आत्मकथांश




फ्लैश बैक : बियोंड पैराडाइम

(आत्म वृत्त)




तेजपाल सिंह ‘तेज’






कॉपीराइट :- तेजपाल सिंह ‘तेज’

यह पुस्तक इस शर्त पर विक्रय की जा रही है कि लेखक की पूर्वानुमति के बिना इसे व्यावसायिक अथवा अन्य किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जा सकता। इसे पुनः प्रकाशित कर बेचा या किराए पर नहीं दिया जा सकता तथा जिल्दबंद या खुले किसी अन्य रूप में पाठकों के मध्य इसका वितरण नहीं किया जा सकता। ये सभी शर्तें पुस्तक के खरीदार पर भी लागू होती हैं। इस सम्बन्ध में सभी प्रकाशनाधिकार सुरक्षित हैं। इस पुस्तक का आंशिक रूप से पुनः प्रकाशन या पुनः प्रकाशनार्थ अपने रिकॉर्ड में सुरक्षित रखने, इसे पुनः प्रस्तुत करने के लिए अपनाने, अनुदित रूप तैयार करने अथवा इलेक्ट्रॉनिक, मैकेनिकल, फोटोकॉपी तथा रिकॉर्डिंग आदि किसी भी पद्धति से इसका उपयोग करने हेतु पुस्तक के लेखक की पूर्वानुमति लेना अनिवार्य है। 

वेबसाइट :- www.bookrivers.com

प्रकाशक ईमेल :- publish@bookrivers.com

मोबाइल :- +91-9695375469     

प्रकाशन वर्ष :- 2021  





समर्पण  

·पूर्व प्राचार्य श्री रामाश्रय शर्मा (दिवंगत), स्वतंत्र भारत इंटर कालिज, भवन बहादुर नगर (बुलंदशहर) ;

·मेरे प्रथम गुरू मास्टर हरपाल सिंह नाई (दिवंगत ); और 

·दिवंगत श्री रामभज सिंह; को ससम्मान समर्पित 







1.7 प्रेम-प्रसंग:छेड़छाड़ भी तो प्रेम ही है कि नहीं?

मैं मानता हूँ कि प्रेम जीवन का एक ऐसा अवयव है जो किसी भी जीव में जन्म के साथ ही जन्म ले लेता है। उसकी समझ उसमें हो अथवा न हो किंतु मन-मस्तिष्क में प्रेम के अवयव विद्यमान होते ही हैं। तभी तो नवजात बालक माँ से तनिक दूर होने पर ही विचलित हो उठता है। इतना अघाध प्रेम होता है। कितनी अदभुत बात है, आम जीवन में हम सबने देखा है। हाँ! प्रेम के प्रकार पर प्रश्न जरूर हो सकते हैं....किंतु इससे सब से प्रेम की परिभाषा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। कहने को कोई कुछ भी कहे......किसी को कुछ कहने से रोका तो नहीं जा सकता।

मैं यह भी मानता हूँ कि उम्र के उतार-चढ़ाव के हिसाब से प्रेम के अर्थ बदलते चले जाते हैं, इसमें कोई शंका नहीं की जानी चाहिए। शैष्व-काल और बचपन में मां-बाप और संतान के बीच का प्रेम, युवावस्था में उन्माद-भरा प्रेम और जवानी में स्त्री के प्रति मोह का ही नहीं, अपितु शारीरिक यौन आवश्यकताओं की पूर्ति के प्रति प्रेम उमड़ता ही जाता है। यानि कि ये कहा जा सकता है कि उम्र के हर पड़ाव के प्रेम की परिभाषा निरंतर बदलती चली जाती है.... क्या इस तर्क को नकारा जा सकता है? अब मैं अपने प्रेम प्रसगों पर बात करना चाहूँगा। मेरी प्रेम कहानी यथोक्त का सत्य शायद पाठकों को मिल जाएगा, ऐसा मेरा मानना है।

1.7.1 एक

यदि मैं ये कहूँ कि हमारे समय के आँगन में सब बच्चे..... फिर चाहे वो लड़के हों या फिर लड़कियाँ......मुक्तभाव से एक-दूसरे के साथ निश्छल भाव से खेलते-कूदते थे ...इस खेल-कूद में केवल और केवल शालीनता और भोलापन होता था.....अश्लीलता का भाव तो कतई नहीं होता था....किसी की सोच में ही अश्लीलता का भाव होता ही नहीं था। बड़े होते-होते ये खेल-कूद छेड़-छाड़ में बदलती चली जाती थी।... जीवन का यह एक व्यावहारिक पक्ष है.....केवल मेरा कथन-भर नहीं....।

शहरों की बात छोड़िए, देहातों में तो आज भी एक-दूसरे के घर आना-जाना बरकरार रहता है। भाभी बताती थी कि मैं अपने बचपन के अल्लहड़पन में आस-पड़ोस का इतना प्यारा था कि महीने के पन्द्रह दिन शाम का खाना अलग-अलग पड़ोसीयों द्वारा खाना खिलाकर ही मुझे अपने घर जाने दिया जाता था। अब ऐसे में आस-पड़ोस के बच्चों के बीच कोई उछल-कूद/ छेड़-छाड़ न हो, ये संभव ही नहीं। जाहिर है मैं भी उस खेल-कूद/ छेड़-छाड़ में शामिल होता था।......

एक वाकया याद आ गया कि वारिशों के दिन थे..... मैं अपने घर के आगे वाले भाग में पड़े छप्पर में खाट बिचाए वारिश की बून्दों और औसारे से झड़ती औलातियों से पैरों के जरिए छेड़छाड़ न हो, ये संभव ही नहीं होता था। मैं भी इसी छेड़छाड़ में मस्त था ...अचानक पड़ोस के एक लड़की उधर से गुजर रही थी...पता नहीं कब उसे मेरा पाँव छू गया...... पड़ोस एक बूढ़ी औरत ने उसे देख लिया... यद्यपि ये एक जानबूझ कर की गई घटना नहीं थी....किंतु उस महिला ने सारे गाँव मेरे द्वारा पड़ोस की उस लड़की को छेड़ने की घटना को ऐसी हवा दी कि मेरे और उस लड़की के घर वाले सकते में आ गए....सबका मानना था कि ऐसा हो ही नहीं सकता कि तेजपाल किसी लड़की के साथ इस प्रकार का व्यवहार करे.... खैर! लड़की पक्ष के लोगों ने यह कहकर मामला शांत कर दिया कि वो लड़का हमारे यहाँ रोज आता-जाता है....ये अफवाह केवल पडो‌सियों के बीच दरार डालने का मामला समझकर लड़की के घर वालों उल्टे उस बुढ़िया की लानत-मलामत ही की। उसके बारे में किसी के द्वारा भी फैलाई गई इस प्रकार की घटना पर विश्वास नहीं जा सकता।

यहाँ इस बात का उल्लेख करना जरूरी है कि उस समय मैं शायद आठवीं/नौंवी कक्षा का छात्र रहा हूँगा...... मेरे माता-पिता की मृत्यु के बाद मेरे बीच वाले मामा- छिद्दा ने हमारी देख-रेख के करने के लिए हमारे घर ही रहना शुरु कर दिया था। इस अफवाह के बाद उन्होंने आठवीं/नौंवी कक्षा में पढ़ते हुए ही मेरी शादी कर देने का सुझाव दे डाला।...... मेरा भाई भी उनकी हाँ में हाँ मिलाता रहता था....उन्हें ये चिंता सताती थी कि लोग ये न कहें कि बिना माँ-बाप के लड़के की शादी की किसी को भी कोई चिंता नहीं है। ....और मैं था कि शादी करने के पक्ष में नहीं था। उक्त घटना की सूचना पाकर मेरे मामा जी ने एक तगड़ा सा तंज भी कसा कि वैसे तो कहता है कि मैं शादी नहीं करूँगा.... वैसे आस-पड़ोस की लड़कियों को छेड़ता फिरता है।....अच्छा हुआ कि लड़की के घर वालों ने इस घटना को तूल नहीं दी और मामला शांत हो गया किंतु मुझे अनायास घटी ये दुर्घटना बराबर सालती रही....... और घटना के लगभग तीस वर्ष बाद इस घटना को एक कविता में ढाल दिया जो वर्ष 2000 में प्रकाशित मेरी पुस्तक  “पुश्तैनी पीड़ा” में  “नाबालिग-प्रेम” शीर्षक से प्रकाशित है। मैं चाहूँगा कि आप भी उसे पढ़ें.....और मेरे प्यार की प्रकृति पर दृष्टिपात करें....शीर्षक है “नाबालिग- प्रेम”...

नाबालिग – प्रेम

बचपन की

वो बरसाती सांझ

अब भी

रह-रहके याद आती है

याद आती है

साथिन धनिया की ताज़गी

ताज़गी

शरारतों की / विचारों की

शरारतें भी अक्सर

जी का जंजाल बन जाती हैं

हो जाती हैं बदनाम

काटने लगती हैं

जेठ की दोपहरी की तरह

जो एक सार्वभौम सत्य है

न शरारत है

न विचार

साथिन धनिया की शरारत भी

एक ऐसा ही सच थी

नितांत निष्पाप

नितांत पवित्र

ठीक मेरी शरारत की तरह

उस दिन सब कुछ

अनायास ही घटा था

कुदरती बरसात की तरह

औलाती पड़ना

छान के घर का सच है

और

सच है औलती में पाँव भिगोना

मैंने भी औलाती में

पाँव भिगोए थे

पता नहीं धनिया कब आ गई

पता नहीं

उसे मेरा पाँव कब छू गया

दोनों निरे अनजान

जैसे

बून्द का बून्द से टकराना

अफसोस!

ये टकराहट

किसी की आँख में चुभ गई

और

बन गई हवा

फैल गई समूचे गाँव में

सच पूछो तो

ये अच्छा ही हुआ

आँधी आने से पहले ही छँट गई

प्रेम चपटा होने से बच गया

बालिग होने से रह गया।

               000

1.7.2. दो

वर्ष 1981 में मेरे नियोक्ता भारतीय स्टेट बैंक ने मुझे केन्द्रीय कार्यालय के आडिट विभाग में तैनात कर दिया। यह एक यायावरी (मोबाइल) यानी कि भारतीय स्टेट बैंक की ही एक शाखा से दूसरी शाखा में जाना....आडिट/निरीक्षण करना मेरे कार्य का हिस्सा था। मैं और मेरा बोस .... हम दो ही लोग हुआ करते थे। यहाँ यह उल्लेख करदूँ कि मेरे बोस जाति से शर्मा थे.....नाम था पी. डी. शर्मा ......पर थे कमाल के मिलनसार और निष्पक्ष स्वभाव के धनी। जाति-भाव तो उनके शब्दकोष में था ही नहीं। हम साथ रहते...साथ-साथ खाते....साथ-साथ नहाते-धोते...... उन्हें अक्सर नदी/नाले में बिना साबुन के मिट्टी शरीर पर रगड़ना...मेरे लिए नई बात थी...किंतु उनके साथ रहकर मुझे भी इसकी आदत पड़ गई। जहाँ कहीं जाते.... पहले वहाँ के स्टाफ से यही मालूम करते कि हमारे निवास के आस-पास कोई नदी-नाला है कि नहीं। ... नदी-नाला अक्सर मिल ही जाया करता था। सो वो मेरे शरीर पर मिट्टी मलते और मैं उनके शरीर पर........खैर! प्रेम-प्रसंग की दूसरी घटना सुनाने से पहले यह बताना मैंने जरूरी इसलिए समझा क्योंकि उस घटना का इस दौर से सीधा संबंध है।

एक बात और कि लेखक मिजाज का होने के कारण मैंने अक्सर अपनी जीवन को किसी न किसी शैली में अभिव्यक्त करता रहा हूँ.....मैंने अपनी नजर में छुपाया कुछ भी नहीं है.....कहीं ग़ज़ल में, कहीं कविता में, कहीं कहानी के रूप में...कुछ निबंधों में भी में मैंने अपना दृष्टिकोण अभिव्यक्त है।... हाँ!....कुछ समय के साथ-साथ लिखा कुछ समय को पीछे छोड़ते हुए ...किंतु लिखा जरूर है। पहली घटना जो मेरे शिक्षा-काल की है, को कविता के रूप में वर्ष 2000 में तो दूसरी घटना जो वर्ष 1981 की है, को वर्ष 1997 में “निरी आदमी” शीर्षक से एक कहानी के रूप में लिखा...इस कहानी के बारे में खास बात ये है ये आप-बीती कहानी मैंने संसद मार्ग कार्यालय में लंच के बाद एक ही बैठक में लिख डाली थी। .... उस समय मेरे कार्यालय के एक साथी मि. चावला हुआ करते थे जिन्हें पढ़ने का बहुत शौक था...... मैं पेज दर पेज लिखता गया और वो पढ़ते गए....... जब हाथ रुका तो उन्होंने हैरत भरी दृष्टि से मेरी ओर देखा और ...तपाक से बोले...यार इसे बिना टाइप कराए ही किसी पत्रिका में छपने भेज दो...देर नहीं करनी है....अभी भेज.... फोटोकापी अपने पास जरूर रखले...किंतु इसे आज ही चलता करदो। पहले तो मुझे लगा कि ये मेरी खिचाई कर रहा है...फिर मैंने खुद इस कहानी को पढ़ा और उसी दिन माननीय मणिका मोहिनी जी द्वारा संपादित ख्यात पत्रिका “ वैचारिकी संकलन” में प्रकाशनार्थ प्रेषित कर दी। और उन्होंने इसे एक रेखांकन के साथ छाप भी दिया। जाहिर है कि मेरा मन भी गदगद हुआ किंतु इस कहानी के प्रकाशन का श्रेय मेरे उस साथी चावला को ही जाता है जिसने इसे पढ़ा ही नहीं अपितु प्रकाशनार्थ भेजने का परामर्श भी दिया था। 

उसके बाद ये कहानी बहुत जगह प्रकाशित हुई....... संदर्भ हेतु इतना बता दूँ कि 1981 में हम उत्तर-प्रदेश के फैजाबाद थे जहाँ हिन्दू और मुस्लिम बड़े ही सौहार्द पूर्ण जीवन यापन करते थे...... लेकिन 1992 को घटी बाबरी मस्जिद की घटना ने भी इसे बदनाम कर दिया। 

खैर! स्टेट बैंक की उस शाखा के प्रबंधन ने जिसका हमें निरीक्षण करना था, एक निजी स्कूल के प्रांगण में रहने के लिए मुझे और मेरे बास को दो कमरे मुहैया करा दिए थे.... अब आगे आपको कहानी के जरिए हालात को जानना होगा....... उसके मूल रूप को ही मैं यहाँ दे रहा हूँ......बाकी खुलासा कहानी खुद करने का सामर्थ्य रखती है, ऐसा मुझे विश्वास है। कहानी का शीर्षक “निरा आदमी” सरल भी है और आदमी होने का प्रमाण भी।

निरा आदमी

“कई दिनों के बाद आए हो । कहाँ गए थे?”

“घर गया था ।

"घर पर सब ठीक तो है

"हाँ, सब ठीक है । बस, बिटिया की तबीयत थोड़ी खराब चल रही है ।"

“अब कैसी थी बिटिया?”

“कुछ ठीक थी ।”

"कितने बच्चे हैं आपके?“

“बस दो ।"

“बैठोगे नहीं? आओ यहाँ मेरे पास बैठो । आना - जाना ठीक रहा ना ?"

“हाँ, ठीक रहा ।”

तुम बता कर क्यों नहीं गए?  मैं जाने क्या-क्या सोचती रही इन दिनों ?"

”मेरे बारे में?”

“और किसके बारे में?”

“मुझसे इतना स्नेह क्यों है तुम्हें? देखो, मैं एक परदेसी हूँ। कुछ ही दिनों में चला जाऊँगा। फिर तुम्हें और भी पीड़ा होगी ।"

”क्यों मुझे साथ नहीं ले चलोगे?”

“कहाँ?"

“अपने साथ, और कहाँ।"

"सूजी तुम अच्छी तरह जानती हो, मैं बाल - बच्चे वाला आदमी हूँ ।”

"....तो मैं कौन तुमसे शादी रही हूँ । देखो! मैं दुनिया में अकेली हूँ । पति था । उसने मुझे नहीं, मैंने उसे छोड़ दिया है ।"

“क्यों? ऐसी क्या बुराई थी उसमें ?"

“बेरोजगार था । कुछ करता ना धरता । रोज पीने को चाहिए थी उसे।"

"बस इतनी-सी बात। काम तो कहीं ना कहीं, कभी ना कभी मिल ही जाता।"

“काम करने की नीयत हो तब ना।"

"थोड़ा समझाती - बुझाती उसे ।"

"बहुत समझाया, नहीं माना । वह तो मुझसे घंधा करवाना चाहता था। कई बार अपने दोस्तों को ले आता था हरामी। कहता, इनकी सेवा किया कर, सब ठीक हो जाएगा। बड़े पैसे वाले हैं ये ।

"अच्छा!"

"हाँ, कई बार मेरे साथ जोर - जबरदस्ती भी की उसने । उनके सामने मेरे कपड़े तक फाड़ दिए उस कमीने ने । एक बार तो मुझे जैसे नंगा ही कर दिया । " किंतु मैं उसका कहा न कर सकी....दूसरे कपड़े-लत्ते पहने और निकल गए घर से.......।

"ऐसा क्या?"

“हाँ, आखिर मैं क्या करती? कब तक लड़ती - झगड़ती ? रोज शाम को पीकर आता । गाली - गलौज करता । मारता - पीटता । कब तक सहती यह ?"

“तो यह अहमद भाई आपके पति नहीं है?”

“नहीं, यह इस स्कूल के मालिक हैं । पति से बच कर यहाँ आ गई थी । इनके यहाँ नौकरी करने लगी। इन्होंने दया की और नौकरी के साथ-साथ स्कूल में ही रहने को एक कमरा भी दे दिया ।

पर.."

"पर क्या?”

“कुछ दिन ठीक - से गुजरे । यह रोज़ साँझ हुए यहाँ आने लगे । घंटों मेरे साथ बैठे रहते, बात - बात में हंसी मजाक पर उतर आते ...”

"फिर?”

“फिर क्या? आखिर यह भी तो मर्द ठहरे। मैं कब तक बचती ? बच कर जाती भी कहाँ ? पर लोगों की नजर में मैं इसकी दूसरी बीवी हूँ । बस ! बदनामी से बची हूँ, वरना ..."

"वरना क्या?”

“छोड़ो, कुछ नहीं । अब तो यही सोचती हूँ, कहीं सहारा मिले तो यहाँ से चली जाऊँ । जब से तुम्हें देखा है, तुममें कोई अपना - सा नजर आता है । सच मानो, मैं तुम्हारे परिवार के आड़े नहीं आऊँगी, अपना करूँगी। अपना खाऊँगी । किराए का मकान लेकार उसमें ही ट्यूशन पढ़ा‌ना शुरु कर दूँगी ....तुम आँखों के सामने रहोगे तो मैं बहुत कुछ मूल - सा जाऊँगी”

“ऐसा क्या है मुझमें?"

“सच बताऊँ? तुम्हारी शक्ल मेरे पति से मिलती है। मैं बहुत प्यार करती थी उसे ... अब भी मुझे याद आता है । पर मैं धंधा नहीं कर सकती थी ।"

"चलो ठीक है । पर मैं भी तो ....उन सा हो सकता हूँ । आखिर मैं भी तो एक मर्द हूँ ।”

"नहीं, तुम मर्द नहीं हो निरे आदमी हो । उन जैसे हो नहीं सकते ।”

“यह तुम कैसे कह सकती हो?”

"पिछले 15 दिनों में खूब सोचा-परखा है मैंने तुम्हें । तुम्हारे साथ पिक्चर भी देखी है, अंधेरे - उजाले में साथ बैठे - उठे भी हैं हम, वह भी एक चारपाई पर । कोई ओर होता तो अब तक.."

"हो सकता है, मैं ठंडा करके खाने में यकीन रखता हूँ ।"

“कतई नहीं, ऐसा हो ही नहीं सकता"

"क्यों?”

“भूल गए पिक्चर हॉल की बात? मैंने कई बार आपके हाथ पर हाथ रखा था, कई बार टाँगों से टाँग अड़ाई थी । पर तुम थे कि लड़कियों की तरह बचते रहे । 

मुझे समझाने पर उतर आए। और जानते हो, आग लगने में केवल क्षण भर का समय लगता है, दिनों-महीनों का नहीं। क्या कुछ नहीं किया, मैंने तुम्हारे साथ पिछले पन्द्रह दिनों में ।"

"हाँ, मेरे खुले पत्र के जवाब में, जो मैंने तुम्हारे कमरे की खिड़की से छुप कर अंदर डाल दिया था, तुम्हारी वह कविता ही काफी थी तुम्हें समझने के लिए ।”

”कौन - सी कविता ...?"

“इतने अनजान मत बनो।

“सच! मुझे मालूम नहीं है ।

“अच्छा? नहीं है तो ..... सुनो! मैं एक परदेसी हूँ/ मेरे नज़दीक मत आओ... / कल चला जाऊँगा/ फिर तुम्हें एक की नहीं/ दो की याद सताएगी/ अब एक की आग में जलती हो/ कल से दो की आग में जलोगी/ सुनो! मैं एक परदेसी हूँ कल चला जाऊँगा मेरे नजदीक मत आओ जल जाओगी।"

"यह मेरी कविता है?”

“फिर किसकी है? कितने बहाने ढूँढ़ोगे मुझसे बचने के ? "

“सुनो! रात के बारह बज चुके हैं। सो जाओ अब। "

"नींद आए तो सोऊँ ना?"

"आ जाएगी, कोशिश करो ।”

“खड़े क्यों हो गए? यहीं लेट जाओ ना" नहीं , अब चलता हूँ , शुभ रात्रि ।" इतना कह मैं अपने कमरे पर आ तो गया पर सो नहीं पाया । सोचते सोचते पिछले 15 दिनों के घटना चक्र में डूब गया । मेरे यहाँ आने के दूसरे दिन की ही बात है

“साब..... मैं मातादीन , नाश्ता लाया हूँ "

"ठीक है, मेज़ पर रख दो ।

“ठीक है साब! दाल के परांठे हैं। साब, जल्दी खा लेना , नहीं तो ठंडे हो जाएँगे "


रोज़ इसी तरह नास्ता आता । में खा लेता । एक दिन क्या हुआ कि नाश्ता करते समय मेरे बॉस आ गए जो इसी स्कूल के दूसरे कमरे में रह रहे थे ... बोले . “अरे! अकेले - अकेले कर रहे हो नास्ता" ....

क्यों सर !  आपने नहीं किया "

नहीं तो , कहाँ से आता है "

सर ! में तो समझता था कि आप ही मुझे नाश्ता भेजते हैं।“

"तो क्या नाश्ता रोज आता है?"

“जी, सर “कौन लाता है ।”

“मातादीन, सर ।"

"कौन है यह मातादीन?”

“पता नहीं सर ।”

“मैंने कभी पूछा ही नहीं, समझता रहा कि आपने ही कोई व्यवस्था की होगी” “अच्छा! ... ठीक है ... कल पूछना उससे, कहाँ से कौन भेजता है?”

“ठीक है, सर ।"

अगले दिन...... "मातादीन! जरा यहाँ आओ।"

"जी साब”

"अरे! साहब को नाश्ता नहीं पहुँचाते क्या ।"

"जी नहीं साब! मैडम केवल आपके लिए नाश्ता भेजती हैं।"

“मैडम ... कौन-सी मैडम"

"साब! सूजी मैडम, इस स्कूल में टीचर हैं ।"

”टीचर और नाश्ता? और वह भी मुझ अकेले को ... कुछ समझ नहीं आया ..

“क्या साब”

“कुछ नहीं । अच्छा सुन, कल से नाश्ता मत लाना ।"

“क्यों साब?”

“अरे तू नहीं समझेगा। साहब को नाश्ता नहीं मिलता ना, नाराज हो जाएंगे।”

“ठीक है साब ... मैं मैडम को बोल दूंगा ।" (चला जाता है ।)

... फिर अगले दिन मेरे बास आए और आश्चर्य से पूछा" अरे! तूने अभी नाश्ता नहीं किया ? बहुत स्वादिष्ट पराँठे हैं, दाल के। खा ले वरना ठंडे हो जाएंगे ।"

“आपको कैसे पता, सर?”

“अरे! आज मातादीन मेरे लिए भी नाश्ता लाया था... “अच्छा!”

”हाँ, अब कर ले नाश्ता । फिर ऑफिस चलते हैं ।”

रोज ऐसा ही सिलसिला चलता रहा । अब सूजी मुझे और मेरे बॉस को भी नाश्ता भेजने लगी थी । साँझ को स्कूल के प्रांगण में सब साथ-साथ होते, बातें करते । लगता, जैसे सब एक ही परिवार के हैं । एक दिन की बात है, छुट्टी का दिन था । मातादीन नाश्ता लेकर आ गया उसने दरवाजा बजाया । अरे! नाश्ता ले आये मातादीन...

“अच्छा, आज एक काम और कर दो।

“क्या साव?”

“जरा बाजार से सूई धागा तो खरीद ला ।”

”क्यों साब?”

“कमीज़ में बटन लगाने हैं।"

"अच्छा साब।"

"मैडम, मैं ज़रा बाज़ार जा रहा हूँ ।”

"क्यो?"

“साब ने सूई घागा मंगवाया है”

"क्यों"

“कमीज़ में बटन लगाने हैं ।”

“अच्छा तो ऐसा कर, साहब से कमीज़ ले आ । मैं लगा दूंगी।”

“जी! मैडम, जाता हूँ ...

“साब”

“हां, ले आया सूई धागा।"

“नहीं साब! मैडम ने कमीज़ मंगाई है। कहती हैं, मैं लगा दूंगी।"

"तूने मैडम को क्यों बताया?"

“बताया नहीं साब । मैंने बाज़ार जाने को कहा था उनसे । वह पूठ बैठीं, क्यों? फिर मैंने सब कुछ बता दिया ।"

“पागल है तू । जा, में खुद ले आऊँगा”

"नहीं साब। मैडम ने कमीज़ मंगाई है। नहीं ले गया तो मुझे झाड़ पड जाएगी"

"अच्छा! अब...बस कर... ओर जा ।"

मातादीन तो चला गया किंतु मेरी नजर में आया कि मैडम कुछ तेवर में मेरी तरफ आ रही थी। मेरे पास आते ही उनकी पहला ही सवाल था ....

“तुमने मातादीन को कमीज़ क्यों नहीं दी? मुझे अच्छा नहीं लगा।"

”क्यों?

“क्या हो जाएगा इसमें? मैं घिस जाऊँगी क्या?"

“नहीं यह बात नहीं है।"

"लाओ, इधर लाओ कमीज़ छोड़ो,  क्या मेरा सुकून तुम्हें पसंद नहीं?....... इस प्रकार हम दोनों के बीच की दूरी घटती गई । इस दिन के बाद एक और एक संदर्भ जुड़ता चला गया। घर और परदेस का अंतर भी जैसे मिट सा गया । एक तरफ मुझे परदेस का डर सताता, दूसरी और उसकी पीड़ा और अपनत्व मुझे अपनी ओर खींचता। बड़ी असमंजस्य भरी स्थिति थी मेरी। अपनों की तरह इन्तज़ार करती थी वह मेरा। लेकिन मैं मन ही मह परेशान रहता था। यह चर्चा बंद ही हुई थी ....कि इस बीच मेरे बॉस की पत्नी और बच्चे भी आ गए । बास की पत्नी उम्र दराज थीं। मातादीन के जरिए मेरे और सूजी के बीच की बात उन तक भी पहुंच गई। मैं अपने बॉस की पली को 'अम्मा' कहता था ।

एक दिन ऑफिस से लौटा ही था कि "आ गए बेटा ।"

“हाँ! अम्मा ।"

“आओ! इघर बैठो मेरे पास ।"

“जी अच्छा।"

“एक बात कहूँ।"

“जी कहो।"

"सूजी तुम्हें बहुत प्यार करती है। सारे दिन तुम्हारी बातें करती रहती है। छोटे साहब ऐसे हैं ... छोटे साहब वैसे हैं। पता नहीं क्या - क्या बात करती है। बेटा! सूजी बड़ी अच्छी लड़की है।"

“अम्मा! तुम नहीं जानती कि मैं.......

“मैं सब जानती हूँ, तू शादीशुदा है, बाल-बच्चेदार है और.....”

"अम्मा फिर भी तुम उसकी बातों में आ गई? आखिर वह मुझसे चाहती क्या है ?"

“बस! इतना कि जब तक हम यहाँ हैं, तू उससे दूरी मत रख .... उसके साथ बैठा कर.... उसके साथ घूमा कर और देख! तेरे साथ होने से उसे बहुत सुकून मिलेगा।"

“मगर कब तक? कल कुछ और हो गया तो ?"

“कुछ नहीं होगा । वह बहुत समझदार लड़की है और तू भी। सब कुछ समझती है । देख! कुछ ही दिनों की बात तो है। काम पूरा हो जाएगा। हम सब यहाँ से चले जाएंगे। फिर सब कुछ अपने आप खत्म हो जाएगा"

“मैं ऐसा नहीं समझता..."

“तू कैसा आदमी है रे!  कुछ दिन के लिए तू किसी का दुख नहीं बाँट सकता ? भूल गया मेरे आने से पहले के वे दिन , जब रोज सवेरे तुझे वह नाश्ता भेजती थी। तेरी कमीज में बटन टाँकती थी? क्या लगता है तू उसका? जो तेरी इतनी चिन्ता रखती है ... देख बेटा!  दुनिया में सब एक से नहीं होते। वह ऐसी लड़की नहीं है। तेरी कविता पढ़ाई थी उसने हमें । उसे बड़ी अच्छी लगती है । कई - कई बार पढ़ती है उसे दिन भर में ।"

"ठीक है पर कविता का भाव क्यों नहीं समझती ?"

“समझती है ...अच्छी तरह समझती है। तभी तो पढ़ती है उसे बार-बार । कल तेरी एक किताब भी आई थी, जिसमें तेरी जीवनी छपी (1981) है । उसको भी उठा ले गई । कहती है, इसे में अपने पास ही रखूंगी। लौटाऊँगी नहीं।"

"अच्छा ठीक है... और कुछ”

"और कुछ नहीं । चल! अब हाथ-पैर घोकर चाय पी ले ओर सुन, हम तेरे सगे नहीं हैं पर तू हमारा सगा सा है। तेरा बुरा नहीं चाहेंगे। ले! वह तेरा इंतजार करते करते वो भी गई है । जरा मिल आना उससे"

"......ठीक है?”

इसके बाद की अवस्था कुछ सहज तो अवश्य हुई थी । फिर भी मैं प्रायः विचारों के झंझावात में फंसा रहता। सोचता रहता सूजी बड़ी पागल है। कुछ सोचती ही नहीं। खैर दिन गुजर गए। संवेदनशीलता बढ़ती गई। रोज का मिलना-जुलना बेशक जारी रहा। पर मैं परिस्थिति से समझौता नहीं कर पाया । मन ही मन आशाओं और शंकाओं के बादल उमड़ते और छंट जाते । पता नहीं, क्या - क्या सोचता रहता रात भर कि सुबह के चार बज गए। नींद जाने कहाँ चली गई । पाँच बजे मातादीन चाय लेकर आ गया।"

"साब! पाँच बज चुके हैं । आज सोते ही रहेंगे क्या? चाय पी लीजिए।"

“नहीं, आज मैं चाय नहीं पीऊँगा। वापस ले जा।”

“साब! पी लो ना । मैडम मुझ पर नाराज़ होंगी ।"

“होने दे! मैं आज चाय नहीं पीऊँगा ।"

“साब! एक बात कहूँ, चाय पी लो साब। मैडम ने खुद बनाई है। वैसे भी आज मैडम सारी रात नहीं सोई।"

“अच्छा रख दे यहाँ मेज़ पर...."

"साब, पी लेना इसे, फेंकना मत... साब"

“अच्छा जा... पी लूंगा ।”

”साब!"

"अब क्या है?”

“साब! मैडम बहुत परेशान रहती हैं । जब से आप आए हैं ना साब, मैडम थोड़ा हँस - बोल लेती हैं, वरना वर्षों से चुप ही देखा है मैंने उन्हें ... साब ! कुछ करो ना मैडम के लिए ।

"क्या करूं?”

“मैं क्या जानूँ साब?”

इतना कहकर मातादीन तो चला गया। पर सूजी के ना सोने की बात सुन कर मैं और भी उलझ गया। मन किया कि उस कहानी को यहीं बन्द कर दूं। कहीं और जाकर रहने लगूं। अन्ततः स्कूल में न रहने का फैसला कर ही लिया। स्कूल में न रहने की बात मैं किसी से कर तो नहीं पाया, पर बात तो खुलनी ही थी, खुल गई ।

“सुना है, तुम कहीं और रहने जा रहे हो?”

“किसने का?”

“मातादीन ने ।”

“हाँ, उसने सच ही कहा है ।”

“कहाँ रहोगे।"

“ऑफिस का ही एक लड़का है । अकेला रहता है। बस! उसी के साथ।"

“यहाँ क्या परेशानी है।"

"मैं कुछ तुतलाते हुए बोला कि कुछ भी नहीं।”

“तो मुझसे दूर जाना चाहते हो?”

“ऐसा नहीं है सूजी। क्यों हर बात को अपने से जोड़ लेती हो? आखिर मुझे आज नहीं तो कल जाना ही है। फिर कौन सा शहर छोड़ कर जा रहा हूँ।"

“शहर ही क्यों नहीं छोड़ देते?”

“तुम सचमुच पगला गई हो। सूजी! क्या तुम नहीं जानती कि मेरे नज़दीक आकर तुम एक पीड़ा और खरीद रही हो ? "

“पीड़ा मैं खरीद रही हूँ और चिंतित तुम हो? क्यों ? "

“पूछना चाहती हो तो सुनो - मैं नहीं चाहता कि तुम्हें मेरी याद जीवन भर सताती रहे। मुझे आज की नहीं, तुम्हारे कल की चिंता है। योड़ी-सी दूरी तुम सह नहीं पातीं, जीवन भर की दूरी कैसे सहोगी? कैसे बँधाओगी ढांढस अपने आप को? मुझे नहीं लगता कि मैं तुम्हें कभी भुला पाऊँगा। फिर तुम कैसे भूल पाओगी मुझे?। ...सूजी ! सुनो, मेरी ओर देखो...देखो इन आँखों में। सच ! मैं तुम्हें घोखा देना नहीं चाहता। मेरा यकीन करो। आज की परिस्थिति में तुम्हारे लिए कुछ भी नहीं कर सकता।"

"इतना तो कर सकते हो, जब तक इस शहर में हो , यहीं इसी स्कूल में रहो । हाँ, मैं यकीन दिलाती हूँ कि जब तक तुम यहाँ रहोगे, मैं तुम्हारे सामने कभी नहीं आऊँगी। बस ! अपने कमरे की खिड़की कभी बन्द मत करना..."

इतना कहना था कि सूजी फफक कर रोने लगी। मैं भी अपने आप को नहीं संभाल पाया। सूजी मेरे कंधों पर झूल गई। हम सहसा आलिंगनवद्ध हो गए। दोनों की आवाज सूख गई। बहुत देर तक सन्नाटे की तटस्थता बनी रही। फिर सूजी एकदम उठी और तेजी से बाहर चली गई । मन ही मन मैंने भी स्कूल छोड़ने का इरादा बदल दिया । मैं उठा और खिड़की खोल दी। मैं जितने दिन भी वहीं रहा, खिड़की खुली रही, पर सूजी फिर कभी नज़र नहीं आई। आखिर मेरा शहर छोड़ने का दिन आ ही गया। चलते-चलते मैंने कमरे की खिड़की बन्द ही की थी कि सूजी मेरे सामने थी। चुपचाप एक मूरत सी । आँखों में आँसू लिए जैसे कह रही हो, अलविदा। मैं चाह कर भी उससे कुछ न कह सका । उससे आँख मिलाने की हिम्मत तक नहीं हो रही थी।0000