वैचारिकी

ऐसे बनाए जाते हैं देवी - देवता

-तेजपाल सिंह ‘तेज’

जून में आए बेमौसम मानसून के बादल जुलाई में भी उमड़ते-घुमड़ते रहे। कभी गरजे, तो कभी बरसे। किन्तु सुखद बात यह है कि मानसून की बौछारों ने पारा 40 डिग्री से ऊपर न जाने दिया। लेकिन राजनीति में गठबंधन के चलते, हमारे राजनेता भी उमड़ते-धुमड़ते रहे। मामला रहा परमाणु डील का। आखिर उमड़ते-घुमड़ते वाम-दल ऐसे उखड़े कि राजनीतिक गलिहारों का तापमान सारी ऊंचाइयों को पार गया। पहले बसपा ने कांग्रेसी सरकार से हाथ छुडाकर, इस डील के मसले से ऐसा पीछा छुड़ाया कि सपा कांग्रेस की गोद में जा बैठी। वैसे एक-दो सांसदों वाली पार्टी को कुछ भी सोचने की आवश्यकता ही नहीं रही। जब मुलायम सिंह व कांग्रेस जैसे तमाम राजनीतिक दलों ने प्रतिबद्धता को ताक पर रखकर अवसरवादी होने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। ऐसे में कोई करे भी तो क्या?  क्या यह स्थिति मजबूर नहीं करती कि प्रत्येक राजनीतिक दल व नेता को वही करना चाहिए जो सब कर रहे हैं। यानी नैतिकता, इंसानी मूल्य व राष्ट्र जाए भाड़ में, लेकिन कुर्सी सलामत रहनी चाहिए। क्या आप भी ऐसा ही सोचते हैं? आप सोचें ना सोचें, राजनेता तो ऐसा ही सोचते हैं। तभी तो सत्तासीन सरकार बहुमत हासिल कर पाई और इसके विरोधी भी ऐसे ही कारनामों की बदौलत विरोधी दलों का धुव्रीकरण कर पाए। कौन बिका, कितने में बिका, कैसे बिका या किसने खरीदा, कैसे खरीदा, कितने में खरीदा आदि ऐसे सवाल हैं, जिनका कोई अंत नहीं है। इस मामले में व्यक्ति विशेष भी महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण है प्रवृत्ति, जिसके तहत ऐसे कारनामों को अंजाम दिया जाता है। इंसानी व लोकतांत्रिक मर्यादाओं का खून होता है। ऐसी प्रवृत्तियां किसी व्यक्ति, समुदाय व राष्ट्र के हित में नहीं हैं। यह किसी भी सभ्य व ईमानदार नागरिक के लिए गंभीर चिंता का विषय हो सकती है। यही नहीं, इस पूरे घटनाक्रम में जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों के अमर्यादित व्यवहार से संसद की गरिमा को बट्टा तो लगा ही है। यह एक अलग प्रकार की चिंता को जन्म देता है। 22.7.2008 को संसद में जारी बहस के दौरान सांसदों द्वारा नोटों की गड्डियां उछालना, संसदीय मर्यादा के रक्षकों द्वारा ही इसको तार-तार करना क्या अशोभनीय नहीं है? इससे भारत की अंतर्राष्ट्रीय लोकतांत्रिक छवि को भी धक्का लगा है। मर्यादाओं से खिलवाड़ करने वाला यह पूरा घटनाक्रम बुद्धिजीवी वर्ग के लिए गंभीर चिंता का विषय है। राजनीतिक बुद्धिजीवियों के इस वर्तमान प्रकरण में, मुझे बाबा साहेब अम्बेडकर द्वारा बुद्धिजीवियों के विषय में लिखी गई कुछेक पंक्तियां याद आ रही हैं। बाबा साहेब कहते हैं कि प्रत्येक देश में बुुद्धिजीवी वर्ग सर्वाधिक प्रभावशाली वर्ग रहा है। वह भले ही शासक वर्ग न रहा हो। बुद्धिजीवी वर्ग वह है, जो दूरदर्शी होता है, सलाह दे सकता है और नेतृत्व प्रदान कर सकता है।...बुद्धिजीवी वर्ग धोखेबाजों का गिरोह या संकीर्ण गुट के वकीलों का निकाय भी हो सकता है, जहां से उसे सहायता मिलती है। अब आप स्वयं सोचिए कि आज की भारतीय राजनीति में क्या हो रहा है? आप इसे बुद्धिजीवियों की कौन से श्रेणी में रखना चाहेंगे?

           पिछले माह गुर्जर राजस्थान सरकार पर भारी पड़े। वे अपने आन्दोलन को इस सीमा तक ले गए कि जातिगत आधार पर मनचाहा आरक्षण लेकर ही दम लिया। सवाल उठता है कि इनकी मांग इतनी ही वाजिब थी तो इतने लोगांे की कुरबानी का जस्टिफिकेशन क्या है। यही नहीं इस आन्दोलन में रेल यात्रियों की जो मुसीबत बढ़ाई उसका खामियाजा कौन देगा? आज गूर्जरों ने रेल-मार्ग रोका, कल कोई संस्था, संगठन या जाति हवाई यात्रा बाधित करेगा। जहां तक हिंसा की बात है, यदि कोई इससे भी अधिक हिंसक हो गया, तब देश व समाज की स्थिति क्या होगी? ऐसे में अन्य लोगों की मांगें भी मान ली जाएंगी या इनके लिए अलग प्रकार के मानदंड होंगे? क्या यह स्थिति मांग नहीं करती कि ऐसे पुख्ता इंतजाम हों कि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हों। इसी कड़ी में श्राइन बोर्ड को आबंटित भूमि को लेकर कश्मीरी मुसलमानों के विरोध के चलते कश्मीरी सरकार ने अपना फैसला ऐसे वापिस ले लिया, जैसे कुछ हुआ ही नहीं। यह स्थिति सवाल खड़ा करती है-क्या यह फैसला बिना किसी गंभीर विचार-विमर्श के जल्दबाजी में लिया गया था? यदि नहीं तो क्या सरकारें इतनी असहाय हो गई हैं कि वे आनन-फानन में जब चाहें, जो मर्जी फैसला ले लें और जब चाहें किसी भी फैसले पर यू-टर्न ले लें। बेचारा आम आदमी यह समझ ही न पाया कि यह फैसला उनकी चुनी सरकार ने उनके हित में लिया था, या ऐसा करना उनका शगल या राजनीति का हिस्सा मात्रा था, जिसका समाज के प्रति जिम्मेदारी से कोई लेना-देना नहीं है। इस मुद्दे को लेकर उत्तर भारत में हिन्दुओं द्वारा मचाया गया उत्पात भी क्षम्य नहीं है। किन्तु मजे की बात है कि तमाम राजनीतिक दल इस मसले पर चुप्पी साधे बैठे रहे। समझ नहीं आता कि यह उनकी धर्म-निरपेक्षता की भावना का हिस्सा है या राजनीति में अपने वजूद को खो देने का भय, इस पर विचार किए जाने की आवश्कता है।अगस्त 2008 23 राजनीति ही क्या, ऐसा लगता है कि समाज भी नैतिक पतन की ओर बढ़ रहा है। अभी उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, जो अपने अदब व तहजीब के लिए जानी जाती है। उसी सरजमीं पर नौनिहालों को बेचे जाने का मामला प्रकाश में आया है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों से ऐसे कारनामे अक्सर सुनाई पड़ते ही रहते हैं। लेकिन दीगर बात जो उभरकर आती है, वह है-व्यक्ति अपनी जान से प्यारी समझी जाने वाली अपनी औलाद को ही बेचने पर क्यूं आमादा हो जाता है? क्या यह मां-बाप के रिश्तों में संवेदनहीनता का परिचायक है, या व्यक्ति का पतन इस स्तर तक पहुंच गया है कि उसने पति-पत्नी के पवित्रा संबंधों से उत्पन्न संतान को ही अपनी आजीविका का साधन बना लिया है। ये दोनों ही स्थितियां इंसानियत के मुंह पर कालिख पोंछने वाली हैं। यदि यह किसी आर्थिक विवशता का परिचायक है तो धर्म के ठेकेदारों को भी इसपर विचार करने की आवश्यकता है। उन्हें बड़े-बडे़ मन्दिर-मस्जिदों को खड़ा करने या सोमनाथ जैसे मन्दिरों को सोने से जड़ने व उन्हें चमकाने की अपेक्षा समाज के कमजोर व मजलूम लोगों के चेहरों व जीवन में चमक/रौनक लाने की चिंता होनी चाहिए। इससे व्यक्ति ही नहीं इंसानियत की रक्षा होगी। यह धर्म को गरिमा व प्रतिष्ठा प्रदान करेगा और समाज प्रगति की ओर बढ़ेगा।

           धार्मिक स्थलों पर अनावश्यक धन व्यय करने से चैकीदारी की जिम्मेदारी अलग से बढ़ जाती है। व्यक्ति व धर्म दोनों की सेहत के लिए बेहतर होगा कि धर्म को व्यक्ति-केन्द्रित बनाया जाए। समय की मांग है कि व्यक्ति के कल्याण व उत्थान के लिए ही धर्म के क्रियाकलाप निर्धारित किए जाएं। सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक रूप से पिछड़े समाज का धर्म की आड़ में शोषण करना क्या संवेदनहीनता, अनैतिकता व अमानवीयता की श्रेणी में नहीं आता है? वैसे भी आजकल चारों ओर धर्म का बोलबाला है। कहीं कावड़ वालों का हुजूम, कहीं पूजा स्थलों पर तथाकथित श्रद्धालुओं की अपार भीड़ तो कहीं टी.वी. चेनलों पर प्रवचन सुनने व सुनाने वालों की रेलमपेल। हर गली-मोहल्ले में पूजा स्थलों, जागरणों, गुरुवाणियों व अजानों द्वारा जबरन तथाकथित धर्म का पाठ पढ़ाया जाता है।यदि यही धर्म है तो फिर अपराध का ग्राफ क्यूं बढ़ रहा है, इस पर भी विचार करने की जहमत समाज के हर नागरिक को उठानी चाहिए। भारत जैसे तथाकथित धर्म-प्रधान देश में इंसानी संबंधों का एक और घिनौना चेहरा तब सामने आता है जब एक सत्ताइस वर्षीय युवक अपनी 75 वर्ष से भी अधिक उम्र की दादी से अनाचार करता है। ऐसी अशोभनीय घटनाएं पश्चिम देशों के नंगेपन पर भी भारी पड़ती हैं। ऐसी घटनाएं धर्म, सभ्यता व संस्कृति के दावों की कलई खोल कर रख देती है। क्या ध्रर्म  व संस्कृति के ठेकेदारों को इस दिशा में ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है? कहने की जरूरत नहीं कि स्वार्थी तत्वों व अवसरवादियों ने सदैव धर्म का दुरुपयोग किया है। इस्लामी आतंकवाद भी धर्म के दुरुपयोग का एक बेहद घिनौना रूप है। अब हेमंत वोहरा का ही किस्सा ले लीजिए। उन्होंने अवसरवाद व संकीर्ण सोच के चलते राजस्थान की मुख्यमंत्राी वसुंधरा राजे सिंधिया को पहले तो पोस्टर के माध्यम से देवी बनाने का अभियान चलाया। संभवतः इसके उत्साही परिणाम निकलने बावजूद ही उसने वसुंधरा राजे का मंदिर बनाने की योजना को अंजाम दे डाला। इसके लिए स्थान, आर्किटेक्ट, पत्थर की किस्म, मूर्ति का आकार, शेर की सवारी व उद्घाटन आदि को अंतिम रूप भी प्रदान कर दिया गया है। ऐसा नहीं है कि किसी व्यक्ति के मंदिर बनाने का पहला मामला है। जैसी मेरी जानकारी है, फिल्मी कलाकार रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आदि के मंदिर पहले से ही बने हुए हैं। इनके पीछे के तर्कशास्त्रा को भी अपने-अपने तरीके से ईजाद किया जा चुका है, जैसा कि सिंधिया के विषय मंे तर्क दिया जा रहा है कि वसुंधरा का अर्थ धरती माता होता है। यही नहीं वोहरा सिंधिया को मंदिर के माध्यम से मां कल्याणी के रूप में भी स्थापित करने जा रहे हैं।

           यह अवसरवादी कवायद हमें सोचने पर विवश करती है-क्या किसी व्यक्ति का नाम ही वह कसौटी है, जिसके आधार पर देवी-देवता व भगवान बनाए जाते हैं। क्या यह देवी-देवता व भगवान बनाने की प्रक्रिया इस हकीकत को पुख्ता नहीं करती है कि अन्य देवी-देवता व भगवान भी संभवतः इसी प्रकार बनाए गए होंगे। तभी तो उनकी संख्या 86 करोड़ से भी ऊपर पहुंच गई है। यदि यह हकीकत है तो निस्संदेह किसी भी धर्म के लिए यह बेहद खौफनाक है। यकीनन भगवान बनाने वाले व बनने वाले दोनों महान हो सकते हैं क्योंकि भगवान को बनाना और बनना बहुत बड़ी बात है। दूसरे, इनके रहमोकरम पर ही तो आजकल भारत में अमनचैन/अशांति निर्भर है। अच्छा है, ये जिसे चाहें देवी-देवता व भगवान बना दें, लेकिन जिनके कारण ये भगवान बनने और बनाने वाले आजादी की सांस ले सके हैं, उनका अपमान करने का अधिकार तो किसी को नहीं होना चाहिए। लेकिन ऐसा हो रहा है। दिल्ली से निकलने वाले अखबार ‘अमर उजाला’ दिनांक 11-7-2008 में देश के शहीदों को आतंकवादी शब्द से नवाजे जाने से दिल छलनी हो जाता है। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान की 12वीं कक्षा की इतिहास की पुस्तक में एक ही पाठ में 9 जगह पर शहीद भगतसिंह को आतंकवादी का दर्जा दिया गया। इस प्रकरण से संस्थान के अधिकारी तो पल्ला झाड़ ही रहे हैं, लेकिन राजनेता भी मौन धारण किए हुए हैं। जिन योद्धाओं के बलिदान पर भारत को राजनीतिक स्वतंत्राता मिली, उन्हीं का इस तरह अपमान किया जाना, क्या राष्ट्र का अपमान नहीं है? भगवान बनने व बनाने वालों को थोड़ी चिंता इसकी भी होनी चाहिए।<><><>

 

तेजपाल सिंह तेज’ (जन्म 1949) की गजल, कविता, और विचार-विमर्श की लगभग दो दर्जन से भी ज्यादा किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं - दृष्टिकोण, ट्रैफिक जाम है, गुजरा हूँ जिधर से, हादसो के शहर में, तूंफ़ाँ की ज़द में तथा चलते-चलते (छ: गजल संग्रह), बेताल दृष्टि, पुश्तैनी पीड़ा आदि (कविता संग्रह), रुन - झुन, खेल - खेल में, धमाचौकड़ी, चल मेरे घोड़े आदि ( बालगीत), कहाँ गई वो दिल्ली वाली (शब्द चित्र), सात वैचारिक/ प्रतिक्रियात्मक  निबन्ध संग्रहऔर अन्य

 तेजपाल सिंह साप्ताहिक पत्र ग्रीन सत्ता के  साहित्य संपादक, चर्चित पत्रिका अपेक्षा के  उपसंपादक, आजीवक विजन के  प्रधान संपादक तथा अधिकार दर्पण नामक त्रैमासिक पत्रिका के  संपादक भी रहे हैं। 2009 में स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त होकर,  आप इन दिनों स्वतंत्र लेखन के रत हैं। चार किताबों के आडियो कुकु एफ द्वारा प्रसारित।  हिन्दी अकादमी (दिल्ली) द्वारा बाल साहित्य पुरस्कार (1995-96) तथा साहित्यकार सम्मान (2006-2007) से भी आप सम्मानित किए जा चुके हैं। चार पुस्तकों का कूकू एफ एम द्वारा औडियो का प्रसारण तथा समय संज्ञान फाउंडेशन द्वारा ‘समय संज्ञान’ के अंक 4 (जुलाई- सितंबर 2023) को “तेजपाल सिंह ‘तेज’ पर विशेष” रूप में प्रकाशित किया गया है।000