शब्द चित्र

आखरी पत्र

-तेजपाल सिंह ‘तेज’

(मेरे मौन बने रहने के पीछे जो भावना मैने पाली थी, वह ये रही है कि मैंने सुना था कि एक चुप सौ को हराता है किंतु पिछ्ले पाँच-छह साल का मेरा यह प्रयास बेकार ही गया। सबकी सुनी। सबकी चाहत को जैसे-तैसे चाहे/अनचाहे पूरा किया लेकिन मेरी अपनी रोजमर्रा की जिन्दगी पर कोई सकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा।)

           यह किसी एक वक्त की कहानी नहीं है.....बिखरी हुई कहानी है। जीवन में न जाने कितने पड़ाव आते हैं... बाल्य-काल, बचपन, यौवनावस्था और आखिरिश बुढ़ापा...सबको इन हालातों से गुजरना होता है, किंतु हैरत कि कोई भी जीवन की सच्चाई को स्वीकार नहीं करता, उल्टे उसे कदम-कदम पर चेतावनी देने या फिर नकारने पर उतारू होता है... जो एक मिथ्या विचारधारा काअंग है....समूचे जीवन का तर्क-शास्त्र तो इसे नहीं कहा जा सकता।

           पाठक जगत का अक्सर यह मत हो गया है कि जो भी कवि अथवा कहानीकार उत्तम/प्रथम पुरुष में कोई कहानी अथवा कविता लिखता है तो पाठक उसे कहानीकार/कवि विशेष के जीवन से जोड़कर या तो मजाक बनाते हैं या साहित्यिकता का लुत्फ उठाते हैं या फिर कहानीकार/कवि विशेष के जीवन में झाँकने का काम करते हैं।जो साहित्यिक मापदंडों के अनुसार न केवल अनुचित है अपितु साहित्य की गरिमा के प्रतिकूल भी है।... खैर! मैं फिर एक कहानी प्रथम/उत्तम पुरुष बनकर लिख रहा हूँ... इस कहानी के पात्र भी मेरे अपने ही हैं। अब जिस पाठक को जो समझना है समझे,इसकी मुझे इसलिए चिंता नहीं क्योंकि भारतीय समाज के प्रत्येक घर की एक जैसी ही कहानी है। सवाल केवल स्वीकारने और न स्वीकारने का है।

           बेटे! आपको मेरा ये पत्र पहला भी है और आखरी भी। और हां! इसे पढ़मे के बाद तुरंत भाड़ देना। ऐसा करने से तुम्हें उस मानसिक पीड़ा से थोड़ी सी राहत तो जरूर मिल जाएगी जो तुम्हे इस पत्र को पढ़ने के उपरांत जन्मेगी। वैसे इस पत्र की विषय बस्तु केवल मेरी ही नहीं है अपितु ये एक सामान्य बात का खुलासा भर है। कोई इस सच को मान लेता है कोई नहीं। मुझे लगता है तुम्हारी माँ के लिए तो मैं जाने कब का मर चुका हूँ। उसे मेरे जैसे व्यक्ति की कतई आवश्यकता नहीं रही होगी। किंतु मिल गया एक अनाथ भूखा-नंगा वैचारिक व्यक्ति... जो केवल रोटी कमाने में ही लगा रहा। रोटी मिलना शुरू हुई तो घर-मकान और न जाने आने वाली पीढ़ी के सुख-सुविधा के लिए किस-किस उपक्रम में उलझता चला गया। कभी भी मन में कामना का भाव/ज्वार उस स्तर का नहीं रहा जो शायद एक स्त्री को चाहिए।इस एक मात्र कमी ने मुझे असली जीवन में अपने परिवार से जैसे अलग ही कर दिया। इतना ही नहीं, ऐसी कोई भी जगह शेष नहीं रही, जहाँ-जहाँ हम रहे....वहाँ-वहाँ तुम्हारी माता श्री ने कभी किसी पड़ोसी से लड़ाई न की हो। कम से कम तीन बार ये मुझे मरवाने के लिए कोशिश भी कर चुकी है। मैं सामजिक लाज-लिहाज के चलते आज तक इसको केवल इसलिए झेलता आ रहा हूँ कि बच्चों के लालन पालन का सवाल था।यदि यकीन न हो तो कभी अकेले में शांत मन से सोचना कि इसके भाई-भाभी तक हमारे घर पर नहीं फटकते... क्यो? बुरा तो लगेगा तुम्हें, किंतु सच ये है कि हम केवल और केवल सामाजिक मजबूरियों के चलते ही साथ–साथ रहने को मजबूर रहे हैं। और आज की तारीख में तो जैसे मुझे मरा देखने की चाहत ही शेष है उसकी। पिछली बीमारी मुझे लील न गई, ये मेरे लिए मेरे जीवन की सबसे बुरी घटना रही है

           तुम और तुम्हारी पत्नि दोनों अपने-अपने आफिस चले जाते हो, और मैं औसतन दस बजे फिजिओथैरेपी के लिए घर से निकल जाता हूँ। इस एक घंटे के समय को मैं किस अवस्था से होकर गुजारता हूँ....मैं ही जानता हूँ। तुमने तो कभी मेरी मूकता का कारण जानने की कोशिश भी नहीं की। फिर भी मैं कुछ घरेलू और सामाजिक मजबूरियों को कंधे पर लादे शाम को घर आ जाता हूँ। घर से हर समय बाहर रहना मेरा शौक नहीं है... मजबूरी है। मेरा घर पर लौट आना किस को कितना भला लगता है... यह भी मेरी सोच से परे है।

           सुनना अच्छा नहीं लगेगा .... बीमार होने के बाद ही नहीं..... जाने कितने वर्षों से चाय तक मैं खुद ही बना-बनाकर पीता रहा हूँ... आज भी वोही हालत है.....खाना भी मिला तो मिला ... नहीं तो नहीं...किसी को भी इस बात की चिंता नहीं है घर में। इस हालत में मुझे यहाँ-वहाँ से खाना लेना पड़ता है....डाक्टर कहते हैं कि बाहर का कुछ माता खाना.....।  सब कुछ तुम्हारी आँखों के सामने ही होता है... कुछ बताने की जरूरत नहीं है...जानते हो चाय बनाने के काम कितने बर्तन आते हैं....चाय का भगौना और चाय छानने वाली छननी...... उस पर भी तुम्हारी माताजी मुझ पर बार-बार जिस सधी हुई गाली-गलौज के जरिए यह आरोप लगाती रहती है कि मै तुम्हारी शादी के बर्तनों को तोड़ता रहता हूँ..... सोचने की बात है कि मैं दिनभर घर पर नहीं रहता.....चाय सबके सामने बनाता हूँ.....शाम को जब घर आता हूँ... तुम्हारी पत्नी और माँ दोनों घर पर होती हैं... बाकी की रात तुम भी घर पर होते हो..... पता नहीं मैं किस घड़ी बर्तन तोड़ता हूँ ? क्या तुमने कभी ये जानने की कोशिश की?

           मैं जानता हूँ कि तुम्हें मेरी ये बातें शूल की तरह चुभ रही होंगी.... इसलिए नहीं कि तुम्हें मेरी दशा पर तर्श आ रहा होगा... बल्कि इसलिए कि मैं तुम्हारी माँ के अप्रिय व्यवहार को लेकर... बात कर रहा हूँ। खैर चलो! मैं अपनी बातें खत्म कर रहा हूँ... शादी से पूर्व तुमने कहा था कि मैं अपनी किताब-सिताब तुम्हारी ससुराल वालों से छुपा कर रखूँ... कितु तुम ये भूल गए कि तुम्हारी ससुराल वाले तुमसे पहले मुझे और मेरे व्यवहार के बारे में जानते हैं। फिर भी मैंने तुम्हें कोई उत्तर नहीं दिया और तुम्हारे सम्मान को बनाए रखने के लिए मैंने सारी किताबें और अन्य लेखन सामग्री को दिल्ली वाले मकान पर भेज दिया ....। और अब मेरा मन और दिमाग केवल दिल्ली वाले मकान में ही रहता है.... नए मकान पार तो केवल मेरा हाड़-मांस का शरीर ही आता है...मैं कभी भी मन से नए मकान पर नहीं आता... एक मजबूरी है... सोचता हूँ यदि ऐसा न हुआ तो तेरी ससुराल वाले ही नहीं और भी बहुत लोग आपसे ये सवाल करेंगे... तेरा बाप अलग क्यूँ रहता है? ... तुम्हें ये आपत्ति है कि मैं डिल्ली वाले मकान पर क्यूँ जाता हूँ... तुम्हारा ये खयाल भी है कि मैं वहाँ  केवल शराब पीने के लिए जाता हूँ... ये तुम्हारा मिथ्या विचार है...मेरी नजर में ये केवल अपने और अपनी प्यारी अम्मा के दोषों को छुपाने का उपक्रम-भर है। ऐसा भी नहीं है कि मैंने शराब का कभी सेवन नहीं किया है.... मजबूरी में अब की कर लेता हूँ....किंतु किन परिस्थियों में?  इसका अवलोकन करना शायद किसी ने भी कभी उप्क्रम नहीं किया... सच ये भी है कि आज भी.....मेरा मन करता है कि....कुछ भी करो.....मस्त रहो.....पर चाहकर भी नहीं कर पाता।

           एक राज की बात और कह दूँ कि इस सबके लिए मैं ही जिम्मेदार हूँ... मैंने ही सारी की सारी चल-अचल सम्पत्ति तुम्हारी माँ के नाम करदी....हुआ ये कि यही उपक्रम मेरे खिलाफ चला गया...वो पहलवान बन गई और मैं...जैसे कोई नकारा.... बेकार की चीज......काश! ऐसा तुम्हारे साथ न हो.... वैसे सबके साथ ऐसा ही होता है। मैं ही नादान हूँ... पता नहीं मैं ही क्यूँ ऐसे सार्वभौम सत्य से परे होकर संवेदनशील हो बैठता हूँ?

           मैं जानता हूँ कि तुम्हें मेरी बातों पर कतई यकीन नहीं होगा....तुम्हारे आफिस जाने के बाद मैं फिजियोथैरेपी के लिए जाने को था... तुम्हारी माँ रसोई में गई... रोटियाँ भी बनाई..... मुझे ऐसा लगा... मैं जाने के लिए तैयार था..... उसे रोटियाँ बनाते जानकर मैं इस इंतजार में रुक गया कि...चलो! एक-आध रोटी खाकर ही चलूँगा....खाली पेट फिजियोथैरेपी मना है...मैं अपने कमरे में बैठा इंतजार करता रहा... न तो उसने मुझे रोटियाँ ही मिलीं ..... और न ही तुम्हारी अम्मा ही न रसोई से बाहर आई... शायद इसलिए कि कहीं मैं रोटियाँ अपने आप न ले लूँ.... हारकर मैंने घर छोड़ने का निर्णय लिया और...तुम्हारी अम्मा श्री से कहा ... दरवाजा बन्द करलो.....मैं जा रहा हूँ...पता है उसने मेरे साथ क्या व्यवहार किया...चिमटा उठाया और लगातार छ-सात बार रसोई की स्लेब पर दे मारा...मैं चुपचाप घर से बाहर आ गया...... मुझे कुछ भी कहने की समझ नहीं आई..... कुछ कहता तो और बवाल ही होता......खैर ! मैं बिना फिजियोथैरेपी किए सीधे दिल्ली वाले मकान पर चला गया...होटल से तीन रोटियाँ ली... पाँच रुपये के छोले...रोटियाँ किस्तों में खाईं...पहली बारी में दो... दूसरी बारी में एक...वह भी आधी... कारण ......दिमागी तनाव....। जब मेरे दिमाग पर बहुत ज्यादा तनाव बढ़ गया तो मैं... नम्बर वन का एक क्वाटर लेकर आया..... थोडी सी ही ली थी... मुझे नींद आ गई......मैं रजाई ओढ़कर अनायास सो गया..... जानकर नहीं सोया था...... यह इसलिए भी हुआ कि मैं आजकल महज अकेलापन  ही ज्यादा पसंद आने लगा है।.. न साथ-साथ रहेंगे,  न किसी को किसी से कोई शिकायत होगी...ये सच है कि मैं नींद में इतना खो गया कि किसी का फोन नहीं सुना और न कर ही पाया.. क्योंकि फोन की बैटरी डिस्चार्ज हो गई थी.... जब तुम दिल्ली वाले मकान पर  आए तो क्या आपने मुझ से कोई बात करने की कोशिश नहीं  की?...... मैं जो भी था... जिस हाल में भी था ......वैसा किसलिए... दराज में पड़े एक खाली पड़े अद्धे को देखकर तुमने मन बना लिया कि मैने ही वो अद्धा भी पिया था... जो सच नहीं था। लगभग एक माह पूर्व मेरे गायक मित्र मुझसे मिलने आए थे, वो केवल शराब पीकर ही गा पाते हैं, इसलिए अपने साथ उसे लेकर आए थे... बस मेरी गलती इतनी हुई कि मैंने उस खाली अद्धे को फैंका नहीं... फिर यदि मैंने इतनी ज्यादा पी भी रखी थी...... तो क्या आपका ये दायित्व नहीं बनता था कि बिना किसी विवाद के मुझे पहले घर लेकर आते और मेरे होश में आने पर मुझसे वो सब शिकायत करते जो तुम्हारे मन में थीं... यहाँ हर चीज नश्वर है... आपने मेरे कारण मेरे चित्र  को ही नही तोड़ा–मरोड़ा और फाड़कर फैंक दिया अपितु घर में टंगे केलेण्डर को भी फाड़ दिया... क्या मिला आपको?...... शिकायत तो मुझसे थी... तुम्हारा कोई ईस्ट भी है कि नहीं?....केवल अपना उल्लू सिधा करना ही आपका धर्म है?.... बेटा! मेरी तो गुजर गई.... अपनी सोचो..... लम्बा सफर है आपके सामने...मैं जानता हूँ...आपको मेरी बातें समझ में नहीं आएंगी... क्योंकि आपका नकारा बाप अभी जिन्दा है......तुम्हारे अपने और भी हैं..... कौन किसका कब तक साथ देता है? ...यह देखने की बात है...।

शायद आपको ये मेरा आखरी पत्र है...कब क्या होने वाला है, किसे मालूम? मैं भी नहीं जानता...मैं जानता हूँ कि तुम्हे ही नहीं किसी को भी मेरी बातों पर यकीन नहीं होगा क्योंकि मैं सबकी नजरों में नकारा हूँ। दरअसल हरेक अनाथ बेचारा ही होता है.....बात-बात पर उसे नकारा जाता है......मैं भी उनमें से एक हूँ.....एक वर्ष की उम्र में बाप का मर जाना और सातवीं कक्षा में आते-आते माँ का ही मर जाना शायद ये मेरा सबसे बड़ा दुरभाग्य था। मैं किन-किन हालातों से गुजरता हुआ इस स्तर तक पहुँचा..... ये तुम्हारे लिए केवल एक साधारण बात या पहेली हो सकती है......और ये पहेली ऐसी रही कि जिस पर तुमने कभी भी कोई विचार करने का साहस नहीं किया......वह महज इसलिए कि आप एक खाते-पीते बाप के बेटे हैं...भूखों की ओर आपका ध्यान देना शायद आपकी प्राथमिकता में दर्ज नहीं है...... हो  भी कैसे...? आपका वैसी जिन्दगी वास्ता ही नहीं रहा......वास्ता ना ही रहे तो और भी भला..... अच्छा तो ये होगा कि सब अपने-अपनेगिरेबान में झाँके और सोचें कि कौन कहाँ है।

 पिछले छ:-सात साल का दौर ऐसा गुजरा है कि उसका बखान करना शायद आपको अच्छा ही नहीं लगेगा, अपितु मेरी बातों पर विश्वास भी नहीं  होगा। और अब तो बिल्कुल ही हद हो गई है.... मेरी हर बात/सुझाव का विरोध करना आपकी मम्मी का व्यवहार हो गया है। बच्चों के जन्मदिनके अवसर पर सामाजिक दृष्टिकोण के हिसाब से घरेलू/ खून के रिश्तों तक को नकार दिया गया और आपकी मम्मी ने उन लोगों को दावत दी जिनसे हमारा कभी कोई घरेलू संबंध रहा ही नहीं बल्कि उन्होंने अपना मतलब हल करने के लिए मुझसे संबंध बनाए थे और जब काम बन गया तो कभी मेरी हारी-मांदी में पलटकर भी नहीं देखा।  खेद की बात तो ये है कि उनमें से कोई आया भी नहीं। जिनको बुलाना चाहिए था उनको बुलाया ही नहीं गया...... वो आते न आते ....ये उनकी अपनी बात थी....पर हमने भी तो अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई.... और उनको ये कहने का मौका दे दिया कि हमें तो बुलाया ही नहीं गया था। और वो अब ये भी कहेंगे कि पिछले मौकों पर तो कुछ ऐसी समस्याएं थी कि हम आ नहीं सके। किंतु इस बार तो हमने मन बना रखा था कि बच्चों के जन्मदिन पर जरूर शामिल होंगें। उनको आप और आपकी मम्मी ने उन्हें ये अवसर प्रदान ही नहीं कर दिया अपितु भविष्य में संबंधों की तमाम धाराओं को किनारे लगा दिया है। खैर!..... अब आपका दौर है...जैसा चाहें...करें.।....

आज सुबह-सुबह ही तेरी मम्मी और घर पर काम करने वाली औरतों में जो घमासान चला उसका बखान करना तो मेरी क्षमता से परे है लेकिन मुझे घर में सांस तक लेना दूभर हो रहा था.... बच्चो के जन्म दीन पर नौकरानियों ने लेने देने को लेकर बड़ा शोर मचाया कि इसको ये , उसको ये दिया, हमें कुछ नहीं दिया? अरे! जब एक को दिया है तो सबको देना बनता है कि नहीं? जो सालों से घर में झाड़ू पौचा कर रही है, उसके लिए कुछ नहीं और जो कल परसों से काम करने आई है उसके लिए लाजवाब सूट.....किसने कहा था ऐसा करने के लिए, फिर जिसने भी कहा, क्या उसका ये फर्ज नहीं बनता था कि वो सालों से घर का काम कर रही है, उसको भी कुछ दिया जाए...। अफसोस तो ये है कि तुम्हारी अम्मा लेने को तो हर समय तैयार रहती है, वो इसके लिए अपने भाई-बहन के रिश्ते को भी भुला सकती है किंतु देने के नाम पर उसको साँप सूँघ  जाता है। तुम नहीं समझ पाओगे...मेरा ऐसे माहौल में दम घुटता है। मेरे लिए इस घर में रहना जेल में रहने के बराबर है। जब मुझे चाय भी अपने आप ही बना कर पीनी है, खाना बाजार से खरीद कर ही खाना है तो फिर इस घर में रहने का क्या औचित्य है?

यहाँ यह कहना अतिशयोक्त न होगा कि इस प्रकार का व्यवहार करना किसी व्यक्ति विशेष पर ही लागू नहीं होता, अपितु समूचे समाज का व्यवहार लगभग एक जैसा ही होता है....कोई इसे स्वीकार लेता है, किंतु ज्यादातर लोग इस सच्चाई को छुपाने का ही प्रयास करते है।

जिन्दगी का स्वाद उम्र के हिसाब से बदलता रहता है। बचपन में माँ का प्यार बच्चों के लिए केवल प्यार होता है। जवानी में प्रेमिका अथवा पत्नि का शारीरिक प्यार केवल प्यार होता है। जवानी का यह समय ही सबसे खतरनाक होता है जिसमें सामान्यता पुरुष तमाम दूसरे दायित्वों को भुलाकर केवल और केवल पत्नि की जायज और नाजायज माँगों का शिकार होकर अपने आगे-पीछे के तमाम दायित्वों को भूल जाता है। उसे लगने लगता है कि केवल पत्नि ही उसका आखिरी सहारा है। यही भूल उसे सारी जिन्दगी परेशान करती है। अब उसके अपने बच्चे भी जवान हो जाते हैं, वो भी अपनी मम्मी की भाषा बोलने लग जाते हैं। हमारे समाज में केवल माँ को पूजनीय बनाकर पति के साथ सबसे बड़ा धोखा है, जब्कि माँ तो बच्चे को नौ माह में पेट में पालने भर से ही महान बना दी जाती है और वो ;पिता जो बच्चों की तमाम जरूरतें पूरी करने के बाद अधम माना जाता है। समाज को यह भी तो समझना चाहिए कि कि यदि माँ के पैरों जन्न्त है तो पिता के पैरों में दौलत है। बेचारा पिता हर अवस्था में चौराहे पर खड़ा मिलता है। उसे यह भी पता नहीं होता कि वो जीवित क्यों है....और  किसके लिए? क्या उनके लिए, जो उसे केवल साध्य समझते हैं, या फिर उनके लिए, जो कभी उसके सुख और दुख में कभी ही शामिल ही नहीं हुए।  कभी–कभी तो बच्चों के बाप को चढ़ी उम्र में ये लगने लगता है कि वो चाहे भी तो  मर नहीं  सकता है और हर अवस्था में जिन्दा रहने को मजबूर होता है।, क्योंकि ये उसके अपने हाथ की बात नहीं। कहने का अर्थ ये है कि मनुष्य के सामने मरने और जीने की मजबूरी है और कुछ नहीं...यदि ऐसा न होता तो जन-मानस अपने हिसाब से जीने और मरने की तारीख खुद तय करता और प्रकृति के तमाम कारणों को नकार देता। यहाँ यह कहना बेमानी नहीं होगा कि बुढ़ापे में जीने के लिए किसी को भी चुप रहने की सलाह दी जाती है.....जो यूँ ही नहीं है....सभी बुजुर्ग अनुभवी लोगों यही  समस्या रही होगी कि बुढ़ापे में कैसे जिया जाए या फिर कैसे अपने अनुभवों के बल पर अपने वजन को बनाए रखने का उपक्रम करें... किंतु ये सारे के सारे उपक्रम बेकार ही चले जाते हैं.... बाप के हिस्से में तो कम से कम शत-प्रति-शत बाप का नकार ही होता है। और माँ भी बच्चों के बड़े हो जाने पर ;पति की उपेक्षा करने लगती है।

अजीब देश है ये, जहाँ बेटियों को पराए घर का धन माना जाता है......बेटों को नहीं। बेटों को तो उसकी माँ जो स्वयं एक महिला होती है, वारिस होने की संज्ञा देती है,,,,और बेटी को...? यहाँ अगर मैं ये कहूँगा कि हमारे समाज में महिला ही, माँ के रूप में या किसी और रूप में, महिला की दुश्मन है तो सब मुझे ही कोसेंगे......किंतु इस सच्चाई को कतई भी स्वीकार इस लिए नहीं करेंगे।

.किंतु इस सच्चाई को लोग कतई भी स्वीकार इसलिए नहीं करेंगे कि यहाँ सदियों-सदियों से पुरुष सत्ता का वर्चस्व रहा है..... और महिलाएं भी इसी वर्चस्व के चलते पुरुष के सामने अपने आप को बौना मानती रही हैं कितु व्याप्क रूप से मुझे ऐसा नहीं लगता। आज की महिला “स्त्री सशक्तिकरण” के चलते हर समय पुरुष पर सवार होने को तत्पर रहती ही नहीं  है, अपितु पुरुष पर सबारी करना अपना हक मानने लगी है। सन्युक्त परिवारों का विखरना इस बात का प्रमाण है।<><><>

 

0000.

 

तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन किताबेंप्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में ( गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली ( शब्द चित्र), सात निबन्ध संग्रह और अन्य। तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता का साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा का उपसंपादक, आजीवक विजन का प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक का संपादक भी रहे हैं। स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार ( 1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। कूकू एफ एम से चार पुस्तकों का आडियो प्रसारित। समय संंज्ञान नामक पत्रिक का जुलाई-सित्म्बर 2023 अंक 4 को मुझे ही केंद्र में रखकर प्रकाशित किया गया।