शब्द चित्र
आखिर मैं करता भी क्या
-तेजपाल सिंह ‘तेज’
(बीच रास्ते में ही पहुंचा था कि अच्छे खासे हाड़-मांस वाला आदमी से लड़खड़ाते हुए मेरे पास आया और निर्भीक अवस्था में विनती की, “ बाबू पांच रुपये कम पड़ रहे हैं,एक पब्बा लेना है और मेरे सामने हाथ जोड़ते हुए और बड़ी ही ईमानदारी से बोला ...एक पच्या लेगा है। पच्चीस का आता है। बीस मेरे पास है। दे दोगे तो मैं दारू पीकर आराम से सो जाऊंगा”। मैं फिर उलझन में फंस गया। क्या ये कोई काम नहीं कर सकता। पर करेगा कैसे और करे भी क्यू जब फोकट में ही हाथ जोड़ने और पांव पड़ने भर से रोटी और दारू का जुगाड़ हो जाता है। किंतु मैं उसकी ईमानदारी को देखकर उससे पूछ बैठा कि क्या तुम सचमुच लगड़े हो? उसी ईमानदारी से बताना, जितनी ईमानदारी से पैसे मांगे हैं।" यह सुनकर वह ठिठका और उसने ईमानदारी से स्वीकार कर लिया कि वह लगड़ा नहीं है। भीख मांगने के लिए कुछ-नाटक तो करना ही पड़ता है, उसने कहा। फिर भी सदा भीख नहीं मिलती। इस बार मुझे उसकी ईमानदारी ने पटखनी दे दी। ऐसे में आखिर मैं करता भी क्या ? मैंने उसे पांच रुपये दिए और आगे बढ़ गया। किन्तु मैं भीख मांगने की प्रवृत्ति को बढ़ाने के लिए खुद को कोसता रहा। कभी सोचता कि यदि उसे पांच रुपए न देता तो वह जीवन में कभी सच नहीं बोलता। इससे ईमानदारी की हत्या निश्चित हो जाती। इस उलझन में फंसा, मैं न जाने कब शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया।)
जिंदगी में कुछ सत्य ऐसे भी होते हैं, जो सपनों से ज्यादा कुछ और नहीं लगते। मैं कार्यालय से शाम के लगभग साढ़े पांच बजे घर के लिए निकलता हूं। संसद मार्ग पर जन्तर-मन्तर के पास है मेरा ऑफिस... ऑफिस से शिब्रिज रेलवे स्टेशन तक अक्सर में पैदल हो जाता हूँ। रोज की तरह मैं एक दिन शिवाजी ब्रिज तक पैदल जा रहा था। ऑफिस से निकला ही था कि रिक्शे पर बैठा एक भिखारी जो अपंग था जोर से चीखा, "जो बाबू इयर जार में चौंका। उसकी ओर देखा और अनदेखाकर आगे बढ़ने को ही था। पर उसने पुनः जोरदार आवाज़ में एक जोरदार टका दिया मुझे बोला, "जो बाबू क्या मेरी आवाज़ तुझे सुनाई नहीं दी। क्या बहरा है तू? इयर आ मेरी सुन फिर सोचना आगे जाने के बारे में।" आखिर मैं क्या करता? मैंने रिक्शा छोड़ा और उसके पास इसलिए चला गया कि अगर न गया तो शायद और गाली-गलौज करने लगेगा और खुली सड़क पर मेरा फजीती कर देगा। राहगीर सोचेंगे कि शायद मैंने ही उसके साथ कुछ गड़बड़ की है। पास जाने पर वह जोर से हंसा। कुछ देर तक हंसता ही रहा। फिर बोला, "तुम हाथ पांव वाले लोग अपंगों का दुख-दर्द कतई नहीं समझते। मेरी पहली ही आवाज़ पर आ जाते तो तुम्हारा क्या बिगड़ जाता? आखिर आना तो पड़ा ही। खैर! तुम भले इंसान हो, कम से कम, देर से ही सही मुझसे मिलने आ तो गए। ज्यादातर लोग तो, मैं चिल्लाता रहता हूं, मुड़कर भी नहीं दिखते। जाओ। अल्लाह तुम्हें बनाये रखे।" मैं उसकी बातें सुनकर शर्मसार भी था, भाव विभोर भी। मैंने उसे दस रुपये देने चाहे, पर उसने मेरे बार-बार के अनुरोध के बावजूद पैसे नहीं लिए। बोला, "बाबू! मुझे जब रुपयों की जरूरत होगी तो मैं आवाज देकर मांग लूंगा। रोज इसी रास्ते से ही तो जाते हो आप भी "। उसकी बातें सुनकर मैं बड़ी उलझन में फंस गया। एक भूचाल सा था मेरे दिमाग में। मैं मन ही मन सोचने लगा... बड़ा अजीब आदमी है। वैसे भी इससे पूर्व मैंने कभी ऐसे आदमी को नहीं देखा था। आज पहली बार अग़्ट्ठावन साला होने के बाद, एक और सिर्फ एक, ऐसे आदमी से मिला। कुछ दूर चला और बैग से सिगरेट निकाली। सुलगाई और व्यग्रावस्था में आगे बढ़ता चला गया ।
जन्तर मन्तर से थोड़ा-सा ही आगे चला था कि मैले कुवैले कपड़ों में एक युवती ने रास्ता रोक लिया। कमर में कपड़े से एक बच्चा बांध रखा था उसने। आखिर रुकना पड़ा। बोली, "इस बच्चे का कोई पालनहार नहीं है, बाबू! रहम खा दो रोटी के पैसे दे दे। तेरी बड़ी मेहरबानी होगी।" मैंने सोचा कि बच्चा तो अभी दुधमुंहा है, रोटी कैसे खाएगा। रोटी के बदले बच्चे के लिए दूध के पैसे की बात करती तो समझ भी आती। पर करती कैसे? एक अनपढ़-गंवार जो ठहरी। यद्यपि मैं कुछ देने के दिमाग में नहीं था। क्योंकि एक जवान खूबसूरत, तगड़े हाथ-पांव वाली थी... कुछ काम करना चाहती तो दिल्ली में काम की कमी नहीं है। किंतु मैं संवेदनशील हो गया। दस रुपये पकड़ाए और आगे बढ़ गया। उसने भी पैसे पकड़े और स्थिर हो गई। दो-चार कदम ही बढ़ा था कि मैंने मुड़कर देखा तो पाया कि वो अब किसी और से बच्चे की दुहाई देकर पैसे ऐंठने का काम कर रही थी। मैं मन ही मन कुढ़ता हुआ आगे बढ़ गया। सोचा, अपना-अपना धंधा है सबका। इसका भी। किस-किस पर दिमाग देगा तू? दुनिया जैसे चल रही है, वैसे ही चलेगी। तेरे हाथ में क्या है, जो इतना सोचता है। चल! चलता चल, नहीं तो आज ट्रेन भी छूट जाएगी। इस जद्दोजहद में, मैं आगे बढ़ने लगा। जनपथ के सब-वे से गुजरा, कनाट सर्कस के आउटर और इनर सर्किल के बीच वाले मार्ग से शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन की ओर तेजी से बढ़ा... डर था कि कहीं ट्रेन निकल न जाए। यह ऐसा स्पेस है कि इस पर शराब की एक नहीं, दो नहीं, तीन-तीन दुकानें हैं।
बीच रास्ते में ही पहुंचा था कि अच्छे खासे हाड़-मांस वाला आदमी लड़खड़ाते हुए मेरे पास आया और निर्भीक अवस्था में विनती की, “ बाबू पांच रुपये कम पड़ रहे हैं,एक पब्बा लेना है और मेरे सामने हाथ जोड़ते हुए और बड़ी ही ईमानदारी से बोला ..बाबू .एक पव्वा लेना है। पच्चीस का आता है। बीस मेरे पास है। दे दोगे तो मैं दारू पीकर आराम से सो जाऊंगा”। मैं फिर उलझन में फंस गया। क्या ये कोई काम नहीं कर सकता। पर करेगा कैसे और करे भी क्यू जब फोकट में ही हाथ जोड़ने और पांव पड़ने भर से रोटी और दारू का जुगाड़ हो जाता है। किंतु मैं उसकी ईमानदार और सपाट बयानी को देखकर उससे पूछ बैठा कि क्या तुम सचमुच लगड़े हो। उसी ईमानदारी से बताना, जितनी ईमानदारी से तुमने पैसे मांगे हैं।" यह सुनकर वह ठिठका और उसने ईमानदारी से स्वीकार कर लिया कि वह लगड़ा नहीं है। आगे बोला, ” बाबू! भीख मांगने के लिए कुछ-नाटक तो करना ही पड़ता है। उसने आगे कहा,” फिर भी सदा भीख नहीं मिलती”। इस बार मुझे उसकी ईमानदारी ने पटखनी दे दी। ऐसे में आखिर मैं करता भी क्या ? मैंने उसे पांच रुपये दिए और आगे बढ़ गया। किन्तु मैं भीख मांगने की प्रवृत्ति को बढ़ाने के लिए खुद को कोसता रहा। कभी सोचता कि यदि उसे पांच रुपए न देता तो वह जीवन में कभी सच नहीं बोलता। इससे ईमानदारी की हत्या निश्चित हो जाती। इस उलझन में फंसा, मैं न जाने कब शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया।
अब मैं शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर था। पता चला, मेरी ट्रेन निकल गई। रात के साढ़े सात बज चुके थे। इसके बाद रात के साढ़े-आठ बजे की ट्रेन थी। इन्तजार करना पड़ा। वह ट्रेन भी इतनी देरी से थी कि रात के नौ बजकर पन्द्रह मिनट पर आयी। वह भी खचाखच भरी हुई। मुश्किल से चढ़ा गया उसमें। रात के लगभग दस बजे ट्रेन साहिबबाद स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में भीड़ इतनी थी कि उतरना भी जी का जंजाल बन गया। गिरने से बाल-बाल बचा।
प्लेटफार्म नम्बर दो से जीने के रास्ते साहिबाबाद स्टेशन से बाहर निकलने को ही था कि टिकट-चैकर ने रोक लिया। बोला, "टिकट प्लीज”। मैंने उसकी ओर देखा और टिकट-चैकर से कहा, "क्या आप मुझे रोजाना आते-जाते नहीं देखते? एम.एस.टी. है मेरे पास।" उसने कहा, "हां! मैं आपको जानता हूं और रोज आते-जाते देखता भी हूं। पर इसका अर्थ ये तो नहीं कि आपके पास टिकट होता ही है। जाने कितने लोग रोज इस स्टेशन से आते जाते हैं। सभी के पास टिकट तो नहीं होती। कुछ बिना टिकट भी पकड़े जाते हैं।" मैंने जेब में हाथ डाला और एम. एस. टी. उसके हाथ में थमा दिया। उसने उसे देख मुझे वापिस पकड़ाते हुए, धन्यवाद कहा। उसके कर्त्तव्य व्यवहार पर मुझे कोई आपत्ति नहीं हुई और मैं स्टेशन से बाहर आ गया।
अब रात के लगभग सवा दस बज चुके थे। शालीमार गार्डन के तीन-चार ही ऑटो होते हैं, उस दिन एक भी नहीं मिला। सिगरेट पीता हुआ जी.टी. रोड तक आया। ऑटो से मोहननगर आया। मोहननगर से गरिमा गार्डन । ऑटो से उतरा ही था कि एक बहुत पुराने साथी मिल गए । दुआ-सलाम हुई। एक दूसरे का हाल-चाल जाना। मैंने कहा, “चलो घर चलें। पास में ही है। उसने कहा, "अभी नहीं यार । थोड़ी-थोड़ी हो
जाए।" ठेका भी साला पास ही था। मैंने सस्वागत कहा, "नहीं यार अब तो खाने का समय हो गया है। जेब में इतने पैसे भी नहीं है। वह जिदकर बैठा। जान-पहचान वाले एक दुकानदार से पचास रुपये लिए। एक पव्वा खरीदा। भाई ने पव्वा झटका और बिना किसी लाग-लगावन के ही गले में उतारा और चलता बना। मैं देखता ही रह गया। यकीनन उसने हाय-हैलो भी नहीं की। मैं मन ही मन आज के दिन को कोसता रह गया । घर आया तो पाया कि बिल्डिंग का मेन गेट बन्द था ।। मोबाइल से घरवालों को फोन करके, बड़ी मुश्किल से बिल्डिंग का मेन गेट खुलवाया। बैग-वैग ठिकाने लगाया। हाथ-मुंह धोए । रसोई में से स्वयं खाना लिया। अनमने मन से खाया और पलंग पर लेट गया। पर कैसा सोना । कैसी नींद। गुजरे पांच घंटों का घटनाक्रम ही दिमाग में चकरघैया काटता रहा। पता नहीं कब और कैसे सो पाया।...0000
तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक निबन्ध संग्रहऔर अन्य।
तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के उपसंपादक, आजीवक विजन के प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर, आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000
