एक ग़ज़लकार पत्रकार/ गद्यकार बन गया। यह भी कि ग्रीन सत्ता, अपेक्षा और आवीजन विजन का संपादन कार्य करते हुए भी मुझे गजलकार से पद्यकार होने में खासी मदद मिली। सफर जारी है। कई बार किसी गद्य अथवा पद्य कृति/रचना को पढ़कर तथा किसी प्राकृतिक व अप्राकृतिक दृश्य को देखकर भी हमारे मन-मस्तिष्क में प्रतिक्रिया स्वरूप कुछ न कुछ विचार अवश्य कुलबुलाते हैं। इस कुलबुलाहट के चलते आलोचना/ समालोचना का जो विचार उत्पन्न होता है, वह सकारात्मक भी हो सकता है, नकारात्मक भी। लकिन होता है बेयोंड पैराडाइम (प्रतिमानों के परे। यह व्यक्ति विशेष की सोच पर निर्भर होता है। अक्सरकम ही लोग मन-मस्तिष्क में उपजी प्रतिक्रिया को कागज पर उकेर पाते हैं, उनमें से शायद एक मैं भी हूँ। प्रतिक्रियात्मक टिप्पणी किसी लेख के किसी एक अंश को पढ़कर भी जन्म ले सकती है और पूरी रचना/लेख को पढ़कर भी। मेरे प्रतिक्रिया-बोध ने लगभग एकल लेख अथवा खबर को पढ़कर ही जन्म नहीं लिया है, अपितु साकार व निराकार, प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष दोनों ही प्रकार के दृश्य भी मेरे गद्य और पद्य लेखन के विषय रहे हैं। मैं नहीं समझता कि मेरा प्रतिक्रिया-लेखन का क्षेत्र गीत, ग़ज़ल, कहानी या यूँ कहा जाए कि किसी भी साहित्यिक विधा की तरह व्याकरण से बंधा है। प्रतिक्रिया-लेखन का क्षेत्र मुझे बड़ा ही विस्तृत लगता है और कठिन भी। प्रतिक्रिया-लेखन की शैली पत्र-लेखन का हिस्सा भी हो सकती है और आलेख-लेखन का भी। मेरी ग़ज़लों/गीतों में भी मेरे जहन में उपजी प्रतिक्रियाओं को ही अक्सर देखा जा सकता है। यहाँ ये छोटे-बड़े लेखों या रिपोर्टस के रूप में प्रस्तुतहैं। तिक्रिया का जन्म मन से होता है, दिमाग से शायद नहीं। दिमाग तो उसका विस्तार-भर करता है। इस पुस्तक में प्रस्तुत सभी लेख कहीं न कहीं स्थानीय अथवा राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। किंतु यह जरूरी तो नहीं कि ये सभी पाठकों तक पहुँच पाए हों। अत: यहाँ-वहाँ प्रकाशित इन लेखों को पुस्तक रूप में लाने का प्रयास भी मेरे बागी तेवर और दिमागी कुलबुलाहट के चलते पत्रकारिता की एक बानगी है। 

           इस पुस्तक में संकलित लेखों को पढ़ते हुए, कई बार लगेगा कि कुछ बातों की पुनरावृत्ति हो रही है। मैं यह स्पष्ट करना अपना कर्त्तव्य समझता हूँ कि विषय से मेल खाते कुछ लेखों में ऐसा हो जाना एक सहज लेखकीय प्रक्रिया का हिस्सा है, अन्यथा नहीं। और मेरा यह लेखन किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। वर्षों लम्बे सफर में जब-जब भी मन-मस्तिष्क में जैसा भी विचार आया, मैंने उसे कलमबद्ध भर किया है। यह तो कभी सोचा भी न था कि मेरे ये लेख पुस्तक रूप में पाठकों के सामने आ भी सकेंगे।    माननीय ईशकुमार गंगानिया और शीलबोधि ने तो जैसे कमर ही कस रखी है कि वे मेरी कलम को कभी कुन्द नहीं होने देंगे। दोनों के दोनों मेरी रुग्णावस्था के चलते हुए भी मेरी कलम को आराम करने का कोई भी मौका नहीं देते। इन लेखों को पुस्तक रूप में लाने का सुझाव देने के साथ-साथ, उन्होंने मेरे लेखों का सम्पादन करने का भार उठाकर मुझे मेरी रुग्णावस्था की पीड़ा झेल पाने का बल प्रदान किया। 

 कुछ ऐसे लोग भी हो सकते है जो विचारवान न होते हुए भी, समाज हित में किसी चहेते विचार को व्‍यवहार में ले आते हैं तो ऐसे लोगों के जीवन में विचार सार्थक बदलाव लाता है। समाज में बदलाव की प्रक्रिया व्‍यक्तिगत स्‍तर से होकर ही गुजरती है। बहुत लंबे समय से लेखन और चिंतन-मनन की प्रक्रिया से जुडा रहने के साथ-साथ, आज भी विचारों का प्रभाव समसमायिक घटनाक्रम मेंदखल देने के लिए मन को बेचैन करता रहता है। मैं इस दख़ल को यदि इस पुस्‍तक में कायम रख सका हूँ, तो शायद मेरे लिए यही इस पुस्‍तक की उपयोगिता सिद्ध होगी। 

     लेकिन मेरी उपयोगिकता और पाठक की उपयोगिता में अंतर हो सकता है। पाठक का अपना परिवेश और सोच है, लेखक का अपना। सुधी पाठक मेरे अपने जीवन-अनुभवों और मेरे अपने अनुभवों की आधार-घटनाओं से होकर गुजरेंगे तो देश, काल और परिस्थिति को शक्‍ल दे पाएंगे, यही सोचकर सीधा और सरल संवाद अपने समय के पाठकों से बना रहा हूँ। नई पीढ़ी भी मेरी संवेदना के तहत भविष्य तय करें न करें यह कोई बाध्यता नहीं है, वह किसी के किसी भी विचार की स्वयं व्याख्या करें और तदनुसार आचरण करे, ऐसी मेरी कामना है।

      आलोचनात्मक आलेखों में लेखक को किन्हीं ऐसे ठोस रचना-नियमों और तत्वों का निर्देश नहीं दिया जा सकता जिनका पालन करना रचनाकार के लिए आवश्यक हो। अर्थात निबंध एक ऐसी रचना है जिसके नियम लेखक द्वारा ही अपनी सोच के आधार पर निर्धारित किए जाते हैं.....या फिर तय किए जा सकते हैं,....... किए जाने भी चाहिएं, क्योंकि ये लेखक केअपने मन की बात है...... जैसे चाहे व्यक्त करे ...... किसी को क्या लेना-देना। निबंध में सहज, सरल, स्वछन्द और आडम्बरविहीन ढंग से लेखक के व्यक्तित्व की अभिव्यक्ति होती है। यानी निबंध, लेखक के व्यक्तित्व को प्रकाशित करने वाली साहित्यिक गद्य-रचना है। निबंध का रूप साहित्य की अन्य विधाओं की अपेक्षा इतना स्वतंत्र है कि उसकी सटीक परिभाषा करना अत्यंत कठिन है।..... इसी यथार्थ के साथ मैंने भी अपना लेखकीय यात्रा तय की है। यहाँ मैं कहना चाहूँगा कि यह पुस्तक भी पूर्व प्रकाशित पुस्तक भी अन्य पुस्तकों तरह ही किसी परियोजना का हिस्सा नहीं है। हाँ! समय के साथ-साथ जिन-जिन विषयों को लेकर आलोचना-समालोचना के चलते जब-जब भी मन प्रतिक्रिया करने के लिए विचलित हुआ, वही प्रस्तुत रचना का आधार रहा है।बिना किसी संकोच और भय के, मैंने अपने उन्हीं जीवन-अनुभवों को प्रस्तुत आलेखों में पेश किया है।एक बात और कि मेरे ये आलेख किसी प्रकार के व्याकरण और पांडित्य से अभिभूत नहीं हैं, केवल मन की बात को शब्द रूप-भर दिया है। अत: मेरा यह आग्रह है कि प्रस्तुत आलेखों को केवल और केवल सामाजिक सद्भाव, धार्मिक सहिष्णुता और राजनितिक निष्पक्षता बनाए रखने की भावना को केन्द्र में रखकर देखा जाए। हाँ! यह तब ही संभव है कि जब पाठक इन लेखों का बिना किसी दुराग्रह और पूर्वाग्रह के साथ पठन-पाठन करेंगे।


यह भी कि कविता, कविता की शर्तों पर नहीं, अपितुजीवन की शर्तों पर ही रची जाती है। ठीक यही तर्क ग़ज़ल पर भी लागू होता है। अब ग़ज़ल भी शब्दों और परंपरागत शर्तों की दासी नहीं रह गई है। यह भी नए-नए रूप बदलने लगी है। आम-आदमी के इतनी करीब आ गई है कि जिन्दगी और मौत का अंतर भी अब इसे समझ में आने लगा है। 

यदि ये कहूँ कि शायरी भी बड़ी अजीब चीज है, तो शायद अतिश्योक्ति नहीं होगी क्योंकि शायरी में कभी-कभी जिन्दगी और मौत, या यूँ कहें कि शब्द और खामोशी एक दूसरे में ऐसे उलझकर रह जाते हैं कि लगने लगता है कि कभी शब्दों को खामोशी तो कभी खामोशी को शब्द मिल जाते हैं। मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। मैं जुलाई 2012 में इतना बीमार हुआ कि मुझे पता ही नहीं चला कि मैं तीन अगस्त दो हजार बारह (03.08.2012) को मौत को चकमा देकर अस्पताल से घर आ गया या फिर मौत ही मुझे कुछ और आजमाने के लिए जिन्दगी के हवाले करके वापिस चली गई।

प्रस्तुत ग़ज़ल-संग्रह में संकलित अधिकांश ग़ज़लें अगस्त 2012 के बाद में बनी सोच और शेष जीवन और मौत के संबंधों की गहराई की एक बानगी भर हैं। सच तो ये है कि इस दौर में मेरे अकेलेपन की केवल ग़ज़ल ही साक्षी रही है। इस बीच मैंने कितने कड़वे, तीखे या फिर मीठे घूँट पिए हैं, मेरी आँखों में कितने आँसू आए-गए है, कितनी मुस्कराहटें मेरे अधरों पर उठी-बैठी हैं, एक ग़ज़ल ही तो है जिसने हर पल कभी लय बनकर, कभी स्वर बनकर तो कभी केवल शब्द बनकर मेरी हर अवस्था को प्राणवान किया है। 

इतना ही नहीं, मैं इस बीच भौतिक जीवन और यदा-कदा आध्यात्मिक अनुभव, सबमें गुजरता रहा और पीड़ा के सुख, सुख की पीड़ा का अनुभव करता रहा। ऐसे भी बहुत से रंग रहे, जिनके दर्शन तक भी नहीं हुए। किंतु मैं उसे भी अपनी भाव-प्रवणता अथवा कल्पना के जरिए अपनी अभिव्यक्ति में उतारता रहा। 

कभी कहकर, कभी गुनगुनाकर, या फिर बोलकर। मैंने जाना कि जब तक सृष्टि है, तब तक अनुभूति है और जब तक अनुभूति है, तब तक अभिव्यक्ति है। लगा कि पीड़ा की अभिव्यक्ति में भी सुख है। मन की बात खोलने से पीड़ा आँसू बनकर बह जाती है, कम हो जाती है। सुख की अभिव्यक्ति में तो सुख है ही – इसे दोहराने से सुख फैलता है, सुख का कद और बड़ा होता जाता है।

हाँ! एक बात और कि मैंने ग़ज़ल की रचना में कुछ नए प्रयोग यथा ग़ज़ल में नए शाब्दिक प्रयोग भी किए हैं। एक ही शब्द का नाना-प्रकार से प्रयोग करके भी भावप्रवण रचना जन्म ले सकतीहै, ऐसी मेरी मान्यता है। ऐसा करने के बाद मुझे बड़ा ही सहज और मुक्त-बोध का एहसास हुआ। 

यद्यपि मेरे कुछ साहित्यिक मित्रों ने इस प्रकार के प्रयोग से जन्मी ग़ज़लों को इस पुस्तक में न रखने का सुझाव दिया था, तथापि मैंने ऐसी कुछेक ग़ज़लों को पाठकों के अवलोकनार्थ यहाँ प्रस्तुत किया है।

पुन: उल्लेख है कि मेरे इस संघर्ष में माननीय के.एल.बालू, ईश कुमार गंगानिया और शीलबोधि सदैव भागीदार बने रहे, इस हेतु मैं उनका आभार-भर व्यक्त करके मुक्त नहीं होना चाहता, बल्कि मैं उनकी इस उदारता की निरंतरता का अभिलाषी बना रहना चाहता हूँ। 

इसी क्रम में, पाठको से मेरी अपेक्षा है कि वे शब्दों और उनके प्रस्तुतिकरण के उलटफेर में न पड़कर मेरे मनोभावों और उनकी जीवंतता की गहराईयों में उतरने का प्रयास करेंगे ताकि वो मेरे करीब, और करीब आ पाएं। मैंने यह सदैव माना है कि कि किसी भी रचना के प्रति पाठकों कि सच्ची और सघन घनिष्ठता मेरी लेखन क्षमता और लगन पर सीधा और तीव्र असर करती है, कोई और माने न माने.... इससे मेरा कोई सरोकार नहीं है। पाठको के प्रति हमेशा मेरी यही आत्मीयता और विश्वास रहा है..

भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व महाप्रबन्धक, ए.पी. एन. पंकज (वरिष्ठ कवि एवं गीतकार) जो मेरे विभागाध्यक्ष भी रहे चुके है का मेरे बारे में यह कहना है कि मुस्कराहट दर्द से भरी है, या मुस्कराहट दर्द को छिपाने का प्रयास कर रही है?.....बात के पीछे व्यंग्य है.........या व्यंग्य की ही बात है?..........तेज ने सूई को हाथ में अपना तन बेधने के लिए पकड़ रखा है या.........उसे दूसरों के बदन में चुभोने के लिए?........इन सवालों का जवाब तो ’तेज’ को देख, सुन या पढ़कर दे पाना मुश्किल है,......मगर उसे देख, सुन या पढ़कर ऐसे सवाल आपके मन में उठेंगे जरूर।   

***

       मेरी इस कहानी से एक बात तो साफ होती है कि हर व्यक्ति को खुद ही अपनी लड़ाई लड़नी पडती है, रिशतेदार देख रहे होते है, पूरा समाज देख रहा होता है, सब कुछ समझ भी रहा होता है । सब वहां उपस्थित भी होते हैं लेकिन फिर भी कोई विरला ही सहायता के लिये आगे नहीं आता । सब आपको संघर्ष करते हुए केवल देखते रहते है। बाहर का कोई दोस्त भले ही आगे आकर आपकी मदद कर दे लेकिन आपके अपने यार-दोस्तों एवं समाज के कुछ लोग, पडोसी इत्यादि मूकदर्शक ही बने रहते है । संघर्ष केवल और केवल, आपको खुद को ही करना पडता है.. और आगे बढ़ना पडता है.....सारांरत: धारा के विपरीत चलना ही जैसे मेरी नियति रहा है। धारा की दिशा में अथवा बनी – बनाई लकीर पर चलना मेरे हिस्से था ही नहीं। 

अंत, में, इस पुस्तक के शीध्र प्रकाशन के लिए प्रकाशक महोदय का हृद्य से आभारी हूँ। आशा है कि उनका इस प्रकार का भाव और सहयोग सदा बना रहेगा। पाठकों की प्रक्रियाएं सादर आमंत्रित हैं।000