तेजपाल सिंह 'तेज' : अर्ज किया है : कुछ शेर


मज़हबी टेहनी पे गुल फूटेंगे अभी और,

इंसानियत के हौसले टूटेंगे अभी और।

<><><>

हम यूं जिएं, या यूं जिएं, किसी को क्या,

पर छोड़कर न जाएंगे अपने मकान को।

<><><>

फर्ज अपना गैर ने छोड़ा नहीं ऐ! तेज,

अपनों ने पर अपनापन बाजार किया  ।

<><><>

भरने का अभी प्रश्न कहाँ कि सदियों से,

सियासत भूखे पेट की खाई नाप रही है।

<><><>

ढूंढने को खुद को अब जाऊं किधर को मैं,

ये रहा न वो रहा, ग़र मैं रहा तो क्या रहा।

<><><>

जीस्त ने लूटा किया कुछ इस कदर मेरा सुकून्,

तल्खियां ही तल्खियां बाकी रहीं लब पर मिरे।

<><><>

वो कहता है बात-बात पर कि मैं मजे में हूं,

फिर आँख में आँसू, है हाथों में जाम क्यूं।

<><><>

कहने को तो कहते है कि सब ठीक-ठाक है,

सच मगर ये है कि कुछ भी ठीक नहीं।

<><><>

दोस्ती दिखावे की चीज थोड़े ही होती है,

दोस्ती के रिसाव से निभाव चला जाता है।

<><><>

घड़ी भर को ही सही, मिली तो सही,

यूं भी खुशी सबको सदा मिलती नहीं।

<><><>

शब कितनी ही सियाह हो लेकिन,

सहर के होते  ही सिमट जाती है।

<><><>

मकां में मेरे, क्या कुछ नहीं मिलता,

एक मैं ही हूँ जो खोजे नहीं मिलता।

<><><>

वो दिन गुजरे तो ये दिन भी, जल्दी ही गुजर जाएंगे,

मगर अफसोस कि ये ‘जल्दी’ कभी जल्दी नही आती।

<><><>

मैं चांद होके भी, चांदनी को तरसू हूँ,

जिन्दा भी हूँ तो सूरज की मेहरबानी पर।

<><><>

न तो वो कभी खुद में जिए, न मैं कभी खुद में जिया,

फिर वो जिए तो क्या जिए, मैं जिया तो क्या जिया।

<><><>

सिर पर मेरे गागर नहीं आकाश है,

फिर बता तेरी जेब में पत्थर क्यूँ है।

<><><>

बहुत ग़मगीन ग़ज़ल कहता है,

दर्द शायर का असल लगता है।

<><><>

मिलके भी कभी आपसी बातें नहीं होतीं,

ये दूरियाँ कैसी हमारे दरमियाँ रखदीं।

<><><>

मुझको तो राहेबर पर, शक गुजरता है,

अंदाज उसकी बात का कुछ रहजनी सा है}

<><><>

यूँ तो मुद्दत हुई छोड़े हुए शराब, पर

आदत सी हो गई है बहक जाने की।

<><><>

पीता हूँ इबादत की तरह, इतना तो बाशऊर हूँ,

है जो रौशन तेरे जलाल से, मैं वो ही कोहेनूर हूँ।

<><><>

इंसानियत के हाथ की नश काटकर,

कुछ लोग हैं जो शहर में मशहूर हो गए।

<><><>

मिलती नहीं तवज्जो जिनको अपनों से,

वो गैरों से हाथ मिलाने लगते हैं।

<><><>

न जाने उसकी आँख में कितने समन्दर है निहां,

शांत परबत की तरह वो अपना मिज़ाज रखता है।

<><><>

आदमी उड़ान में रहे तो खूब है,

ताजगी थकान में रहे तो खूब है।

<><><>

मैंने खुद ही को बचाया था मगर,

उसने जाना कि मददगार हूँ मैं।

<><><>

कैसे गुजरी है उम्र मत पूछो,

बहुत बेचे हैं सुखाकर आँसू।

<><><>

<><><>

गाँव जब-जब भी शहर आता है,

मेरा बचपन भी साथ लाता है।

<><><>

जब से गए हो पुर-असर तबियत नहीं खिली,

अबकी हवा के रास्ते मुस्कान लिख भेजो।

<><><>

कब तक चलेगी जीस्त नंगे पाँव,

मौत को सज़दा न कर फ़ानी न बन।

<><><>

कैसा पागल हूँ कि मुर्दों को जुबां देता हूँ,

राख के ढेर को जलने की दुआ देता हूँ।

<><><>

शूल पत्थर आग बन पानी न बन,

वक्त की आवाज सुन ज्ञानी न बन।

<><><>

जख़्मों से निकले खून का रंग तो बदल गया,

लेकिन सियासी दौर के खंजर नही बदले।

<><><>

मानवता के दाम गिरे, है मजहब का बाजार गरम,

इक पाले में अल्लाह-ताला, इक पाले में ईश्वर है।

<><><>

लगता है कि भूले यहाँ सब लोग हँसने का शऊर,

कि आँसुओं की तर्ज पर हँसते हैं लोग आज।

<><><>

दिया था उसने जो मुझे,

वो मेरा ही तो रुमाल था।

<><><>

ये घर है मिरा कि मयार ख्वाबों का,

सभी कुछ तो है इसमें फ़क़त मेरे सिवा।

<><><>

पड़ गया कमजोर यूँ अपना जुनूं

रोके कभी हंसके ही सिमट जाता है।

<><>

आयोग पर आयोग बिठाते रहिए,

यानी कि हरेक जुर्म छिपाते रहिए।

जब कभी भी न्याय की बातें उठें,

तो धार्मिक उन्माद उठाते रहिए।

<><><>

माँ के सूखे स्तनों से खीज़कर,

अश्क पीकर सो गया बच्चा कोई।

<><><>

चन्द गमले देखकर कहने लगे,

आज धरती पर कहीं बंजर नहीं।

<><><>

फिर मयकदे की सीढ़ियां चढ़ने लगे हैं लोग,

दैरो-हरम से उठ गया एतबार मेरे शहर का।

<><><>

अब नजर उनकी शरीके-जुर्म है,

जख़्मे-दिल को अब ये सहलाती नहीं।

<><><>

कि फसले-बहारां पे वो काबिज हो गए,

गो सींचे थे अपने खून से बंजर हमने।

<><><>

इस कदर कुछ दर्द सीने में उठा,

कि होठ पर उनके इबादत आ गई।

<><><>

घुटके जीने से तो बेहतर होगा,

जर्रे-जर्रे पे बगावत लिखना।

मिरी दुनिया के हुक्मारां छोड़ो,

दाल-रोटी पे सियासत लिखना।

<><><>

दिल का कोना ही अगर खाली है,

घर के कोने में खुदा क्या रखना।

<><><>

वो जो बैठा है मेरी चौखट पे,

माना अपना है, मुंतजिर तो नहीं।

<><><>

आँख से आँख मिलाने में कतराता है,

लगता है कोई अपना यार पुराना है।

<><><>

सोचा हुआ अगर हो जाता,

सारा आलम घर हो जाता।

अश्क तेरी आँखों से गिरते,

दामन मेरा तर हो जाता।

<><><>

     

 

तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसों के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि,पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन-झुन, खेल-खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक  निबन्ध संग्रह - 1) शिक्षा मीडिया और राजनीति, 2) राजनीति के सामाजिक सरोकार, 3) राजनीति का समाज शास्त्र, 4) लोक से विमुख होता तंत्र, 5) मौजूदा राजनीति में लोकतंत्र, 6) राजनीति तथा मानवाधिकार के प्रश्न; तथा 7) दलित-साहित्य के राजनीतिक सरोकार  और अन्य।

  तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के  साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के  उपसंपादक, आजीवक विजन के  प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के  संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।  हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। और भी साहित्यिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा अनेक नागरिक  एवं साहित्यिक सम्मान।

चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000